69 शिकायतें हुई दर्ज, जनता दरबार में स्पीकर ने अधिकारियों को निस्तारण के दिए निर्देश

प्रदेश सरकार द्वारा ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत छिद्दरवाला ग्राम पंचायत में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विधिवत शुभारंभ किया। शिविर में 21 विभागों के अधिकारी उपस्थित हुए जिसमें कुल 69 शिकायतों प्राप्त हुई। अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही किया गया शेष शिकायतों का 15 दिन में निस्तारण किया जाएगा।

छिद्दरवाला ग्राम पंचायत में आयोजित बहुदेशीय शिविर में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सरकार द्वारा एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओ के समाधान के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया है।

उन्होंने कहा है कि विभिन्न विभागों से संबंधित जनता की अनेक समस्याएं है जिसका समाधान विभागीय अधिकारी ने मौके पर ही किया है एवं जिन समस्याओं के निस्तारण में विलंब है तो उसके समाधान के लिए भी अधिकारी मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उसका समाधान 15 दिन के अंदर करेंगे । अग्रवाल ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा है कि शिविर में जिन विभागों के अधिकारी उपस्थित नहीं है उनका स्पष्टीकरण लिया जाए ।

स्पीकर ने कहा कि सरकार द्वारा आमजन की सुविधाओं के लिए इस प्रकार के बहुदेशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं जिससे लाभार्थियों को सुविधा हो रही है।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मोटर मार्ग निर्माण, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, सौंदर्यकरण, के साथ ही नमामि गंगे के अंतर्गत तमाम कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि हर कार्य गुणवत्ता एवं तय समय सीमा के अंतर्गत पूरे किए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में पहुंचे लाभार्थियों की प्रत्येक समस्या का समाधान संबंधित विभागीय अधिकारी शिविर स्थल पर ही करे ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

खाद्यान्न विभाग द्वारा राशन कार्ड का ठीक से सत्यापन न होने के कारण 10 फरवरी को ऋषिकेश विधानसभा में विधिवत राशन कार्डो के सत्यापन के लिए शिविर लगाने को भी विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने निर्देश दिए।

बारिश के बीच में भी बहुउद्देशीय शिविर में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल व मुख्य विकास अधिकारी नितिका खंडेलवाल लाभार्थियों की समस्या सुनते रहे।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, जिला दिव्यांग पुनर्वास , उत्तराखंड खादी ग्राम उद्योग, मत्स्य विभाग, श्रम विभाग, खाद्य आपूर्ति, उद्यान विभाग, वन विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान आदि सहित अनेक विभागों के स्टाल बहुदेशीय शिविर पर लगाए गए थे जिस पर लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज की एवं अधिकारियों ने समाधान किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नितिका खंडेलवाल, ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, जिला पंचायत सदस्य रीना रांगड, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र नेगी, स्थानीय प्रधान कमल दीप कौर, प्रधान चमन पोखरियाल, प्रधान अनिल कुमार प्रधान सागर गिरी, खंड विकास अधिकारी भगवान सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, भगवान सिंह महर, उत्तरा कलूडा, प्रधान संगठन के अध्यक्ष सोबन कैंतुरा, सरदार बलविंदर सिंह, विमला नैथानी, अनीता राणा, हरीश कक्कड़, दीपक थापा, अनीता राणा, समा पवार, राजेश जुगलान आदि उपस्थित थे।

महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने को नगर निगम वचनबद्धः मेयर अनिता

शिवाजी नगर क्षेत्र की नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं नगर निगम कार्यालय पहुंची। जहां उन्होंने मेयर से मुलाकात कर उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। क्षेत्र की महिलाओं का कहना था कि ग्राम सभा में शामिल रहा यह क्षेत्र वर्षों से से विकास कार्यों की राह देखता रहा है। निगम में शामिल होने के बाद क्षेत्र में विकास की उम्मीद जगी है, साथ ही उम्मीद है कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी क्षेत्र की महिलाओं को मिलेगा।

महिलाओं की तमाम समस्याओं को गौर से सुनने के पश्चात मेयर अनिता ने आश्वस्त किया कि नगर निगम के समस्त क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निगम प्रशासन कटिबद्धता के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि महिलाएं जब स्वावलंबी हो जाएंगी तो उनको जीविका चलाने में कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने ने कहा कि महिलाओं के सशक्त, सुशिक्षित हुए बिना एक सभ्य समाज की परिकल्पना संभव नहीं है। सरकार द्वारा दी जा रही तमाम योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचाने के लिए भी निगम हर आवश्यक कदम उठाएगा। इस दौरान समूह से जुड़ी वसु देवी, मीणा रावत, अनीता रावत, बरखा सिंघल, भारती राणा, राजेश्वरी नेगी, अनीता रावत, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, पार्षद अनिता रैना, पंकज शर्मा, संतोष पांडेय, सुरेश नेगी आदि मौजूद रहे।

ऋषिकेशः सप्ताह में दो दिन कैंप लगाकर जनता की समस्याओं को जानेंगे एसपी देहात

अब सप्ताह में दो दिन एसपी देहात ऋषिकेश कोतवाली में जनता की समस्या को सुनेंगे। आज कोतवाली में एसपी देहात से जनप्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों ने मुकालात की। इसके बाद एसपी देहात स्वतंत्र कुमार सिंह ने गंगा घाटों का निरीक्षण किया।

डीजीपी अशोक कुमार के निर्देश पर ऋषिकेश कोतवाली में सप्ताह में दो दिन बुधवार और बृहस्पतिवार को एसपी देहात बैठेंगे। आज एसपी देहात स्वतंत्र कुमार ने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस कर्मियों की बैठक ली। इसके बाद घाटों का निरीक्षण किया।

रायवाला में क्षतिग्रस्त सड़क से मशीनों द्वारा हटेगा कीचड़, नालियां भी होंगी साफ

आखिरकार कांग्रेस पार्टी का रायवाला प्रतीतनगर में खस्ताहाल सड़क मार्ग को लेकर किया गया आंदोलन जनता के काम आ गया। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने खस्ताहाल सड़क पर ही प्रेसवार्ता कर खुले मंच से दो फरवरी के बाद आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी थी। इसका असर आज देखने को मिला। मौके पर लोनिवि के सहायक अभियंता राकेश कैलकुरा, अवर अभियंता लक्ष्मीकांत गुप्ता व ठेकेदार हरि अग्रवाल मौके पर पहुंचे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि पिछले कोई वर्षों से रोड की हालत दयनीय बनी है लोग परेशान हैं परन्तु विधायक जी चादर ओढ़कर सोये हैं लेकिन अब ग्रामीण जाग गये हैं। इसलिये कार्य की गति के साथ साथ गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। इसलिये अगर शीघ्र कार्य की गति नहीं बढ़ाई गई तो तीन फरवरी से हम सड़क पर ही आशियाना बनायेगें जब तक कार्य की प्रगति नहीं हुई।

सहायक अभियंता राकेश कैलकुरा ने कहा कि रोड़ का कार्य शुरू हो गया है जल्द ही तीव्र गति से किया जायेगा साथ ही रोड पर जमें पानी को भी शनिवार से ठेकेदार द्वारा पम्प मशीनों द्वारा निकलवा कर रोड़ के कीचड़ को जल्द खत्म किया जायेगा और जो नाली के गंदे पानी से नालियों का निर्माण किया जा रहा था, उसे रूकवाकर साफ पानी का टैंकर मँगवाकर निर्माण कार्य सुचारू करवाया गया है।

मौके पर स्थानीय निवासी सतीश रावत, अलका क्षेत्री, दीपा चमोली, रविन्द्र बिजल्वाण, शांति सेमवाल, आर्यन गिरी राकेश पोखरियाल, दीपक व महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष अंशुल त्यागी व जितेन्द्र त्यागी मौजूद रहे।

हरिपुरकलां में टूटा संपर्क मार्ग, कांग्रेस के साथ ग्रामीणों ने दिया सांकेतिक धरना


हरिपुरकलां में राष्ट्रीय राजमार्ग से सम्पर्क टूटने पर हरिपुरकलां वासियों ने मोतीचूर में कांग्रेस नेता व समाजसेवी प्रेमकिशोर जुगलान के नेतृत्व में सांकेतिक धरना दिया। इसमें पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने भी सम्मिलित होकर समर्थन दिया। वहीं शाम को पूर्व मंत्री की फोन पर वार्ता हुई, इसके बाद एनएच अधिकारी एके मित्तल, रजनीश, रमेश चन्द्र उप्रेती ने मौके पर पहुँच कर समस्या का समाधान जल्द करने की बात कही।

पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि क्षेत्र का विकास होना चाहिये परन्तु विकास के नाम पर आमजन के हितों का भी ध्यान रखना चाहिये। आज ये फ्लाइओवर पूर्ण हो गया लेकिन हरिपुरकलां के लोगों के घरों का सम्पर्क पूर्ण रूप से काट दिया गया जोकि सही नहीं है, अधिकारियों ने मौक़े पर समाधान बताया जिसकी समीक्षा ग्रामसभा के लोगों के साथ बैठकर की जायेगी।

एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि बड़े ही शर्म की बात है जहॉं प्रधानमंत्री से लेकर प्रधान तक बीजेपी के हैं वहाँ आज अपने अधिकारों के लिये लोगों को धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है जहॉं एक ओर विकास के नाम पर रोड़ों को सुचारू बनाया जा रहा है वहीं दूसरी ओर बड़ी आबादी के गाँव को अलग थलग किया जा रहा है जो कि निंदनीय है हम इसका विरोध करते हैं और सरकार से माँग करते हैं कि हरिपुरकलां के लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जाय अन्यथा बड़ा आंदोलन होगा ।

प्रेम किशोर जुगलान ने कहा कि लगातार ग्रामीण माँग करते आ रहे हैं कि गाँव का ध्यान रखते हुऐ राष्ट्रीय राजमार्ग के फ्लाइओवर का निर्माण होना चाहिये और जनप्रतिनिधि भी आश्वासन देते रहे कि हरिपुरकलां को राजमार्ग से अलग नहीं किया जायेगा परन्तु आज काम पूरा हो चुका है और हरिपुरकलां के लिये लोगों को पहले हरिद्वार जाना होगा फिर हरिपुरकलां आना पड़ेगा जोकि न्यायोचित नहीं है जल्द ही हरिपुरकलां के लोगों को लेकर कर एक संघर्ष समिति बनाकर आंदोलन किया जायेगा।

मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बर्फ सिंह पोखरियाल, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंशुल त्यागी, जितेन्द्र त्यागी, राजेश दास, राजेश कुमार, राम स्वरूप, सोहनलाल बैलवाल, तुषार कपिल प्रदेश प्रवक्ता उत्तराखंड युवा कांग्रेस, प्रेम किशोर जुगलान, अनिल शर्मा, विक्रांत राणा, आशा सिंह चैहान, दीप चन्द्र कुकरेती, गुजराल असवाल, मुन्ना असवाल, श्याम कश्यप, गोलू शर्मा, मेहुल शर्मा, दिलप्रीत, गोपाल गिरी, शानू आदि मौजूद थे।

कोटद्वार से श्रीनगर के बीच बनेगी ऑलवेदर रोड

ऑलवेदर रोड की तर्ज पर कोटद्वार से श्रीनगर तक हाईवे का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत कोटद्वार से श्रीनगर तक हाईवे की चैड़ाई 12 मीटर होगी। एनएच के चैड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य चार चरणों में किया जाएगा। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर हाईवे चारधाम यात्रा का वैकल्पिक मार्ग बनेगा और इसके बनने से यूपी, दिल्ली के पर्यटकों को आवाजाही में सुगमता होगी। यह बातें वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने पत्रकार वार्ता में कहीं।

वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने बताया कि कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर हाईवे पौड़ी गढ़वाल जिले की लाइफ लाइन बनेगी। इस हाईवे के बनने से जिले में पलायन पर रोक लगेगी और टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोटद्वार से श्रीनगर तक हाईवे की चैड़ाई 12 मीटर होगी, जबकि मेरठ से कोटद्वार तक एनएच को फोर लेन बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनाव के दौरान नितिन गडकरी ने एनएच को आलवेदर रोड की तर्ज पर निर्माण कराने की घोषणा की थी, जिसे सरकार जल्द पूरा करने जा रही है। कहा कि पहले चरण में सतपुली से अगरोड़ा के लिए वन भूमि क्लीयरेंस के साथ ही 82 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति मिल चुकी है। अगले तीन-चार दिनों में टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कहा कि कोटद्वार से दुगड्डा के लिए 196 करोड़, दुगड्डा से गुमखाल के लिए 225 करोड़, गुमखाल से सतपुली के लिए 250 करोड़ और अगरोड़ा से श्रीनगर के लिए 280 करोड़ के प्राक्कलन को भी जल्द स्वीकृति मिल जाएगी। इस मौके पर वन मंत्री के ओएसडी विनोद रावत, पीआरओ सीपी नैथानी, सुरेंद्र सिंह गुसाईं, मुकेश नेगी आदि मौजूद रहे।

द्वितीय चरण में बनेंगी सुरंग
वन मंत्री ने कहा कि एनएच के चीफ और मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल की बैठक में वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया की जा रही है। द्वितीय चरण में दुगड्डा से सतपुली और सतपुली से खंडाह के लिए सुरंगें प्रस्तावित की जाएगी।

किसान संयुक्त मोर्चा ने लिया 23 जनवरी को ट्रैक्टर से राजभवन कूच करने का फैसला

23 जनवरी को ट्रैक्टर ट्राली के साथ किसान संयुक्त मोर्चा के तहत राजभवन कूच की तैयारियां जोरों पर है। आज बैठक के जरिए इसका निर्णय किया गया।

छिद्दरवाला ग्रामसभा के गुरूद्वारे में आज किसान संयुक्त मोर्चा की बैठक की गई। इसमें सर्वसहमति से 23 जनवरी को राजभवन कूच का निर्णय लिया गया। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने किसान कानून को काला कानून बताया। उन्होंने बताया कि इस कानून के विरोध में विशाल ट्रैक्टर रैली के जरिए राजभवन कूच किया जाएगा।

किसान पंचायत में सरदार गुरदीप सिंह, सरदार गोविन्द सिंह, सरदार इन्द्रजीत सिंह, हाजी मीर हसन, सरदार तेजेन्द्र सिंह, गोकुल रमोला, अंशुल त्यागी, उमेद बोरा, सरदार बलबीर सिंह, सुरेन्द्र सिंह, दिनेश पाल सिंह आदि मौजूद रहे। बैठक का संचालन मनोहर सिंह सैनी ने किया।

गीता भवन से औषधि निर्माणशाला को सिडकुल स्थानांतरण बहुत ही दुखद, दिया धरना

गीता भवन आयुर्वेद संस्थान से संचालित औषधि निर्माणशाला के सिडकुल हरिद्वार स्थानांतरण व कर्मचारियों के वेतन न देने के विरोध में गीता भवन गेट नंबर 1 के बाहर सर्वदलीय संघर्ष समिति द्वारा धरने का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ प्रबुद्धजनो ने इन कर्मचारियों को समर्थन दिया।

गीता भवन कर्मचारियों के संरक्षक आशुतोष शर्मा ने कहा कि एक तरफ हमारी केंद्र व राज्य को लोकप्रिय सरकार जहां कोविड-19 को प्रतिकूल समय में आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत लोगों को राहत प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन को रोकने के लिए इन्वेस्टर सम्मिट के माध्यम से माध्यम से लघु उद्योग व सूक्ष्म उद्योगों को स्थापना हेतु प्रसारत है वही गीता भवन प्रबंधक द्वारा इस औषधि निर्माणशाला को सिडकुल स्थानांतरण बहुत ही दुखद है, जबकि पूर्व में इस संस्थान को स्वर्गाश्रम से हटाने के सभी आदेश मुख्यमंत्री ने दूर किए थे।

नगर पंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल ने कहा की अधिकांश कर्मचारी विगत तीन दशक से इस संस्थान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं जो की अल्प वेतनभोगी होने के साथ बमुश्किल अपनी आजीविका चला रहे हैं और इनके परिवार का भरण पोषण वमुश्किल हो पा रहा है ऐसे में फैक्ट्री का सिडकुल स्थान तरण बहुत ही कष्ट कारक है जिसकी नगर पंचायत स्वर्गाश्रम सभी स्तरों पर विरोध करेगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री कांग्रेस कमेटी सुभाष शर्मा, आदेश तोमर, सभासद नवीन राणा, सभासद जितेंद्र धाकड,़ सभासद पिंकी शर्मा, सभासद सरोज देवी, अनीश, कृष्ण, अंकित गुप्ता, संदीप कुमार, संतोष सिंह, पौड़ी जिला अध्यक्ष इंटक चेतन चैहान, सफाई मजदूर जिला प्रदेश उपाध्यक शिवचरण, विवेक तिवारी, गीता भवन कर्मचारी यूनियन मंत्री घनश्याम तिवारी आदि उपस्थित रहे।

नगर निगम पर लगा हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना का आरोप

नगर निगम के बाहर एनएच की भूमि पर सब्जी मंडी का आज विरोध किया गया। सब्जी की दुकानों के खिलाफ आज राज्यमंत्री कृष्ण कुमार सिंघल, कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला सहित तमाम उजाड़े गए व्यापारी धरने पर बैठे। उन्होंने व्यापारियों को दोबारा यहां स्थापित करने की मांग की। वहीं, निगम प्रशासन पर हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना करने का भी आरोप जड़ा।

हाईकोर्ट में स्थानीय अनिल गुप्ता ने एक जनहित याचिका दाखिल की थी। जिसमें ऋषिकेश में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने को लेकर याचिका की गई थी। हाईकोर्ट ने अतिक्रमण हटाने के आदेश भी संबंधित विभागों को दिए थे। जिस पर एनएच विभाग द्वारा काफी विरोध प्रदर्शन के बाद ऋषिकेश हरिद्वार रोड पर पिछले 50 सालों से निर्मित पीडब्ल्यूडी ऑफिस के आगे सभी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया था। लोग दुकान टूट जाने के बाद सड़कों पर आ गए थे। जिसके लिए लोगों ने काफी धरना प्रदर्शन और विरोध प्रदर्शन भी किया था। विरोध प्रदर्शन के बावजूद भी एनएच विभाग द्वारा सभी दुकानों को तोड़ दिया गया था।

वहीं कोरोना लॉकडाउन के समय कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सुरक्षा हेतु जीवनी माई रोड पर पिछले 40 सालों से स्थापित सब्जी मंडी को हटा दिया गया था। जिसके बाद सैकड़ों सब्जी व्यापारी बेरोजगार हो गए थे।

नगर निगम के सामने नेशनल हाईवे के किनारे जो एनएच विभाग द्वारा अतिक्रमण की वजह से दुकानें तोड़कर के एनएच को खाली कराया था। वहां इन सब्जी विक्रेताओं को बैठने के लिए जगह दी गई। मगर, आज सुबह सड़क के किनारे से हटाए गए व्यापारियों और सब्जी विक्रेताओं के बीच में नोकझोंक शुरू हो गई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि एक तरफ तो नगर निगम ने दुकानदारों को अतिक्रमण के नाम पर उजाड़ दिया। वहीं अब एनएच के किनारे सब्जी की दुकानें स्थापित करवा दीं।

उन्होंने इसे हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन करना बताया। इसी को देखते हुए राज्य मंत्री कृष्ण कुमार सिंघल व कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला व एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला आदि धरना स्थल पर बैठे और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उधर, याचिकाकर्ता अनिल गुप्ता ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश पर ही एनएच विभाग द्वारा सड़क के किनारे अतिक्रमण हटाया गया था। यदि दोबारा अतिक्रमण कराया गया तो संबंधित विभाग के खिलाफ हाईकोर्ट में जाएंगे और न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने के आरोप में विभाग के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए बाध्य होंगे।

तीर्थनगरी में मल्टी स्टोरी पार्किंग का सपना होगा साकारः मेयर

अब नगर निगम शहर में जाम की समस्या को देखते हुए इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने का मन बना चुका है। नगर निगम के सामने निगम की भूमि में ही इस मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण होगा।इसके लिए बकायदा नगर निगम मल्टी स्टोरी पार्किंग का डिजाइन तैयार कर रहा है, जिसे तकनीकी रूप देना ही शेष है। इसमें लिफ्ट के द्वारा वाहन ऊपरी मंजिल पर पार्क करने की सुविधा होगी। वाहन को लिफ्ट के माध्यम से ही उठाकर पार्किंग स्थल परिसर में स्वामी तक वापस पहुंचाने की सुविधा होगी।

नगर निगम प्रशासन जल्द ही बेहद हाईटेक विदेशी तकनीक के जरिए मल्टी-स्टोरी पार्किंग से शहर में पार्किंग की समस्या को समाप्‍त करने जा रहा है। प्रथम फेज में ट्रायल पर सौ वाहनों की पार्किंग बनाई जाएगी। इस मॉडल के सफल होने 500 वाहनों की पार्किंग बनाने की निगम की योजना है। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ऋषिकेश में पिछले कई वर्षों से ट्रेफिक जाम का लगना सबसे बड़ी समस्या रही है।वजह है,पार्किंग स्थल का न होना। नगर निगम प्रशासन ने शहर में विभिन्न विकास परियोजनाओं को अमली जामा पहनाए जाने के साथ अब मल्टीस्टोरी पार्किंग को लेकर भी कार्रवाई शुरू कर दीहै। सब कुछ ठीक रहा तोइस नूतन वर्ष के मध्य तक नगर निगम में ही मल्टी स्टोरी पार्किंग का सपना साकार हो जाएगा इसके लिए आज तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने महापौर अनिता ममगाई व निगम अधिकारियों के साथ इसका स्थलीय निरीक्षण किया।

महापौर ने जानकारी देते हुए बताया कि निगम के प्रोजेक्ट पर कार्य योजना बनाने का आदेश आज कर दिया है। जल्द ही योजना को मूर्त रूप दिया जाएगा ।उन्होंने बताया कि शहर की आबादी बढ़ने के कारण नगर क्षेत्र के तमाम मार्केट स्थलों पर जाम लगने की समस्या आम हो चुकी है और शहर में कोई भी पार्किंग स्थल नहीं है। पार्किंग की सुविधा न होने की वजह से यहां आने वाले पर्यटक सीधे बाईपास से राम झूला एवं लक्ष्मण झूला को कूच कर जाते हैं जिसकी वजह से यहां के व्यापारियों को लाभ नहीं मिल पाता ।शहर के बीचोंबीच स्थित नगर निगम के सामने मल्टी स्टोरी पार्किंग की योजना साकार होने के बाद व्यापारियों को इसका जबरदस्त लाभ पहुंचेगा।उन्होंने बताया निगम स्थित कर्मचारियों के आवासीय भवनों एवं प्राथमिक विधालय को शिफ्ट कराकर मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाई जायेगी।इसका निर्माण शहरवासियों के लिए काफी सुविधाजनक होगा व शहर के विकास के लिए यह मील का पत्थर साबित होगी। मल्टी-स्टोरी पार्किंग बनने से शहर को जाम से भी मुक्ति मिलेगी। इस दौरान राहुल सेमवाल कंसलटेंट (मानवी टेक्नोलॉजी) सहायक नगर आयुक्त एलम दास, पार्षद विजय बडोनी टैक्स निरीक्षक निशात अंसारी, जेई उपेंद्र गोयल, जेई तरुण लखेड़ा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अभिषेक मल्होत्रा, सुजीत यादव आदि मौजूद रहे।