मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सीएम धामी ने दी स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में जनपद उधमसिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र खटीमा स्थित शहीद स्थल पर शैड के निर्माण हेतु 66 लाख की धनराशि की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकासखण्डवार हाईस्कूल एवं इंटर मीडिएट के टॉपर 5-5 छात्र-छात्राओं को भारत दर्शन-शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम में सम्मिलित किये जाने की स्वीकृति प्रदान की है। पहले यह संख्या विकासखण्डवार 2-2 छात्र-छात्राओं की थी।
मुख्यमंत्री ने भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के घटक बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजनान्तर्गत शहीद दुर्गामल्ल राजकीय महाविद्यालय डोईवाला, हुकम सिंह बोरा बालिका छात्रावास, अल्मोड़ा एवं औ. प्रशिक्षण संस्थान पाईन्स नैनीताल में छात्रावासों के निर्माण हेतु राज्यांश के रूप में 7 करोड़ 64 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की।

बड़ी कार्रवाई-दो अधिकारी निलंबित, एक मुख्यालय अटैच

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पी.के पात्रो मुख्य वन संरक्षक, कुमाऊं को तत्काल प्रभाव से प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ), उत्तराखण्ड देहरादून के कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है तथा कोको रोसे, वन संरक्षक उत्तरी कुमाऊं वृत्त, अल्मोड़ा, ध्रुव सिंह मर्ताेलिया, प्रभारी प्रभागीय वनाधिकारी, सिविल सोयम वन प्रभाग, अल्मोड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है जब कि हेम चन्द्र गहतोड़ी, सहायक वन संरक्षक नैनीताल को स्थानान्तरित कर सिविल सोयम वन प्रभाग, अल्मोड़ा में तैनात किया गया है।
सचिवालय में मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घटना में चार घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि उन्हें बेहतर से बेहतर ईलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि एयर एम्बुलेंस से घायल कर्मचारियों को बेहतर इलाज हेतु एम्स, दिल्ली भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनाग्नि की घटना पर उनके द्वारा पूर्व में ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अपने दायित्वों के निर्वाह में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अधिकारियों को धरातल पर उतरने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। पूर्व में जारी किए गए आदेश अनुसार प्रत्येक वन कर्मी और फायर वॉचर का बीमा कराए जाने का फैसला लिया गया है, यदि इस कार्य में भी कोई लापरवाही बरती गई होगी तो आगे भी करवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी को यह स्पष्ट होना चाहिए कि किसी भी तरह की लापरवाही में अब सीधे कठोर कार्यवाही होगी।

घायल वनकर्मी को एयर एम्बुलेंस से एम्स दिल्ली में कराया भर्ती

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बिनसर वन्यजीव विहार में वनाग्नि की चपेट में आकर झुलसे चार वन कर्मियों को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी बेस अस्पताल से दिल्ली एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती किया जा रहा है। अब तक तीन घायलों को भर्ती किया जा चुका है, जबकि चौथे घायल की भर्ती प्रक्रिया गतिमान है।
मुख्यमंत्री ने एम्स में भर्ती किये गये घायलों के परिजनों के दिल्ली में ठहरने आदि की व्यवस्था के भी निर्देश स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा को दिये हैं।
केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा तथा एम्स के निदेशक डॉ. एम श्रीनिवास ने भी भर्ती घायलों का हाल-चाल जाना तथा उनके उपचार की जानकारी भी प्राप्त की।

वन कर्मियों को तत्काल एयरलिफ्ट कर हल्द्वानी बेस अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश

बिनसर वन्यजीव विहार में वनाग्नि से 4 वनकर्मियों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस घटना में झुलसे चार अन्य वनकर्मियों को तत्काल हल्द्वानी बेस अस्पताल में एयरलिफ्ट किये जाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना बेहद हृदय विदारक है और दुःख की इस घड़ी में पूरी उत्तराखंड सरकार वनकर्मियों के परिजनों के साथ खड़ी है। उन्होंने इस हादसे में झुलसकर घायल होने वाले चार वन्य कर्मियों को तत्काल हल्द्वानी बेस अस्पताल में एयरलिफ्ट करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। गंभीर घायलों को आवश्यकतानुसार उपचार हेतु हल्द्वानी से एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट करने के भी निर्देश मुख्यमंत्री धामी ने दिए। इसके साथ-साथ मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए की अनुग्रह धनराशि दिए जाने के निर्देश मुख्यमंत्री धामी के द्वारा दिए गए।
मुख्यमंत्री के विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते ने बताया कि घटना पर शासन पूरी नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार घायल कर्मियों को एयरलिफ्ट कर हल्द्वानी अस्पताल लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतकों का आज ही पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है ।
विदित हो कि यह दुर्घटना आज दोपहर में 3.30 बजे के करीब बिनसर वन्यजीव विहार, अल्मोड़ा के सिविल सोयम वन प्रभाग में घटित हुई। बताया गया कि बोलेरो वाहन में 8 वनकर्मी सवार थे। वनाग्नि से बोलेरो वाहन में सवार 4 वन कर्मियों की आग में झुलसने से मृत्यु एवं 4 अन्य वन कर्मियों के आग से झुलसने से घायल होने की सूचना प्राप्त हुई।

ई-केवाईसी ना होने से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं ले पा रहे थे अल्मोड़ा के धर्म सिंह

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संज्ञान में आने के बाद अल्मोड़ा के लमगड़ा ब्लॉक अंतर्गत तुलेड़ी गांव में रहने वाले बुजुर्ग धर्म सिंह को दो वर्ष के लंबे समयांतराल के बाद प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। रेटिना और अंगूठे का स्कैन न होने की वजह से धर्म सिंह की ई-केवाईसी नहीं हो पा रही थी। जिस कारण वह इस योजना से वंचित चल रहे थे।
सोमवार को प्रधानमंत्री ने दिल्ली से सम्मान निधि की 17वीं किस्त जारी करी तो स्थानीय लोगों ने धर्म सिंह के मामले को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री से मामले में कार्रवाई की मांग की।
मामला संज्ञान में आने के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को बुजुर्ग की ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए। जिसके बाद सचिव शैलेश बगोली ने मामले को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से बुजुर्ग की ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए। सचिव के आदेश मिलते ही प्रशासन के आला अधिकारी बुजुर्ग के घर पहुंचे और उनकी ई-केवाईसी करवाई गई। अब जल्द ही धर्म सिंह को भी अन्य किसानों की भांति किसान सम्मान निधि मिलनी शुरू हो जाएगी।
केवाईसी होने और उनके मामले का त्वरित संज्ञान लेने पर बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार बुजुर्ग, महिलाओं और दिव्यांगों के कल्याण के लिए पूरी तरह से समर्पित है। हमारा प्रयास डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक वर्ग को लाभान्वित करना है।

भाजपा ने उत्तराखंड में बनाया दलित, ब्राह्मण और ठाकुर के बीच संतुलन

देहरादून। लोकसभा चुनावों में उत्तराखंड में हैट्रिक बनाने के बावजूद भाजपा हाईकमान किसी भी क्षेत्र में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता। अब केंद्रीय मंत्रिमंडल में उत्तराखंड को प्रतिनिधित्व के बहाने पार्टी हाईकमान ने सभी वर्गों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है। अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा को मंत्रिमंडल में जगह देकर पार्टी ने अनुसूचित जाति को तरजीह दी है। इससे पूर्व कई दिग्गजों को दरकिनार कर पार्टी ने कल्पना सैनी को राज्यसभा भेजकर महिलाओं के साथ ही ओबीसी समुदाय का सम्मान किया था।

प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राजपूत और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ब्राह्मण जाति से हैं। राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा का कार्यकाल पूरा होने पर इस सीट पर कई दिग्गजों की मजबूत दावेदारी बताई जा रही थी, इसके बावजूद भाजपा हाईकमान ने कल्पना सैनी को राज्यसभा भेजकर महिलाओं और ओबीसी समुदाय को प्रतिनिधित्व दिया। अब सांसद अजय टम्टा को
को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह देकर भाजपा हाईकमान ने ठाकुर, ब्राह्मण और अनुसूचित जाति के बीच संतुलन साधने का काम किया है।

अल्मोड़ा संसदीय सीट पर जीत की हैट्रिक लगाने वाले अजय टम्टा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में कपड़ा राज्य मंत्री का दायित्व संभाल चुके हैं। उन्होंने वर्ष 1996 में जिला पंचायत सदस्य के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। इसके बाद वह जिला पंचायत अध्यक्ष और 2012 में सोमेश्वर सीट से विधायक चुने गए। अल्मोड़ा सीट पर 2014 से अब तक लगातार सांसद चुने गए हैं।

पार्टी उत्तराखंड में अपनी जमीन को और मजबूती देने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी धर्म समुदाय और वर्गों को पूरा सम्मान दिया है। सभी वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य में नई नई योजनाओं की शुरूआत की गई है।

जेपी नड्डा की जनसभा में कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह, लोगों ने मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने का बनाया मन

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देव सिंह मैदान, पिथौरागढ़ में अल्मोड़ा लोकसभा के अंतर्गत आयोजित जनसभा में प्रतिभाग किया।

इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड में आने का सौभाग्य मिला। इस भूमि में हम देवताओं को पूजते हैं, यहां का हर व्यक्ति देवतुल्य है। ये भूमि देश की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रही है। वीरों, जवानों के साथ वन रैंक वन पेंशन लागू कर प्रधानमंत्री द्वारा ही न्याय किया गया है। प्रधानमंत्री ने शताब्दी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया है। उनके कहे अनुसार आज वो धरातल में दिख रहा है और उत्तराखंड से विकास की नई गंगा बह रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने कहा कि एक ओर हमारी सरकार है जिसने उत्तराखंड के दर्द को समझा, राज्य के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी, युवाओं की आकांक्षाओ को पूर्ण एवं महिलाओं का सशक्तिकरण किया, राज्य को मुख्यधारा में लाने का काम किया। और दूसरी ओर वह विपक्षी दल है जिसने दशकों तक उत्तराखंड के साथ धोखा किया। घोटाले किए, विकास की जगह राज्य का विनाश किया। उन्होंने कहा कांग्रेस ने कोयला घोटाला, बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी घोटला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, 2ळ, 3ळ घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला किया है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने जल, नभ, थल, के साथ ही पाताल में भी घोटाले किए हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 2014 और 2019 में उत्तराखंड राज्य ने पांचो लोकसभा सीट भाजपा को देने का काम किया जिसके फलस्वरुप कोरोना जैसी महामारी, यूक्रेन रूस युद्ध के बाद भी ब्रिटेन को पछाड़ भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा तीसरी बार श्री अजय टम्टा जी एवं सभी पांच सीटों से भाजपा प्रत्याशीयो को विजय बनाकर भेजेंगे तो भारत 2028 में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा। उन्होंने कहा इलेक्ट्रॉनिक गुड्स के एक्सपर्ट में भारत 6 गुना आगे बढ़ गया है। आज सबके हाथ में जो मोबाइल है उसमें मेड इन इंडिया लिखा हुआ होगा ये आत्मनिर्भर भारत का उदाहरण है। 97 प्रतिशत मोबाइलों का निर्माण भारत में हो रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने कहा कि आज भारत इस्पात उत्पादन में विश्व में दूसरे स्थान पर है। गाड़ियां के निर्माण एवं मार्केटिंग में भारत ने जापान को पीछे छोड़ दिया है। ऑटोमोबाइल में भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है। सबसे सस्ती एवं कारगर दवाई आज भारत के उद्योगपति बना रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ पक्के घर गरीबों को दिए गए हैं। जिसमे से क़रीब एक लाख घर उत्तराखंड में दिए हैं और 11 हज़ार घर पिथौरागढ़ जिले में बने हैं। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत देश में 11 करोड़ गैस कनेक्शन तो उत्तराखंड में 1 लाख कनेक्शन दिए गए हैं। देश में 11 करोड़ 30 लाख लोगो को हर घर नल, नल से जल पहुंचाया गया है। उत्तराखंड में 12 लाख घरों और पिथौरागढ़ में 2 लाख 40 हजार घरों में हर घर नल, जल पहुंचाया है। देश में 11 करोड़ इज्जत घर बनाए गए हैं। जिसमें से 5 लाख 30 हज़ार इज्जत घर उत्तराखंड में बने हैं। आज आयुष्मान योजना के अंतर्गत देश की 55 करोड़ गरीब जनता को प्रति वर्ष 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जा रहा है। हर गरीब का इलाज हो रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र का बजट 250 करोड़ से बढ़कर 500 करोड़ हो गया है। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे है। ड्रिंकिंग वाटर के लिए 1200 करोड़ खर्च हो रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष प्यार है। प्रधानमंत्री ने धामी जी को विशेष प्यार से राज्य के विकास हेतु 41 हज़ार करोड रुपए का सेंट्रल फंड दिया, जिससे राज्य का स्वर्णिम विकास जारी है। इसके साथ ही देहरादून दिल्ली, देहरादून लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरूवात की गई है। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन के लिए 16 हज़ार करोड़ रूपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड के विकास के लिए हजारों करोड़ों की विकास योजनायो को आगे बढ़ाया जा रहा है। जो कांग्रेस के राज में कभी संभव नहीं थी। उन्होंने कहा गांव गांव पक्की सड़कें आ रही हैं। ये नया और विकास का उत्तराखंड है। उत्तराखंड राज्य यूनिफॉर्म सिविल कोड में भी सबसे आगे चल रहा है। प्रधानमंत्री ने राजनीति की संस्कृति को बदलते हुए देश के अंतिम गांव को देश का पहला गांव बनाया है। पिथौरागढ़ के 27 गांव को वाइब्रेंट विलेज में चयनित कर उनका विकास कार्य जारी है

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जे.पी नड्डा का देवभूमि उत्तराखंड की समस्त जनता की ओर से पिथौरागढ़ पधारने पर स्वागत करते हुए कहा कि आदरणीय श्री नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा अटक से कटक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक अपना प्रसार, एवं संगठन का विस्तार कर चुकी है। भाजपा के बिना भारतीय राजनीति की कल्पना नहीं की जा सकती है। श्री नड्डा जी का व्यवहार, विनम्र व्यक्तित्व से हम सभी कार्यकर्ताओ को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा लोकसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी और अध्यक्ष नड्डा जी ने विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए 4 जून को 400 पार पहुंचने का नारा दिया है। उन्होंने कहा ये 400 पार का नारा मोदी जी की गारंटी और विकास की चाबी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 400 पार का लक्ष्य विकसित भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति, बनाने का लक्ष्य है। जनता के आशीर्वाद से अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट के साथ ही उत्तराखंड की पांचों सीटों पर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजय दिलाकर आदरणीय प्रधानमंत्री जी के संकल्प को सिद्ध करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा दूसरी पार्टियों दूर-दूर तक मैदान में दिखाई नहीं दे रही हैं। जनता के आशीर्वाद से आने वाले परिणामो से विपक्ष भली भांति परिचित है। इसलिए विपक्षी पार्टियों को इस बार कोई टिकट लेने वाला भी नहीं मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड से विशेष नाता है इसलिए अब हम सभी उत्तराखंड वासियों की जिम्मेदारी है कि अल्मोड़ा लोक सभा से अजय टम्टा एवं राज्य की सभी लोकसभा सीटों से भारी मतों से भाजपा प्रत्याशियों को विजय बनाना है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, लोकसभा प्रत्याशी अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, विधायक फ़कीर राम टम्टा, सुरेश गढ़िया एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

अजय टम्टा के लिए सीएम ने रानीखेत में की जनसभा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केएमओयू स्टेशन पार्किंग, रानीखेत में अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा के पक्ष में आयोजित जनसभा में किया प्रतिभाग।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि रानीखेत क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा जी को आपका भरपूर समर्थन मिले। अजय टम्टा को मिले जनता के मतों और समर्थन से मोदी जी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। अजय टम्टा जी, मुलाकात के दौरान हमेशा विकास और क्षेत्र की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि 19 अप्रैल तक अपने जोश और जुनून को जारी रखते हुए अजय टम्टा जी को भारी मतों से विजयी बनाएं। प्रधानमंत्री जी ने जो 10 वर्षाे तक देश की सेवा में पल पल लगाया है, उन्होने अपने जीवन को भारत मां की सेवा में समर्पित किया है, देश वासियों की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया है, उसका प्रतिफल हमने अपने वोट से उन्हें देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के अंदर विकास की नई ऊंचाइयों को छूने का काम किया है। सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्तियों के लिए है। आज सीमांत क्षेत्र का विकास हो रहा है। मोदी सरकार का कालखंड गरीबों, महिलाओं, युवाओं के कल्याण को समर्पित रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अंतोदय के सिद्धांत पर विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसमें प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, समेत अनेक योजनाएं संचालित हैं। ’यह मोदी जी की गारंटी है जो योजना वो शुरू करते हैं, उसका लाभ गरीब को मिलता है। जिसके फल स्वरूप बीते 10 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा रानीखेत सैनिकों का केंद्र है। कुमाऊं रेजिमेंट का यहां सेंटर है। हमारा उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि है। हर परिवार से कोई ना कोई सेना में है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 को खत्म किया गया है। हाल ही में सीएए कानून लागू हुआ है। वर्षाे के बाद भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखण्ड के अंदर कई ऐतिहासिक कठिन निर्णय लिए गये हैं। पूर्व में किए वादे अनुसार राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया है। नकल माफियाओं को जेल भेजकर पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं करवाई जा रही हैं। जिसके लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके साथ ही राज्य में दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। सरकारी ज़मीन से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। साथ ही महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है।

’मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे हर कार्यक्रम में 70ः महिलाएं होती है। मेरी माताएं बहनें मुझे अपना आशीर्वाद देने आती हैं।’ डबल इंजन की सरकार निरंतर नई कीर्तिमान हासिल कर रही है। ’यह सब जनता के वोट की ताकत है कि उत्तराखंड देश का अग्रणी राज्य बनने जा रहा है।’
राज्य में अनेक इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के कार्य जारी है। ’अल्मोड़ा लोकसभा में 1 लाख 20 हज़ार घरों में शौचालय निर्माण किया गया है। हल्द्वानी से चंपावत, मुनस्यारी पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू की है।’
कुछ दिनों पूर्व 18 हजार करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास किया था जिसमें से रानीखेत क्षेत्र की भी कई योजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ’कांग्रेस पार्टी ने देश में 60 वर्ष से अधिक वर्ष तक शासन किया है। उन्होंने देश और उत्तराखंड में महज़ भ्रष्टाचार को बढ़ाया है। उन्होंने अपनी हार की ज़िम्मेदारी भी ईवीएम पर डाल दी। इस बार भी हार के बाद ईवीएम के बारे में कहेंगे। इस बार कांग्रेस को चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी तक नहीं मिल रहे थे।’ उन्होंने कहा कि रानीखेत एवं अल्मोड़ा क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से अजय टम्टा जी और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी जीतने वाले हैं। उन्होंने इस वर्ष आगामी लोकसभा चुनाव में नया रिकॉर्ड बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतों से विजय बनाकर अजय टम्टा जी को लोकसभा भेजना है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष लीला बिष्ट, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, शिव सिंह बिष्ट, कुंदन लटवाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

अल्मोड़ा में सीएम ने उत्कृष्ट महिलाओं को वितरित किए चेक, बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा के हवालबाग में आयोजित आजीविका महोत्सव (दीदी भुली हाथ लगाल, उत्तराखंडक हौल अमृत काल) में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 20213.60 लाख रू0 की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिनमें 11702.67 लाख रू0 की योजनाओं का लोकार्पण एवं 8510.93 लाख रू0 की योजनाओं का शिलान्यास है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं अन्य अतिथियों द्वारा द्वीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने देवी शक्ति के स्वरूप 10 कन्याओं का पूजन किया तथा आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रूलर बिजनेस इन्क्यूवेटर में 21 महिला उद्यमियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उज्जवला सहकारिता की अध्यक्ष कमला लटवाल ने मुख्यमंत्री को सहकारिता के क्षेत्र में किये गये कार्यों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी उन्होने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में 98 लाख का टर्नओवर प्राप्त किया जिसमें से 10 लाख 15 हजार का लाभांश उन्हें प्राप्त हुआ। रूलर बिजनेस इन्क्यूवेटर आरबीआई से जुडी भवना शर्मा ने मुख्यमंत्री का पूरे प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान ललिता काण्डपाल ने मुख्यमंत्री को अपने द्वारा किये जा रहे मशरूम उत्पादन के बारे में बताया। प्रबन्धक आरबी आई योगेश भट्ट ने बताया कि जनपद अल्मोड़ा का 5 हजार लखपति दीदी बनाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया था उसमें जनपद अल्मोड़ा ने समय से पूर्व अपना लक्ष्य प्राप्त कर लिया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार लगातार महिलाओं के कल्याण हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में यूसीसी (समान नागरिक संहिता) को पारित कर जनता से किया वादा उन्होंने पूरा कर दिया है। उन्होंने समान नागरिक संहिता को देश एवं महिलाओं के विकास में मील का पत्थर कहा। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता किसी जाति, धर्म समुदाय के लिए न होकर पूरे राज्यवासियों के हितों के लिए है।

उन्होंने कहा कि गोल्जू भगवान की पावन धरती अल्मोड़ा में आकर वें स्वयं को अभिभूत महसूस कर रहे हैं। इतने बड़े जन सैलाब के द्वारा अल्मोड़ा से किए गए स्वागत के लिए उन्होंने अल्मोड़ा वासियों का अभिनंदन किया एवं धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह जनसैलाब हमारे संकल्प में ऊर्जा भरने का काम करता है। चंद राजाओं की भूमि सांस्कृतिक विशेषताओं को संजोए हुए हैं। यहां आर्गेनिक कृषि, दुग्ध विकास, एपन की अपनी अलग पहचान है। इन विशेषताओं को गति देकर अल्मोड़ा में विकास का नया आयाम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सबका साथ सबका विकास एवं सबका विश्वास के मंत्र पर हमारी सरकार अग्रसर है। कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में विकास की गंगा बहाने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि प्रदेश है। यहां हमेशा से सुख शांति से लोग जीवन यापन करते हैं। इस देवभूमि की आबोहवा खराब नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि जो भी देवभूमि की छवि खराब करने का प्रयास करेगा उसके साथ सख्ती से निपटा जाएगा। पूरे प्रदेश में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की लगातार कार्रवाई गतिमान है तथा यह इसी प्रकार चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि जो भी सरकारी कार्य में बाधा डालेगा उसके साथ सख्ती से निपटा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को चेक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस धनराशि से महिलाओं की आर्थिकी में वृद्धि होगी एवं रोजगार सृजन करने में भी मददगार होंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यमशीलता को बढ़ावा देने हेतु 111 करोड़ रुपए के ऋण चेक महिलाओं को वितरित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जो घोषणायें की उनमें भतरौजखान में स्टेडियम का निर्माण, विकासखण्ड लगमड़ा के सर्वादय इण्टर कालेज में 04 कक्षों का निर्माण कार्य, तिलोरा में सिंचाई पम्पिंग योजना, विकासखण्ड हवालबाग के समीप मिनी स्टेडियम का निर्माण, सल्ट के गुलमरा-गैरखेत मोटर मार्ग का डामरीकरण एवं विकासखण्ड द्वाराहाट के ग्रामसभा सकुनी में शुक्रेश्वर महादेव मन्दिर का जीर्णाद्वार का अवशेष कार्य है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मातृ-शक्ति आजीविका महोत्सव’ में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल्स एवं शिल्पकार गैलरी का निरीक्षण किया। मातृशक्ति द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों का अवलोकन करते हुए पहाड़ी नमक पीसने व घी तैयार कर पुरानी स्मृतियों को जीवंत किया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों द्वारा निर्मित ताम्र शिल्प उत्पादों, हथकरघा उत्पादों के साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा वैज्ञानिक सिद्धांतों पर बनाए गए विभिन्न प्रोजेक्टों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ‘एक जिला-दो उत्पाद’ योजना के साथ ही नवाचारों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दे रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी सफल उद्यमी महिलाओं को बधाई देते हुये कहा कि जिस तरह से आपके द्वारा जो कार्य किया जा रहा है उसी तरह आप काम करते रहिये और अन्य लोगों को भी आगे बढ़ाने का काम करते रहिए।

इस दौरान सांसद अजय टम्टा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दौर में नई नई उपलब्धियां प्रदेश हासिल कर रहा है। समान नागरिक संहिता को लागू करने पर उन्होंने पूरे संसदीय क्षेत्र की तरफ से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा प्रदेशवासियों को बधाई दी।

कार्यक्रम का संचालन विभु कृष्ण ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा अल्मोड़ा रमेश बहुगुणा, रानीखेत लीला बिष्ट, विधायक जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा, सल्ट महेश जीना, कपकोट सुरेश गड़िया, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, महिला आयोग उत्तराखंड की उपाध्यक्ष ज्योति शाह मिश्रा, अनिल शाही समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

मातृ-शक्ति कार्यक्रम में अल्मोड़ा पहुंचे सीएम धामी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मातृ-शक्ति को समर्पित “दीदी-भुलि हाथ लगाल, उत्तराखण्ड हौल अमृत काल“ कार्यक्रम में पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आर्मी हेलीपैड से शिखर होटल अल्मोड़ा तक विशाल रोड शो में प्रतिभाग किया।

अल्मोड़ा पहुंचने पर स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान रोड शो में हज़ारों की संख्या में अल्मोड़ा कि जनता ने जय श्री राम के जयकारों के साथ पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

रोड़ शो के दौरान मुख्यमंत्री के साथ सांसद अजय टम्टा, विधायक सुरेश गडियां, विधायक मोहन सिंह मेहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश बहुगुणा, जिलाध्यक्ष भाजपा रानीखेत लीला बिष्ट भी मौजूद रहे।