ऋषिकेश।
नगर पालिका ऋषिकेश ने उत्तराखंड आंदोलन के प्रणेता स्व. इन्द्रमणी बड़ोनी की स्मृति में पालिका परिसर में ही एक हॉल का निर्माण कराया था। नगर के बीचोबीच स्थित हॉल का लाभ स्थानीय लोग लेते आ रहे हैं। शादी जैसे कार्यक्रम भी हॉल में होते हैं लेकिन इन दिनों हॉल के ऊपर जाने के लिए सीढ़ी की ग्रिल लगातार कम हो रही है। एक छोर की सीढ़ी में तो लंबे हिस्से से ग्रिल गायब हो चुकी है।
सीढ़ी की ग्रिल लगातार कम होने की जानकारी पालिका प्रशासन के पास भी नहीं है। लोहे से निर्मित ग्रिल की कीमत महज कुछ हजारों में होगी लेकिन सीढ़ी से उतरते लोगों के लिए लगाई गई ग्रिल की कीमत लोगों के जान की कीमत से जुड़ी होने से स्वत: ही बढ़ जाती है।
Category: क्राईम
प्रधानपति के खिलाफ केस दर्ज
ऋषिकेश।
प्रधान शोभा रावत के पति विवेक रावत के खिलाफ पुलिस ने असंसदीय शब्दों प्रयोग के आरोप में केस दर्ज किया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य उर्मिला नौटियाल ने प्रधान पति के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर असंसदीय शब्दों के प्रयोग करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
प्रतीतनगर ग्राम पंचायत की ओर से रायवाला बाजार में बनाई जा रही दुकानों में धांधली की शिकायत पूर्व सैनिक संगठन ने डीएम से की थी। डीएम के आदेश पर तहसीलदार ऋषिकेश सरिता आर्य जांच करने रायवाला आईं थीं। इस दौरान सैनिक संगठन के साथ में उर्मिला नौटियाल भी पहुंची थीं। आरोप है कि प्रधानपति ने उनके साथ असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष सीसी नैथानी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं।
श्यामपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में चोरी
दिन दहाड़े गल्ला तोड़कर 20 हजार उड़ाए
ऋषिकेश। हमारे संवाददाता
श्यामपुर में रामचन्द्र की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। गुरुवार दोपहर रामचन्द्र रमोला अपनी दुकान का शटर गिराकर भोजन करने घर चले गए। एक घंटे बाद वापस लौटे तो दुकान का गल्ला टूटा मिला और उसमें रखे 20 हजार रुपये गायब थे। दुकान का सामान भी बिखरा पड़ा था। उन्हें मामला समझते देर नहीं लगी। चोरी की सूचना पर बाईपास चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल सुरेन्द्र सिंह सामंत ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
मेडिकल छात्रा की मौत के मामले की जांच करने पहुंची सीबीआई
ऋषिकेश।
ऋषिनगरी के एक डेंटल कॉलेज की 5वीं मंजिल से कूदने से हुई छात्रा की मौत के मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है। बुधवार को ऋषिकेश पहुंची सीबीआई की टीम ने कोतवाली में मामले से जुड़े दस्तावेज खंगाले। मामले में छात्रा के सात साथियों और कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही बरतने के आरोप में केस भी दर्ज किया गया था।
बुधवार दोपहर डेढ़ बजे सीबीआई की टीम शहर कोतवाली पहुंची। जहां टीम के सदस्यों ने कोतवाल सुरेन्द्र सिंह सामंत से छात्रा की मौत से जुड़े दस्तावेज मांगे। कोतवाल ने बताया कि 12 फरवरी 2015 को छात्रा अंजली शर्मा पुत्री राजीव मोहन शर्मा निवासी मोथरोवाला देहरादून 5वीं मंजिल से कूद गई थी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद मामले की जांच नए सिरे से सीबीआई कर रही है।
महिला बैरक में ताका झांकी पर सिपाही सस्पेंड
देहरादून।
नेहरू कॉलोनी थाना परिसर में स्थित बैरक में एक सिपाही को महिला बैरक में तांका झांकी करना भारी पड़ गया। पहले तो महिला पुलिसकर्मी ने उसकी धुनाई कर दी। फिर उच्चाधिकारियों ने इस हरकत पर उसे निलंबित भी कर दिया। आरोप है कि वह सिपाही महिला बैरक में झांक रहा था, इस पर पहले तो महिला पीएसी ने जवान की जमकर धुनाई की, उसके बाद अधिकारियों से सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी ट्रैफिक डीएस गुंज्याल ने बताया कि सिपाही को निलंबित कर जांच सीओ स्तर के अधिकारी को सौप दी गई है। मामले की जांच को घटना स्थल पहुंचे पुलिस अधिकारी फिलहाल किसी प्रकार की टिप्पणी से बचते नजर आए।
महिलाओं ने पकड़ा कच्ची शराब का जखीरा
ऋषिकेश।
गुमानीवाला में महिलाएं अवैध शराब के खिलाफ काफी समय से अभियान चला रही हैं। वे कई बार छापेमारी कर अवैध शराब नष्ट कर चुकी हैं। महिलाओं की पहल से प्रभावित होकर वन व आबकारी विभाग ने कई बार संयुक्त कार्रवाई कर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। छापेमारी के कुछ दिनों के बाद कारोबारी अवैध शराब के काम में फिर लिप्त हो जाते हैं। महिलाओं ने वनविभाग व आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह से बंद नहीं हुआ तो वे जिम्मेदार विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगी। अभियान में ऐला देवी, पिंकी देवी, कृष्णा देवी, दर्शनी देवी, सुमित्रा देवी, कमला देवी, दिला देवी, राजेश व्यास, देवेन्द्र बैलवाल, मनोज ममगाईं, बलराम, सुन्दर जीना आदि थे।
बंदीगृह से फरार हुआ आरोपी
पेट दर्द के बहाने पुलिस को धक्का देकर बंदीगृह से भागा था आरोपी
ऋषिकेश।
आबिद अली पुत्र लियाकत अली निवासी झबड़ावाला को कोतवाली पुलिस ने 5.9 ग्राम स्मैक के मामले में शुक्रवार देर रात पकड़ा था। शनिवार सुबह आठ बजे बंदीगृह में उसने पेट में दर्द होने की बात कही। जिस पर कांस्टेबल नीरज आबिद को बाहर निकालने लगे। गेट खुलने पर वह नीरज को धक्का देकर दीवार फांदकर भाग खड़ा निकला। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। कोतवाल जय सिंह आर्य ने एसआई सुरेशचन्द्र बलूनी, जयपाल सिंह, धीरज, हंसराज, सोनी, ईश्वर सैनी को आरोपी को पकड़ने के लिए भेजा।
वह स्वयं उनके साथ थे। मशक्कत के बाद पुलिस ने तीन किलोमीटर दूर चांदीमारी के गन्ने के खेत में छिपे आरोपी आबिद को धर दबोचा। कोतवाल ने बताया कि जिस समय आरोपी को पकड़ा गया था उसके साथ अर्जुन पुत्र जय सिंह निवासी हंशुवाला डोईवाला भी 5.4 ग्राम चरस के साथ पकड़ गया था। बताया कि आरोपी के भागने के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के साथ ही पुलिस अभिरक्षा से भागने के मामले में भी केस दर्ज किया है।
बेघर आंदोलन समिति के नेता पर जानलेवा हमला
अनशन स्थल के पास कार सवार तीन बदमाशों ने किया हमला
ऋषिकेश।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में नेता धीरज भारद्वाज ने बताया कि देहरादून मार्ग पर जब बुधवार सुबह सवा चार बजे टहल रहे थे, तभी कार सवार तीन लोग उनपर जानलेवा हमला कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि हमलवारों में एक युवक खाकीवर्दी धारी भी था। तीनों लोग राजनीतिक दलों से हो सकते हैं जो आंदोलन को खत्म करना चाहते हैं।
विरोध जताने वालों में मजुवेन्द्र, शिरण गायन, मदन नाथ, अर्जुन पंडित, अजीत, कुसुम, सीमा, इमरान, आलोक, उर्मिला, महावीर, सुगनी, संगीता, हेमराज, नागेन्द्र रविन्द्र, रेखा, सुरेन्द्र प्रसाद, कपिल देव, रेखा शर्मा, राजू, बाबूलाल, देवेन्द्र राजभर, विजय सिंह, संजय सिंह, विजय पाल, विजेन्द्र पाल, नरेन्द्र सिंह, रविन्द्र कुमार, परमेश्वर चौहान, सोनू कुमार, राजकुमार, जितेन्द्र, विनय गुप्ता सहित अन्य शामिल थे। उधर, एसएसआई गजेन्द्र बहुगुणा ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
बाइक चलाने के शौक में कर डाली लाखों की चोरी
पुलिस ने होंडा शोरूम से छह लाख की चोरी करने वाले किशोर को दबोचा
ऋषिकेश।
बुधवार को एसपी देहात श्वेता चौबे ने शोरूम में हुई चोरी के मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर की देर रात दून मार्ग स्थित उपेन्द्र विज्ञानी व अलक्षेन्द्र सिंह के होंडा शोरूम के गल्ले का लॉक तोड़कर छह लाख की चोरी हुई थी। पुलिस को शोरूम में काम करने वाले कर्मचारी पर शक था। पुलिस को मंगलवार शाम जानकारी मिली कि किसी शोरूम से आईडीपीएल में रहने वाले एक किशोर ने 220 सीसी पल्सर बाइक एक लाख एक हजार में खरीदी है और बदले में दो हजार के नए नोट दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने किशोर से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। आरोपी शोरूम में गाड़ी डिलीवरी करता था। तीन माह पहले ही उसने काम छोड़ा था।
आरोपी किशोर ने बताया कि रविवार रात शोरूम के मुख्य गेट को फांदकर वॉशिंग हॉल के रास्ते वर्कशॉप में पहुंचा जहां से खिड़की की चटकनी तोड़कर नीचे ऑफिस में पहुंच गया। पहले सीसीटीवी के दो डीवीआर निकाले और इसके बाद गल्ले का लॉक तोड़कर नगदी चुरा लिए। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में डीएसपी सीडी अंथवाल, डीएसपी प्रशिक्षु अभय कुमार सिंह, एसएचओ वीसी गोसाईं, एसएसआई गजेन्द्र बहुगुणा, सब-इंस्पेक्टर आशीष गुसाईं, नवनीत सिंह नेगी, मनोज कुमार, दिनेश कुमार, लोकेश गिरी, देवेन्द्र चौधरी शामिल थे।
रेलवे स्टेशन के पास मिला युवक का शव
रायवाला।
रेलवे स्टेशन के पास हाइवे किनारे युवक का शव पडा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आसपास के लोगों ने बताया कि यह आदमी बहुत देर से शराब पी रहा था। तलाशी लेने पर युवक की जेब से मोबाइल फोन बरामद हुआ। जिससे उसके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे राजकीय चिकित्सालय भेजा। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की शिनाख्त अल्मोडा रानीखेत निवासी 45 वर्षीय जगत प्रकाश सिंह पुत्र नारायण सिंह खाती के रूप में हुई। थानाध्यक्ष नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि युवक बीमार व बेरोजगार था। वह इलाज कराने अपने माता पिता के पास हरिपुरकलां आया हुआ था। वहीं से वह शराब पीने रायवाला आ जाता था। सम्भवतया अधिक शराब पीने से युवक की मौत हो गई। शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है।
