अनुकृति को देखने के लिए कोटद्वार की सड़कों में उमड़ा सैलाब

मिस ग्रैंड इंटरनेशनल प्रतियोगिता में इंडिया को रिप्रजेंट करने के लिए चुनी गई उत्तराखंड की ब्यूटी क्वीन अनुकृति गुसाईं का कोटद्वार पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान अनुकृति ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और उनके साथ जमकर फोटो खिंचवाए।
अनुकृति के स्वागत के लिए कोटद्वारवासी सुबह से ही इंतजार में जुटे हुए थे। शुक्रवार दिन में कोटद्वार पहुंचते ही अनुकृति को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गये। नजीबाबाद रोड स्थित बलूनी पब्लिक स्कूल से शुरू हुआ अनुकृति का काफिला ऑडिटोरियम में आकर ही थमा। विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह में शिरकत करने पहुंचे काबीना मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों में हुनर की कोई कमी नहीं है और उन्हें अगर सही प्लेटफार्म दिया जाये तो वे अपनी सफलता के झंडे पूरे विश्व में बुलंद कर सकते हैं।
मिस ग्रैंड इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिए अनुकृति को शुभकामनायें देते हुए डा. रावत ने कहा कि सफल होने के लिए खूबसूरती के साथ-साथ उदार व्यक्तित्व भी होना चाहिये। इससे पूर्व गढ़वाल सभा, रोटरी क्लब, लायन्स क्लब की ओर से अनुकृति का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद बलूनी पब्लिक स्कूल, एवीएन स्कूल और एमकेवीएन स्कूल के बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर वहां उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्वागत समारोह के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रश्मि राणा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, अभिलाषा भारद्वाज, धीरेन्द्र चौहान, शशि नैनवाल, भुवनेश खर्कवाल, मयंक प्रकाश कोठारी, नर्मदा गुंसाईं, उत्तम सिंह गुंसाईं, बुद्धि बल्लभ ध्यानी, जर्नादन बुड़ाकोटी, योगम्बर सिंह रावत, विकास देवरानी, विनीता भट्ट, शोभा बहुगुणा भंडारी, सुषमा जखमोला, सुरेन्द्र गुंसाईं, गीता बुड़ाकोटी, रजनीश शर्मा समेत कई लोग उपस्थित थे।

कमल जोशी की आत्महत्या से सकते में पत्रकारिता जगत!


घुमक्कड़ी पत्रकारिता के जीवन्तप्राय वरिष्ठ पत्रकार कमल जोशी की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। वे अपने कमरे में रस्सी से झूलते हुए पाये गये। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कमल जोशी के शव के रस्सी काटकर उतारा। उनके निधन से पत्रकार जगत एवं शहर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। गोखले मार्ग स्थित उनके निवास स्थान पर लोगों का तांता लगा हुआ है।
वरिष्ठ पत्रकार कमल जोशी ने विज्ञान संकाय से परास्नातक करने के बाद पत्रकारिता एवं फोटोग्राफी को अपना कैरियर चुना। 65 वर्षीय स्व. जोशी अपने जीवन में फोटो पत्रकारिता के अलावा कई वर्षो तक प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया समाचार एजेंसी से जुड़े रहे।
वर्तमान में वे राज्य स्तरीय प्रेस फोटो ग्राफर के रूप स्वतंत्र पत्रकार शासन द्वारा मान्यता प्राप्त थे। पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप सिंह नेगी को दी। जिस पर वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले को संदिग्ध देखते हुए उच्च अधिकारियों को सूचना दी। जिसके बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक मोहम्मद यूनुस खान, पुलिस क्षेत्राधिकारी जोधराम जोशी, अपर पुलिस अधीक्षक पौड़ी हरीश वर्मा, उपजिलाधिकारी राकेश तिवारी, नायाब तहसीलदार हरिमोहन खंडूडी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सूचना के आधार पर बताया कि सोमवार सुबह लगभग 10 बजे कमल जोशी को स्थानीय दुकानदारों द्वारा देखा गया। जब वह सांय को काफी देर तक बाहर नहीं निकले तो आस-पास के लोगों ने उनके मोबाईल नंबर पर फोन किया लेकिन जब उन्होंने काफी देर तक फोन नहीं उठाया तो स्थानीय दुकानदार जब अंदर गया तो उन्होंंने कमल जोशी के शव को खूंटे से लटकते हुए देखा।

नकदी और जेवर लेकर दो बच्चों की मां प्रेमी के साथ रफू चक्कर


कोटद्वार। 
इश्क के चक्कर पड़कर इंसान विवेक खो बैठता है, घर—परिवार, समाज में मान—प्रतिष्ठा के साथ ही अपने बच्चों तक ख्याल भूल जाता है। प्रेम के वशीभूत होकर ऐसा कदम उठा देते हैं। जिसकी सब आलोचना ही करते हैं। ऐसा ही एक मामला कोटद्वार में सामने आया है। दो बच्चों की मांग को इश्क का ऐसा बुखार चढ़ा कि उसे बच्चों की भी परवाह नहीं रही। वह घर से नकदी और जेवर समेटकर प्रेमी संग फरार हो गई। उसकी तलाश में पति थाने के चक्कर लगा रहा है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मोहल्ला की महिला का पास के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसका आभास जब पति को हुआ तो उसने पत्नी को समझाने का प्रयास भी किया। गत शाम पति जब घर लौटा तो पत्नी घर पर नहीं थी। इस पर उसने बच्चों से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि वह एक युवक के साथ गई थी। उसने युवक के घर पता किया तो वह भी गायब था। पीड़ित ने आसपास पत्नी की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।
पति के मुताबिक उसने घर की तलाशी ली तो पांच हजार की नकदी भी गायब थी। महिला के पति ने कोतवाली में पहुंचकर युवक के खिलाफ तहरीर देकर पत्नी की बरामदगी की गुहार लगाई है।

हम तो किसी से कम नहीं दुनिया बदलकर मानेंगे

ऋषिकेश।
गुरुवार को परमार्थ निकेतन में वक्ताओं ने महिला सुरक्षा व अधिकारों पर चर्चा की। महिला आयोग की सदस्य सचिव ने कहाकि औरत, औरत की दुश्मन नहीं होती है। लैंगिक समानता को लेकर जानकारी दी। अधिवक्ता डीआर सिंह ने घरेलू हिंसा अधिनियम और आयोग के क्रियाकलापों को समझाया। सदस्य डॉ. अपर्णा मलिक ने सैक्सुअल उत्पीड़न को जेकर जागरुक किया। बताया कि खामोशी किसी समस्या का समाधान नहीं है।
पूर्व सदस्य तारा पांगती ने हम किसी से कम नहीं है दुनिया को बदलकर मानेंगे गीत सुनाकर अपनी बात रखी। अधिवक्ता आलोक घिल्डियाल ने महिलाओं से अपने को कमजोर नही समझने को लेकर जागरुक किया। बताया कि आज बड़े और महत्वपूर्ण पदों पर महिलायें है। महिलाओं के बिना समाज की कल्पना भी नही की जा सकती है। महिलाओं के शिक्षाकरण और दूरस्थ गांवों में कैंप लगाकर उनके अधिकारों को बताने पर जोर दिया।
वक्ताओं ने मानव तस्करी, महिला उत्पीड़न, कन्या भ्रूण हत्या आदि विषयों पर अपनी राय रखी। चर्चा में ऐसे शिविरों के आयोजनों को दूरस्थ क्षेत्रों में लगाये जाने और महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में जागरुक करने पर जोर दिया गया। महिला आयोग की अध्यक्ष सरोजनी कैंतुरा ने सभी वक्ताओं का धन्यवाद दिया। कहाकि आयोग महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उनको न्याय दिलवाने में प्रयासरत है। महिला आयोग के द्वारा दो दिवसीय कानून जागरुकता शिविर का दोपहर बाद समापन हो गया।

विश्व वानिकी दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

ऋषिकेश।
स्वामी चिदानंद मुनि ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी पृथ्वी पर जीवन सुरक्षित रहेगा। उन्होंने विदेशी मेहमानों को पर्यावरण सरंक्षण का महत्व बताया और उनके साथ नीलकंठ पैदल मार्ग पर अभियान चलाकर क्षेत्र से कूड़ा करकट एकत्र किया। विदेशी नागरिकों को स्वामी चिदानंद मुनि ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। उत्तराखंड के परिपेक्ष्य में बताया कि राज्य का 60 प्रतिशत भूभाग वन आच्छादित है। राज्य देश में प्राणवायु देने में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने हरित शवदाह की वकालत की। कहा कि गोबर और कंडे से शवदाह किया जाना चाहिए जिससे वनों की अंधाधुंध कटान पर रोक लगाई जा सके।
सफाई अभियान के इस कार्यक्रम में साध्वी भगवती ने भी अपने विचार रखे। बोलीं, वृक्ष प्राणवायु का स्रोत है। शु़द्ध वायु है तो भावी पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित है। हमें आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और स्वस्थ जीवन देने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना चाहिए। मौके पर अमेरिका की लौरा प्लम्ब, लौरी, एलिस, जीना, हवाईद्वीप की आनन्द्रा जार्ज, चीली की सुजी, कनाडा की तारा, लंदन से विनोद, नन्दिनी त्रिपाठी, स्वामिनी आदित्यनन्दा, संदीप, दिलीप, दीपक, डॉ. एमएम स्वामी व परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमार उपस्थित थे।

योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव में जश्न

ढोल-दमाऊ की थाप पर खूब थिरके पंचूर के ग्रामीण

ऋषिकेश।
रविवार को सुबह से ही पंचूर गांव में अलग माहौल रहा। पंचूर से सटे विथ्याणी, कांडी, ठांगर, शीला, दमराडा, भृगुखाल के ग्रामीण योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने की जानकारी मिलने पर उनके पिता सेवानिवृत्त रेंजर आनंद सिंह बिष्ट और माता सावित्री देवी से मिलने गांव पहुंचने लगे। योगी के परिजनों ने पहले से ही घर पर लोगों के लिए चाय-पानी और भोजन की व्यवस्था करवा रखी थी। जैसे ही योगी आदित्यनाथ ने शपथ ली पूरा गांव खुशी से झूम उठा। आतिशबाजी के साथ एक-दूसरे को मिठाई खिलाने का सिलसिला शुरू हो गया। ढोल-दमाऊ की थाप पर ग्रामीण शाम तक झूमते रहे। योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट, मां सावित्री देवी, भाई महेंद्र सिंह बिष्ट, मानेंद्र सिंह बिष्ट ने परिवार के साथ शपथ ग्रहण समारोह को टीवी पर देखा। स्थानीय लोगों को इस बात का भरोसा है कि योगी के मुख्यमंत्री बनने से यमकेश्वर क्षेत्र की अलग से पहचान बनेगी। पलायन का दंश झेल रहे क्षेत्र में उन्हें विकास की बयार बहने की उम्मीद है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि योगी स्थानीय लोगों को मूलभूत समस्याओं से निजात दिलाएंगे। योगी के छोटे भाई महेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि हमें अपने भाई पर गर्व है और आशा है कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है उसे वह बेखुबी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने से यमकेश्वर का विकास निश्चित है। वहीं यमकेश्वर की ब्लॉक प्रमुख कृष्णा नेगी, एसडीएम सोहन सिंह सैनी, तहसीलदार सुशील कुमार, सभासद हरीश तिवारी, योगी आदित्यनाथ के बड़े भाई के मित्र विनोद प्रसाद भट्ट, नंद किशोर नौटियाल, इंद्रेश बडथ्वाल, शोभाराम रतूड़ी, राहुल रावत आदि योगी के माता-पिता से मिलने उनके पैत्रृक गांव पंचूर पहुंचे।

शपथ ग्रहण पर भर आईं माता-पिता की आंखें
जैस ही योगी आदित्यनाथ शपथ के लिए मंच पर पहुंचे माता सावित्री देवी और पिता आनंद सिंह की आंखें भर आईं। पिता ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है वह उसे बखूबी निभाएंगे। सीएम बनने की घोषणा के बाद उनके घर पर नात-रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों का बधाई देने के लिए तांता लगा रहा।

कॉलेज के उच्चीकरण की उम्मीद
प्रदेश सरकार से उपेक्षित विथ्याणी में गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय के भी उच्चीकरण की उम्मीदें लोगों में हैं। महाविद्यालय में संकाय बढ़ने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को क्षेत्र में ही पढ़ने का बेहतर अवसर मिल पाएगा।

जान हथेली पर रखकर कर रहे सफर

ऋषिकेश।
यमकेश्वर में हर रोज एक हजार से अधिक ग्रामीण छोटी-बड़ी गाड़ियों से सफर करते है। गाड़ी वाले अधिक कमाई के चक्कर में सवारियों की जान हथेली पर रखकर छतो के ऊपर बैठाने के साथ ही गाड़ियों के पीछे लटका लेते है। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अभी हाल ही में गैंडखाल के बाद एक ओवरलोड जीप बैक करते हुए खाई में गिर गई थी। हादसे में नौ लोगों की जानें चली गई थी। इसके बाद गाड़ी वाले ओवरलोड सवारियां ढो रहे है। जिन पर कार्रवाई करने की जहमत संभागीय परिवहन विभाग नहीं उठा रहा है। इससे धड़ल्ले से गाड़ियां ओवरलोड होकर चल रही है। डीएम चन्द्रशेखर भट्ट ने कहा कि उन्हें भी ओवरलोड गाड़ियों के संचालन की सूचना मिल रही है। इस ओर आरटीओ को आदेश देकर कार्रवाई करने को अभियान चलाया जाएगा

सड़कों की मरम्मत न होने पर भड़के भाजपाई

भाजपाइयों ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर किया प्रदर्शन
क्षतिग्रस्त सड़कों से आए दिन हो रही हैं दुर्घटनाएं

ऋषिकेश।
शनिवार को नगर पंचायत चेयरमैन शकुंतला राजपूत और मंडल अध्यक्ष भरत लाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता लक्ष्मणझूला स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत नहीं की जा रही है। ऐसे में लोग क्षतिग्रस्त सड़कों पर आए दिन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। गीता आश्रम के गेट के पास क्षतिग्रस्त जाली ठीक न करने से गाड़ियां फंस रही हैं। दोपहिया सवार भी घायल हो रहे हैं। बावजूद इसके इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रदर्शन करने वालों में सभासद गजेन्द्र नागर, गुरुपाल बत्रा, अश्विनी गुप्ता, जयपाल, नरेश राजपूत, मनीष राजपूत, त्रिवेन्द्र सिंह नेगी, बृजेश चतुर्वेदी, दिनेश शर्मा, सचिन सोदियाल, राजकुमार सहित अन्य शामिल थे।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा महिला आयोग: कैंतुरा

ऋषिकेश।
शनिवार को गंगाभोगपुर गांव में महिलाओं की समस्या सुनने पहुंचीं आयोग की अध्यक्ष सरोजनी कैंतुरा ने कहा कि बदलते दौर में महिलाओं को खुद ही आत्मनिर्भर बनकर परिवार को मजबूत करना होगा। इसके लिए आयोग उन्हें हरसंभव मदद देगा। एक दिसम्बर से सेंटर खोलकर दो दर्जन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। उन्होंने चीला, कुनाऊं गांव पहुंचकर महिलाओं की समस्या सुनी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। इसके तहत महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। इस अवसर पर महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव पार्वती नेगी, सोहन सिंह भंडारी, पीएस रावत, बिट्टू भंडारी, एचएस रानाकोटी, सुरेन्द्र सिंह नेगी सहित अन्य मौजूद थे।

30 हजार सरकारी पदों पर रोजगार देने का प्रयास कर रही सरकारः मुख्यमंत्री

पौड़ी गढ़वाल।
हेमवती नंदन बहुगणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित छात्र संघ उद्घाटन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा शिरकत की तथा राजकीय पॉलीटेक्निक विद्यालय का शिलान्यास मंत्रोच्चारण के बीच किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने नव निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने हमें सौंदर्य से भरपूर सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। जिसका उचित दोहन कर पर्यटन के क्षेत्र को विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कण्वाश्रम, कोटद्वार, लैसडोन, पौड़ी, खिर्सू को जोड़कर नया पर्यटन सर्किट बनाए जाने पर जोर दिया। उन्होंने ल्वाली में कृत्रिम झील निर्माण के आंगणन की जानकारी भी दी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में उपस्थित छात्र छात्राओं एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें शैक्षणिक वातावरण तैयार कर बच्चों को उत्कृष्टता की ओर बढ़ाना है। इसके अलावा उन्होंने खेती को चुनौति के रूप में लेते हुए कहा कि इसे आजीविका सृजन के रूप में लिया गया है। जिसका असर भी अब परिवर्तन के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने शिल्प क्षेत्र के संरक्षण के रूप में सभी के वैचारिक सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
कहा कि दस्तकारी को शिल्प के साथ जोड़कर काम करने वाले लोगों को आगे बढ़ाने का प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आज राज्य सरकार सबसे ज्यादा खर्च कर रही है। कहा कि आज हमारे राज्य में 100 से अधिक डिग्री कालेज, 150 आईटीआई तथा 80 पालिटेक्निक संस्थान चलाए जा रहे हैं। जिससे बच्चों को तकनीकी रूप से दक्ष व उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके। उन्होने कहा कि सरकार 30 हजार सरकारी पदों पर नवयुवकों को रोजगार देने का प्रयास कर रही है। जिसके तहत 14500 पदों पर नियुक्ति हो चुकी है। अवशेष पदों का रोड मैप तैयार कर शीघ्र ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर इस वर्ष के अन्त तक भरा जाएगा। उन्होंने स्किल डवेलपमेंट की बात करते हुए कहा कि शिक्षित बेराजेगारों को बैंकों से ऋण दिलाकर उन्हें उद्यमी बनाकर अन्य लोगों को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 15 लाख से अधिक लोग चार धाम की यात्रा कर चुके हैं जो कि अभी तक का रिकार्ड है।
101
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पौड़ी बस स्टेशन के निर्माण हेतु एक करोड़ रूपये रिलीज करने की भी घोषणा की। इसके अलावा पौड़ी परिसर में क्रीड़ा मैदान के निर्माण हेतु प्रारंभिक कार्यों के लिए 11 लाख रूपये तथा उच्च स्थलीय क्रीड़ा मैदान रांसी को प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विस्तारिकरण की भी स्वीकृती दी। उन्होंने पौड़ी परिसर में कंप्यूटर लैब स्थापना की प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए वर्ष 2017.18 में इसके निर्माण की बात कही। उन्होंने कहा कि लोगों को खेती की नई तकनीकए खुले में शौच मुक्त, वृक्षों में बोनस, चालखाल निर्माण में पानी पर बोनस तथा वृक्षोरोपण के कार्यों को तेजी से चलाए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में 87 प्रतिशत परिवार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत खुले में शौच से मुक्त हो गए है तथा आगामी वर्ष तक सम्पूर्ण राज्य खुले में शौच से मुक्त करने के प्रयास राज्य सरकार द्वारा किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आगामी पाचं वर्षों में सड़कों की दशा सुधारी जाएगी तथा वर्ष 2018 तक सभी गांवों को सड़कों से जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एक हजार सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में परिवर्तन गरीबी व अशिक्षा से संघर्ष करने के बाद ही प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा समाज कल्याण विभाग समेत अन्य विभागों की ओर से 15 प्रकार की पेंशनें दी जा रही है। जिसके तहत 7.13 लाख लोग लाभांवित हो रहे हैं। जिन्हें आगामी वर्ष से बढ़ाकर आठ लाख करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कंडोलिया जंगल को मलासी डियर पार्क की तरह विकसित कर वहां पर छोटी रोप वे का निर्माण किया जाएगा।