ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने सीएम से मुलाकात कर उच्च शिक्षा में सहयोग की पेशकश की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त बैरी ओ फैरेल ने भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं ऑस्ट्रेलिया के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड हिमालयी राज्य है। यह जैव विविधता सम्पन्न प्रदेश है। एग्रीकल्चर, हॉर्टिकल्चर, एडवेंचर स्पोर्ट्स एवं पर्यटन के क्षेत्र में राज्य में अनेक संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइंस एवं टेक्नोलॉजी, फार्मा, ग्रीन एवं रिन्यूअल एनर्जी के क्षेत्र में राज्य में अनेक संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने ऑस्ट्रेलियन उच्चायुक्त से राज्य में कमांड एण्ड ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को मजबूत करने में सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास के लिए तेजी से कार्य हो रहे हैं। राज्य का औद्योगिक विकास तेजी से हो, इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री एवं ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त बैरी ओ फैरेल के मध्य इस अवसर पर क्वांटम तकनीक, शिक्षा के उन्नयन, कौशल विकास एवं आधुनिक तकनीक से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए भारत से अनेक लोग ऑस्ट्रेलिया आते हैं, पिछले कुछ सालों में यह संख्या तेजी से बढ़ी है। उन्होंने उत्तराखण्ड के साथ ऑस्ट्रेलिया के सहयोग को बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की। आपसी सहयोग की विभिन्न संभावनाओं पर काम किया जाएगा।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव शैलेश बगोली, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, ऑस्ट्रेलिया उच्चायुक्त की सेकंड सेक्रेटरी मिश खान उपस्थित रहे।

प्रदेश में अधिक से अधिक हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स बनाए जाने के निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने सचिवालय में प्रदेश में बनाए जा रहे हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने सभी हेलीपोर्ट्स और हेलीपेड्स की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में चार धाम और पर्यटन के साथ ही यहां की खूबसूरती और शांति के कारण टूरिज्म की बहुत अधिक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्यटकों के पास पैसा तो है पर समय का अभाव है जिसके चलते ऐसे पर्यटक यहां आने से बचते हैं। मुख्य सचिव ने ऐसे पर्यटकों को भी ध्यान में रखते हुए प्रदेश में अधिक से अधिक हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जॉय राइड्स की भी असीम संभावनाएं हैं, इसके साथ ही हिमालय दर्शन जैसी योजनाओं को अधिक से अधिक स्थानों से संचालित किया जाए। इसके लिए हेली के साथ ही फिक्स विंग सेवाओं पर भी फोकस किया जाए। उन्होंने कहा कि यहां की खूबसूरती के देखने के बाद इन्हीं में से बहुत से लोग यहां इन्वेस्ट करने को आगे आएंगे।
मुख्य सचिव ने कुछ हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स के लिए कई बार बिड्स फेल होने पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि टेंडर करते समय ग्राउंड रियलिटी के अनुसार रेट तय किए जाएं। मुख्य सचिव ने कहा कि हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स का मास्टर प्लान बनाते समय भविष्य की संभावनाओं और आवश्यकताओं को देखते हुए प्लानिंग की जाए। इन हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स का ट्रैफिक प्लान अगले 20, 25, 50 साल के ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए बनाया जाए।
मुख्य सचिव ने हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स के लिए भूमि चयनित करते समय इस बात का ध्यान रखें कि हमारे उद्देश्य की पूर्ति हो। रीजनेबल रेट पर मिलने पर प्राइवेट लैंड भी खरीदा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी जगह ढूंढने के चक्कर में कई बार हम ऐसी जगह अस्पताल, स्कूल, आईटीआई आदि खोल लेते हैं जहां कोई नहीं जाता है।
मुख्य सचिव ने कहा कि रामनगर में हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स की बहुत अधिक संभावनाएं हैं। उन्होंने डीएम नैनीताल को रामनगर में हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स की स्थापना को प्राथमिकता पर लिया जाए। उन्होंने कहा कि मसूरी, नैनीताल और हरिद्वार जैसे पर्यटक स्थलों में 2 या 2 से अधिक हेलीपोर्ट्स या हेलीपैड्स बनाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि नए प्रस्तावित हेलीपोर्ट्स या हेलीपैड्स में फीजिबिलिटी शीघ्र करवा ली जाए। फॉरेस्ट क्लीयरेंस और लैंड एक्विजिशन के कार्यों में भी तेजी लाते हुए शीघ्र अतिशीघ्र इनका निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में इस समय कुल 83 हेलीपैड्स हैं, जिसमें 51 सरकारी और 32 प्राइवेट हैं। साथ ही अंडर कंस्ट्रक्शन हेलीपैड्स की संख्या 22 है। पर्यटन विभाग ने 33 नए हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स प्रस्तावित किए हैं। जनपदों द्वारा 10 नए प्रस्ताव भेजे गए हैं।
इस अवसर पर सचिव दिलीप जावलकर, सीईओ सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी सी. रविशंकर सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नागरिकों का समाज में अतुलनीय योगदान-अग्रवाल

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के 25वें स्थापना दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। डा. अग्रवाल ने इस मौके पर संगठन के पदाधिकारियों को रजत जयंती की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गयी। मंत्री डॉ अग्रवाल ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित भी किया।
रविवार को देहरादून रोड स्थित एक वेडिंग प्वांइट में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल का संगठन के पदाधिकारियों ने ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इसके बाद कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री डा. अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
डा. अग्रवाल ने सभी वरिष्ठ नागरिकों को नमन करते हुए कहा प्रत्येक घर में बुजुर्गों का होना आवश्यक है। कहा कि जिस प्रकार घर में बुजुर्गों की सलाह और उनके अनुभव से कार्य सार्थक होते है, उसी प्रकार वरिष्ठ नागरिकों का समाज में अतुलनीय योगदान है। डा. अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारी धरोहर है, उनके विचार हमारे लिए आशीर्वचन का काम करते हैं।
डा. अग्रवाल ने संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को वरिष्ठजनों तक पहुंचाया जा रहा है, उनकी समस्याओं को उचित स्तर तक पहुंचाने में संगठन का कार्य सराहनीय है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि संगठन मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ निर्धन व जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में भी सहयोग करता है। उन्होंने संगठन की ओर से कोविड काल के दौरान किए गए कार्यों को भी सराहा।
इस अवसर पर मेयर अनिता ममगाई, जयराम आश्रम के परमाध्यक्ष ब्रह्म स्वरूप ब्रम्हचारी, पूर्व दर्जाधारी संदीप गुप्ता, संजय शास्त्री, संरक्षक कमला प्रसाद भट्ट, हरीश ढींगरा, डी डी तिवारी, पूर्व प्रधानाचार्या आईडी जोशी, डीबीपीएस रावत, पूर्व सभासद हरिशानंद, संगठन के अध्यक्ष ब्रह्म कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक कुमार रस्तोगी, कोषाध्यक्ष पीडी अग्रवाल, महामंत्री नरेश चंद्र भारद्वाज, कार्यक्रम संयोजक प्रमोद कुमार जैन, गुरविंदर सलूजा, कमल राणा, डी के मुदगल, हेम कुमार पांडेय, एम सी त्रिवेदी, अरविंद जैन आदि उपस्थित रहे।

मोदी ने देश और दुनिया में भारत का मान बढ़ाया-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राज्य अतिथि गृह नैनीताल में आयोजित मोदी@2 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात मॉडल देश विदेश में प्रसिद्ध रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम, कार्यों का सरलीकरण, जनता एवं सरकार के मध्य संवाद को आसान करना जैसे महत्वपूर्ण कार्य उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में रहकर किये। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश और देशवासियों में आशा, विश्वास और नई ऊर्जा का संचार हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बाहुल्य प्रदेश है, वे स्वयं एक सैनिक परिवार से हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के प्रयासों से सेना ना केवल पहले से और अधिक सक्षम और सशक्त हो रही है बल्कि उसकी यश और कीर्ति भी बढ़ रही है। हमारी सेना ने दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया। मोदी ने स्वयं सियाचिन में जाकर जवानों का उत्साह बढाया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेना के आधुनिकीकरण पर बल दिया जा रहा है, प्रधानमंत्री निरंतर सैनिकों के साहस और मनोबल को बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्ति बनने के साथ ही दुनिया का नेतृत्व करने वाला देश बना है। कोरोना काल में जब दुनिया भारत को जिम्मेदारी मान रही थी, उसे नुकसान होने की बात कर रही थी तब एक साल के अन्दर दो-दो वैक्सीन तैयार कर 200 करोड़ से अधिक डोज लगाई गई। कोई भूखा न सोये इसके लिये निःशुल्क खाद्यान्न की व्यवस्था की गई। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में कोविड काल में देश को सुरक्षित बनाने के साथ दुनिया के देशों को वैक्सीन भी उपलब्ध करायी यह हमारी संस्कृति की महानता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में कनेक्टिविटी में बहुत तेजी से काम हुआ है। पहाड़ के लिये सफर काफी सुविधाजनक हुआ है। प्रधानमंत्री के निर्देशन में राज्य सरकार अनेकों महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण का काम तेजी से हुआ है। इसी प्रकार बदरीनाथ धाम के मास्टर प्लान पर भी काम शुरू हो गया है। कुमायूं क्षेत्र में पौराणिक मंदिरों के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में नई कार्य संस्कृति आई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड से कर्म एवं मन का रिश्ता है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार और भगवान श्री बदरी विशाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की।

सीएम ने अपना संकल्प दोहराया, कहा-भर्ती घोटालों में किसी को भी नही बख्शा जायेगा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों में आ रही गड़बड़ी की शिकायतों पर मीडिया से अनोपचारिक वार्ता करते हुए कहा कि यह बहुत ही गंभीर विषय है तथा हमारे प्रदेश के सभी नौजवानों के रोजगार से जुड़ा मामला है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों में जहां भी गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हो रही है वहां हमने सख्त जांच के आदेश दे दिये हैं। कुछ मामले एसटीएफ को दिये गये हैं एवं कुछ पर विजिलेंस को नियुक्त किया गया है। सभी मामलों पर कार्यवाही चल रही है जिसका परिणाम आप सभी के सामने आ भी रहा है कि अभी तक कुल 27 गिरफ्तारी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटालों में किसी को भी नही बख्शा जायेगा, चाहे किसी के हाथ कितने भी लम्बे क्यों न हो कानून द्वारा अपना काम किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे हम आगे के लिये भी एक नजीर बनाना चाहते हैं जिससे इस घटना की पुनरावृति न हो क्योंकि हमें अपने बेटे-बेटियों के आज और कल की चिंता है, उनके वर्तमान एवं भविष्य का सवाल है। हमें प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं का ऐसा सिस्टम बनाना होगा कि आगे भविष्य में कोई इस तरह का कृत्य करने की सोच भी न सके। लगातार जांचे चल रही है जिसके परिणाम धीरे-धीरे आप सभी के समक्ष आते जा रहे हैं।
विधानसभा में नियुक्तियों में गड़बड़ी की आ रही शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा एक संवैधानिक संस्था है, और हम विधानसभा अध्यक्षा से अनुरोध करेंगे कि विधानसभा में जितनी भी भर्तिया हुई है जिनमें शिकायत आ रही है, वो नियुक्ति चाहे किसी भी कालखण्ड की हो उनमें निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्षा द्वारा जांच के विषय में राज्य सरकार से जो भी सहयोग मांगा जायेगा वह दिया जायेगा।

पहाड़ी फल बेडू के उत्पादन को बढ़ाने पर पीएम ने दिया जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात को सुना। मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहाड़ी अंजीर कहे जाने वाले बेडू का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने पिथौरागढ़ प्रशासन के द्वारा बेडू के उत्पादन को बढ़ावा देकर रोजगार सृजन व खनिज एवं वनस्पतियों के संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वास्तव में बेडू स्वास्थ्य के लिए संजीवनी है, जिसके माध्यम से स्थानीय लोगों द्वारा अनेक रोगों का शमन किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष चौहान से फोन पर बात कर इस सराहनीय पहल के लिए जिला प्रशासन एवं जनपद वासियों को बधाई दी। जिला प्रशासन के सहयोग से पिथौरागढ़ में बेडू से जूस, जैम, चटनी, आचार एवं अन्य सामग्री बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात में प्रधानमंत्री ने जल के संरक्षण एवं संवर्धन, कुपोषण मुक्त भारत के लिए कुपोषण मुक्ति के प्रयासों एवं इसके लिए जागरूकता, मोटे अनाजों के उत्पादन के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने की बात कही। इस दिशा में राज्य सरकार सुनियोजित तरीके से कार्य करेगी।

भाजपा की नई टीम में जातीय समीकरण और नए पुराने का सामंजस्य

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट ने कार्यकारिणी व मोर्चा की नई टीम की घोषणा कर दी है। प्रदेश कार्यकारिणी में आठ उपाध्यक्ष, तीन प्रदेश महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक सह कोषाध्यक्ष, आठ प्रदेश मंत्री, एक प्रदेश कार्यालय सचिव, एक प्रदेश मीडिया प्रभारी व दो प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी, दो प्रदेश विभाग प्रभारी और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं।
केंद्रीय नेताओं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से कई दौर की चर्चा के बाद प्रदेश कार्यकारिणी से दो महामंत्रियों राजू भंडारी और सुरेश भट्ट की विदाई कर दी गई है, जबकि एक महामंत्री कुलदीप कुमार को उपाध्यक्ष बनाया गया है। संगठन में छह महिलाओं को जगह मिली है। संगठन में जिम्मेदारी देकर विस चुनाव में टिकट काटे जाने से उदास कुछ चेहरों पर चमक बिखेरने की भी कोशिश की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने टीम में क्षेत्रीय व सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की है। पहली बार संगठन के अहम पदों पर छह महिलाओं को जगह मिली है। युवा चेहरों के साथ अनुभवी नेताओं को प्राथमिकता दी गई है।

भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी
प्रदेश महामंत्री- खिलेंद्र चौधरी, राजेंद्र बिष्ट व आदित्य राम कोठारी
प्रदेश उपाध्यक्ष- बलवंत भौर्याल, कैलाश शर्मा, कुलदीप कुमार, डॉ. कल्पना सैनी, नीरू देवी, मुकेश कोली, शैलेन्द्र बिष्ट, देशराज कर्णवाल
प्रदेश मंत्री- मीना गंगोला, आदित्य चौहान, मीरा रतूड़ी, हेमा जोशी, डॉ. लीलावती राणा, राकेश नैनवाल, विकास शर्मा, गुरविंदर सिंह चंडोक
प्रदेश मीडिया प्रभारी- मनवीर चौहान
कोषाध्यक्ष- पुनीत मित्तल
सह कोषाध्यक्ष- साकेत अग्रवाल
प्रकोष्ठ प्रभारी- पुष्कर सिंह काला और ऋषि कंडवाल
विभाग प्रभारी- रमेश गढ़िया

नए चेहरों को मोर्चों की कमान
पार्टी ने युवा मोर्चा की कमान कुंदन लटवाल की जगह शंशाक रावत को सौंपी है। वह पार्टी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद स्वर्गीय बची सिंह रावत के सुपुत्र हैं। महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक आशा नौटियाल को बनाया गया है। ऋतु खंडूड़ी के स्पीकर बनने के बाद से यह पद खाली था। किसान मोर्चा का जिम्मा जोगेंद्र पुंडीर के पास ही रहेगा। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी को बनाया गया है। अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का पद अनिल चौहान की जगह अब समीर आर्य संभालेंगे। अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष राकेश राणा को बनाया गया है। अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर इंतजार हुसैन बने रहेंगे।

मेडिकल कालेज में कार्मिकों को शीघ्र वितरित होगी प्रोत्साहन राशि-स्वास्थ्य मंत्री

राजकीय मेडिकल कालेजों में आयुष्मान योजना के अंतर्गत मरीजों के उपचार का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है, जिसके लिये कालेज के प्राचार्यों को शीघ्र रोड़ मैप तैयार करने के निर्देश दे दिये गये हैं। इसके साथ ही योजना के अंतर्गत कार्मिकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को शीघ्र वितरित करने को कहा गया। सरकारी अस्पतालों एवं मेडिकल कालेजों में मरीजों को पूरा इलाज दिया जाय, यदि अस्पताल में इलाज संभव नहीं तभी रैफर किया जाय।
स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने आज दून मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयुष्मान योजना की समीक्षा बैठक ली, जिसमें राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य उपस्थित रहे। रावत ने बताया कि सूबे में आयुष्मान योजना का अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण से संबद्ध सरकारी निजी अस्पतालों एवं मेडिकल कालेजों में आयुष्मान मित्र की तैनाती की गई है, जोकि मरीजों के दस्तावेज तैयार करने, आयुष्मान कार्ड बनाने, बिल बाउचर बनाने एवं बिल भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने तक सभी काम करेगा जिसके एवज में प्राधिकरण इन्हें प्रति मरीज के हिसाब से भुगतान करेगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक 10 आयुष्मान मरीजों पर एक आयुष्मान मित्र को तैनात किया गया है। रावत ने बताया कि सूबे के मेडिकल कालेजों में आयुष्मान योजना के अंतर्गत मरीजों के इलाज के लिये लक्ष्य निर्धारण कर लिया गया है, जिसमे दून मेडिकल कालेज को प्रत्येक वर्ष 25 हजार, हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज को 20 हजार, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को 10 हजार एवं अल्मोड़ा मेडिकल कालेज को 5 हजार मरीजों का उपचार किया जाएगा। इसके लिये सभी प्राचार्यों को रोड़ मैप तैयार करने के निर्देश दे दिये गये हैं। आयुष्मान योजना के अंतर्गत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि कार्मिकों को वितरित न किये जाने पर नाराजगी जताते हुये रावत ने सभी प्राचार्यों को तत्काल प्रोत्साहन राशि वितरित करने को कहा, साथ ही उन्होंने इसे प्रत्येक तीन माह में बांटने के निर्देश भी दिये। विभागीय मंत्री ने रेफरल व्यवस्था को न्यून कर मरीजों को सरकारी अस्पताल एवं मेडिकल कालेजों में ही पूरा उपचार देने के निर्देश अधिकारियों को दिये उन्होंने कहा कि मरीजों को दूसरे अस्पतालों में तभी रैफर किया जाय जब अस्पताल में इलाज संभव न हो।
बैठक में राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के चेयरमैन डी. के. कोटिया, अपर सचिव स्वास्थ्य एवं सीईओ राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण अरुणेंद्र सिंह चौहान, निदेशक स्वास्थ्य डॉ विनीता शाह, डॉ मीतू शाह, अपर निदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्राचार्य दून मेडिकल कालेज डॉ आशुतोष सयाना, सभी मेडिकल कालेजों के प्राचार्य एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधिकारी उपस्थित रहे।

26 अगस्त से ऋषिकेश में देख सकेंगे गढ़वाली फिल्म थोकदार

गढ़वाली फिल्म थोकदार के प्रमोशन के लिए अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा ने फिल्म का पोस्टर लांच किया। यह फिल्म 26 अगस्त से ऋषिकेश के रामा पैलेस थियेटर में प्रदर्शित होगी।
मंगलवार को देहरादून रोड स्थित अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कलाकारों की मौजूदगी में फिल्म का पोस्टर लांच किया गया। महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने कहा कि थोकदार फिल्म के देहरादून एवं कोटद्वार में जबरदस्त हिट होने से गढ़वाली फिल्मों के फिर से सुनहरे दौर की शुरुआत हो गई है। उन्हें पूरा विश्वास है कि यहां भी फिल्म जबरदस्त सफलता हासिल करेगी। कहा कि आगामी 26 अगस्त से फिल्म का एक शो रोजाना सुबह रामा पैलेस में प्रदर्शित होगा। समाजसेवी रघुवीर मिंटू चौहान ने कहा कि लोक संस्कृति को बढ़ावा देना ही इस फिल्म का उद्देश्य है।
फिल्म के लेखक निर्देशक देबू रावत ने कहा कि इस फिल्म में शानदार गीत संगीत, बेजोड़ कहानी और टिहरी के जौनपुर थत्यूड़ आदि खूबसूरत स्थलों को दिखाया गया है। यह फिल्म बुराई पर अच्छाई की जीत और मां-बाप के औलाद को दिए संस्कारों की सीख देती है। फिल्म में तमाम कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय की छाप छोड़ी है।
मौके पर फिल्म के अभिनेता राजेश मालगुडी, विलेन का किरदार निभाने वाले पन्नू गुसाईं, अभिनेता रणवीर चौहान, अभिनेत्री शिवानी भंडारी, इंदु भट्ट, सुषमा व्यास, प्रदीप नैथानी, गायक लेखराज भंडारी, महासभा के महासचिव उत्तम सिंह असवाल, अंजली वर्मा आदि मौजूद रहे।

आशारोड़ी बॉर्डर पर राज्य कर जांच चौकी का औचक निरीक्षण

वित्त मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दिल्ली से लौटते वक्त आशारोड़ी बॉर्डर पर बनी राज्य कर जांच चौकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दिनभर की कार्यवाही को जानते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही मौके पर खड़े ट्रक चालकों से भी वार्ता की।
मंगलवार को वित्त मंत्री डॉ अग्रवाल आशारोड़ी बॉर्डर पर बनी राज्यकर जांच चौकी पहुंचे। यहां सेल टैक्स ऑफिसर भूपेंद्र रावत कार्यरत मिले। जिस पर वित्त मंत्री ने चौकी की दिनभर की की गई कार्यवाही की जानकारी मांगी। जिस पर रावत द्वारा बताया गया कि आज दिनभर में तीन चालान किये गए हैं।
अग्रवाल ने मौके पर पिछली चालानी कार्यवाही सहित फाइलें व्यवस्थित जांची। कहा कि प्रदेश का राजस्व बढ़ाने में राज्यकर की अहम भूमिका है। यह सुनिश्चित किया जाए कि राजस्व वृद्धि में प्रत्येक कर्मचारी द्वारा ईमानदारी से कार्य किया जाए।
वहीं, अग्रवाल ने कमिश्नर सेल टैक्स को सघन अभियान चलाकर राजस्व बढ़ाने के निर्देश भी दिए। कहा कि उनके द्वारा भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण करेंगे।