गीले कूड़े का निस्तारण खाद बनाकर उपयोग में लाएंः नगर पालिका मुनिकीरेती

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा नगर क्षेत्र में शासन द्वारा दिए गए निर्देश के अनुपालन में संडे मेगा एवेंट कार्यक्रम होम कंपोस्टिंग के रूप में मनाया गया। जिसमें नगर क्षेत्र में लोगों को घरो से निकलने वाले गीले कूड़े से घर पर ही खाद बनाए जाने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।

पालिका की टीम ने बताया कि वह अपने घर पर ही गीले कूड़े से खाद बना सकते हैं। इससे गीले कूड़े का निस्तारण अपने घर पर ही किया जा सकता है। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला को पुनः स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में नंबर 01 दिलाने की अपील भी की गई। इस दौरान पालिका के सभासद मनोज बिष्ट, सफाई निरीक्षक भूपेंद्र कुमार, स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, जेबीबी टेक्नोक्रेट से प्रमोद, दिनकर, जतिन आदि उपस्थित रहे।

यूपी के लखीमपुर खीरी से चार युवतियां पहुंची ऋषिकेश, पुलिस ने किया यूपी पुलिस के सुपुर्द

लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश से मुनिकीरेती थाना क्षेत्र पहुंची चार लड़कियों को पुलिस ने एक होटल से बरामद किया है। चारों लड़कियों को पुलिस ने यूपी से पहुंची पुलिस के सुपुर्द किया है।

थाना प्रभारी राम किशोर सकलानी ने बताया कि उत्‍तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के मोहल्ला हिदायतनगर की रहने वाली चार सहेलियां जो आर्य कन्या इंटर काॅलेज में पढ़ती हैं, इनके नाम बेबी जैनब (17 वर्ष) और रुखसार (20 वर्ष), बहादुरनगर निवासी अभिका गुप्ता (16 वर्ष) व निर्मलनगर निवासी कीर्ति (17 वर्ष) हैं। बीती सोमवार को चारों अपने घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, जिसके बाद वह घर ही नहीं लौटी।

यूपी पुलिस ने चारों लड़कियों को काफी खोजा। मगर, तलाश नहीं हो पाई। पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों ने थरवरनगंज मोहल्ले में रेमंड शोरूम के पास चारों ने अपने कपड़े बदले थे। फिर वह एक रोडवेज बस से सीतापुर पहुंची। सीसीटीवी कैमरों में मिले फुटेज से यह प्रतीत हो रहा है कि चारों अकेले ही अपनी मर्जी से घर छोड़ कर गई हैं। एक छात्रा अपने घर से कुछ रुपये भी ले गई है। उनकी साइकिल रेमंड शोरूम के पास पाई मिली है।

चारों किशोरियों की लोकेशन ऋषिकेश बदरीनाथ मार्ग पर मुनीकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन में एक होटल में मिली। जिस पर पुलिस व एसओजी की टीम ने चारों छात्राओं को होटल से बरामद कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती आरके सकलानी ने बताया कि बुधवार को चारों किशोरियों को लखीमपुर खीरी से यहां पहुंची एसओजी टीम प्रभारी उप निरीक्षक शिव कुमार के सुपुर्द कर दिया गया है।

मुनिकीरेती पुलिस की त्वरित कार्यवाही से 30 मिनट में अपहर्ता बरामद, बड़ी वारदात को किया विफल

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शीशमझाड़ी में एक महिला की सूझबूझ के चलते 13 वर्षीय किशोरी की इज्जत लूटने से पुलिस ने बचा लिया। पुलिस ने अपहरत किशोरी को जंगल से बरामद किया। वहीं, अपहरणकर्ता व पीड़ित का किरायेदार को समय रहते अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने बड़ी वारदात को होने से पहले काबू पाया है। पुलिस ने सूचना देने वाली महिला रजनी का आभार जताया है।

दरअसल, शीशमझाड़ी निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी घर से लापता है, काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीर पाते हुए अज्ञात पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। इसी दोरान स्थानीय महिला रजनी पत्नी अमित शर्मा निवासी शीशमझाड़ी ने सरकारी नंबर पर फोन पर सूचना दी कि एक छोटी लड़की को एक व्यक्ति जबरन उठाकर वन विभाग कार्यालय के पास जंगल की ओर लेकर गया है। सूचना पाकर मौके पर तुरंत एसआई विपिन कुमार, चैकी प्रभारी कैलाश गेट अमित कुमार, महिला उप निरीक्षक रीना नेगी फोर्स के साथ टोर्च लेकर अंधेरे में पहुंचे।

थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि जंगल मे 100 मीटर अंदर जब पुलिस सर्च कर रही थी, तभी एक बच्चे की चिल्लाने की आवाज आई। आवाज की ओर जैसे ही पुलिस पहुंची तो झाड़ियों के बीच एक लड़की बदहवास हालत में पड़ी मिली। लड़की ने बताया कि उसने मेरा मुह बन्द कर रखा था आप लोगो को इस ओर आता देख वह मुझे छोड़ कर अभी भागा। इस पर पुलिस द्वारा जंगल को चारों तरफ से घेर लिया और सघन कॉम्बिंग करते हुए उक्त व्यक्ति को पानी की टंकी के पास जंगलात रोड पर भागते हुए पकड़ लिया गया।

थानाध्यक्ष ने आरोपी की पहचान शुभम कुमार पुत्र किशन निवासी प्रतीत नगर रायवाला जिला देहरादून के रूप में कराई है। अपहरत युवती ने बताया कि आरोपी उनके यहां किरायेदार है, जबरन घूमने के बहाने जंगल की ओर ले आया। पुलिस ने आरोपी पर धारा 363,366,376,511 आईपीसी और 7/8 पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पेशे से ड्राइवर है और शादी शुदा है उसकी पत्नी और 2 बच्चे भी उसी मकान में किराए पर रहते है।
पुलिस द्वारा रजनी को सही समय पर सूचना देने के लिए आभार जताया गया।

मुख्यमंत्री ने टिहरी लेक फेस्टिवल का किया शुभारम्भ, कई घोषणाएं की

टिहरी लेक फेस्टिवल की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि टिहरी में भागीरथी के तट पर अंतरराष्ट्रीय वैदिक विद्यालय की स्थापना की जाएगी। जहां विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के साथ ही हिंदी और अंग्रेजी का भी ज्ञान दिया जाएगा। इससे पूरे विश्व के लोग भारतीय संस्कृति का ज्ञान हासिल कर सकेंगे। यहां 500 प्रशिक्षणार्थियों को स्कूबा डाइविंग के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। लाइट और साउंड शो की शुरुआत की जाएगी। इस अवसर पर देवडोलियों का प्रदर्शन आकर्षण का मुख्य केन्द्र रहा।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने जनमानस को बसंत पंचमी पर्व की बधाई देते हुए कहा कि टिहरी में उत्तराखंड का भविष्य है। पहले टिहरी लेक फेस्टिवल किस दिन मनाया जाए इसे लेकर कोई तारीख तय नहीं थी परंतु अब हमने गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है कि टिहरी लेक फेस्टिवल अब से हर वर्ष बसंत पंचमी को ही होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के चमोली में आई प्राकृतिक आपदा के कारण इस बार महोत्सव को लेकर असमंजस की स्थिति थी परंतु हमने निर्णय लिया कि हम आपदा से भी लड़ेंगे और आगे भी बढ़ेंगे। जिन लोगों ने इस आपदा में अपना जीवन खोया है भगवान उनको श्री चरणों में स्थान दे। मैं बाबा केदार और भगवान बद्री विशाल से उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने की कामना करता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रताप नगर के निवासियों ने काफी दिक्कतें झेली हैं। आज सरकार ने उन्हें मोटरेबल डोबरा चांठी पुल दिया है जिससे उनकी परेशानी दूर हुई। साथ ही पर्यटकों और उत्तर काशी के निवासियों को भी सुविधा मिली है। मसूरी में कारोबार और पर्यटन में सैचुरेशन आ गया है। टिहरी में पर्यटक कुछ दिन रुके और यहां का लुत्फ उठाएं, इस कल्पना के साथ हम टिहरी क्षेत्र का विकास कर रहे हैं। इसके लिए 1210 करोड रुपए से नई टिहरी को विकसित करने का कार्य चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए एडवेंचर विंग की स्थापना की गई है, जिसका असर राज्य में देखने को मिल रहा है। आज भीमताल, अल्मोड़ा, सतपुली और टिहरी में साहसिक गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन हो रहा है। हम टिहरी का इस तरह विकास कर रहे हैं कि लोग पलायन न करें और उन्हें यहीं पर रोजगार मिले। हमें विश्वास है कि पर्यटन का हब यदि कोई राज्य होगा तो वह उत्तराखंड ही होगा।

कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि टिहरी लेक फेस्टिवल के कारण आज बहुत से स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है। वाटर स्पोर्ट्स की जैसी संभावनाएं संभावनाएं टिहरी में हैं, वैसी संभावनाएं पूरे भारत में कहीं भी नहीं है। टिहरी झील आने वाले समय में इंटरनेशनल डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित होगी।

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डा. धनसिंह रावत, विधायक धनसिंह नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, सचिव दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

टिहरी लेक फेस्टीवल में विभिन्न साहसिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें पैरा ग्लाइडिंग, पैरा मोटर, पैरासेलिंग बोट, स्कूबा ड्राइविंग, हाट एयर बैलून, क्याकिंग, केनोइंग, हाईरोप कोर्स, रॉक क्लाइंबिंग, जुमारिंग रैपलिंग और ऑल टेरेन बाइक सहित कई साहसिक खेल शमिल है।

आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को ध्यान में रखते हुए महोत्सव में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों, क्राफ्ट, हस्तशिल्प की वस्तुओं, एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना के हिलांस आउटलेट, वन विभाग के उत्पादों, लकड़ी की वस्तुओं, जैविक उत्पादों के स्टाल भी लगाए गए। साथ ही लोगों के खाने पीने के भी स्टाल लगाए गए।

इस अवसर पर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। देवडोलियों के माध्यम से धार्मिक परम्पराओं के भी दर्शन हुए। टिहरी झील महोत्सव के अंतर्गत पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही महोत्सव में फोटो प्रदर्शनी और अवार्ड सेरेमनी का भी आयोजन किया गया।

मुनिकीरेती पुलिस ने अवैध स्मैक के साथ युवक किया अरेस्ट

मुनिकीरेती पुलिस ने 4.5 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक शीशमझाड़ी का निवासी है, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुमन पार्क के पीछे से अरेस्ट किया है।

एसएसपी टिहरी के निर्देश पर मुनिकीरेती अवैध नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में ढालवाला सुमन पार्क के पीछे से मुखबिर की सूचना पर ढालवाला चैकी प्रभारी आशीष कुमार ने मारकंडे जयसवाल पुत्र उमेश जयसवाल निवासी ग्राम मोतीपुर भुवाल थाना भटनी जिला देवरिया उत्तर प्रदेश, हाल पता नैथानी का मकान गली नंबर 27 शीशम झाड़ी थाना मुनिकीरेती को अरेस्ट किया है।

चैकी प्रभारी के अनुसार 4.5 ग्राम अवैध स्मैक की अनुमानित कीमत करीब तीस हजार रूपए है। पुलिस टीम में रामपाल तोमर, अजय कुमार आदि उपस्थित रहे।

नरेंद्र नगर में सब रजिस्ट्रार कार्यालय खोले जाने को लेकर आप नेता ने भेजा सीएम को ज्ञापन

आप नेता व बार एसोसिएशन अध्यक्ष सूरत सिंह रौतेला ने उप जिलाधिकारी नरेंद्र नगर के जरिये सीएम को ज्ञापन भेजा।

उन्होंने बताया कि नरेंद्र नगर में पूर्व में महीने के 4 दिन सब रजिस्ट्रार कार्यालय देवप्रयाग का कैंप लगता था। इससे नरेंद्र नगर तहसील के तपोवन ढाल वाला 14 बीघा मुनि की रेती की रजिस्ट्री आ की जाती थी मगर अब नरेंद्र नगर में यह कैंप बंद हो गया है। इसके चलते टिहरी गढ़वाल में देवप्रयाग सबवे स्टार कार्यालय जाने के लिए 73 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है जबकि देवप्रयाग रजिस्ट्री कार्यालय में 80 प्रतिशत रजिस्ट्री या नरेंद्र नगर तहसील क्षेत्र की है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से पत्र के जरिए सब रजिस्ट्रार कार्यालय को नरेंद्र नगर में शीघ्र खोले जाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 16 फरवरी तक मांग का निस्तारण नहीं हुआ तो नरेंद्र नगर एसडीएम कार्यालय में सांकेतिक धरना दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में अधिवक्ता लाल सिंह मटेला और संजय कंसवाल भी उपस्थित रहे।

पालिकाध्यक्ष मुनिकीरेती को ज्ञापन सौंप ‘‘आप’’ नेता ने की हाउस टैक्स माफ की मांग

आम आदमी पार्टी के नेता व बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट सूरत सिंह रौतेला ने पालिका अध्यक्ष मुनी की रेती को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए उन्होंने कोरोना का काल के दौरान जनता की आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर क्षेत्र में हाउस टैक्स माफ करने की मांग की।

आज रौतेला ने अपने साथियों के साथ पालिकाध्यक्ष मुनी की रेती रोशन रतूड़ी को ज्ञापन दिया। बताया कि वर्ष 2020 मार्च माह से कोविड-19 कोरोनावायरस के फैल जाने से तथा संपूर्ण देश में लाॅकडाउन होने के कारण सभी लोग आर्थिक रूप से जूझ रहे हैं। इसी क्रम में नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के समस्त प्राइवेट नौकरी करने वालों के लिए घर का खर्च भी उठाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने ज्ञापन के जरिए पालिका अध्यक्ष से यह मांग की, कि वर्ष 2020-21 का हाउस टैक्स माफ किया जाए। ज्ञापन देने वालों निर्मल सिंह, राजेंद्र कलूड़ा, हरि प्रकाश गैरोला, लाल सिंह मटेला, सुमन, सपना, तेजू आदि मौजूद थे।

दिल्ली के पांच युवकों का दल गंगा में टापू मे फंसा, जल पुलिस ने निकाला

जानकी झूला पुल के समीप गंगा नदी में बना टापू पांच लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन बैठा।

दरअसल, दिल्ली शालीमार बाग निवासी पांच युवक जिनके नाम रोहन19 पुत्र मुन्ने लाल, अनुभव18 पुत्र मनीष कुमार, तुषार19 पुत्र कुलबहादुर सिंह, विशाल कुमार18 पुत्र नीरज कुमार और सागर कुमार20 पुत्र संजय कुमार आज घूमते हुए जानकी झूला पुल के समीप गंगा तट पहुंचे। यहां सभी फोटो खिंचवाने के लिए गंगा में बने टापू पर गए। इसी बीच गंगा का जलस्तर अचनाक बढ़ गया। सभी घबरा गए और चीख पुकार मौके पर पहुंची। तभी सूचना पाकर जल पुलिस व आपदा राहत दल 40 बटालियन के कर्मचारियों ने रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत करने पर सभी को राफ्ट के माध्यम से सकुशल बाहर निकाला। तब जाकर सभी से राहत की सांस ली।

पूर्णानंद से रामझूला घाट तक चलाया स्वच्छता अभियान

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला और क्रेजी फेडरेशन के संयुक्त तत्वाधान में पूर्णानंद से रामझूला गंगा घाट तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही मौके पर उपस्थित लोगों को पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने स्वच्छता और मतदाता दिवस की शपथ दिलाई।

स्वच्छता अभियान में ओंकारानंद इंस्टीयूट मैनेजमेंट आॅफ टैक्नोलोजी के अध्यापक और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर शिरकत की। इस दौरान पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने मौके पर उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता एवं मतदान के प्रति जागरुक किया और शपथ भी दिलाई। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में क्षेत्र के लोगों से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। मौके पर अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी, ओआईएमटी प्रबंधक प्रमोद उनियाल, सफाई निरीक्षक भूपेंद्र पंवार, स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, बीएलओ कल्याण सिंह, प्रकाश अवस्थी, शंकर नौटियाल, युगल ध्यानी, सफाई नायक राजू, मायाराम आदि उपस्थित थे।

एसओजी पुलिस के हत्थे चढ़ा वन्य जीव तस्कर, लाखो में बेचता था गुलदार की खाल

गरूड़ चट्टी के पुल से एसओजी टिहरी की टीम ने एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति को गुलदार की खाल के साथ अरेस्ट किया है। मौके पर वन विभाग की टीम ने मुनिकीरेती पुलिस को तहरीर दी और भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 संशोधन 2006 में मुकदमा दर्ज कराया।

बता दें टिहरी एसएसपी तृप्ति भट्ट के निर्देश पर जनपद में जगह-जगह अवैध नशा के साथ आपराधिक व्यक्ति के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। टिहरी एसओजी की टीम को आज वन्यजीव तस्करी के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस गरुड़ चट्टी पुल के पास पहुंची तो 55 वर्षीय प्रकाश पुत्र घनश्याम निवासी ग्राम भूखंडी, पट्टी तल्ला उदयपुर, थाना लक्ष्मण झूला, जनपद पौड़ी गढ़वाल को गुलदार की चितकबरा रंग की खाल के साथ गिरफ्तार किया।

एसओजी प्रभारी आशीष कुमार ने खाल की पहचान करने के लिए मौके पर वन विभाग की टीम को बुलाया। डिप्टी रेंजर बलबीर सिंह पंवार व वन दरोगा अनुज उपाध्याय ने गुलदार की खाल होना बताया। साथ ही आरोपी के खिलाफ तहरीर भी दी। पुलिस ने आरोपी पर भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 संशोधन 2006 में मुकदमा दर्ज किया हैं। बताया कि गुलदार की उम्र 5 से 6 वर्ष के बीच है।

पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक आशीष कुमार, हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह, कांस्टेबल उबैदुल्ला शामिल रहे।