स्पीकर ने राजकीय चिकित्सालय और निर्मल अस्पताल को एंबुलेंस देने की घोषणा

स्पीकर व ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी विधायक निधि से ऋषिकेश स्थित एसपीएस राजकीय चिकित्सालय एवं निर्मल आश्रम अस्पताल को उनकी आवश्यकता को देखते हुए हाईटेक उपकरणों से युक्त एक-एक एंबुलेंस देने की घोषणा की।

उन्होंने एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में एक एंबुलेंस के साथ रोगियों की सुविधा को 8 कूलर देने की घोषणा भी की। वहीं, निर्मल आश्रम के अस्पताल को भी आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित एक एंबुलेंस देने की घोषणा की।

इस दौरान स्पीकर ने राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्साअधीक्षक डॉ विजयेश भारद्वाज से कोरोना से निपटने के लिए अस्पताल में व्यवस्थाओं एवं प्रबंध के संबंध में जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत किया कि राजकीय चिकित्सालय में वर्तमान में 20 कोविड बेड एवं 20 सामान्य बेड की व्यवस्था है। साथ ही टेलीमेडिसिन की भी सुविधाएं जनता को दी जा रही है।

देहरादून जनपद में छह मई तक पुनः कर्फ्यू


कल यानी सोमवार सुबह से ही 6 मई की सुबह 5रू00 बजे तक फिर कर्फ्यू लगाने के आदेश हुए जारी। पिछले आदेश के मुताबिक इसको कल ही खत्म होना था इस बार 3 दिन के लिए कर्फ्यू रहेगा। जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुली रहेंगी पर उनका अब दोपहर 12 बजे तक ही खोल सकते है। कोरोना को नियंत्रित करने के लिए उसकी चेन तोड़ने के लिए अभी कर्फ्यू खत्म करने की स्थिति नहीं आई है अभी 3 दिन ही कर्फ्यू आगे बढ़ाया जा रहा है।

परिजनों की दूरी बनाने पर पुलिस ने रायवाला में किया अंतिम संस्कार

रायवाला पुलिस ने एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाने के बाद न सिर्फ उसे कंधा दिया, बल्कि परिजनों की भूमिका निभाकर उसे मुखाग्नि भी दी। हिंदू रिति रिवाज से अंतिम संस्कार संपन्न कराया। कोरोना महामारी के इस दौर में अंतिम संस्कार में परिजनों का साथ न मिलने पर पुलिस ने हर वह भूमिका निभाई, जिसे परिजनों को निभानी चाहिए।

थानाध्यक्ष रायवाला अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि राजेश अग्रवाल पुत्र बंशीधर अग्रवाल निवासी उमा विहार कॉलोनी हरिपुरकलां थाना रायवाला के द्वारा सूचना मिली। बताया कि उनके पड़ोस में आकाश लांबा पुत्र विजय कुमार लांबा की मृत्यु हो गयी है। उसके माता-पिता और अन्य परिजन दिल्ली में रहते हैं, बुजुर्ग होने व कोविड-19 के संक्रमण के कारण अंतिम संस्कार करने के लिए नहीं आ पा रहे हैं। जिस कारण उक्त व्यक्ति का अन्तिम संस्कार नहीं हो पा रहा है। उक्त सूचना पर ’थाना रायवाला के चीता कर्मचारी गणो के द्वारा अपने स्वास्थ्य की परवाह किये बिना कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मृतक व्यक्ति का हिन्दू रीति रिवाज से स्वयं अन्तिम संस्कार किया गया।

पुलिस की इस मदद से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने न सिर्फ प्रशंसा की हैं, बल्कि पुलिस को सैल्यूट भी किया।

हेल्पलाइन से मिली सूचना, घर जाकर पुलिस ने दी आक्सीजन

ऋषिकेश पुलिस ने एक व्हाट्सअप गु्रप में आक्सीजन की मांग करने वाले बुजुर्ग की मदद रात करीब एक बजे घर जाकर की। सही वक्त पर आक्सीजन मिल पाने से बुजुर्ग की हालत अब स्थिर है।
कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि व्हाट्सअप गु्रप में एक व्यक्ति ने पोस्ट डाली। हंसराज बडोनी पुत्र शिवसरण निवासी अमित ग्राम फारेस्ट रोड ऋषिकेश के द्वारा संदेश दिया गया, कि मेरे मामा जी का स्वास्थ्य अत्यधिक खराब हो गया है एवं ऑक्सीजन लेवल कम होने के कारण तत्काल ऑक्सीजन की आवश्यकता है।

उक्त संदेश पढ़ने के पश्चात कोतवाल रितेश शाह ने उक्त व्यक्ति से संपर्क कर समस्या पूछी एवं तत्काल रात्रि अधिकारी को ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कर बीमार व्यक्ति के घर पर सिलेंडर पहुंचाया गया।

उनके मामा की पहचान दिनेश प्रसाद पैन्यूली पुत्र स्वर्गीय अनंत राम पैन्यूली निवासी गली नंबर 8 कैनाल रोड गुमानी वाला श्यामपुर ऋषिकेश के रूप में हुई।

सेलाकुईः साढ़े तीन लाख की जेवरात के साथ तीन धरे

जिला देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र में चोरी की घटना को अंजाम देकर तीन शातिर जब सामान को बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने शातिरों से साढ़े तीन लाख रूपये के गहने भी बरामद कर लिए है।

दरअसल, सेलाकुई थाना क्षेत्र में तीन शातिरों ने करीब तीन लाख रूपए के गहनों पर हाथ साफ कर लिया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। सब इंस्पेक्टर विकेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम शातिरों की तलाश में जुट गई। मुखबिरों की सूचना पर पुलिस टीम ने आज आरोपियों को पीठ वाली गली ईदगाह के पास से चोरी का सामान बेचने की योजना बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया।

सब इंस्पेक्टर विकेंद्र कुमार ने आरोपियों की पहचान विक्की कुमार और इकबाल खान दोनों निवासी पीठ वाली गली जमनपुर सेलाकुई और तीसरे साथी शिवा क्षेत्री निवासी प्रगति विहार सेलाकुई के रूप में कराई है। एसआई विकेंद्र कुमार ने बरामद सामान 4 अंगूठी पीली धातु, एक कंठी पीली धातु, एक मंगल सूत्र का लॉकेट पीली धातु, पांच जोड़ी कानो की छोटी बाली पीली धातु, एक गले की चैन पीली धातु, दो नाक की लोंग पीली धातु, पांच जोड़ी पैरो की पायल सफेद धातु के रूप में कराई है।

पुलिस टीम में सब इंस्पेक्टर विकेंद्र कुमार, कानि0 संजीत, कानि0 वीर सिंह, कानि0 योगेश सैनी, कानि0 चन्द्रपाल, मनोज कुमार शामिल रहे।

आईडीपीएल में दवाईयों के उत्पादन व आक्सीजन प्लांट को किया जा सकता है पुनर्जीवित

स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने आज मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से भेंट वार्ता की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल में कोरोना जैसी महामारी से निपटने के लिए आवश्यक दवाइयों के उत्पादन एवं बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित किए जाने के संबंध में विस्तृत रूप से वार्ता की एवं इस संबंध में मुख्यमंत्री को एक पत्र भी सौंपा। वहीं कोरोना संक्रमण से प्रदेश में उपजे हालातों पर भी चर्चा की।

विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को अवगत किया कि इंडियन ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल लिमिटेड (आईडीपीएल) ने अपने स्थापना के समय से ही अनेकों दवाएं जिनमें एंटीमलेरियल( क्लोरोक्वीन), टेट्रासाइक्लिन, डॉक्सीसाइक्लिन कैप्सूल आदि की निर्बाध आपूर्ति की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह कंपनी सिक यूनिट की श्रेणी में है एवं यहां सीमित मात्रा में ही दवा का उत्पादन किया जा रहा है। स्पीकर ने कहा कि वैश्विक आपदा के समय में सर्वाधिक प्रयोग की जाने वाली एंटीबायोटिक व बुखार से संबंधित अनेकों दवाओं का निर्माण आवश्यकता पड़ने पर इस फैक्ट्री में किया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि इस संबंध में उनके द्वारा आईडीपीएल यूनिट का दौरा किया गया एवं महाप्रबंधक से इस संबंध में विस्तार से वार्ता की गई है। कहा कि यहां सभी प्रकार की उच्च गुणवत्ता की मशीनें उपलब्ध है एवं कच्चा माल उपलब्ध करा दिया जाने पर न्यूनतम समय में ही कोरोना के इलाज से संबंधित दवाइयों का उत्पादन किया जा सकता है।

स्पीकर ने आईडीपीएल में वर्षो से बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित करवाए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि आईडीपीएल में यदि कोरोना से संबंधित दवाइयों का उत्पादन एवं ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित किया जाता है तो प्रदेश के साथ-साथ देश की जनता को भी इस महामारी के समय में लाभ प्रदान किया जा सकता है।

भेंट मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में कोरोना से ईलाज के लिए डीआरडीओ की मदद से 1400 ऑक्सिजन एवं आईसीयू बेड स्थापित करने के लिए बनाए जा रहे अस्थायी अस्पतालों के निर्णय पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। विशेष तौर पर गढ़वाल क्षेत्र में आईडीपीएल, ऋषिकेश में 500 बेड़ो का अस्थायी अस्पताल स्थापित करवाये जाने के लिए मुख्यमंत्री का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आईडीपीएल में दवाइयों के उत्पादन एवं ऑक्सीजन प्लांट के पुनर्जीवित कराए जाने के संबंध में केंद्र सरकार से बात कर सकारात्मक हल निकालने का आश्वासन दिया।

पुलिस की हेल्पलाइन से घर पर हुई कोरोना जांच

ऋषिकेश पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की घर पर कोरोना जांच की गई। साथ ही जरूरतमंद को आक्सीजन भी मिल सकी।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि कोविड-19 में अकेले रहने वाले आम जनमानस एवं सीनियर सिटीजन की मदद के लिए ऋषिकेश पुलिस द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर 9897244109 जारी किया गया था। इस हेल्पलाइन नंबर पर एक कॉल आज प्राप्त हुई। जिसमें काँलर द्वारा बताया कि परिवार के तीन सदस्यों जिनमें वह स्वंय, उनकी पत्नी (वरिष्ठ नागरिक) एंव एक बेटी है, सभी गम्भीर रुप से बीमार है घर पर कोविड दृ 19 टेस्ट करवाने की आवश्यकता है। पुलिस ने मौके पर तीनों परिवारजन का घर पर कोविड टेस्ट करवाया। जिसमें उक्त तीनो कोरोना पॉजिटिव पाये गये। वहीं, उनकी बेटी को सांस लेने में परेशानी होने पर आक्सीजन सिलेण्डर भी उपलब्ध कराया गया।

कोतवाल रितेश शाह ने काॅलर की पहचान गणेश दास सप्रा पुत्र धारीवाल सप्रा निवासी 22 गणेश विहार लेन नंबर 6, गंगा नगर ऋषिकेश के रूप में कराई।

रायवाला में चोरी के सामान के साथ तीन शातिर अरेस्ट

रायवाला में बीते 24 घंटे पूर्व एक मकान में चोरी हुई। पीडित पक्ष ने पुलिस को सूचना दी, तो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई के साथ 24 घंटे में आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। साथ ही चोरी हुए समस्त सामान को भी बरामद किया है।

बीते रोज हरिपुरकलां निवासी राजपाल सिंह पुत्र पुरण सिंह ने थाना रायवाला में तहरीर दी। बताया कि उनके घर से अज्ञात लोगों ने 2 सिलेंडर (इंडेन कंपनी) एक एलईडी टीवी (माइक्रोमैक्स कंपनी) तथा दो मोबाइल फोन (विवो व सैमसंग कंपनी) चोरी कर लिये है। सूचना पर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह रावत ने टीम का गठन किया।

टीम ने मौके के 50 सीसीटीवी कैमरो को खंगालने के साथ ही पूर्व में चोरी की घटना में शामिल लोगों से पूछताछ की। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपियों को शत प्रतिशत सामान के साथ व एक कार के साथ प्राइमरी स्कूल हरिपुर कला के पास से गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी ने आरोपियों की पहचान राजकुमार, सचिन शर्मा और प्रकाश कश्यप तीनों निवासी गंगा सूरजपुर कॉलोनी हरिपुरकला थाना रायवाला जनपद देहरादून के रूप में कराई है।

पुलिस टीम में थाना प्रभारी अमरजीत सिंह रावत, उ0नि0 प्रेम सिंह नेगी, कांस्टेबल सचिन सैनी, कांस्टेबल प्रदीप गिरी, कांस्टेबल राकेश पंवार शामिल रहे।

तीर्थनगरी में अनावश्यक बाहर घूम रहे छह वाहन हुए सीज

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने अनावश्यक घर से बाहर घूमने पर छह वाहनों को सीज किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना वजह घर से बाहर ने निकलिए। सरकार की कोविड को लेकर दी हुई गाइडलाइन का पालन कीजिए।

कोतवाल रितेश शाह ने अपनी टीम से साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। दोपहिया और चैपहिया वाहन को रोककर पूछताछ की गई। साथ ही यह जांचा गया कि कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है या नहीं। कोतवाल रितेश शाह ने नेतृत्व में टीम ने छह वाहनों को सीज किया है। पुलिस की यह कार्रवाई प्रत्येक रोज रहेगी।

बेकाबू कार ने स्कूटर सवार दंपत्ति को मारी टक्कर, महिला की मौत


ऋषिकेश कोतवाली के आईडीपीएल क्षेत्र में एक कार की टक्कर लगने से एम्स में कार्यरत महिला कर्मी की मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है।

दरअसल, एम्स में सुरक्षाकर्मी के पद पर तैनात दीपा नामक महिला रोज की तरह पति सूरज सती के साथ घर से ड्यूटी के लिए जा रही थी। श्यामपुर निवासी दंपत्ति के दोपहिया वाहन को एक तेज गति से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें महिला की मौत हो गई, जबकि पति एम्स में भर्ती है। फिलहाल पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है, उक्त मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई मामला अभी दर्ज नहीं कराया गया है।