वित्त मंत्री अग्रवाल ने पीएनबी बैंक की देहरादून मंडल की 100वीं ब्रांच का किया उद्धाटन

देश के दूसरे सबसे बड़े राष्ट्रीय बैंक पंजाब नेशनल बैंक ने देहरादून मंडल के छिद्दरवाला में अपनी 100वीं ब्रांच खोली। जिसका उद्धाटन वित्त मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज रिबन काटकर किया।
शुक्रवार को बैंक की 100वीं शाखा का उद्धाटन कर मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि देश का अग्रणी बैंक पंजाब नैशनल बैंक अपने सामाजिक दायित्वों का भली-भांति निर्वहन कर रहा है, बैंक ग्राहकों को सुविधा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रगतिशील है और अधिक से अधिक बैंक की शाखाओं का विस्तार कर रहा है। जिससे लोग लाभान्वित हो रहे हैं, जो कि एक सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक सीमांत क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं दे रहे है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से बैंक लोगो को लाभान्वित कर रहे है। कहा कि आज का समय डिजिटल ट्रांजैक्शन का है और भारत वर्तमान में तेजी से डिजिटलाइजेशन की ओर बढ़ रहा है, आज भारत में लगभग 40 प्रतिशत ट्रांजैक्शन डिजीटली हो रहा है।
वित्त मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि आने वाले समय में ग्राहकों को और बेहतर बैंकिंग सेवा मिलेगी। कहा कि आज सरकार डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खाते में धनराशि जमा कर रही है जिससे बिचौलिए खत्म होते जा रहे है। उन्होने कहा कि सरकार प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है और दूरस्थ क्षेत्र में पंक्ति पर खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचा रही है।
बैंक के अचल प्रबंधक संजय कांडपाल ने बताया कि बैंक की 100वीं शाखा के छिद्दरवाला में खुलने से सभी गांवों को बेंकिंग सेवाएं प्राप्त होंगी। बचत व जमा राशि से जुड़े विभिन्न उत्पादों से लेकर कृषि ऋण, खुदरा लोन, स्वयं सेवा समूह स्थापना व उनको दिये जाने वाले लोन, ट्रैक्टर, जेसीबी के लोन आदि को यह शाखा जन साधारण करवाएगी। इससे क्षेत्र का असीमित विकास हो सकेगा।
इस मौके पर बैंक के देहरादून मंडल के प्रमुख यशपाल सिंह राजपूत, उप अचल प्रबंधक सुनील सखूजा, उप महाप्रबंधक सिद्धार्थ अधिकारी, सहायक महाप्रबंधक प्रिय रंजन, छिद्दरवाला शाखा प्रबंधक गोपाल पोखरियाल, लीड बैंक अधिकारी देहरादून कुलवीर सिंह पांगती, जिला पंचायत सदस्य रीना रांगड़, ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, व्यापार सभा छिद्दरवाला के अध्यक्ष धनराज रावत, पूर्व जिपंस रमन रांगड़, पूर्व जिपंस देवेंद्र नेगी, छिद्दरवाला इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार थपलियाल, समा पंवार, सचिन पोखरियाल, विमला नैथानी, बगीचा सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

140 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ एक गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने 140 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी पर एनडीपीएस ऐक्ट में केस दर्ज किया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बुधवार देर शाम को पुलिस टीम आईडीपीएल क्षेत्र स्थित मीरा नगर तिराहे पर अवैध नशे के खिलाफ चेकिंग कर रही थी। इसीबीच एक व्यक्ति को चेकिंग के लिए रोका। उसके पास से 140 प्रतिबंधित इजेक्शन बरामद हुए। कोतवाली के एसएसआई डीपी काला ने आरोपी की पहचान राजेश कुमार पुत्र किशनलाल निवासी मीरानगर, गली नंबर 17, आईडीपीएल के रूप में कराई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। टीम में आईडीपीएल चौकी प्रभारी चिंतामणि मैठाणी, कांस्टेबल सचिन राणा, विकास शामिल रहे।

केंद्रीय मंत्री से मिले डा. अग्रवाल, विभिन्न मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा

शहरी विकास मंत्री उत्तराखंड सरकार डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। इस मौके पर देहरादून शहर में मेट्रो नियो परियोजना की डीपीआर को स्वीकृति तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लिए धनराशि और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत डीपीआर लागत का केंद्रांश धनराशि अवमुक्त करने की मांग की।

आज नई दिल्ली स्थित आवास में हुई मुलाकात में डा. अग्रवाल ने राज्य में शहरी विकास के अंतर्गत चल रही योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही केंद्र सरकार के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड में चल रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री को मांग पत्र भी सौंपा। उन्होंन मांग पत्र के जरिए बताया कि देहरादून शहर में मेट्रो नियो परियोजना के 02 एलिवेटेड कॉरिडोर्स जिनकी लंबाई 22.424 किमी और 25 स्टेशन प्रस्तावित हैं। बताया कि इसे पूर्ण करने की अनुमानित अवधि 2025 तथा 1852.74 करोड़ आंकलित है। उन्होंने मांग पत्र सौंपते हुए परियोजना की डीपीआर को स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया।

इस मौके पर मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने एक अन्य मांग पत्र केंद्रीय मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी जी को सौंपा। बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना सबके लिए आवास (शहरी) के लाभार्थी आधारित निर्माण घटक में 53वीं सीएसएमसी में स्वीकृत 956 नए आवास तथा 216 आवासों की वृद्धि के लिए स्वीकृत परियोजनाओं की प्रथम किस्त की धनराशि सहित दो अन्य परियोजनाओं की धनराशि निर्गत कराने की मांग की।

मांग पत्र के जरिए डा. अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री से स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत 02 निकायों चौखुटिया एवं शिवालिक नगर की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की डीपीआर के सापेक्ष केंद्रांश धनराशि अवमुक्त करने का अनुरोध किया। इसी तरह 11 नव गठित निकायों के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की डीपीआर में कूड़े का एकत्रीकरण एवं परिवहन हेतु वाहनों व उपकरणों का प्रावधान स्वीकृत करने की मांग की।

इस मौके पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुूरी ने शहरी विकास मंत्री उत्तराखंड सरकार को इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।

हरेला पर्व को उत्साह से मना रहे भाजपा कार्यकर्ता

भारतीय जनता पार्टी ऋषिकेश मंडल की ओर से डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष में हरेला पखवाड़ा के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल, पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने मंडल के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न प्रजाति के पौधे रोपे।
मंगलवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में 6 जुलाई से 16 जुलाई तक हरेला पखवाड़ा मनाया जा रहा है। कहा कि यह आयोजन न सिर्फ वर्तमान पीढ़ी के जीवन को बनाए रखने बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने में पेड़ों के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए किया जा रहा है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों को कम करने में पेड़ अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों से संबंधित पहल के पूरक के रूप में इस महोत्सव का बेहद महत्व है। कहा कि आधुनिक जीवन शैली एवं रसायनिक दवाओं आदि के प्रयोग से हमारा पेयजल, खाद्य पदार्थ एवं हमारे आस-पास का वातावरण दूषित होता है जिससे बचने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि अपने स्तर पर अधिक से अधिक पौधरोपण करने के साथ-साथ लोगों को पौध रोपण के प्रति प्रेरित एवं जागरूक किया जाए।
पूर्व शिक्षा मंत्री श्री अरविंद पांडेय ने कहा कि पौधारोपण हमारे जीवन का एक अभिन्न अंग है, हमें अपने जीवन में जितना हो सके उतना अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिये। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों की कमी से निरंतर पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बहुत जरूरी है। हम सभी का फर्ज बनता है कि पृथ्वी की खूबसूरती को बनाए रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से बचने और पर्यावरण को शुद्ध बनाने के लिए पेड़ों का होना बहुत जरूरी है। पेड़ प्रकृति का आधार हैं। पेड़ों के बिना प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है।
इस मौके पर आम, पीपल, तुलसी, लीची, बेलपत्र, नींबू सहित फलदार व छायादार पौधे रोपे गए। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से प्रतिवर्ष एक पौधा रोपित कर उसकी देखभाल करने का आवाहन किया गया।
इस मौके पर पूर्व दर्जाधारी संदीप गुप्ता, संजय शास्त्री, इंद्र कुमार गोदवानी, कपिल गुप्ता, मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, महामंत्री सुमित पंवार, महामंत्री जयंत शर्मा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष उषा जोशी, युवामोर्चा अध्यक्ष नितिन सक्सेना, पार्षद शिव कुमार गौतम, राजेश दिवाकर, प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, अनिता तिवारी, माधवी गुप्ता, कविता शाह, पार्षद प्रदीप कोहली, राजपाल ठाकुर, रूपेश गुप्ता, देवव्रत शर्मा, राकेश पारछा सहित अन्य मौजूद रहे।

सुरक्षा के बीच उत्तराखंड पहुंची राष्ट्रपति निर्वाचन की सामग्री

भारत निर्वाचन आयोग ने नई दिल्ली से मंगलवार को राष्ट्रपति निर्वाचन से संबंधित मतपत्र, मतपेटियां, विशेष कलम और अन्य सीलबंद सामग्री उत्तराखण्ड राज्य विधानसभा सचिवालय के लिए प्रेषित की। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पाण्डेय के पर्यवेक्षण में यह निर्वाचन सामग्री सभी राज्यों में प्रेषित की गई।
उत्तराखण्ड राज्य के लिए सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने यह निर्वाचन सामग्री प्राप्त की। सीलबंद निर्वाचन सामग्री अधिकारियों की देखरेख में हवाई मार्ग से देहरादून पहंुची। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बैलेट बॉक्सों की सुरक्षा के लिए विशेष एयर टिकट की व्यवस्था करते हुए निर्वाचन अधिकारी के बगल की सीट आरक्षित की गई थी।
जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से उक्त सामग्री निर्वाचन अधिकारी द्वारा विधानसभा सचिवालय में बनाये गए स्ट्रांग रूम में जमा की गई है। आयोग द्वारा प्राप्त मतपेटियों एवं महत्वपूर्ण निर्वाचन सामग्री को विधानसभा सचिवालय भवन स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दिया गया है। उपरोक्त पूर्ण प्रकिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी करायी गई है।
इस अवसर पर रिटर्निंग आफिसर/सचिव विधान सभा मुकेश सिंघल, सहायक रिटर्निंग आफिसर/संयुक्त सचिव चन्द्रमोहन गोस्वामी, उप सचिव नरेंद्र रावत, उप सचिव लक्ष्मीकांत उनियाल और निजी सचिव विजयपाल सिंह जरधारी मौजूद रहे।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर एसएसपी ने दिये अहम निर्देश

उत्तराखंड में भी कांवड़ यात्रा में तलवार, डंडे, त्रिशुल आदि लेकर आने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय खंडूरी ने बॉर्डर चेकिंग में इन्हें जब्त करने के निर्देश दिए। कहा कि इस मामले में थाना और चौकी प्रभारी भी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
14 जुलाई से आरंभ हो रही कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय खंडूरी, एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल ने व्यापारिक संगठनों, ऑटो, ई-रिक्शा यूनियन और प्रतिनिधियों की बैठक ली। इसमें पार्किंग, ट्रैफिक, सफाई, पेयजल आदि व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। यात्रा के दौरान ओवररेटिंग रोकने के लिए व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धर्मशाला और होटल में रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने मौके पर मौजूद लोगों की समस्याएं भी सुनीं। व्यापारी संजय व्यास ने पूर्व की तरह कांवड़ यात्रा में लोकल सवारियों के लिए अलग से ऑटो आरक्षित रखने, पंकज गुप्ता ने गंगा जल के लिए बिकने वाले प्लास्टिक कैन को जब्त करने के नाम पर व्यापारियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की। इस पर एसएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला, ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को बेहतर तालमेल बनाकर कार्य करने को कहा। यात्रा के दौरान कांवड़ियों की अचानक भीड़ उमड़ने पर क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश को आवश्यक वनवे रूट प्लान तैयार कर प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए निर्देशित किया।
मौके पर ट्रक यूनियन अध्यक्ष जगमोहन सकलानी, प्रांतीय व्यापार अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, नगर महासंघ अध्यक्ष राजेश भट्ट, नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, महामंत्री प्रतीक कालिया, यातायात संघ अध्यक्ष मनोज ध्यानी, टीजीएमओ उपाध्यक्ष यशपाल राणा, स्वर्णकार संगठन उपाध्यक्ष हितेंद्र पंवार, रवि जैन, अभिषेक शर्मा, पार्षद गुरविंदर सिंह, भगवान सिंह पंवार, कोतवाल रवि सैनी, यातायात निरीक्षक हितेश कुमार, एसओजी प्रभारी देहात मुकेश डिमरी, थानाध्यक्ष रानीपोखरी शिशुपाल सिंह राणा, थानाध्यक्ष रायवाला भुवनचंद्र पुजारी, एसएसआई डीपी काला, एसआई विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।

गंगा में दुग्धभिषेक कर जरुरतमंदों को फल वितरित किये

आज महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष युवा जुझारू कर्मशील संघर्षशील करण मेहरा के जन्मदिन पर उनके स्वस्थ व दीर्घायु की कामना हेतु विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत मां गंगा में दुग्ध अभिषेक किया इसके पश्चात जरूरतमंदों को फल वितरित किए गए।
प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री मंत्री विजय सरस्वत ने कहा कि करण माहरा एक कर्मठ एवं जुझारू नेता हैं जिन्होंने समस्त जनों को एकत्र होने का प्रयास किया है। संगठन दृष्टिकोण से युवाओं को जोड़ कर रखा है। प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला ने बताया कांग्रेस परिवार में सभी कांग्रेस भाई एक मंच पर आकर कांग्रेस को मजबूत करने का कार्य करेंगे और उन्होने करण माहरा को हार्दिक शुभकामनाएं भी दी।
महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत द्वारा बताया गया कि सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस के लोगो ने एकमत होकर जन्म उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया। रेलवे रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में केक काटकर भाईचारा का संदेश दिया। मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी मदन मोहन शर्मा, जयेंद्र रमोला, नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, अरविंद जैन, सतीश शर्मा, मधु जोशी, सरोज देवराडी, अभिषेक शर्मा, चंदन कुमार, अशोक शर्मा, योगेश शर्मा, रवि जैन आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जन्मदिन धूमधाम से मनाया

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। जन्मदिन पर ऋषिकेश में कांग्रेसियों ने गंगा में दुग्धाभिषेक कर प्रदेश अध्यक्ष की दीर्घायु की कामना की।
मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता त्रिवेणीघाट पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के जन्मदिन पर गंगा में दुग्धाभिषेक कर उनकी दीर्घायु के लिए पूजा की। इसके बाद कांग्रेसियों ने जरूरतमंदों को फल वितरित किए। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विजय सरस्वत ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा एक कर्मठ एवं जुझारू नेता हैं। उन्होंने समस्त कांग्रेस जनों को एकत्र करने का प्रयास किया है। संगठन के दृष्टिकोण से युवाओं को जोड़ कर रखा है। महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का जन्मदिन पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि करण माहरा के रूप में प्रदेश कांग्रेस को एक युवा नेतृत्व मिला है जो लगातार विपक्ष की भूमिका जनता की आवाज़ व जनविरोधी नीतियों के विरूद्ध सरकार को ख़िलाफ़ उठा रहे हैं। आज करण माहरा जैसे युवा नेताओं की जरूरत है जो लोगो के साथ कंधे से कंधे मिलाकर समस्याओं से लड़े।
इस दौरान कांग्रेसियों ने रेलवे स्टेशन स्थित कांग्रेस भवन में केक भी काटा और एक-दूसरे को खिला खुशी मनाई। मौके पर कांग्रेस प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, अरविंद जैन, सतीश शर्मा, मधु जोशी, सरोज देवराडी, अभिषेक शर्मा, चंदन कुमार, अशोक शर्मा, योगेश शर्मा, रवि जैन आदि उपस्थित रहे।

उत्तराखण्ड में फिल्म प्रशिक्षण केन्द्र खोलने के निर्देश

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित सभागार में विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने सूचना विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में फिल्म सिटी के लिए भूमि का चयन कर लिया जाए और इसमें फिल्म उद्योग से सम्बन्धित अवस्थापना विकास के लिए कार्ययोजना बना लें तथा फिल्म सिटी में फिल्म शूटिंग एवं प्रोडक्शन से सम्बन्धित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराये जाएं।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के फिल्म प्रशिक्षण संस्थान से सम्पर्क कर उनकी शाखा के रूप में फिल्म प्रशिक्षण केन्द्र उत्तराखण्ड राज्य में खोला जाए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय एवं सीमान्त क्षेत्रों में मोबाइल थिएटर के लिए सब्सिडी देने की योजना बनाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखण्ड राज्य की बोली भाषा पर आधारित किसी फिल्म का चयन यदि राष्ट्रीय, अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के फिल्म फेस्टिवल के लिए होता है तो प्रोत्साहन के लिए विशेष सब्सिडी योजना बनाई जाए। विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने उत्तराखण्ड के विश्वविद्यालयों में फिल्म एवं फिल्म निर्माण की विधा से सम्बन्धित कोर्स भी प्रारम्भ करने के लिए निर्देश दिये तथा सीएम हेल्पलाइन से सम्बन्धित विभागीय प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी मीडिया सेन्टर निर्माण हेतु भूमि चयन एवं आगणन हेतु प्रस्ताव तैयार कर लिया जाए। उन्होने कहा कि ई-ऑफिस के रूप में विभाग का ढ़ाचा और अधिकांश सुविधाएं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में महानिदेशक सूचना रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि वेबसाईट व अन्य माध्यम से नई प्रेस मान्यता नियमावली निर्माण के लिए आम सुझाव लिया जा रहा है। इसी प्रकार नई फिल्म नीति बनने के पूर्व सम्बन्धित स्टेक होल्डर से सुझाव लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण कोष के सम्बन्ध में शीघ्र ही मुख्यमंत्री के साथ बैठक प्रस्तावित है।
इस अवसर पर अपर निदेशक डॉ. अनिल चन्दोला, संयुक्त निदेशक आशिष त्रिपाठी एवं केएस चौहान, उपनिदेशक मनोज श्रीवास्तव, अनुसचिव रजनीश जैन मौजूद रहे।

बाल वाटिका कक्षा का सीएम ने किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को निदेशालय माध्यमिक शिक्षा, ननूरखेड़ा में ‘बाल वाटिका कक्षा’ का शुभारम्भ किया। बाल वाटिका के शुभारम्भ के साथ ही उत्तराखण्ड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की शुरूआत करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय भवन का लोकार्पण एवं एस.सी.ई.आर.टी भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों में उद्यमिता के विकास के लिए कौशलम् पुस्तक एवं कैरियर कार्ड का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि इस क्षेत्र के जिन आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति जीर्ण-शीर्ण हो रही है, उनकी मरम्मत की जायेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नरेन्द्र मोदी के राजनीतिक जीवन पर आधारित पुस्तक ‘मोदी/20 रू ड्रीम्स मीट डिलीवरी’ सौंपी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत बाल वाटिका के शुभारम्भ करने वाला उत्तराखण्ड पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एक नया क्रान्तिकारी परिवर्तन है। उन्होंने कहा कि यह शिक्षा नीति नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेगी। यह शिक्षा नीति भारतीय सनातन ज्ञान और विचार की समृद्ध परंपरा के आलोक में तैयार की गई है, जो प्रत्येक व्यक्ति में निहित रचनात्मक क्षमताओं के विकास पर विशेष जोर देती है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बच्चों को सबसे पहले संस्कार माता-पिता से मिलते हैं, उसके बाद उनके व्यक्तित्व निर्माण में पूरी भूमिका शिक्षकों की होती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को 2030 तक पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग से अपेक्षा की है कि विभाग द्वारा 2025 तक शिक्षा के क्षेत्र में कुछ ऐसे कार्य किये जाएं, जो देश में एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत हों। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को लक्ष्य दिया गया है कि 2025 में जब उतराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती मनायेगा, सभी विभाग अपनी कुछ विशेष उपलब्धियां धरातल पर दिखाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्कूलों में आज से बालवाटिका का शुभारम्भ किया गया है। यह कार्यक्रम आज प्रदेश के सभी विकासखण्डों में भी आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के माध्यम से भारतीय ज्ञान परम्पराओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। योग, वेद, पुराणों, स्थानीय बोलियों एवं संस्कृत आधारित शिक्षा पर इसके तहत विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्राइवेट स्कूलों में जो पढ़ाई नर्सरी में होती थी, अब वही पढ़ाई आंगनबाड़ी एवं सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को दी जायेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के पास सिर्फ पढ़ाने का कार्य हो, इसके लिए शिक्षा विभाग में सभी अन्य व्यवस्थाएं ऑनलाईन की जा रही हैं। उत्तराखण्ड में एक साल के अन्दर विद्या समीक्षा केन्द्र बनाये जायेंगे। अगले साल से स्कूलों में अंक सुधार परीक्षा का आयोजन भी किया जायेगा।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, महानिदेशक शिक्षा वंशीधर तिवारी, अपर सचिव शिक्षा दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. आर. के. कुंवर, निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण सीमा जौनसारी, निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा वंदना गर्ब्याल, शिक्षा विभाग एवं महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।