पुलिस ने बंद घर में चोरी करने के आरोप में किया गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस के मुताबिक राजीव सिंघल पुत्र स्व. नंद किशोर सिंघल निवासी आदर्शनगर ने बताया कि 12 दिसंबर को अज्ञात चोरों ने उनके घर से ज्वेलरी सहित अन्य सामान चुरा लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरिद्वार रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास से दो लोगों को पकड़ा।
कोतवाल रवि सैनी ने बताया की आरोपियों की पहचान सुल्तान अली पुत्र हैदर अली, नरेश पुत्र प्रसादी लाल दोनों निवासी गोविंदनगर, झुग्गी झोपड़ी के रूप में हुई है। बताया कि आरोपियों से चोरी का माल भी बरामद किया गया है। टीम में उपनिरीक्षक मुकेश नेगी, कांस्टेबल संदीप छाबड़ी, सचिन सैनी, कमल जोशी, सोनी, मनोज आदि शामिल रहे।

मासूम जिदंगियों से अपने शौक करवाता था पूरा, पुलिस ने की कार्रवाई

विशेष मानव तस्करी रोकथाम इकाई और पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के तहत ऋषिकेश में मासूम बच्चों की आड़ में भीख मांग कर अपने शौक पूरे करने वाले एक व्यक्ति को दो मासूम बच्चों के साथ पकड़ लिया है।
चाइल्ड हेल्पलाइन के सदस्य हेमंत कुमार कुमार ने बताया कि मंगलवार को विशेष मानव तस्करी रोकथाम इकाई और पुलिस की टीम द्वारा ऋषिकेश में बच्चों की आड़ में भीख मांगने वाले एक भिखारी की शिकायत ऋषिकेश के सामाजिक कार्यकर्ता अमित वत्स द्वारा टीम को पिछले काफी समय से दी जा रही थी कि एक साधु ऋषिकेश में छोटे मासूम बच्चों को त्रिवेणी घाट सहित सार्वजनिक स्थानों पर बैठा कर चला जाता है। शाम तक जितने भी पैसे इकट्ठे होते हैं उनको एकत्रित कर ले जाता है।
इस शिकायत को टीम के सदस्यों ने गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को ऋषिकेश में चाइल्ड हेल्पलाइन की सदस्य ऋषिकेश प्रभारी रचना, यशवीर रावत, नीलम चौहान और पुलिसकर्मी मनवीर शाह, धर्मेंद्र कुमार, रैना रावत ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में त्रिवेणी घाट, मेन बाजार और हरिद्वार मार्ग पर छापेमारी की।
उन्होंने देखा कि सड़क के किनारे एक ढाई वर्ष की मासूम बच्ची रूपा और 8 महीने का बच्चा सड़क के किनारे बिछी चादर पर बैठा था। चादर पर लोग खाने पीने का सामान और पैसे डालकर जा रहे हैं। लेकिन उनके पास कोई भी बड़ा व्यक्ति नहीं था। जिसे देखकर टीम के सदस्य बच्चों को बैठाने वाले व्यक्ति की तलाश में प्रतीक्षा करते रहे।
कुछ समय बाद इन बच्चों के पास सूरज पुत्र राजेंद्र ईसापुर तहसील, तिलहर पोस्ट ऑफिस निगोही जिला शाहजहांपुर आया और बच्चों के पास से पैसे इकट्ठे करने लगा जिसे उक्त टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया। उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि यह दोनों बच्चे उसी के हैं, और वह बच्चों की आड़ में अपने शौक पूरे करने के लिए भिक्षावृत्ति करता है। जो कि हाल में ऋषिकेश के बाजार में ही रात को सोता है। जिसे टीम पकड़ कर देहरादून ले गई है। टीम सदस्य हेमंत कुमार धीमान ने बताया कि पकड़े गए बच्चों को टीम सदस्यों ने बाल कल्याण समिति को देखभाल के लिए सौंप दिया है। सूरज को कल सक्षम मजिस्ट्रेट के सम्मुख अग्रिम कार्रवाई के लिए पेश किया जाएगा।

मोबाइल चुराने वाला गिरफ्तार, एम्स की लाईब्रेरी से किया था चोरी

कोतवाली पुलिस के मुताबिक शिकायकर्ता इति जैन पुत्री डॉक्टर पंकज जैन निवासी न्यू आवास विकास जेवी जैन डिग्री कॉलेज रोड, सहारनपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी एमीबीबीएस अंतिम वर्ष एम्स, ऋषिकेश ने पुलिस को एक तहरीर दी थी। जिसमें उसने बताया कि उसका और एक अन्य का मोबाइल एम्स की लाइब्रेरी से अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धारा में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। छानबीन के बाद संदिग्ध की पहचान की गई। जिसे यूपी के बरेली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को मोबाइल चोर की पहचान वीरपाल पुत्र ओमपाल सुमन निवासी ग्राम सेमी, खेड़ी बहेड़ी देवरनिया, बरेली यूपी के रूप में कराई है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि चोरी का माल बरामद होने पर धारा 411 की भी बढ़ोत्तरी की गई है।

पुलिस ने 9 लाख रुपये की स्मैक के साथ युवक को गिरफ्तार किया

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक रविवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भद्रकाली चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी बीच हर्बल गार्डन की ओर से आ रही एक कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को सामने देख कार चालक उतरकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने चालक का पीछा किया। कुछ दूरी पर घेराबंदी कर युवक को धर लिया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से स्मैक बरामद हुई। मुनिकीरेती थाना निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि युवक की पहचान सोनू पाल पुत्र राजपाल निवासी वैदिक नगर, रायवाला हाल निवासी सर्वानंद घाट, हरिद्वार के रूप में हुई है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। बताया कि तस्करी में प्रयुक्त कार कब्जे में लेकर सीज कर दी है। टीम में एसओजी प्रभारी लखपत सिंह बुटोला, उपनिरीक्षक विकास शुक्ला, हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह चौहान, कांस्टेबल पुष्कर रावत आदि शामिल रहे।

नाबालिक बच्ची के साथ दुराचार की घटना मामले में प्रदर्शन

थाना नरेंद्रनगर क्षेत्र अंतर्गत बीते रोज 8 वर्षीय नाबालिक बच्ची के साथ दुराचार किए जाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को पोस्को के अंतर्गत गिरफ्तार किया था। बता दें कि नरेंद्रनगर के पास एक गांव में रहने वाले 45 वर्षीय मजदूर ने 8 वर्षीय मासूम को अपनी हवस का शिकार बना लिया। रोती बिलखती मासूम ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद मामला थाने पहुंच गया। पुलिस ने मासूम के बयान लेने के बाद मेडिकल परीक्षण कराया। रिपोर्ट में मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
इस मामले में आज राजकीय महाविद्यालय के छात्रों ने आक्रोश रैली निकाली। सभी ने महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को बंद करने की मांग पुलिस से की। मौके पर रोहित बिजल्वाण, नगर मंत्री अभाविप अनिरुद्ध, दीपक चौधरी, विनायक कुमार, गरिमा आदि छात्र मौजूद रहे।

मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे युवक का शव मिला, पहचान नही हो सकी

हरिद्वार हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे एक युवक का शव मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को राजकीय चिकित्सालय हरिद्वार की मोर्चरी में शिनाख्त के लिए रखवा दिया है।
रायवाला थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों से मृतक की पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 28 साल की होगी। उसके माथे, नाक और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। संभावना जताई कि वह खुद फ्लाईओवर से नीचे गिरा होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल 72 घंटे के लिए अस्पताल की मोर्चरी में शिनाख्त के लिए शव रखवा दिया गया है। आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को सूचना प्रेषित कर दी गई है।

पुलिस की जांच में मृतका के परिवार का पता चला, आगे की कार्रवाई जारी

बीते रोज जिस युवती का शव पुलिस ने बरामद किया था। युवती के पिता से पुलिस की बातचीत में पता चला कि दो वर्ष पूर्व बिना बताए युवती प्रेम विवाह कर घर से चली गयी थी। मृतका के पिता को इस बात की जानकारी नहीं है कि विवाह किसके साथ किया था। पुलिस के लिए यह अभी भी एक पहेली ही है कि आखिर ऋषिकेश से मृतका का क्या कनेक्शन है।
पुलिस के मुताबिक बीते रोज कोतवाली पर नागेंद्र पुत्र रामहित मोर्य निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश के द्वारा सूचना सूचना दी गई कि लेबर कॉलोनी तिराहे से बाई ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास स्थित नाले से लगभग 100 मीटर अंदर जंगल में झाड़ियों के बीच एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हैद्य जिसकी उम्र लगभग 28 वर्ष है।
कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि शव के पास से बरामद सामान को चेक करने पर एक कागज पर लिखा एक फोन नंबर प्राप्त हुआ। उक्त फोन नंबर कमलाकांत मोहित का है जिनसे जानकारी करने पर ज्ञात हुआ उक्त शव आरती भुई का है जिनके पिताजी रविंद्र भुई निवासी ग्राम अड़क्का थाना बिरडी जिला जगतसिंहपुर उड़ीसा मेरे यहां काम करते हैं।
मृतका के पिता रविंद्र भुई ने बताया कि उक्त शव उनकी पुत्री आरती भुई का है जोकि लगभग 2 साल पूर्व प्रेम विवाह कर घर से चली गई थी जिस व्यक्ति से प्रेम विवाह किया गया। उसके एवं उसके परिजनों के संबंध में हम लोगों को कोई जानकारी नहीं है। मृतका के पिता रविंद्र भुई के द्वारा बताया गया कि हमें सिर्फ इतनी जानकारी थी कि हमारी पुत्री आरती भुई हरिद्वार किसी फैक्ट्री में काम करती है।
शव की पहचान आरती भुई पुत्री रविंद्र भुई निवासी ग्राम अड़क्का थाना बिरनी जिला जगतसिंहपुर उड़ीसा के रूप में हुई है। मौके पर पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम के द्वारा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी की गयी। पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एम्स हॉस्पिटल ऋषिकेश भेजा गया है। कोतवाल ने बताया कि शव के पास से बरामद सामान को कब्जे लेकर सील किया गया है। मृतका के परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। मृत महिला के संबंध में जांच जारी है।

पुलिस ने बाइक चोरी करने और जलाने के आरोपी को किया गिरफ्तार

बाइक चोरी करने और जलाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उससे पुलिस ने चोरी की बाइक भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
कोतवाल रवि सैनी के मुताबिक गत 28 नवंबर को मुखर्जी मार्ग मेन बाजार निवासी मोहित शर्मा ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मामले में पुलिस तहरीर के आधार पर जांच में जुटी थी। यहीं नहीं शुक्रवार को रेखा साहनी पत्नी सुरेंद्र साहनी निवासी न्यू त्रिवेणी कॉलोनी ने उनकी बाइक फूंकने की शिकायत पुलिस से की थी। दोनों ही मामले में आरोपी शुभम कुमार निवासी शांतिनगर, ऋषिकेश ने जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने बताया की आरोपी स्मैक पीने का आदी है।

युवा कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग की

पीडब्ल्यूडी ऋषिकेश में एकत्र होकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज शाम एक कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने ऋषिकेश आईडीपीएल में एक लड़की की हत्या के मामले में मार्च निकालते हुए गांधी स्तम्भ में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष जितेंद्र पाल पाठी ने कहा कि आए दिन महिला अत्याचार व हत्याएं की घटनाएं बढ़ रही है। महिला अपराध बढ़ने से तीर्थनगरी में लोगों को असुरक्षित की भावना होने लगी है। उन्होंने सरकार से सीबीआई जांच की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस के महासचिव राजपाल खरोला, केशव गोयल, दीपक पाल, राहुल पांडेय, एकांत गोयल, सौरभ वर्मा, आशीष थापा, रेणु नेगी, अंजलि, सरोज देवराडी, संदीप, इमरान, व्योम गुप्ता, आदित्य सिंह, आशीष रमोला, आशीष थापा, महिम शर्मा, चिराग़ ग्रोवर, सक्षम नैठानी, मधु जोशी, आदित्य पाल, हिमांशु, मयंक पाल, लक्ष्य बतरा, अरिवंद कुमार, अजय दास, संदीप कुमार, राजकुमार आदि उपस्थित रहे।

कृष्णानगर कॉलोनी तिराहे के पास शव मिलने से सनसनी

कोतवाली पुलिस के मुताबिक आईडीपीएल गोल चक्कर, कृष्णानगर कॉलोनी तिराहे के पास गुरूवार सुबह लड़की बीनने जंगल में जारी महिलाओं ने एक युवती का शव देखा। जिसके बाद महिलाओं ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल, कोतवाल रवि सैनी सहित अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे के लिया। पुलिस ने युवती के पास एक ट्रेन का टिकट बरामद किया। टिकट हरिद्वार से बना हुआ था, जिसमें जगन्नाथ पुरी, उड़ीसा तक सफर लिखा मिला। पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल ने बताया टिकट सिंतबर माह का है, जो कि कैंसिल हो चुका है। युवती की उम्र 22 से 25 वर्ष के साथ आसपास होगी। टिकट में युवती का नाम आरती भोई 28 अंकित है। युवती के गले में पड़ी चुन्नी के आधार पर मामला सुसाइड लग रहा है। बताया कि हत्या से भी इंकार नहीं किया जा सकता। मौके पर फोंरेसिक लैब की टीम को बुलाया गया। मौके पर टीम ने अहम साक्ष्य जुटाए हैं। जल्द युवती की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

दो से तीन दिन पुराना हो सकता है शव
पुलिस के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना है, मृतका युवती के शरीर पर कहीं पर चोट का निशान भी नहीं मिला। उसके शरीर पर कीड़े भी पड़ चुके हैं।