पुलिस ने सम्मोहित कर ठगी करने वाले बाबा को पकड़ा, नौ लाख के जेवरात बरामद


ऋषिकेश में एक बाबा ने महिला को सम्मोहित कर नौ लाख रूपए के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया, मामले की जानकारी पुलिस को लगी तो एसओजी देहात व कोतवाली ऋषिकेश की संयुक्त ने बाबा को नौ लाख रुपए के जेवरात के साथ गिरफ्तार किया है।

गढ़वाल ज्वैलर्स के ओनर हितेंद्र सिंह पंवार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि पत्नी मानसिक समस्या से जूझ रही है, इसी का फायदा उठाकर एक बाबा ने आध्यात्मिक रूप से उपचार करने के बहाने अपने निवास स्थान पर बुलाया। बताया कि बाबा ने दिसंबर 2019 से अब तक एक रुद्राक्ष की माला, सोने का ब्रेसलेट, रुद्राक्ष का ब्रेसलेट, सोने की माला, सोने की 04 अंगूठी, तुलसी की माला तथा कुछ रुपए नगद भी लिए गए हैं। पुलिस ने मामले को लेकर बाबा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी के निवास स्थान नेचर विला, नंबर 21 पर दबिश दी गई। जहां से आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। आरोपी से सोने चांदी का सामान भी बरामद किया गया है। कोतवाल ने आरोपी की पहचान योगी प्रियव्रत अनिमेश उर्फ महेंद्र रोड उर्फ रोबिन खलीफा पुत्र सुल्तान सिंह निवासी आजाद नगर, थाना मॉडल टाउन पानीपत हरियाणा के रूप में कराई।

कोतवाल ने बताया कि आरोपी पर हरियाणा में भी तीन मुकदमें पंजीकृत हैं।

ऋषिकेश पुलिस ने पार्षद शौकत अली पर दर्ज किया मारपीट का मुकदमा


ऋषिकेश में भाजपा के टिकट से पार्षद बने शौकत अली पर गर्भवती महिला सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट का आरोप लगा है, पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पार्षद सहित अन्य चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

बैराज कॉलोनी, पशुलोक निवासी बबीता सैनी पत्नी स्व. राजकुमार सैनी ने ऋषिकेश कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि वह अपने बच्चों के साथ घर पर बैठी थी। उनका भाई रोते हुए आया, पूछने बताया कि परवेश नामक युवक ने उसके साथ शराब के नशे में होकर मारपीट की है। महिला ने आरोप लगाया कि इसी बीच परेवश अपनी मां, गोलू, पार्षद शौकत अली, साजिया सहित अन्य लोग घर में आ धमके। सभी ने डंडों व ईंट से मारपीट की। जिसमें उनकी बेटी व उसकी मासूम बच्ची को पीटा गया। यही नहीं पार्षद ने अपने साथियों के साथ गर्भवती महिला को भी बुरी तरह से पीटा।

वहीं, पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया है।

गंगा की तेज धारा की चपेट में आया हरियाणा का युवक


शिवपुरी में गंगा में नहाने के दौरान एक युवक गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गया। दोस्तों की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू किया। मगर, युवक का कहीं पता नहीं चल सका है।

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक रविंद्र (36) पुत्र दलजीत सिंह निवासी ग्राम बुपनिया थाना बादली, जिला झज्जर, हरियाणा अपने दोस्त ओमवीर पुत्र जयकरण सिंह निवासी नजफगढ़, दिल्ली, रविंद्र कुमार पुत्र भूप सिंह निवासी सोनीपत, हरियाणा, सुशील सिंह पुत्र राज सिंह निवासी दिल्ली के साथ सोमवार शाम ऋषिकेश पहुंचा था। चारों दोस्त मंगलवार सुबह सात बजे शिवपुरी में गंगा में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समये रविंद्र पुत्र दलजीत अचानक गंगा के तेज बहाव में आकर बहने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन वह गंगा के बहाव में ओझल हो गया। दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना शिवपुरी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया।

भाजयुमों ने पुलिस से की अवैध शराब पर लगाए जाने की मांग


भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने श्यामपुर पुलिस चैकी पहुंच ज्ञापन दिया। मोर्चा के श्यामपुर मंडल अध्यक्ष प्रिंस रावत ने कहा कि रायवाला से लेकर मंशा देवी क्षेत्र तक शराब की अवैध विक्री हो रही है। इससे युवा वर्ग गलत संगति में पड़कर अपना भविष्य बिगाड़ रहा है। क्षेत्र के लोग बहुत परेशान हैं। उन्होंने इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। मौके पर रवि शर्मा, प्रशांत चमोली, विकास सेमवाल, संजय राणा, आशीष रानाकोटी, विजय जुगलान, कुलदीप रावत आदि उपस्थित रहे।

सांसी गैंग के तीन आरोपियों को ऋषिकेश पुलिस ने किया अरेस्ट, चोरी का है मामला

कोतवाली पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में गहने चोरी होने के आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों को हरियाणा के सांसी गैंग से जुड़ा बताया। वहीं, मामले में गहने और डेढ़ लाख रूपये की नगदी बरामद की है।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी के अनुसार, ढालवाला निवासी ऋतुराज कुड़ियाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 18 जून को आईएसबीटी ऋषिकेश में चोरों ने उनकी पत्नी के बैग से ज्वेलरी चुरा ली। वहीं सोहन सिंह नेगी पुत्र मोहन सिंह नेगी निवासी गढ़वाली मोहल्ला, बालावाला और राजेंद्र सिंह रमोला पुत्र उदय सिंह रमोला निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, हरिद्वार ने भी ज्वेलरी चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। तीनों मामलों में केस दर्ज कर पुलिस टीमों ने तहकीकात शुरू की थी। खुलासे के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इस दौरान रविवार की शाम को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उपरोक्त चोरी की घटनाओं में शामिल रहे तीन लोगों को ऋषिकेश आईएसबीटी से गिरफ्तार किया।

इनकी पहचान संजय कुमार पुत्र मंथीराम, विनोद कुमार पुत्र सतवीर सिंह दोनों निवासी करतारपुर थाना सिटी रोहतक और सत्यवान पुत्र चंदू निवासी ग्राम पेटवाण थाना नारनौल जिला हिसार, हरियाणा के रूप में हुई है। दो आरोपी सोनू और मुकेश अभी फरार चल रहे हैं।

नगर निगम ऋषिकेश के बाहर सड़क हादसा, युवक की मौत

ऋषिकेश में नगर निगक के सामने एक तेज गति से चल रहे ट्रक की चपेट में आकर चमोली मूल के युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की घटनास्थल पर मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है, जबकि परिचालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आज सुबह करीब 8 बजे तेज गति से चल रहे ट्रक ने नगर निगम के सामने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार के सिर पर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एंबुलेंस से राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। कोतवाल ने मृतक की पहचान 20 वर्षीय चंदन पुत्र मोहनराम, निवासी नटराज चैक, ऋषिकेश, मूल निवासी मंडोली चमोली के रूप में कराई है।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया की मृतक बैराज रोड स्थित गंगा किनारे होटल में कार्यरत था। सुबह वह ड्यूटी पर ही जा रहा था। फिलहाल ट्रक संख्या यूपी 24 टी 0667 को कब्जे लेकर आईडीपीएल चैकी में खड़ा दिया है।

अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के साथ हुई नोकझोंक, हफ्तेभर का मिला समय

रेलवे फाटक श्यामपुर में अतिक्रमण हटाने रेलवे की टीम पहुंची। यहां टीम को स्थानीय नागरिकों सहित जनप्रतिनिधियों के विरोध का सामना करना पड़ा। इसी बीच नोंकझोंक भी देखने को मिली। इसके बाद एक सप्ताह का समय अतिक्रमित लोगों को रेलवे की ओर से दिया गया।

श्यामपुर रेलवे फाटक पर रेलवे की टीम दलबल के साथ पहुंची। उन्होंने अतिक्रमण हटाना शुरू किया ही था कि विरोध शुरू हो गया। क्षेत्रवासी अतिक्रमणकारियों को समय देने की मांग करने लगे। लेकिन रेलवे के अधिकारी अतिक्रमण हटाने को लेकर अड़े रहे। इस बीच कांग्रेस एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला के नेतृत्व में ग्रामप्रधान विजयपाल जेठुरी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी रेल अधिकारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। जयेन्द्र रमोला ने कहा कि ये लोग वर्षों से यहां पर रह रहे हैं। भले ही जमीन रेलवे की हो, लेकिन कोरोना संकमण के चलते इन्हें समय दिया जाये। जिस पर रेल अधिकारियों ने एक सप्ताह का समय दे दिया। ग्राम प्रधान विजयपाल जेठुरी ने कहा कि श्यामपुर फाटक के पास पिछले कई सालों से रेलवे की जमीन में अतिक्रमण हो रखा है। जिसे हटाने के लिए रेल विभाग की टीम जेसीबी के साथ पहुंची थी।

ग्राम पंचायत की जमीन में इन लोगों की व्यवस्था करने में अभी समय लगेगा। इसलिये इन्हें समय दिया जाये। मौके पर बीडीसी प्रतिनिधि दिनेश पंवार, श्यामपुर व्यापार संघ अध्यक्ष जसपाल चैहान, जिला महासचिव राजेन्द्र गैरोला सहित बढ़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

गंगा का जलस्तर बढ़ने से पालिटेक्निक परिसर हुआ जलमग्न


पहाड़ों में रुक-रुककर हो रही बारिश से मैदानी क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। त्रिवेणी घाट पर गंगा का जल पार्किंग तक आ पहुंचा। इसके चलते पार्किंग पर प्रवेश निषेध कर दिया गया है। पुलिस कर्मियों ने रस्सी लगाकर पार्किंग स्थल के प्रवेश द्वार को बंद कर दिया है। गंगा घाट पूरी तरह से खाली करवा दिए गए है। मुनादी करवाकर लोगों से तटीय इलाके खाली करवा दिए गए है। नगर में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। वहीं, खदरी स्थित पालिटेक्निक का परिसर जलमग्न हो गया है।

जिला गंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य विनोद जुगलान ने बताया कि गंगा तटीय क्षेत्र में बसे खदरी गांव में बाढ़ से नुकसान हुआ है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से तटीय क्षेत्र में 15 और 10 हेक्टेयर में रोपे गए पौधे खराब हो गए हैं। यही नहीं वन्य जीवों को आबादी में प्रवेश से रोकने लिए लगायी सौर ऊर्जा बाड़ भी क्षतिग्रस्त हो गई है। वर्ष 2013 से बाढ़ की विभिषीका झेल रहे राजकीय पॉलिटेक्निक खदरी की पहले से क्षतिग्रस्त चाहरदिवारी के रास्ते घुसे बाढ़ के पानी से आवासीय परिसर डूब गया है। सूचना पर एसडीएम मनीष कुमार ने हालात का जायजा लिया और राहत एवं बचाव टीम को निगरानी रखने के निर्देश दिए। वहीं, वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र रावत ने बताया कि सौर ऊर्जा बाड़ को नुकसान होने की सूचना मिली है। कितना नुकसान हुआ है इसका आकलन जल स्तर कम होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल प्लान्टेशन के पास से बाढ़ का पानी बह रहा है।

चेतावनी रेखा 339.50 मीटर के करीब पहुंचा गंगा का जलस्तर, तटीय इलाकों में अलर्ट


ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, पर्वतीय क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने की वजह से गंगा का जलस्तर रात्रि में ओर भी बढ़ने की आशंका है। इसको देखते हुए प्रशासन और पुलिस सकते में आ गई है और पुलिस ने गंगा नदी से सटे इलाकों को खाली करवा दिया है। वहीं, गंगा घाटों को भी पूरी तरह से खाली किया जा रहा है।

इस समय गंगा का जलस्तर नापने पर वह चेतावनी रेखा से आधा मीटर नीचे पाया गया। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक गंगा चेतावनी रेखा 339.50 मीटर से करीब आधा मीटर नीचे है। आयोग ने गंगा का जलस्तर रात्रि में बंढ़ने की आशंका जताई है। ऋषिकेश का त्रिवेणी घाट का आरती स्थल पूरी तरह से जलमग्न हो गया है।

डोईवाला में विश्राम के बाद शनिवार को सीएम आवास पहुंचेगे परिवहन व्यवसायी


उत्तराखंड परिवहन महासंघ ने चारधाम यात्रा शुरू करवाने और टैक्स में राहन देने के अलावा वाहन स्वामी, चालक व परिचालकों की समस्याओं को लेकर सीएम आवास के लिए पदयात्रा आज से शुरू की। सभी व्यवसायी एक साथ सीएम आवास के लिए पैदल ऋषिकेश से निकले, शाम होने तक पदयात्रा डोईवाला गुरूद्वारा पहुंची। यहां रात्रि विश्राम के बाद शनिवार को पदयात्रा सीएम आवास के लिए प्रस्थान करेगी।

महासंघ अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि कोरेाना महामारी के चलते परिवहन व्यवसाय पूरी तरह से ठप हो चुका है। मगर, सरकार ने अभी तक परिवहन व्यवसायियों की सुध नहीं ली है। चार धाम की यात्रा न संचालित होने से परिवहन व्यवसायियों की आर्थिक स्थिति तक डगमगा गई है। इसके बावजूद यात्रा पर प्रतिबंध सरकार द्वारा लगाया हुआ है। उन्होंने बताया कि आज पदयात्रा डोईवाला तक पहुंच सकी है। यहां गुरूद्वारे में रात्रि विश्राम के बाद महासंघ सदस्य शनिवार को सीएम आवास पहुंचेगे और वहां सीएम तीरथ सिंह को यात्रा शुरू करने, दो वर्ष का टैक्स छोड़ने, वाहनों की आयु सीमा बढ़ाने सहित अन्य मांगों पर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

पदयात्रा में टीजीएमओसी के उपाध्यक्ष यशपाल राणा, संचालक बलवीर सिंह रौतेला, यातायात एवं पर्यटन विकास सहकारी संघ के उपाध्यक्ष नवीन चंद रमोला, संयुक्त रोटेशन के प्रभारी मदन कोठारी, ऋषिकेश डीलक्स टैक्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत डंग, जीप कमांडर यूनियन अध्यक्ष बलवीर सिंह नेगी, ललित सक्सेना, चंदन सिंह पंवार, दाताराम रतूड़ी, प्यार सिंह गुनसोला, मनोज आर्य, योगेश उनियाल, नवीन तिवारी, राम सिंह फरस्वान, नवीन चंद रमोला, बलवीर सिंह रौतेला, मेघ सिंह चैहान, आशुतोष शर्मा आदि उपस्थित थे।