कई दुकानों से जेवरात लेकर ज्वेलर्स फरार, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

तीर्थनगरी में एक ज्वेलर्स कई दुकानदारों से लाखों रूपए के जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है।

ऋषिकेश कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि चकजोगी छिद्दरवाला में धनवी ज्वेलर्स के स्वामी ऋषि सोनी पुत्र रामप्रसाद ने अमित वर्मा नाम के व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। ऋषि सोनी श्यामपुर में कृष्णा ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते है। अमित वर्मा नामक व्यक्ति को वह और अन्य दुकानदार पिछले छह माह से अधिक समय से जानते हैं। यह व्यक्ति अपनी दुकान में ग्राहक को दिखाने के लिए सोने का सामान लेकर जाता था और समय पर वापस भी कर देता था। कोतवाल ने बताया कि आरोपी करीब 13 लाख रुपए के जेवर का मामला आया है। पुलिस स्तर से जांच शुरू कर दी गई है।

सहपाठी युवक ने युवती को मारी गोली, देहरादून के लॉ कॉलेज का मामला

राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े एक छात्रा को गोली मारे जाने की घटनासे सनसनी फैल गई। देहरादून में लॉ कॉलेज की छात्रा की उसी कॉलेज के छात्र (boy shot dead girl in front of college) ने गोली मार दी। मृतका हरिद्वार के जमालपुर की निवासी थी।

हत्या करने वाले युवक का नाम आदित्य बताया जा रहा है, जो कि छात्रा के साथ क्लास में ही पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि हत्या का आरोपी छात्र रायपुर के सुंदरवाला का रहने वाला है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक हत्या का आरोपी छात्र और छात्रा सिद्धार्थ लॉ कॉलेज में पढ़ते थे।

गोली चलने की वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर SP सिटी,सीओ अनिल जोशी सहित पुलिस फोर्स पहुंची। तुरंत ही घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। अस्पताल ने डॉक्टर ने युवती को मृत घोषित कर दिया। युवती को गोली मारने के पीछे क्या वजह रही, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।

अत्यधिक शराब के सेवन व ठंड के चलते एक व्यक्ति की मौत


कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्रांतर्गत एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। हालांकि पुलिस मौत की वजह अपने नजरिये से इसे अत्यधिक शराब पीना व ठंड लगना बता रही है।

कोतवाली में आज पार्षद जगत सिंह नेगी ने सूचना दी कि इंदिरा नगर की गली नंबर तीन में स्थित एक खंडहर में व्यक्ति मृत अवस्था में है। पुलिस मौके पर पहुंची और पार्षद एवं अन्य लोगों की मौजूदगी में वीडियो एवं फोटोग्राफी करते हुए निरीक्षण घटनास्थल को बारिकी से देखा।

कोतवाल रवि सैनी के मुताबिक मृतक की पहचान मनोज पुत्र स्वर्गीय अमरीश पुरी निवासी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मृतक हलवाई का काम करता था जिसका कोई निश्चित ठिकाना नहीं है। बताया कि शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा है।

कोतवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के द्वारा अत्यधिक शराब पीने व ठंड के कारण मृत्यु हुई है।

ऋषिकेश कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा


कोतवाली ऋषिकेश ने एसएसपी कार्यालय के शिकायत जांच प्रकोष्ठ के आदेश पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने जांच भी प्रारंभ कर दी है।

कोतवाल रवि सैनी के मुताबिक, शिकायत जांच प्रकोष्ठ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय देहरादून से एक पत्र मिला है। जिसमें शिवदेश यादव पुत्र सियाराम यादव निवासी बी 1733 आईडीपीएल वीरभद्र ऋषिकेश निवासी ने बताया कि उनके भाई मुकेश यादव जो हिंदुस्तान नेशनल ग्लास इंडस्टरीज लिमिटेड फैक्ट्री ऋषिकेश में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था। बताया कि बीते माह 10 जनवरी की सुबह छह से दोपहर दो बजे तक रोज की तरह ड्यूटी पर गया था। पीड़ित पक्ष ने बताया कि सुबह 10 बजे फैक्ट्री से डॉ प्याल का मेरे पिता सियाराम यादव को फोन आया।

डा. ने उनके पिता को तुरंत एम्स अस्पताल आने को कहा। जब वह अस्पताल पहुंचे तो मुकेश मृत अवस्था में उन्हें मिला। डां. ने बताया कि सिर पर गहरी चोट होने की वजह से मुकेश की मौत हुई है।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि मृतक के परिजनों से हत्या की आशंका जताई है, जिस पर एसएसपी कार्यालय से प्राप्त पत्र के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही जांच भी शुरू कर दी गई है।

यूकेडी प्रत्याशी मोहित डिमरी ने चुनाव में किया भ्रामक, खुद पर हमले की झूठी कहानी रची

14 फरवरी को हुए मतदान से दो दिन पहले आई एक खबर ने सबको चौंका दिया। 12 फरवरी की रात ये खबर आई की रुद्रप्रयाग (Rudraprayag) से उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी मोहित डिमरी पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया है। इसमें मोहित डिमरी को चोटें भी आई औऱ उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। लेकिन इस मामले की (Police says attack on Mohit Dimri was fake and scripted) जांच के बाद पुलिस का कहना है कि हमले की यह पूरी कहानी फर्जी है औऱ मोहित डिमरी द्वारा चुनाव में फायदा लेने के लिए यह स्वांग रचा गया।

रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि 12 फरवीर को हमले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई थी। पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाकर उनके बयान लिए गए और मामले की जांच शुरू हुई। कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तमाम जांच के बाद ये सामने आया कि हमले की कहानी फर्जी थी। मोहित डिमरी और उनके साथियों ने चुनाव में फायदा लेने के लिए ये स्वांग रचा था।

पुलिस के मुताबिक विवेचनात्मक कार्यवाही में यह बात स्पष्ट रूप से सामने आयी है कि, उस दिन पुलिस को जो भी सूचना दी गयी थी, भ्रामक दी गयी थी, वास्तव में ऐसी कोई घटना घटित ही नहीं हुई थी। विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं कॉल डिटेल्स इत्यादि का गहरायी से विश्लेषण किया गया, जो लोग उस समय वहां पर मौजूद थे या जो भी इनके साथ कार में थे, तथा जो इनको लेकर निजी चिकित्सालय ले गये थे, सभी के बयानों के आधार पर यह बात सामने आयी है कि, इनके द्वारा चुनाव में फायदा लेने व सहानुभूति प्राप्त करने के इरादे से झूठी सूचना पुलिस को दी गयी थी, और एक ऐसा अपराध का घटनास्थल एवं वातावरण तैयार किया गया था, जिसमें इनके द्वारा खुद ही अपने वाहन के शीशे पत्थर से तोड़े गये तथा अपने पर कुछ हल्की चोटें लगवाईं गयी। और उस दिन इस घटनाक्रम को काफी बढ़ा-चढ़ा कर विभिन्न सोशल मीडिया एवं मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से प्रस्तुत कराया गया था। इस सम्बन्ध में पुलिस के स्तर से रिपोर्ट न्यायालय में प्रेषित की जा रही है तथा न्यायालय के आदेश से इस सम्पूर्ण घटनाक्रम में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।

ऑनलाइन ठगीः शराब खरीदने के चक्कर में गंवा बैठा 57575 रूपए

रायवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन शराब खरीदने पर 57575 रूपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में साइबर थाना देहरादून में मुकदमा दर्ज किया है। जिसकी जांच थाना रायवाला के प्रभारी निरीक्षक को दी गई है।

दरअसल, मकान संख्या 102, जेएमडी हरिपुरकलां देहरादून निवासी कृष्णकांत आनंद पुत्र स्व0 पन्ना लाल ने साइवर क्राइम थाना देहरादून मे तहरीर दी। बताया कि 14 फरवरी को रायवाला शराब लेने पहुंचे तो शराब की दुकान बंद होने पर उनके द्वारा आनलाइन से वाइनशाप का नंबर लिया गया।

बताया कि उक्त नंबर पर बात करने पर बताया कि चुनाव के चलते दुकान बंद है। इसके चलते शराब की डिलीवरी आनलाइन की जायेगी। बताया कि एटीएम कार्ड की सारी डिटेल मांग ली गई। ओटीपी शेयर करने पर उनके खाते से 57,575 निकाल लिये गये।

थाना प्रभारी रायवाला भुवन चंद पुजारी ने बताया कि साईवर थाना दे0दून मे शून्य मे मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसकी जांच उनके स्तर से की जा रही है।

दो शातिर चोरों को कार के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार


कोतवाली पुलिस ने चोरी की गई कार के साथ दो साथियों को गिरफ्तार किया है पुलिस ने उनके कब्जे से कार को भी बरामद किया है जबकि घटना में प्रयुक्त अन्य कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि राहुल काला पुत्र धर्मेंद्र काला निवासी गली नंबर 9 हनुमंत पुरम गंगा नगर ऋषिकेश ने तहरीर देकर बताया था कि 17 फरवरी 2022 को उनकी कार मारुति 800 किसी ने चोरी कर ली है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

कोतवाल ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों की पहचान ओमकार सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी सर्वहारा नगर काले की ढाल ऋषिकेश और प्रशांत पुत्र रमेश कुमार निवासी जरोदा थाना बुदारी दिल्ली 84 हाल निवासी आवास विकास कॉलोनी ऋषिकेश के रूप में कराई।

दो घरों पर पड़ी चोरों की नजर, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा


रायवाला थाना प्रभारी भुवन चंद पुजारी ने बताया कि शशिभूषण तिवारी पुत्र स्व. विश्वनाथ तिवारी निवासी जागृति विहार हरिपुरकलां (मोतीचूर) ने थाने में तहरीर दी। बताया कि वह 13 फरवरी को अपनी पत्नी के साथ अपने पुत्र के पास देहरादून गए थे। 15 फरवरी को पडोसी ने उनके फोन पर चोरी होने की सूचना दी।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पाया कि शिकायतकर्ता के घर के सामने के गेट व अंदर के कमरे का ताला टूटा पडा था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया कि एक अन्य जगह पर भी चोरी होने की सूचना मिली है।

हरिपुरकलां में घर में घुसकर ज्वेलरी और नकदी को लूटा

रायवाला पुलिस के अनुसार, गंगा कॉलोनी, हरिपुरकलां निवासी पूजा पुत्री रमेश कश्यप ने पुलिस को मंगलवार तड़के चार बजे सूचना दी कि वे अपने परिवार के साथ घर थी। इसीबीच ढाई बजे तीन-चार लोग उनके घर के गेट को तोड़कर अंदर घुसे और उनकी मां रामरती पर हमला बोल दिया, उन्होंने उनकी मां के कान से सोने के कुंडल, पायल, घर का सामान और कुछ नकदी छिन कर फरार हो गए। घटना के बाद से पूरा परिवार भयभीत है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची औ मामले की जानकारी जुटाई।

थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ मामले को खुलासे को टीमें रवाना की गई है। दावा किया जल्द अपराधी पुलिस की गिरफ्तर होंगे।

कनक धनाई सहित कांग्रेस नेता पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज


कोतवाली ऋषिकेश में विधानसभा उम्मीदवार कनक धनाई व कांग्रेस नेता ललित सक्सेना पर सोशल मीडिया के जरिए मतदान की गोपनीयता भंग का आरोप लगा है। इस मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया है।

डॉ वीरेंद्र नाथ गुप्ता प्रभारी उड़नदस्ता 24-ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र सामान्य निर्वाचन 2022’ ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी कनक धनाई द्वारा स्वयं को बूथ में मशीन के सामने खड़ा दिखाकर तथा ललित सक्सेना द्वारा वोटर सेल्फी प्वाइंट में वीपीपेट में कांग्रेस के प्रत्याशी जयेन्द्र चंद्र रमोला व हाथ का पंजा के निशान का स्लीप फेसबुक पर फोटो अपलोड कर मतदान की गोपनीयता भंग की गई। शिकायतकर्ता ने कहा कि मतदान केंद्र बूथ पर इस प्रकार फोटो खींचकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। कोतवाली पुलिस ने लिखित तहरीर के आधार पर कनक धनाई एवं ललित सक्सेना के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।