मुनिकीरेती में सीडीओ ने किया आवारा पशुओं के लिए भूमि का निरीक्षण

मुख्य विकास अधिकारी टिहरी गढ़वाल नमामि बंसल द्वारा नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती ढालवाला क्षेत्र में आवारा पशुओ के शरण हेतु 100 गोबंशीय पशुओ के लिए गौशाला निर्माण हेतु 5 नाली भूमि का निरीक्षण किया गया व उक्त भूमि पर गौशाला निर्माण हेतु डीपीआर के संबंध में पालिका के अधिशाषीअधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि शासन को 36.01 लाख के डीपीआर प्रेषित की गई है। 

1- भूमि का प्रस्ताव पूर्व में राजस्व उपनिरीक्षक के माध्यम से जिला प्रशासन को प्रेषित किया गया है साथ ही भूमि पालिका को हस्तांतरित किए जाने का अनुरोध किया गया।

2- नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती के स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत  स्वीकृत डीपीआर की अनुसार हो रहे कार्य की जानकारी ली गई।

3- नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती क्षेत्र के सीवर के निस्तारण व सेप्टेज मैनेजमेंट के निस्तारण हेतु चोरपानी में नमामि गंगे योजना से 5MLD निर्मित STP प्लांट रु-80.45 करोड़  का निरीक्षण किया  गया एवम उक्त कार्य के सराहना की गई साथ ही पालिका मुनिकीरेती को कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलेशन वेस्ट के निस्तारण हेतु प्रस्ताव प्रेषित किये जाने के निर्देश दिए गये।

इस दौरान जल निगम के इंजीनियर रविंद्र गंगारी राजस्व उपनिरीक्षक पवन कुमार पालिका से स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार आदि उपस्थित रहे।

दोगी पट्टी की तीन ग्रामसभाओं के ग्रामीणों ने उठाया आधार शिविर का लाभ

आज दोगी पट्टी के क्यारा जमोला व क्वाटर के नागरिकों के लिए आधार शिविर का शुभारंभ आधार सेवा केंद्र एडी टावर जीएमएस रोड देहरादून के सौजन्य से शुरू हुआ। शिविर के पहले ही दिन तीनों ग्राम सभाओं सहित क्षेत्र के अन्य ग्राम सभाओं के लोगों ने आधार केंद्र की सुविधाओं का लाभ लेने भारी संख्या में केंद्र पहुंचे। क्षेत्र के अंतर्गत विद्युत व संचार नेटवर्क की कमी के कारण दोगी पट्टी में इन दिनों चल रहे आधार शिविर का कार्य प्रभावित भी रहा। खराब संचार व्यवस्था के कारण लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। शिविर के दौरान भाजपा नरेंद्र नगर से मीडिया प्रभारी गजेंद्र राणा ने बताया कि क्यारा में लगे शिविर के दौरान बीडीसी क्यारा रशना कैंतुरा, प्रधान क्यारा सुल्तान पुंडीर, जमोला राजा राम गैरोला, क्वटर दिनेश पंवार, क्षेत्र पंचायत किरन पंवार, सामाजिक कार्यकर्ता लोकेंद्र कैंतुरा, शैलेन्द्र पंवार, वरिष्ठ नागरिक व पूर्व सैनिक गुमान सिंह कैंतुरा का शिविर को सफल बनाने में सहयोग रहा।

बेरोजगारों को पीएम स्ट्रीट वेंडर्स और दीनदयाल अन्त्योदय योजना की जानकारी दी

पीएम स्ट्रीट वेंडर्स और दीनदयाल अन्त्योदय योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला सभागार में बैंक कर्मियों व स्थानीय लोगों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट ने क्षेत्र के बेराजगारों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
सिटी मिशन मैनेजर टिहरी अरविन्द जोशी ने बैठक में बताया कि दीनदयाल अन्त्योदय योजना के अंतर्गत दुकानदारों या बड़े व्यापारियों को दो लाख रूपए का व्यक्तिगत ऋण उपलब्ध करवाए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों के लिए 10 लाख रूपए तक का ऋण प्रदान किया जा रहा है। बताया कि पीएम स्ट्रीट वेंडिंग योजना के अंतर्गत छोटे व्यापारियों जैसे रेहड़ी, फड़ और ठेली विक्रेताओं आदि को रोजगार करने हेतु ऋण उपलब्ध करवाने की सुविधा उपलब्ध है। इसमें रोजगार शुरू करने के लिए बैंक के माध्यम से 10 हजार रूपए का ऋण दिया जा रहा है। बताया कि इन ऋणों पर ब्याज में सात प्रतिशत की सब्सिडी भी प्रदान की जाती है।
बैठक में कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, पीएनबी से प्रशांत सेमवाल, मनोज राणा, एसबीआई से रचित रस्तोगी, यूबीआई मुनिकीरेती से महेश पंत, आईओबी मुनिकीरेती से अजिताभ, डीसीबी तपोवन से विनोद सिंह, आरपी मैठाणी, बीओआई से अमित ध्यानी, सभासद सुभाष चौहान, अजय रमोला, स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार आदि उपस्थित थे।

मुनिकीरेती पालिका ने अनिवार्य किया दुकानदारों का ट्रेड लाइसेंस, जल्दी बनवायें

शासन के निर्देश पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला में दुकानदारों से ट्रेड लाइसेंस बनवाए जा रहे हैं। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने क्षेत्र के समस्त दुकानदारों से इस लाइसेंस को शीघ्र बनवाने की अपील की है।
अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट ने बताया कि शासन की ओर से जारी निर्देशों के क्रम में प्रत्येक दुकानदारों को ट्रेड लाइसेंस बनवाना आवश्यक है। निकाय में आवेदन करके या ऑनलाइन माध्यम से इस लाइसेंस को बनवाया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन की वेबसाइट nagar.uk.gov.in है। लाइसेंस के लिए प्रत्येक व्यापारी को वार्षिक शुल्क अदा करना होगा। प्रत्येक वर्ष अप्रैल माह में ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण होगा, इसमें प्रत्येक ट्रेड के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित होगा। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए पालिका कार्यालय में कर निरीक्षक अधिकारी से संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

राफ्ट संचालकों में खुशी, साहसिक रोमांच का सफर हुआ शुरु

पर्यटन व्यवसाय से जुड़े 15 हजार लोगों को पर्यटन विभाग की ओर से अब तक 7 करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है। उक्त बात गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति द्वारा साहसिक पर्यटन राफ्टिंग सीजन समारोह के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कहीं।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को मुनिकीरेती स्थित खारास्रोत में गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति द्वारा साहसिक पर्यटन राफ्टिंग सीजन समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राफ्टिंग, एयरो स्पोर्ट्स सेवा प्रदाताओं सहित समस्त पर्यटन कारोबारियों को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि साहसिक पर्यटन राफ्टिंग सीजन समारोह का शुभारंभ करते हुए उन्हें अपार प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने आयोजन कर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोरोना काल के पश्चात साहसिक पर्यटन राफ्टिंग का प्रारंभ होना पर्यटन व्यवसायियों के लिए बेहद ही सुखद है।
पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि कोविड संक्रमण के चलते आर्थिक मंदी से जूझ रहे चारधाम यात्रा और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के लिए राज्य सरकार ने 200 करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। पर्यटन विभाग की ओर से अब तक पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लगभग 15 हजार लोगों को 7 करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है।
महाराज ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा विशेष क्षेत्र एवं गतिविधियों हेतु बनाई गई समितियों के पास अपने संसाधन से पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत 631 राफ्टिंग प्रति गाइड के हिसाब से 10 हजार रूपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी गई है। जिस पर 63 लाख 10 हजार की धनराशि व्यय की गयी।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी पंजीकृत 301 राफ्टिंग, एयरो स्पोर्टस सेवा प्रदाताओं को राहत देते हुए उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा लिए जाने वाले लाइसेंस नवीनीकरण शुल्क में भी छूट प्रदान की है। इस पर 65 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।
महाराज ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा एडवेंचर टूर ऑपरेटरों को भी बड़ी राहत देते हुए 30 लाख 30 हजार रूपये का आर्थिक पैकेज दिया गया है। इसके तहत 303 एडवेंचर टूर ऑपरेटरों को 10 हजार रूपये प्रति फर्म के हिसाब से एकमुश्त आर्थिक सहायता दी गई है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, मुनिकीरेती नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, एसीईओ पर्यटन कर्नल अश्वनी पुंडीर, संयुक्त निदेशक पर्यटन विवेक चौहान, जिला साहसिक खेल अधिकारी सोवत राणा, दिनेश भट्ट, विकास भंडारी, हुकम सिंह रावत, रामपाल भंडारी, मदन बडोनी, धनवीर भंडारी, हेमंत चौहान, अनुराग रावत, राजेश पुंडीर, राजेंद्र भंडारी, अजय धमान्दा, लेखराज भंडारी, वीरेंद्र गुसाईं और पंकज भट्ट आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के दिये निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेल विकास निगम के अधिकारियों के साथ ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन स्थित रेल विकास निगम के कार्यालय में परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभी तक बेहतर समन्वय से काम किया जा रहा है। आगे भी इसे बनाए रखने की जरूरत है। राज्य सरकार द्वारा हर सम्भव सहयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम सड़क परियोजना के साथ ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखण्ड को बड़ी देन है। वह समय दूर नहीं, जब पहाड़ में रेल का सपना पूरा होगा। इससे राज्य की आर्थिकी में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि मार्च 2024 तक परियोजना को पूर्ण किए जाने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है। अभी तक परियोजना में अपेक्षानुरूप गति से काम हुआ है। ऋषिकेश के बाद परियोजना मुख्यतः अंडरग्राउंड है। भूमि अधिग्रहण किया जा चुका है। इस रेल लाईन पर 12 स्टेशन और 17 टनल बनाये जा रहे हैं। काम निर्धारित समयावधि में पूरा किया जा सके, इसके लिए विभिन्न स्थानों पर एक साथ काम चल रहा है। एप्रोच रोड़ पहले ही बनाई जा रही हैं। रेल परियोजना के निर्माण में राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।
बडोनी ने बताया कि रेल विकास निगम द्वारा अनेक जनकल्याणकारी काम किए जा रहे हैं। श्रीनगर में 52 बेड का संयुक्त चिकित्सालय बनाया जा रहा है। ऑक्सीजन प्लांट भी बनाए गए हैं। रेल परियोजना की बेल्ट को हॉर्टिकल्चर और हनी बेल्ट के रूप में विकसित किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम, रंजीत सिन्हा, रेल विकास निगम के अपर महाप्रबंधक विजय डंगवाल, वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक ओमप्रकाश मालगुडी, अपर महाप्रबंधक सुमित जैन, अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन और गुल्लर डोगी, टिहरी में परियोजना के तहत बनाई जा रही टनल का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

नगर पालिका मुनिकीरेती में चला सिंगल यूज प्लास्टिक अभियान

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की ओर ढालवाला क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम हेतु छापेमारी अभियान चलाया गया। साथ ही कूड़ा फेंकने और जलाने पर भी चालान की कार्यवाही की गई। कुल सात चालानों से 24 सौ रूपए का राजस्व वसूला गया।

सोमवार को कर निरीक्षक अनुराधा गोयल के नेतृत्व में पालिका की एक टीम ढालवाला बाईपास मार्ग में पहुंची। अचानक छापेमारी की कार्रवाई देख फुटकर विक्रेताओं और रेहड़ी संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। पालिका की ओर से हिल्ट्रान मार्ग, थलवाल मार्केट, बहुगुणा मार्ग में छापेमारी अभियान चलाया गया। कुल सात चालानों पॉलिथीन प्रयोग करने पर चार, कूड़ा फेंकने पर दो, कूड़ा जलाने पर एक चालान से 24 सौ रूपए का राजस्व वसूला गया। इस दौरान कर निरीक्षक ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील भी की। छापेमारी अभियान में सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से दो और केन्द्रीय विद्यालय की मंजूरी मांगी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से उत्तराखण्ड राज्य के जनपद टिहरी गढ़वाल के अन्तर्गत नरेन्द्रनगर तथा जनपद पौड़ी गढ़वाल के अन्तर्गत कोटद्वार में केन्द्रीय विद्यालय खोले जाने के प्रस्ताव को मंजूरी देने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केन्द्रीय विद्यालय संगठन, देहरादून संभाग, क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा प्रस्ताव संयुक्त आयुक्त (कार्मिक) केन्द्रीय विद्यालय संगठन (मुख्यालय) नई दिल्ली को प्रेषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड राज्य की क्षेत्रीय जनता के हितों के दृष्टिगत उक्त स्थानों पर केन्द्रीय विद्यालय खोले जाने की स्वीकृति देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय मंत्री से उधमसिंह नगर जिले के खटीमा तहसील के ग्राम महालिया में केन्द्रीय विद्यालय भवन के निर्माण में तेजी लाने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देशित करने का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में पिछले चार वर्षों में स्कूली शिक्षा की क्वालिटी में सुधार के लिये महत्वपूर्ण पहल की गई है। समग्र शिक्षा में भारत सरकार द्वारा पर्याप्त सहायता दी जा रही है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भारत सरकार क्वालिटी एजुकेशन पर विशेष तौर पर फोकस कर रही है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से ’एक्सीलरेटिंग स्टेट एजुकेशन प्रोग्राम टू इम्प्रूव रिजल्ट्स’ योजना में उत्तराखण्ड को भी शामिल किये जाने का अनुरोध किया।

टिहरी झील में सी प्लेन और व्यवसायिक गतिविधियां संचालित करने के लिए विशेष योजना तैयार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान कोटी कॉलोनी में टिहरी झील का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने डोबरा चांठी पुल फ्लोटिंग हट्स का भी निरीक्षण किया। टिहरी झील को विश्वस्तरीय पर्यटक स्थल बनाने के लिए वेपकॉस कंपनी को तीन माह में डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए है। 1200 करोड़ के इस प्रोजेक्ट से झील के आसपास व्यवस्थाएं स्थापित की जानी है। इससे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील को विश्व स्तरीय टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है उन्होंने कहा कि टिहरी झील में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिस को मूर्त रूप देने के लिए बुनियादी सुविधाएं स्थापित की जाएगी, ताकि पर्यटकों के आवागमन से स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, स्थानीय विधायक धन सिंह नेगी विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह, विधायक प्रतापनगर विजय सिंह पवार जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट, अपर निदेशक पर्यटन पूनमचंद आदि उपस्थित थे।

टिहरी में 16431.72 लाख की 49 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड को देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह काम समाज, संतों और सरकार के संयुक्त प्रयास से ही पूरा हो सकेगा। योजना बनाई जा रही है कि अगले 10 वर्ष में उत्तराखण्ड को देश का नंबर 1 राज्य बनाया जा सके। यह बात उन्होंने टिहरी जिला मुख्यालय में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए कही। समारोह में उन्होंने 16431.72 लाख लागत की कुल 49 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण, टिहरी यूथ क्लब का उद्घाटन, देवप्रयाग के वैष्णो माता ग्राम संगठन के हिलांस तुलसी चाय उत्पाद का अनावरण और पर्यटन आवास गृह सुनहरीगाड जाखणीधार की चाबी का हस्तांतरण किया। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए। टिहरी जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए उन्होंने शानदार अभिनंदन के लिए क्षेत्र की जनता का आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों पहले उनका कई बार टिहरी आना हुआ है, आज टिहरी झील देखकर पहले की स्मृतियां ताजा हुईं तो मैं भावुक हो गया, लेकिन टिहरी के लोग बहुत सौभाग्यशाली हैं। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री देश में सी प्लेन की व्यवसायिक उड़ान का जो सपना देख रहे हैं, उसी तर्ज पर जल्दी से जल्दी टिहरी झील में सी प्लेन उतारा जाएगा। इतना ही नहीं टिहरी को अत्याधुनिक शहर बनाने के लिए विश्व स्तरीय कंसल्टेंट हॉयर किए जायेंगे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड के विकास के लिए प्रधानमंत्री का लगातार मार्गदर्शन और सहयोग मिल रहा है। केन्द्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में आगामी दिसंबर माह तक कोरोना टीकाकरण अभियान को पूरा कर लिया जाएगा। सभी को मुफ्त कोरोना टीका उपलब्ध करवाने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम के बाद अब बदरीनाथ धाम को स्मार्ट और सुविधाजनक बनाने के प्रोजेक्ट पर काम शुरू की जाएंगी।

11242 लाख की योजनाओं का लोकार्पण और 5188 लाख की योजनाओं का हुआ शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने टिहरी में 16431.72 लाख लागत की कुल 49 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन योजनाओं में से 11242.94 लाख की 37 योजनाओं का लोकार्पण और 5188.78 लाख की 12 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

शहीद की माता को किया सम्मानित
समारोह में मुख्यमंत्री ने कारगिल शहीद दिनेश दत्त बहुगुणा की माता जी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया।

ये लोग रहे मौजूद
समारोह में टिहरी के प्रभारी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, स्थानीय विधायक धन सिंह नेगी, धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, प्रतापनगर विधायक विजय सिंह पंवार ‘गुड्डू’, टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवान, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, जिलाधिकारी टिहरी ईवा आशीष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट समेत तमाम गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।