न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश की अदालत ने गुलदार खाल तस्करी में सुनाई तीन साल की सजा

न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश आलोक राम त्रिपाठी की अदालत ने थाना रानीपोखरी क्षेत्र के गुलदार की खाल तस्करी मामले में आरोपी को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम का दोषी पाते हुए सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी को तीन वर्ष का सश्रम कारावास तथा 10 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।
रानीपोखरी के जाखन पुल से बीते 28 फरवरी 2014 को मुखबिर की खास सूचना पर एसटीएफ देहरादून की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक युवक मनीष अधिकारी पुत्र नरेन्द्र सिंह अधिकारी को संदिग्ध पाते हुए रोका गया। युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से गुलदार की एक खाल बरामद हुई थी। मौके से टीम ने युवक को गिरफ्तार कर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया था। इसके बाद मामला न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश की अदालत में चला। कोर्ट में आरोपी की ओर से अपने बचाव में कोई मजबूत साक्ष्य पेश नहीं किया गया, जबकि पुलिस की ओर से बताया कि गया गिरफ्तारी के वक्त आरोपी के दाहिने हाथ में नीले व सफेद रंगा के केरी बैग थे। इसके दोनों ओर हिंदी और अंग्रेजी में जोशीमठ की दुकान का पता लिखा था। पुलिस की ओर से बताया गया कि आरोपी मनीष अधिकारी का वर्तमान पता भी अपर बाजार जोशीमठ, चमोली भी है।
आरोपी की ओर से बरामद खाल को भारतीय जीव संस्थान में वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा गया। उक्त संस्थान से प्राप्त वैज्ञानिक परीक्षण रिपोर्ट में उक्त खाल को गुलदार की खाल बताया गया। इस मामले में राज्य की ओर से सहायक अभियोजन अधिकारी राकेश चंद ने मजबूर पैरवी की। इसके बाद न्यायाधीश आलोक राम त्रिपाठी ने आरोपी को दोषी पाते हुए तीन साल के सश्रम कारावास तथा दस हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है। दोषी के अर्थदंड न देने पर छह माह का अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी पड़ेगी।

ट्रांसफार्मर घेरकर किया अतिक्रमण, होटल स्वामी पर हुआ मुकदमा दर्ज

मुनिकीरेती पुलिस ने तपोवन स्थित एक होटल स्वामी को ट्रांसफार्मर घेरकर सड़क पर अतिक्रमण करने के मामले में लोक संपत्ति का विरूपण निवारण अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। थानाध्यक्ष मुनिकीरेती राम किशोर सकलानी ने बताया कि तपोवन स्थित लक्ष्मणझूला चैक में निरीक्षण किया गया तो यहां गंदगी पाई गई। इस संबंध में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत टिहरी गढ़वाल से फोन पर वार्ता कर मौके पर सफाई ठेकेदार को बुलवाया गया तथा सफाई करवाई गई। उन्होंने बताया कि यहां होटल योगा की ओर से ट्रांसफार्मर घेरकर उस पर टिन शेड बनाकर सड़क पर अतिक्रमण किया गया है।

इस पर बिजली विभाग के एसडीओ से वार्ता कर जांच रिपोर्ट देने को कहा गया। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में ट्रांसफार्मर के नीचे जेनरेटर सेट लगाना न सिर्फ अतिक्रमण बताया बल्कि इसे जनहानि की संभावना भी बताया। उक्त रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने होटल स्वामी के खिलाफ लोक संपत्ति का विरूपण निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौके पर तपोवन चैकी इंचार्ज नीरज रावत और ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार को भी तलब कर लक्ष्मण चैक पर खड़े अवैध वाहनों के चालान कराए गए है तथा लावारिस वाहनों को लादकर चैकी भिजवाया गया। थानाध्यक्ष ने लक्ष्मण झूला चैक पर अतिक्रमण करने वालों को भविष्य के लिए भी कड़ी चेतावनी दी है।

मकान के नीचे जमीन पर खजाना होने की बात कहकर तांत्रिक ने खुदवा दिया घर, पुलिस ने दबोचा

हरिद्वार जनपद में एक तांत्रिक ने एक महिला को स्वयं तंत्र मंत्र का सम्राट बताकर घर के नीचे खजाना होने की बात कही। महिला भी तांत्रिक के झांसे में आ गई और अपने ही घर में सुरंग खुदवा डाली। सुरंग खोदने की सूचना जैसे ही पड़ोसियों को लगी, वह मौके पर पहुंचकर देखने लगे और अनहोनी की सूचना पर पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तांत्रिक सहित चार लोगों को पकड़कर ले गई।

पुलिस के मुताबिक ज्वालापुर पीठ बाजार निवासी विजय वर्मा कुछ साल पहले अपनी पत्नी रजनी के साथ नोएडा जाकर रहने लगे थे। यहां मकान पर ताला लगा रहता था। इस बीच विजय वर्मा का निधन हो गया। पति की मौत के बाद पत्नी रजनी वर्मा अपना घर बेचना चाहती थी। इसी बीच उनकी मुलाकात तंत्र-मंत्र करने वाले परमेश्वर उर्फ जस्सा निवासी अंबाला से हुई। उसने रजनी वर्मा को झांसा दिया कि मकान बेचने से उसे बहुत नुकसान हो जाएगा। क्योंकि मकान के अंदर जमीन में खजाना दबा है।

वह तंत्र-मंत्र कर सोना निकाल सकता है। खजाना निकलने पर आधा हिस्सा देने की शर्त पर हामी भरते हुए रजनी वर्मा ने तांत्रिक को हरिद्वार लाकर अपने घर में छोड़ दिया। तांत्रिक ने रजनी की बहन सीमा व अन्य लोगों के साथ मिलकर घर में खुदाई शुरू करा दी। कई दिन तक गड्ढा खोदने की आवाज आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने जैस ही सुरंग देखी इसकी जानकारी दूसरों को मिलने पर हंगामा होने लगा। लोग मकान में जुटने लगे। सूचना पर रेल चौकी प्रभारी सुनील रावत मौके पर पहुंचे और तांत्रिक व रजनी की बहन सीमा सहित चार लोगों को हिरासत में ले लिया।

ट्रक को ओवरटेक करना पड़ा युवक को भारी, पत्नी सहित बच्चे की गई जान

रायवाला थाना क्षेत्रांतर्गत मोतीचूर जंगल के निकट ट्रक को ओवर टेक करना युवक को भारी पड़ गया। हादसे में युवक की पत्नी सहित चार वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई। हादसे में युवक को हल्की चोटें आईं है। वहीं मौके से ट्रक चालक फरार हो गया। रायवाला पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है।

थानाध्यक्ष रायवाला अमरजीत सिंह रावत के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन बजे मोतीचूर जंगलों के समीप एक ट्रक ऋषिकेश की ओर आ रहा था।

पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने ट्रक को बाएं तरफ से ओवरटेक करने की कोशिश की। तभी अचानक ट्रक की साइड लगने से बाइक अनियंत्रित होकर पिछले टायर की चपेट में आ गई। इससे बाइक सवार महिला अंजली और उसके चार वर्षीय बेटे मयंक निवासी जाटव बस्ती ऋषिकेश की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति संजय कुमार को हल्की चोटें आई हैं।

थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक के ओवर टेक करने की वजह से हादसा हुआ है। फिलहाल मामले पर तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

चुनावी रंजिश के चलते निर्वाचित ग्राम प्रधान के भाई ने की युवक की हत्या, एक घायल

नरेन्द्र नगर ब्लॉक के ग्राम बांसकाटल पट्टी दोगी क्षेत्र में नव निर्वाचित ग्राम प्रधान के बड़े भाई ने चुनावी रंजिश के चलते गांव के पोस्टमास्टर की हत्या कर दी। हत्या में आरोपी ने धारदार चाकू का प्रयोग किया। वहीं, घटना में एक अन्य युवक बुरी तरह घायल हो गया है। इसका इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। वहंी, मुनिकीरेती पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान लेखवार सिंह और उसके बड़े भाई जयपाल सिंह के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रवाना हो चुकी है।

बता दे कि बीते सोमवार रात्रि साढ़े आठ बजे जयपाल सिंह शराब के नशे में धुत होकर पड़ोसी गांव से अपने गांव आ पहुंचा। यहां उसने हरपाल सिंह नामक युवक को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और घर से धारदार हथियार लेकर उस पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ा। इसी बीच पोस्ट मास्टर राकेश कैंतूरा बीच-बचाव करने आए तो आरोपी जयपाल ने राकेश की गर्दन पर वार कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने राकेश और हरपाल को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया जहां देर रात चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया तथा हरपाल की हालत नाजुक पाते हुए उसे एम्स रेफर कर दिया। मंगलवार सुबह ग्राम बांस काटल पट्टी दोगी के लोग राजकीय चिकित्सालय पहुंचे और गिरफ्तारी की मांग करने लगे। वहीं पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान सहित उसके भाई पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी जयपाल की गिरफ्तारी के लिए रवाना हो चुकी है।

फेसबुक फ्रेंड ने भारत आने की बात कहकर आशिक से ठगे पांच लाख दो हजार

ऋषिकेश के एक 38 वर्षीय व्यक्ति ने विदेशी युवती से दोस्ती के चक्कर में पांच लाख दो हजार रुपये गंवा दिए। युवक की दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई थी। इसके बाद युवती ने भारत पहुंचने का झांसा दिया। इतना ही नहीं युवती ने व्यक्ति को विश्वास में लेने के लिए एक फर्जी टिकट भी व्हाट्सअप किया। इसके बाद कई चरणों में पांच लाख दो हजार रूपए ठग लिए गए।

श्यामपुर हाट के बगल में रहने वाले वीरेंद्र सिंह राणा पुत्र अख्तर सिंह राणा ने फेसबुक के जरिए करीब एक माह पूर्व इंग्लैंड की एंजलिना से दोस्ती की। दोनों ने व्हाट्सअप नंबर के जरिए बातचीत शुरू की। बात इतनी आगे बढ़ गई कि वीरेन्द्र को युवती से प्यार हो गया। इसके बाद एंजलिना ने वीरेंद्र से मिलने की बात कही और अपना 21 अक्टूबर का टिकट दिखाते हुए भारत पहुंचने की बात कही। एंजलिना ने 21 अक्टूबर की दोपहर फोन पर कहा कि वह नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच चुकी है, लेकिन उसके पास जो सामान है, उस पर 68 हजार रुपये कस्टम ड्यूटी लग रही है।

इसके लिए वीरेंद्र ने 68 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद शाम को युवती ने दोबारा फोन किया और 1 लाख 26 हजार रुपये फिर भेजने को कहा। वीरेंद्र ने यह रकम भी ट्रांसफर कर दी। इसके बाद युवती ने इंग्लैंड की करेंसी छुड़वाने के लिए दो लाख 98 हजार रुपये मांगे। वीरेंद्र ने वह रुपये भी दे दिए। इसके बाद विदेशी महिला ने अपने तीनों व्हाट्सअप नंबर से पीड़ित को ब्लॉक कर दिया और अपने सभी नंबर स्विच ऑफ कर लिए। ठगी का एहसास होने पर वीरेंद्र सिंह राणा ने सोमवार को श्यामपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी है।

साइबर ठगों ने विधानसभा अध्यक्ष के निजी सचिव को बनाया निशाना, खाते से उड़ाए 96 हजार

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के निजी सचिव रवि बिष्ट को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया हैं। ठगों ने उनके खाते से 95923 रुपए साफ कर दिए हैं। उन्होंने इंश्योरेंस कंपनी को लिंक के माध्यम से प्रीमियम की राशि 51126 रुपये स्थानांतरित की थी, मगर यह खाते में पहुंची ही नहीं।

कस्टमर केयर पर शिकायत की तो प्रतिनिधि ने दो मिनट में रकम वापस करने का भरोसा देकर बिष्ट के मोबाइल पर आया ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद उनके खाते से 44797 रुपये और निकाल लिए गए। रवि बिष्ट ने साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

राजधानी में ऑनलाइन ठगी की घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। ताजा मामला विधानसभा अध्यक्ष के निजी सचिव रवि बिष्ट की ठगी का है। साइबर थाने में दी शिकायत में बिष्ट ने बताया कि उन्होंने बीमा पालिसी का प्रीमियम भरने के लिए कंपनी की वेबसाइट से उपलब्ध कराए गए लिंक के जरिये यूपीआई से 51126 रुपये ऑनलाइन स्थानांतरित किए थे।

बाद में उन्हें पता चला कि रकम संबंधित खाते में नहीं पहुंची। इसकी शिकायत तीन अक्तूबर को एसबीआई शाखा में की थी। रवि बिष्ट ने नौ अक्तूबर को यूपीआई की लिंक गेटवे साइट के कस्टमर केयर से संपर्क किया।

कस्टमर केयर प्रतिनिधि ने आश्वस्त किया कि धनराशि दो मिनट में उनके खाते में स्थानांतरित कर दी जाएगी। उसने कहा कि उनके मोबाइल पर एक मेसेज आएगा, जिसे बिष्ट उसके बताए नंबर पर फारवर्ड कर दें।

बिष्ट ऐसा ही किया और इसके बाद 13 ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके खाते से 44797 रुपये की रकम और निकाल ली गई। रवि बिष्ट ने पुलिस को मोबाइल पर हुई बातचीत की रिकार्डिंग भी उपलब्ध कराई है। जांच में पता चला कि जिस नंबर पर पीड़ित ने मेसेज भेजा था, वो कोलकाता में चल रहा है।

लाठी, डंडो से लैस पांच लोगों ने राजमिस्त्री की कर दी पिटाई

काम से घर लौट रहे एक राजमिस्त्री के ऊपर महिला सहित पांच लोगों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के दोनों हाथ और पैर जख्मी हो गए। चिकित्सकों के अनुसार पीड़ित युवक का ऑपरेशन किया जाना है। वहीं, पीड़ित के भाई ने श्यामपुर चौकी में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया है।

शनिवार को श्यामपुर रूषा फॉर्म निवासी सिकंदर यादव ने श्यामपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका भाई गुड्डू राजमिस्त्री का काम करता है। शुक्रवार की शाम करीब छह बजे उनका भाई काम से घर लौट रहा था। रूषा फॉर्म के समीप पहुंचते ही शंभू यादव और उनकी पत्नी, उमाशंकर, विरेंद्र और घमंडी ने लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से गुड्डू पर हमला कर दिया। इस दौरान कोई भी बीच बचाव को नहीं पहुंचा।

उन्होंने बताया कि हमले में उनके भाई के दोनों हाथ और पैर की हड्डी टूट गई है। उनके भाई को एक आदमी ने राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। यहां प्लास्टर चढ़ाने के बाद चिकित्सक ने ऑपरेशन की बात कही है। उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि हमले के बाद पुलिस को सूचना देने के बावजूद अभी तक कोई पुलिसकर्मी पीड़ित को देखने नहीं आया। इसके अलावा पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह पुलिस उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे।

वेश्यावृत्ति के आरोप में पकड़ी गई महिला को लोगों ने बताया कर्जदार, इसलिए किया करते थे संपर्क

मुनिकीरेती के तपोवन स्थित होटल इंपीरियल हाइट में पुलिस की छापेमारी में देह व्यापार के मामले में गिरफ्तार महिला की कॉल डिटेल खंगालने पर लोगों ने दिलचस्प बयान दर्ज करवाए हैं। अधिकांश लोग उक्त महिला को मुंहबोली बहन बता रहे हैं, तो कोई महिला को अपना कर्जदार बताकर संपर्क करने की बात कह रहा है।

बता दें कि बीते 24 अगस्त को मुनिकीरेती पुलिस ने देह व्यापार में महिला सहित पांच लोगों गिरफ्तार किया था। महिला की कॉल डिटेल खंगालने पर करीब तीन दर्जन नाम सामने आए, जोकि समय-समय पर महिला से संपर्क करते थे।

पुलिस ने जांच शुरू कर उक्त लोगों के बयान लिए तो कुछ पुलिस शिकंजा कसता देख किसी ने देह व्यापार की आरोपी महिला को अपनी मुंहबोली बहन बताया तो किसी ने उसे अपना कर्जदार बताकर बकाया वसूली के लिए बार-बार संपर्क करने की बात कही। थानाध्यक्ष मुनिकीरेती आरके सकलानी के मुताबिक एक और दिलचस्प पहलू सामने आया है। देह व्यापार मामले में तीन दर्जन लोगों को नोटिस भेजने की तैयारी थी। अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद ज्यादातर संदिग्धों ने अपनी पत्नी को मायके रवाना कर दिया है।

थानाध्यक्ष के मुताबिक कॉल डिटेल के आधार पर जो लोग चिह्नित किए गए हैं, उन्हें थाने में बुलाने के लिए नोटिस भेजने की तैयारी की गई। नोटिस की सूचना मिलने पर उक्त लोग थाने पहुंचे और स्वयं का महिला के साथ मौजूद रिश्ता बयान किया। थानाध्यक्ष आरके सकलानी व जांचकर्ता के मुताबिक इनमें से किसी ने कहा कि वह उनके प्रतिष्ठान से उधार गुड़ लेकर गई थी। इसी तरह तेल व्यापारी ने कहा कि वह उधार तेल लेकर गई थी। बार-बार कहने पर भी बकाया रुपये वापस नहीं कर रही दे रही थी। लिहाजा वह रुपये मांगने के लिए ही संपर्क किया करते थे।

ऋषिकेश के आस्था पथ पर बुजुर्ग के साथ लूट की कोशिश, आरोपी फरार

ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में मॉर्निग वाक को आस्था पथ पर गए एक बुजुर्ग व्यापारी के साथ लूट की कोशिश की गई। हालांकि जिस समय आरोपी से बुजुर्ग को पकड़ लिया था, तभी उन्होंने हिम्मत दिखाई और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर सामने से मॉर्निग वाक पर आ रहे दो अन्य युवक वहां पहुंचे तो आरोपी लूटेरा फरार हो गया। वहीं, इस तरह की घटना के बाद ऋषिकेश में अब मॉर्निंग वाक पर जाने वाले लोगों की संख्या में कमी देखने को मिली है।

दरअसल, 65 वर्षीय आदर्श नगर निवासी विजय टक्कर पुत्र हरवंश लाल सुबह करीब सवा पांच बजे अपनी गाड़ी को मौनी बाबा की कुटिया सांई कोनार मंदिर की तरफ पार्क कर पैदल ही आस्था पथ से त्रिवेणी घाट की ओर निकल पड़े। विजय टक्कर जैसे ही 72 सीढ़ी की तरफ पहुंचे तभी पीछे से आ रहे एक युवक ने उन्हें कस के पकड़ लिया। विजय टक्कर के मुताबिक युवक उनसे लूट की कोशिश कर रहा था।

वे बदमाश के चंगुल से छूटने की कोशिश कर रहे थे इस दौरान वह उन्हें जमीन पर गिराने की कोशिश करने लगे। तभी त्रिवेणी घाट की ओर से दो अन्य युवक मॉर्निंग वाक पर आ रहे थे। उन्हें देख बुजुर्ग विजय ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर दोनों युवक बुजुर्ग के पास दौड़कर आए। तब तक लुटेरा वहां से भाग निकला। दोनों युवकों ने लुटेरे को पकड़ने की कोशिश भी की। इसके बाद बुजुर्ग त्रिवेणी घाट गए और गंगा दर्शन कर वापस घर चले गए।