सीएम त्रिवेंद्र ने अनुसचिव की मौत पर जताया शोक

अनुसचिव हरि सिंह के कोरोना से मौत होने पर उत्तराखंड सचिवालय में शोक संवेदना व्यक्त की गई। सभी कर्मियों ने कार्यालय में दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत अनुसचिव की आत्मशांति की कामना की।

बता दें कि दिवंगत अनुसचिव काफी मिलनसार और विनम्र थे। वह पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के साथ भी रहे। इस समय वह औद्योगिक विकास (खनन) विभाग में कार्यरत थे। तबियत बिगड़ने पर उन्हें एम्स ऋषिकेश भर्ती कराया गया था। यहां वह कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिवारजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। उत्तराखंड सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी और महासचिव राकेश जोशी ने भी हरि सिंह के निधन दुख व्यक्त किया।

अनुसचिव की मौत और दो और कोरोना पॉजिटिव होने के बाद सचिवालय संघ ने मुख्य सचिव और अपर मुख्य सचिव सचिवालय प्रशासन से कर्मचारियों की संख्या को कम करने की मांग की है।

योग विषय पर लिखी मनोज श्रीवास्तव की पुस्तक को सीएम ने किया लांच

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री आवास में सूचना विभाग में कार्यरत सहायक निदेशक मनोज श्रीवास्तव द्वारा लिखित पुस्तक ‘‘राजयोग में साइलेंस की शक्ति और डिप्रेशन से मुक्ति’’ का लोकार्पण किया। योग विषय पर लिखी गई पुस्तक को आधुनिक, समसायिक समय मे अत्यंत उपयोगी बताते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि योग आज की आवश्यकता की मांग है।

इस पुस्तक के लेखक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मुंबई की डॉ. शिप्रा मिश्रा के सहयोग से लिखी गई। इस पुस्तक में कोरोना काल में बढ़ती मानसिक समस्याओं का व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किया गया है। योग पर आधारित इस पुस्तक में बताया गया है कि भाग-दौड़ के जीवन में हमने कभी भी रुककर, अपने मन या आत्मा में झांकने का प्रयास नही किया है। मन या आत्मा पर ध्यान न देने के कारण हम अंदर से खालीपन, अकेलापन का शिकार हो गये है। इससे हम भय, चिंता, निराशा और हताशा का जीवन जी रहें है।

पुस्तक से हमें लीडरशिप क्वालिटी, मेंटल इमोशनल आर्ट की जानकारी मिलती है, यह हमारे जीवन के लिए एक गाईड है, जिसके माध्यम से हम जीवन मूल्यों और सिद्धान्तों को ग्रहण कर सकते हैं। भावनात्मक प्रबन्धन के लिए ईमोशनल कोसेंट और आध्यात्मिक जीवन के लिए स्प्रीचुअल कोसेंट की विस्तार से चर्चा की गयी है। पुस्तक के विभिन्न अध्यायों में नींद की समस्या का समाधान, विजन और गोल में अन्तर, अवचेतन मन की शक्ति को डिप्रेशन के प्रमुख समाधान के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

निर्धन बच्चों को नगर निगम ने अपने सहयोगियों के साथ दिया प्लेटफार्म

तीर्थनगरी की प्रथम महिला मेयर अनिता ममगाईं की सोच का ही परिणाम है कि निर्धन बच्चों को अब अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। दरअसल नगर निगम ऋषिकेश ने एक अनूठी पहल की शुरूआत की है।

निगम प्रशासन की ओर से यूएनडीपी, एचडीएफसी बैंक ने संयुक्त रूप से कबाड़ से जुगाड़ कार्यशाला के जरिए गरीब बच्चों की प्रतिभा को निखारने की मुहिम शुरू की गई है। शुरुआती चरण में ही उसके बेहद शानदार परिणाम दिखाई देने लगे हैं। बच्चों ने वेस्ट मैटेरियल से घरेलू सज्जा के जो सामान तैयार किए गए हैं उन्हें देखकर कोई भी दंग रह सकता है। मेयर अनिता ममगाईं ने बताया कि नगर निगम ऋषिकेश एवं यूएनडीपी और एचडीएफसी द्वारा संचालित सूखा कचरा प्रसंस्करण केंद्र के आसपास झुग्गियों में रहने वाले एवं कचरे में काम करने वाले परिवारों के बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए कार्यशाला के जरिए उन्हें ट्रेनिंग दी जा रही है।

गोविंद नगर स्थित डंपिंग स्थल पर बने सेंटर में कार्यशाला में सम्मिलित हुए बच्चों ने अपनी प्रतिभा के दर्शन कराए हैं। निगम द्वारा दिए गए मौके से गरीब बच्चों की प्रतिभा निखर कर सामने आई जिसमें उनके द्वारा बेहद खूबसूरत गमले तैयार किए गए हैं जिनमें निगम प्रशासन द्वारा पौधे भी लगवाए जाएंगे।

मेयर ममगाई ने बताया कि कार्यशाला में प्रतिभाग कर रहे सभी बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ ही निगम प्रशासन कला में सर्वश्रेष्ठ छाप छोड़ने वाले बच्चे को पुरस्कृत भी करेगा। यूएनडीपी के प्रोजेक्ट मैनेजर विधा भूषण ने बताया कि कार्यशाला में 20 बच्चे शामिल हुए। जिन्होंने विभिन्न तरह के 70 गमले बनाये जा चुके हैं। बच्चों ने न केवल गमला बनाया बल्कि उसको रंग बिरंगा बनाने के बाद उसमे रस्सी बांधी। जिसको कही भी टाँगा जा सकता है। उन्होंने झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले गरीब बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए निगम द्वारा शुरू की गई।

चाइल्ड पोनोग्राफी के मामले में नेहरू कालोनी थाने में मुकदमा दर्ज

देहरादून के नेहरू काॅलोनी पुलिस थाने में चाइल्ड पोनोग्राफी के जुड़ी आपत्तिजनक वीडियो को फेसबुक पर अपलोड करने पर एक युवक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। नेहरू काॅलोनी थाने के प्रभारी राकेश गुंसाई ने बताया कि आरोपी राहुल जैन पुत्र सुरेश चन्द जैन निवासी पुष्प कुंज, निकट बंगाली कोठी, अजबपुर कला पर आईटी ऐक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पौधों का सर्वाईवल रेट बढ़ाने पर दिया जाए ध्यानः त्रिवेन्द्र

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में सचिवालय में उत्तराखण्ड कैम्पा की बैठक हुयी। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि वनों के विकास के लिए पौधारोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा पर भी ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। पौधों का सर्वाईवल रेट बढ़ाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जानी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विभाग रोजगार सृजन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दृष्टि गांवों को लौटे प्रदेशवासियों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु जल संरक्षण, पौधारोपण, नर्सरी विकास एवं वन सम्पत्ति की सुरक्षा के क्षेत्र में रोजगार सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपने प्रदेश को वापस लौटे लोगों को रोजगार की आवश्यकता है। राज्य सरकार द्वारा लगभग 10 हजार लोगों को ऊर्जा विभाग के माध्यम से 25 वॉट के सोलर प्लांट्स के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। वन विभाग द्वारा भी कम से कम 10 हजार लोगों को रोजगार देने के प्रयास किए जाएं। इससे हमारे गांव एवं हमारे वन दोनों लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री ने बुग्यालों के संवर्द्धन के लिए कॉयर नेट और पिरूल चेकडैम के साथ ही भीमल के इस्तेमाल पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वन्य पशुओं से सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग बहुत ही कारगर है परन्तु सोलर फेंसिंग की सुरक्षा के लिए लोगों को भी जागरूक किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मानव वन्यजीव संघर्ष रोकथाम के लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जल संवर्धन हेतु वन विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जल संवर्धन हेतु चेकडैम, चालखाल एवं ट्रेंच निर्माण के अच्छे परिणाम रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालयन दिवस के अवसर पर प्रदेश के स्कूल एवं कॉलेजों को 10 हजार पर्यावरण एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता के लिए 10-10 हजार रूपए की राशि उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे स्कूल एवं कॉलेज के माध्यम से प्रकृति के प्रति जनजागरूकता फैलायी जा सकेगी।

वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि वन विभाग द्वारा वनों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। श्रम विभाग द्वारा लगभग 10 हजार लोगों को भीमल के लिए प्रशिक्षण दिया गया था। इन प्रशिक्षित लोगों का प्रयोग बुग्यालों के संवर्धन हेतु कॉयर नेट और पिरूल चेकडैम आदि के निर्माण के लिए किया जा सकता है।

द्वारहाट विधायक मामले की विवेचना एसआईएस शाखा को सौंपी

भाजपा विधायक महेश नेगी पर दर्ज दुष्कर्म के मामले की जांच अब एसपी क्राइम लोकजीत सिंह की देखरेख में होगी। डीआईजी ने मुकदमे की विवेचना एसआईएस शाखा की उपनिरीक्षक आशा पंचम को सौंपी है। महिला दारोगा ने नेहरू कालोनी पुलिस से मुकदमे से संबंधित पत्रावलियां मांगी हैं। बतातें चले कि नेहरू कालोनी थाने में अल्मोड़ा निवासी महिला ने द्वाराहाट से भाजपा विधायक महेश नेगी पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है।

वहीं, इस मुकदमे में विधायक की पत्नी रीता नेगी पर भी धमकी देने के गंभीर आरोप हैं। इस मामले की विवेचना पहले नेहरू कालोनी थाने की महिला एसआई नीमा रावत को सौंपी गई थी। महिला ने डीआईजी को पत्र लिखकर मुकदमे की विवेचना नीमा रावत को दिए जाने पर सवाल उठाए थे और विवेचना अन्य जांच एजेंसी से कराए जाने की मांग उठाई थी। जिस पर डीआईजी ने प्रकरण की विवेचना विशेष जांच प्रकोष्ठ (एसआईएस) की महिला उपनिरीक्षक आशा पंचम को सौंपी गई है।

डीआईजी ने बताया कि एसपी क्राइम लोकजीत सिंह की मानीटरिंग में विवेचना होगी और वह बराबर उन्हें प्रगति रिपोर्ट के बाबत अपडेट करेंगे। बताया जा रहा कि कुछ लोगों के बयान होने हैं जिसके लिए प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, बाल आयोग ने डीएनए रिपोर्ट को लेकर कार्रवाई के लिए कहा था, इस मामले में साक्ष्य एकत्र कर सभी को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के मामले में महिला के पति के बयान देने के लिए नहीं आने पर सख्त रुख अख्तियार किया है। प्रकरण की जांच कर रहे सीओ सदर अनुज कुमार को जानकारी मिली है कि महिला के सैन्यकर्मी पति ने छुट्टी के बाद वापस ड्यूटी ज्वाइन कर ली है। वह बीएसएफ में तैनात हैं। पुलिस ने बीएसएफ कमोंडेंट को पत्र लिखकर महिला के पति को बयान देने के लिए दून भेजने को कहा है। डीआईजी जोशी ने बताया कि पत्र में अफसरों को बताया है कि मुकदमे में सैन्यकर्मी के पति के बयान महत्वपूर्ण हैं।

वादों को पूरा करने में मिला जनता का आशीर्वाद, सफल हो रही मेहनतः मेयर

ऋषिकेश की प्रथम मेयर अनिता ममगाईं ने अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस मौके पर अनिता ममगाईं ने कहा कि जनता ने उन्हें चुना है, उन्होंने राजनीति जनता की सेवा के लिए ही चुनी है। रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए कहा कि उनके वादों को पूरा करने में जनता का आशीर्वाद भी मिला। इसी की बदौलत वह विकास कार्याें को पूर्ण कर पा रही है, उन्होंने कहा कि अभी कई और विकास कार्य करने बाकी है।

निगम के समस्त चालीस वार्डो में सामान रूप से विकास कार्यों की झड़ी लगाकर जनता लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा रहा है। घोषणापत्र के सारे प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास करवाने में सफल रही मेयर अनिता ने बताया कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार कर उत्तराखंड के गांधी स्व इन्द्रमणि बडोनी चैक की स्थापना की गई। करोड़ों रूपये की योजना के साथ 330 डबल आर्म डिवाइडर लाइट से शहरी क्षेत्र को चकाचैंध करने में निगम कामयाब रहा। इसके अलावा पांच वर्ष की वारंटी के साथ 5000 स्ट्रीट लाइटें, 20 नए कूड़े वाहन , भवन कर में 50 प्रतिशत तक की छूट, मेेेयर हेल्पलाइन जनता को सर्मपित की गई। विभिन्न घाटों केे जीर्णोद्धार की शुरुआत 72 सीढ़ी घाट के जीर्णोद्धार से हो चुकी है। मेयर ने बताया कि पिछले डेढ़ दशक से तीर्थ नगरी कूड़े की समस्याा से जूझती रही है। शहर में पहली बार कूड़ा निस्तारण के लिए सूखा कूड़ा निस्तारण प्लांट निशुल्क लगवाया गया। तहसील चैक पर चिपको आंदोलन के लिए अपनी एक विशेष पहचान रखने वाली गौरा देवी की भव्य प्रतिमा के साथ चैक के जीर्णोद्धार का कार्य संपन्न कराया जाना है। उन्होंने बताया वर्ष 2020 में ग्रामीण क्षेत्रों में 3.4 करोड़ की लागत से सड़क एवं नाली का निर्माण सम्पन्न कराने के साथ एम्स में ऋषिकेश एवं उत्तराखंड वासियों के लिए अलग-अलग दो ओपीडी पंजीकरण काउंटर की व्यवस्था कराना भी एक बड़ी उपलब्धि रही। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में 50000 डस्टबिन निशुल्क बटवाने की योजना भी जल्द धरातल पर होगी।

सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं की निशुल्क गेंड़ीखाता में व्यवस्था की गई है। त्रिवेणी घाट में सेल्फी प्वाइंट की स्थापना। प्लास्टिक वेस्ट को खत्म करने के लिए निशुल्क जीआईजेड कंपनी से करार जहां महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। वहीं गोविंद नगर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड से कूड़ा हटाने की प्रक्रिया की वित्तीय स्वीकृति बोर्ड द्वारा करवा कर, फाइल शासन को सुपुर्द कर दी है। यहां कूड़ा हटाने की निविदा प्रक्रिया कभी भी शुरू हो सकती है।उन्होने बताया कि त्रिवेणी घाट में गंगा की धारा को घाट तक लाने के लिए योजना को मंजूरी निगम के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। कोरोनाकाल में बेहद शानदार कार्य के लिए जिलाधिकारी द्वारा कोरोना योद्वा चयनित हुई महापौर ने बताया कि निगम क्षेत्र के आखिरी घर तक विकास की किरण पहुंचाना उनका लक्ष्य है इसमें वह पूरी मुस्तैदी के साथ डटी हुई हैं।

कोटा जाने वाले यात्रियों का इंतजार खत्म, 12 से चलेगी ट्रेन

देहरादून से कोटा जाने वाले रेल यात्रियों को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। इस मार्ग पर चलने वाली नंदादेवी एक्सप्रेस 12 सितंबर से संचालित होगी। इसके लिए 10 सितंबर से टिकट की बुकिंग शुरू होगी। इस ट्रेन के चलने से देहरादून से दिल्ली और कोटा राजस्थान जाने और वहां से आने वाले रेल यात्रियों को फायदा मिलेगा। देहरादून-दिल्ली के बीच अभी सिर्फ एक जनशताब्दी ट्रेन चल रही है। इस ट्रेन में अब यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है।

मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि ट्रेन पहले से तय समय पर चलेगी। बताया कि दस सितंबर से यात्री ट्रेन के लिए ऑनलाइन या रेलवे के काउंटर पर बुकिंग करा सकते हैं।

सीएम से वार्ता के बाद आंदोलन वापस लेने पर सहमत हुए प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के पदाधिकारी

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से मुख्यमंत्री आवास में प्रान्तीय चिकित्सा सेवा संघ उत्तराखण्ड के अध्यक्ष डॉ. नरेश सिंह नपलच्याल, महासचिव डॉ. मनोज वर्मा एवं डॉ. एनएस बिष्ट ने वार्ता की। संघ के मामलों पर बिन्दुवार चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मांगों को गम्भीरता से लिया जायेगा एवं सकारात्मक सहयोग किया जायेगा। प्रान्तीय चिकित्सा सेवा संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपना आन्दोलन तत्काल वापस लेंगे।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि कोरोना काल में डॉक्टरों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। जिस लगन से वे जन सेवा कर रहे हैं, इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड मरीजों व उनके परिजनों द्वारा भी चिकित्सकों के कठिन तपस्या की सराहना की गई।

आरडी और एफडी मैच्योरिटी के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

जनपद देहरादून के थाना रायवाला में एक फर्जी कंपनी के जरिए लोगों से आरडी और एफडी मैच्योरिटी के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले दो लोगों को पुलिस ने अरेस्ट किया है। दोनों आरोपियों को प्रतीतनगर रायवाला निवासी नरेश चंद्र कुकरेती पुत्र ललित मोहन कुकरेती की तहरीर के बाद गिरफ्तार किया गया है।

तहरीरकर्ता ने बताया कि कैलाशी विजन प्रोडयूसर कंपनी लिमिटेड नामक एक कंपनी के प्रबंधकों ने फर्जी तरीके से लोगों को गुमराह करते हुए आरडी, एफडी व डेली डिपाजिट स्कीम और लोन देने के नाम पर धोखाधड़ी की है। तहरीर के आधार पर रायवाला पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 420 में मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष रायवाला हेमंत खंडूरी ने बताया कि विवेचना में कमल भारती पुऋ हीराला निवासी ग्राम इस्सेपुर थाना नजीबाबाद जिला बिजनौर और नसीबुद्दीन पुत्र हसरत अली निवासी जमनपुर थाना सेलाकुई देहरादून को धोखाधड़ी में सही पाया गया। विवेचना के बाद पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है।