कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने सुनी समस्याएं, 10 लाख की विधायक निधि की घोषणा की

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामसभा जोगीवाला माफी में पहुंचकर ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनी। इस मौके पर आंतरिक सड़कों और आंगनबाड़ी केंद्र में टीन शेड के निर्माण के लिए 10 लाख रूपये देने की घोषणा की।
सोमवार को ग्रामसभा जोगीवाला माफी में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामीणों की समस्याएं जानी। इस मौके पर ग्राम प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा ने कहा आंतरिक मार्ग न होने से आवागमन में दिक्कतें पैदा होती है। बताया कि स्कूली बच्चों को विद्यालय जाने में समस्या होती है, रात्रिकाल में ही आंतरिक मार्ग की कमी महसूस होती है।
ग्राम प्रधान सोबन सिंह कैतुरा ने डा. अग्रवाल को बताया कि ग्रामसभा के आंगनबाड़ी केंद्र में आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों के बच्चे आते है। मगर, यहां तेज धूप और वर्षाकाल में दिक्कतों को देखते हुए टीन शेड के निर्माण की मांग की।
इस मौके पर मंत्री डा. प्रेमचद अग्रवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के ही आशीर्वाद से चुने जाते है। ऐसे में जनता की मूलभूत समस्याओं का निदान करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने ग्रामसभा जोगीवाला माफी में आंतरिक सड़कों के निर्माण और आंगनबाड़ी केंद्र में टीन शेड के निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रूपये देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि आगे भी जनता के विकास कार्यों के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे।
डा. अग्रवाल जी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिल रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास की भावना से सरकार काम कर रही है। कहा कि जनता के लिए किए जाने वाले विकास कार्य हमारी प्राथमिकता है।
इस मौके पर डा. अग्रवाल ने जनता की समस्याओं को जानकर उनका मौके पर ही निस्तारण भी किया। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन के जरिये जन समस्याओं को जानने की बात कही।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख डोईवाला भगवान सिंह पोखरियाल, देवेंद्र सिंह नेगी, प्रधान जोगीवाला माफी सोबन सिंह कैंतुरा, मंडल अध्यक्ष श्यामपुर गणेश रावत, विमला नैथानी, अनिता राणा, महिला मोर्चा अध्यक्ष समा पंवार, प्रधान रायवाला सागर गिरी, प्रधान प्रतिनिधि बलविंदर सिंह, हरीश पैंयूली, अरजिंदर सिंह, हुकुम सिंह रांगड़, भरत सिंह भंडारी, खंड विकास अधिकारी जगत सिंह, अंबर गुरंग, इंद्र सिंह पंवार, सूरजमणी उनियाल, सोबन सिंह रावत, सुशीला नेगी सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

खिलाड़ियों को उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में नेशनल खेलो मास्टर्स गेम्स की स्वर्ण और काँस्य पदक विजेता फुटबाल खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उनके अच्छे खेल प्रदर्शन के लिए बधाई दी। खेलो इंडिया के अंतर्गत आयोजित नेशनल खेलो मास्टर्स गेम्स का आयोजन दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 30 अप्रैल से 3 मई तक किया गया। जिसमे उत्तराखंड की 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और 50 वर्ष आयु वर्ग की फुटबाल टीम ने प्रतिभाग किया गया था।
देहरादून फुटबॉल एकेडमी के संस्थापक एवं हेड कोच, खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ़ उत्तराखंड के महासचिव विरेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि खेलों क़ो बढ़ावा देने के लिए खेलों इंडिया, फिट इंडिया का अभियान युवाओं क़ो प्रेरित कर रहा है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया अभियान के क्रम में खेलो मास्टर्स गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

पुलिस ने कांवड यात्रा को देखते हुए चलाया चेकिंग अभियान


श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न और शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने ऋषिकेश मेला क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। आज शाम करीब 5 बजे देहरादून से पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने देहरादून रोड, नटराज चौक, दून रोड पर स्थित चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड (आईएसबीटी) और त्रिवेणीघाट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। बम निरोधक दस्ते ने नटराज चौक पर संदिग्ध नजर आने वाले दुपहिया और चार पहिया वाहन को रोककर सघन तलाशी ली। उनके सामान की भी जांच की।

पुलिस ने त्रिवेणीघाट पार्किंग में खड़े वाहनों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। डॉग स्कवायड टीम भी जांच के लिए ऋषिकेश पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल ने बताया कि सघन तलाशी अभियान के दौरान संदिग्धों से पूछताछ भी की गई। हालांकि कोई संदिग्ध मामला नहीं निकला। बताया कि कांवड़ यात्रा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।

स्व. बहुगुणा स्मृति पुरस्कार में वरिष्ठ साहित्यकार त्रिलोक चंद का चयन होने पर पत्रकारिता जगत में हर्ष

उत्तराखंड शासन द्वारा वरि. साहित्यकार त्रिलोक चंद्र भट्ट को स्व. रामप्रसाद बहुगुणा स्मृति पुरुस्कार हेतु चयन समिति में सदस्य मनोनीत किया गया है।
उत्तराखंड के विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार शासन स्तर पर सम्यक विचारोपरांत गैर सरकारी सदस्यों में भट्ट के अलावा न्यूज18 के चीफ एडिटर अनुपम त्रिवेदी, तथा हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ नवीन थलेड़ी को भी समिति में सदस्य नामित किया गया है। समिति का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पत्रकार स्व. रामप्रसाद बहुगुणा की स्मृति को चिरस्थाई बनाएं रखने के लिए उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रतिवर्ष 30 मई को, हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर तीन श्रेणियों में राज्यस्तरीय पुरुस्कार दिये जाने का प्रावधान है। जिसके अंतर्गत वरिष्ठ पत्रकार को 2,51,000 रूपए, प्रौढ़ पत्रकार को 1,51,000 रूपए और युवा पत्रकार को 1,25,000 रूपए की धनराशि और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जायेगा।
राज्य के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित होने वाली इस समिति में प्रमुख सचिव/सचिव सूचना उपाध्यक्ष तथा महानिदेशक/निदेशक सूचना सदस्य हैं।
भट्ट के मनोनीत होने पर नगर के साहित्य प्रेमियों, लेखकों और पत्रकारों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

उत्तराखण्ड पुलिस एप और ई.एफ.आई.आर सेवा का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित सभागार में उत्तराखण्ड पुलिस एप तथा ई-एफआईआर सेवा का शुभारम्भ किया। उत्तराखण्ड पुलिस की 5 विभिन्न ऑनलाईन सेवा का एकीकरण कर नया पुलिस एप तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस एप के माध्यम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने इसे सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण के मंत्र के साथ जन सेवा के लिये किया गया बेहतर प्रयास बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्मार्ट पुलिसिंग के विचार को धरातल पर उतारने की भी यह सराहनीय पहल है।
मुख्यमंत्री ने इस एप का व्यापक प्रचार प्रसार किये जाने के निर्देश देते हुए कहा कि नशामुक्त उत्तराखण्ड बनाने तथा चारधाम के साथ ही नये पर्यटन गंतव्यों को बढ़ावा देने की भी इसके माध्यम से प्रभावी व्यवस्था हो। उन्होंने आम जनता की सुविधा के लिये पुलिस विभाग के अलावा अन्य विभागों को भी अपनी ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से प्रयास किये जाने चाहिए। जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना हमारा उद्देश्य होना चाहिए।
पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि उत्तराखण्ड पुलिस एप के माध्यम से उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा आम-जनता के लिये संचालित की जा रही सभी ऑनलाईन सुविधाओं का एक साथ एकीकरण किया गया है, जिसमें उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा संचालित ऑनलाईन एप्प-गौरा शक्ति (महिला सम्बन्धी प्रकरणों में जनपद के किसी भी अधिकारी की शिकायत), ट्रैफिक आई (किसी भी व्यक्ति द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन की जानकारी), पब्लिक आई (किसी भी सुरक्षा सम्बन्धी कानून नियम का उल्लंघन), मेरी यात्रा (उत्तराखण्ड चार धाम से सम्बन्धित जानकारी और पर्यटन संबंधी) एवं लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड (नशे से बचाव व उससे संबंधित जानकारी) जैसी सभी महत्वपूर्ण ऑनलाईन एप्प को एक ही एप्प उत्तराखण्ड पुलिस एप्प के नाम से प्रारम्भ कर आम जनता को सुविधा प्रदान की गयी हैं। उत्तराखण्ड पुलिस एप्प में आम-जनता को आपातकालीन नम्बर 112 व अपनी साथ हुयी साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करने हेतु साइबर हैल्प लाईन नम्बर 1930 को भी जोडा गया है ।
उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखण्ड पुलिस एप के माध्यम से अब आम जन नागरिक वेब पोर्टल (नागरिक पोर्टल) या मोबाइल फोन का उपयोग कर अपने चोरी हुये वाहनों/गुमशुदा दस्तावेजों की ऑनलाइन रिपोर्ट उत्तराखण्ड राज्य के किसी भी जनपद से घर बैठे ही करा सकेंगे। वाहन चोरी/दस्तावेज गुमशुदा सम्बन्धी रिपोर्ट दिये गये विवरण के अनुसार भरनी होगी, जनता द्वारा दी गयी जानकारी तुरन्त ही सीधे ई.एफ.आई.आर. पंजीकरण हेतु प्राधिकृत साइबर थाना देहरादून को ऑनलाइन प्राप्त होगी जिस पर साइबर थाना देहरादून द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुये प्राप्त शिकायत का देखकर उस पर ई.एफ.आई.आर. की जायेगी।

500 राजकीय विद्यालयों के 35 हजार छात्र-छात्राएं होंगी लाभान्वित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सुद्धोवाला देहरादून में अक्षय पात्र, फाउण्डेशन, द हंस फाउण्डेशन तथा शिक्षा विभाग के सहयोग से 63वें केन्द्रीयकृत मिड-डे-मील किचन का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्कूलों के बच्चों को मिड-डे-मील पहुंचाने के लिए वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्कूल के बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। बच्चों ने इस दौरान अपनी जिज्ञासाओं को पूरी करने के लिए मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने बच्चों की सभी जिज्ञासाओं को पूरा किया। केन्द्रीयकृत किचन के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक छोटी बच्ची को गोद में लेकर दुलार किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार, अक्षय पात्र फाउण्डेशन एवं हंस फाउण्डेशन के सामूहिक प्रयासों से बच्चों को उच्च गुणवत्तायुक्त एवं पौष्टिक भोजन की शुरुआत हुई है। अभी इस मिड-डे-मील की शुरुआत 120 स्कूलों के 15 हजार से अधिक बच्चों के लिए की गई है। आने वाले समय में इसे 500 से अधिक स्कूलों के 35 हजार से अधिक बच्चों के लिए केन्द्रीयकृत किचन के माध्यम से भोजन की व्यवस्था की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बच्चों का जीवन स्वस्थ हो और उन्हें उचित पोषण मिले इसके लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हंस फाउण्डेशन द्वारा स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। कोरोना काल में प्रदेश में जरूरतमंदों को हर संभव मदद हंस फाउण्डेशन द्वारा दी गई, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने हंस फाउण्डेशन के प्रणेता श्री भोले जी महाराज एवं मंगला जी माता का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षयपात्र फाउण्डेशन ने भी देवभूमि में सेवा भाव के कार्यों का शुभारम्भ किया है, जिसके लिए उन्होंने अक्षयपात्र फाउण्डेशन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अक्षय पात्र, फाउण्डेशन, द हंस फाउण्डेशन तथा शिक्षा विभाग के सहयोग से जो केन्द्रीयकृत किचन का शुभारम्भ किया गया है। प्रधानमंत्री पोषण कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों को स्वादिष्ट व पौष्टिक भोजन परोसा जायेगा। राज्य में पांच लाख से अधिक बच्चों को सरकार द्वारा मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाता है। डॉ. रावत ने कहा कि हंस फाउंडेशन एवं अक्षय पात्र फाउंडेशन के संयुक्त प्रयासों से आज राज्य में दूसरी एकीकृत रसोई की शुरुआत की गई है, इससे पहले गदरपुर में एकीकृत रसोई का संचालन शुरू कर दिया गया है। राज्य सरकार एक से लेकर बारहवीं कक्षा तक के बच्चों को निःशुल्क किताब, बस्ता, उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही स्कूलों में हर प्रकार की व्यवस्था कर रही है ताकि बच्चों को पठन-पाठन में कोई परेशानी न हो। डॉ. रावत ने बताया कि एक माह में 22 लाख बच्चों को निःशुल्क दवा उपलब्ध की गई। स्कूल खुलने पर बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जायेगा साथ ही उन्हें मुफ्त दवा भी दी जायेगी।
कार्यक्रम हंस फाउण्डेशन की संस्थापक भोले महाराज, माता मंगला, अक्षय पात्र फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन चंचलापति दास, विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पाण्डे, विधायक सहदेव पुण्डीर, मुन्ना सिंह चौहान, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शिक्षा महानिदेशक वंशीधर तिवारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

18 से 59 आयु वर्ग के समस्त लाभार्थियों को निःशुल्क मिलेगी प्रिकाशन डोज

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को महात्मा गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय में कोविड टीकाकरण अमृत महोत्सव का स्वयं टीका लगाकर शुरुआत की। प्रदेश में 18 से 59 आयु वर्ग के सभी लाभार्थियों हेतु निःशुल्क प्रिकाशन डोज की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों से टीकाकरण में सहयोगी बनने को कहा। उन्होंने कहा कि कोविड की रोकथाम के लिये टीकाकरण जरूरी है। राज्य सरकार द्वारा इसके लिये सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के विरूद्ध लड़ाई में वैक्सीनेशन ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है, सभी प्रदेशवासी जो भी 18 वर्ष से ऊपर है वो सभी कोविड प्रीकॉशन डोज अभियान का हिस्सा बनकर कोविड वैक्सीन अवश्य लगवाएं और अन्य लोगों को भी प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में हमने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोरोना महामारी का डटकर मुकाबला किया। उनके नेतृत्व में भारत में कोविड वैक्सीनेशन का महाअभियान चलाया गया, साथ ही मानवता का परिचय देते हुए दुनिया भर में भारत द्वारा वैक्सीन बांटने का कार्य भी किया गया। कोरोना महामारी कम अवश्य हुई है परन्तु अभी खत्म नही हुई है, अभी भी बचाव, जागरूकता, साफ-सफाई एवं वैक्सीनेशन द्वारा ही इससे बचा जा सकता है।

नगर निगम प्रशासन के खिलाफ उत्तराखंड जन विकास मंच लामबंद

उत्तराखंड जन विकास मंच ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोला है। मंच लाल पानी बीट स्थित गुलरानी क्षेत्र में ट्रंचिंग ग्राउंड स्थापित करने के प्रस्ताव से नाराज है। उन्होंने आबादी क्षेत्र से दूर ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने की मांग की।
शुक्रवार को उत्तराखंड जन विकास मंच ट्रंचिंग ग्राउंड विरोध संघर्ष समिति ने गुमानीवाला में हस्ताक्षर अभियान चलाया। मंच अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा प्रस्तावित ट्रंचिंग ग्राउंड केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों को दरकिनार करते हुए आबादी क्षेत्र में बनाया जा रहा है। इसके चलते भविष्य में पानी, मिट्टी और वायु दूषित हो जाने के कारण भावी पीढ़ी को स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए मंच इसका पुरजोर विरोध करता है। समिति सह संयोजक मनोज गुसाईं ने कहा कि मंच द्वारा ट्रंचिंग ग्राउंड के विरोधस्वरूप तथा जन जागरूकता के लिए साप्ताहिक हस्ताक्षर अभियान प्रारंभ किया गया है। इसमें सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पहले ही दिन अपना समर्थन प्रदान किया है।
इस दौरान लेखराज भंडारी, जनार्दन नवानी, वीर सिंह नेगी, विनोद पोखरियाल, देवेंद्र दत्त बेलवाल, गुमान सिंह बुटोला, सुंदर सिंह, नत्थीलाल सेमवाल, रोहित सिंह नेगी, उमेद गुनसोला, सुंदर सिंह, हंसराम तिवारी, सौरव बहुगुणा, वासु रावत, विपिन कुमार, राहुल त्रिपाठी, महेश कुमार, नवीन देशवाल, हरिनारायण, आर्यन क्षेत्री, सुखदेव तिवारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति मतदान तक देहरादून में ही रहेंगे विधायक

राज्य के संसदीय कार्यमंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने आगामी 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति मतदान के दृष्टिगत सभी विधायकों से दिनांक 16 जुलाई (शनिवार) से देहरादून में ही रहने का आग्रह किया है।
मंत्री डा. अग्रवाल ने बताया कि एनडीए से राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू जी उम्मीदवार है। इसी संदर्भ में 16 जुलाई (शनिवार) को मुख्यमंत्री आवास के मुख्य सेवक सदन में शाम सात बजे एक बैठक का आयोजन किया गया है। इसमें सभी विधायकगणों से उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
डा. अग्रवाल ने बताया कि 17 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के तहत मॉक ड्रिल की जाएगी। इसमें भी सभी विधायकगणों से उपस्थित रहने का अनुरोध किया है। डा. अग्रवाल ने सभी विधायकगणों से आग्रह किया है कि 16 जुलाई से 18 जुलाई राष्ट्रपति मतदान तक देहरादून में ही ठहराव करें। मतदान के पश्चात की देहरादून से अपने-अपने क्षेत्र में जाएं।
बता दें कि बीते 11 जुलाई को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार श्रीमति द्रौपति मुर्मू ने देहरादून पहुंचकर सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर समर्थन हासिल किया था।

पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण जरूरी-वित्त मंत्री अग्रवाल

भारतीय जनता पार्टी मंडल श्यामपुर की ओर से हरेला पर्व की पूर्व संध्या पर वृहद स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक ने शिरकत करते पौधरोपण किया और हरेला पर्व का महत्व बताया।
शुक्रवार को गौहरीमाफी स्थित एक प्लॉट में वृहद स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रकृति को ईश्वर का दूसरा रूप कहा जाता है और पेड़ों पर प्रकृति निर्भर रहती है। कहा कि पौधारोपण करना प्रकृति का संरक्षण व संवर्धन है। कहा कि एक पौधा रोपने से़ असंख्य जीव-जन्तुओं के जीवन का उद्धार होता है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि हरेला पर्व पर्यावरण संरक्षण का त्यौहार है। ऋग्वेद में भी हरियाली के प्रतीक हरेला का उल्लेख किया गया है। कहा कि हरेला त्यौहार की प्रसिद्धि आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम भी कर रही है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि पेड़-पौधों की कमी से निरंतर पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बहुत जरूरी है। हम सभी का फर्ज बनता है कि पृथ्वी की खूबसूरती को बनाए रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
इस मौके पर दो दर्जन से अधिक फलदार व छायादार पौधे रोपे गए। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से अपने जन्मदिन पर पौधरोपण करने का आवाहन किया गया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्यामपुर गणेश रावत, महामंत्री रवि शर्मा, भूपेंद्र रावत, सोशल मीडिया प्रभारी राजेश जुगलान, मीडिया प्रभारी नीलम चमोली, गौहरीमाफी प्रधान रोहित नौटियाल, रायवाला प्रधान सागर गिरी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष समा पंवार, उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरंग, महामंत्री पुनीता भंडारी, अनुसूचित मोर्चा मंडल अध्यक्ष बबीता कमल कुमार, सुरेंद्र सिंह रावत, सुमन रावत, आशीष जोशी, गौतम राणा, दीपक जुगलान, कमल कुमार, विष्णु थापा, आयुष रावत, राजवीर सिंह रावत सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।