निर्माण कार्यों में लापरवाही होने पर एनएच अधिकारियों को लगी फटकार

काबीना मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने नेशनल हाईवे (एनएच) के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान नंदू फार्म में पानी भरने की समस्या का निदान न होने पर अधिकारियों को फटकार भी लगाई।

काबीना मंत्री ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों से नंदू फार्म में पानी भरने की समस्या पर रिपोर्ट मांगी। जिस पर अधिकारी उचित जवाब नहीं दे सके। इस पर कैबिनेट मंत्री ने नाराजगी जतायी। उन्होंने फटकार लगाते हुए कहा कि लंबे समय से नंदू फार्म में जल भराव की समस्या बनी हुई है, स्थानीय लोगों को हो रही समस्या को देखते हुए पूर्व में इसके निदान के लिए होल बनाने के निर्देश दिए थे। मगर तय समय के भीतर समस्या का निदान नहीं हुआ। उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही से काम न करने को कहा। इसके लिए अधिकारियों ने एक हफ्ते का समय मांगा।

ने एक हफ्ते के भीतर जलभराव की समस्या के निदान के निर्देश दिए। कहा कि जनता को सुविधाएं देना हमारी प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की समस्या को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों से कोयल घाटी से त्रिवेणी घाट तक फोरलेन, नेपाली फार्म से चंद्रभागा तक इंटरलॉक टाइल्स के कार्यों में निम्न स्तर की गुणवत्ता पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के दौरान आनन फानन में किये गए कार्यों में क्वालिटी को नजरअंदाज किया गया, जिससे सरकारी खजाने 8 करोड़ 39 लाख रुपयों की बंदरबाट की जा सके। कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर कोई कोताही नहीं की जाएगी।

इस मौके पर नेशनल हाईवे की अधिशासी अभियंता रचना थपलियाल, सहायक अभियंता शिव सिंह रावत, अपर सहायक अभियंता छत्रपाल सिंह मौजूद रहे।

केदारनाथ धाम पहुंचे मुख्य सचिव, निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

श्री केदारनाथ धाम में चल रहे निर्माण कार्यों का मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया गया। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में चल रहे निर्माण कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को दिए।

मुख्य सचिव ने चारधाम यात्रा के दृष्टिगत धाम में चल रहे कार्यों एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से स्थलीय निरीक्षण किया गया। उन्होंने जिलाधिकारी सहित उपस्थित संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी मनुज गोयल को निर्देश देते हुए कहा कि श्री केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण से संबंधित कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, विद्युत व्यवस्था को सुचारू रखे जाने तथा कार्य कर रहे मजदूरों को स्वास्थ्य सुविधा सहित रहने व खाने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्री केदारनाथ धाम के अंतर्गत समस्त यात्रा मार्ग में नेटवर्क की उचित व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

वहीं लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि धाम में चल रहे कार्यों के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में जेई की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए। यदि किसी जेई को पूर्व में तैनाती के निर्देश दिए गए हैं और उनके द्वारा अपनी तैनाती नहीं दी गई है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाए। मुख्य सचिव द्वारा यात्रा के दौरान बेहतर स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर भी जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, मुख्य अभियंता लोनिवि अहमद, जिलाधिकारी मनुज गोयल, संयुक्त सचिव श्री केदारनाथ उत्थान ट्रस्ट, अधीक्षण अभियंता लोनिवि राजेश चंद्र शर्मा, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रवीण कर्णवाल, अधिशासी अभियंता विद्युत डीएस चौधरी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित आदि मौजूद थे।

चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर गढ़वाल कमिश्नर ने ली सभी विभागों की बैठक

यात्रा प्रशासन संगठन की चार धाम यात्रा बैठक आयुक्त गढ़वाल सुशील कुमार की अध्यक्षता में नगरनिगम ऋषिकेश के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित हुई जिसमें पुलिस महानिरीक्षक सहित जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, चिकित्सा, पर्यटन, परिहन विभाग, चिकित्सा-स्वास्थ्य, पावर कारपोरेशन, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रेफ बीआरओ, पीडब्लूडी, खाद्यान्न, श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति, जीएमवीएन, उरेड़ा, बीएसएनएल, संचार चारधाम यात्रा से संबंधित सभी विभागों के शीर्ष अधिकारियों ने प्रगति आख्या प्रस्तुत की।

गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार ने कहा कि आनेवाली चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में तीर्थ यात्रियों के श्री बदरीनाथ, श्री केदारनाथ, श्री गंगोत्री, श्री यमुनोत्री सहित उत्तराखंड के तीर्थस्थलों में पहुंचने की उम्मीद है। कोरोनाकाल के बाद चारधाम यात्रा का प्रवाह निश्चित ही बढ़ेगा इसके लिए तीर्थयात्रियों को अधिक से अधिक यात्री सुविधाएं मिले इसके लिए सभी संबंधित विभाग तैयारियों को 25 अप्रैल से पहले पुख्ता करें।

उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक तीर्थयात्रियों का आनलाइन/आफ लाईन पंजीकरण किया जाये। सड़को के चिह्नित पेचों जैसे लाम बगड़, कलियासौड़ को दुरस्त किया जाये गंगोत्री एवं यमुनोत्री मार्ग तथा केदारनाथ यात्रा मार्ग में चिह्नित जगहों पर सड़क दुरस्त कर दिया जाये। यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता निरीक्षण-नियंत्रण हेतु जिलाधिकारियों को जांच कमेटी बनाने के निर्देश दिए।

कहा कि तीर्थ यात्री https//registrationandtouristcare.uk.gov.in पर अपना आन लाईन अथवा आफ लाईन पंजीकरण जरूर करवाएं। वेब पोर्टल,रेजिस्ट्रेशन सेंटर, मोबाइल एप, यात्री मित्र के माध्यम से अपना पंजीकरण करवाये। इस संबंध में पर्यटन विभाग ने डेमो प्रस्तुत किया बंताया कि हरिद्वार से लेकर संयुक्त बस अड्डा, गुरूद्वारा ऋषिकेश, बदरीनाथ मार्ग, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री मार्ग पर आफ लाईन पंजीकरण व्यवस्था है।
केदारनाथ हेतु हेली पंजीकरण आज से शुरू हो चुकी है। https://heliservices.uk.gov.in
श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम के पूजाओं की आन लाइन बुकिंग htttps:// badrinath-kedarnath. uk.gov.in पर उपलब्ध है।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र सहित जिलाधिकारी देहरादून डा. आर राजेश, जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना, जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग मनुज गोयल,‌ जिलाधिकारी टिहरी ईवा आशीष, श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बी.डी. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी गौरव कुमार, अपर आयुक्त एवं यात्रा प्रशासन संगठन के विशेष कार्याधिकारी नरेंद्र सिंह क्वीरियाल एसएसपी श्वेता चौबे चमोली, यशवंत सिंह पौड़ी, नवनीत भुल्लर टिहरी, आयुश अग्रवाल रूद्रप्रयाग, वीर सिंह वुदियाल अपर जिलाधिकारी हरिद्वार, ईला गिरी अपर जिलाधिकारी पौड़ी, आरटीओ देहरादून दिनेश पठोई, एआरटीओ अरविंद पाण्डेय, वाईएस तोमर ईई यूपीसील, एके श्रीवास्तव, डा. हरीश गौड़ सहित परिवहन विभाग, चिकित्सा, एनएच, पीडब्ल्यूडी, खाद्यान्न, उरेड़ा पंचायत राज, संयुक्त यात्रा रोटेशन, सुलभ इंटरनेशनल के प्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे।

चारधाम/ श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया गया कि विगत 28 मार्च को गढ़वाल आयुक्त की अध्यक्षता में यात्रा प्रशासन संगठन की चारधाम यात्रा बैठक आयोजित हुई थी। बताया कि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 8 मई, श्री केदारनाथ धाम के कपाट 6 मई तथा गंगोत्री यमुनोत्री के कपाट परंपरागत रूप से अक्षय तृतीया 3 मई को खुल रहे है। प्रदेश सरकार का चारधाम यात्रा तैयारियों पर विशेष फोकस है, इसी परिप्रेक्ष्य में हर स्तर पर यात्रा तैयारियों को दुरुस्त किया जा रहा है।

विधायक प्रत्याशी से पूर्व सभासद ने मांगी लिखित माफी

मैंने चुनाव में संगठन के विरूद्ध कार्य नहीं किया। फिर भी यदि आपको लगता है कि मैंने संगठन के विरूद्ध कार्य किया है तो इसके लिए मैं क्षमा मांगता हूं। यह बात तीर्थनगरी के पूर्व सभासद सोनू पांडेय ने लिखित माफीनामा में कांग्रेस से विधायक प्रत्याशी जयेंद्र रमोला को कही।

विधायक प्रत्याशी द्वारा भेजे गए प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पूर्व सभासद सोनू पाण्डेय ने विधानसभा के पूर्व कांग्रेस विधायक प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला के कार्यालय में पहुँचकर 31 मार्च के हुआ घटनाक्रम पर खेद प्रकट किया हैं और ग़लतफ़हमी के लिये लिखित रूप से माफ़ी माँगी है। साथ ही अपने द्वारा की गई शिकायत को वापिस लेकर भविष्य में किसी भी वरिष्ठ नेता से बिना सलाह लिये कोई प्रेस नोट या प्रेस वार्ता नहीं करने की बात कही है।

इस मौक़े पर पार्षद देवेन्द्र प्रजापति, जयपाल सिंह मौजूद रहे।

सुविधाजनक चारधाम यात्रा को पुख्ता इंतजाम होः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चार धाम यात्रा के माध्यम से देश-विदेश में अतिथि देवो भवः का संदेश जाना चाहिए। इस बार बहुत अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने की सम्भावना है। चार धाम यात्रा की तैयारियां उसी के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री सचिवालय में चारधाम यात्रा 2022 की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने यात्रा को श्रद्धालुओं की लिए अधिक से अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर, सभी आवश्यक सुधार कार्य यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संबंधित जिलाधिकारियों को भी यात्रा मार्गों पर कार्यों की प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये। मार्ग अवरूद्ध होने की स्थिति में तत्काल खोलने के लिए जरूरी मशीनों की व्यवस्था व तैनाती कर ली जाए। जेसीबी मशीनों की ट्रेकिंग के लिए उन्हें जीपीएस से जोड़ा जाए। यात्रा मार्ग से संबंधित सड़कों पर कहीं भी मलबा या कचरा न रहे। कचरा निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रबंधन में टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाए। ट्रेफिक प्रबंधन व संचालन के लिए ड्रोन का भी प्रयोग किया जाए। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए टोल फ्री नम्बर जारी किया जाए। जिस पर यात्रा से संबंधित हर प्रकार की जानकारी हो। इस नम्बर को व्यापक प्रचारित भी किया जाए। इस वर्ष बहुत बड़ी संख्या में यात्रियों के आने की सम्भावना है। किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए यात्रियों के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था हो। यात्रा मार्गों पर जगह-जगह पर्याप्त संख्या में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। डायवर्जन और वैकल्पक मार्गों की व्यवस्था भी कर ली जाए। जगह-जगह पर साईन बोर्ड भी लगाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि यात्रा मार्गों पर जाने वाले बसों व टैक्सियों की फिटनेस की जांच सुनिश्चित हो। यात्रा मार्ग पर तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि नियमो का पालन कराते हुए यात्रियों व श्रद्धालुओं के साथ विनम्रतापूर्वक व्यवहार हो। एक बार एंट्री पाइन्ट पर वाहनों की चौकिंग होने के बाद बार-बार चौकिंग कर यात्रियों को परेशान न किया जाए। विभिन्न स्थानों पर क्वालिटी पेयजल के लिए वाटर एटीएम/वाटर मशीन लगाई जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकतानुसार चिकित्सकों की तैनाती कर ली जाए। एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी हो। यात्रा मार्ग पर रेट लिस्ट के निर्धारण के साथ ही मिलावटखोरी को रोकने के लिए नियमित चौकिंग अभियान चलाया जाए। यात्रा शुरू होने से पूर्व श्री बद्रीनाथ, श्री केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री व श्री हेमकुण्ड साहिब में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के साथ ही यात्रा मार्गों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। यात्रा मार्ग पर बेहतर संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा का विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। चार धाम यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों व अन्य जरूरी सूचनाओं का प्रचार प्रसार हो। चार धामों के साथ ही अन्य धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों के बारे में भी जानकारी दी जाए।

बैठक में केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक शैलारानी रावत, सुरेश सिंह चौहान, संजय डोभाल, दुर्गेश लाल, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, मुख्य सचिव डा. एस.एस.संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनंद बर्द्धन, डीजीपी अशोक कुमार, प्रमख सचिव आरके सुधांशु, सचिव दिलीप जावलकर, नितेश झा, डा. पंकज कुमार पाण्डेय, शैलेश बगोली, एस.ए. मुरूगेशन, आयुक्त गढ़वाल सुशील कुमार आदि उपस्थित रहे।

पार्किंग संचालक को मिले व्यवस्था सुधारने के निर्देश

मुनिकीरेती कुंभ मेला बस पार्किंग में अव्यवस्थाओं का हौव्वा पसरा देख नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह का पारा चढ़ गया। इस पर उन्होंने पार्किंग संचालक के विरूद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए उसे यहां बेहतर ढंग से व्यवस्था बनाने हेतु सख्त सख्त हिदायत दी।

शनिवार दोपहर को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती के ईओ तनवीर मारवाह जानकी पुल, आस्था पथ, कुंभ मेला बस पार्किंग आसपास आदि क्षेत्रों का औचक करने निरीक्षण पहुंचे। इस दौरान ईओ को कुंभ मेला बस पार्किंग में अव्यवस्थाएं गंदगी, अव्यवस्थित ढंग से लगी रेहडियां व वाहन आदि नजर आए, जिस पर वह बिफर गए। उन्होंने तत्काल पार्किंग संचालक को मौके पर बुलाया और यहां अव्यवस्थाएं फैली होने पर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही उन्होंने पार्किंग संचालक के विरूद्ध चालान की कार्रवाई की और पांच हजार रूपए का जुर्माना वसूला। साथ ही पार्किंग संचालक को यहां बेहतर ढंग से व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देशित किया। इसके बाद ईओ ने आस्था पथ और जानकी पुल का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने रेहड़ी संचालकों से सिंगल यूज प्लास्टिक पॉलिथीन, डिस्पोजल, चम्मच आदि का प्रयोग न करने की अपील भी की। मौके पर सफाई निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह पंवार, लेखा लिपिक विवेक भंडारी मौजूद थे।

विधानसभा अध्यक्ष पद पर रितु खंडूरी का नाम जोरों पर, मगर आधिकारिक पुष्टि नहीं

विधानसभा अध्यक्ष को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। कई दिग्गज नेता इस पद को लेकर लॉबिंग में लगे हैं। वहीं सोशल मीडिया में चर्चाओं का माहौल गर्म है कि भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी की बेटी रितु खंडूरी को विधानसभा स्पीकर बनाए जाने का फैसला किया है। अभी इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आपको बता दें कि रितु कोटद्वार से विधायक चुनकर आई हैं। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में कोटद्वार से उनकी यह जीत कई मायनों में खास रही है। कोटद्वार सीट से चुनाव जीतकर उन्होंने अपने पिता की हार का बदला लिया था।

रितु खंडूरी भूषण ने कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह नेगी के खिलाफ 3687 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। रितु दूसरी बार मैदान में उतरीं थीं। 2022 के विधानसभा चुनाव में रितु खंडूरी को बीजेपी ने आखिरी समय पर यमकेश्वर से हटाकर कोटद्वार सीट से प्रत्याशी बनाया था।
कौन है रितु खंडूरी
रितु खंडूरी भूषण का जन्म नैनीताल में 29 जनवरी 1965 को एक फौजी परिवार में हुआ। मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के राधाबल्लभ पुरम गांव निवासी उनके पिता मेजर जनरल (रिटा.) भुवन चंद्र खंडूरी तब एक फौजी ऑफिसर थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ा और जीतकर वाजपेयी सरकार में मंत्री भी बने।

खंडूरी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी बने और प्रदेश की राजनीति में एक चर्चित नाम रहें। रितु की शुरुआती शिक्षा अपने पिता की फौजी पोस्टिंग के साथ कई स्थानों पर हुई। उन्होंने मेरठ के रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज से अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। उसके उपरांत उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन किया और दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा लिया। 2006 से 2017 तक उन्होंने नोएडा स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में फैकल्टी के रूप में भी कार्य किया। उत्तराखंड की राजनीति में बीसी खंडूरी के बेहद साफ छवि रही है। रितु को भी लोगों को भरपूर प्यार मिला है।

हजारों कार्यकर्ताओं, दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ राज्य के 12वें सीएम का शपथ ग्रहण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देशभर से बड़े दिग्गजों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, संतों, हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उत्‍तराखंड के 12वें मुख्‍यमंत्री के रूप में पुष्‍कर सिंह धामी ने आज शपथ ग्रहण की। उनके साथ ही नए मंत्रिमंडल ने भी शपथ ग्रहण की। नई कैबिनेट में दो नये चेहरों को भी स्थान मिला है, जबकि तीन को रिपीट करने से परहेज किया गया है। वहीं मंत्रिमंडल के तीन पदों को रिक्त रखा गया है।

इन्होंने ली शपथ
सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य, चंदन रामदास, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, प्रेमचंद अग्रवाल ने शपथ ग्रहण की।

इन चेहरों को नहीं मिली जगह
धामी सरकार में मंत्री रहे बंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल, अरविंद पांडे को धामी रिटर्न की सरकार में जगह नहीं दी गई है।

यह पुराने चेहरे जगह बना पाने में रहे कामयाब
धामी सरकार में मंत्री रहे सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, रेखा आर्य, सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी पुनः धामी रिटर्न की सरकार में जगह बनाने में कामयाब रहे है।

यह हैं नए चेहरे
धामी रिटर्न में नये चेहरे में सितारगंज से विधायक सौरभ बहुगुणा, बागेश्वर से चंदन रामदास पहली बार मंत्रिमंडल में जगह मिली है।

पुल से नीचे कूदने जा रहे युवक को एसडीआरएफ टीम ने बचाया

कोटद्वार से लगभग दो किलोमीटर दूर पुल से एक लड़का छलांग लगाने की कोशिश कर रहा था, जिसे एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम द्वारा अपनी सूझबूझ व ततपरता से नीचे मे कूदने के प्रयास में वक़्त रहते पकड़ लिया व रोप रेस्क्यू करते हुए सही सलामत बाहर लाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय लोगों ने उक्त युवक को पुल के नीचे बने सपोर्टिंग पिलर के बीच देखा, जो लगातार नीचे कूदने का प्रयास कर रहा था। लोगों ने तत्काल यह सूचना पुलिस को नोट कराई। युवक अत्यंत जोखिमपूर्ण स्थान से कूदने का प्रयास कर रहा था व उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नही लग रही थी। ऐसे में रेस्क्यू कार्य को अत्यंत सूझबूझ व सावधानी से त्वरित रूप से करना अति आवश्यक था। एसडीआरएफ टीम द्वारा स्थिति संवेदनशीलता का आंकलन करते हुए। युवक से प्रेमपूर्वक वार्तालाप करते हुए पहले रोप के माध्यम से उस तक पहुँच बनाई गई और फिर रोप रेस्क्यू करते हुए पुल व स्पोर्टिंग पिलर के बीच अत्यंत खतरनाक स्थान से युवक को रेस्क्यू कर नीचे लाया गया।

युवक द्वारा अपना नाम राजीव उर्फ राजा उम्र 25 साल पुत्र रामचन्द्र निवासी प्रजापतीनगर मोहल्ला, गाड़ीघाट ,कोटद्वार बताया गया। जो अपने परिवार से रुष्ट होकर पुल से नीचे छलांग लगाने आ गया था।

नौजवान की प्राणों की रक्षा करने पर सभी प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा एसडीआरएफ टीम की अत्यंत सराहना की गई व सेनानायक एसडीआरएफ, मणिकांत मिश्रा द्वारा एसडीआरएफ टीम के इस मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई।

उमेश शर्मा काऊ ने बनाए रखा अपना दबदबा

देहरादून। रायपुर विधानसभा सीट पर भाजपा से उमेश शर्मा काऊ का दबदबा बरकरार है। रायपुर विधानसभा क्षेत्र देहरादून में आता है, यहाँ भारतीय जनता पार्टी से उमेश शर्मा काऊ ने 30052 वोटों से जीत हासिल किया है। उत्तराखंड में काऊ दूसरी बार सबसे अधिक वोटों से जीतने वाले विधायक बने। वहीँ दूसरे नंबर पर कांग्रेस के हीरा सिंह विष्ट रहे। यहां उमेश के सामने कांग्रेस से हीरा सिंह बिष्ट, आप से नवीन पिरशाली, बसपा से सर्मिष्ठा प्रालियम और सपा से नरेन्द्र सिंह वर्मा भी मैदान में थे।

पत्रकारों से बात करते हुए विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि मुझे मिटाने वाले आज खुद ही मिट गए। जनता जानती है लंबे समय तक मेरा उत्पीड़न किया गया। अगर मेरी सीट पर भितरघात न होती तो जीत का मारजन 45 हजार से अधिक होता। विरोधी ताकतों ने पूरा प्रयास किया लेकिन उनके नापाक मंसूबे कामयाब नहीं हुए। आने वाले पांच सालों में अधूरे कामों को पूरा करेंगे। युवाओं को अधिक से अधिक स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास करेंगे। हर वर्ग का विकास करेंगे।

आपको बता दें कि यह सीट 2008 के परिसीमन के बाद अस्‍तित्‍व में आई थी। इस सीट पर उमेश शर्मा काऊ का दबदबा है। अब तक हुए दोनों चुनाव उन्‍होंने जीते हैं। 2012 में कांग्रेस के टिकट पर लड़े थे, तब भाजपा के दिग्‍गज नेता और पूर्व मुख्‍यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को हराया था। 2017 में पाला बदलकर भाजपा से चुनावी मैदान में कूदे और दोबारा जीत दर्ज की। 2017 विधानसभा चुनाव में उमेश शर्मा काऊ को रिकॉर्ड 59764 वोट मिले थे। उन्‍होंने कांग्रेस के प्रत्‍याशी प्रभु लाल बहुगुणा को 36771 वोट से हराया था। बहुगुणा को 22993 वोट ही मिल सके थे। वहीं 2012 में उमेश शर्मा काऊ को 29900 वोट मिले थे। भाजपा के त्रिवेंद्र सिंह रावत को मात्र 474 वोट से पीछे रह गए थे, उन्‍हें 29426 मत प्राप्‍त हुए थे।