चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टॉफ का बनेगा पृथक कैडर

चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत की अध्यक्षता में सचिवालय स्थित मुख्य सचिव सभागार में आयोजित बैठक में चारधाम यात्रा मार्ग पर तीर्थ यात्रियों की सुविधा को देखते हुये नये अस्पताल खोलने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही इन अस्पतालों के लिये चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टॉफ का पृथक से कैडर बनाया जायेगा। मुख्य सचिव डॉ एसएस संधु ने प्रभारी सचिव स्वास्थ्य आर राजेश कुमार को नये अस्पतालों की शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिये हैं।
स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि चार धाम यात्रा मार्ग पर तीर्थ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुये यात्रा मार्ग पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नये अस्पताल खोलने का निर्णय लिया गया है। इन अस्पतालों में चिकित्सकों, टेक्नीशियनों एवं पैरामेडिकल स्टॉफ के लिये पृथक कैडर बनाया जायेगा, जिनको अन्य अस्पतालों से अधिक वेतनमान दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को दो सप्ताह के भीतर डीपीआर बनाकर कैबिनट के लिये प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दे दिये गये हैं। रावत ने कहा कि आने वाले समय में चार धाम यात्रियों की संख्या डेढ़ से दो गुना बढ़ने की पूरी संभावना है। इसी के मध्यनजर सूबे के चार धाम यात्रा रूट पर स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहत्तर बनाने का निर्णय लिया गया है। इन अस्पतालों में योगदान देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सकों, टेक्नीशियनों एवं पैरामेडिकल स्टॉफ को अपेक्षाकृत अधिक वेतनमान एवं चार धाम यात्रा भत्ता दिया जायेगा। इससे चार धाम यात्रा पर आने वाले सभी यात्रियों को बेहत्तर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चार धाम यात्रा मार्ग पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं संबंधी प्रस्तुतिकरण भी दिखाया गया।
बैठक में मुख्य सचिव डॉ एसएस संधु, प्रभारी सचिव स्वास्थ्य आर राजेश कुमार, महानिदेशक स्वास्थ्य डा शैलजा भट्ट, निदेशक एनएचएम डॉ सरोज नैथानी, संयुक्त निदेशक डॉ आरपी खंडूडी, सीएमओ रूद्रप्रयाग सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कूड़ा निस्तारण की प्रथम किस्त मिलने पर भाजपाईयों ने मनाया जश्न

तीर्थनगरी के कूड़ा निस्तारण के लिए वित्त, शहरी विकास मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल जी ने दो करोड़ 32 लाख 48 हजार 800 रूपये की पहली किस्त व्यय करने के लिए अवमुक्त की है, जिस पर तीर्थनगरी पहुंचने पर मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल का भव्य स्वागत और आभार किया गया। इस मौके पर एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर बधाई दी गई। इस मौके डॉ अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
बता दें कि पूर्व में नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्रांतर्गत खाली भूखंड से कूड़ा निस्तारण के लिए छह करोड़ 45 लाख रूपये की कुल स्वीकृति की। जिसमें प्रथम किस्त के रूप में दो करोड़ 32 लाख 48 हजार 800 रूपये आज व्यय किये जाने हेतु अवमुक्त किए गए।
मंगलवार को कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ऋषिकेश पहुंचे। यहां रेलवे रोड़ स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर मंत्री डा. अग्रवाल जी ने बताया कि ऋषिकेश में खाली भूखंड पर पड़े कूड़े के निस्तारण के लिए उनकी ओर से सदैव प्रयास किया गया। इसी संदर्भ में छह करोड़ 45 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है और इसमें प्रथम किस्त के रूप में आज 2 करोड़ 32 लाख 48 हजार 800 रूपये व्यय करने के लिए अवमुक्त किए हैं।
डा. अग्रवाल ने कहा कि मंत्री बनने के बाद ऋषिकेश के सौंदर्यीकरण को दोगुनी गति के साथ कार्य किया जा रहा है। बताया कि कूड़ा निस्तारण और पार्किंग उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है। डा. अग्रवाल जी ने कहा कि कूड़ा निस्तारण के साथ ही पार्किंग का कार्य प्रगति पर है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश सहित मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम का कायाकल्प होने जा रहा है। बताया कि 1600 करोड़ रूपये की धनराशि से न सिर्फ पर्यटकों, तीर्थ यात्रियों बल्कि स्थानीय नागरिकों, व्यापारिक वर्ग को भी लाभ मिलेगा। डॉ अग्रवाल जी ने कहा कि उनके प्रयासों से संजय झील आज अपने अस्तित्व में आ सकी है।
इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष भाजपा दिनेश सती, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता संजय शास्त्री ने कहा कि विपक्ष और कुछ पार्टी के धोखेबाज लोगों ने प्रपंच कर धरना प्रदर्शन किया और सरकार सहित लोकप्रिय विधायक को बदनाम करने की साचिश रची। कहा कि मंत्री व विधायक डा. अग्रवाल ने कभी धन की कमी नहीं आने दी। इसी के चलते जनता ने उन्हें चौथी बार अपना विधायक चुना है।
वरिष्ठ पार्षद शिव कुमार गौतम और विकास तेवतिया ने कहा कि लगातार जनता के बीच कुछ तथाकथित और विपक्ष के लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं। कहा कि वर्षाकाल के दौरान तीन माह तक मशीन कूड़ा निस्तारण का कार्य नहीं कर पाती है। ऐसे में विरोधियों द्वारा धरने पर बैठकर धन अभाव की बात कहकर दुष्प्रचार किया गया, जो कि गलत है। कहा कि यह उनकी आदत में शुमार है। उन्होंने समस्त पार्षदों की ओर से मंत्री डा. अग्रवाल का स्वागत किया, जबकि पार्टी संगठन की ओर से मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने मंत्री अग्रवाल का भव्य स्वागत और आभार जताया। इस मौके पर मिष्ठान खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी गई।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय शास़्त्री, संजय व्यास, प्रदीप दुबे, राजपाल ठाकुर, अनिल ध्यानी, मंडल महामंत्री सुमित पंवार, जयंत शर्मा, पार्षद विकास तेवतिया, शिव कुमार गौतम, राजेश दीवाकर, सुंदरी कंडवाल, सोनू प्रभाकर, संजीव पाल, राजू नरसिम्हा, वीरेंद्र रमोला, प्रधान रायवाला सागर गिरी, अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राहुल दीवाकर, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नितिन सक्सेना, जिला संयोजक अभाविप शिवम शर्मा, देवदत्त शर्मा, पूर्व पार्षद शारदा, अशोक पासवान, कविता शाह, किशन मंडल, रूपेश गुप्ता, शंभू पासवान, सुजीत यादव, माया घले, राजकुमारी पंत, विवेक शर्मा, रविंद्र बिरला, जगावर सिंह, राहुल प्रजापति, अंकुर प्रजापति, संजीव सिलस्वाल, विनोद भट्ट, नरेंद्र पंडित, सौरभ गर्ग, प्रदीप कुमार आदि उपस्थित रहें

शव निकालने गये दो लोग भी नदी के बहाव में फंसे, एसडीआरएफ ने बचाया

एसडीआरएफ को चीला चौकी से सूचना मिली कि नदी में एक शव दिखाई दे रहा है और साथ मे 2 लोग भी नदी में फंसे हैं। टीम ने तुरंत ही राफ्ट की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। मौके पर पहुंचकर शव और दोनों ब्यक्तयों को राफ्ट से किनारे लाये। टीम ने शव को लक्ष्मणझूला पुलिस को सुपर्द किया। जिसकी पहचान पृथ्वीधर कोटनाला उम्र 62 डिफेंस कॉलोनी देहरादून के रुप में हुई। जानकारी के अनुसार वे 3 सितम्बर को अपने बड़े भाई से मिलने गीता नगर ऋषिकेश आये थे। लेकिन वापस घर देहरादून नही पहुंचे।
बताया कि काफी खोजबीन करने पर पता लगा कि इनकी स्कूटी चीला बैराज की तरफ देखी गयी। जिस पर परिजनों ने नदी में देखा कि शव जैसा कुछ दिखाई दे रहा है। जिस पर 2 ब्यक्ति शव तक पहुंचे ही थे कि नहर का जलस्तर बढ़ने लगे गया जिससे वे वही फंस गये और अंधेरा हो गया। रेस्क्यू टीम में निरीक्षक कवीन्द्र सजवाण, चौकी प्रभारी श्रद्धानंद सेमवाल, जितेंद्र सिंह, मातबर सिंह, अनूप सिंह, शिवम सिंह, सुमित नेगी, अमित कुमार शामिल रहे।

माँ कुंजापुरी के मेले के लिए धन की नहीं आयेगी कमीः सुबोध उनियाल

गढ़वाल का सुप्रसिद्ध नरेन्द्रनगर में आयोजित होने वाला 46 वाँ सिद्धपीठ माँ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के आयोजन को लेकर आज नगर पालिका परिषद् नरेन्द्रनगर के टाउन हॉल में मा. वन एवं तकनीकी शिक्षा, भाषा एवं निर्वाचन मंत्री उत्तराखण्ड सरकार सुबोध उनियाल की अध्यक्षता तथा जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल डॉ. सौरभ गहरवार की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। 08 दिवसीय इस मेले का उदघाटन दिनाँक 26 सितम्बर, 2022 को होगा, जबकि समापन 03 अक्टूबर, 2022 को किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न समितियों का गठन किया गया।

मंत्री उनियाल ने कहा कि गत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी नरेन्द्रनगर में आगामी शरदकालीन नवरात्रों के शुभ अवसर पर 46 वाँ सिद्धपीठ माँ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का आयोजन किया जाएगा। मंत्री उनियाल ने कहा कि मां कुजांपुरी पर्यटन एवम् विकास मेला उत्तराखण्ड का सुप्रसिद्ध व काफी पुराना मेला है। यह मेला धार्मिक मेले के रूप में प्रारम्भ हुआ था, जो काफी वर्षाे से पर्यटन के क्षेत्र में भी इस मेले ने अपना स्थान बनाया है। उन्होंने आश्वासन दिया गया कि किसी भी स्तर पर भी माँ कुंजापुरी के इस मेले हेतु धन की कोई कमी आड़े नही आने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि जिला इस मेले में जिला प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि यह प्रदेश का पहला मेला है जिसकी निरंतरता आज भी बनी हुई है मेले का उद्देश्य लोगों का मनोरंजन करने के साथ ही खेलों को बढ़ावा देना तथा यहां की स्थानीय संस्कृति सभ्यता के संरक्षण के साथ-साथ विकास की निरंतरता को भी बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि मेले की गुणवत्ता पर ध्यान रखना जरूरी है सभी को सकारात्मक सोच एवं रचनात्मकता के साथ अपना योगदान देना आवश्यक है। साथ ही मेले में जन कल्याणकारी योजनाओं के विभागीय प्रदर्शनी/ स्टॉल लगाकर लाभार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समितियों की बैठक तीन चार दिन के अंदर करना सुनिश्चित करें। खेल प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से संबंधित समितियां पहले ही अपनी तैयारियां पूर्ण कर ले। सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाना सुनिश्चित करेंगे। पार्किंग व्यवस्था एसडीएम सीओ औऱ पीडब्ल्यूडी देखना सुनिश्चित करेंगे ईओ नगरपालिका साफ-सफाई और वेस्ट मैनेजमेंट का ध्यान रखेंगे तथा सफाई हेतु समय निर्धारित कर सफाई करवाएंगे। विद्युत विभाग द्वारा विद्युत आपूर्ति, जल संस्थान द्वारा पेयजल व पानी निकासी व्यवस्था, खाद्य अभिहित अधिकारी द्वारा खाद्य पदार्थों को खुले में ना रखने संबंधी व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस एवं स्वास्थ्य टीम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा मेले का लोगो बनाने का भी सुझाव दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष मां कुंजापुरी मेले को और बेहतर तरीके से किए जाने का प्रयास किया जाएगा और इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है।
मेले के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न समितियां यथा वित्त समिति, पुरस्कार एवं स्वागत समिति, भोजन एवं आवास व्यवस्था समिति खेलकूद व्यवस्था समिति, प्रचार-प्रसार समिति, स्टाल निर्माण समिति, संस्कृति एवं एच संचालन एवं रख-रखाव समिति, परिवहन एवं शक्ति व्यवस्था समिति तथा स्वास्थ्य एवं सफाई/ विद्युत व्यवस्था समिति एक दर्जन के अधिक समितियों का गठन किया गया।

बैठक में अध्यक्ष मेला समिति/अध्यक्ष नगर पालिका नरेंद्रनगर राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, अध्यक्ष नगर पालिका मुनिकीरेती रोशन रतूड़ी जिला अध्यक्ष भाजपा विनोद रतूड़ी ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, सचिव मेला समिति/एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र सिंह, अध्यक्ष मंडी समिति श्री रावत, सीएमओ संजय जैन, कोषाधिकारी नरेंद्रनगर शुभम तोमर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस गिरफ्त में नकली नोट छापकर बाजार में चलाने वाला गिरोह

कोतवाली पुलिस ने नकली नोट छापकर बाजार में चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक गली नंबर 2, गुमानीवाला निवासी चंद्र मोहन पांडे पुत्र स्व. दिवाकर दत्त पांडेय ने पुलिस को एक तहरीर दी। इसमें उन्होंने बताया श्यामपुर बाईपास गुमानीवाला में उनकी परचून की दुकान है। बीती 28 अगस्त की शाम को एक व्यक्ति उनकी दुकान से सामान लेने आया था। उसने सामान खरीदने के बाद बदले में दो हजार रुपये का नोट उन्हें थमाया। दो हजार का नोट नकली निकला। पुलिस ने दुकान स्वामी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर की मदद से संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को जंगलात चौकी गुमानीवाला के पास से एक आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ में उसने अपनी पहचान नीरज पुत्र सुखबीर सिंह निवासी मोहल्ला माता गढ़, थाना मंडी जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में कराई। पुलिस हिरासत में उसने बताया कि वे तीन दोस्त हैं। उनमें से सुनील और रोशन जोशी देहरादून स्थित वसुंधरा विहार निरंजनपुर, पटेलनगर में रहते है। वहां पर एक कमरे में रोशन जोशी के पास नकली नोट छापने के स्नैकर, लैपटॉप और प्रिंटर मशीन है। वे नकली नोट छापने के बाद अलग-अलग क्षेत्रों में नोट देकर सामान खरीदते हैं। पुलिस ने इसके बाद आरोपी रोशन जोशी पुत्र लक्ष्मण जोशी निवासी ग्राम सुना पोस्ट व थाना थराली जनपद चमोली हाल निवासी लेन नंबर 2 वसुंधरा विहार पटेल नगर देहरादून और सुनील पुत्र संजय निवासी ग्राम शाहजहांपुर थाना सरसावा जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश को देहरादून से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो हजार रुपये के चार नकली नोट, लैपटॉप, स्कैनर, प्रिंटर और अन्य सामान भी बरामद किया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया है।

समाजसेवी नेगी को उत्तराखण्डी अचीवर्स अवार्ड

स्वास्थ्य, शिक्षा एवं लोक संस्कृति में उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ राजे नेगी को उत्तराखण्डी अचीवर्स अवार्ड 2022 से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ नेगी ने कार्यक्रम आयोजकों को धन्यवाद देते हुए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में मिले विशिष्ट सम्मान को अपने माता-पिता और परिवार को सर्मपित किया है। कहा कि,परिजनों की प्रेरणा के बूते ही वह आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
उल्लेखनीय है कि इम्ब्लीस टेलेंट मैनेजमेंट के द्वारा आईआरडीटी ऑडिटोरियम में उत्तराखंडी अचीवर्स अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया था जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि कबीना मंत्री गणेश जोशी एवं पूर्व राज्य मंत्री भाजपा नेता करन बोहरा ने किया। ऋषिकेश से समाजसेवी डॉ राजे नेगी को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं लोक संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु बेस्ट सोशियल वर्कर के लिए उत्तराखण्डी अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर कार्यक्रम सयोंजक इम्ब्लीस की डायरेक्टर ख्याति शर्मा, आलोक शर्मा एवं पूर्व राज्य मंत्री करन बोहरा ने समाजसेवी डॉ राजे नेगी को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

सरकारी अस्पताल ऋषिकेश में सीटी स्कैन मशीन को दी वित्तीय स्वीकृति

अब उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में सीटी स्कैन की सुविधा मरीजों को मिलेगी। कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने सीटी स्कैन मशीन के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मंत्री अग्रवाल ने उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में सीटी स्कैन मशीन को वित्तीय स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया।
मंगलवार को प्रेस जारी करते हुए मंत्री डॉ अग्रवाल ने बताया कि ऋषिकेश का उप जिला चिकित्सालय स्वास्थ्य के क्षेत्र में अहम स्थान रखता है। बताया कि यहां ऋषिकेश नगर के अलावा छिद्दरवाला, रायवाला, भानियावाला, रानीपोखरी, मुनिकीरेती, ढालवाला, नरेंद्रनगर, तपोवन, शिवपुरी, ब्यासी, स्वर्गाश्रम, यमकेश्वर सहित अन्य क्षेत्रों के मरीज व तिमारदार आते है।
डॉ अग्रवाल ने बताया कि यहां प्रतिदिन सैकड़ो की संख्या में मरीज पहुंचते हैं। ऐसे में उप जिला चिकित्सालय में सभी सुविधाएं मिल सके, इसके लिए उनकी ओर से सदैव प्रयास किया गया। डॉ अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हो सकें, इसके लिए व्यापक कार्य कर रहीं हैं।
डॉ अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री के रूप में उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में सीटी स्कैन मशीन के लिए 6 करोड़ 72 लाख 65 हजार 970 रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में सीटी स्कैन की सुविधा मिलने पर मरीजों को सरकारी दरों में इसका लाभ मिलेगा। इससे उन्हें बाहर निजी लैब में लगने वाले अधिक खर्च से बचत होगी।

हरितालिका तीज कार्यक्रम में मंत्री अग्रवाल ने किया प्रतिभाग

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने गोर्खाली समाज की ओर से आयोजित हरितालिका तीज कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने सभी गोर्खाली समाज की व्रती महिलाओं को शुभकामनाएं दी। इस मौके पर साहब नगर स्थित हिमालय माता मंदिर में हॉल के निर्माण के लिए विधायक निधि से पांच लाख रुपए देने की घोषणा भी की।
रविवार को साहब नगर में आयोजित गोर्खाली महिला हरितालिका तीज महोत्सव कार्यक्रम में डा. अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया। डा. अग्रवाल ने कहा कि हरितालिका तीज का विशेष महत्व है। गोर्खाली समाज की महिलाओं को इस दिन का बेसब्री से इंतजार रहता है। कहा कि इस व्रत से महिलाओं को सुहागिनी होने का गौरव प्राप्त होता है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि हरितालिका तीज भगवान शिव और पार्वती जी को समर्पित है। ऐसी मान्यता है कि मां पार्वती ने भगवान शिव को अपने पति के रूप में पाने के लिए 107 बार तप व व्रत लिया था, 108वीं बार तप और व्रत में उन्हें भगवान शिव पति के रूप में प्राप्त हुए थे।
डा. अग्रवाल ने कहा कि गोर्खाली समाज की महिलाओं सहित अन्य समुदाय के लोगों में भी अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए इस व्रत को लिया जाता हैं। इस मौके पर उन्होंने महिलाओं को हरितालिका तीज की बधाई दी।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, गोर्खाली सभा अध्यक्ष किशन थापा, तीज कमेटी अध्यक्ष संगीता गुरुंग, दिल बहादुर खत्री, विष्णु थापा, प्रधान सोबन कैंतुरा, सरदार बलविंदर सिंह, दीपक थापा, अम्बर गुरुंग, अमर खत्री, समा पंवार, विमला नैथानी, लक्ष्मी गुरुंग, अनिता प्रधान, माया घले, हरीश कक्कड़, पूजा घले, संजना भंडारी, हिमालय देवी मंदिर समिति आदि गोर्खाली सुधार सभा छिद्दरवाला की महिलाएं उपस्थित रही।

रेलवे प्रोजेक्ट का पहला गूलर से शिवपुरी टनल ब्रेक थ्रू का हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के अंतर्गत रेलवे प्रोजेक्ट का पहला गूलर से शिवपुरी टनल ब्रेक-थ्रू का दीपक प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन प्रधानमंत्री जी का सपना है। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रधानमंत्री जी का सपना है कि वर्ष 2024 तक समयान्तर्गत रेलवे लाइन का कार्य हो जाये, प्रधानमंत्री द्वारा लगातार रेलवे लाइन का अपडेट लिया जा रहा है। पहाड़ों में रेलवे लाइन का काम काफी कठिन होने के बावजूद आगे भी सफलतापूर्वक करने के लिए उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि और भी रेलवे लाइनों, सड़को के निर्माण हेतु स्वीकृति मिल चुकी हैं, जिन पर शीघ्र ही कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है और उनके मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में भी सभी क्षेत्रों में विकास कार्य तीव्र गति से हो रहे है। इस बार प्रदेश में लगभग 04 करोड़ कांवडियों ने यात्रा की है, जबकि चारधाम में अभी तक लगभग 30 लाख श्रद्धालुओं/ पर्यटक पहुंचे हैं।

कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रेमचन्द्र अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्ग दर्शन में सभी क्षेत्रों में विकास कार्य निरन्तर हो रहे है। प्रधानमंत्री जी द्वारा पहाड़ों में रेल पहुंचाने के कार्यों को साकार रूप दिया जा रहा है।

काबीना मंत्री सुबोध उनियाल ने इस योजना में अपनी भूमि देने वाले लोगों का और इस परियोजना में कार्य कर रहे सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्य परियोजना अधिकारी रेलवे अजित सिंह यादव ने बताया कि ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेल लाइन की दूरी 125 किमी है, जिसमें से 104 किमी में 17 टनल बनेंगी। इस रेल लाईन में जन्दासू देवप्रयाग सौड़ सबसे लम्बी सुरंग होगी जो लगभग साढे चौदाह किमी होगी। बताया कि रेलवे के कार्यों में आधुनिकतम मशीनों का इस्तमाल किया जा रहा है, सभी टनल का कार्य समय अंतर्गत पूरा कर लिया जाएगा।

इस मौके पर आयुक्त गढ़वाल मंडल सुशील कुमार,डीआईजी गढ़वाल के.एस. नगन्याल, जिलाधिकारी सौरभ गहरवार, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सहित अन्य रेलवे के अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अतिवृष्टि में 13 लोग लापता, तलाश जारी, भारी नुकसान का आंकलन

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश मुसीबत बनती जा रही है। बरसात के बाद उत्तराखंड में आपदा जैसे हालात हैं। बरसात के बाद मलबे में दबकर टिहरी जिले में तीन और पौड़ी जिले में भी एक व्यक्ति की मौत हुई। देहरादून में अतिवृष्टि के बाद पांच सहित प्रदेशभर में 13 लोग लापता हो गए हैं। मलबे में करीब एक दर्जन मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। कई जिलों में नालों के उफान पर आने के बाद सड़कें भी बह गईं हैं।
भारी बरसात के बाद गंगा, काली, सरयू आदि नदियां उफान पर हैं। भूस्खलन से केदारनाथ हाईवे सहित प्रदेशभर में कई सड़कें बंद हो गईं हैं। नदियों के उफान पर आने से प्रशासन ने तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया है। बरसात के बाद भूस्खलन से कई मकान भी मलबे में दब गए हैं।
अतिवृष्टि से देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, पिथौरागढ़ आदि जिलों में नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा राहत व बचाव का कार्य किया जा रहा है। लेकिन, खराब मौसम प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हो रही भारी वर्षा के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बारे में आपदा प्रबंधन विभाग से जानकारी ली। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रभावित क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।

देहरादून में देहरादून में अतिवृष्टि से सरखेत में भारी नुकसान
शनिवार तड़के देहरादून और आसपास के इलाकों में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। मालदेवता के सरखेत में बादल फटने जैसे हालात हैं। यहां तड़के कई घरों में मलबा और पानी भर गया। एक रिसोर्ट परिवार के महिलाओं बच्चों समेत कुछ लोग फंस गए। वहीं रायपुर-थानो रोड पर क्रिकेट स्टेडियम के पास सौंग नदी में बना पुल बह गया। इससे एक कार और तीन स्कूटी सवार नदी में जा गिरे। गनीमत रही कि उन्हें समय रहते रेस्क्यू कर लिया गया। घायल आठ लोगों को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रेमनगर नदी में एक मजदूर को भी एसडीआरएफ की टीम ने बचाया। वहीं टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र में भी तमसा नदी उफान पर है। यहां मंदिर परिसर में भी पानी घुस गया है। एसडीआरएफ़ के मुताबिक आपदा कंट्रोल रूम देहरादून द्वारा बताया गया कि एक व्यक्ति ने पौने तीन बजे बताया गया कि ग्राम सरखेत रायपुर में बादल फट गया है। कई लोग फंसे हैं। पोस्ट सहस्त्रधारा से निरीक्षक अनिरुद्ध भंडारी अपनी टीम के साथ रवाना हुए। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मार्ग मालदेवता पर बाधित मिला। वाहन के किसी सूरत में आगे न जाने की सूरत में टीम द्वारा बिना वक़्त गवाये तत्काल पैदल ही आगे बढ़ने का निर्णय लिया गया।
घटनास्थल पर पहुंचकर पता चला कि बादल फटने के कारण नदी एवं कुवा खाला में ज्यादा पानी आने से ग्राम सरखेत में कुछ मकानों में पानी घुस आया। टीम द्वारा ग्राम सरखेत में फंसे सभी लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित कर दिया गया है। किसी भी प्रकार की जनहानि नही हुई है। चार-पांच किलोमीटर आगे कुछ लोग रिसॉर्ट में रुके हुए थे।
फोर्ट बेनियन रिसॉर्ट्स से करीब 20 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। उन्हें पंचायत भवन तक एसडीआरएफकी टीम ले आई है। रेस्क्यू अभियान अभी जारी है। उधर, भारी बारिश के कारण सुबह शिक्षा विभाग ने स्कूल बंद रखने का आदेश सोशल मीडिया में जारी किया। हालांकि कई स्कूल जहां खुले हैं, वहीं कुछ ने बंद किया। कई जगह स्कूल से बच्चों को लौटाया गया।

टिहरी में भारी बारिश के बाद नुकसान
तहसील धनोल्टी के कुमाल्डा मालदेवता क्षेत्र में भारी वर्षा व अतिवृष्टि से नुकसान की सूचना है। राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र भुत्शी और लॉर्खा में अतिवृष्टि के कारण लोगों का काफी नुकसान बताया जा रहा है। जनमानस की किसी भी प्रकार से हानि नहीं हुई है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। तौलिया काटल तहसील धनोल्टी क्षेत्रान्तर्गत कुमालड़ा, मालदेवता, भुत्सी, ल्वार्खा, सीतापुर में अतिवृष्टि से क्षति की सूचनाएं प्राप्त हो रही है।
क्षेत्र के लिए डीएम, एसडीएम व एडीएम रवाना हुये हैं, साथ ही जल संस्थान व विद्युत विभाग की टीम कुमालड़ा के लिए रवाना हुई है। सिंचाई विभाग की टीम भी रवाना। सोंग नदी के उफान से इंटर कॉलेज रगड़ गांव व मार्केट में नुकसान की सूचना। 12 गांवो को जोड़ने वाले पुल को भी नुकसान। 3 परिवारों को सिप्ट किया गया है। नरेंद्रनगर से रानीपोखरी जाने वाला स्टेट हाईवे 77 किमी 1, 5, 6 व 7 के पास बंद हो गया है।
थाना नरेंद्रनगर से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीटीसी नरेंद्रनगर, हिंडोलाखाल और तचिला चाचा-भतीजा होटल के पास एनएच 94 बंद होने के कारण ट्रैफिक आगरखाल में रोका गया है। सकलाना पट्टी के ग्राम पंचायत कुमालडा, भरवा काटल और ग्राम पंचायत धौलागिरी के सीतापुर में भारी बारिश से नुकसान बताया जा रहा है। यहां पर भगवान सिंह पंवार की सरकारी गल्ला विक्रेता की दुकान, दुकान में भरा हुआ राशन और एक मोटरसाइकिल बहने की सूचना है।