सड़क दुर्घटना में एक बालिका की मौत

मोतीचूर फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने लोडर वाहन को टक्कर मार दी। लोडर वाहन में सवार एक सात वर्षीय बालिका की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज किया है। जबकि लोडर में सवार चार घायलों को हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक आज सुबह पुलिस को सूचना मिली की मोतीचूर फ्लाईओवर के पास एक दुर्घटना हो गई। एक ट्रक ने लोडर वाहन को टक्कर मारी। ट्रक की टक्कर लगने से लोडर में सवार गोगो 7 पुत्री नरेश निवासी सलेमपुर, महदूद थाना रानीपुर, जिला हरिद्वार की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची मृत बालिका के शव कब्जे लेकर पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

जबकि घायलों सोनिया, अनुराधा, सुंदरी और अन्य को हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में 108 एंबुलेंस की मदद से पहुंचा गया। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि ट्रक चालक फरीद अहमद निवासी हरिद्वार को घटना के बाद पुलिस ने हिरासत ले लिया। आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

हुड़दंग मचा रहे पर्यटकों को पुलिस ने सिखाया सबक

लक्ष्मणझूला क्षेत्र के राधेश्याम घाट पर नशे में हुड़दंग मचा रहे छह पर्यटकों को पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ऐक्ट में चालान के बाद सबक सिखाने के लिए उनसे घाटों की सफाई भी करवाई। पुलिस के इस अनूठे कार्य को स्थानीय लोगों ने सराहा।
मिशन मर्यादा के तहत पुलिस टीम गंगा घाटों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गश्त कर रही थी। इसी बीच राधेश्याम घाट पर नशे में धुत्त कुछ युवक उत्पात मचाते नजर आए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। पुलिस ऐक्ट में चालान कर अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
पुलिस ने हत्थे चढ़े हिमांशु पुत्र दिवाकर, एलन पुत्र मैथ्यू, अभिषेक पुत्र मुकेश, आशीष पुत्र रामकुमार निवासी शामली, उत्तर प्रदेश, मोहित कुमार पुत्र नरेश कुमार, सोमबीर पुत्र धनवीर निवासी ग्राम नूरपुर, पानीपत, हरियाणा से क्षेत्र के घाटों की सफाई कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि पुलिस टीम में कांस्टेबल दीपक, बीरेंद्र कुमार, अनुराग, भवानंद आदि शामिल रहे।

शातिर ठगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

शिकायतकर्ता रोहित राजभर पुत्र सूरज राजभर निवासी चंद्रभागा ऋषिकेश के द्वारा एक प्रार्थना पत्र दिया गया कि मैं अमरीक सिंह की दुकान में काम करता हूं। 8 जून को सुबह 10 बजे के लगभग मेरे मालिक अमरीक सिंह के द्वारा ₹73000 पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने हेतु दिए गए। जिन्हें जमा करने में पंजाब नेशनल बैंक देहरादून रोड ऋषिकेश गया लेकिन बैंक के अंदर कुछ अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा मुझे अपनी बातों में लेकर मुझ से ₹34000 ठग लिए गए। जिसके बाद मैंने उन्हें बाहर आकर तलाश किया तो कहीं दिखाई नहीं दिए।शिकायतकर्ता की शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कर घटना की जानकारी उच्च अधिकारी गणों को दी गई। पुलिस अधीक्षक देहात व क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के द्वारा एक पुलिस टीम बनाकर दिशा निर्देश दिए। गठित पुलिस टीम द्वारा 8 जून की सांय मुखबिर की सूचना पर बैंक में ठगी करने वाले 6 शातिर अभियुक्तों को ठगी करने के लिए प्रयोग में लाई जाने वाली कागज की 1 गड्डी व नकद ₹69,000/- के साथ घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार के साथ देहरादून रोड फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में अभियुक्तों का नाम व पता पिंटू पुत्र रामनाथ राम निवासी ग्राम धर्म बागी नराव थाना अवतार नगर छपरा बिहार
हाल निवासी लक्ष्मी नगर अक्षरधाम दिल्ली, सत्य प्रकाश पुत्र लालाराम निवासी ग्राम सिरसौल पट्टी जसा थाना बिल्सी बदायूं उत्तर प्रदेश हाल निवासी- करावल नगर दिल्ली, सोनू पुत्र राजाराम निवासी मकान नंबर 10 गली नंबर 2 वेस्ट कमल विहार थाना करावल नगर दिल्ली, अंसार पुत्र अब्दुल अंसार उर्फ गफ्फार निवासी 369 कर्बला थाना दक्षिण जिला फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश हाल निवासी- करावल नगर दिल्ली, पंकज कुमार पुत्र छतु साहू निवासी हर्ष विहार टू चेतना पब्लिक विद्यालय थाना साहिबाबाद गाजियाबाद उत्तर प्रदेश, ऋषि पाल सिंह पुत्र उदय सिंह निवासी वेस्ट कमल विहार डी 368 गली नंबर 4 थाना करावल नगर दिल्ली के रूप में हुआ है। सभी अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। पुलिस टीम में डीपी काला, वरिष्ठ उप निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश,
उप निरीक्षक उत्तम रमोला, महिला उपनिरीक्षक सोनल, कांस्टेबल सचिन सैनी, कांस्टेबल संदीप छाबड़ी, कांस्टेबल पंकज कुमार, कांस्टेबल सोविन्द्र।
एसओजी देहात टीम में कांस्टेबल नवनीत नेगी, कांस्टेबल सोनी कुमार, कांस्टेबल मनोज शामिल थे।

सचिव पशुपालन ने श्री केदारनाथ धाम में अब की कार्रवाई का विवरण दिया

सचिव पशुपालन विभाग डॉ. वी.वी.आर.सी पुरुषोत्तम ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग में हो रही पशुओं की मृत्यु पर विभाग पूरी तरह से गंभीर है। उन्होंने जानकारी दी कि पशुपालन विभाग यात्रा मार्ग पर निरंतर स्थिति का निरीक्षण कर रहा है। विभाग द्वारा पशुओं को निरंतर चिकित्सा एवं उनके मालिकों को सुविधाएं प्रदान की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि केदारनाथ यात्रा मार्ग में अभी तक 140 पशुओं की मृत्यु हुई है।
पशुपालन विभाग द्वारा अभी तक 6880 पशुओं का निरीक्षण किया गया है। जिनमें 1804 पशुओं को चिकित्सा प्रदान की गई है। 118 पशुओं को यात्रा हेतु अयोग्य पाया गया। इसके साथ ही 91 पशु मालिकों के चालान भी किए गए हैं। 411 पशुओं को यात्रा प्रतिभाग से ब्लॉक भी किया गया तथा 9 एफ आई आर भी दर्ज़ की गई है। साथ ही निरंतर पानी व चारे की व्यवस्था की जा रही है।

दिल्ली की लापता महिला परमार्थ घाट में मिलीं

दिल्ली से लापता एक महिला लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के परमार्थ निकेतन घाट पर मिली। पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर महिला को सुपुर्द किया।
लक्षमणझूला थाना निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि थाना मानसरोवर पार्क जिला शाहदरा, दिल्ली निवासी आकृति दुबे पत्नी अविनाश दुबे की परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। दिल्ली पुलिस महिला की तलाश में यहां पर पहुंची। लक्ष्मणझूला पुलिस की मदद से महिला को परमार्थ निकेतन घाट से सुबह सकुशल बरामद किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस के एएसआई दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल जसवीर सिंह, महिला के परिजन सुधीर पांडे और प्रीति पांडे, उप निरीक्षक मनोज रावत, कांस्टेबल मानवेन्द्र सुमन, कांस्टेबल पीएसी सुशील सिंह रावत, महिला कांस्टेबल कविता सैनी मौजूद रहे।

10 हजार की घूस लेते कानूनगो रंगेहाथ गिरफ्तार

देहरादून की डोईवाला तहसील में विजिलेंस ने एक कानूनगो को 10 हजार रुपये रिश्‍वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। कानूनगो पांच-पांच हजार रुपये प्रति फाइल के नाम पर रिश्‍वत मांगी थी। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर पर बताया कि मोतीलाल न्‍यू श‍िव मार्केट शास्‍त्रीनगर ज्‍वालापुर हर‍िद्वार रिश्‍वत मांग रहा है। जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता की मां अपने दो भूखंडों को कृषि भूमि से अकृषि भूमि घोषित करने के लिए 31 अक्‍टूबर 2021 को आवेदन किया था। दोनों रकबों की अलग अलग पत्रावली पर रिपोर्ट लगाने के लिए शिकायतकर्ता ने कानूनगो मोतीलाल से कई बार संपर्क किया।
जिस पर कानूनगो ने प्रति फाइल पांच हजार रुपये समेत कुल 10 हजार रुपये की रिश्‍वत मांगी। जांच सही पाए जाने के बाद ट्रैप टीम गठिति की गई। बुधवार को कानूनगो मोतीलाल पुत्र स्‍व. शिकलचंद निवासी न्‍यू श‍िव मार्केट शास्‍त्रीनगर ज्‍वालापुर हरिद्वार, हाल तैनाती कानूनगो डोईवाला को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये तहसील कार्यालय से रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्‍टर देहरादून रेनू लोहानी ने बताया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध टोल फ्री नंबर पर शिकायत कर सकते हैं।

दून पुलिस ने 185 मॉडिफाई साइलेंसर को रोलर चलाकर किया नष्ट

देहरादून पुलिस ने एक नई पहल की शुरूआत की है। पुलिस ने मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर मोटरसाइकिल को शहर में घुमाने वालों को सबक सिखाया है।

दून पुलिस ने मॉडिफाई साइलेंसर’ के विरुद्ध चलाए गए अभियान में 461 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की और 57 वाहन सीज किए।

दून पुलिस ने चालानी कारवाही में यातायात पुलिस जनपद देहरादून द्वारा ’185’ वाहनों के साइलेंसर उतारकर यातायात कार्यालय में दाखिल किए। उन्हें यातायात कार्यालय के बाहर रोड पर रोलर के माध्यम से नष्ट किया गया।

दुष्कर्म के आरोप में युवक अरेस्ट

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि बीते सोमवार को एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 14 साल की नाबालिग बेटी के साथ युवक ने बहला-फुसलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो ऐक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी सुमित पुत्र खेम सिंह निवासी झबरेडी, थाना झबरेड़ा जिला हरिद्वार हाल पता बैराज कॉलोनी, ऋषिकेश को वीरपुर खुर्द तिराहे से गिरफ्तार किया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

मोबाइल लूट में दो नाबालिग सहित चार व्यवस्क गिरफ्तार

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि बीते रोज वीरपुर खुर्द, सीमा डेंटल, गली नंबर तीन निवासी उर्मिला देवी पत्नी इंदू कुमार यादव ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि देर रात 10.30 बजे उनका बेटा उज्जवल किसी काम से मीरानगर पुलिया के पास से मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था। इसी बीच स्कूटर में सवार कुछ लड़के आए और अचानक बेटे से मोबाइल छीन कर फरार हो गए। इसके बाद घर पहुंचकर उनके बेटे ने मोबाइल लूटने की घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाली। मंगलवार सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को ऋषिकेश बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। जबकि दो अन्य नाबालिगों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में लूटे गए चार मोबाइल भी बरामद किए हैं। कोतवाली के एसएसआई डीपी काला ने आरोपियों की पहचान करण राजपूत उर्फ संजू पुत्र रोहित कुमार निवासी कबीर बस्ती, मिलेरगंज, जिला लुधियाना, पंजाब हाल पता न्यू चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश और भोलू उर्फ विश्वनाथ सिंह पुत्र जीवन कुमार सिंह निवासी चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश के रूप में कराई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। टीम में एम्स चौकी प्रभारी शिवराम, महिला उपनिरीक्षक सोनल पुरी, कांस्टेबल विकास फोर, सतीश रावत, अमित कुमार शामिल रहे।

फर्जी रजिस्ट्रेशन कराकर यात्रियों से धोखाधड़ी करने के मामले में ट्रेवल एजेंट और एजेंसी पर मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश पुलिस ने बताया कि सोमवार को संजय कुमावत पुत्र राधेश्याम कुमावत निवासी गुणावद थाना सदरपुर जिला धार, मध्य प्रदेश ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि हरिद्वार में एक एजेंट सुमित कश्यप उन्हें हरकी पैड़ी की पार्किंग में मिला। एजेंट ने बताया कि वह चारधाम यात्रा की ऑनलाइन बुकिंग करता है। उन्होंने एजेंट की बातों पर विश्वास कर अपने ग्रुप के 120 लोगों का उससे ऑनलाइन पंजीकरण कराया।
पंजीकरण की एवज में उसने आठ हजार रुपये लेकर एक कागज उन्हें थमा दिया। इसके बाद वे ऋषिकेश में पहुंचे तो चेकिंग बैरियर पर उन्हें रोका गया। यहां पर रजिस्ट्रेशन फर्जी बताकर उन्हें वापस लौटा दिया। जबकि दूसरे मामले में रामअवतार शर्मा पुत्र किशन चंद शर्मा निवासी ग्राम पोस्ट गोमी थाना सिंघानिया, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश ने पुलिस को बताया कि 25 मई को मुरैना से गंगा टूर एंड ट्रेवल्स एबी रोड स्टैंड थाना सिविल लाइन मुरैना, एमपी के जरिए 65 लोगों का एक ग्रुप उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए आया था।
ट्रेवल एजेंसी मालिक रामू सिकरवार उर्फ रामेंद्र सिंह पर प्रत्येक यात्री से 10 हजार रुपये किराया लेने का आरोप लगाया। साथ उन्हें रजिस्ट्रेशन का भी भरोसा दिलाया गया। 26 मई को ट्रेवल एजेंट राम निवास धाकड़ एवं शोभन ने बताया की मुरैना में ही चारधाम के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया जा रहा है। बीते रोज एजेंट ने रामेंद्र सिकरवार को व्हाट्सएप से उनका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भेजा। लेकिन ऋषिकेश में चेकिंग बैरियर पर रजिस्ट्रेशन फर्जी होने पर उन्हें वापस लौटा दिया गया। ट्रेवल एजेंसी पर 6 लाख 40 की रकम ठगने और फर्जी रजिस्ट्रेशन का आरोप लगाया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की ट्रेवल एंजेसी और एजेंट पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी है