पालिका प्रशासन ने सरकारी संपत्तियों से हटाई प्रचार सामग्री

आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से सभी संबंधित विभाग आगामी विधानसभा चुनाव-2022 की निर्वाचन तैयारियों को अमली जमा पहनाने में जुट गए हैं। इसके तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने निकाय क्षेत्र में सरकारी संपत्तियों में लगे होर्डिंग्स, बैनर, फ्लेक्स आदि को हटाया।
आचार संहिता प्रभावी होने के बाद उपजिलाधिकारी नरेंद्र नगर की ओर से दिए निर्देशों के अनुपालन में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने सरकारी संपत्तियों में लगी विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रचार सामग्री को हटाया। इस दौरान पालिकाकर्मियों ने कई जगहों से राजनीतिक पार्टियों से संबंधित फ्लैक्स, होल्डिंग, बैनर व अन्य प्रचार सामग्री को हटाया। उपजिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आचार संहिता के दौरान सरकारी संपत्तियों पर राजनीति दलों से संबंधित प्रचार व अन्य सामग्री लगाने पर पाबंदी रहेगी, जिसका पूर्णतया करना अनिवार्य होगा। इस दौरान मौके पर आदर्श आचार संहिता के लागू होने के उपरांत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती ढालवाला द्वारा उपजिलाधिकारी नरेंद्र नगर द्वारा दिये गए निर्देश के अनुपालन में नगर क्षेत्र में सरकारी संपत्तियों से राजनैतिक पार्टियों के होर्डिंग, बैनर आदि को हटाने की करवाई प्रारम्भ की गई है। इस दौरान स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, रंजन कंडारी, पर्यावरण पर्यवेक्षक आदि मौजूद रहे।

मास्क नही पहनने वालों पर सख्त हुई पुलिस, की कार्रवाई

रविवार को रायवाला पुलिस ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए रायवाला थाना क्षेत्र के रायवाला बाजार, हरिपुरकलां और छिद्दरवाला में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंढियाल के निर्देश पर विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा। कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया। हालात यह रहे कि कार्रवाई से बचने के लिए लोग मास्क लेने के लिए मेडिकल स्टोर की ओर दौड़ते नजर आए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पहले दिन कार्रवाई के दौरान कोविड नियमों का उल्लंघन करने में 75 लोगों का चालान किया है। उन्होंने रायवाला बाजार क्षेत्र के सभी व्यापारियों को निर्देशित किया कि सोमवार से चेकिंग अभियान में तेजी लायी जाएगी। दुकान के बाहर सेनेटाइज की व्यवस्था रखें। हिदायत दी कि चालान से बचना है तो मास्क पहनकर ही घर से निकले। बाजार और सार्वजनिक स्थान पर दो गज की दूरी बनाए रखें। सभी की जागरूकता से ही इस महामारी से लड़ा जा सकता है।

फौजदारी के 14 साल पुराने में आरोपित हुआ बरी

न्यायिक मजिस्ट्रेट डोईवाला की अदालत ने 14 साल पुराने मामले पर सुनवाई करते हुए आरोपी को दोषमुक्त किया है।
वरिष्ठ अधिवक्ता लाल सिंह मटेला ने बताया कि वर्ष सात अक्टूबर 2007 को सरिता राणा नामक महिला ने जौलीग्रांट पुलिस चौकी में तहरीर दी थी। बताया था कि उनके पति दिनेश कुमार राणा बाइक से देहरादून से ऋषिकेश की ओर आ रहे थे। तभी खुशाल सिंह सजवाण ने उनके पति की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। जिसके चलते अस्पताल में इलाज के दौरान उनके पति की मौत हो गई थी। उन्होंने खुशाल सिंह पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया था। इसी क्रम में पुलिस ने भी खुशाल सिंह सजवाण पर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
अधिवक्ता लाल सिंह मटेला ने बताया कि मामला देहरादून स्थित सीजेएम न्यायालय करीब 10 वर्ष तक चला। इसके बाद वर्ष 2018 में डोईवाला में न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में स्थानांतरित हुआ। अधिवक्ता लाल सिंह मटेला की मजबूत पैरवी की बदौलत न्यायाधीश मीनाक्षी दुबे ने आरोपित खुशाल सिंह सजवाण को दोषमुक्त किया है।

बुली बाई ऐप मामले में मुख्य आरोपी महिला उत्तराखंड में गिरफ्तार

’बुलीबाई’ ऐप मामले में मुंबई पुलिस साइबर सेल ने बेंगलुरु के एक 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। सूत्रों की मानें तो मुख्य आरोपी एक महिला है, जिसे उत्तराखंड से गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी एक दूसरे को पहले से ही जानते थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद अब उत्तराखंड पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है।
मुंबई पुलिस ने सोमवार को ये जानकारी दी। मुंबई पुलिस साइबर सेल ने ’बुली बाई’ ऐप मामले में बेंगलुरु से जिस 21 वर्षीय आरोपी विशाल कुमार को पकड़ा है जो इंजीनियरिंग छात्र है। इससे पहले महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री सतेज पाटिल ने सोमवार को पुलिस को “बुली बाई“ ऐप के डेवलपर्स के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था जिसके बाद इस मामले में ये पहली बड़ी कार्रवाई है।

क्या है मामला?
शनिवार को एक महिला पत्रकार ने बुल्ली बाई ऐप पर ’डील ऑफ द डे’ बताकर बेची जा रही अपनी तस्वीर को शेयर किया। पत्रकार ने ट्विटर पर कहा, “यह बहुत दुखद है कि एक मुस्लिम महिला के रूप में आपको अपने नए साल की शुरुआत इस डर और घृणा के साथ करनी पड़ रही है।“ पार्टी लाइन से हटकर नेताओं ने अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं के साइबर उत्पीड़न की निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कई लोगों ने इसके लिए दक्षिणपंथी तत्वों को जिम्मेदार ठहराया है। ऐप पर सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं को “नीलामी“ के लिए सूचीबद्ध किया गया था, जिनकी तस्वीरों को बिना अनुमति से लिया गया था और उनसे छेड़छाड़ की गई थी। एक साल से भी कम समय में ऐसा दूसरी बार हुआ है।

ऋषिकेश में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर कोतवाल से मिले

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने तीर्थनगरी ऋषिकेश में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग कोतवाली पुलिस से की है। सकारात्मक कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र के नेतृत्व में व्यापारियों का एक शिष्टमंडल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी से मिला। बताया कि शहर में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। इससे शहर के व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों ने आवास विकास कॉलोनी, भरत विहार और छोटी सब्जी मंडी में हुई चोरियों का उल्लेख किया। खुलासा नहीं होने पर आक्रोश जताया। व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि घटनाओं का पर्दाफाश नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद है। एक स्वर में बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने की मांग की।
नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ने बताया कि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने व्यापारियों को चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने और रात्रि गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया। मौके पर अरविंद जैन, राजकुमार तलवार, दीपक बंसल, रवि जैन, आशु अरोड़ा, योगेश कालड़ा, आशु डंग, अभिषेक शर्मा, दीपक दरगन, राजू गुप्ता मौजूद रहे।

शातिर मोबाइल चोर गिरोह को पुलिस ने किया गिरफ्तार

ऋषिकेश के पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल ने मामले का खुलासा करते हुए शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को यशपाल अरोड़ा पुत्र स्व. ईश्वर दास अरोड़ा निवासी मन्नत रेजिडेंसी विस्थापित कॉलोनी ने पुलिस को एक तहरीर दी कि वे गुरुवार की दोपहर में झंडाचौक से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में दून तिराहे के पास उनका मोबाइल अज्ञात चोरों ने चुरा लिया। पुलिस ने उनकी तहरीर पर संबंधित धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बस अड्डे से दो लोगों को धर लिया। जबकि एक नाबालिग को बाल संरक्षण में लिया। आरोपियों के पास से विभिन्न स्थानों से चुराए गए 13 मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। उनकी पहचान पप्पू महतो और संजय कुमार महतो दोनों पुत्र बिंदु महतो निवासी ग्राम नया टोला कल्याणी महाराजपुर बाजार, साहिबगंज झारखंड के रूप में हुई है। जबकि 13 वर्षीय नाबालिग को पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है।

नाबालिग से ही चोरी करवाते थे आरोपी चोर
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार में आकर एक धर्मशाला में रहने लगे। उसके बाद हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र में घूमकर मौका पाकर 13 मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बताया की नाबालिग बच्चे से ही वे मोबाइल चोरी करवाते थे, उसके बाद झारखंड वापस लौटकर दुकानदार को बेचते थे। खास बात यह थी कि वे मोबाइल के पार्टर्स को अलग-अलग कर बेचते हैं।

बाइक और मोबाइल की लूट करने वाले युवक गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने बाइक और मोबाइल लूट के आरोप में ऋषिकेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को राजेश कुमार पुत्र गंगाराम निवासी गली नंबर 14 शीशमझाड़ी, मुनिकीरेती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि निर्मल आश्रम के पास से दो अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक और मोबाइल लूट लिया है। जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले में बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जयराम आश्रम तिराहे से दो युवकों को बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि हत्थे चढ़े युवकों की पहचान सुजल जाटव पुत्र देवेंद्र जाटव निवासी जाटव बस्ती, ऋषि प्रसाद पुत्र भुलाई प्रसाद निवासी चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश के रूप में हुई है। बताया कि दोनों को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक शिव प्रसाद डबराल, कांस्टेबल संदीप छाबड़ी, सचिन कुमार शामिल रहे।

रायवाला में नाबालिग युवती की जहर खाने से मौत


रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि कनखल थाना पुलिस ने मामले की सूचना दी। बताया की सत्यमित्रानंद आश्रम, हरिपुरकलां की छात्रा प्रीति निवासी हिम्मपुर-गहराना, अवागढ़, यूपी हाल निवासी जगदीश आनंद आश्रम, हरिपुरकलां की संदिग्ध हालात में जहर खाने से अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर रायवाला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल पायेगा।

दो युवकों ने पुलिस ने बरामद किए नशे के 290 इंजेक्शन


पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान भरत विहार स्थित खाली ग्राउंड के पास से बिना नंबर के स्कूटर पर सवार दो युवकों को रोककर चेकिंग की गई। इसमें उनके पास से दो अलग-अलग ब्रांड के कुल 290 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। इस दौरान औषधि निरीक्षक अनीता भारती को भी मौके पर बुलाकर बरामद इंजेक्शन को चेक करवाया गया। इसमें औषधि निरीक्षक ने बताया कि यह इंजेक्शन पूर्णतया प्रतिबंधित है। इस पर दोनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि युवकों की पहचान कासिब पुत्र एहसान अली और रिजवान पुत्र रियाज निवासी बकरा मार्केट, ज्वालापुर, हरिद्वार के रूप में की गई है। इसके साथ ही पकड़े गए युवकों को इंजेक्शन सप्लाई करने वाले मेडिकल स्टोर संचालक निवासी धीरवाली, रामलीला ग्राउंड, ज्वालापुर, हरिद्वार के खिलाफ भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।