हाथरस की घटना शर्मनाक, आरोपियों को मिले कठोर सजाः नीरजा

त्रिवेणी घाट पर हाथरस पीड़िता मनीषा वाल्मीकि को नीरजा देवभूमि चेरिटेबल ट्रस्ट ने कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मौन रखकर व ईश्वर से पीड़ित परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य धारण करने की कामना की गई।

ट्रस्ट की संस्थापक व पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल ने हाथरस घटना को शर्मनाक बताया। कहा कि मामले की किसी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए। जरूरत है तो पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने और न्याय दिलाने की। उन्होंने कहा कि गैंगरेप के आरोपियों को ऐसा सजा मिलनी चाहिए जो एक मिसाल बने और भविष्य में किसी भी बेटी व बहन के साथ ये घटना न हो।

उन्होंने कहा कि रेप जैसी घटना देशभर में बढ़ रही है। इसके लिए सांसदों को आगे आना चाहिए और एक ऐसा कानून बनाने की पैरवी करनी चाहिए। जिससे ऐसी घटना को अंजाम देने वालो के भीतर भय बने। इस मौके पर 2 मिनट का मौन रखकर पीड़िता की आत्मशांति की कामना की गई।

इस अवसर पर ट्रस्ट की सह संस्थापक नूपुर गोयल, ट्रस्ट सदस्य मनीष अग्रवाल, अंशुल, दिवाकर मिश्रा, आचार्य संतोष व्यास, शिवानी गुप्ता, विकास, डीपी राठौड़ी, आशू, सूरज रतूड़ी, अमित जायसवाल आदि मौजूद थे।

गुमशुदा बालिका को एसओ हेमंत खंडूरी की टीम ने ढूंढ़ निकाला, लोगों ने की सराहना

रायवाला थाना क्षेत्र की 12 वर्षीय गुमशुदा बालिका को मात्र 12 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। रायवाला पुलिस की इस उपलब्धि को लोगों को सराहना मिल रही है।

दरअसल, तीन अक्टूबर की रात्रि नौ बजे प्रतीतनगर रायवाला निवासी ललित कुमार ने थाने में बताया कि दोपहर 12 बजे उनकी 12 वर्षीय पुत्री सुनैना घर से बिना बताए कहीं चली गई है काफी तलाश करने के बाद भी नहीं मिली है। मामले को गंभीर पाते हुए थानाध्यक्ष हेमंत खंडूरी ने तत्काल दो टीम तैनात की और पीड़ित के घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली। साथ ही आरटी सेट के जरिए समस्त थानों व कंट्रोल रूम को सूचना प्रसारित की। इसके अलावा सोशल मीडिया की भी मदद ली। इसके बाद मात्र 12 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने गुमशुदा बालिका को त्रिवेणी घाट ऋषिकेश से सकुशल बरामद किया। परिजनों को पुलिस ने सौंपा तो आसपास के लोगों ने पुलिस की मुस्तैदी की जमकर प्रशंसा की।

तेजी गति से वाहन चलाने वाले चालक पर मुकदमा, कोतवाली ऋषिकेश ने किया गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने तेजी व लापरवाही से पिकअप वाहन चलाते हुए एक्सीडेंट कर एक व्यक्ति की मृत्यु व एक महिला को घायल करने वाले चालक को गिरफ्तार किया है।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि शिकायतकर्ता बसंत कुमार पुत्र स्व. राम प्रसाद निवासी गली नंबर 3 चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश ने प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि एक अक्टूबर 2020 की शाम साढ़े पांच बजे एक यूटिलिटी पिकअप वाहन संख्या चालक की ओर से भैरव मंदिर के पीछे तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए मेरे बड़े भाई सुदामा प्रसाद व भाभी मिथिला देवी की स्कूटी पर टक्कर मार दी। जिसपर मेरे भाई की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा भाभी गंभीर रूप से घायल है, जो वर्तमान समय में राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती है।

कोतवाली पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल से पिकअप वाहन को थाने लाकर उसके नंबर के माध्यम से उसके मालिक की जानकारी की गई। मालिक को थाने लाकर पूछताछ करने पर उसके चालक का नाम पता प्राप्त हुआ। जिस पर उक्त चालक को गिरफ्तार करने के लिए घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया है। कोतवाल रितेश शाह ने आरोपी की पहचान 31 वर्षीय नीरज पुत्र धर्मपाल निवासी धोबी घाट चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश के रूप में कराई है।

यूपी के गैंगरेप की घटना दिलदहला देने वाली, सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए दोषियों को दे दंडः राकेश पारछा

14 सितंबर को उत्तर प्रदेश में वाल्मीकि समाज की युवती मनीषा वाल्मीकि के साथ बारी-बारी से गैंगरेप करने वाले आरोपियों पर कार्रवाई की मांग उठने लगी है। देशभर से वाल्मीकि समाज आरोपियों पर ठोस कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा आदि मांग उठा रहे है।

शुक्रवार को तीर्थनगरी के अंबेडकर चैक में राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश पारछा के नेतृत्व में समाज के लोगों ने सांकेतिक धरना दिया। एडवोकेट राकेश पारछा ने कहा कि 14 सितंबर को यूपी में वाल्मीकि समाज की युवती के साथ हुई घटना कभी भुलाई नहीं जा सकती है। जब तक समाज में किसी भी युवती के खिलाफ अन्याय, छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसी वारदातें नहीं रूकेंगी। देश तरक्की नहीं कर सकता। वाल्मीकि समाज यूपी में हुई घटना की घोर निंदा करता है। समाज के लोगों ने यूपी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी सांकेतिक तरीके से की।

सांकेतिक धरना देने वालों में विनोद सौदाई, विनोद भारती, नरेश खैरवाल, संजय वाल्मीकि, सुभाष वाल्मीकि, रणवीर भारती, दिनेश चारण, राकेश खैरवाल, अजय बागडी, तीरथ बिडलान, सुरेंद्र, मयंक, मुकेश भारती, जितेंद्र भारती, सन्नी चैहान, महेंद्र कालरा, हरिओम भोला, आकाशदीप भारती, महेश, राकेश, अमित हवलदार, रविंद्र बिरला, महेंद्र सिंह, सुलेखा वाल्मीकि, विक्की खैरवाल, चुनमुन, शुभम भगत, विक्की चैहान, अक्षय खैरवाल, ईलम सिंह, मुकेश खैरवाल आदि मौजूद रहे।

रायवाला पुलिस ने बिना लाइसेंस होटल में शराब पिला रहे संचालक को किया अरेस्ट

जनपद देहरादून के थाना रायवाला में बिना लाइसेंस होटल में ग्राहकों को शराब पिलाने पर होटल मालिक व संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया हैं। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए मालिक को अरेस्ट भी किया हैं।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री-तस्करी तथा अवैध रूप से होटलों-ढाबों में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष हेमंत खंडूरी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान रायवाला बाजार स्थित नारंग रेस्टोरेंट में ग्राहकों को अवैध रूप से बिना लाइसेंस के शराब पिलाने पर होटल के मालिक व संचालक शुभम नारंग पुत्र राकेश नारंग निवासी प्रतीत नगर रायवाला देहरादून को अरेस्ट किया गया है।

आशिक के लिए पत्नी ने दे दी पति की बलि, शव को जंगल में फेंका

पति को पत्नी के अवैध संबधों का पता चल जाने से पत्नी इतना आगबगुला हो गई कि उसने अपने प्रेमी के साथ पति को मौत की सजा दे दी। इसके बाद अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की लाश जंगल में फेंक आए। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने सभी आरोपियों को घटना में प्रयुक्त हथियारों के साथ अरेस्ट कर लिया है।

कोतवाल रितेश साह के अनुसार, मृतक की बहन चंदा साहनी पत्नी जितेंद्र साहनी ने पुलिस को बताया था कि उसका भाई अमरजीत साहनी (32) पुत्र जीवन साहनी निवासी मायाकुंड 18 सितंबर की दोपहर तीन बजे अपने दो अन्य साथियों के साथ काम पर गया था, शाम होते ही दोनों साथी तो वापस घर आ गए। मगर, उसका भाई वापस न लौटा। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया और मामले की तब्दीश की, तो लापता व्यक्ति की पत्नी के अवैध संबंध की बात सामने आई।

पुलिस ने पत्नी से सख्ती के साथ पूछताछ की तो पत्नी से सब उगल दिया और अपने साथियों की भी पहचान करा दी। पत्नी की निशानदेही पर पुलिस ने शव को जंगल से बरामद भी कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी सुनीता का राजन निवासी रामनगर बेतिया, बिहार, हाल निवासी शीशमझाड़ी से प्रेम प्रंसग चल रहा था। इसकी भनक अमरजीत को लग चुकी थी। पत्नी ने प्रेमी के सथ 18 सितंबर की शाम को अन्य साथी सुनील और अनिल प्रसाद के साथ घटना को अंजाम दे दिया।

विकास दुबे की तरह मथुरा में भी पुलिस टीम पर फायरिंग

कानुपर में विकास दुबे द्वारा पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग जैसी घटना यूपी में पुनः दोहराई गई। इस बार मथुरा जिले में गोविंद नगर इलाके के मनोहरपुरा अहाते मोहल्ले में जुआरियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हाथापाई करते हुए पथराव कर दिया। इसी बीच एक आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ। पथराव में चार सिपाही घायल हो गए तो बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारों के मुताबिक हमलावरों ने पुलिस टीम पर फायर कर खोखे में आग लगाने का प्रयास भी किया। सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी ने मौका मुआयना कर पुलिस टीम के साथ दबिश की, जिसमें एक आरोपी पकड़ा गया है।

बीते शुक्रवार की दोपहर को चैकी प्रभारी डीगगेट शिव शरण सिंह पुलिस बल व मोबाइल बाइक के साथ मनोहरपुरा क्षेत्र में जुआ और एक वांछित की तलाश में पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह सहित पुलिस टीम ताश खेल रहे लोगों में से आरोपी डेला को पकड़कर ले जाने लगी। उसी वक्त मौजूद लोगों ने टीम पर पथराव कर दिया। इससे सिपाही राघवेन्द्र, सुनील, अनिरुद्ध व हरिओम चोटिल हो गए और पुलिस की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। तभी कुछ उपद्रवियों ने वहां रखे खोखे में आग लगाने का प्रयास किया और पुलिस पर फायर भी किया। इससे पुलिस कर्मियों में भगदड़ मच गई। पुलिस पर हमले की सूचना पर एसपी सिटी उदय शंकर सिंह तत्काल कोतवाली, सदर, गोविंदनगर व क्यूआरटी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। भारी संख्या में पुलिस को आते देख उपद्रवी मौके से भाग गए।

योगी सरकार का ऐलान, रेप और छेड़खानी करने वालों के पोस्टर सड़क किनारे लगाए जाएंगे

उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पर योगी सरकार सख्त है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की जांच को आॅपरेशन दुराचारी शुरू करने को कहा है। इसके तहत महिलाओं के खिलाफ अपराध के दोषियों के राज्य की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर लगाए जाएंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह भी निर्देश दिया है कि महिला पुलिसकर्मियों को ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा जाना चाहिए और उनकी तस्वीरों, नाम को क्राॅसिंग पर लगाया जाए, जिससे उनहें शर्मिदगी महसूस हो। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के लोगों को यह पता होना चाहिए कि यह कौन लोग है।

बीट प्रभारी, चैकी व थाना प्रभारी होंगे जिम्मेदारी
सीएम ने यह भी कहा है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध से संबंधित कोई भी घटना होती है, तो संबंधित क्षेत्र का बीट प्रभारी, चैकी प्रभारी, थाना प्रभारी और सर्कल अधिकारी जिम्मेदार होगा।

भारतीय सेना की जासूसी कर रहा था पत्रकार, नेपाली साथी और चीनी महिला के साथ हुआ गिरफ्तार

देश के सुरक्षा मामलों और सेना की जानकारी चीन को देने के आरोप में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने स्वतंत्र पत्रकार राजीव शर्मा, चीनी महिला किंग शी और एक नेपाली साथी शेर सिंह उर्फ राज बोहरा को गिरफ्तार किया है। राजीव शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने चीन को संवेदनशील दस्तावेज सौंपे हैं। इसके लिए चीनी महिला किंग शी फर्जी कंपनी के जरिए उन्हें करीब 40 लाख रूपये भी दिए है।

स्पेशल सेल के अधिकारियों का कहना है कि राजीव ने ने चीन को सेना के कुछ बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज दिए हैं इसके बदले में उसके अकाउंट में करीब 40 लाख रूपये की रकम जमा कराई है। इसके अलावा राजीव के पास से काफी मोबाइल फोन, कई लैपटॉप और अन्य महत्वपूर्ण और संवेदनशील वस्तुएं बरामद हुई हैं। इन सबका प्रयोग वह चीन से संपर्क करने, उन्हें दस्तावेज व सूचनाएं पहुंचाने के लिए करता था।

स्पेशल सेल के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने ये भी बताया कि राजीव शर्मा ने चीनी खुफिया विभाग को 2016 से 2018 के बीच में रक्षा और रणनीति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वह चीनी खुफिया अधिकारियों से अलग-अलग देशों के अलग-अलग ठिकानों पर मुलाकात करता था।

डीसीपी ने ये भी बताया कि उसके दो साथी चीनी महिला और नेपाली युवक की महिपालपुर में कंपनी है, जहां से वो चीन को दवाइयां एक्सपोर्ट करते हैं। चीन से भेजे गए पैसे यहां एजेंट को दिए जाते हैं। जांच में पता चला है कि पिछले एक साल में 40 लाख रुपये पत्रकार को दिए गए हैं।

डीसीपी यादव ने ये भी कहा कि राजीव शर्मा के पास पत्रकारिता का 40 सालों का अनुभव है। भारत के कई समाचार पत्रों में काम के साथ ही राजीव ने चीन की मीडिया एजेंसी ग्लोबल टाइम्स के लिए भी फ्रीलांस पत्रकारिता की है।
 

विशेष कानून के जरिए यूपी में रूकेगा धर्मांतरण, सरकार अध्यादेश लाने को कर रही विचार

लव जेहाद और जबरन धर्मांतरण जैसी जघन्य अपराधों पर रोक लगाने के लिए यूपी सरकार सख्त हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस पर अध्यादेश लाने की तैयारी कर रही है। ऐसी संभावना है कि धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए जल्द ही कानून आने वाला है।

पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक उच्च स्तरीय बैठक में लव जेहाद को लेकर नाराजगी जताई थी साथ ही संबंधित अधिकारियों को इसे रोकने के लिए रणनीति बनाने को कहा था। कहा था यह कार्य संगठित तरीके से किया जा रहा है, इसलिए यदि आवश्यक हो तो इसके लिए अध्यादेश भी लाया जा सकता है। राज्य में अब जव जेहाद के मामले को लेकर वर्तमान के कानूनों की समीक्षा की जा रही है।

बता दें कि यूपी में लव-शादी के नाम पर लड़कियों का धर्मांतरण कराया गया और और बाद में क्रूरता की हदें पार करते हुए उनकी हत्या की गई। सीएम योगी ने मामले को गंभीरता पाते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। दिलचस्प बात यह है कि लव जेहाद, जबरन धर्मांतरण जैसे विषयों पर देश के राज्य मध्य प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में विशेष कानून हैं, मगर यूपी में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है।