पुलिस की गिरफ्त में ईनामी अपहरणकर्ता

ऋषिकेश।
डेढ़ साल पहले एक महिला ने कोतवाली पुलिस में अपनी नाबालिक बेटी की गुमशुदगी लिखवाई थी। जांच में 42 वर्षीय संजीव शर्मा उर्फ संजय शर्मा निवासी नाई सोता, हरकी पैडी हरिद्वार पर बहला फुसलाकर अपहरण करने का मामला सामने आया। काफी प्रयास के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तारी नहीं कर पाई थी।
एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लिया और एसपी ग्रामीण श्वेता चौबै, एएसपी लोकेश्वर सिंह की देखरेख में कोतवाली प्रभारी राजेश साह के नेतृत्व में टीम बना दी। टीम ने शुक्रवार सुबह भानियावाला तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिक पीड़िता का भी पता लगा लिया। पुलिस के अनुसार पीड़िता को 10 माह की बेटी भी है।
पुलिस ने आरोपी संजीव शर्मा के खिलाफ अपहरण के साथ ही दुराचार, पाक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता और उसकी बेटी का मेडिकल कराया गया है। कोतवाल राजेश साह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। आरोपी पर एक हजार रुपये का ईनाम घोषित था। टीम में कोतवाल राजेश साह, सब इंस्पेक्टर राजेन्द्र सिंह रावत, महिला दरोगा सिमरन, कास्टेबल विपिन सैनी और सुरेश रमोला शामिल थे।

एटीएम के बाहर मदद के बहाने बदल देते है एटीएम

ऋषिकश।
कोतवाल सुरेन्द्र सामंत ने बताया कि 28 जुलाई को छिद्दरवाला निवासी सोनिया मल्ल पत्नी पंकज मल्ल ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। महिला ने बताया कि 9 जून को जब वह आईडीपीएल स्थित एटीएम में गई। एटीएम मशीन से रूपये न निकलने पर पहले से खड़े व्यक्तियों ने मदद के बाद मेरा पासवर्ड देखकर एटीएम बदल विभिन्न स्थानों से मेरे खाते से एक लाख पांच हजार रूपये निकाल लिये। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिये। जिसके आधार पर युवक पकड़ में आया।
सीसी टीवी फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्तियों के फोटो प्राप्त हुये, जिनके आधार पर अभियुक्तों की तलाश आरम्भ की गयी। शनिवार को एक आरोपी राजेश उर्फ बिल्लू पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम लोहारी,राधो, जिला हिसार, हरियाणा को उसके वर्तमान पते जगदीश कॉलोनी,थाना हांसी,जिला हिसार से गिरफ्तार किया गया। कोतवाल ने बताया कि इससे पहले 30 जनवरी 2017 को घटना से सम्बन्धित राजेश के एक अन्य साथी राकेश उर्फ चीना पुत्र रामदिया निवासी गांव धर्मखेड़ी थाना व तहसील नारनोद जिला हिसार हरियाणा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका हैं। दोनों अपने एक अन्य साथी के साथ कुछ समय पूर्व थाना प्रेमनगर से इसी प्रकार की कई घटनाओं में भी जेल जा चुके हैं। इसके विरूद्ध थाना प्रेमनगर, पटेलनगर, ऋषिकेश व अन्य स्थानों पर एटीएम बदलकर चोरी करने के कई अभियोग पंजीकृत हैं।

अपराध करने का तरीका
यह लोग दो से चार लोगों का गु्रप बनाकर उत्तराखण्ड, बिहार, राजस्थान, दिल्ली आदि अन्य राज्यों में धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदलकर रूपये निकालने की घटनायें करते हैं। यह लोग एटीएम मशीन के बाहर खड़े होकर किसी ऐसे व्यक्ति का इन्तजार करते हैं। जिसे एटीएम ठीक से चलाना नही आता हो। यह लोग मदद करने के बहाने से उसका पासवर्ड देखकर बहुत ही तेजी से उसका एटीएम कार्ड बदल देते हैं। एटीएम बदलते ही पास के एटीएम में जाकर उसके खाते से रूपये निकाल लेते हैं।

अचेत अवस्था में मिला जवान, मौत

ऋषिकेश।
कोतवाल राजेश शाह ने बताया कि ऋषिकेश रोड पर एक 47 वर्षीय व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। बताया कि मृतक की पहचान रमेश चन्द्र पुत्र सुरेशानंद डंडरियाल निवासी ग्राम सिरोन्डा पट्टी मवालस्यूं पोस्ट ऑफिस मटियाला पौड़ी, हाल निवासी मयूर विहार बालावाल थाना रायपुर देहरादून के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि मृतक बीएसएफ का जवान है। कहा पोस्टमार्टम के बाद की जवान की मृत्यु का कारण पता चलेगा।

मुनीम लूटकांड का पांचवां आरोपी अलीगढ़ में हत्थे चढ़ा

ऋषिकेश।
कोतवाली पुलिस को ऋषिकेश के मुनीम लूटकांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाल सुरेन्द्र सामंत ने बताया कि मुनीम लूटकांड को मौके पर तीन लोगों ने अंजाम दिया था लेकिन तफ्तीश में पांच लोगों के तार घटना से जुड़े मिले। इन पांच लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया। पुलिस चार लोगों को पहले ही पकड़ चुकी थी लेकिन पांचवा आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
कोतवाल ने बताया कि अनस की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देशन में एक टीम गठित की गई थी। शनिवार रात टीम ने अनस को उसके रिश्तेदार नगला बरौला जाफराबाद थाना बन्ना देवी जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश के घर से दबिश दबोच लिया। अनस पुत्र ताजउदीन खान निवासी हरिहरपुर थाना बोधगया पोस्ट सामुआ जिला गया, बिहार का मूल निवासी है। वह किरायेदार मो. अख्तर पुत्र मो. सफी निवासी ई 1458 जहांगीरपुरी थाना जहांगीरपुरी दिल्ली के यहां रहता है।
उल्लेखनी है कि 12 अक्तूबर 2016 को दून मार्ग पर बाइक सवार तीन लोग सहारनपुर के ज्वैलर्स के मुनीम से सोने-चांदी का बैग छीनकर भाग गए थे। बैग छीनते समय एक आरोपी ने मुनीम पर रिवाल्वर से फायर भी किया था जिसके छर्रे मुनीम के सिर में लगे थे। पुलिस ने कुछ दिन बाद घटना को अंजाम देने वाले बिट्टू रस्तोगी, सुमित रस्तोगी, सौरभ रस्तोगी, रूप किशोर रस्तोगी और नवीन रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया था। उनके कब्जे से सोने, चांदी, रुपये और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली थी।
पांचवां आरोपी अनस घटना के बाद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस ने लूटकांड का शेष सोना, चांदी और रुपये अनस के पास होने की बात कही थी। अब अनस की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसको रिमांड पर लेकर शेष लूटे के माल को बरामद करने की बात कह रही है। एसएसपी देहरादून ने अनस के ऊपर ढाई हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया है। पुलिस टीम में कोतवाल सुरेन्द्र सामंत, उप निरीक्षक रियाज अहमद, कां. मनोज कुमार, संदीप राठी, प्रवीण संधु शामिल रहे।

योग शिविर में बाहर हरियाणा के युवक और स्थानीय भिड़े

ऋषिकेश।
पुलिस के अनुसार, योग महोत्सव में आए हरियाणा के युवक और स्थानीय युवक आपस में उलझ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों गुटों में लात-घूंसे चले। स्थानीय युवकों का आरोप है कि हरियाणा के युवक विदेशी युवतियों से छेड़खानी कर रहे थे जिसका उन्होंने विरोध किया तो वे उलझने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई। घटना के बाद हरियाणा के युवक फरार हो गए।
वहीं स्थानीय युवकों के मारपीट में घायल होने की खबर से स्वर्गाश्रम क्षेत्र के लोग इकट्ठा होकर आरोपी युवकों को ढूढ़ने लगे। उन्हें पता चला कि हरियाणा के युवक श्री हेमकुंट साहिब गुरुद्वारे में ठहरे हैं तो स्थानीय लोग बड़ी संख्या में गुरुद्वारे पहुंच गए। दोनों गुटों के आमने-सामने होने की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों गुटों को तितर-बितर करने के लिए लाठियां फटकारीं जिसके चलते स्थानीय लोगों का पुलिस से विवाद भी हो गया। हालांकि दोनों ओर से पुलिस को लिखित में कोई तहरीर नहीं मिली है।

नियम उल्लंघन पर पुलिस ने किए चालान

ऋषिकेश।
मंगलवार को पुलिस प्रशासन की टीम ने नटराज चौक व ढालवाला चन्द्रभागा पुल पर वाहनों को रोककर तलाशी ली। वाहन चालकों से लाइसेंस और आरसी मांगी गई। वहीं मालवाहक वाहनों से रवानगी के प्रपत्र मांगे गए। पुलिस ने दस्तावेज उपलब्ध न कराने वाले वाहन स्वामियों के चालान काटे। अभियान की भनक लगते ही कुछ वाहन चालकों ने दूर से ही अपने वाहन वापस मोड़ लिए। दुपिहए वाहनों पर दो से अधिक बैठे होने वालों को पुलिस ने हिदायत के साथ छोड़ा।

हत्या और साक्ष्य छुपाने के आरोप में आजीवन कैद

ऋषिकेश।
सहायक शासकीय अधिवक्ता राजेश पैन्यूली के मुताबिक 11 मई 2013 को नशा मुक्ति केंद्र चौदहबीघा में इलाज के लिए भर्ती राजा (24) निवासी टीएचडीसी कॉलोनी ऋषिकेश की नशा केंद्र के संचालक शैलेन्द्र रयाल और राजीव भाटिया ने शराब के नशे में जमकर पिटाई की थी जिससे राजा की मौत हो गई। दोनों शव को ठिकाने लगाने जा रहे थे। इस दौरान नटराज चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस से बचने के लिए दोनों ने कार की रफ्तार तेज कर भागने का प्रयास किया जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। उनकी कार से युवक की लाश मिली। जिन्हें पुलिस पकड़कर थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक एक महीने पहले ही परिजनों ने राजा को केंद्र में भर्ती कराया था। युवक की मौत से कुछ दिन पहले वह उसे देखने केंद्र भी गए थे जिसकी हालत उस समय ठीक थी। परिजनों ने 13 अप्रैल को कोतवाली में हत्या के आरोप में मुकदमा भी दर्ज करवाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के शरीर में काफी चोटें आईं थीं। मामला कोर्ट में चल रहा था। मंगलवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एसएम दानिश की अदालत ने शैलेश व राजीव को हत्या व हत्या के साक्ष्य छुपाने के मामले में आजीवन कारावास एवं 10-10 हजार से अर्थदंड से भी दंडित किया है।

बीच कैंप संचालक को छह माह का कारावास

कैंप संचालक को वन अधिनियम 1927 की धारा 26 का दोषी माना

ऋषिकेश।
प्रभागीय वनाधिकारी नरेन्द्रनगर राहुल ने बताया कि बीच कैंप संचालक योगेश बहुगुणा पुत्र हर्षवर्धन बहुगुणा प्रोपराइटर गढ़वाल एडवेंचर को आरक्षित वन क्षेत्र में कूड़ा निस्तारित करने पर वन अपराध जारी किया गया था। बीट अधिकारी अखिलेश कुमार के 23 अप्रैल 2015 को आरोपी के खिलाफ वन अपराध जारी करने के बाद उप वन क्षेत्राधिकारी प्रबोध पांडेय ने नरेन्द्रनगर न्यायालय में वन अधिनियम के तहत वाद दायर कराया।
न्यायालय ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट नरेन्द्रनगर ऋचा रावत ने साक्ष्यों के मद्देनजर और दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद अभियुक्त योगेश बहुगुणा को भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 का दोषी माना है। न्यायालय ने अभियुक्त को छह माह कारावास व दो हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

महिला से लूट का आरोपी दबोचा

ऋषिकेश।
भानियावाला में पीएनबी से बीती शुक्रवार 20 हजार रुपये लेकर घर जा रही शुक्ला नेगी से बाइक सवार दो युवकों ने 20 हजार रुपये और उनका मोबाइल लूट लिया था। सोमवार को पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया। उससे 10 हजार रुपये नगदी के साथ लूट में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली।
कोतवाल राजेश शाह ने बताया कि जिस एक आरोपी को डोईवाला पुलिस ने दबोचा है, उसके पास से लूटे गए 20 हजार में से 10 हजार रुपये व लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। उन्होंने बताया आरोपी शूरवीर सिंह खत्री उर्फ पम्मा पुत्र दिनेश सिंह निवासी जीवनवाला, माजरीग्रांट का रहने वाला है। उसेजेल भेज दिया गया है। वहीं दूसरे आरोपी को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा। महिला ने भी आरोपी की शिनाख्त की है। आरोपी को पकडने वाली पुलिस टीम में कोतवाल राजेश शाह, एसआई मनोज रावत, जौलीग्रांट चौकी के इंचार्ज धर्मेन्द्र रौतेला, बबलू खान, सोनी कुमार, दिनेश मेहर शामिल हैं।

सरकारी वाहन से 8 पेटी शराब के साथ दो पकड़े

रायवाला।
रायवाला पुलिस ने मुखविर की सूचना पर खांड गांव के रास्ते पर नगर पालिका ऋषिकेश के लोडर से 8 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। थानाध्यक्ष सीसी नैथानी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कृष्णा शर्मा पुत्र राजाराम शर्मा निवासी चंद्रेश्वर नगर और लालू पुत्र रामदेव निवासी मायाकुंड के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि दोनों नगर पालिका में संविदा कर्मी हैं। कहा वाहन को सीज कर दिया गया है। तस्वीरों से मिलान में रविवार को बरामद लावारिश शराब में भी यहीं व्यक्ति शामिल था। बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।