पत्नी ने ठेकेदार प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की कर दी हत्या

रायवाला थाना प्रभारी भुवन चंद्र पुजारी ने खांड गांव निवासी दीपक नेगी की मौत के मामले का खुलासा कर बताया कि उसकी पत्नी अमिता और सतेंद्र नेगी के बीच प्रेम प्रसंग कर चल रहा था। 10 मई की रात को पत्नी और प्रेमी भी कमरे में था। उस बीच दीपक नेगी की नींद टूट गई।
जिसके बाद पत्नी ने बदनामी के डर से प्रेमी के साथ मिलकर दीपक नेगी को अपने रास्ते से हटाने की योजना बनाई और फिर चुन्नी से उसका गला घोंटकर मौत की नींद सुला दिया। यहीं नहीं आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के इरादे से उसे बिस्तर पर लिटा दिया। उसके बाद प्रेमी सतेंद्र वहां से चला गया। दीपक की पत्नी ने परिजनों को उलझाने के लिए हार्ट अटैक की कहानी बताई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने सुबह शव को पीएम के लिए एम्स भेज दिया था। पीएम रिपोर्ट में दीपक की मौत का चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट के अनुसार गला दबाने से उसकी मौत हुई है।
थानाध्यक्ष पुजारी ने बताया कि मृतक के भाई जितेंद्र पुत्र भगवान सिंह की तहरीर पर पुलिस पत्नी अमिता और उसके प्रेमी सतेंद्र सिंह नेगी पुत्र प्रेम सिंह नेगी निवासी भल्लाफार्म नंबर, 8 श्यामपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने हत्या का जुर्म कबूल लिया। पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सतेंद्र नेगी ने बताया कि उसने 2021 में खांड गांव निवासी भगवान सिंह नेगी के भवन निर्माण का ठेका लिया था। इस दौरान उसकी बातचीत दीपक की पत्नी अमिता से हो गई। इस दौरान उनके बीच में कई बार शारीरिक संबंध भी बन गए। 10 मई की रात को उसने शराब का सेवन किया था। जिस वजह से उसे अधिक नशा हो गया। रात 11.45 बजे वह दीपक के घर अमिता से मिलने गया। इस दौरान उसने दोनों को आपस ने संबध बनाते देख लिया। दीपक के साथ उसकी बहसबाजी भी हुई। उसने दोनों को बदनाम करने की बात कहीं। जिसके बाद उन्होंने दीपक को मौत के घाट उतारा था।

युवती ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट भी लिखा

श्यामपुर के गुमानीवाला में युवती ने पंखे में चुन्नी के सहारे से लटककर आत्महत्या कर ली। युवती के पास से सुसाइट नोट भी मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए एम्स भेज दिया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह अमित ग्राम गली नंबर 30 में एक मकान में युवती के पंखे पर चुन्नी के सहारे लटककर आत्महत्या की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंची और शव को पंखे से नीचे उतारा। इसके बाद शव का पंचनामा भरने के बाद पीएम के लिए एम्स भेज दिया है। श्यामपुर चौकी प्रभारी रामनरेश शर्मा ने बताया की मृतका की पहचान मधु 22 पुत्री धर्मराज के रूप में हुई। रविवार रात को उसने अपनी बड़ी बहन और जीजा के साथ रात का खाना खाया था। उसके बाद वह सोने के लिए अपने कमरे मे चली गई। सोमवार की सुबह काफी देर तक मधु कमरे से बाहर नहीं आई, तो उसकी बहन कमरे के दरवाजे पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई जबाब नहीं मिलने पर बड़ी बहन ने खिड़की से अंदर झांक के देखा तो वह पंखे से लटकी थी। उसने आस पड़ोस के लोगों की सूचना दी। जिसके बाद सूचना मिलने पर स्थानीय पार्षद विपिन पंत ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी ने बताया के मृतका के पास से सुसाइट नोट भी मिला है। जिसमें हाथ से लिखा था कि उसने परिवार के बहुत कुछ किया है। अब उसके बस का नहीं है। उसने परिजनों को सॉरी भी लिखा। मृतका के माता-पिता इस दौरान किसी शादी में शामिल होने लिए गए हुए थे। मामले की जानकारी माता-पिता को दे दी गई है। बताया कि युवती छिद्दरवाला स्थित एक आयुर्वेदिक कंपनी में काम करती थी। शव को पीएम के लिए एम्स अस्पताल भेज दिया है।

नशीले इंजेक्शन की सप्लाई करने वाले युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने 26 नशीले इंजेक्शन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस ऐक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक ऋषिकेश में चारधाम यात्रा के मद्देनजर नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस टीम संदिग्ध लोगों पर निगरानी रख रही है। शनिवार देर शाम पुलिस टीम ने आईडीपीएल चौकी क्षेत्र के लेबर कॉलोनी तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे एक बाइक सवार को संदेह होने पर रोका। सघन तलाशी लेने पर उसके पास से नशे के इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि केस दर्ज करने बाद पुलिस ने आरोपी दीपक पुत्र स्व. सुरेश जाटव निवासी शांतिनगर, ऋषिकेश को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बाइक को भी सीज कर दिया है।

शराब पीकर हुड़दंग मचाने पर पुलिस ने पांच टूरिस्ट का काटा चालान

मिशन मर्यादा के तहत लक्ष्मणझूला पुलिस गंगा किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रख रही है, इसके लिए अलग से टीम गठित की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि शनिवार को गंगा किनारे स्थित घाटों और चेकिंग प्वाइंट बैरियर पर पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी बीच गरुड़चट्टी बैरियर के पास नशे में धुत्त कुछ लोग हुड़दंग मचाते नजर आए।

मौके पर पहुंची पुलिस हुड़दंग मचा रहे पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आयी और सभी का पुलिस ऐक्ट में चालान किया। पुलिस ने हुड़दंग मचाने वालों की पहचान अश्वनी पुत्र सुधीर, आकाश पुत्र नरेंद्र, राहुल पुत्र विनीत, विपुल पुत्र सूरज, अतुल पुत्र सुरेंद्र सभी निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में करायी है। पुलिस टीम में कांस्टेबल ब्रज किशोर, रोहित, कुलदीप, होमगार्ड सूरज भान आदि शामिल रहे।

रामझूला घाट पर हुड़दंग मचाने वाले चार पर्यटकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

लक्ष्मणझूला पुलिस ने मिशन मर्यादा के तहत राम झूला घाट पर हुड़दंग मचाने वाले चार पर्यटकों को गिरफ्तार कर चालान किया है।

पुलिस के अनुसार, गंगा के किनारे स्थित घाटो पर पुलिस टीम गठित कर लगातार गस्त कर निगरानी कर रही है। आज गश्त के दौरान लक्ष्मणझूला पुलिस टीम ने रामझूला घाट पर हुड़दंग कर रहे चार लोगों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध पुलिस अधिनियम में कार्यवाही की है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान जसविन्दर सिंह निवासी उदयविहार नई दिल्ली, कुलदीप सिंह निवासी टैगोर गार्डन नई दिल्ली, जसप्रीत सिंह निवासी तरनतारन रोड अमृतसर पंजाब और विक्रमजीत सिंह निवासी तेजनगर अमृतसर पंजाब के रूप में कराई।

मोडिफाइड बुलेट चलाने पर पुलिस ने की सीज की कार्रवाई

ऋषिकेश पुलिस ने अभियान चलाकर मोडिफाइड एवं रेट्रो साइलेंसर वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 08 बुलेट मोटरसाइकिल सीज की है, जबकि 55 वाहनों का चालान कर 55 हजार रूपये का जुर्माना लगाया है।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि वाहन चालको द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल पर मॉडिफाइड एवं रेट्रो साइलेंसर लगाने के कारण ध्वनि प्रदूषण हो रहा है जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है। जिस कारण पूरे प्रदेश भर में 15 दिवसीय अभियान चलाकर ’बुलेट मोटरसाइकिल में मोडिफाइड और रेट्रो साइलेंसर का प्रयोग कर पटाखे छोड़ने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया है।

बताया कि नटराज चौक, मंडी तिराहा, घाट चौक, चंद्रभागा पुल, श्यामपुर पुलिस चौकी तिराहा, बैराज तिराहा, गोल चक्कर आईडीपीएल पर चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की।

मां के साथ मारपीट करने वाला कुपुत्र हुआ गिरफ्तार

अपनी मां के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि कुसुमलता शर्मा पत्नी कालूराम निवासी मनसा देवी गुमानीवाला, ऋषिकेश ने मार्च माह में पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके बेटे शुभम शर्मा ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। महिला ने अपने बेटे पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शुभम शर्मा को मनसा देवी पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

एमडीडीए सचिव ने पोस्टरों का लिया संज्ञान, खंडन किया

सचिव एमडीडीए बृजेश कुमार संत ने बताया प्राधिकरण के संज्ञान में आया है कि कुछ अज्ञात लोगों द्वारा शहर के कुछ स्थानों यथा शिमला बाईपास रोड पर पोस्टर लगा के एमडीडीए में जेई एवं सुपरवाइजर की भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किये जा रहे है। इस संदर्भ में सर्व साधारण को यह अवगत कराना है कि उक्त पोस्टर पूर्णतया भ्रामक एवं गलत है तथा कानूनन यह कार्य गलत एवं दंडनीय है। प्राधिकरण या कोई भी अन्य सरकारी संस्था इस तरह की किसी भी भर्ती के लिये उचित माध्यम यथा समाचार पत्र, सरकारी वेब साइट आदि का प्रयोग करती है। यह खंडन आम जनहित में जारी किया जा रहा है।

दो जगह बदले एटीएम, खाते से निकाले पैसे, मुकदमा

कोतवाली पुलिस के मुताबिक आलम सिंह नेगी पुत्र स्व. भजन सिंह नेगी निवासी गुड्डू प्लांट श्यामपुर ऋषिकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 6 मई 2022 को समय 11.30 बजे पीएनबी एटीएम में चार-पांच लड़कों ने धोखे से एटीएम बदलकर उनके खाते से पैसे निकाल लिए।

वहीं, छोटे लाल गुप्ता निवासी गली नंबर एक, मीरा नगर आईडीपीएल ऋषिकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 6 मई को उनकी पुत्री किरण पीएनबी एटीएम से पैसे निकालने की गई थी। बताया उनकी पुत्री ने अज्ञात व्यक्तियों से पैसे निकालने में मदद मांगी तो एटीएम बदलकर उनके बैंक खाते से तीन बार में ₹25000 रुपये निकाल लिए गए। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, तहरीर दी

कांग्रेस नेताओं पर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी से कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अभद्र टिप्पणी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता ऋषिकेश कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाल रवि सैनी को तहरीर सौंपी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पर अभद्र टिप्पणी की जा रही है। कहा कि हाल ही में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला के लिए भी सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां की गईं। कार्यकर्ताओं ने इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल रवि सैनी ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर व्यापार सभा के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, पार्षद मनीष शर्मा, वीरेंद्र सजवाण, दीपक धमांदा, सोनू पांडे, लोकपाल कैंतुरा, मधु जोशी, रवि कुमार जैन, अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे।