स्पीकर प्रेमचंद ने विधायक निधि से 10 लाख रूपए खदरी ग्राम पंचायत को देने की घोषणा


ऋषिकेश विधानसभा का जो ग्रामीण क्षेत्र नगर निगम में सम्मिलित नहीं होना चाहता है उन्हें सम्मिलित नहीं किया जाएगा। यह बात स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने खदरी ग्राम पंचायत के चोपड़ा फार्म में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कही। इस मौके पर उन्होंने ग्राम पंचायत के अंतर्गत निर्माणाधीन आंतरिक मोटर मार्गो के लिए एवं स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 10 लाख रूपए की विधायक निधि देने की घोषणा की। कहा कि विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

मौके पर स्पीकर ने अनेक लोगों की समस्याएं भी सुनी और मौके पर ही उन समस्याओं का समाधान भी किया। कहा कि उन्होंने हमेशा जन भावनाओं के अनुरूप कार्य किया और जनता का हित ही सर्वोपरि है। कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मोटर मार्गों का जाल बिछा हुआ है, शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए करोड़ों के कार्य धरातल पर हो रहे हैं, विद्युत आपूर्ति, बंचिंग केबल, पुराने विद्युत पोलों को बदलना यह सब कार्य निरंतर चल रहे हैं।

अपने संबोधन में बताया कि खदरी ग्राम पंचायत के अंतर्गत आज हर चैराहे पर स्ट्रीट लाइट चमकती है, हर सड़क का डामरीकरण हुआ है, हर घर में शुद्ध पेयजल आपूर्ति का कार्य प्रगति पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में शीघ्र ही सीवरेज का कार्य भी प्रारंभ होगा ताकि स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

इस दौरान स्पीकर ने लोगों को कोरोना संक्रमण के बचाव की अपील भी की और कहा है कि सामाजिक दूरी का पालन करना एवं नियमित मास्क लगाना और सैनिटाइजर का उपयोग अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना चैहान, वीर सिंह बड़ोला, सुंदरलाल जख्मोला, रघुवीर सिंह रावत, मोहन सिंह रावत, गोविंद सिंह रावत, सूरजपाल, शमशेर सिंह भंडारी, दीपा नेगी, कमला नेगी, विमला नैथानी आदि सहित अनेक लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन गौतम राणा एवं संचालन रवि शर्मा ने किया।

स्पीकर ने सुनी कृष्णानगर काॅलोनी में जनसमस्याएं, सड़कों के लिए दिए 10 लाख

कृष्णानगर काॅलोनी ऋषिकेश की आंतरिक सड़कें अब 10 लाख रूपए की विधायक निधि से बनेंगी। स्पीकर उत्तराखंड प्रेमचंद अग्रवाल ने इसकी घोषणा की है। स्पीकर ने आज कृष्णानगर काॅलोनी में जन समस्याएं सुनी। साथ ही उन्हें कर कीमत पर बसाने का आश्वासन भी दिया।

स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि कृष्णानगर कॉलोनी को नगर निगम में शामिल करने अथवा नयी ग्राम सभा के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री को दिए गए 21 सूत्रीय मांग पत्र में प्रमुख रूप से आग्रह किया है। कहा कि कृष्णानगर कॉलोनी को किसी भी हालत में उजड़ने नहीं दिया जाएगा। जिसके लिए वह हर पल कृष्णानगर वासियों के संग खड़े है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाए जाने के निर्देश भी दिए गए है।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उपस्थित कन्याओ को नवरात्रा के पावन अवसर पर फूल माला पहनायी एवं देवी स्वरूप कन्याओं के पैर छूकर आशीर्वाद भी प्राप्त किया। साथ ही 3.66 करोड से पेयजल समस्या के निदान जैसे सड़क, बिजली, पानी सहित क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों को लेकर फूल मालाओं से आभार व्यक्त किया। विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी सुना एवं कई समस्याओं का संबंधित विभाग के अधिकारियों के संग वार्ता कर समाधान भी निकाला।

विधानसभा अध्यक्ष ने कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए संक्रमण से बचने के लिए लोगों को जागरूक भी किया। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचना है तो “दवाई के साथ कढ़ाई “ का मंत्र अपनाना होगा। उन्होंने सभी से सामाजिक दूरी एवं अनिवार्य रूप से मास्क एवं सैनिटाइजर का प्रयोग करने की अपील की एवं अनावश्यक घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरभद्र मंडल के मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी एवं संचालन नगर निगम पार्षद सुंदरी कंडवाल ने किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश चंद शर्मा, सदानंद यादव, आरती दुबे, मनोरमा देवी, पुरुषोत्तम, निर्मला उनियाल, करण सिंह, तिलक चैहान, जोगेंद्र सैनी, सुनील यादव, राजकुमार भारती, चंद्रदेव पांडे आदि उपस्थित रहे।

सांस लेने में तकलीफ व फेफड़ों में संक्रमण की शिकायत पर एम्स भर्ती हुए बच्ची सिंह रावत

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री बच्ची सिंह रावत की तबियत बिगड़ने पर उन्हें उपचार हेतु एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया है।

शनिवार अपराह्न में पूर्व मंत्री बच्ची सिंह रावत जी को हेली एम्बुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी से एम्स ऋषिकेश लाया गया। उन्हें इमरजेंसी में भर्ती किया गया है जहां विशेषज्ञ चिकित्सक उनकी देखभाल कर रहे हैं। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल जी ने बताया कि चिकित्सकों द्वारा की गई शुरुआती जांच में पाया गया कि पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री बच्ची सिंह रावत जी को सांस लेने में तकलीफ और उनके फेफड़ों में संक्रमण की शिकायत है। उन्होंने बताया कि विभिन्न परीक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें उचित उपचार हेतु शीघ्र ही आईपीडी में शिफ्ट कर दिया जाएगा।

कुंभ में बेहतरीन कार्य करने पर कांस्टेबल हरीश गुंसाई हुए सम्मानित

महाकुंभ में शाही स्नान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने पर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने ऋषिकेश में तैनात जल पुलिस के सिपाही हरीश गुंसाई को सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें हरिद्वार में नगद पुरस्कार देकर दिया गया।

बता दें कि जल पुलिस का यह सिपाही हरीश गुंसाई गंगा नदी में शाही स्नान के दौरान आठ लोगों को मौत के मुंह से बाहर निकालकर लाया। कांस्टेबल हरीश गुसाईं के इस साहस भरे कार्य के लिए उन्हें डीजीपी अशोक कुमार ने नगद पुरुस्कार से सम्मानित किया है। साथ ही आगे भविष्य में भी अपने कर्तव्यों का ऐसी प्रकार निर्वाहन करने की शुभकामनाएं दी है।

देवडोलियों के कुंभ स्नान का टीवी पर होगा लाइव प्रसारणः सतपाल महाराज

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने देवडोलियों के संदर्भ में आहूत एक बैठक में कहा कि 24 व 25 अप्रैल को ऋषिकेश व हरिद्वार में होने जा रही देवडोलियों की शोभायात्रा पुलिस बैंड के साथ निकलेगी। इसके अलावा देवडोलियों के पावन महाकुंभ स्नान को जन-जन तक पहुंचने के लिये टीवी पर लाइव प्रसारण किया जायेगा। साथ ही संस्कृति विभाग द्वारा पशवा, पुजारी व ढोल वादकों को मानपत्र व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मनित किया जायेंगे।

इस अवसर पर श्री देवभूमि लोकसंस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति के परमाध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी ने कहा कि विश्व में भारत की गरिमामयी यशस्वी वसुधैव कुटुंबकम की मानवतावादी सनातनी संस्कृति है। नागाधिराज हिमालय उत्तराखंड की दैवत्व व लोककल्याणकारी मानवता से परिपूर्ण जीवन के सच्चिदानंदमय लोकसंस्कृति विरासत का संरक्षण व संवर्धन से भक्ति, आस्था, विश्वास के साथ साथ पर्यटन व पर्यावरण को भी प्रोत्साहित मिलेगा।

समिति के केन्द्रीय प्रवक्ता डॉ. धीरेंद्र रांगड़ ने कहा कि 24 अप्रैल तक बाहरी प्रान्तों के श्रद्धालुओं की भीड़ भी कम होने की उम्मीद है, फिर भी श्रद्धालुगण कोरोना के नियमों का पालन करते हुए देवी-देवताओं का आशीष प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए मास्क, सैनीटाइजर के साथ ही हरिद्वार में काढ़े की व्यवस्था भी की जायेगी।

इस अवसर पर समिति के केन्द्रीय प्रवक्ता डॉ. धीरेंद्र रांगड़, देहरादून प्रतिनिधि पं.भास्कर डिमरी, संजीव रौथाण, नितेन्द्र बोरा, हरिद्वार प्रभारी मुकेश जोशी, अनिल गिरी, आशाराम व्यास, विशालमणि पैन्यूली आदि उपस्थित थे।

स्पीकर की पेयजल निगम अफसरों के साथ हुई बैठक, जल्द सीवर लाइन बिछाने पर हुई वार्ता

जर्मन सरकार के क्लाइमेट प्रूफिग प्रोजेक्ट (केएफडब्ल्यू) के अंतर्गत ऋषिकेश में पहले चरण में 459.14 करोड़ रुपए की लागत से 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाये जाने के साथ ही पंपिग स्टेशन एवं एसटीपी प्लांट निर्माण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।उक्त जानकारी आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने पेयजल निगम के अधिकारियों के संग बैठक के उपरांत कही।
बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने पेयजल निगम के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में केएफडब्ल्यू के अंतर्गत ऋषिकेश में पहले चरण में लगभग 459 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले सीवरेज निर्माण कार्यों के संबंध में अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विधानसभाध्यक्ष ने नमामि गंगे के कार्यक्रम निदेशक उदयराज से दूरभाष पर वार्ता कर योजना के निर्माण कार्यों को शीघ्र ही प्रारम्भ करने के निर्देश दिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि वित् पोषित कार्यक्रम केएफडब्ल्यू के द्वारा योजना को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। जिसमें जर्मन सरकार की केएफडब्ल्यू संस्था एवं भारत सरकार के बीच लोन एग्रीमेंट भी हस्ताक्षरित हो चुके हैं। इस योजना के बनने के बाद सीवर की समस्या का पूर्ण निदान हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि केएफडब्ल्यू योजना के अंतर्गत लाभान्वित होने वाले क्षेत्रों में नगर निगम, ऋषिकेश के समस्त 40 वार्ड जिनमें शैल विहार, प्रगति विहार, इंदिरा नगर, मीरा नगर, तुलसी विहार, शिवाजी नगर, बापू ग्राम, रामबाग, निर्मल बाग, बीरपुर खुर्द, श्यामपुर, खदरी खडगमाफ सहित अन्य क्षेत्र है।इस कार्यक्रम के द्वारा गंगा नदी में प्रवाहित हो रही दूषित जल की रोकथाम कर गंगाजल को स्वच्छ किया जाना मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत ऋषिकेश की लगभग सवा लाख से अधिक जनसंख्या को सीवर योजना से लाभान्वित किया जायेगा।
इस अवसर पर पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक ए.के चतुर्वेदी ने बताया कि केएफडब्ल्यू योजना के अंतर्गत पहले चरण में ऋषिकेश नगर के समस्त वार्डों एवं खदरी खड़क माफ ग्रामीण क्षेत्र में 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही आस्था पथ के निकट व आवास विकास में एक-एक सीवरेज पंपिग स्टेशन तथा खदरी खड़कमाफ ग्रामीण क्षेत्र में 2.0 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है।

बैठक में परियोजना अभियंता रविंद्र सिंह, सहायक परियोजना अभियंता सुशील बहुगुणा एवं सहायक परियोजना अभियंता धर्मेंद्र कुकरेती मौजूद थे।

एम्स ऋषिकेश में नर्सिंग अफसरों के लिए एक दिवसीय पेपर लेखन कार्यशाला आयोजित

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में नर्सिंग अफसरों को रिसर्च के क्षेत्र में कार्य करने के लिए पेपर लेखन कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें उन्हें रिसर्च पेपर तैयार करने के तौर-तरीके बताए गए।

गौरतलब है कि एम्स संस्थान की ओर से नर्सिंग के क्षेत्र में रिसर्च गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए सततरूप से कार्य किया जा रहा है, जिससे नर्सिंग ऑफिसरों के अनुभव व अनुसंधान से मरीजों को उपचार में अधिकाधिक लाभ मिल सके। इसके लिए नर्सिग ऑफिसरों को अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। हाल ही में संपन्न हुई तीन दिवसीय कार्यशाला में विशेषज्ञों ने नर्सिंग ऑफिसर्स को रिसर्च से संबंधित विषयों, अनुभव व अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का प्रशिक्षण दिया था। जिसके लिए संस्थान के 1000 नर्सिंग ऑफिसरों ने अपना पंजीकरण कराया है। जिन्हें प्रत्येक माह 40-40 के बैच में रिसर्च के क्षेत्र में कार्य करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
इसी क्रम में संस्थान में एक दिवसीय रिसर्च पेपर लेखन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें एम्स निदेशक प्रो. रविकांत ने कार्यशाला में शामिल होने वाले प्रतिभागी नर्सिंग ऑफिसरों को रिसर्च के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निदेशक एम्स प्रो. रवि कांत ने कहा ​कि नर्सिंग से जुड़े लोग अधिक समय तक मरीजों के बीच होते हैं, लिहाजा नर्सिंग के क्षेत्र में रिसर्च व उनके अनुभव से मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सेवा मिल सकेगी। इसके लिए नर्सिंग ऑफिसरों को अनुसंधान के लिए आगे आना होगा।

डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता, डीन रिसर्च प्रो. वर्तिका सक्सेना व प्रिंसिपल कॉलेज ऑफ नर्सिंग डा. वसंथा कल्याणी ने अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए इस तरह की कार्यशालाओं की प्रशंसा की। कार्यशाला की समन्वयक रूपिंदर देओल ने बताया ​कि कार्यशाला के लिए संस्थान के लगभग 1000 नर्सिंग ऑफिसरों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिन्हें आने वाले महीनों में अगल अगल बैच में प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही उम्मीद जताई कि कार्यशाला के बाद अधिकाधिक संख्या में नर्सिंग ऑफिसर शोध के लिए प्रेरित होंगे और अपने रिसर्च पेपर्स पब्लिश कराएंगे। कार्यशाला में सभी नर्सिंग फैकल्टी ने बतौर प्रशिक्षक प्रतिभाग किया।

एम्स ऋषिकेश में स्वच्छता जनजागरूकता पखवाड़े का हुआ समापन

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश में आयोजित स्वच्छता जनजागरुकता पखवाड़ा विधिवत संपन्न हो गया। पखवाड़े के दौरान सफाईकर्मियों को कूड़ा निस्तारण के उपाय और स्वच्छता से जनस्वास्थ्य की दृष्टि से होने वाले लाभ संबंधी विस्तृत जानकारियां दी गई। अभियान के अंतिम दिन विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने स्वच्छता जनजागरुकता कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
गौरतलब है कि एम्स ऋषिकेश में निदेशक प्रो. रविकांत की देखरेख में ’स्वच्छता पखवाड़े’ की शुरुआत बीती 1 अप्रैल को की गई थी। इसके अंतर्गत दो सप्ताह तक आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान संस्थान के अलग अलग विभागों की टीमों द्वारा स्वच्छता संबंधी कार्यक्रमों के माध्यम से मरीजों और उनके तीमारदारों को साफ सफाई को लेकर प्रेरित किया और इससे जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले अच्छे प्रभावों से रूबरू कराया।
आयोजित कार्यक्रमों के तहत ओपीडी एरिया, आईपीडी एरिया, कैंटीन एरिया, वेटिंग एरिया, किचन एरिया और संस्थान के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी, ट्राॅली रिले एक्टिविटी, ऑनलाइन वेबिनार, टीवी स्क्रीन पर डिस्पले प्रोग्राम आदि खासतौर से आयोजित किए गए।

आयोजित एक कार्यक्रम में संस्थान के सफाई कर्मियों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें अनुपयोगी ठोस अपशिष्ट पदाथों से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को लेकर आगाह किया गया। बताया गया कि अपशिष्ट कचरे का प्रबंधन से मृदा संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के लिए नितांत जरूरी है। लिहाजा अपशिष्ट कचरे का प्रबंधन व इसका समय रहते निस्तारण किया जाना आवश्यक है। उधर हाॅस्पिटल इन्फेक्शन टीम द्वारा संस्थान के नर्सिंग ऑफिसरों को हाथों को सही तरीके से धोने और स्वच्छ रखने का प्रशिक्षण दिया गया।

इस अवसर पर अपने संदेश में निदेशक प्रो. रविकांत ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। लिहाजा इसे दैनिक जीवन में अपनाया जाना नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ समाज से ही स्वस्थ समाज की परिकल्पना संभव हो सकती है। इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता के प्रति संकल्पित रहे और स्वच्छ भारत की परिकल्पना को साकाररूप देने में अपना योगदान सुनिश्चित करे।

डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता ने बीमारियों के नियंत्रण में स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से की जाए तो हमारे आसपास का वातावरण खुद ब खुद स्वच्छ हो जाएगा।

डीन हाॅस्पिटल अफेयर्स प्रो. यूबी मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है। साफ-सफाई रखने से संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है। स्वच्छता के नियमों का पालन करने से हम सभी का जीवन भी निरोगी रहता है।

आयोजन में मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. बीके बस्तिया, डा. अनुभा अग्रवाल, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मनीष शर्मा, डा. पूजा भदौरिया, डा. लेविन आदि मौजूद थे।

कृष्णानगर कॉलोनी में तीन करोड़ 66 लाख की लागत से पेयजल योजना का हुआ शुभारंभ

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कृष्णानगर कॉलोनी में लंबे समय से पेयजल की समस्या का अब निदान हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने आज कृष्णनगर कॉलोनी में 3 करोड़ 66 लाख 23 हजार रुपये की लागत से कृष्णा नगर पेयजल योजना का शिलान्यास विधिवत पूजा अर्चना के संग किया।

उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम कार्यक्रम के अंतर्गत कृष्णनगर पेयजल योजना के शिलान्यास का कार्यक्रम कृष्णनगर कॉलोनी के अंतर्गत रखा गया। मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कृष्णानगर कॉलोनी में विगत कई समय से पानी की समस्या बनी हुई थी। जिसके लिए वह कृष्णानगर में पेयजल आपूर्ति के लिए योजना के संबंध में प्रयासरत थे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कृष्णनगर कॉलोनी में वर्तमान समय में बिजली, सड़क एवं अब पानी की समस्या का समाधान कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से हजारों की संख्या में कॉलोनी के परिवार लाभान्वित होंगे एवं हर घर नल लगाकर पानी की आपूर्ति पूरी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस योजना से कृष्णानगर कॉलोनी क्षेत्र के आसपास के हजारों लोगों को लाभ होगा। योजना के अंतर्गत 3 करोड 66 लाख रुपए की लागत से ट्यूबवेल, उच्च जलाशय (विशाल टैंक), पंप हाउस, स्टाफ क्वार्टर्स, राइजिंग मेन के कार्य किए जाएंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मानक एवं गुणवत्ता के क्रम में निर्माण कार्यों को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि तय समय में कार्य को पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति से लाभान्वित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान वीर भद्र मंडल के मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी, पेयजल निगम के अधीक्षण अभियंता अनुज कौशिक, अधिशासी अभियंता हेमचंद जोशी, रमेश चंद शर्मा, सदानंद यादव, आरती दुबे, मनोरमा देवी, पुरुषोत्तम, निर्मला उनियाल, करण सिंह, तिलक चैहान, जोगेंद्र सैनी, सुनील यादव, राजकुमार भारती, चंद्रदेव पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पार्षद सुंदरी कंडवाल ने किया।

गंगा से बेहोशी की हालत में व्यक्ति को जल पुलिस ने सकुशल निकाला


जल पुलिस ने आज एक व्यक्ति को बेहोशी की हालत में गंगा नदी से बाहर निकाला। जिसे तुंरत सीपीआर देकर होश में लाया गया।

दरअसल, 47 वर्षीय मुरादाबाद यूपी निवासी गोविंद पुत्र ताराचंद नावघाट पर गंगा स्नान कर रहे थे। तभी उनका संतुलन बिगड़ा और वह गंगा नदी में जा गिरे। मौके पर चीख पुकार मच गई। जल पुलिस के जवानों ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद गोविंद को गंगा नदी से बाहर बेहोशी की हालत में निकाला गया। बाहर लाकर उसे तुरंत सीपीआर देकर होश में लाया गया। जल पुलिस की टीम में कांस्टेबल सतपाल पवार, कांस्टेबल मुकेश नेगी, कांस्टेबल हरीश गुसाईं, गोताखोर सुनील शामिल रहे।