पालिकाध्यक्ष ने हर घर तिरंगा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान में जोरों से जुट गई है। अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु बुधवार को पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संपूर्ण भारत में ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान चलाया जाना है, इसमें आगामी दिनांक 13 अगस्त से स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त तक देश के प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाया जाना है। इसके तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र के प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाना है। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने हेतु नगर वासियों से देशप्रेम की भावना से प्रेरित होकर भागदारी करने एवं आस-पड़ोस के नागरिकों को प्रोत्साहित करने करने के लिए कहा। उन्होंने नगरवासियों से घरों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाने व हटाने के दौरान फ्लैग कोड का विशेष रूप से ध्यान रखने और अभियान की समाप्ति के बाद राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को पूर्ण सम्मान के साथ सुरक्षित रखे जाने की अपील की। बताया कि ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान को सफल बनाने हेतु बुधवार को पालिका की ओर से प्रचार वाहन रवाना किया गया।
मौके पर सभासद प्रतिनिधि हिकमत नेगी, राजेंद्र थलवाल, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, लिपिक दीपक कुमार, वर्क एजेंट जितेंद्र सजवाण, संदीप बिष्ट मौजूद रहे।

गंगा में मिली कार व शव, परिजनों ने की एसबीआई ब्रांच मैनेजर के रूप में शिनाख्त


ब्यासी चौकी के अंतर्गत एसडीआरएफ को एसबीआई के ब्रांच मैनेजर की कार व शव गंगा नदी में मिला है। परिजनों से शव की शिनाख्त भी की है।
एसडीआरएफ के इंचार्ज कविंद्र सजवाण ने बताया कि आज एक कार गंगा नदी में नजर आई। एसडीआरएफ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार से एक बैग मिला है, जिसमें अमित बिजेत्रा (36) पुत्र जबर सिंह बिजेत्रा की आईडी मिली है।

बताया कि अमित बिजेत्रा दो दिन पूर्व देहरादून के कौलागढ़ स्थित घर से कार में पौड़ी के लिए निकला, जिसकी आखिरी लोकेशन ब्यासी के पास मिली। उसकी कार आज गंगा नदी में मिली है। वहीं, शव को भी बरामद कर लिया गया है।

बताया कि अमित बिजेत्रा पौड़ी में एसबाई की सैंजी शाखा में मैनेजर के पद कार्यरत थे।

जीरो जोन घोषित करने से वाहनों का संचालन ठप लगाया उत्पीड़न का आरोप

विक्रम, ऑटो और ई-रिक्शा संचालकों ने टिहरी पुलिस प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। इसके विरोध में उन्होंने शुक्रवार को वाहनों के संचालन बंद कर दिया। ऑटो-विक्रम न चलने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। दोपहर बाद पुलिस के आश्वासन पर ऑटो-विक्रम का संचालन शुरू हो पाया।
चंद्रभागा पुल से ब्रह्मानंद मोड़ तक जीरो जोन घोषित किए जाने से शहर के टेंपो और ई रिक्शा चालक नाराज हो गए। उन्होंने टिहरी पुलिस प्रशासन पर मनमानी करने का आरोप लगाते तिपहिया वाहनों का संचालन बंद कर दिया। अपनी मांगे पूरी नहीं होने तक अनिश्चितकाल हड़ताल पर रहने की चेतावनी दी है। दोपहर बाद टिहरी पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद ऑटो-विक्रम का संचालन शुरू हो पाया। इससे पहले गढ़वाल विक्रम टैम्पों वैलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने हरिद्वार मार्ग स्थित कार्यालय में बैठक की। जिसमें एसोसिएशन के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि टिहरी पुलिस प्रशासन विक्रम चालकों के साथ ही ई-रिक्शा संचालकों का भी उत्पीड़न कर रहा है। मौके पर रामझूला विक्रम यूनियन अध्यक्ष सुनील कुमार, महामंत्री पंकज शर्मा, कोषाध्यक्ष गोविन्द पयाल, पूर्व अध्यक्ष फेरू जगवानी, प्रवीण नौटियाल, लक्ष्मण झूला विक्रम यूनियन के अध्यक्ष त्रिलोक भंडारी, महामंत्री अरूण कुमार, उपाध्यक्ष विक्रम यूनियन ऋषिकेश वीरेंद्र सिंह सजवाण, कोषाध्यक्ष हरिमोहन टीटू, सुरेश जाटव, आटो युनियन बस अड्डा के अध्यक्ष राजेन्द्र लाम्बा, संरक्षक आशुतोष शर्मा, ई रिक्शा के अध्यक्ष संजय शर्मा, मनीष कोहली, आटो यूनियन ऋषिकेश के उपाध्यक्ष सोहन गौनियाल, सचिन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

कांवड़ यात्रा में सहयोग करें ऑटो-विक्रम वाले
नरेंद्र नगर के सीओ आरके चमोली ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से समय-समय पर बदलाव किए जाने के निर्णय बैठकों में लिए गए थे। जिन पर अब अमल करने का समय आया है। कांवड़ियों की भीड़ बहुत अधिक है। इसलिए सहयोग मांगते हुए ब्रह्मानंद मोड़ से चंद्रभागा तक जीरो जोन बना दिया गया है। इसमें नाराज होने वाली बात नहीं होनी चाहिए। चालकों को कावड़ यात्रा में अपना सहयोग देना चाहिए।

कांवड़ियों को हुई परेशानी
ऑटो-विक्रम न मिलने से कांवड़िये भड़क उठे। उन्होंने हरिद्वारमार्ग स्थित कोयलघाटी के पास धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उन्हें समझाया। कांवड़ियों को बसों से हरिद्वार की ओर रवाना कर उन्हें शांत किया। इस दौरान टेंपो यूनियन के पदाधिकारियों की टिहरी पुलिस के साथ वार्ता भी हुई। सकारात्मक वार्ता होने के बाद फिलहाल टेंपो चालकों ने हड़ताल स्थगित कर दी है।

शहीद के परिजनों से मिले सीएम, हर संभव मदद का दिया भरोसा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अमर शहीद प्रवीण सिंह गुसांईं के पैतृक आवास ग्राम पुंडोली (हडियाणा) टिहरी गढ़वाल पहुँचकर शहीद के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना प्रदान की। मुख्यमंत्री ने शहीद के पिता प्रताप सिंह गुसाईं एवं माता दीपा देवी से भेंटकर संवेदना व्यक्त की तथा हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वीर सैनिक प्रवीण सिंह देश सेवा के लिए शहीद हुए हैं, उनका नाम इतिहास के पन्नो पर सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। राज्य सरकार इस संकट के समय पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी टिहरी गढ़वाल से शहीद प्रवीण सिंह के सर्विस देयकों के भुगतान के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह ने उच्च प्राथमिक विद्यालय पुंडोली का उच्चीकरण करने, खेल मैदान एवं अस्पताल का सौंदर्यीकरण कर इसका नामकरण शहीद के नाम से करने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सौरभ गहरवार, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी टिहरी गढ़वाल ले.क. जीएस चन्द (अ.प्रा.), ग्राम प्रधान किशन वेदपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
ज्ञातव्य है कि 2 जून, 2022 को जम्मू कश्मीर के शोपिया जिले में पतिलुहलान और छोटीपुरा के बीच सेंधाऊ बाजार में आतंकियों की धर पकड़ के लिए चलाए जा रहे सर्च आपरेशन के दौरान 15वीं गढ़वाल राइफल के वीर सैनिक प्रवीण सिंह शहीद हुए थे।

तीन दोस्तों के लिए भारी रहा शनिवार का दिन, गंगा में लापता

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन नीम बीच पर गंगा में स्नान करते समय तीन दोस्त पानी के तेज बहाव में आकर डूब गए। एसडीआरएफ की टीम ने तपोवन से लेकर मुनिकीरेती तक गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन डूबे किशोरों का कुछ पता नहीं चल पाया। गंगा में डूबे किशोर दोस्त का जन्मदिन मनाने अमितग्राम, गुमानीवाला से अन्य पांच दोस्तों के साथ तपोवन आए थे।

एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि ऋषिकेश के अमितग्राम, गुमानीवाला से आठ दोस्‍त नीम बीच पर घूमने आए थे। यहां गंगा में स्नान के लिए उतर गए। गंगा का जलस्तर बढ़ा होने के कारण तीन किशोर पानी के तेज बहाव में आकर डूब गए। एसडीआरएफ निरीक्षक ने गंगा में डूबे किशोरों की पहचान आर्यन बंगवाल (16) पुत्र वीरेंद्र बंगवाल, वत्सल बिष्ट (17) पुत्र महेंद्र बिष्ट, प्रतीक मलेठा (16) पुत्र राकेश चंद्र सभी निवासी गली नंबर 28 अमितग्राम गुमानीवाला के रूप में कराई है।

मेरठ के तीर्थयात्रियों की कार गंगा में समाई


श्रीनगर मार्ग पर कौड़ियाला के पास एक कार अनियंत्रित होकर गंगा में गिर गई। सूचना मिलते ही जल पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम बचाव उपकरणों के साथ घटना पर पहुंची। फिलहाल गंगा में कार का पता नहीं चल पाया है। कार में सवार चार लोग भी लापता चल रहे हैं। तीर्थयात्री केदारनाथ से दर्शनकर वापस मेरठ लौट रहे थे।

मुनिकीरेती थाना पुलिस ने बताया आज सुबह कौड़ियाला के पास केदारनाथ से वापस लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर गंगा में समा गई। कार में सवार चार लोगों की पहचान पंकज शर्मा (52) पुत्र ओमप्रकाश शर्मा, गुलवीर जैन (40) पुत्र दर्शनलाल जैन, नितिन (25) पुत्र राजेश तीनों निवासी शास्त्री नगर मेरठ और हर्ष गुर्जर (19) पुत्र संजय निवासी काजीपुर, मेरठ के रूप में हुई है। कार के गंगा में गिरने की सूचना पर जल पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। टीम को घटनास्थल के पास से कार का स्क्रेप और तीर्थयात्रियों के मोबाइल मिले। किसी तरह पुलिस ने उनके मोबाइल चालूकर परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद कार सवार लोगों की पहचान हो पाई। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लेकिन गंगा का जलस्तर बढ़ा होने से दिक्कत आ रही है।

ओमकरानंद सरस्वती निलायम को सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार मिला

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान जनपद टिहरी गढ़वाल के 2021-22 के स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार का आयोजन 11 जुलाई 2022 को नई टिहरी में किया गया।
प्रेषित पुरस्कार के लिए कुल 1129 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया था जिसमें की कुल 34 विद्यालयों को चिन्हित किया गया था। मुनिकीरेती स्थित ओमकरानंद सरस्वती निलायम को स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय की सलाहकार नलिनी शर्मा द्वारा बताया गया कि इस कार्यक्रम में 24 विद्यालयों को उपश्रेणी एवं 8 विद्यालयों को 5 सितारा पुरस्कार दिया गया जिसमें ओमकरानंद सरस्वती निलायम को सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार से नवाज़ा गया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी एल एम चमोली द्वारा विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सिंह रौतेला को सर्वाधिक संपूर्ण अंक प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र के साथ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान नई टिहरी में पुरस्कृत किया गया है एवं विद्यालय द्वारा किए जा रहे अन्य कार्यों के लिए भी सराहा गया।

सेल्फी लेते वक्त खाई में गिरा युवक, हुई मौत

दिल्ली के 29 वर्षीय युवक को सेल्फी लेना भारी पड़ गया। युवक सेल्फी लेने के दौरान गहरी खाई में जा गिरा, जिससे युवक की मौत हो गई।

एसडीआरएफ के प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आज सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि बदरीनाथ हाईवे पर तोताघाटी के पास एक युवक सेल्फी लेते वक्त गहरी खाई में गिर गया। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। मगर, हादसे में युवक की मौत हो चुकी थी।

युवक की पहचान 29 वर्षीय मिंटू पुत्र दिलीप मंडल निवासी दिल्ली कैंट प्रह्लाद पुर गांव पालम दिल्ली के रूप में हुई है।

ढालवाला विद्यालय से दो छात्राओं का हुआ नवोदय विद्यालय के लिए चयन


राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ढालवाला से दो छात्राओं का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए हुआ है।

इनमें एक छात्रा का नाम आयत फातिमा तथा दूसरी का नाम मधु कुमारी है। विद्यालय की प्रधानाचार्य के कुशल मार्गदर्शन और दिशा निर्देशन में तथा शिक्षकों के अथक कठिन परिश्रम व बच्चों के अनुरूप मेहनत से विद्यालय से निरंतर प्रतिवर्ष छात्रों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय तथा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के लिए हो रहा है।

टिहरी जनपद में कुल 5 छात्र व छात्राओं का चयन हुआ है। इन 5 बच्चों में 2 बच्चे ढालवाला स्थित राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय सफेद चयनित हुए हैं बच्चों की सफलता पर माता-पिता अध्यापक तथा नगरीय लोगों ने अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

भाजपाईयों ने प्रभारी मंत्री टिहरी का किया स्वागत

प्रभारी मंत्री के रूप में प्रथम बार टिहरी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट व प्रभारी मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री के समर्थन में नारे भी लगाए गए।

ढालवाला में प्रभारी मंत्री का स्वागत करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ अग्रवाल के टिहरी जिले का प्रभारी मंत्री बनने से विकास की गति में बढ़ोतरी होगी। कहा कि डॉ अग्रवाल के काम करने की शैली विकास परक है। ऋषिकेश विधानसभा से चार बार विधायक उनकी विकास परक सोच को दर्शाता है।

कहा कि टिहरी जिले के मंत्री बनने से जिला नियोजन एवं अनुश्रवण समितियों के बजट रिलीज होने में अड़चने नहीं पैदा होंगी। इससे दोनों जिलों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में अक्सर समय पर बजट ना मिलने के कारण विकास कार्य अवरुद्ध हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि डॉ अग्रवाल के टिहरी जिले में प्रभारी मंत्री बनने पर यहां की जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

स्वागत करने वालों में देवप्रयाग विधायक विनोद कण्डारी, पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, मंडल अध्यक्ष राकेश भट्ट, जिला महामंत्री नलिन भट्ट, जिला प्रवक्ता धूमन थलवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बीना जोशी, महामंत्री भगवती काला, राकेश पुरी, जगदम्बा प्रसाद बहुगुणा, कमलेश थलवाल, सभासद वीरेंद्र चौहान, प्रकाश रावत, रमेश सेमवाल, हिकमत नेगी, विश्वेश्वरी देवी, कमलेश भट्ट, सीमा बिजल्वाण, विजय लक्ष्मी भंडारी, सचिव पैन्यूली, सरोज कुकरेती, उर्मिला बिजल्वाण, सोनू भट्ट, बीना बिष्ट, सुधा बिष्ट, पुष्पा बिन्दोलिया, पुष्पा थपलियाल, शिव सिंह चौहान सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।