चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक शांति मार्ग हरिपुरकलां निवासी मुरली कंडवाल ने पुलिस को एक तहरीर दी। उन्होंने बताया गुरूवार दोपहर को वे काम कर घर लौटे, तो बाइक घर के बाहर खडी की थी। खाना खाने के बाद बाहर आएं तो बाइक गायब थी। आसपास बाइक को खोजा, मगर कहीं नहीं मिली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर वाहन चोरी का मुकदमा दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। मामले के खुलासे में लगी टीम को उस समय मिली जब शनिवार शाम हाथी गली तिराहा, मोतीचूर के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार को रोका। पुलिस को देख वह भागने प्रयास करने लगा। लेकिन पुलिस ने उसे धर लिया। चेकिंग के दौरान बाइक के कागजात मांगे गए, लेकिन वह कागजात नहीं दिखा पाया। जांच पड़ताल करने पर पता चला कि आरोपी ने बाइक चोरी की है। बाइक को बेचने के लिए मुजफ्फरनगर ले जा रहा था। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया आरोपी की पहचान श्याम दुबे पुत्र स्व. शंकर नाथ दुबे निवासी इंटर कॉलेज रोड, हरिपुरकलां, रायवाला के रूप में हुई है।

आधा दर्जन लोग शांति भंग में गिरफ्तार

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात पुलिस टीम नियमित रूप से गश्त पर थी। इसी बीच नारंग रेस्टोरेंट के पास सड़क पर कुछ लोग आपस में झगड़ रहे थे। यहीं नहीं गाली गलौज और मारपीट कर रहे थे। जिसमें कुछ लोगों को चोट भी आई। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन तब भी वे नहीं माने। जिस पर पुलिस ने 6 लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने उनकी पहचान शुभम पुत्र राजेश, सौरभ पंचाल पुत्र स्व. प्रेम कुमार दोनों निवासी रेलवे स्टेशन के सामने नई बस्ती, रायवाला, विजय सिंह पुत्र बाबू राम, अमर सिंह, जीवन सिंह तीनों पुत्र स्व. बाबूराम निवासी श्यामपुर ग्लास फैक्ट्री के सामने ऋषिकेश, आशु पुत्र सत्यप्रकाश निवासी गुमानीवाला के रूप में कराई है।

एम्स ऋषिकेश में नियुक्तियों, दवा और मशीनों की खरीद में धांधली की जांच में जुटी सीबीआई

एम्स ऋषिकेश में सीबीआई की टीम ने पिछले तीन दिन से डेरा डाला हुआ है। सूत्रों के मुताबिक एम्स में नियुक्तियों, दवा और मशीनों की खरीद में धांधली की शिकायत पर सीबीआई जांच कर रही है। देर शाम तक एम्स प्रशासन इस मामले में कुछ भी कहने से बचता रहा।
जानकारी के मुताबिक वीरभद्र पशुलोक मार्ग पर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सीबीआई की चार टीमें पिछले तीन दिन से विभिन्न दस्तावेजों को खंगाल रही हैं। सीबीआई की छापेमारी की कार्रवाई से एम्स में हड़कंप की स्थिति है। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक एम्स में पिछले काफी समय से विभिन्न पदों पर नियुक्तियों से लेकर दवा और मशीनों की खरीद में धांधली की शिकायतें आ रही थी। इस पर सीबीआई ने औचक छापेमारी की कार्रवाई की है। हालांकि अभी तक किसी तरह की गड़बड़ी मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। छानबीन जारी है। जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सीबीआई टीम में निरीक्षक, उपनिरीक्षक से लेकर कांस्टेबल तक शामिल हैं।

मामूली विवाद में भाई ने भाई को मारा चाकू, मौत

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के मुताबिक चंद्रेश्वर नगर में रहने वाले शिवा का अपने ही कमरे में रहने वाले रिश्तेदार में भाई छोटू के साथ खाना खाने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ गई कि छोटू ने शिवा की छाती पर चाकू से हमला कर दिया।
लहूलुहान हालत में शिवा को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए शिवा को एम्स के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान एम्स में शिवा ने दम तोड़ दिया।

बदलते मौसम से अभी राहत मिलने की उम्मीद नही

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में सात फरवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 6 और 8 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में फिर बदलाव दिखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में कहीं-कहीं शीत दिवस रहने की संभावना है। इसे लेकर अगले दो-तीन दिन राज्य में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने सात फरवरी तक चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। शेष राज्य में मौसम शुष्क रहेगा।
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के अलावा पाला पड़ने की संभावना है। वहीं, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। 2000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी से सड़कें अवरूद्ध हो सकती हैं। जिला प्रशासन से बर्फ से अवरूद्ध सड़कों को खोलने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है। लोगों को फिलहाल पर्वतीय स्थानों में यात्रा न करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि उत्तर पाकिस्तान से लगे इलाके और जम्मू कश्मीर वाले क्षेत्र से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा राजस्थान और उससे जुड़े हुए इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। 6 के बाद 8 फरवरी को भी एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी दिख रहा है।
उधर, उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे में 23.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। सभी 13 जिलों में जमकर बारिश हुई है, जिसमें अल्मोड़ा में 21.1, बागेश्वर 28.6, चमोली 25.2, चंपावत 16.1, देहरादून 19.2, पौड़ी गढ़वाल 11.3, टिहरी 26.4, हरिद्वार 27.6, नैनीताल 35.3, पिथौरागढ़ 33.6, रुद्रप्रयाग 18.7, ऊधमसिंह नगर 26.3 और उत्तरकाशी में 15.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मुनस्यारी, धनोल्टी, चकराता, नैनीताल, मुक्तेश्वर, मसूरी, टिहरी, लोहारखेत, पिथौरागढ़, गंगोत्री, ओली में अच्छा हिमपात देखने को मिला है।

एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को राहत पहुंचाई

जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, पोलिंग पार्टियां विषम मौसम में भी पोलिंग बूथ तक पहुंचने लगी हैं। लेकिन उत्तराखंड के ठंड के मौसम औऱ दुर्गम रास्तों से होकर पोलिंग बूथ तक पहुंचना और चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना पोलिंग पार्टियों के लिए कड़ी परीक्षा जैसा है। पोलिंग पार्टियां बीते दो दिनों से हो रही भारी बर्फबारी में फंस रही हैं। ऐसी ही तस्वीर चमोली जनपद से आई है। जहां दिनभर बर्फबारी में फंसी पोलिंग पार्टी को एसडीआरएफ ने सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
दरअसल गुरुवार को चमोली जनपद के बछुआखाल से एक पोलिंग पार्टी वापस कर्णप्रयाग लौट रही थी। इसी दौरान जबरदस्त बर्फबारी से रास्ते जाम हो गए। पोलिंग पार्टी का वाहन भारी बर्फ के बीच कई घंटों तक फंसा रहा। इस घटना की जानकारी जैसे ही एसडीआरएफ टीम को मिलती है, एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम एचसी भगत सिंह कंडारी के नेतृत्व में रेस्क्यू हेतु रवाना हुई।
भारी बर्फबारी व रात्रि के घनघोर अंधेरे जैसी विषम परिस्थितियों में 7-8 किमी पैदल चलने के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची। एसडीआरएफ जवानों द्वारा पोलिंग टीम के 6 सदस्यों को सुरक्षित कर्णप्रयाग पहुंचाया गया। इसके अलावा एसडीआऱफ ने प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फ में फंसे लोगों औऱ पर्यटकों को सुरक्षित स्थानो पर पहुंचाया। उत्तरकाशी के राड़ी टॉप में एक वाहन के बर्फ में फंसे होने की सूचना पर एसडीआरफ ने तत्काल 2 लोगों को सुरक्षित बड़कोट पहुँचाया गया। रुद्रप्रयाग के त्रिजुगी नारायण मंदिर से 3 किलोमीटर नीचे कुछ लोग बर्फ में फंसे थे, जिन्हें एसडीआरएफ टीम निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया।
अल्मोड़ा जनपद के मजखाली में कुछ लोगो के फंसे होने की सूचना एसडीआरएफ को प्राप्त हुई जिस पर एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया जा रहा है। चमोली के सेलंग क्षेत्र में कुछ वाहन बर्फ में फंसे होने की सूचना पर एसडीआरएफ टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर वहां फंसे हुए वाहनों को धक्का मारकर पार कराया। नैनीताल में बर्फबारी के कारण वाहनों के फंसे होने की सूचना पर एसडीआरएफ टीम द्वारा धक्का मारकर वाहनों को पार कराया गया।

प्रशासन ने खुले में चुनावी रैली को कहा ना, आवेदन किए निरस्त

कोविड और आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने को निर्वाचन आयोग पूरी तरह से मुस्तैद है। खुले मैदान में चुनावी जनसभा की अनुमति के लिए प्रत्याशी तहसील में लिखित अर्जी दे रहे हैं। लेकिन प्रशासन कोविड का हवाला देकर अर्जी को निरस्त कर रहा है। कवर्ड एरिया में चुनावी कार्यक्रम करने की नसीहत दी जा रही है।
केंद्रीय जिला निर्वाचन आयोग से विधानसभा चुनाव 2022 में जारी गाइड लाइन में चूक नहीं हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन सख्त कदम उठा रहे हैं। तहसील में चुनावी प्रचार के तहत जनसभा, जनसंपर्क आदि की अनुमति लेने के लिए तहसील में आवेदन पत्र आ रहे हैं। जिन्होंने जनसभा का स्थान कवर्ड एरिया में रखा है, उन्हें अनुमति मिल रही है।
कवर्ड एरिया से बाहर खुले मैदान में जनसभा की अनुमति को प्रशासन निरस्त कर रहा है। रिटर्निंग अधिकारी अपूर्वा पांडेय ने बताया कि बुधवार सुबह भाजपा और कांग्रेस ने जनसभा के लिए आवेदन पत्र दिया था। आवेदन पत्र में जनसभा का स्थान खुले मैदान में होने के कारण स्थगित कर दिया गया। कोविड गाइड लाइन के चलते खुले में जनसभा नहीं हो सकेगी। कवर्ड एरिया में भी 500 से अधिक लोगों के एकत्रित होने पर पाबंदी है। उल्लंघन करने पर संबंधित को नोटिस जारी करने के साथ ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

चुनाव आयोग की टीम मुस्तैद
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के मद्देनजर कहीं शराब, तो कहीं कपड़े और पैसे बटने की ऑनलाइन शिकायतें मिल रही हैं। ऐसी सूचनाओं पर एफएसटी और एसएसटी की टीम कार्रवाई के लिए दौड़ पड़ती हैं, लेकिन अधिकतर मामलों में शिकायतों की पुष्टि नहीं हो रही। बुधवार सुबह भी ऋषिकेश के मायाकुंड क्षेत्र में एक राजनीतिक दल के छोटे होर्डिंग और झंडे जगह-जगह लगने की शिकायत मिली। निर्वाचन टीम मौके पर पहुंची और चुनाव प्रचार से जुड़ी सामग्री को हटाया गया।

मतदान से पहले सारी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश

विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर ऋषिकेश पर्यवेक्षक जय वीर सिंह आर्य ने सभी 180 बूथों के जोनल मजिस्ट्रेट और सहायक मजिस्ट्रेट के साथ चुनाव की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं यदि वहां के संचालक सहयोग ना करें तो उन संचालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर मुकदमा दर्ज किया जाए।
मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक जयवीर सिंह ने कहा कि सभी बूथो पर बिजली, पानी, मतदाताओं को बैठने के लिए टीन शेड और बूथो के अंदर महिलाओं व पुरुषों के लिए दो भागों में सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि 14 फरवरी से पहले सभी बूथों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त किए जानी चाहिए। मतदान के दौरान किसी भी मतदाता को असुविधाओं का सामना ना करना पड़े।
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 2 मॉडल और 2 शक्ति केंद्र भी बनाए जाने हैं, उन बूथों को सजाने संवारने के साथ कर्मचारियों के लिए सभी खाने-पीने की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाए। इसकी चिंता भी सभी अधिकारियों को कर लेनी चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारियों की एक कार्यशाला भी जल्द आयोजित कर सभी अधिकारियों से तैयारियों पर चर्चा करें, साथ ही जिन स्थानों पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यदि वहां के संचालक चुनाव आयोग की टीम को सहयोग नहीं करते तो उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी बूथों का निरीक्षण कर अधिकारी तत्काल निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट करें चुनाव आयोग की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने में यदि किसी भी अधिकारी कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए।
ऋषिकेश तहसीलदार अमृता शर्मा ने बताया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में दो मॉडल और दो शक्ति बूथ केंद्र भी बनाए गए हैं, जिसमें मतदान करने वाले मतदाताओं का अधिकारियों द्वारा तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा और शक्ति बूथ पर सभी महिला अधिकारी तैनात रहेंगी।

आखिरकार मेडिकल स्टोर को ड्रग इंस्पेक्टर ने लगाया ताला

एम्स ऋषिकेश के पास न्यू साईं मेडिकल स्टोर को अग्रिम आदेश तक के लिए ड्रग इंस्पेक्टर ने ताला लगाकर बंद कर दिया है। ड्रग इंस्पेक्टर ने यह कार्रवाई मेडिकल स्टोर के संचालक और कर्मचारियों के द्वारा लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने और दवाइयां नहीं देने कि शिकायत मिलने के बाद की है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले एम्स में भर्ती एक मासूम के इलाज के लिए दवाइयां नहीं देने का आरोप मेडिकल स्टोर संचालक पर लगा था। उससे पहले भी कई बार मेडिकल स्टोर संचालक पर इसी प्रकार के आरोप लगते रहे हैं। लगातार कई बार शिकायत मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने निरीक्षण कर मेडिकल स्टोर संचालक को हिदायत भी दी। बावजूद इसके मेडिकल स्टोर संचालक अपनी हरकत से बाज नहीं आया। आखिरकार ड्रग इंस्पेक्टर को उच्चाधिकारियों के आदेश पर मेडिकल स्टोर पर ताला लगाना पड़ा। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक और कर्मचारी ड्रग इंस्पेक्टर के साथ भी बहस करते हुए दिखाई दिए। ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि लगातार मेडिकल स्टोर संचालक की शिकायतें स्वास्थ विभाग को मिल रही थी। इसको लेकर कई बार मेडिकल स्टोर संचालक को चेतावनी देकर छोड़ा गया। लेकिन मेडिकल स्टोर संचालक ना तो खुद सुधरा न हीं अपने कर्मचारियों को सुधारने की नसीहत दी। आखिरकार मजबूरी में स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल स्टोर पर ताला लगाना पड़ा है।

उत्तराखंड में आज कोरोना विस्फोट, सामने आए 4448 नए मामले

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम नहीं रही है। आज मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 4448 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्‍य में अब कोरोना के सक्रिय मामले 20 हजार के पार पहुंच गए हैं। इस संख्‍या 20620 हो गई। वहीं, आज छह मरीजों की कोरोना से मौत भी हुई है। जबकि 1865 मरीज स्‍वस्‍थ भी हुए। उत्‍तराखंड में अब कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की 20 हजार से अधिक यानी 20620 पर पहुंच गई है। देहरादून में सबसे अधिक 8664 सक्रिय मामले हैं। इसके अलावा नैनीताल में 2884, हरिद्वार में 2799 और ऊधमसिंह नगर में 2077 सक्रिय केस हैं।

आज देहरादून में मिले सबसे अधिक 1687 लोग कोरोना संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आज मंगलवार को देहरादून में सबसे अधिक 1687 लोग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा हरिद्वार में 582, नैनीताल में 644, ऊधमसिंह नगर में 398, पौड़ी में 270, टिहरी में 157, उत्तरकाशी में 45, पिथौरागढ़ में 30, रुद्रप्रयाग में 75, चंपावत में 104 , चमोली में 202 व बागेश्वर में 81 लोग संक्रमित मिले हैं।

कोरोना से आज हुई छह मरीजों की मौत
उत्‍तराखंड में आज मंगलवार को कोरोना से छह मरीजों की मौत हुई। इसमें तीन राजकीय दून मेडिकल कालेज में, एक एम्‍स ऋषिकेश में, एक महंत इंदिरेश अस्‍पताल में और एक रुड़की के निजी अस्‍पताल में हुई। बता दें कि राज्‍य में अब तक कोरोना से 7450 लोगों की मौत हो चुकी है।

तीर्थनगरी सहित आसपास क्षेत्र में 230 नए मामले
लक्ष्मणझूला, मुनिकीरेती और ऋषिकेश में कोरोना के रिकॉर्ड मामले सामने आए। 140 पर्यटकों सहित 230 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी है। कोरोना के नए वेरिंएट के मद्देनजर तीर्थनगरी ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्र में कोरोना जांच बढ़ने लगी है। यमकेश्वर विकास खंड के कोविड नोडल अधिकारी डा. राजीव कुमार ने बताया कि मंगलवार को 130 पर्यटकों सहित 144 कोरोना के नए केस आए हैं। बताया कि संक्रमितों में 14 स्थानीय हैं। इन्हे होम आइसोलेट कर दिया गया है।
मुनिकीरेती में कोविड नोडल अधिकारी डा. जगदीश जोशी ने मंगलवार को तपोवन चेकपोस्ट पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों का एंटीजन रैपिड टेस्ट किया जा रहा है। इसमें मंगलवार को 10 पर्यटक समेत 31 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। वहीं, ऋषिकेश सरकारी अस्पताल के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक एसएस यादव ने बताया कि अस्पताल में 274 लोगों ने आरटीपीसीआर कराया था, इसमें 45 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। इसमें 18 लोग ऋषिकेश शहर से हैं। 40 संक्रमितों को कोविड दवा किट उपलब्ध करा दी गई है। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।