ढालवाला के नागरिकों ने पेयजल निगम के विरूद्ध किया प्रदर्शन


ढालवाला के आनंद विहार स्थित पेयजल निगम कार्यालय में मुनिकीरेती नगर पालिका के सभासदों के साथ क्षेत्रवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सभासद विरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ढालवाला में बीते तीन सालों से विश्व बैंक परियोजना के तहत पेजयल विभाग के कार्य चल रहे हैं। लेकिन इन कार्यों में देरी की जा रही है। विभाग ने क्षेत्र में जगह-जगह सड़कों पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिए हैं।

कहा कि आए दिन लोग सड़कों पर चोटिल हो रहे हैं। लेकिन विभाग ने यहां अपने कार्य अधर में लटका रखे हैं। इससे यह सड़कें नहीं बन पा रही हैं। ढालवालावासी बीते तीन साल से पेयजल विभाग के कार्यों से परेशान हैं। कहा कि अगर जल्द ही कार्यों को पूरा नहीं किया गया तो कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।

प्रदर्शन में सभासद विरेंद्र सिंह चौहान, मनोज बिष्ट, विनोद सकलानी, दिनेश सकलानी, अजय रमोला, राजेंद्र सिंह थलवाल, सत्येश्वर उनियाल, राजेश बिष्ट, रोहित गोदियाल, मदन कुड़ियाल, देवेंद्र उनियाल, शैलेंद्र चमोली आदि शामिल रहे।

सत्यापन न कराने पर पुलिस ने मकान मालिकों के खिलाफ चलाया अभियान, 35 का काटा चालान

मुनिकीरेती पुलिस ने बाहरी और संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए शीशमझाड़ी क्षेत्र में किरायेदारी सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस ने ऐसे 35 मकान मालिकों के सत्यापन न कराने पर चालान काटे और तीन लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना किया।

मुनिकीरेती थाना पुलिस रविवार तड़के छह बजे शीशमझाड़ी क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान गली नबंर 21, 22, 23, 24, 39, 40, 41 के घरों की चौखट पर दस्तक दी। सुबह सबेरे पुलिस को घर के दरवाजे पर देख लोग घबरा गए, लेकिन जब पुलिस ने मकान मालिकों से किरायेदारों की जानकारी जुटानी शुरू की तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस टीमों ने किरायेदारों के नाम, पते और काम की जानकारी हासिल की। इस बीच 35 ऐसे मकान मालिकों का चालान किया गया, जिन्होंने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं करवाया।

चारधाम यात्रा के संबंध में टिहरी एसएसपी ने दिए पुलिसकर्मियों को ये निर्देश…

जनपद टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने मुनिकीरेती थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने चारधाम को लेकर कहा कि इस वर्ष यात्रियों के लिए पर्यटन पुलिस की तैनाती की जायेगी। ये पुलिसकर्मी बाहर से आने वाले यात्रियों की समस्याएं सुनेंगे और उनकी हरसंभव मदद करेंगे।

उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पर पुलिस का विशेष फोकस किया। कहा कि ऋषिकेश, मुनिकीरेती और पौड़ी जनपद के लक्ष्मणझूला थाना पुलिस को एक साथ समन्वय बनाने की जरूरत है। ताकि यात्रियों को जाम की समस्या से जूझना न पड़े।

एसएसपी टिहरी नवनीत भुल्लर ने मुनिकीरेती थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। थाने के पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी। इसके अलावा उन्होंने अभिलेखों, मालखाना, शास्त्रागार गृह का निरीक्षण किया। बताया कि रात को गश्त बढ़ाने के भी थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान नरेंद्रनगर सीओ रविंद्र कुमार चमोली, थाना निरीक्षक रितेश साह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश सैनी, शिवपुरी चौकी प्रभारी सुनील पंत, कैलाशगेट चौकी प्रभारी योगेश पांडेय आदि पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

जंगल में भटके मेरठ के दो युवकों को पुलिस व एसडीआरएफ ने खोजा निकाला


शिवपुरी चौकी प्रभारी सुनील पंत ने बताया शनिवार रात नौ बजे शास्त्रीनगर, मेरठ निवासी विशांत सोम ने चौकी पहुंचकर सूचना दी कि वह अपने दोस्त सुदर्शन यादव 23 पुत्र राजकुमार यादव निवासी देवीनगर और पर्व गर्ग 23 पुत्र अजय गर्ग निवासी गांधीनगर, मेरठ, यूपी ऋषिकेश आए थे। तीनों दोस्त शिवपुरी में रूक गए। सुबह पांच बजे केआसपास दोनों ने कहा कि वे मंदिर की ओर जा रहे है। उनके दोस्त रास्ता भटक गए हैं। अभी तक वापस नहीं लौट हैं। उनकी आखिरी कॉल शाम 5.50 बजे आयी थी। उसके बाद उनका मोबाइल स्वीच ऑफ आ रहा है। इसकी सूचना पौड़ी कंट्रोल रूम को भी दी गई है। जिस पर पुलिस ने तत्काल कारवाई करते हुए जंगल में भटके दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी। उनकी मोबाइल नंबर की लोकेशन नीर गांव के घने जंगल में मिली। देर रात उनकी जंगल में तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चल पाया।

रविवार सुबह फिर से दोनों युवकों की तलाश एसडीआरएफ की टीम के साथ शुरू कर की गई। जहां ब्रह्मपुरी के पास घने जंगल में सुदर्शन यादव सहमी हालत मिला। पुलिस को देख उसकी जान में जान आई। उसने बताया कि उसका साथी पर्व गर्ग पहाड़ी की चोटी के आसपास है। उसके पैरों में रात जंगल में चलने से सूजन आ गई है। जिस वजह से वह चल नहीं पा रहा है।

एसडीआरएफ के जवानों ने अति दुर्गम स्थान पर सर्च ऑपरेशन कर पर्व को वहां से सुरक्षित निकाल लिया। टीम में एसडीआरएफ उपनिरीक्षक नीरज चौहान, कांस्टेबल अजय राज, कौशल राठौर शामिल रहे।

गीता संदेश विशेषांक धार्मिक सरोकार रखने वालों के लिए होगा उपयोगीः स्वामी व्यासानंद महाराज

वैदिक फाउंडेशन हिमालया के संयुक्त तत्वाधान में आज महामंडलेश्वर ब्रह्मलीन स्वामी व्यासानंद महाराज द्वारा संस्थापित श्री गीता आश्रम (स्वर्ग आश्रम) से निरंतर 65 वर्षों से प्रकाशित धार्मिक मासिक पत्रिका गीता संदेश के 65 में वर्ष के विशेषांक ब्रह्मचर्य व्रत एवं नियम का विमोचन हुआ।

वैदिक फाउंडेशन हिमालय योगालय आश्रम में भारत माता मंदिर हरिद्वार के श्री महंत पंचायती निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी ललित आनंद गिरि महाराज के कर कमलों के द्वारा पुस्तिका का विमोचन किया गया।

इस अवसर पर महंत रवि प्रपन्नाचार्य के संचालन में हुए इस कार्यक्रम में पत्रिका के संपादक भानु मित्र शर्मा, स्वामी शंकर तिलक महाराज संस्थापक वैदिक फाउंडेशन हिमालया के प्रतिनिधि के रूप में आरती चौतन्य, ऊमाया चौतन्य, महामंडलेश्वर दयाराम दास महाराज, महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज, रमाकांत भारद्वाज, अभिषेक शर्मा, ओंकार नेगी, पंडित प्रवीण शर्मा, संत महावीर दास, महंत प्रमोद दास आदि लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ललित आनंद गिरि ने कहा कि श्री गीता आश्रम द्वारा पूज्य गुरुदेव स्वामी व्यासानंद महाराज के संकल्पों को गीता संदेश के माध्यम से पूर्ण किया जा रहा हैं गीता संदेश का यह विशेषांक धार्मिक सामाजिक सरोकार रखने वाले के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

खारास्त्रोत से पालिका कर्मियों ने हटवाया अतिक्रमण

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से खाराश्रोत पार्किंग में पसरे ठेलियों के अतिक्रमण को हटाया गया।

पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी और ईओ तनवीर मारवाह के निर्देशन में गुरूवार को सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व मे नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अतिक्रमण हटाओ टीम खाराश्रोत पार्किंग पहुंची। अचानक से पालिका टीम को देख यहां अतिक्रमणकारियों में अफरा तफरी मच गई। आलम यह रहा कि अतिक्रमणकारी अपना सामान समेटते हुए नजर आए। सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि बीते दिन खाराश्रोत पार्किंग में पसरे अतिक्रमण को हटाने के लिए अतिक्रमणकारियों को निर्देशित किया गया था। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के विरूद्ध पालिका का अभियान लगातार जारी रहेगा। मौके पर पालिका कर्मी रंजन कंडारी आदि उपस्थित थे।

आचार्य प्रशांत द्वारा लिखित पुस्तिका महाभारत का हुआ विमोचन

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने आज तपोवन स्थित डिवाइन रिजॉर्ट आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रशांत अद्वैत संस्था के संस्थापक आचार्य प्रशांत द्वारा लिखित ‘महाभारत’ पुस्तिका का विमोचन किया। पुस्तिका के विमोचन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जो कुछ महाभारत में है, वही सर्वत्र है। मनुष्य के मन में ऐसा कुछ भी नहीं जो महाभारत में मौजूद न हो। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक आमजमानस के लिए लाभदायक सिद्ध होगी साथ ही अपनी संस्कृति से जुड़ने के लिए आत्मसात करेगी

अवगत है कि आचार्य प्रशांत विगत 2006 से भारत के वैदिक ग्रन्थों का आम जनमानस को ज्ञान देने हेतु आध्यात्मिक मिशन में कार्यरत हैं। आचार्य प्रशांत वेदांत मर्मज्ञ एवं अध्यात्म संबंधी 70 से अधिक पुस्तकों के लेखक हैं। हिंदू समाज को उनके ग्रन्थों का ज्ञान हो सके, इसके लिए ‘घर घर उपनिषद’ नामक विशाल कार्यक्रम की शुरुआत की जा चुकी है। इस मुहिम के तहत 20 करोड़ घरों में वेदांत-उपनिषद की प्रति संस्था निशुल्क पहुंचाई जा रही है। आचार्य प्रशान्त ने अज्ञानता, हीनभावना, आंतरिक गरीबी, उपभोक्तावाद, मनुष्यों की जानवरों के प्रति हिंसा,समेत तमाम मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आचार्य जी द्वारा लिखित पुस्तक ‘महाभारत’ पुस्तक का आज विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि इस श्रेष्ठतम महाकाव्य को सही अर्थों में समझें, और इसके प्रचलित कथानकों के पीछे छिपे रहस्य और सीख से परिचित होने का प्रयास करें।

ढालवाला स्थित फैक्ट्री प्रबंधन लगाया कर्मचारियों का शोषण का आरोप

आज ढालवाला स्थित एक गत्ता फैक्ट्री के कर्मचारी अचानक गेट के बाहर एकत्रित हो गए। कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि बीते रोज मशीन में काम के करते समय एक कर्मचारी घायल हो गया। प्रबंधन ने उसकी सुध नहीं ली। यहीं नहीं कर्मचारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर कर्मचारियों का शोषण करने का अरोप लगया। कहा कि छुट्टी लेने पर दो दिन का मानयेदय काट लिया जाता और कर्मचारियों से 12-12 घंटे लगातार काम लिया जा रहा है।

साथ ही महिला कर्मचारियों के साथ अच्छा व्यवहार ना करने की बात उठाई गई। इस दौरान प्रबंधन ने कर्मचारियों से सुबह बात करने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी नहीं माने। इसबीच पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। मामले की भनक लगने पर कई राजनैतिक दलों प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच सुलह कराने की कोशिश की गई। प्रदर्शन करने वालों में पूजा देवी, नीलम, शोभा, अमित कुमार, प्रवीन कुमार, अखिलेश, रविंद्र कुमार, विजय, संतोषी राणा, संजना शर्मा, रानी, नेहा, अजय, विमला सेमवाल, सरोजनी, राखी, कृष्णा, वरूण, विरेंद्र मोहन, सोनी, सुमित चौहान, अजीत, अर्जुनदास, अजय नेग आदि शामिल रहे।

उधर, फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से दो युवकों पर कर्मचारियों को भड़काने का आरोप लगाया गया। इस पर प्रबंधन ने उनके खिलाफ मुनिकीरेती थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

गंगा की लहरों में देश-विदेश के खिलाड़ियों ने दिखाया अपना जौहर

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) के सहयोग से द एडवेंचर स्पोर्ट्स सोसाइटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गंगा क्या महोत्सव के पहले दिन देश-विदेश के खिलाड़ियों ने गंगा की लहरों में अपना जौहर दिखाया। फूलचट्टी के निकट गंगा गोल्फ कोर्स रैपिड के पास दसवें गंगा क्याक महोत्सव का गुरुवार को मुख्य अतिथि कर्नल अश्विनी पुंडीर, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (साहसिक पर्यटन) यूटीडीबी ने रिबन काटकर शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में ऋषिकेश, अरूणांचल प्रदेश, नेपाल, लद्दाख समेत ऑस्ट्रेलिया के 62 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

कर्नल अश्विनी पुंडीर, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (साहसिक पर्यटन) यूटीडीबी ने बताया कि उत्तराखंड साहसिक एवं रोमांचक खेलों के लिए एक बेहतरीन स्थान है। ऋषिकेश में हो रहे गंगा क्याक महोत्सव में भाग ले रहे देश-विदेश के खिलाड़ियों ने पहले दिन अपना हुनर दिखा कर साहसिक खेलों की महत्वता और उससे जुड़े रोमांच को दर्शाने का काम किया है। प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग की ओर से लगातार काम किया जा रहा है।

द एडवेंचर स्पोर्ट्स सोसाइटी अध्यक्ष भीम सिंह चौहान और सचिव हरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि बीते वर्षों की तरह इस बार भी आयोजित गंगा क्याक महोत्सव 17 से 19 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता यमकेश्वर के फूलचट्टी के पास आयोजित की जा रही है। इसमें विदेशी प्रतियोगियों में खासा उत्साह है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में भारत के ऋषिकेश से 45, लद्दाख से एक, अरुणाचल से तीन, नेपाल के 12 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। महोत्सव में इस बार प्रतियोगिता के विजेताओं को सात लाख रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

तीन दिवसीय महोत्सव में प्रोफेशनल, बिग्नर्स और महिला वर्गों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। गंगा क्याक महोत्सव में चार प्रतियोगिताएं प्रमुख हैं, जिनमें स्प्रिंट, जाइंट स्लालोम, बोटर क्रॉस व मास बोटर क्रॉस प्रतिस्पर्धा शामिल है। सभी प्रतिस्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को ओवरऑल चौंपियन घोषित किया जाएगा, जिसे एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। वहीं एक भारतीय खिलाड़ी को बेस्ट इंडियन पैडलर चुना जाएगा, जिसे पचास हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

वोटर की नही ऑडिटर बनकर कर जनप्रतिनिधियों का चुनाव करे जनता

आज ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट, जानकीपुल पूर्णानंद घाट में गंगा सबला-महिलाओं द्वारा की जा रही गंगा आरती में महिलाओं ने मतदाताओं को निर्भीक होकर शत-प्रतिशत मतदान करने को लेकर प्रेरित किया। उन्होंने मतदान के दिन सबसे पहले केंद्र पर पहुंचकर मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करने की बात कही। इस दौरान सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो, मतदान हमारा है अधिकार करे नहीं इसको बेकार, वोट डालने जाना अपना फर्ज निभाना आदि प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
गंग सबला गंगा आरती में महिलाओं ने आव्हान किया कि वह शिक्षा चिकित्सा विकास आदि के अहम मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों को परखें और जो प्रत्याशी उनकी कसौटी पर खरा उतरे उसे ही अपना अमूल्य वोट दे। शांति जी ने कहा है कि अब समय आ गया है कि जनता को वोटर की बजाएं अब एक सोशल ऑडिटर बनकर अपने जनप्रतिनिधियों का चुनाव करना चाहिए। उन्होंने घर घर जाकर लोकतंत्र के उत्सव कहे जाने वाले चुनाव में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने का आवाहन किया साथ ही जनता को उनकी मतदान शक्ति का भी स्मरण कराया कि व्यक्ति चाहे जिस भी राजनीतिक दल का समर्थन करें पर सभी प्रत्याशियों से जनता कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न अवश्य करें जिससे प्रत्याशी की विजय के बाद उनकी अगली पंचवर्षीय योजना एवं दूरदर्शिता का आभास हो सके।
इस मौके पर सभी गंग सबलाओं ने सभी से मतदान करने की अपील की।