निगम की वित्तीय सेहत सुधारने के लिए मेयर ने की वित्त सचिव से मुलाकात

नगर निगम ऋषिकेश की वित्तीय हालात को संवारने को लेकर आज मेयर अनिता ममगाईं ने वित्त सचिव अमित नेगी से भेंट की। इसके बाद मेयर शहरी विकास सचिव शैलेश बगोली से भी मिली और वित्तीय संकट की जानकारी दी। बताया कि नगर निगम को केंद्र और राज्य सरकार की मदद न मिले तो यह एक दिन भी अपने बुनियादी कार्यों को अंजाम नहीं दे पाएगा। वेतन तक के लाले पड़ जाएंगे।

उन्होंने राज्य वित्त आयोग से बेहद कम पैसा अवमुक्त होने की जानकारी देते हुए वित्त सचिव को अवगत कराया कि नगर पालिका से नगर निगम में अपग्रेड होने के बावजूद अभी तक निगम को राज्य वित्त आयोग से बहुत कम पैसा रिलीज किया जा रहा है जिसकी वजह से अधिकांश धनराशि निगम कर्मचारियों की सैलरी में ही खर्च हो जा रही है और इस वजह से निगम के निर्माण कार्य भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं।

मेयर ने बताया कि कुम्भ बजट के मामले में भी निगम को सिर्फ निराशा ही हाथ लगी है। बताया कि वित्त सचिव और शहरी विकास सचिव से हुई भेंटवार्ता बेहद सफल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि नये वित्त सत्र अप्रैल-मई में नगर निगम को पैसा अवमुक्त करा दिया जायेगा। इसके बाद निश्चित ही निगम के रूके हुए निर्माण कार्यों को गति मिल जाएगी।

भूमिगत केबलिंग परियोजना का कुंभ क्षेत्र में हुआ लोकार्पण

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत एवं केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री आरके सिंह ने वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार के कुम्भ क्षेत्र में भूमिगत केबलिंग परियोजना का लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि इसी तारतम्य में भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय की आईपीडीएस योजना के अंतर्गत हरिद्वार के कुंभ क्षेत्र में आज भूमिगत केबलिंग परियोजना का लोकार्पण किया गया है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री आरके सिंह का आभार जताया।

मुख्यमंत्री एकीकृत विद्युत विकास योजना के अंतर्गत हरिद्वार की विद्युत लाइनों को केबल के माध्यम से भूमिगत किए जाने के लिए भारत सरकार ने 388.49 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने पर केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उत्तराखंड पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड एवं भूमिगत केबलिंग का कार्य सफलतापूर्वक एवं समय पर पूर्ण कराने पर सराहना भी की। कहा कि इस परियोजना का क्रियान्वयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन के अनुरूप किया गया है और इस प्रक्रिया में स्थानीय व्यक्तियों के हितों को सर्वोपरि रखा गया है। इस भूमिगत केबलिंग परियोजना के लोकार्पण से कुंभ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति में कोई भी व्यवधान उत्पन्न नहीं होगा और हरिद्वार के उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति हो सकेगी। इससे बारिश और आंधी-तूफान से जर्जर तारों के टूटने और इससे होने वाली संभावित दुर्घटनाएं भी टल जाएंगी। विद्युत लाइनों के अंडरग्राउंड होने से जहां रखरखाव के खर्च में कमी आएगी वहीं आवासीय व वाणिज्यिक क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण के लिए खुला स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इसके साथ ही सड़कों का चैड़ीकरण भी आसानी से हो सकेगा, जिससे वाहनों का दबाव भी कम होगा।

केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री आर.के. सिंह ने कहा कि आज हरिद्वार के कुम्भ क्षेत्र में भूमिगत केबलिंग परियोजना का लोकार्पण किया गया है यह कुंभ क्षेत्र के लिए ही नहीं बल्कि सभी नागरिकों के लिए खुशी का दिन है। हरिद्वार लोंगों की आस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। हरिद्वार के विकास में हमें भी योगदान देने का मौका मिला, यह हमारा शौभाग्य है। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउण्ड केबलिंग से बिजली की गुणवत्ता में बहुत सुधार आता है। अन्डरग्राउण्ड केबलिंग से विद्युत हानि में भी काफी कमी आयेगी। उन्होंने इस प्रोजक्ट को जल्द पूर्ण करवाने के लिए सचिव ऊर्जा राधिका झा एवं यूपीसीएल के अधिकारियों को बधाई दी। आर.के. सिंह ने कहा हरिद्वार में अंडरग्राउण्ड केबलिंग को और विस्तार देने के प्रयास किये जायेंगे। अंडरग्राउण्ड केबलिंग की व्यवस्था से जुड़ने वाला बनारस के बाद हरिद्वार दूसरा राज्य है।

मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने भारत सरकार द्वारा बनारस के बाद हरिद्वार शहर को भूमिगत कैबलिंग के लिए चयनित करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरिद्वार में कुम्भ मेले के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण पर्वों में भी भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। भूमिगत केबल होने से यहां की आम जनता के साथ ही श्रद्धालुओं को भी काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि भूमिगत कैबलिंग से बिजली चोरी में भी कमी आयेगी। मुख्य सचिव ने हरिद्वार शहर में भूमिगत केबल के कार्य को समय से पूर्व पूर्ण किए जाने को एक उपलब्धि बताते हुए केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री से उत्तराखण्ड के अन्य पर्यटक स्थलों में भी भूमिगत केबल किए जाने का अनुरोध किया।

महाकुंभ के समापन तक सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी ताकत झौंकने के मेयर अनिता ने दिए निर्देश

मेयर अनिता ममगाईं ने कहा कि अगले 1 माह तक महाकुंभ के दौरान पड़ने वाले महास्नानों और शाही स्नानों को देखते हुए सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी ताकत झोंकी जाएगी। उन्होंने इस संदर्भ में निगम अधिकारियों व सफाई निरीक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

मेयर अनिता ममगाई ने निगम के दोनों सहायक नगर आयुक्त सहित पांचों सफाई निरीक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। जिसमें उन्हें महाकुंभ को लेकर अगले एक महीने तक पूरी ताकत के साथ सफाई व्यवस्था को चाक-चैबंद रखने के निर्देश दिए गए। बताया कि अगले 1 महीने तक देश और दुनिया की नजर ना सिर्फ कुंभ नगरी हरिद्वार सहित कुम्भ क्षेत्र ऋषिकेश पर भी रहेगी। यहां आने वाले श्रद्धालुओं आस्था की डुबकी के बाद अपने गंतव्यों को रवाना होते वक्त स्वच्छता को लेकर एक अच्छा संदेश लेकर यहां से लेकर जाएं इसके लिए हर मुकम्मल इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने बताया केंद्र सरकार ने कुंभ के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जारी गाईडलाईन का यहां पूरी तरह से पालन कराया जायेगा। उन्होंने बताया आगामी 30 अप्रैल तक चलने वाले महाकुंभ के अतिंम चरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के देव भूमि ऋषिकेश में आने की उम्मीद है जिसको लेकर हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में सहायक नगर आयुक्त एलम दास, विनोद लाल, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अभिषेक मल्होत्रा, सचिन रावत, प्रशांत कुकरेती, संतोष गुसाईं, कमल चैहान आदि मौजूद रहे।

बिना नक्शा बन रहा भवन एमडीडीए ने किया सील

मंसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को आवास विकास में निर्माणाधीन एक भवन को बिना नक्शे के पाते हुए सील किया है। एमडीडीए की इस कार्रवाई से बिल्डरों में पूरे दिन खलबली मची रही।

मंगलवार को एमडीडीए के एई पीएन बहुगुणा के नेतृत्व में टीम आवास विकास पहुंची जहां पर निर्माणाधीन भवन की स्पेलिंग के आदेश संयुक्त सचिव की ओर से हुए थे। आवास विकास में उन्होंने दुष्यंत सेठी के निर्माणाधीन भवन को सील किया। उन्होंने बताया कि उक्त भवन की सीलिंग के आदेश संयुक्त सचिव मामले आर-215/2020 पर हुए है। उक्त भवन बिना नक्शे के पाया गया है। एमडीडीए की इस कार्रवाई से पूरे दिन नगर भर में खलबली मची रही। नगर भर के बिल्डर पूरे दिन अपने सूत्रों के जरिए टीम की लोकेशन जानते रहे। बता दें कि आमबाग में बिना नक्शा और नियम विरूद्ध भवनों का निर्माण जारी है, एमडीडीए ने यहां पूर्व में जो भवन सील किए थे, उन पर आज भी गैर कानूनी तरीके से काम किया जा रहा है। यहीं नहीं एमडीडीए की नाक के नीचे यहां निर्माण जोरों पर है। इस दौरान जेईई प्रमोद मेहरा और पुलिस बल भी मौजूद रहा।

व्यापार महासंघः चुनाव से पूर्व मुख्य चुनाव अधिकारी को भेजा नोटिस

नगर उद्योग व्यापार महासंघ के चुनाव के पहले मुख्य चुनाव अधिकारी को उनके पद से हटाने की कवायद अब तेज हो चली है। चुनाव संचालन समिति ने मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल को नोटिस भेजा है, साथ ही संतुष्ट जवाब न मिलने पर बुधवार को उनके खिलाफ निलंबन की योजना तैयार कर ली गई है।

आज व्यापार महासंघ की संचालन समिति की बैठक संयोजक राजीव मोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में की गई। इसमें चुनाव संचालन समिति सदस्य विनोद शर्मा ने कहा कि 27 फरवरी को जब ऋषिकेश व्यापार महासंघ व नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल का एकीकरण हुआ, तो स्पष्ट था कि इसमें बाहरी किसी भी संगठन व व्यापारी का हस्तक्षेप नहीं होगा। केवल महासंघ की संचालन समिति (कोर कमेटी) का ही हस्तक्षेप होगा।

उन्होंने मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि बाहरी व्यक्तियों को ऋषिकेश में बुलाकर चुनावी प्रक्रिया को बिगाड़ने का काम किया गया है। कहा कि महासंघ के सदस्य दीपक जाटव द्वारा लिखित शिकायत से जानकारी मिली कि मुख्य चुनाव अधिकारी ने तय समय के बाद बिना रशीद काटे सदस्यता फार्म जमा किय। आरोप को बरकरार रखते हुए कहा कि मुख्य चुनाव अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग किया है।

महासंघ समिति सदस्य राजेन्द्र सेठी, विनोद शर्मा, राजेश भट्ट, नवल कपूर व जयेन्द्र रमोला ने कहा कि मुख्य चुनाव अधिकारी पर पद के दुरुपयोग के आरोप सही पाये गये हैं इसलिये उन्हें बुधवार सुबह 11 बजे तक का जवाब माँगा गया है। बैठक में कहा गया कि संतुष्ठात्मक जवाब न मिलने पर मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल के विरूद्ध निलम्बन की कार्यावाही की जायेगी।

बैठक के पश्चात संचालन विनोद शर्मा के नेतृत्व में सूरज गुल्हाटी, राजेन्द्र सेठी, राजीव मोहन अग्रवाल, जयेन्द्र रमोला, राजेश भट्ट व दीपक जाटव ने नरेश अग्रवाल को नोटिस उनके कार्यालय में जाकर सौंपा।

सांडों की लड़ाई में मारे गए मासूम की मौत पर कांग्रेसियों ने फूंका नगर निगम का पुतला

ऋषिकेश में लगातार आवारा पशुओं के आतंक की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। बीते रोज आवारा पशुओं की लड़ाई में मासूम की मौत पर कांग्रेसियों का आज पारा चढ़ा रहा। निगम के खिलाफ प्रदर्शन, नारेबाजी कर पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि मासूम की मौत के जिम्मेदार नगर निगम है। उन्होंने दस लाख रूपए पीड़ित परिवार को दिए जाने की मांग भी की। कहा कि यदि मांग पूरी न हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

परशुराम चैक पर कांग्रेस पार्टी के द्वारा नगर निगम का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। शिवाजी नगर में मासूम की मौत के बाद कांग्रेस पार्टी मृत बच्चे के परिवार को दस लाख मुआवजा देने की मांग करता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर नगर निगम इस और ध्यान नहीं देता और पीड़ित परिवार को मुआवजा नहीं देता है तो उसके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

पुतला फूंकने वालों में जितेन्द्र पाल पाठी, लल्लन राजभर, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सजवाण, जिला महामंत्री राजेंद्र गैरोला, अजय धीमान, पूर्व जिला महामंत्री एकांत गोयल, जयपाल बिट्टू, आदित्य पाल, पूर्व महिला अध्यक्ष मधु जोशी, इमरान सैफी, राहुल पांडे, अजय दास, अजय धीमान, विपिन सैनी, पंकज गुलाटी, राजेश, उमेश, हिमांशु कश्यप, हिमांशु, अरविंद कुमार आदि उपस्थित रहे।

व्यापार महासंघ चुनाव को मुख्य चुनाव अधिकारी ने की प्रेसवार्ता

नगर उद्योग व्यापार महासंघ के चुनाव 10 अप्रैल को ही किए जाएंगे। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की सभी इकाईयों के चुनाव संपन्न हो चुके है। ऋषिकेश में इस बार मेन टू मेन चुनाव होने जा रहा है। 31 मार्च तक सभी फार्म की स्क्रीनिंग के बाद अंतिम वोटर लिस्ट जारी कर दी जाएगी। नाराज व्यापारियों को भी मनाया जाएगा। यह बात आज प्रेसवार्ता के दौरान व्यापार महासंघ के मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल ने कहीं।

घाट मार्ग स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में पर्यवेक्षक दिनेश डोभाल ने कहा कि ऋषिकेश में व्यापारियों की एकता के लिए इस वर्ष से इसे ऋषिकेश व्यापार महासंघ का नाम दिया गया है। प्रांतीय उद्योग के अनुसार 10 अप्रैल की निश्चित चुनाव की तिथि को नहीं बदला जा सकता है, लिहाजा चुनाव उसी दिन संपन्न किए जाएंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल ने बीते रोज हुए हंगामे को लेकर अपना स्पष्टीकरण दिया। कहा कि 26 मार्च तक का समय सदस्यता फार्म लेने का था। मगर, आरोप लगाने वाले लोग ने अपने आप ही इसका समय शाम सात बजे का निर्धारित कर दिया, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। कहा कि सदस्यता फार्म सभी चुनाव समिति के सदस्यों की मौजूदगी में ही लिए गए। यदि किसी को आपत्ति होती, तो उसी समय हो जाती। इसके बावजूद मुझ पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने मुझ पर एजेंट, मुंशीगिरी करने, गूंडे और बदमाश तक कह डाला। इतना ही नहीं, दुव्र्यहार तक किया गया।

उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि जो लोग पेन ड्राइव में सदस्यता फार्म देने का दावा कर रहे है, उसमें दरअसल व्यापारी की न तो फर्म का जिक्र किया गया है और न ही जीएसटी नंबर है। इतना ही नहीं उस व्यापारी की फोटो तक उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा कोई शुल्क और उसकी रसीद तक नहीं दी गई। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि जिन फार्म को यह बताया जा रहा है कि उनके वोटर लिस्ट में शामिल कर दिया है, गलत है। मैंने कोई फार्म अभी फाइनल नहीं कर दिए है। सभी की जांच के बाद 31 मार्च तक स्क्रीनिंग के उपरांत अंतिम वोटर सूची जारी कर दी जाएगी।

उप चुनाव अधिकारी को नहीं दी बैठक की सूचना
व्यापार महासंघ में दो उपचुनाव अधिकारी राजेंद्र सेठी और विनोद शर्मा के प्रेसवार्ता में उपस्थित न होने का कारण जब मुख्य चुनाव अधिकारी से पूछा गया। तो उन्होंने कहा कि उन्हें बैठक की सूचना नहीं दी गई है।

इस दौरान हरगोपाल अग्रवाल, सुभाष कोहली, सुनील अग्रवाल, दीपक तायल, ललित मोहन मिश्र, प्रदीप गुप्ता, पवन शर्मा आदि उपस्थित रहे।

होली और योग दोनों ही देता है आपस में जुड़े रहने का संदेशः राज कुकरेती

कोरोना काल के समय सबसे ज्यादा इम्यूनिटी को बचाए रखना एक चुनौती है, इसे बरकरार रखने के लिए योग ही एक ऐसा साधन है, जिसे आप न सिर्फ बनाए रख सकते हैं, बल्कि इसे बढ़ाया भी जा सकता है। इतना ही नहीं, वर्तमान में सबसे ज्यादा समस्या जो हर आयु वर्ग में देखने को आ रही है। वह तनाव है, इसे योग के सिवा कोई ऐसा दूसरा साधन नहीं है, जिसके जरिए दूर किया जा सकता है। यह बात योगाचार्य राज कुकरेती ने होली मिलन समारोह के दौरान कही।

देहरादून स्थित राज योग केंद्र में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ गायनो स्पेशलिस्ट डा. नीतू बेलवाल, सामजिक कार्यकर्ता पुनीता शाह और योगाचार्य राज कुकरेती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।

इस मौके पर योग प्रतियोगिता आयोजित की गई। तमाम आसन, योग के झलकियां देखने को मिली। इसके आधार पर प्रथम पुरस्कार संगीता बहुगुणा, द्वितीय वंदना भट्ट और तृतीय पुरस्कार अंजलि सैनी ने हासिल किया। इस मौके पर योगाचार्य राज कुकरेती ने कहा कि नशे की प्रवृत्ति आज के दौर में युवा पीढ़ी में पैठ जमा चुकी है। कहा कि जो लोग योग को अपनाते है, उन्हें नशे की प्रवृत्ति से भी बचने में सहायता मिलती है, उन्होंने योग करें, रोज करें का नारा देकर होली पर्व की शुभकामनाएं दी।

इस मौके पर उपस्थित लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली पर्व मनाया। मौके पर लजीज व्यंजन का भी लुत्फ उठाया गया। समारोह में निवेदिता, मेघा, रुचि, अनिता आदि लोग उपस्थित रहे।

दो सांडों की लड़ाई की चपेट में आया मासूम, मौत

ऋषिकेश के नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी नगर में दो सांडों की लड़ाई में एक मासूम की जान ले ली है। मामला आज शाम करीब साढ़े पांच बजे का है।

दरअसल, गली नंबर 34 शिवाजी नगर में आॅटो चालक बृजेश किराए के मकान में रहते हैं, शाम को वह ड्यूटी पर गए थे। पत्नी घर में दो बच्चों के साथ थी। मगर, घर का सबसे बड़ा बेटा नौ वर्षीय ऋषभ बाहर खेल रहा था। इसी बीच दो सांडों की आपस में भयंकर लड़ाई होने लगी। मासूम जान बचाने को एक ठेली के बगल में खड़ा हो गया। तभी साड़ों की टक्कर से भारी भरकम ठेली पलटकर बच्चे के ऊपर जा गिरी। बच्चे का सिर फट गया। मौके पर लोगों ने बच्चों को एम्स पहुंचाया। जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार सहित क्षेत्र का माहौल गममीन बना हुआ है।

होली में सप्लाई को आ रही 12 लाख की अवैध शराब पुलिस ने की जब्त

देहरादून के थाना सेलाकुई पुलिस ने होली पर्व के लिए अवैध रूप से सप्लाई होने जा रही 12 लाख रूपये की अवैध शराब को जब्त किया है। पुलिस ने एक आरोपी तस्कर को भी अरेस्ट किया है। पुलिस के अनुसार करीब 212 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।

थानाध्यक्ष सेलाकुई ऋतुराज सिंह ने बताया कि त्यौहारी सीजन के तहत अवैध शराब की तस्करी व बिक्री के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज भी चेकिंग अभियान चलाया गया। मुखबिर से सूचना के आधार पर एक वाहन पिकअप की चेकिंग की गई, तो उसमें अंग्रेजी शराब की अवैध 212 पेटी बरामद हुई। गाड़ी चालक से वाहन के कागजात मांगे जाने पर वैध कागजात प्राप्त नहीं हुए। पुलिस ने अवैध शराब सहित वाहन को जब्त किया है।

थानाध्यक्ष ने आरोपी की पहचान गोविन्द पुत्र जयपाल निवासी निरंजनपुर नई शब्जी मण्डी कोतवाली पटेलनगर जनपद देहरादून के रूप में कराई है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक विकेंद्र कुमार, कांस्टेबल चन्द्रपाल, कांस्टेबल योगेश सैनी शामिल रहे।