भाजपा केंद्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित की, सांसद अनिल बलूनी मीडिया इंचार्ज

उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है। उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता और मीडिया इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। नए बदलाव में 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 9 महासचिव और 13 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। इनके अलावा युवा मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के लिए भी अध्यक्ष नियुक्त हुए हैं। इन सबके अलावा पार्टी ने 23 प्रवक्ताओं के नाम भी जारी किए हैं। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कई नए चेहरे को जगह दी गई है तो वहीं कई दिग्गज बाहर हो गए हैं। दिग्गज नेता राम माधव और अनिल जैन को नई टीम में जगह नहीं मिली है। मुरलीधर राव का नाम भी नई लिस्ट से बाहर है। वहीं सीटी रवि और तरुण चुग नए महासचिव बनाए गए हैं।

नई टीम को बधाईः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की नई टीम को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट के जरिए लिखा कि नई टीम को बधाई और शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि वे निरूस्वार्थ भाव और समर्पण के साथ भारत के लोगों की सेवा की हमारी पार्टी की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखेंगे। गरीबों और हाशिए के लोगों को सशक्त बनाने के लिए वे कड़ी मेहनत कर सकते हैं।

भाजपा ने पहली बार 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए हैं। नई टीम में हर राज्य को बराबर की भागीदारी दी गई है। महिलाओं और युवाओं को तरजीह दी गई है। नई टीम में राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की संख्या बढाकर 23 कर दी गई है। उत्तराखंड से सांसद अनिल बलूनी को मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री समेत कई बड़े पदों में बदलाव किए हैं। भाजपा द्वारा किए गए संगठनात्मक बदलावों के तहत राम माधव, मुरलीधर राव, अनिल जैन और सरोज पांडे को महासचिव पद से हटा दिया गया है। इनकी जगह दुष्यंत कुमार गौतम, डी पुरेंदश्वरी, सीटी रवि और तरुण चुग को पार्टी ने नए महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।

कर्नाटक से सांसद तेजस्वी सूर्या को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। तेजस्वी ने पूनम महाजन का स्थान लिया है। वहीं तेलंगाना से पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉ. के लक्ष्मण को ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और मध्यप्रदेश के मंदसौर से सांसद सुधीर गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। पंजाब के अमृतसर से तरुण चुग को प्रमोशन मिला है। तरुण पहले राष्ट्रीय सचिव थे, उन्हें अब राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। तरुण फिलहाल अंडमान निकोबार के प्रभारी हैं।

तीन चरणों में चुनाव के बाद बिहार के सीएम पद का दस नवंबर को होगा फैसला

बिहार में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में किया जाएगा। इसका परिणाम 10 नवंबर को होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बिहार में चुनाव तीन चरणों में होंगे। पहले दौर का मतदान 28 अक्टूबर, दूसरे दौर का 3 नवंबर और तीसरे दौर का मतदान 7 नवंबर को कराया जाएगा। बताया कि मतों की गिनती 10 नवंबर को होगी। इसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। सबसे पहले राज्य के 16 जिले में 71 विधानसभा क्षेत्र में चुनाव कराए जायेंगे। दूसरे चरण में 17 जिले के 94 विधानसभा क्षेत्र में चुनाव कराए जायेंगे। तीसरे चरण में 15 जिले के 78 विधानसभा क्षेत्र में चुनाव कराए जायेंगे।

बिहार चुनाव में पिछली बार 6.7 करोड़ लोगों ने वोट डाला था, जबकि इस बार 7.2 करोड़ लोग वोट डालने वाले हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता को बुखार होने पर उसे रोक दिया जाएगा। ऐसे लोग अंतिम घंटों में मतदान करेंगे। चुनाव सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होंगे। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान शाम पांच बजे ही खत्म हो जायेगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 7 लाख हैंड सेनेटाइजर, 6 लाख पीपीई किट, 7,6 लाख बेडशीट, 23 लाख हैंड ग्लब्स का इंतजाम किया गया है। उन्होंने कहा कि कोविड के चलते नए सुरक्षा मानकों के तहत चुनाव होंगे। पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की संख्या घटाई जाएगी। एक बूथ पर सिर्फ 1,000 मतदाता होंगे। इस बार नामांकन फॉर्म भरने और जमानत की रकम ऑनलाइन तरीके से जमा करने की भी व्यवस्था की गयी है। बिहार विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीके से भरे जा सकते हैं।

प्रचार के लिए यह रहेगा गाइडलाइन
विधानसभा कैंडिडेंट समेत कुल 5 लोग ही डोर टू डोर कैंपेन में शामिल होंगे। पांच से ज्यादा लोग घर जाकर प्रचार नहीं कर पाएंगे। चुनाव आयोग ने बताया कि नामांकन के दौरान उम्मीदवार के साथ दो से ज्यादा वाहन नहीं ले जा सकते। नामांकन के वक्त उम्मीदवार के साथ सिर्फ दो लोग मौजूद रहेंगे। प्रचार के दौरान किसी से हाथ मिलाने की इजाजत नहीं होगी।

29 सितंबर को होगा उपचुनाव पर निर्णय
उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग 29 सितंबर को फिर बैठक करेगा। इसके बाद चुनाव की तारीखों का एलान करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील आरोड़ा ने कहा कि 29 सितंबर को आयोग सभी राज्यों में होने वाले उपचुनाव की तारीखों का एलान शाम तक करेगा।

मानसून सत्र से ठीक पहले कांग्रेस की बढ़ी बैचेनी, ज्यादातर विधायक पाॅजीटिव

23 सितंबर को एक दिवसीय मानसून सत्र आयोजित होगा। विपक्ष का पल्ला यहां कमजोर होने वाला है, ऐसा इस कारण है कि कांग्रेस के कई विधायक बीमार है। कोरोना संक्रमण के चलते 15 विधायक वर्चुअल आधार पर सत्र में भाग लेंगे। बेरोजगारी पर विपक्ष के हमले की संभावना से पहले ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश में रोजगार के आंकड़े जारी कर विपक्ष को करार जवाब दिया है।

15 विधायकों ने वर्चुअल आधार पर सत्र की कार्यवाही से जुड़ने के लिए विधानसभा को सहमति दी है। सत्र के दिन केवल मुख्यमंत्री और मंत्रियों के वाहनों को विस परिसर में प्रवेश मिलेगा। विधायकों के वाहन परिसर से बाहर पार्क होंगे और उनके साथ कोई भी सहवर्ती भी नहीं होगा।

इन विधायकों ने दी है सहमति
पूर्व विस अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, बिशन सिंह चुफाल, चंदन रामदास, नवीन चंद्र दुम्का, संजीव आर्य, भरत चैधरी, राजकुमार, गणेश जोशी, ऋतु खंडूड़ी भूषण, दिलीप रावत, महेश नेगी, पुष्कर धामी, चंद्रा पंत, हरभजन सिंह चीमा व मनोनीत विधायक जार्ज आइवन ग्रेगरी मैन ने अब तक सत्र से वर्चुअल आधार पर जुडने की सहमति दी है।

भाजपा विधायक के मुद्दे पर घेरेगी कांग्रेस
कांग्रेस विधानमंडल दल की विधानसभा में बैठक हुई। इसमें एक महिला के यौन उत्पीड़न को लेकर भाजपा विधायक महेश नेगी पर लगे आरोपों के मामले पर सरकार को घेरेने पर चर्चा हुई।

बेरोजगारी पर सरकार का जवाब
विधानसभा सत्र में बेरोजगारी के मुद्दे पर विपक्ष के संभावित हमले को देखते हुए सरकार ने पहले ही जवाब दे दिया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा की। कांग्रेस के शासनकाल में 2014 से 2017 के बीच उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 801 पदों पर चयन किया। वहीं 2017 से अब तक यानी त्रिवेंद्र सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में 6000 पदों पर आयोग ने चयन किया। इस अवधि में 10339 पदों पर चयन हुआ है।

राज्यसभा में अपने साथ हुए दुव्र्यवहार पर उपसभापति रखेंगे उपवास

राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण अपने साथ हुए दुव्र्यवहार के बाद धरना दे रहे आठ सांसदों को चाय पिलाने पहुंचे। हालांकि उनकी लाई हुई चाय को सांसदों ने पीने से मना कर दिया। आरोपित आठों सांसद संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना दे रहे थे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि हरिवंश नारायण दुव्र्य्यवहार के खिलाफ उपवास पर बैठेंगे।

बीते रविवार को विपक्ष के सांसदों ने कृषि बिलों के विरोध में राज्यसभा में हंगामा किया था। सदन की रूलबुक फाड़ दी और माइक तोड़ने की कोशिश भी की थी। सोमवार को राज्यसभा सभापति ने आठ सांसदों को सात दिन से लिए राज्यसभा से निलंबित कर दिया था।

निलंबित सांसदों के नाम डेरेक ओ ब्रायन, संजय सिंह, राजीव सातव, केके रागेश, रिपुन बोरा, सैयद नासिर हुसैन, डोला सेन और ए करीम हैं। निलंबन का फैसला सुनने के बाद सभी आठ सांसद संसद परिसर में धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे सांसदों की पहली मांग है कि किसान विरोधी विधेयक वापस लिया जाए। उनकी दूसरी मांग है कि उनका निलंबन वापस हो।

उपसभापति के चाय लाने पर राज्यसभा से निलंबित कांग्रेस सांसद रिपुन बोरा ने कहा कि हरिवंश जी ने कहा कि वो आज यहां उप सभापति के रूप में नहीं, बल्कि हमारे साथ काम करने वाले एक साथी के रूप में आए हैं। उन्होंने कहा कि वह हमारे लिए चाय और नाश्ता भी लाए थे। हमने अपने निलंबन के विरोध में कल से यह धरना प्रदर्शन शुरू किया। हम पूरी रात यहां रहे हैं। सरकार से कोई भी हमारे बारे में पूछने के लिए नहीं आया। कई विपक्षी नेता हमारे बारे में पूछताछ करने और हमारे साथ एकजुटता दिखाने के लिए आए थे। हम इस प्रदर्शन को जारी रखेंगे।

एक सप्ताह के लिए राज्यसभा से आठ सांसद हुए निलंबित

विपक्षी दलों के आठ सांसदों के द्वारा राज्यसभा में हंगामा करने के मामले में निलंबन की कार्रवाई की गई है। यह निलंबन एक सप्ताह के लिए किया गया है। बीते रोज राज्यसभा में कृषि बिल के प्रावधानों पर चर्चा के दौरान तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन वेल पर पहुंच गए थे और उपसभापति को रुल बुक दिखाकर फाड़ दिया। इस दौरान डेरेक ओ ब्रायन सभापति हरिवंश के बिल्कुल ही करीब पहुंच गए। वहां खड़े मार्शल ने बड़ी ही मुश्किल से डेरेक ओ ब्रायन को वहां से हटाया।

संसद के मॉनसून सत्र के आठवें दिन सभापति ने हंगामा करने वाले सांसदों के खिलाफ कार्रवाई की। हंगामा करने वाले विपक्षी दलों के 8 सांसदों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित होने वाले सांसदों में डेरेक ओ ब्रायन, संजय सिंह, रिपुन बोरा, नजीर हुसैन, केके रागेश, ए करीम, राजीव साटव, डोला सेन हैं।

राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने कहा कि ये राज्यसभा के लिए सबसे खराब दिन था। कुछ सांसदों ने पेपर को फेंका। माइक को तोड़ दिया। रूल बुक को फेंका गया। इस घटना से मैं बेहद दुखी हूं। उपसभापति को धमकी दी गई। उनपर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। कहा कि मैं डेरेक ओ ब्रायन को सदन से बाहर जाने का आदेश देता हूं। साथ ही सदन के आठ सांसदों को एक सप्ताह के लिए निलंबित किया जाता है।

विधानसभा अध्यक्ष कोरोना संक्रमित, सोशल मीडिया के जरिए स्वयं दी जानकारी

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए है। उन्होंने इसकी जानकारी स्वयं सोशल मीडिया के जरिए दी है। उन्होंनें बताया कि शासकीय आवास पर उन्होंने एंटिजन टेस्ट कराया है, इसमें वह पाॅजीटिव पाए गए हैं। उन्होंने अपील की है कि जो भी लोग उन्हें संपर्क में आए हैं, वह स्वयं आइसोलेट हो जाएं। उन्होंने कहा कि सावधानी बरते और स्वयं भी सुरक्षित रहे और अपने संपर्क में आने वाले लोगों को भी सुरक्षित रखें।

भारत में भी हर रोज कोविड-19 मामले बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 54,00,619 हो गई है। पिछले 24 घंटों में (शनिवार सुबह 8 बजे से लेकर रविवार सुबह 8 बजे तक) कोरोना के 92,605 नए मामले सामने आए हैं।

इस दौरान देश में 1133 कोरोना संक्रमितों की मौत भी हुई है। 24 घंटे में 94,612 लोग ठीक हुए हैं। अब तक कुल 43,03,043 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 86,752 लोगों की जान गई है। 10,10,824 एक्टिव केस हैं। रिकवरी रेट की बात करें तो यह मामूली बढ़ोतरी के बाद 79.67 प्रतिशत पर पहुंच गया है। पॉजिटिविटी रेट 7.67 प्रतिशत है।

कांग्रेस नेता शिव मोहन मिश्रा की मौत, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों में शोक

ऋषिकेश में कांग्रेस पार्टी से बुरी खबर है। कांग्रेस के नगर कार्यकारी अध्यक्ष शिव मोहन मिश्रा का एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रम एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिए गए है।

ऋषिकेश की देहरादून रोड निवासी शिव मोहन मिश्रा (48 वर्ष) को कुछ दिन एम्स में भर्ती किया गया। उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई, बाद में उनकी हालत बिगड़ती गई। इस पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। बाद में उनकी कोविड रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। शनिवार की सुबह उनका निधन हो गया।

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि निधन की सूचना मिलने पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत शिव मोहन मिश्रा व उनका पूरा परिवार कई पीढ़ियों से कांग्रेस के लिए समर्पित था। दिवंगत शिव मोहन मिश्रा के स्वर्गीय पिता कमल नारायण मिश्रा पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे। प्रीतम सिंह ने राज्य में कोरोना संक्रमण के लगातार तेजी से फैलने व इसके कारण हो रही मौतों पर दुख व चिंता व्यक्त करते हुए आगामी एक सप्ताह तक पार्टी के सभी सार्वजनिक कार्यक्रम धरने प्रदर्शन स्थगित करने की घोषणा की।

धस्माना ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने शिव मोहन मिश्रा की मृत्यु व राज्य में कोरोना संक्रमण के हालातों पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव से भी बातचीत की। उनको स्थितियों से अवगत करवाया। प्रदेश प्रभारी का आगामी 22 व 23 सितंबर का उत्तराखंड आगमन का कार्यक्रम भी स्थगित हो गया है। धस्माना ने बताया कि अब आगामी 23 सितंबर को विधानसभा के समक्ष होने वाला धरना भी स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बाद पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के बारे में शीघ्र सूचित किया जाएगा।

पीएम मोदी का भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना हो रहा साकारः त्रिवेंद्र

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को दृढ़ इच्छाशक्ति एवं विशाल व्यक्तित्व का धनी, कुशल प्रशासक एवं प्रभावी कार्यसाधक बताया है।

कहा कि दुनिया में आज भारत की जो छवि एवं पहचान बनी है उसका पूरा श्रेय मोदी को जाता हैं। उनके नेतृत्व मे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना भी साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की बाबा केदारनाथ में गहरी श्रद्धा एवं आस्था है। केदारनाथ का पुनर्निर्माण कर उसे विश्वस्तरीय धार्मिक स्थल बनाने का उनका सपना साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने भगवान बद्री विशाल तथा केदारनाथ से मोदी के दीर्घ जीवन की कामना की।

दिल्ली एम्स में पूर्व केंद्रीय मंत्री का निधन, देश के तमाम नेताओं ने दिवंगत रघुवंश प्रसाद कोया किया याद

पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. रघुवंश प्रसाद सिंह ने दिल्ली एम्स में आज अंतिम सांस ली। उनके निधन पर राष्ट्रपति सहित देशभर के तमाम राजनीतिक हस्तियों, फिल्म जगत के लोगों ने शोक संभावनाएं जताई हैं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने डा. रघुवंश के निधन होने पर सोशल साइट ट्वीटर के जरिए दुख प्रकट किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर अंतिम नमन किया है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीटर के जरिए बिहार के राजनेता के निधन पर दुख प्रकट किया। परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए उन्होंने दिवंगत रघुवंश के जीवन को गरीब और वंचित वर्ग के लिए समर्पित बताया। वहीं, लालू प्रसाद यादव, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, फिल्म जगत से शबाना आजमी ने अपनी भावनाएं प्रकट की हैं।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

महिलाओं को सम्मान न दे सकें, वह सरकार निकम्मी हैः मेयर अनिता

कंगना के अपमान को समस्त नारी जगत का अपमान बताकर तीर्थनगरी में महिलाओं ने शिवसेना के खिलाफ नारेबाजी की। मेयर अनिता ममगाईं के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में त्रिवेणी घाट चैराहे पर कंगना को अपना समर्थन दिया। मेयर अनिता ने कहा कि कंगना रनौत हिमाचल की नहीं बल्कि पूरे देश की बेटी है। कंगना ने सुशांत की सदिंग्ध मौत और ड्रग्स को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है इसलिए महाराष्ट्र सरकार ने इस तरह की कायराना हरकत की है। इस घटना से पूरे देश की मातृशक्ति खुद को अपमानित महसूस कर रही है।

कांग्रेस पार्टी जो महिला के अधिकारों और सुरक्षा की दुहाई देती है वह पूरे मामले को लेकर चुप है। जिससे साफ है कि बॉलीवुड की जानी-मानी नायिका कंगना के साथ हुई नाइंसाफी के बावजूद उसका समर्थन उद्धव सरकार को है। उन्होंने कहा कि इस घटना के विरोध में तीर्थ नगरी की महिलाओं द्वारा उद्वव सरकार को अपना आक्रोश जताया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में पार्षद अनिता रैना, पार्षद लक्ष्मी रावत, कमलेश जैन, कमला गुनसोला, नेहा नेगी, रजनी बिष्ट, अंजलि, कंचन, शिवानी, प्रिया, रिशु, रिया, विरिंदा, संदीप गुप्ता, पंकज शर्मा, सुनील उनियाल, कपिल गुप्ता, राजपाल ठाकुर, अनिकेत गुप्ता, रंजन अंथवाल, गौरव कैंथोला, सुजीत यादव आदि उपस्थित रहे।