एम्स की ओर से कोविड से सुरक्षा को लेकर चलाया गया जागरुकता अभियान

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश के तत्वावधान में गठित कोविड-19 कम्युनिटी टास्क फोर्स के द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज खदरी खड़कमाफ में निशुल्क मास्क वितरित किए गए। इस दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों व अन्य लोगों को कोरोना वायरस को लेकर जागरूक किया गया।
एम्स निदेशक प्रोफेसर रवि कांत की देखरेख में संस्थान के द्वारा कोविड19 कम्युनिटी टास्क फोर्स विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत खदरी श्यामपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसके तहत कोविड-19 कम्युनिटी टास्क फोर्स के नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार की अगुवाई में विद्यालय के छात्र- छात्राओं, शिक्षकों व अन्य स्टाफ को 300 से अधिक मास्क वितरित किए गए, साथ ही उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर जागरूक किया गया। उन्हें इस विकट समय में सावधानी बरतने, सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने को प्रेरित किया गया। टास्क फोर्स द्वारा छात्र छात्राओं को बताया गया कि अभी कोविड19 वायरस का संक्रमण कम नहीं हुआ है, लिहाजा जब भी घर से बाहर निकलें अथवा सार्वजनिक स्थान या जन समुदाय के बीच जाएं तो एक दूसरे व्यक्ति से कम से कम 2 गज की दूरी बनाकर रखें व साथ ही शल्य चिकित्सा मास्क का उपयोग करें। बताया गया कि कपड़े के मास्क का इस्तेमाल भी किया जा सकता है, जिसे धोने के बाद दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है।
इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज खदरी खड़कमाफ के प्रधानाचार्य मेहताब सिंह व ग्राम प्रधान बबीता देवी द्वारा एम्स की कोविड-19 कम्युनिटी टास्क फोर्स द्वारा चलाई जा रही जनजागरूकता मुहिम की सराहना की गई। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता नवीन मोहन, शांति प्रसाद थपलियाल, एम्स की टीम के सदस्य हिमांशु ग्वाड़ी, विकास सजवाण, त्रिलोक सिंह आदि मौजूद रहे।

रिद्धिमा ने बढ़ाया उत्तराखंड का मानः राजे नेगी

विश्व की 100 प्रेरक और प्रभावशाली महिलाओं में शामिल होकर उत्तराखंड को गौरवान्वित करने वाली रिद्विमा पांडे को आम आदमी पार्टी ने सम्मानित किया है। पार्टी के नेता डॉ. राजे सिंह नेगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मोतीचूर हिमालयन कॉलोनी स्थित उनके आवास पर जाकर उत्तराखंड की बेटी को सम्मानित किया।
इस अवसर पर आप के नेता डॉ नेगी ने कहा कि महज 13 वर्ष की छोटी सी उम्र में रिद्धिमा पांडे ने दुनिया की 100 प्रेरक और प्रभावशाली महिलाओं की सूची में शामिल होकर दुनियाभर में देवभूमि उत्तराखंड का मान बड़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से राज्यवासी स्वंय को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। बीबीसी द्वारा जारी की गई लिस्ट में रिद्विमा सहित देश में कुल 3 ही भारतीय महिलाओं को इस लिस्ट में शुमार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह देवभूमि के लिए गर्व की बात है कि रिद्धिमा पांडे उन तीनों महिलाओं में से एक है और सबसे कम उम्र की है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण इस समय एक ऐसा विषय है जिसके बारे में हम सभी को गंभीरता से सोचना चाहिए और ऐसा हो भी रहा है।
प्रकृति के लगातार हो रहे हनन और मानवीय गतिविधियों से हमारे पर्यावरण को जो चोट पहुंच रही है उसके लिए युवा वर्ग अपनी आवाज बुलंद कर रहा है और एक स्वर में प्रकृति के संरक्षण की बात कर रहा है। पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर विषय को समझते हुए छोटे बच्चे लगातार आगे बढ़ रहे हैं। प्रकृति को बचाने हेतु वे लगातार काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में रिद्धिमा पांडे भारत की पहली ऐसी लड़की थी जिन्होंने यूनाइटेड नेशंस (यूएन) में जाकर पर्यावरण संरक्षण को लेकर दमदार भाषण भी दिया था। देवभूमि की यह बेटी लगातार जंगलों के कटने, जलवायु परिवर्तन की ओर अपनी आवाज बुलंद करती रही हैं और अब उनको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में काम करने और जागरूकता फैलाने के लिए सम्मान मिल रहा है जोकि प्रत्येक उत्तराखंडवासी के लिए गौरव की बात है।
इस दौरान रिद्धिमा के पिता दिनेश भट्ट, माता विनीता भट्ट, भाई शुभ भट्ट, आप कॉर्डिनेटर दिनेश असवाल, अमित विश्नोई, विक्रांत भारद्वाज, सीमा रावत, चेतन चैबे, संजय नेगी, सुनील कुमार, ज्योत्सना पांडेय उपस्थित थे।

दोस्त के शव को ठिकाने लगाने जा रहे तीन दोस्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आपसी झगड़े में नेपाली मूल के युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का प्रयास करने का सनसनीखेज एक मामला प्रकाश में आया हैं। इस मामले में थराली थाना पुलिस ने तीन नेपाली मूल के ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जबकि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नारायणबगड़ विकासखंड के अंतर्गत पंती में थाना थराली पुलिस के द्वारा गुरुवार की देर रात गश्त के दौरान तीन नेपाली युवक एक अन्य नेपाली युवक को अपने कंधों पर ले जाते मिले। पुलिस ने पूछताछ पर बताया कि उन के साथी की अचानक तबियत खराब हो गई है, जिसे उपचार के लिए ले जा रहे हैं। जब पुलिस ने उसे देखा तो वह नेपाली युवक मृत था। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तीनों से पूछताछ की तो उन्होंने उसकी हत्या का जुर्म कबूल लिया।
थराली थानाध्यक्ष ध्वजवीर सिंह पंवार ने बताया कि गत सायं चारों नेपालियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसमें एक नेपाली की हाथापाई के दौरान मौत हो गई। जिससे घबराए तीनों नेपाली शव को ठिकाने लगाने की फिराक में शव को पंती के पास ही पिंडर नदी में ले जा रहे थे कि पुलिस ने हत्थे चढ़ गये। बताया कि मृतक 21 वर्षीय शरण निवासी नेपाल बताया जा रहा है।
मौके पर से ही तीनों नेपाली युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ धारा 302, 201 एवं आईपीसी की धारा 34 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों का नाम नवीन योगी उम्र 28 वर्ष, लोकराज पुरी उम्र 22 वर्ष और मनोज गिरी उम्र 32 वर्ष बताया जा रहा है। मृतक और तीनों हत्यारोपी नेपाल के रहने वाले हैं। जो नारायणबगड़ में ही मजदूरी का काम कर रहे हैं।

व्यापारी ही बने हमारा नेता, बैठक में तय की गई अहम रणनीति

ऋषिकेश के स्थानीय व्यापारिक संगठन के प्रतिनिधियों की बैठक में सर्वसम्मत्ति से निर्णय लिया गया कि ऋषिकेश महानगर का एक व्यापारी महासंघ बनाया जायेगा। बैठक में मौजूद सभी मुख्य संगठनों ने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से नाता तोड़कर ऋषिकेश व्यापार महासंघ बनायेंगे। साथ ही प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की सदस्यता नही लेंगे।
क्लॉथ मर्चेन्ट वेलफेयर एसोसिएशन संगठन के अध्यक्ष राजीव मोहन अग्रवाल ने कहा कि महानगर व्यापार मण्डल के एका को समिति लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के स्थानीय नेताओं ने अभी तक सहमति नहीं दी है। साथ ही आरोप भी लगाया कि जिलाध्यक्ष नरेश अग्रवाल नेताओं वाली बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि ऋषिकेश महानगर का एक संगठन बना कर व्यापारी हितों के लिये लड़ाई लड़ी जाये।
वहीं, प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने भी व्यापारियों को एकजुट करने पर अपना समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने-अपने निजी स्वार्थों को छोड़कर साथ आना ही चाहिए। बिल्डिंग मैटेरियल के अध्यक्ष सतवीर तोमर ने आरोप लगाया कि कुछ कुर्सी पकड़ व्यापारी नेता व्यापारियों की लड़ाई लड़ने की बजाय अधिकारियों के स्वागत और चाटुकारिता करते हैं। जबकि साधारण व्यापारी पर कोई मुसीबत आती है तो मौके पर कही भी दिखाई नही देते है। ऐसे व्यापारी और ऐसे व्यापार मंडल का विरोध करते हुए मैं सभी से एक नया और स्वच्छ व्यापार मंडल बनाने का आग्रह करता हुं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुऐ प्रचून ट्रांसपोर्ट संगठन के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने कहा कि कुछ लोगों के कारण आज व्यापारी वर्ग बंटा हुआ है। हमें फिर से मिलकर सभी को एकजुट होना होगा तभी व्यापारियों का हित होगा। कार्यक्रम का संचालन व्यापारियों को एकजुट करने का प्रयास कर रहे वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता जयेन्द्र रमोला ने किया।
बैठक में संदीप गुप्ता, कपिल गुप्ता, पूर्व व्यापार सभा अध्यक्ष नवल कपूर, कैमिष्ट एसोशिएशन के अध्यक्ष संदीप मल्होत्रा, पैट्रोल डीलर्स एसोशिएशन अध्यक्ष अशोक जैन, महामंत्री नवदीप नागलिया, व्यापार सभा अध्यक्ष मनोज कालड़ा, महामंत्री पदम शर्मा, क्लॉथ मर्चेंट के महामंत्री प्रदीप गुप्ता, मोटर पार्टस डीलर एसोशिएशन अध्यक्ष चन्द्रशेखर जैन, ज्वैलर्स एसोशिएशन अध्यक्ष यशपाल पंवार, उपाध्यक्ष हितोन्द्र पंवार, बर्तन एसोशिएशन अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल, सरकारी सस्ता गल्ला एसोशिएशन से मदन मोहन शर्मा, होटल एसोशिएशन अध्यक्ष मदन नागपाल, महामंत्री अंशुल अरोड़ा, क्षेत्र रोड व्यापार एसोशिएशन अध्यक्ष राजेश भट्ट, ट्रैवेल्स एसोशिएशन व क्षेत्र रोड एसोशिएशन से पंकज शर्मा, प्रॉपर्टी एसोशिएशन अध्यक्ष अजय गर्ग, मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर व पानी टैंकर सप्लाई एसोशिएशन अध्यक्ष पंकज गुप्ता, बारबर एसोशिएशन से राजपाल ठाकुर, ठेकेदार एसोशिएशन अध्यक्ष ओमप्रकाश पंत, रेस्टोरेंट एसोसएिशन के अध्यक्ष विवेक तिवारी, मेन बाजार व्यापार संघ अध्यक्ष दीपक बंसल महामंत्री ललित सक्सेना, जितेंद्र पवार, लक्ष्मण सिंह चैहान, विनोद चैहान, विवेक वर्मा, संजय कुमार, बसंत राम वीके सीमेंट, लोकेश तायल, जितेंद्र वर्थवाल, मनोज कुमार साहल, अखिलेश मित्तल, पार्षद विजय बडोनी, पार्षद अजीत सिंह गोल्डी, शिवप्रसाद भट्ट, राजेश तायल, प्रमोद शर्मा, नागेंद्र सिंह, राही कपाड़िया, नारायण कक्कड़, दीपक जाटव, राजीव आनंद, कपिल आनंद आदि बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

किसानों को समय से भुगतान हो सरकार कर रही प्रयासः सीएम

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुक्रवार को शुगर कम्पनी लि. डोईवाला के पराई सत्र 2020-21 का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े तीन सालों में सरकार का प्रयास रहा है कि किसानों को भुगतान समय पर एवं पारदर्शिता के साथ हो। धान का किसानों को ऑनलाइन पेमेंट किया और 24 घण्टे के अन्दर भी भुगतान किया। खाद का भी डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया। दुग्ध उत्पादकों को भी ऑनलाइन पेमेंट किया जा रहा है। सरकार ने कोशिश की कि किसानों को उनका पैसा सीधे उनके खाते में मिले। कोविड के कारण लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस वर्ष राज्य सरकार ने ढ़ाई सौ करोड़ रूपये किसानों को अनुदान के रूप में दिया। गन्ना किसानों का शत प्रतिशत भुगतान किया गया है। हरिद्वार जनपद में एक प्राइवेट शुगर मिल बंद पड़ी थी। राज्य सरकार ने अपनी गारंटी पर मिल को ऋण दिया। 22 हजार किसान इस मिल में कार्य कर रहे थे। आज उस शुगर मिल में किसानों का 80 प्रतिशत भुगतान हो चुका है। राज्य सरकार ने किसानों के हित में हर सम्भव प्रयास किये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डोईवाला के इस प्लांट का आधुनिकीकरण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ने की आधुनिक किस्म को अपनाना जरूरी है। उत्पादकता बढ़ाने एवं मिलों को बचाये रखने के लिए आधुनिक प्रयोगों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र विकास के लिए एक-दूसरे पर निर्भर हैं। समग्र विकास के लिए दोनों का विकास जरूरी है। राज्य सरकार द्वारा किसानों को 3 लाख रूपये तक एवं स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रूपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिकी के विकास के लिए हर न्याय पंचायत पर ग्रोथ सेंटर बनाये जा रहे हैं। अभी तक 100 से अधिक ग्रोथ सेंटर बनाये जा चुके हैं। 16400 किसान इस मिल से जुड़े हैं, यह अच्छी बात है कि इस बार मिल की रिकवरी अब तक की सबसे अच्छी रिकवरी रही।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने कहा कि देश में गन्ना किसानों का शत प्रतिशत भुगतान करने वाला उत्तराखण्ड पहला राज्य है। किसानों के प्रति राज्य सरकार कितनी गंभीर है, यह इस बात को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस मिल के आधुनिकीकरण से गन्ना किसानों को तो फायदा होगा ही, मिल से अनेक लोगों के रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस अवसर अध्यक्ष गन्ना विकास समिति भगत राम कोठारी, भाजपा के जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुण्डीर, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष खेम पाल सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी धीरेन्द्र सिंह पंवार, आशा कोठारी, सचिव गन्ना विकास चन्द्रेश यादव, डोईवाला शुगर मिल के अधिशासी निदेशक मनमोहन सिंह आदि उपस्थित थे।

गंगा स्नान को प्रशासन ’ना’, गाइडलाइन का पालन करे

हरिद्वार में 30 नवंबर के कार्तिक पूर्णिमा (पूर्णमासी) के गंगा स्नान को प्रशासन ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए रद कर दिया है। बाहरी राज्यों से आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए 29 और 30 नवंबर को हरिद्वार जिले की सीमाएं सील रहेंगी। हरकी पैड़ी पर स्नान पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा का गंगा स्नान रद्द होने के बाद हरकी पैड़ी पर कोई भी यात्री या फिर स्थानीय व्यक्ति स्नान को न पहुंच सके इसके लिए हरकी पैड़ी पर पुलिस का पहरा होगा। हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए नगर कोतवाली पुलिस ने दो प्लाटून पीएसी के अलावा 20 दरोगा और 50 कांस्टबल की मांग की है।
हरिद्वार में 30 नंवबर को होने वाले कार्तिक पूणिमा के स्नान पर रद्द कर दिया गया है। साथ ही सीमाओं पर चैकसी बढ़ाने की तैयारी है। सीमाओं को सील किया जाएगा, ताकि कोई भी यात्री हरिद्वार में न आ सकें। स्थानीय लोगों के लिए भी हरकी पैड़ी पर प्रतिबंध किया गया है। उधर श्रीगंगा सभा और व्यापारी इसका विरोध कर चुके है। इनका कहना है कि हरकी पैड़ी को प्रतिबंध से मुक्त किया जाए। बीते बुधवार को प्रशासन के साथ हुई बैठक में व्यापारी और गंगा सभा के पदाधिकारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर कर दी थी।
जिला प्रशासन के आदेशों के पालन के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार हो गई है। हरकी पैड़ी पर स्नान के दिन पुलिस का पहरा रहेगा। हरकी पैड़ी, सीसीआर टॉवर समेत अन्य जगह बैरिकेडिंग भी की जाएगी। इसके लिए दो प्लाटून पीएसी के साथ ही 20 दरोगा और 50 पुलिसकर्मियों की मांग की है। यह पुलिसकर्मी स्नान के दिन ड्यूटी करेंगे। नगर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि स्नान के रद्द होने के बाद पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए डिमांड भेज दी गई है।

अपने घरों में ही मां गंगा का स्मरण कर स्नान करें-अशोक कुमार
पुलिस महानिदेशक लाॅ एंड आर्डर उत्तराखंड अशोक कुमार ने कहा कोविड-19 के दृष्टिगत, 30 नवम्बर 2020 को कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर सभी श्रद्धालुओं से विशेष अपील। उन्होंने कहा कृपया प्रशासन का सहयोग करें और कोरोना काल में अपने घरों में ही मां गंगा का स्मरण कर स्नान करें। आप सभी से अनुरोध है इस वर्ष 30 नवम्बर को कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर स्नान करने हरिद्वार न आएं।

दरिंदों के हमले का शिकार हुई पीड़िता का परिवार सीएम से मिला

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से मुख्यमंत्री आवास में दामिनी (काल्पनिक नाम) के माता-पिता ने भेंट की। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड की बेटी के साथ जो हुआ, वह बहुत दिल दहलाने वाला था। कोई भी बेटियों का पिता या किसी बहन का भाई इस पीड़ा को बहुत अच्छी तरह समझ सकता है। मुख्यमंत्री ने उनके माता-पिता को आश्वासन दिया कि कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए उनका पूरा सहयोग किया जायेगा। राज्य सरकार और प्रदेश की जनता पीड़िता के परिवार के साथ है और हर प्रकार की मदद के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने उन लोगों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इस आवाज को उठाया है। उन्होंने अपील की कि जिस तरह से राज्य वासियों ने पहले भी दिल्ली में न्याय के लिए आवाज उठाने में पीड़ित परिवार का साथ दिया, अब भी इस आवाज को उठाने में पूरा सहयोग करेंगे।

दामिनी के माता-पिता ने जानकारी दी कि 09 फरवरी 2012 को दिल्ली में उनकी बेटी के साथ तीन दरिंदों ने गैंगरेप किया और उसके बाद मर्डर किया। दिल्ली हाईकोर्ट ने तीनों दोषियों को फांसी की सजा सुनाई थी, वर्तमान में यह मामला माननीय उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि इन अपराधियों को फांसी की सजा मिलनी जरूरी है, ताकि किसी और के साथ ऐसी दुःखद घटना न घटे। दामिनी के माता-पिता मूलरूप से पौड़ी जनपद के नैनीडांडा ब्लॉक के मोक्षक गांव के हैं।

त्रिवेन्द्र की घोषणा 25 हजार करोड़ रुपये से होगा ग्रीष्मकालीन राजधानी का विकास

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने घोषणा की है कि गैरसैण परिक्षेत्र का ग्रीष्मकालीन राजधानी के अनुरूप विकास के लिए अगले दस वर्षों में 25 हजार करोड़ रूपए खर्च किये जाएंगे। यहां के सुनियोजित विकास के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति बनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण ग्रीष्मकालीन राजधानी है। राजधानी के लिये जो जरूरी अवस्थापनात्मक विकास जरूरी होता है, उसके लिये मैं घोषणा करता हूँ कि हम आने वाले 10 वर्षों में 25 हजार करोङ रूपए खर्च करेंगे। 25 हजार करोङ रूपए से ग्रीष्मकालीन राजधानी के पूरे परिक्षेत्र का विकास होगा।
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराडीसैंण) मे 21 वां राज्य स्थापना दिवस (20वीं वर्षगांठ) बडे हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। भराडीसैंण विधानसभा परिसर में आईटीबीपी और पुलिस के जवानो की भव्य रैतिक सेरेमोनियल परेड के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराडीसैंण) विधानसभा परिसर से पूरे प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। यह पहला मौका है जब प्रदेश के किसी मुखिया ने ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित होने के बाद गैरसैंण मे राज्य स्थापना दिवस की सालगिरह मनायी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तराखण्ड 21 वें वर्ष में प्रवेश कर गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण के भराङीसैण स्थित विधानसभा परिसर में हम संकल्प लेते हैं कि हम अपनी एक-एक बहन के सिर से घास का बोझ हटा देंगे। इसके लिये व्यापक स्तर काम चल रहा है। हमारी माताएं और बहनें बहुत मेहनती हैं। हमारी कोशिश है कि इनका स्किल डेवलपमेंट कर आर्थिक तौर पर सशक्त किया जाए।

मुख्यमंत्री ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने ही यहां की भावनाओं को समझते हुए उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के उद्देश्य से किया गया था। मैं बहुत से दूरस्थ और सीमांत गांवों में गया हूँ। जनभावनाओ का सम्मान करते हुए गैरसैंण को प्रदेश की ग्रीष्मकालीन बनाया है।
गैरसैंण प्रतीक है पहाङवासियों की पीड़ा का, दर्द का।
हमारी प्राथमिकता शुरू से ही दूरस्थ क्षेत्रों का विकास रहा है। इसी क्रम में हमने रूरल ग्रोथ सेंटर प्रारंभ किये। 104 को स्वीकृति दी जा चुकी है। 40 से अधिक शुरू भी हो गये हैं। बहनों को सशक्त करने के लिये हम महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रूपये तक का ऋण बिना ब्याज के दे रहे हैं।
राज्य में प्रकृति ने जो भी हमें दिया है, उनमें रोजगार की अपार सम्भावनाएं हैं। हम स्वरोजगार को अभियान के तौर पर ले रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में ऋण और अनुदान की व्यवस्था है। जिलों में स्वरोजगार पर जिला योजना का 40 प्रतिशत खर्च करने के निर्देश दिये हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 1 रुपये में पानी का कनेक्शन दे रहे हैं। कैम्पा में 10 हजार लोंगो को रोजगार देने पर काम कर रहे हैं। अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना में 5 लाख रूपये तक निशुल्क ईलाज की सुविधा दी गई है। महाविद्यालयों में 94 प्रतिशत फैकल्टी है। 500 स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज हैं। 700 और स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज शुरू की जाएंगीं। कालेजों में वाई फाई कनेक्टीवीटी दी जा रही है। हमने आशा कार्यकत्रियों के मानदेय और वृद्धावस्था, विधवा व विकलांग पेंशन में बढोतरी की है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि राज्य के उत्पादों में स्वयं सहायता समूह को रू. 5.00 लाख तक प्रोक्योरमेंट में वरीयता दी जायेगी। लगभग 500 सर्वाधिक पलायन वाले ग्रामों में स्थित स्वयं सहायता समूह को ब्याज मुक्त ऋण दिया जायेगा।
आम जनमानस की कठिनाइयों के निराकरण हेतु जनपद स्तरीय विकास प्राधिकरणों द्वारा भवन निर्माण का मानचित्र पास करने की व्यवस्था की प्रक्रिया का सरलीकरण एवं शिथिलीकरण किया जायेगा।

शहरी इलाको में गरीब व्यक्तियों हेतु पेयजल कनेक्शन रू. 100 पर उपलब्ध कराया जायेगा। भ्रष्टाचार से लड़ने हेतु एक टोल फ्री हैल्प लाईन की स्थापना की जायेगी।
महिला एवं बच्चों हेतु मुख्यमंत्री सौभाग्यवती योजना प्रारम्भ की जायेगी। इसके अन्तर्गत को सौभाग्यवती किट दी जायेगी। राज्य की निर्यात नीति बनायी जायेगी। राज्य के सीमांत इलाकों में पुलिस आउटपोस्ट बनायी जायेगी।
अराजपत्रित श्रेणी के राज्य कर्मचारियों, राजकीय विभागों कें कार्यप्रभारित कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं व स्थानीय निकायों, निगमों/उपक्रमों के कर्मचारियों तथा कैजुअल-दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को बोनस दिया जायेगा।
राज्य के सभी जनपदों में वन विभाग द्वारा ‘‘स्वच्छ वन, स्वस्थ जीवन’’ कार्यक्रम के अन्तर्गत नगर वन/ईको पार्क/बायोडाईवर्सिटी पार्क की स्थापना की जायेगी। देहरादून में साइंस कॉलेज की स्थापना की जाएगी। सरकारी भवनों के निर्माण में स्थानीय वास्तु शैली के उपयोग को बढ़ावा दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण क्षेत्र के लिये भी अनेक घोषणाएं कीं। गैरसैंण में कौशल विकास योजना के अंतर्गत सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी। नगर पंचायत गैरसैंण में आंतरिक मार्गों, नालों आदि के निर्माण को स्वीकृति। नगर पंचायत गैरसैंण के लिए 3500 लीटर क्षमता के ट्रैक्टर ट्राली और टैंकर क्रय करने की स्वीकृति। विकासखण्ड गैरसैंण में मशरूम कम्पोस्ट उत्पादन यूनिट की स्थापना की जाएगी।

राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 2 मॉडर्न आदर्श लैब को स्वीकृति। बचपन प्रोजेक्ट में जिले के 40 आंगनबाड़ी केंद्रों को शामिल किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में मिनी सोलर प्लांट के माध्यम से बिजली, शौचालय, पानी, फर्नीचर, झूले, अलमारी, शिक्षाप्रद खिलौने, फ्लोर टाईलें, वॉल पेंटिंग, गैस कनेक्शन, यूनिफार्म की व्यवस्था की जाएगी।
ग्राम बड़ागांव के हनुमानशिला के समीप से औली पहुंचने के लिए वैकल्पिक मोटर मार्ग का नवनिर्माण किया जाएगा। पहले चरण में 15 किलोमीटर की स्वीकृति दी जाती है। सर्वे के बाद फिजीबिलीटी के आधार पर दुरमी में मत्स्य पालन, नौकायन, विद्युत उत्पादन आदि के लिए मल्टी परपज तालाब का निर्माण किया जाएगा।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गोपेश्वर में भूस्खलन के ट्रीटमेंट और पानी की निकासी की व्यवस्था के साथ ही 2 अतिरिक्त कक्षा कक्ष के निर्माण को स्वीकृति। क्लोनल रूट स्टाक पर आधारित उच्च तकनीक युक्त आदर्श सेब बागान की स्थापना की जाएगी। कर्णप्रयाग मण्डी, विकास खण्ड जोशीमठ के बड़ागांव और विकासखण्ड घाट के सलबगढ में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना की जाएगी।
नाबार्ड के अंतर्गत विकासखण्ड घाट के मुख्य बाजार का बाढ़ सुरक्षा का कार्य किया जाएगा। पुरसाड़ी में विजयनगर ग्राम की बाढ़ सुरक्षा का कार्य किया जाएगा।

कर्णप्रयाग-नौटी पैठाणी मोटर मार्ग से ग्राम गैरोली तक मोटर मार्ग नव निर्माण के दूसरे चरण के 3 किलोमीटर को स्वीकृति। इससे ग्राम गैरोली संयोजित होगा।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकासखण्ड गैरसैंण के कांसुवा ग्रामसभा पेयजल योजना के लिए धनराशि की स्वीकृति। जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकासखण्ड गैरसैंण के रामड़ामल्ला ग्रामसभा पेयजल योजना के लिए धनराशि की स्वीकृति। जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकासखण्ड गैरसैंण में गोल पेयजल योजना के लिए धनराशि की स्वीकृति। गैरसैंण एवं निकटवर्ती क्षेत्र की पम्पिंग पेयजल योजना को स्वीकृति।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य, विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, महेंद्र भट्ट, मुन्नी देवी शाह, भरत सिंह चैधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, अन्य जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य नागरिक, स्थानीय जनता, स्कूली बच्चे आदि मौजूद रहे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने भराडीसैंण स्थित मां भाराडी के मंदिर पहुंच कर विधिवत पूजा अर्चना भी की।

स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर हुआ डोबरा-चांठी पुल का लोकार्पण

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर टिहरी में बहुप्रतीक्षित डोबरा-चांठी पुल का लोकार्पण कर टिहरी वासियों को बड़ी सौगात दी है। पुल का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि 364.98 लाख लागत के 1.948 किलोमीटर लम्बे इस भारी वाहन झूला पुल की क्षेत्रवासी पिछले 14 वर्षों से इंतजार में थे पुल पर आवाजाही शुरू होने से अब आवागमन सुविधाजनक होने के साथ ही समय की बचत होगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कुल 4 अरब 73 करोड़ 8 लाख 56 हजार की विभिन्न 60 योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया। जिसमें 3 अरब 7 करोड़ 83 लाख लागत की 30 योजनाओं का लोकार्पण तथा 1 अरब 2 करोड़ 25 लाख की 30 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। लोकार्पण की गई योजनाओं में 9 योजनायें लोनिवि, 7 पीएमजीएसवाई, 10 शिक्षा विभाग, 2 पर्यटन एवं 1-1आयुर्वेदिक व क्रीड़ा विभाग से संबंधित है जबकि शिलान्यास योजनाओं में 7 लोनिवि, 20 पीएमजीएसवाई, 1 पर्यटन, 1 शिक्षा व 1 उद्यान विभाग से संबंधित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने राजकीय इंटर कालेज मजफ के प्रान्तीकरण की भी घोषणा की।

प्रताप नगर की जनता के लिए खुला विकास का द्वारः त्रिवेंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रताप नगर की जनता ने देश हित में बहुत बड़ा योगदान दिया है जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सिंचाई की उपलब्धता एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति संभव हो सकी है। कहा कि आज प्रताप नगर की जनता के लिए विकास का दरवाजा खुल चुका है वहीं यह पुल क्षेत्रीय जनता एवं आने वाली भावी पीढ़ियों के लिए खुशहाली एवं समृद्धि का स्रोत बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 42 किलोमीटर लंबी टिहरी झील पूरी दुनिया को आकर्षित करने की क्षमता रखती है। टिहरी झील साहसिक पर्यटन का भी केन्द्र बनेगी तथा इसके आस पास अनेक पर्यटन गतिविधियों की शुरूआत होगी इससे पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिलने के साथ ही आर्थिक समृद्धि की राह भी प्रशस्त होगी।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, विधायक विजय सिंह पंवार, धन सिंह नेगी, शक्ति लाल शाह, राज्यमंत्री अब्बल सिंह बिष्ट, रोशन लाल सेमवाल, महावीर रांगड़, जिलाधिकारी इवा आशीष आदि उपस्थित रहे।

कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों पर आईपीसी की धारा 452, 454 और 380 में मुकदमा

मुनिकीरेती थाने में न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों पर स्कूल में जबरन घुसकर कार्यालय का ताला तोड़ सामान चोरी करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र 156 सीआरपीसी के बाद मुनिकीेरती पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हैं।
सच्चा वेदिक संस्थान तपोवन अध्यक्ष अजय स्वामी ने बताया कि तपोवन स्थित सच्चा शिशु मंदिर जूनियर हाई स्कूल में माणिक गोयल और हर्षित गोयल दोनों पुत्र गिरीश गोयल और अनुराग गोयल पुत्र स्वामी सतपाल निवासी तपोवन ने स्कूल में घुसकर जबरदस्ती संरक्षक के कार्यालय का ताला व कुंडा तोड़कर कार्यालय से लैपटॉप और 5 हजार की नगदी सहित महत्वपूर्ण कागज लेकर फरार हो गए। मुनीकीरेती थाना प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश के आधार पर संबंधित धाराओं में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना एसएसआई रमेश सैनी को सौंपी गई हैं।