रेल की चपेट में आकर 35 वर्षीय युवक की मौत


रायवाला थाना अंतर्गत हरिपुरकलां में एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गया। जिसे पुलिस ने निजी वाहन से हरिद्वार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक बुधवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक हरिपुरकलां में ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत हरिद्वार स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया । जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया मृतक की पहचान महेश शाह 35 पुत्र भगवान सिंह निवासी वार्ड न. 5 नजदीक लक्ष्मी विहार कॉलोनी, बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है। मामले की सूचना परिजनों को दे दी है। साथ ही शव का पीएम कराया जा रहा है। उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा। मामले की जांच की जा रही है।

सीएम ने चंपावत जिले में हुई दुर्घटना में जताया शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जनपद में सुखीढांग-डांडा-मीनार मार्ग पर हुए वाहन दुर्घटना में मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों को पूर्ण तत्परता के साथ करने एवं घायलों के शीघ्र उपचार करने के निर्देश दिए हैं।

यूकेडी प्रत्याशी मोहित डिमरी ने चुनाव में किया भ्रामक, खुद पर हमले की झूठी कहानी रची

14 फरवरी को हुए मतदान से दो दिन पहले आई एक खबर ने सबको चौंका दिया। 12 फरवरी की रात ये खबर आई की रुद्रप्रयाग (Rudraprayag) से उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी मोहित डिमरी पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया है। इसमें मोहित डिमरी को चोटें भी आई औऱ उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। लेकिन इस मामले की (Police says attack on Mohit Dimri was fake and scripted) जांच के बाद पुलिस का कहना है कि हमले की यह पूरी कहानी फर्जी है औऱ मोहित डिमरी द्वारा चुनाव में फायदा लेने के लिए यह स्वांग रचा गया।

रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि 12 फरवीर को हमले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई थी। पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाकर उनके बयान लिए गए और मामले की जांच शुरू हुई। कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तमाम जांच के बाद ये सामने आया कि हमले की कहानी फर्जी थी। मोहित डिमरी और उनके साथियों ने चुनाव में फायदा लेने के लिए ये स्वांग रचा था।

पुलिस के मुताबिक विवेचनात्मक कार्यवाही में यह बात स्पष्ट रूप से सामने आयी है कि, उस दिन पुलिस को जो भी सूचना दी गयी थी, भ्रामक दी गयी थी, वास्तव में ऐसी कोई घटना घटित ही नहीं हुई थी। विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं कॉल डिटेल्स इत्यादि का गहरायी से विश्लेषण किया गया, जो लोग उस समय वहां पर मौजूद थे या जो भी इनके साथ कार में थे, तथा जो इनको लेकर निजी चिकित्सालय ले गये थे, सभी के बयानों के आधार पर यह बात सामने आयी है कि, इनके द्वारा चुनाव में फायदा लेने व सहानुभूति प्राप्त करने के इरादे से झूठी सूचना पुलिस को दी गयी थी, और एक ऐसा अपराध का घटनास्थल एवं वातावरण तैयार किया गया था, जिसमें इनके द्वारा खुद ही अपने वाहन के शीशे पत्थर से तोड़े गये तथा अपने पर कुछ हल्की चोटें लगवाईं गयी। और उस दिन इस घटनाक्रम को काफी बढ़ा-चढ़ा कर विभिन्न सोशल मीडिया एवं मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से प्रस्तुत कराया गया था। इस सम्बन्ध में पुलिस के स्तर से रिपोर्ट न्यायालय में प्रेषित की जा रही है तथा न्यायालय के आदेश से इस सम्पूर्ण घटनाक्रम में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।

पुलिस ने बाबा के खोए बैग को ढूंढ़ निकाला, हुई प्रशंसा


ऋषिकेश पुलिस ने एक स्वामी के विक्रम में खोए बैग को सीसीटीवी कैमरे की मदद से खेाज निकाला। बैग पाकर स्वामी ने पुलिस की प्रशंसा में तारीफ के कसीदे पढ़े।

दरअसल, स्वामी अवधूत रघुनाथ आचार्य निवासी दंडी आश्रम मायाकुंड ऋषिकेश ने घाट चौकी आकर सूचना दी। बताया कि वह मुखर्जी मार्ग ऋषिकेश से विक्रम में बैठकर चंडी घाट हरिद्वार गए थे। वहां, चंडी घाट हरिद्वार में जल्दबाजी में उतर कर अपना बैग विक्रम में ही भूल गए। बताया कि बैग में लैपटॉप, मोबाइल, कैसेट, नकदी व अन्य जरूरी सामान है। उक्त सूचना पर चौकी पुलिस ने बैग की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों को खंगाला।
पुलिस के अनुसार, एक विक्रम यूके 07 टीसी 0014 पर आगे की सीट पर उक्त स्वामी बैठे हुए दिखाई दिए। विक्रम मालिक से पूछताछ पर चालाक का नाम मालूम हुआ। बताया कि चालक से पूछताछ हुई तो उसने बात स्वीकार की और बैग अपने घर से लाकर चौकी में स्वामी के सुपुर्द किया। जिस पर स्वामी द्वारा चौकी के समस्त कर्मचारियों की भूरी भूरी प्रशंसा की गई।

उक्त कार्य के लिए पुलिस टीम में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जगत सिंह, कांस्टेबल तेज सिंह, राधेश्याम आदि मौजूद रहे।

नर हाथी की आपसी संघर्ष में हुई मौत

राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज में सुबह गश्त के दौरान गूलर पड़ाव बीट के सुसवा कंपाटमेंट तीन व चार के बीच में वनकर्मियों को संदिग्ध हालत में नर हाथी का शव मिला। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि हाथी की मौत हाथियों के बीच हुए आपसी संघर्ष बताया। पार्क निदेशक अखिलेश तिवारी ने बताया कि मृत हाथी की उम्र करीब 50 वर्ष थी। दूसरे घायल हाथी की कांसरो और मोतीचूर रेंज में तलाश के लिए कॉम्बिंग की जा रही है।

बीट कर्मचारियों ने बताया कि सुबह 4 बजे हाथियों के चिंघाड़ने की आवाजें आई थी। इस मौके पर डॉ. राकेश नौटियाल और डॉ. अमित ध्यानी ने पंचनामे की कार्यवाही पूरी की। उन्होंने बताया कि दोनों दांत निकालकर स्टोर में जमा किये जायेंगे।

ढालवाला स्थित फैक्ट्री प्रबंधन लगाया कर्मचारियों का शोषण का आरोप

आज ढालवाला स्थित एक गत्ता फैक्ट्री के कर्मचारी अचानक गेट के बाहर एकत्रित हो गए। कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि बीते रोज मशीन में काम के करते समय एक कर्मचारी घायल हो गया। प्रबंधन ने उसकी सुध नहीं ली। यहीं नहीं कर्मचारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर कर्मचारियों का शोषण करने का अरोप लगया। कहा कि छुट्टी लेने पर दो दिन का मानयेदय काट लिया जाता और कर्मचारियों से 12-12 घंटे लगातार काम लिया जा रहा है।

साथ ही महिला कर्मचारियों के साथ अच्छा व्यवहार ना करने की बात उठाई गई। इस दौरान प्रबंधन ने कर्मचारियों से सुबह बात करने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी नहीं माने। इसबीच पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। मामले की भनक लगने पर कई राजनैतिक दलों प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच सुलह कराने की कोशिश की गई। प्रदर्शन करने वालों में पूजा देवी, नीलम, शोभा, अमित कुमार, प्रवीन कुमार, अखिलेश, रविंद्र कुमार, विजय, संतोषी राणा, संजना शर्मा, रानी, नेहा, अजय, विमला सेमवाल, सरोजनी, राखी, कृष्णा, वरूण, विरेंद्र मोहन, सोनी, सुमित चौहान, अजीत, अर्जुनदास, अजय नेग आदि शामिल रहे।

उधर, फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से दो युवकों पर कर्मचारियों को भड़काने का आरोप लगाया गया। इस पर प्रबंधन ने उनके खिलाफ मुनिकीरेती थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

अन्य प्रत्याशी पर लगा कांग्रेस प्रत्याशी की छवि धूमिल करने का आरोप


कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने ऋषिकेश विधानसभा के अन्य प्रत्याशी जगजीत सिंह जग्गा पर भ्रमित प्रचार कर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रत्याशी ने ऋषिकेश कोतवाली सहित चुनाव आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई है।

उन्होंने जगजीत सिंह जग्गा पर भाजपा प्रत्याशी का डमी प्रत्याशी होने का आरोप लगाया है।

चंपावत के राइंका सूखढांग में भोजन माता प्रकरण की जांच करे डीआईजी कुमांयूः सीएम


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीआईजी कुमांयू डॉ. नीलेश आनन्द भरणे को निर्देश दिये कि चम्पावत जनपद के राजकीय इण्टर कॉलेज सूखीढ़ांग में भोजन माता प्रकरण की जाँच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कारवाई करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में दुष्प्रचार करने वालों पर भी निगरानी रखी जाय। डीआईजी कुमांयू द्वारा मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच की जायेगी।

बता दें कि जीआईसी सूखीढांग में भोजनमाता के रिटायरमेंट के बाद नवंबर माह में एक भोजन माता की नियुक्ति हुई थी। ज्वाइनिंग से पहले उसे हटा दिया और विद्यालय प्रशासन ने दिसंबर माह के पहले हफ्ते दूसरी नियुक्त कर दी। इस बीच कुछ अवांछनीय तत्व सक्रिय हो गए और कुछ बच्चों ने स्कूल में मिड डे मिल का बना खाना छोड़ दिया।

सीएम धामी ने डीआईजी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे को मौके पर जाकर इस मामले की जांच के निर्देश दिए। कहा कि जो भी तत्व माहौल खराब कर रहे हैं, उन पर निगरानी रख कार्रवाई की जाए। उधर, डीआईजी भरणे ने बताया कि तीन-तीन भोजन माताओं की नियुक्ति से यह भ्रांति पैदा हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है।

स्व. सूरज कुँवर शाह के अंतिम दर्शन को मुनीकीरेती घाट पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पूर्व सांसद टिहरी गढ़वाल स्व. महाराजा मानवेंद्र शाह की पत्नी सूरज कुँवर शाह के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होने मुनीकीरेती घाट, ऋषिकेश, टिहरी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सूरज कुँवर शाह के अंतिम दर्शन कर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की। 

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक खजान दास सहित अन्य महानुभावों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।