मुख्यमंत्री के निर्देश पर अंकिता के परिजनों को 25 लाख की आर्थिक सहायता जारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दिवंगत अंकिता भण्डारी के परिजनों को 25 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अधिकारियों को इसके लिये निर्देश दिये गये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंकिता के परिवार के साथ है और उनकी हर प्रकार से सहायता करेगी। मामले की एसआईटी जांच की जा रही है। पूर्ण निष्पक्ष तरीके से जल्द से जल्द जांच पूरी की जाएगी। मामले से संबंधित हर तथ्य को जुटाते हुए पुख्ता तरीके से रिपोर्ट तैयार कर अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। अपराधियों को ऐसी सजा दिलाई जाएगी जो आगे के लिए भी नजीर बने। पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय मिल सके, इसके लिये फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई के लिए न्यायालय से अनुरोध किया गया है।

मुख्य सचिव ने पुनर्निर्माण कार्याे का निरीक्षण किया

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने मंगलवार को हेमकुंड साहिब और बद्रीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही मास्टर प्लान के तहत संचालित पुनर्निर्माण कार्याे का निरीक्षण किया।
हेमकुंड साहिब में इमरजेंसी रेस्क्यू कार्याे के लिए नव निर्मित हैलीपेड, ट्रैक रेलिंग, सुलभ शौचालय व अन्य निर्माण कार्याे का निरीक्षण करने के साथ मुख्य सचिव ने हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा पहुंचकर गुरु दरवार में मत्था टेका।
इसके बाद मुख्य सचिव हेलीकॉप्टर से बद्रीनाथ पहुंचे और यहां पर मास्टर प्लान के अन्तर्गत संचालित पहले चरण के पुनर्निर्माण कार्याे का जायजा लेते हुए निर्माण कार्याे में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने मुख्य सचिव को बद्रीनाथ में निर्माण कार्याे की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान मुख्य सचिव ने भगवान बद्रीनाथ के दर्शन करने के साथ ही बद्रीनाथ से मूसा पानी ताक बॉर्डर डेवलपमेंट प्लान के अन्तर्गत सड़क मार्ग का निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता राजेश शर्मा, एसडीएम कुमकुम जोशी, गावर कन्स्ट्रक्शन लि. के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पीएल सोनी, ईओ सुनील पुरोहित सहित निर्माणदायी एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

माता अहिल्या का उद्धार कर श्रीराम ने श्राप से दिलाई मुक्ति

सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी के द्वारा रंगमंच के तीसरे दिन श्रीराम जन्म, श्री सीता जन्म, ताड़का और सुबाहु वध व अहिल्या उद्धार की लीलाओं का मंचन स्थानीय कलाकारों द्वारा दिया गया।
श्रीराम जन्म की लीला में दर्शाया गया कि राजा दशरथ की संतान ना होने के चलते उनके द्वारा एक यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसके पश्चात उनकी तीन रानियों को चार पुत्रों की प्राप्ति हुई। वहीं, श्री सीता जन्म में दर्शाया गया कि राजा जनक के यहां अकाल पड़ने की वजह से ऋषि-मुनियों ने उन्हें स्वयं हल चलाने की सलाह दी गई। जिसके फलस्वरुप राज्य में वर्षा होने की संभावना जताई गई। राजा जनक के द्वारा हल चलाने पर पृथ्वी से एक घड़े में उन्हें एक कन्या की प्राप्ति हुई। जिसका नाम सीता रखा गया और राज्य में वर्षा होने से अकाल की समस्या का समाधान हो गया।
वहीं, ताड़का और सुबाहु वध में दर्शाया गया कि राक्षसों का आंतक बढ़ने से ऋषि-मुनियों के यज्ञ प्रभावित होने लगे। जिस पर विश्वामित्र ऋषि ने राजा दशरथ से मदद मांगी। उन्होंने श्रीराम और लक्ष्मण को अपने साथ जंगल ले जाकर ताड़का और मारिच-सुबाहु का वध करने की बात कही। राजा दशरथ ने स्वयं चलकर उनका वध करने का अनरोध किया लेकिन विश्वामित्र ने उनके पुत्रों के द्वारा ही उनका वध होगा, ऐसा बताया। जिस पर पिता की आज्ञा पाकर श्रीराम और लक्ष्मण जंगल पहुंचे। उन्होंने ताड़का और सुबाहु का वध किया। मारिच श्रीराम से अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा।
वहीं, अहिल्या उद्धार में दर्शाया गया कि विश्वामित्र ने श्रीराम के द्वारा पत्थर बनी अहिल्या का उद्धार करवाया। इस अवसर पर रामलीला कमेटी सुभाष बनखंडी के अध्यक्ष विनोद पाल, महामंत्री हरीश तिवाड़ी, राजेश दिवाकर, राकेश पारछा, दीपक जोशी, रोहताश पाल, हुकुम चंद, मनमीत कुमार, पप्पू पाल, संजय शर्मा, प्रशांत पाल, महेंद्र कुमार, अनिल धीमान, ललित शर्मा, दया शंकर पांडेय, अशोक मौर्य, सुभाष पाल, पवन पाल, नीतीश पाल आदि उपस्थित रहे।

सीएम ने दिलाया भरोसा तो मान गए परिजन

अंकिता भंडारी का आखिरकार अंतिम संस्कार कर दिया गया है। श्रीनगर के आईटीआई घाट पर अंकिता के भाई ने मुखाग्नि दी। इस दौरान भारी भीड़ घाट पर अंकिता को विदाई देने के लिए जुटी। वहीं इससे पहले अंकिता की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर नाराज लोगों ने बदरीनाथ-ऋषिकेश हाईवे को जाम कर दिया था। अंकिता हत्याकांड को लेकर लोगों में उबाल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि अंकिता का परिवार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं थे और परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया था।
हालांकि सीएम और जिला प्रशासन के समझाने पर परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ। वहीं अंकिता के पिता की अपील करने के बाद आक्रोशित लोगों का गुस्सा शांत हुआ। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराएंगे और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में जो भी लिप्त होगा, उसे सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। मामले में एसआईटी जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से जांच में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक बेटी के साथ ऐसी घटना हुई है ऐसे में लोगों का आक्रोशित होना भी स्वाभाविक है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कार्यवाही होगी-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगत अंकिता भण्डारी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दुख की इस घङी में सरकार उनके शोक संतप्त परिजनों के साथ है। मुख्यमंत्री ने परिवारजनो द्वारा सहयोग किये जाने पर उनका आभार भी व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक सहायता सहित हर प्रकार की सहायता के लिए राज्य सरकार सदैव बिटिया अंकिता के परिवार के साथ है। इस घटना के लिए जिम्मेदार दोषी लोगों को बिल्कुल भी नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की तेजी से जांच करने के लिए एसआईटी का गठन किया जा चुका है तथा इस मामले में संलिप्त दोषी लोगों को शीघ्रता से सजा मिले इसके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कार्यवाही की जाएगी। राज्य सरकार इस जघन्य अपराध की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई करेगी जो इस प्रकार के घृणित कार्य को करने वाले अपराधियों के लिए एक नजीर साबित होगी।

मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर प्रभारी मंत्री डा. अग्रवाल ने टिहरी और उत्तरकाशी में काटा केक

वित्त और टिहरी व उत्तरकाशी जिले के प्रभारी मंत्री डॉ प्रेम चंद अग्रवाल ने थत्यूड़ और चिन्यालीसौड़ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा संकल्प दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए काम कर रही है।

थत्यूड़ ब्लॉक मुख्यालय में कार्यक्रम में पहुंचे शहरी विकास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने केक काटकर कार्यकर्ताओं को वितरित किया। मंत्री डॉ अग्रवाल ने ब्लॉक कार्यालय प्रांगण में पौधारोपण भी किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री का फूल मालाओं से स्वागत कर अपनी समस्याएं भी बताई। उन्होंने सड़क और पॉलिटेक्निक कालेज बनाने की मांग की।

मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में सरकार पर 2025 तक उत्तराखंड को अग्रणी प्रदेश के श्रेणी में लाने के लिए निरंतर काम कर रही है। कहा कि हम सभी का संकल्प होना चाहिए कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास के लिए काम करें।

धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि सीएम धामी के जन्मदिन को संकल्प दिवस के रूप में मनाने के बाद शनिवार को देश के पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख सीता रावत, पूर्व प्रमुख कुंवर सिंह पंवार, गीता रावत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य अभिलाष कुमार, खेमराज भट्ट आदि उपस्थित थे।

वहीं, चिन्यालीसौड़ उत्तरकाशी में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। देश में नई कार्य संस्कृति आई है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी सुविधाएं पहुंचे ऐसी योजनाओं का संचालन पूरे पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार राज्य में समान नागरिक संहिता के लिये समिति का गठन कर दिया है। समिति के फाइनल ड्राफ्ट के आधार पर फैसला लिया जाएगा। सरकार अपने वादों के अनुसार गरीब परिवारों को तीन सिलेण्डर मुफ्त उपलब्ध करवाने जा रही है। भ्रष्टाचार पर रोक लगाने हेतु राज्य में 1064 हेल्प लाइन नंबर जारी किया गया है। सरकार आमजन के सुझाव पर कार्य कर विकास को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।

मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुंष्कर सिंह धामी ने संकल्प लिया है, जिसके तहत वर्ष 2025 में हम उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना की रजत जयंती मनायेंगे। तब तक उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में हो। मुख्यमंत्री के विकल्प रहित संकल्प उद्देश्य को देखते हुए उनके जन्मदिन को प्रदेशभर में ‘संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख शैलेन्द्र कोहली, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह, जिला अध्यक्ष रमेश चौहान, जिला उपाध्यक्ष प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष चिन्यालीसौड़ विजय बडोनी, मंडल अध्यक्ष देशराज बिष्ट, मण्डल उपाध्यक्ष संजय कंडियाल सहित भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति ने सम्मानित किया

श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति ने रविवार को सम्मान समारोह आयोजित कर महाकुंभ के दौरान देवडोली शोभायात्रा और स्नान कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 80 लोगों को सम्मानित किया।
रविवार को ढालवाला स्थित एक होटल में श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति ने सम्मान समारोह आयोजित किया। समारोह का शुभारंभ पूर्व मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी और शिक्षाविद समिति के संस्थापक विद्या दत्त रतूड़ी ने किया। दोनों अतिथियों ने बीते वर्ष हुए महाकुंभ के दौरान देवडोली शोभायात्रा व स्नान कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले ढालवाला, ऋषिकेश और टिहरी गढ़वाल क्षेत्र के लोागें को स्मृति चिह्न और देकर मानपत्र प्रदान किया। सम्मानित होने वालों में भगवान सिंह रांगड़, गजेंद्र सिंह कंडियाल, ऊषा भंडारी, द्वारिका बिष्ट,माधुरी चमोली, ज्योति सजवान, रतन सिंह पंवार, डॉ एस. एन. रतूड़ी, चंदन सिंह पोखरियाल, महिपाल बिष्ट, विजयपाल रांगड़, घनश्याम नौटियाल, सुरेंद्र भंडारी, रमेश पैन्यूली, भुवन चंद पंत, विनय उनियाल, धन सिंह रांगड़, राम सिंह सजवाण, माधवानंद रतूड़ी, सुनीता बिष्ट, उषा चमियाला, सरस्वती जोशी आदि सहित कुल 80 लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम संचालक डॉ. धीरेंद्र रांगड़ ने बताया कि इन लोगों को संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्रदत सम्मान पत्र व स्मृति चिह्न वितरित किए गए हैं। मौके पर समिति उपाध्यक्ष बंशीधर पोखरियाल, सचिव द्वारिका प्रसाद भट्ट, शिवप्रसाद चमोली, हर्षमणि व्यास, स्वामी नागेंद्र पुरी महाराज, संजय शास्त्री, स्वामी मुकुंद दास कृष्ण महाराज, भोपाल सिंह चौधरी, आसाराम व्यास, पितांबर दत्त पैन्यूली आदि उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रा में देश ही विदेशों से भी पहुंच रहे श्रद्धालु

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड टूटता जा रहा है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री सहित यमुनोत्री धामों में देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। चारधाम यात्रा के लिए आने वाले यात्रियों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए सचिव पर्यटन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सीईओ सचिन कुर्वे ने उम्मीद जताई है कि इस बार तीर्थयात्रियों की संख्या का नया रिकॉर्ड बनेगा।
चारधाम में अब तक 33,47,287 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। जबकि सितंबर माह के लिए 5 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। चारधाम यात्रियों के लिए हेली सेवाएं भी दोबारा बहाल हो गई हैं। सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे ने कहा कि इस वर्ष चार धाम यात्रियों की संख्या एक नया कीर्तिमान स्थापित करने की ओर अग्रसर है।
पर्यटन विभाग देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले सभी श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत करता है और उन्हें अधिकतम सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सर्वथा प्रतिबद्ध है। यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत चार धाम यात्रा के लिए पंजीकरण को अनिवार्य किया गया है सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वह चार धाम यात्रा पोर्टल पर पंजीकरण करने के उपरांत ही यात्रा आरंभ करें।
गौरतलब है कि खराब मौसम के कारण रोकी गई यात्रा को फिर से शुरू किया गया और केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं फिर से शुरु कर दी गई हैं। चारधाम के साथ ही हेमकुंड साहिब में अब तक 33,47,287 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। जिसमें यमुनोत्री में 394573, गंगोत्री में 506073, केदारनाथ में 1100890, बद्रीनाथ में 1176666 और हेमकुंड साहिब में 169085 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं।
वहीं, केदारनाथ धाम की यात्रा में इस साल लगातार रिकार्ड बन रहा है। अब तक धाम के दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 11 लाख पार कर गई है। यह अब तक की सबसे अधिक संख्या है। हालांकि अभी इस संख्या के और भी अधिक होने की उम्मीद है। यात्रा के लिए सितम्बर के साथ ही अक्तूबर पूरा महीना शेष है। ऐसे में कपाट बंद होने तक इस बार केदारनाथ दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों का नया रिकार्ड बनेगा।

भारत जोड़ो पदयात्रा और जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन

अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के 7 सितंबर से कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3570 किलोमीटर की भारत जोड़ो पर यात्रा का शुभारंभ राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हो चुका है। जिसके मध्य नजर जिला एवं नगर कांग्रेस कमेटी ढालवाला मुनिकीरेती द्वारा 14 बीघा पुल से क्रांति चौक तक भारत जोड़ो पदयात्रा एवं जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे सभी कांग्रेस जन 14 बीघा के पुल पर एकत्रित हुए और जहां से कैलाश गेट पर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ साकेतिक जाम लगा कर जोर दार नारे बाजी की।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगमोहन भंडारी एवं दिनेश व्यास तथा राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि आज पूरे देश को जोड़ने की आवश्यकता है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ जो खिलवाड़ किया है उसे उत्तराखंड के नौजवान इस छलावे से बहुत दुखी हैं। जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि आज देश को सामाजिक तौर पर भाजपा ने छिन्न-भिन्न कर दिया है। जिसको जोड़ने की बहुत आवश्यकता है। साथ ही आर्थिक तौर पर युवाओं को बेरोजगार कर उत्तराखंड में अपने चहेतों को अपने रिश्तेदारों को और बाकी अयोग्य लोगों से लाखों रुपया लेकर जो भर्ती घोटाला किया, उसकी सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान जज की निगरानी में सीबीआई जांच करा कर युवाओं के सपनों को जोड़ने की आवश्यकता है। साथ ही जो धर्म के आधार पर देश को बांटने का काम हो रहा है उसमें सभी धर्मों के लोगों को एक साथ जोड़ने की आवश्यकता है।
नगर अध्यक्ष महावीर खरोला ने प्रदेश सरकार द्वारा भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। इस अवसर पर उत्तम असवाल जिला अध्यक्ष, महावीर खरोला शहर अध्यक्ष, जगमोहन भंडारी, राजेन्द्र राणा, पूर्व अध्यक्ष दिनेश व्यास, आशीष रानाकोटी, प्रदेश सचिव।दिनेश सकलानी, अजय रमोला, कार्यकारी अध्यक्ष लेखराज भंडारी, अनिल रावत, विपिन रावत, बलवंत चौहान, शिवम भट्ट, विक्की प्रजापति, सुरेंद्र भंडारी, दयाल भंडारी, गबर चौहान, सरस्वती जोशी, बंदना नेगी, अनिता कोटियाल, उर्मिला ममगाईं , प्यारी रावत आदि मौजूद थे।

लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में सभासदों ने घरों से कूड़ा उठान में सोर्स सेग्रीगेशन में लापरवाही बरते जाने पर नाराजगी जताई। इसके बाद पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी बिफर गए, उन्होंने मौके पर ही संबंधित कार्यदायी संस्था के कर्मियों को बुलाया और जमकर फटकार लगाई। कहा प्रत्येक घर से सेग्रिगेशन में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में प्रत्येक घर से कूड़ा न उठाए जाने की समस्या सभासदों ने अध्यक्ष के समक्ष रखी। पालिकाध्यक्ष रतूड़ी ने कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजरों को बुलाया और सभी को फटकार लगाई। पालिकाध्यक्ष ने सुपरवाइजरों को प्रत्येक घर से कूड़ा उठवाने के निर्देश दिए। तंग गलियों में आवाज लगाकर कूड़ा उठाने के लिए कहा, साथ ही कूड़ा न देने वालों के नाम नोट कर निकाय कार्यालय में देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बोर्ड बैठक में क्षेत्र के आवारा और पालतु कुत्तों पर चर्चा की गई। पर्यावरण मित्रों को ड्रेस उपलब्ध करवाने हेतु सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बताया कि गंगा क्षेत्र में पशुओं द्वारा गंदगी किए जाने पर पांच हजार रुपये तक का चालान किया जाएगा। पशुपालकों के लाइसेंस बनाए जायेंगे।
मुनीकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र में भवन और संपत्ति पर कर लगाया जाएगा। नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों के लिए ओपन जिम सामग्री लगाई जाएगी। साथ ही पालिका के बकायेदारों के खिलाफ आरसी की कार्रवाई किए जाने का निर्णय भी लिया गया। पालिका क्षेत्र में गंगा घाट, आस्था पथ पर क्योस्क के माध्यम से दुकान बनाकर सौंदर्यीकरण किए जाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
मौके पर ईओ तनवीर मारवाह, सभासद मीनू, सुभाष चौहान, धर्म सिंह, मनोज बिष्ट, गजेंद्र सिंह सजवाण, बिरेंद्र सिंह चौहान, सुषमा नेगी, विनोद सकलानी, वंदना थलवाल, सोविता भंडारी, सांसद प्रतिनिधि भगवती काला, विधायक प्रतिनिधि दीपक थलवाल, वरिष्ठ लेखालिपिक बेताल सिंह, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, लिपिक प्रकाश अवस्थी, पिंकी तड़ियाल, विकास सेमवाल, दीपक कुमार आदि उपस्थित थे।