हरीश रावत सरकार में दायित्वधारी रहे जयपाल जाटव का निधन

हरीश रावत सरकार में दायित्वधारी रहे व दलित समाज के नेता जयपाल जाटव का आज निधन हो गया। जयपाल जाटव कोरोना संक्रमण के चलते एम्स में भर्ती थे। उनके करीबी व एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने बताया कि 25 दिनों से वह एम्स में भर्ती थे। उन्होंने हमेशा निचले वर्ग के लिए संघर्ष किया। कांग्रेस ने अपना सच्चा सिपाही खो दिया। रमोला ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, पूर्व सीएम हरीश रावत ने उनके बड़े पुत्र जतिन को फोन पर सांत्वना दी और परिवार का ढांढ़स बंधाया।

ऋषिकेश नगर कांग्रेस ने जताया शोक
वरिष्ठ कॉंग्रेस नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री जयपाल जाटव के निधन पर ऋषिकेश के कॉंग्रेस जनों ने दुख प्रकट किया है। कहा कि स्व. जयपाल जाटव ने अपना पूरा जीवन कॉंग्रेस की सेवा में लगाया। वह कॉंग्रेस के सच्चे सिपाही थे। उन्होंने सदैव दलितो के उत्थान के लिए कार्य किया। उनके जाने से महानगर कॉंग्रेस को अपूरणीय क्षति हुई है।

शोक प्रकट करने वालोँ में प्रदेश महासचिव बिजय सारस्वत, महानगर अध्यक्ष महंत बिनय सारस्वत, अरविंद जैन, वेद प्रकाश प्रधान, राजकुमार तलवार, प्रदीप जैन, ललित मोहन मिश्र, रुक्म पोखरियाल, विक्रम भंडारी, नंद किशोर जाटव, संजय राजभर आदि मौजूद रहे।

ऋषिकेश पुलिस ने मृतक बुजुर्ग का किया अंतिम संस्कार


ऋषिकेश पुलिस ने एक बार पुनः कोरोना पीड़ित बुजुर्ग की मौत होने पर पुत्र धर्म निभाया है। पुलिस ने 91 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के बाद उनका चंद्रेश्वर नगर स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया।

बता दें कि 91 वर्षीय बुजुर्ग मोहन सिंह रावत पुत्र शमशेर सिंह रावत निवासी प्रेम विहार, श्यामपुर की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। पुलिस को सूचना मिलने पर पता चला कि मृतक की तीन बेटियां और उनकी पत्नी है। फिलहाल बुजुर्ग दंपति ही ऋषिकेश में अकेले रह रहे थे। एक बेटी आशा रावत देहरादून में हैं। परिवार के लोग आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण अंतिम संस्कार कर पाने में असमर्थ थे। पुलिस ने चंद्रेश्वरनगर स्थित श्मशान में शनिवार को विधि विधान से बुर्जुग को मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया।

लैब संचालक पर महिला कर्मचारी के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप, मुकदमा दर्ज


कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्रांतर्गत सीआरएल लैब में कार्यरत महिला ने लैब संचालक पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। महिला ने इस बावत कोतवाली को तहरीर भी दी है, वहीं, कोतवाली पुलिस ने तहरीर को आधार बनाकर सीआरएल लैब संचालक पर आईपीसी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

महिला ने तहरीर में बताया कि सीआरएल लैब के संचालक आशीष कुमार से वह जाॅब के संदर्भ में मिली थी। इस पर 14 मई को मुझे सीआरएल लैब में ज्वाइनिंग मिल गई। मगर, 18 मई को संचालक आशीष की ओर से मुझे कमर से पकड़कर अपनी ओर खींचा गया और गलत हरकत की गई। जब उन्होंने उसका विरोध किया तो आशीष कुमार की ओर से उन्हें धमकी दी गई। इस कारण वह मानसिक रूप से अस्वस्थ्य चल रही है।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी व सीआरएल लैब संचालक आशीष कुमार पर आईपीसी की धारा 354(क) (1) 506 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

शाॅर्ट सर्किट के चलते बस अड्डे में तीन खोखों में लगी आग

बस अड्डे ऋषिकेश के पीछे शॉर्ट सर्किट से यहां स्थापित तीन खोखों में अचानक आग लग गई। इस घटना में एक खोखा आग की भेंट चढ़ गया। सूचना पाकर पुलिस और फायरकर्मी पहुंचे और आग पर काबू पाया।

आज दोपहर करीब 1ः30 बजे संयुक्त यात्रा बस अड्डा परिसर में अचानक तीन खोखों में आग लग गई। आग से आसपास के लोगों में अफरा- तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस व फायर के जवान मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इससे पहले आग बुझती एक खोखो पूरी तरह आग से जलकर खाक हो गया। जबकि दो खोखे आंशिक रूप से चले।

जानकारी के अनुसार बिट्ट पुत्र मुखराम निवासी नई जाटव बस्ती का खोखा पूरी तरह से भस्म हो गया है, जबकि अनिल डंगवाल और मनोज के खोखों में रखा सामान को नुकसान नहीं पहुंचा।
वहीं, स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने मौके पर पहुंच पीड़ितों से पूरी जानकारी प्राप्त की। स्पीकर ने मौके से ही एसडीएम को फोन कर प्रभावितों को मुआवजा देने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मौके पर खोखे यूनियन के अध्यक्ष चरणजीत सिंह काचू, हरि सिंह रांगड, जसवंत वर्मा, नंदकिशोर जाटव, जीतू मुखर्जी, मयंक, तेजपाल शर्मा उपस्थित थे।

पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा ने ली अंतिम सांसे, पूर्णानंद घाट पर हुआ अंतिम संस्कार


कई दिनों से एम्स में भर्ती मशहूर पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा ने आज अपनी अंतिम सांसे ली। उनके निधन की खबर से प्रदेशभर में शोक की लहर फैल गई। राज्यपाल बेबीरानी मौर्य, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और स्पीकर उत्तराखंड प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी-अपनी संवेदनाए व्यक्त की। वहीं, राजकीय सम्मान के साथ मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनके कार्याें को स्मरण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

हिमालय रक्षक, चिपको आंदोलन के प्रणेता सुंदरलाल बहुगुणा का अंतिम संस्कार मुनिकीरेती के पूर्णानंद घाट पर राजकीय सम्मान के साथ हुआ। स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने सुंदरलाल बहुगुणा के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि आज हमने देश के एक बहुमूल्य रत्न को खो दिया। हिमालय की रक्षा और पर्यावरण की सुरक्षा के लक्ष्य को सदैव सर्वोपरि रखने वाले बहुगुणा जी ने सर्वोदय आंदोलन, चिपको आंदोलन से लेकर स्वतंत्रता संग्राम में अपना ऐतिहासिक योगदान दिया। कहा कि उनका सौभाग्य है कि कई विषयों पर बहुगुणा जी के साथ उनकी चर्चा होती थी और वह हमेशा मार्गदर्शक की भूमिका अदा करते थे। कहा कि उनके जाने से एक युग की समाप्ति हुई है।

इस दौरान देहरादून के जिला अधिकारी आशीष श्रीवास्तव, ऋषिकेश के उप जिलाधिकारी वरुण चैधरी, कोतवाल रितेश शाह कई लोग मौजूद रहे।

निशुल्क एंबुलेंस सेवा को स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं ने संचालित

भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 30वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस भवन ऋषिकेश में कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान कोरोना से पीड़ित मरीज की सेवा के लिए एक निशुल्क एंबुलेंस सेवा आरंभ की गई। यह एंबुलेंस कोरोना पीड़ितो को घर से अस्पताल व अस्पताल से घर लें जाने के लिए कार्य करेगी।

कांग्रेस भवन से निशुल्क एंबुलेंस सेवा को प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, नगर अध्यक्ष महंत सारस्वत, पूर्व कबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मोहन शर्मा, कार्यक्रम संयोजक व व्यापारी नेता ललित मोहन मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

एंबुलेंस रवाना करने के पश्चात कॉंग्रेस भवन से लेकर देहरादून रोड, हरिद्वार रोड, घाट रोड पर मास्क व सैनिटाइजर वितरित किए गए। इसके पूर्व कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि भारत में कंप्यूटर क्रांति के जनक स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस में आज एंबुलेंस की सेवा आरम्भ की है जो कोविड-19 मरीजों की सेवा में तत्पर रहेगी। इस सेवा हेतु राजपाल खरोला को 9412050935, पार्षद मनीष शर्मा को 9837072433, ललित मोहन मिश्र को 9927050389, महंत विनय सारस्वत के 94120 51962 के नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि पंचायती राज व सूचना क्रांति के जनक स्व० राजीव गांधी द्वारा किए गए कार्यों को देश भुला नहीं सकता है, उनके द्वारा ही आधुनिक भारत के निर्माण की नींव रखी गई है, चाहे वह सूचना क्रांति हो, पंचायतों को अधिकार देना, 18 वर्ष के युवा को वोटिंग का अधिकार देना हो और चाहे वह सड़कों का जाल हों सभी राजीव गांधी की दूरदृष्टि सोच की देन है।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंबिका सजवान, पार्षद मनीष शर्मा, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज देवरानी, मधु जोशी, सेवादल के नगर अध्यक्ष राम कुमार, सुधीर राय, चंदन सिंह पवार, शैलेन्द्र बिष्ट, विक्रम भंडारी, रुक्कम पोखरियाल, विजय पालसिंह रावत, अभिषेक शर्मा, संजय भारद्वाज, इमरान सैफी, प्रदीप भट्ट, नंदकिशोर जाटव, राजेन्द्र जाटव, अशोक शर्मा, कमलेश शर्मा, पुरन्जय राजभर, सोनू पाण्डेय, हर्ष शर्मा, धर्मेन्द्र गुलीयाल, राजू गुप्ता, हरिराम वर्मा, गब्बर रौतेला, शोभा भट्ट आदि उपस्थित थे।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के निर्देश पर कल से सरकारी अस्पताल की खुलेगी ओपीडी

देहरादून जिले के कोविड प्रभारी व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। यहां सामान्य रोगियों के चिकित्सकों की उपलब्धता न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और ओपीडी को 21 मई से ही खोलने के निर्देश कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डा. एमपी सिंह को दिए। इसके बाद अब शुक्रवार से राजकीय चिकित्सालय की ओपीडी खुलने जा रही है।

आज दोपहर तक लगातार तीर्थनगरी में बारिश होती रही। इसी बीच कोविड प्रभारी देहरादून व सैनिक एवं उद्योग विकास मंत्री गणेश जोशी सरकारी अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का बारिकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री व हरिद्वार सांसद के द्वारा वेंटिलेटर के लिए धनराशि अवमुक्त किए जाने के बाद भी अस्पताल में वेंटिलेटर न होने पर आक्रोश व्यक्त किया। तत्काल वेंटिलेटर अस्पताल के लिए मंगवाने के निर्देश जारी किए। इसके बाद कोविड प्रभारी गणेश जोशी ने आईडीपीएल में तैयार हुए कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने एम्स के चिकित्सकों और सेना के जवानों से पूरी जानकारी हासिल की।

मौके पर स्पीकर उत्तराखंड प्रेमचंद अग्रवाल, सीएमओ अनुप डिमरी, एसडीएम वरूण कुमार चैधरी, डा. यूएस खरोला, फार्मेसिस्ट बीपी भट्ट, मंडल अध्यक्ष भाजपा दिनेश सती, पार्षद शिव कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।

तीर्थनगरी में कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय के जन्मदिन पर हुआ रक्तदान आयोजित


प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के जन्मदिन पर ऋषिकेश में ब्लड ह्यूमन की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। इसमें करीब 15 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

ब्लड ह्यूमन ऋषिकेश ने शिक्षामंत्री अरविन्द पाण्डेय के जन्मदिन पर राजकीय चिकित्सालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया। शिविर का उद्घाटन श्रीभरत मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, व्यापार सभा के महामंत्री प्रतीक कालिया, पूर्व मंडी अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, जिपं सदस्य संजीव चैहान ने संयुक्त रूप से किया। प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने कहा कि कोरोनाकाल में रक्त की कमी देखी जा रही है। ऐसे में रक्तदान किया जाना बेहद आवश्यक है। इसके लिए सभी को आगे आना चाहिए। युवाओं को कोरोना का टीका लगवाने से पहले रक्तदान करना चाहिए। इस दौरान शिविर में आवश्यक जांच के बाद 15 युवाओं ने रक्तदान किया। मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विवेक शर्मा, रंजन अंथवाल, जनार्दन कैरवान, प्रवीण रावत, आयुष नेगी, आनंद यादव, सुभाष डोभाल, जितेन्द्र भट्ट, पुरुषोत्तम राणा, शिव प्रसाद सेमवाल, अभिषेक मैठाणी, नव किशोर, वीरेंद्र बार्थवाल आदि उपस्थित रहे।

ऋषिकेश पुलिस ने दवाओं की कालाबाजारी करने व आरटीपीसीआर टेस्ट में ज्यादा पैसे लेने पर लैब संचालक को पकड़ा


ऋषिकेश में एक ओर जहां पुलिस कर्मी अपनी जान की बाजी लगाकर लोगों की मदद कर रहे है, निशुल्क घर जाकर आक्सीजन उपलब्ध करवा रहे है, यही नहीं कुछ संस्थाएं भी लोगों की मदद कर रही हैं। वहीं, ऐसे लोग भी बेनकाब हो रहे है, जो लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर जीवन रक्षक दवाओ, उपकरणों की ओवर रेटिंग व कालाबाजारी कर, आटीपीसीआर टैस्ट के एवज में ओवर रेटिंग कर रहे है। ऐसा ही एक वाक्या सामने आने पर पुलिस ने एक लैब संचालक को हरिद्वार रोड स्थित लैब से गिरफ्तार किया है।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान एसएसपी देहरादून की ओर से ऐसे व्यक्तियो पर सर्तक दृष्टि रखने को कहा गया है, जो कालाबाजारी और ओवर रेटिंग कर रहे हैं। इसी क्रम में विगत 10 दिनो से ऋषिकेश क्षेत्र में ओवर रेटिंग व कालाबाजारी करने वाले व्यक्तियो के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही थी।

बताया कि बीते रोज कोतवाली ऋषिकेश पुलिस व एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्रान्तर्गत पुरुषोत्तम डाईग्नोस्टिक सेन्टर के संचालक द्वारा लोगो से आरटीपीसीआर टैस्ट के एंवज में 1200 से 1500 रूपये लेकर ओवर रेटिंग की जा रही है, जबकि शासन द्वारा आरटीपीसीआर टैस्ट का शुल्क 700 रुपये निर्धारित किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को सादे वस्त्रो में आरटीपीसीआर टैस्ट कराने हेतु उक्त अलग-अलग लैबो में भेजा गया। उक्त कर्मचारियो से भी पैथोलोजी लैब संचालको द्वारा आरटीपीसीआर टैस्ट के एवज में 1200 रुपये शुल्क लिया गया, जिसका भुगतान उक्त कर्मचारियों द्वारा गूगल पे से किया गया।

इसके बाद पुलिस ने आपदा प्रबन्धन अधिनियम व धारा 3 महामारी अधिनियम अधिनियम के तहत आरोपी व लैब संचालक (संचालक पुरुषोत्तम डाईग्नोस्टिक सेन्टर) डॉ. नवीन गोयल पुत्र पुरुषोत्तम दास निवासी अयोध्या गंज, दादरी, थाना दादरी जिला गौतम बुद्ध नगर, उ0प्र0 हाल किरायेदार म0न0 453 गली नंबर 06 हनुमंत पुरम गंगा नगर, ऋषिकेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक 01 रजिस्टर, 01 स्वैप मशीन, 02 मोबाइल फोन, गूगल पे क्यू0आर0 कोड स्लिप, 78400 रुपये नगद बरामद किए है।

वहीं पुलिस टीम में उप निरीक्षक ओमकान्त भूषण, नवनीत सिंह नेगी, कांस्टेबल सोनी कुमार, गौरव पाठक, सचिन कुमार, अनित शामिल रहे।

कोविड कर्फ्यू के दौरान चेकिंग में ट्यूशन पढ़ा रहा टीचर अरेस्ट

तीर्थनगरी में कोविड कर्फ्यू के दौरान एक कोचिंग संस्थान में टीचर को बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने आपदा प्रबंधन अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक बुधवार को कोविड कर्फ्यू के दौरान चेकिंग पर थे। इसी बीच श्यामपुर क्षेत्र में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट खुला मिला। इसमें 25 से 30 छात्र मौजूद थे। पुलिस ने कोचिंग संस्थान के टीचर को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि आशीष कुमार पुत्र स्व. राम लखन निवासी बंदरामऊ, राही थाना मिल एरिया, जिला बरेली, यूपी पर आपदा प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन करने पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।