सलोनी के लिए किसी देवदूत से कम नहीं ब्लड डोनर ऋषिकेश की टीम

ब्लड डोनर इन ऋषिकेश की टीम के सदस्य शैलेन्द्र कोठारी की बदौलत सड़क दुर्घटना में घायल युवती की जान बच सकी।

दरअसल, बीते रोज टिहरी जिले के ब्यासी चैकी क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना हुई थी। इसमें सलोनी नामक युवती बुरी तरह से घायल हुई। एम्स में भर्ती युवती को चिकित्सकों की टीम ने पैर का आॅपरेशन बताया। मगर, रक्त की कमी के चलते यह आॅपरेशन नहीं किया जा सकता था। ऐसे में सलोनी के परिजनों के सामने ब्लड की कमी हुई।

मगर, परिजनों ने रक्तदान प्रेरक व ब्लड डोनर ऋषिकेश के संस्थापक रोहित बिजल्वाण से संपर्क किया। रोहित ने मामले की गंभीरता को पहचानते हुए अपनी टीम के सदस्य शैलेन्द्र कोठारी से संपर्क किया। रोहित के अनुसार शैलेन्द्र कोठारी का ब्लड ग्रुप एबी नेगेटिव था और यही ब्लड ग्रुप वाला सलोनी को रक्त दे सकता था। रोहित 30 किलोमीटर दूर से डोईवाला निवासी शैलेन्द्र कोठारी को लेकर एम्स पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने शैलेन्द्र से एबी नेगेटिव रक्त अर्जित किया। जो सलोनी के लिए उपयुक्त पाया गया। सलोनी के परिजनों ने रक्तदान प्रेरक व उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

अनावश्यक घूमने वालों पर पुलिस का शिकंजा, कोतवाली ले जाकर दी चेतावनी

ऋषिकेश में अभी तक कोतवाली पुलिस की ओर से सड़कों पर बेवजह घूमने वालों पर चालान की कार्रवाई की जा रही थी। इसके बावजूद यहां के युवा बाज नहीं आ रहे है। वह आसानी से चालान भरकर अगले दिन पुनः सड़कों पर दिखाई दे रहे है। इसके लिए पुलिस ने भी नया तरीका निकाला है।

कोतवाल रितेश शाह की मौजूदगी में सड़कों पर बेवजह घूमने वाले युवाओं को गाड़ी में बैठाकर कोतवाली ले जाया गया। यहां सभी को कड़ी चेतावनी दी और परिजनों को मौके पर बुलाया। इसके बाद कोविड कर्फ्यू का कढ़ाई से पालन करने की बात कहकर जाने दिया गया। कोतवाल ने बताया कि आज ऐसे 14 लड़कों को पकड़ कर कोतवाली लाया गया।

बताया कि ऋषिकेश क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर सख्ती से चेकिंग की जा रही है। नियमों का पालन करवाया जा रहा है।

शाॅर्ट की चपेट में आए दुकानदारों से मिले स्पीकर, ली पूरी जानकारी

ऋषिकेश के हरिद्वार मार्ग स्थित बड़ी मंडी के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्टसर्किट की जांच अब विद्युत विभाग को करनी होगी। स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने घटना के बाद मौके पर जाकर पीड़ितों से पूरी जानकारी हासिल की। इसके बाद विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को मामले की जांच के निर्देश दिए। वहीं, जिला प्रशासन को प्रभावितों को उचित मुआवजा देने को कहा।

दरअसल, शॉर्ट सर्किट होने से 5 दुकानों में आग लग गई। जिनमें महेंद्र कुमार मद्धेशिया, आकाश मद्धेशिया, बादल जायसवाल, राशिद और इरफान की पान भंडार, फलों की दुकान सहित एक फुटकर की दुकान थी। अग्निशमन टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। इससे पहले पांचों दुकानों का सामान आग में जलकर राख हो गया। जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल मच गया।

मौके पर स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने पहुंचकर प्रभावित दुकानदारों से मिलकर पूरी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने आग लगने से होने वाली हानि के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने मौके पर ही उप जिलाधिकारी को दूरभाष पर प्रभावित दुकानदारों की हानि का निरीक्षण कर उचित मुआवजा देने की बात कही। वही, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को अग्निकांड मामले की जांच के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम, मंडी समिति के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, गिरीश छाबड़ा, विनोद जयसवाल, दीपक भारद्वाज, सुमित पवार, विवेक तिवारी, चंद्रभान, ऋषि जयसवाल, मनदीप, वरुण सैनी, सुनील कुमार आदि उपस्थित थे।

बड़ी सब्जी मंडी के बाहर लगी आग से लाखों का नुकसान, पांच दुकानें जलीं

हरिद्वार रोड स्थित बड़ी सब्जी मंडी में बुधवार तड़के शॉर्ट सर्किट से पांच दुकान जलकर स्वाह हो गई। सूचना पर पहुंची फायर विग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब सवा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इससे पहले दुकानों में रखा सामान आग तबाह हो गया।

अग्निशमन प्रभारी बीरबल ने बताया की बुधवार तड़के 1 बजे तक 15 मिनट पर फायर विग्रेड की टीम को सूचना मिली कि हरिद्वार रोड स्थित बड़ी सब्जी में बाहर फल व सब्जी की फुटकर की दुकानों में आग लग गई। सूचना पर तत्काल एक बड़े अग्निशमन वाहन को लेकर फायर विग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। दुकानों पर लगी आग इतनी भयंकर रूप धारण कर लिया था। आग लपटें आसमान में दिखने लगी। करीब सवा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली। इससे पहले पांचों दुकानों का सामान आग में जलकर राख हो गया।

अग्निशमन अधिकारी बीरबल ने बताया की प्रथमदृष्टतया मामला शॉर्ट सर्किट से लाग लगने की वजह बताई जा रही है। बताया की इन दुकानों के पास बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर है। जिससे शॉर्ट सर्किट होने से दुकानों में आग लगी। बताया की करीब पांच लाख रूपये का नुकसान होने को दावा दुकानदारों द्वारा किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है

स्पीकर प्रेमचंद ने की रक्षा मंत्री की सराहना, लिखा पत्र

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने धन्यवाद किया है। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अस्थायी कोविड चिकित्सालय स्थापित करने को लेकर स्पीकर ने रक्षा मंत्रालय की सराहना की है। उन्होंने इस बावत रक्षा मंत्री को पत्र भी लिखा है।

कहा कि डीआरडीओ की मदद से कुमाऊं क्षेत्र में हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज कैंपस में 500 आक्सीजन बेड और आईसीयू बेड बनाए जा रहे हैं। गढ़वाल क्षेत्र में ऋषिकेश के आईडीपीएल में 500 आक्सीजन बेड के अस्थायी अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा है। इसे एम्स ऋषिकेश संचालित करेगा। इसके अलावा हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में डीआरडीओ की मदद से 400 आक्सीजन बेड तैयार किए जा रहे हैं। वैश्विक महामारी की रोकथाम में रक्षा मंत्रालय ने संपूर्ण देश में जिस प्रकार से त्वरित गति से कार्य कर आम जनता को हर संभव सहायता पहुंचाने का कार्य किया है, वह निश्चित रूप से सराहनीय है। उत्तराखंड की जनता को इसका लाभ मिलेगा एवं कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज भी शीघ्रता से होगा।

सीएम राहत कोष में पंचायती राज विभाग ने दिए एक करोड़ 51 लाख

पंचायती राज विभाग की ओर से मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री राहत कोष में कोविड-19 हेतु के 1 करोड़ 51 लाख की धनराशि चेक के माध्यम सौंपी गई।

मुख्यमंत्री द्वारा पंचायती राज विभाग के इस पहल की सराहना की गई। सचिव पंचायती राज हरीश चंद्र सेमवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु प्रदेश की सभी 13 जिला पंचायतों ने अपनी निधि से एक करोड़ रुपए की धनराशि एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों ने अपने वेतन से 51 लाख यानी कि कुल एक करोड़ 51 लाख रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए सौंपे गए।

कोरोना से जंग लड़ रहे हर शख्स की सर्मपण के साथ करेंगे सेवाः आप

आम आदमी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी डॉ राजे सिंह नेगी ने बताया कोराना कहर के बीच ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग इस वैश्विक महामारी की चपेट में आए हैं। कुछ परिवारों के सभी सदस्य कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। ऐसे में उनके सामने खाने-पीने आदि का भी संकट खड़ा हो गया है। जिसको देखते हुए पार्टी ने इस दिशा में समर्पण के साथ जरूरतमंद संक्रमित रोगियों की सेवा करने के संकल्प के साथ हैल्पलाइन शुरू की है। इसके तहत पार्टी के वॉलिंटियर्स ऐसे सभी गरीब जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री की किट उनके घर दरवाजे पर पहुंचाएगें। उन्होंने आम जनमानस से भी अपील की है कि अगर उनकी जानकारी में ऐसे किसी भी व्यक्ति या परिवार के बारे में पता चलता है जो कोरोना संक्रमित है और उसे मदद की जरूरत है ,उसकी हम हर संभव मदद करेंगे।

पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी डॉ नेगी के अनुसार कोरोना महामारी में सबसे बड़ी समस्या होम आइसोलेशन में रहने वालों के लिए है।वह न तो कहीं घर से बाहर निकल पाते हैं, और न ही कोई डर की वजह से उनतक सामान पहुंचाता है।ऐसे हालातों को देखते हुए कोरोना संक्रमितो एवं होम आइसोलेशन के मरीजों की सेवा के लिए पार्टी ने यह नेक पहल शुरू की है। इस सेवा मुहिम में संगठन मंत्री दिनेश असवाल, अमित विश्नोई, दिनेश कुलियाल, राधे शाहनी, सुनील सेमवाल, गणेश बिजल्वाण, रवि कुकरेती, प्रवीन असवाल, अमन नौेटियाल, मयंक भट्ट, सरदार गुरुप्रीत सिंह सहयोग करेंगे।

आक्सीमीटर को ऊंचे दाम में बेच रहा था फिजियोथैरेपिस्ट, गिरफ्तार

ऋषिकेश पुलिस ने आक्सीमीटर, आक्सीजन फ्लोमीटर की कालाबाजारी कर महंगे दामों में बेचने वाले फिजियोथैरेपिस्ट को अरेस्ट किया है।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि सोशल मीडिया एवं मुख्बिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति दिल्ली से चोरी-छिपे मेडिकल उपकरण सस्ते दामों में लाकर, अपने होंडा अमेज गाड़ी में रखकर पीड़ित एवं गरीब व्यक्तियों को दोगुने तिगुने दामों में बेचकर महामारी का फायदा उठा रहा है और 6500 रूपये ले रहा है। जिसे आज अरेस्ट कर लिया गया है।
कोतवाल ने आरोपी की पहचान मुकेश कुमार पुत्र राजेंद्र यादव निवासी आवास विकास कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश के रूप में कराई है। बताया कि आरोपी से पांच ऑक्सीमीटर, 10 ऑक्सीजन फ्लोमीटर, छह हजार रूपए नगद, एक वाहन को सीज किया है।

एक साल से ऋषिकेश में कर रहा मेडिकल व्यापार
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 1993 से 1996 तक बिहार से फिजियोथैरेपिस्ट की है, तथा में कई वर्षों से मेडिकल से संबंधित सामान की बिक्री करता आ रहा हूं। पिछले 1 साल से ऋषिकेश में रहकर मेडिकल से संबंधित सामान का व्यापार कर रहा हूं। वर्तमान समय में कोविड-19 के चलते बाजारों में ऑक्सीजन फ्लोमीटर की बहुत ही ज्यादा कमी हो गई है। जिस कारण में जरूरतमंद लोगों को काफी ऊंचे दामों में बेचकर उनकी मजबूरी का फायदा उठा रहा हूं। मैंने उक्त सामान दिल्ली से चोरी-छिपे किसी के माध्यम से मंगवाया था। जिनमें से मैंने काफी सामान ऋषिकेश में जरूरतमंद लोगों को बेच दिया है, एवं कुछ सामान मेरे घर में रखा हुआ है।

वहीं, पुलिस टीम में कोतवाल रितेश शाह, एसएसआई ओमकातं भूषण, कांस्टेबल नवनीत नेगी, सोनी कुमार, अनित कुमार, सचिन कुमार, कमल जोशी, प्रवीण सिंधु आदि शामिल रहे।

सीएम तीरथ सिंह रावत ने किया 18 से 44 वर्ष के लोगों के टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने राजधानी देहरादून के हरिद्वार बायपास रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग न्यास में 18 से 44 वर्ष के लोगों के टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में टीकाकरण अभियान का तीसरा दौर शुरू हो गया है जिसके तहत प्रदेश के 50 लाख युवाओं का कोविड टीकाकरण होना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पहला ऐसा राज्य जहां सबसे पहले 18 से 44 वर्ष के लोगों के मुफ्त टीकाकरण की घोषणा की गई, जिसके लिए राज्य सरकार 400 करोड़ का खर्चा वहन करेगी। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि आज से इस टीकाकरण अभियान की विधिवत शुरुआत हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोविड टीकाकरण अभियान को हर न्याय पंचायत स्तर तक भी ले जाया जाए, मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर कोविड-19 टीकाकरण हेतु कैंप लगाए जाएं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि टीकाकरण हेतु बनाए गए सभी बूथों पर बुजुर्गों, दिव्यांगों हेतु अलग से व्यवस्था की जाए ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा है टीकाकरण के बाद भी मास्क. सैनिटाइजर और कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन करें। मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत, विधायक राजपुर खजान दास, विधायक धर्मपुर विनोद चमोली, मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार आरबीएस रावत जिलाधिकारी देहरादून आशीष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

कोविड कर्फ्यू का उल्लंघन करते 22 आटो को पुलिस ने किया सीज

कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में अनावश्यक रूप से घूमते और कोविड कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 22 आटो सीज किए है।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि कोविड कर्फ्यू के दौरान सुबह 11 बजे तक नियमों का उल्लंघन कर अनावश्यक रूप से घूमने वाले 22 (बाईस) आटो चालकों के वाहनों को सीज किया गया है। समस्त चेकिंग पॉइंट पर सख्ताई से चेकिंग की जा रही है।

ऋषिकेश क्षेत्र में अलग-अलग जगह पर पॉइंट बनाकर सख्ती से चेकिंग की जा रही है। नियमों का पालन करवाया जा रहा है।