राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार को लेकर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया से मुलाकात की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट कर राज्य में हवाई कनेक्टीवीटी के संबंध मे विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ में फिक्स विंग कनेक्टीवीटी की आवश्यकता है। वर्तमान में तीन हवाई रूट पिथौरागढ़-पंतनगर, पिथौरागढ़-हिंडन और पिथौरागढ़-देहरादून के लिये एयरलाइन के चयन की प्रक्रिया रीजनल कनेक्टीवीटी स्कीम के तहत गतिमान है। मुख्यमंत्री के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री ने अपने मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश दिये कि 30 सितम्बर, 2022 तक इस सम्बन्ध में एयरलाईन्स को नागरिक उड्डयन मंत्रालय के स्तर से कार्यादेश जारी कर दिया जाये ताकि पिथौरागढ़ की कनेक्टिविटी स्थापित हेतु अग्रेतर कार्यवाही हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्ताव दिया गया है कि नैनी सैनी एयरपोर्ट के सामरिक महत्व को देखते हुए इसे 2 बी से 3 सी में अपग्रेड करने और स्वतंत्र प्रबंधन के लिए इसे एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया को हैंडओवर कर दिया जाए। इस विषय पर निर्णय हुआ कि एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया और उत्तराखण्ड सरकार अविलम्ब एम.ओ.यू की सेवा शर्ते तैयार करेंगी ताकि इस सम्बन्ध में शीघ्र निर्णय हो सके।
मुख्यमंत्री द्वारा पवन हंस को रीजनल कनेक्टीवीटी स्कीम के तहत पिथौरागढ़ के लिए हेली सेवा के सुचारू रूप से संचालन और अल्मोडा को हेली सेवा से जोङने के लिए निर्देशित करने का अनुरोध किया गया। इस पर केन्द्रीय मंत्री ने मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश दिये कि 26 अगस्त, 2022 से प्रत्येक दिन पवन हंस की हवाई सेवा उपलब्ध करने के सम्बन्ध में नागरिक उड्डयन मंत्रालय स्तर से नियमित सेवा के सम्बन्ध में कार्यवाही की जाये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुमाऊँ की एयर कनेक्टीवीटी को बेहतर बनाने के लिए पंतनगर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित नये अलाइनमेंट का ओएलएस सर्वे करने का अनुरोध किया। इस सम्बन्ध में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 30 नवम्बर, 2022 तक परियोजना से सम्बन्धित ओएलएस सर्वे के निर्देश नागरिक उड्डयन मंत्रालय को दिये है, इसके साथ ही गौचर एवं चिन्यालीसौड दो छोटे एयरपोर्टाे की डीपीआर तैयार करने के निर्देश भी केन्द्रीय मंत्री ने अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री ने देहरादून के साथ-साथ पन्तनगर एयरपोर्ट को भी अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाये जाने की अपेक्षा केन्द्रीय मंत्री से की।
इस अवसर पर चेयरमैन एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इण्डिया संजीव कुमार, अपर सचिव नागरिक उड्डयन, भारत सरकार उषा पाडी, सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली, सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर, आदि उपस्थित रहे।

अमृत सरोवर योजना से स्थानीय लोगों को जोड़ने के निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने मंगलवार को सचिवालय में अमृत सरोवर योजना की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अमृत सरोवर योजना के तहत बनाए जा रहे सभी सरोवरों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे सम्बन्धित सभी कार्यों की लगातार समीक्षा करते हुए प्रगति पोर्टल और अमृत सरोवर पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि इन सरोवरों को आजीविका से जोड़ने के प्रयास किए जाएं, ताकि ये सरोवर लंबे समय तक स्थानीय लोगों की आर्थिकी का श्रोत बनें। उन्होंने फिशरीज से जुड़े सरोवरों के लिए स्थानीय स्तर पर मार्केटिंग और सीड सप्लाई की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरोवरों से निकलने वाली मिट्टी को आसपास के क्षेत्रों में बनने वाली सड़कों के निर्माण में प्रयोग किया जा सकता है।
बैठक के दौरान सचिव वीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया गया कि केंद्र द्वारा निर्धारित लक्ष्य के तहत 15 अगस्त तक कुल सरोवरों का 20 प्रतिशत का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाना था, जिसके सापेक्ष उत्तराखण्ड में 15 अगस्त तक कुल 1606 सरोवरों के सापेक्ष 543 (लगभग 39 प्रतिशत) सरोवरों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया था। बताया गया कि 340 सरोवरों को फिशरीज़ से भी जोड़ा गया है। इस अवसर पर सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

धोखाधड़ी के मामले में मनीष वर्मा, पत्नी और भाई सहित दोषी करार, जेल भेजा

सुभारती ट्रस्ट से धोखाधड़ी के मामले में एसीजेएम चतुर्थ अभिषेक श्रीवास्तव ने मनीष वर्मा, उनकी पत्नी नीतू वर्मा व भाई संजीव वर्मा को 5-5 साल की सजा सुनाई है। साथ ही कोर्ट से धारा 420, 467, 468 व 471 में प्रत्येक धारा में 5-5 हजार का जुर्माना लगाया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मनीष वर्मा ने सुभारती ट्रस्ट को जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी की थी। जिसके बाद सुभारती ट्रस्ट से मनीष वर्मा, उनकी पत्नी नीतु वर्मा व भाई संजीव वर्मा के खिलाफ धारा 420, 467, 468 व 471 में मुकदमा दर्ज कराया था। जिससें जांच की गई तो मामला सत्य पाया गया।
2014 में इस मामले में आरोपपत्र भी दाखिल किया गया था। इस बीच वादी ने सुप्रीम कोर्ट में इस मुकदमे के जल्द विचारण की अपील की थी। आरोप है कि इस सुनवाई के दौरान प्रतिवादी पक्ष यानी वर्मा परिवार कोर्ट में उपस्थित नहीं हुआ था। इसके लिए सर्वाेच्च न्यायालय ने आदेश दिए थे कि अभियोजन वर्मा व उनकी पत्नी और भाई की जमानत निरस्तीकरण का प्रार्थनापत्र कोर्ट में प्रस्तुत होने को कहा जिसके बाद तीनों को जेल भेज दिया गया था। सोमवार को इस मामले में कोर्ट ने मनीष वर्मा, नीतु वर्मा व संजीव वर्मा को दोषी पाते हुए एसीजेएम चतुर्थ अभिषेक श्रीवास्तव ने 5-5 साल की सजा व 20-20 हजार रूपये की सजा सुनाई है। इस मामले में सरकारी एडवोकेट जावेद अहमद ने सरकार की तरफ से मामले की पैरवी की।

यह है मामला
सुभारती ट्रस्ट के ट्रस्टी की शिकायत पर मनीष वर्मा, उनकी पत्नी व भाई के खिलाफ वर्ष 2012 में मुकदमा दर्ज किया गया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने ट्रस्ट को 100 बीघा जमीन बेचने का अनुबंध किया था, लेकिन मौके पर जमीन केवल 33 बीघा ही पाई गई। ऐसे में उन पर आरोप लगा था कि उन्होंने करीब 67 बीघा जमीन के कागजात फर्जी दर्शाए थे।

मध्य क्षेत्रीय परिषद की 23वीं बैठक में सीएम ने कई ज्वलंत मुद्दों पर रखी अपनी राय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में भोपाल में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 23वीं बैठक में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने केंद्र के सहयोग से पर्वतीय क्षेत्र में प्राकृतिक जल स्रोतों के पुनर्जीवीकरण हेतु एक विशेष अभियान प्रारम्भ किये जाने और राज्यों के मध्य संसाधनों के आवंटन में इको सिस्टम सेवाओं को महत्ता दिये जाने और केन्द्र सरकार द्वारा वित्तीय संसाधनों के आवंटन में फ्लोटिंग पॉपुलेशन को ध्यान में रखे जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में एक सशक्त वेदर फोरकास्टिंग सिस्टम, डॉप्लर रडार से युक्त अवस्थापना तंत्र के लिये सहयोग किये जाने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने मध्य क्षेत्रीय परिषद की आगामी बैठक देवभूमि उत्तराखण्ड में आयोजित करने का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास में मिल रहे केंद्र सरकार के सहयोग के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में श्री केदारपुरी का पुनर्निर्माण, पावन बद्रीनाथ धाम का मास्टर प्लान एवं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर गतिमान है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में राज्य सरकार आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र पोषित योजनाओं के निर्धारण में राज्य की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वन स्किम फिट ऑल के स्थान पर राज्य के अनुकूल टेलर मेड स्कीम तैयार करने पर भारत सरकार द्वारा विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। पर्यटन, हॉर्टिकल्चर तथा सगंध पौध आधारित केन्द्रीय योजनाओं से राज्य को लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने बरसाती नदियों को वैज्ञानिक आधार से ग्लेशियर आधारित नदियों से जोड़े जाने का सुझाव देते हुए कहा कि इसका लाभ उत्तराखण्ड राज्य को ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र को होगा। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के सहयोग से पर्वतीय क्षेत्र में प्राकृतिक जल स्रोतों के पुनर्जीवीकरण हेतु एक विशेष अभियान को भी प्रारम्भ किये जाने का सुझाव दिया। उन्होंने उत्तराखण्ड की बाधित जल विद्युत परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन हेतु भारत सरकार से सहयोग का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य अपने वनों, बुग्यालों, ग्लेशियरों का संरक्षण करके राष्ट्र को महत्वपूर्ण इको सिस्टम सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। भोपाल के ही प्रतिष्ठित भारतीय वन प्रबन्धन संस्थान के एक अध्ययन के अनुसार इन पारिस्थितिकी सेवाओं का वार्षिक मूल्य न्यूनतम रू. 95,000 करोड़ आंका गया है। मुख्यमंत्री ने राज्यों के मध्य संसाधनों के आवंटन में इन पारिस्थितिकी सेवाओं को महत्ता दिये का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-विदेश से बहुत अधिक संख्या में तीर्थ यात्रियों एवं पर्यटकों का आवागमन राज्य में होता है। उत्तराखण्ड की जनसंख्या लगभग सवा करोड़ है किन्तु प्रतिवर्ष उत्तराखण्ड में लगभग छः करोड़ लोगों का फ्लोटिंग पॉपुलेशन के रूप में आगमन होता है। इस प्रकार राज्य सरकार को लगभग सवा सात करोड़ लोगों हेतु अवस्थापना सुविधाओं की व्यवस्था करनी पड़ती है। अतः राज्य के सीमित संसाधनों के दृष्टिगत केन्द्र सरकार द्वारा वित्तीय संसाधनों के आवंटन में फ्लोटिंग पॉपुलेशन के इस महत्त्वपूर्ण तथ्य को भी ध्यान में रखा जाना चाहिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के सीमान्त क्षेत्रों को सड़क, रेलवे व वायु मार्ग से जोड़ना अत्यावश्यक है। ऑल वेदर रोड का विस्तार सीमान्त क्षेत्र तक किया जाना चाहिए। राज्य के कुमाऊँ मण्डल में टनकपुर से बागेश्वर रेलवे लाइन का निर्माण किया जाए। सीमित संसाधनों के कारण उत्तराखण्ड राज्य को रेलवे परियोजनाओं के लागत में 50 प्रतिशत से अधिक की हिस्सेदारी की शर्त पर छूट मिलनी चाहिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य में नैनी सैनी, गौचर, चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टियां विद्यमान हैं। सामरिक दृष्टि से इनके विस्तारीकरण और अन्य हैलीपोर्ट्स का भी निर्माण किये जाने की आवश्यकता है। कुमाऊँ एवं गढ़वाल क्षेत्र के मध्य तथा राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी के निकट स्थित चौखुटिया क्षेत्र में एक नये एयरपोर्ट की स्थापना किया जाना आर्थिक एवं सामरिक दृष्टि से अत्यन्त आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की आपदा के प्रति संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य को एक सशक्त वेदर फोरकास्टिंग सिस्टम, डॉप्लर रडार से युक्त अवस्थापना तंत्र की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने भारत नेट-2 परियोजना के अन्तर्गत उत्तराखण्ड के मोबाइल एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी विहीन 5942 ग्राम पंचायतों में कनेक्टिविटी प्रदान किये जाने हेतु भारत नेट-2 परियोजना के अन्तर्गत प्रस्तावित कार्य शीघ्र स्वीकृत किये जाने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कैम्पा के तहत राष्ट्रीय प्राधिकरण के खाते में रखे जाने वाली 10 प्रतिशत की धनराशि को घटाकर 2 प्रतिशत करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस शेष 8 प्रतिशत धनराशि को राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत कैम्पा में अनुमन्य गतिविधियों के अन्तर्गत वन एवं वन्य जीवों के संरक्षण व संवर्धन सम्बन्धी जनहित व कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु उपयोग में लाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सीमान्त जनपदों के हिमाच्छादित क्षेत्रों में हिम प्रहरी योजना लागू किया जाना प्रस्तावित है। हिम प्रहरी दल द्वारा दैवीय आपदाओं के समय सूचना, राहत एवं बचाव कार्य, ग्राम वासियों को सीमा सुरक्षा सम्बन्धी प्रशिक्षण, जागरूकता, आत्म-रक्षा का प्रशिक्षण का कार्य किया जायेगा। उन्होंने भारत सरकार से इसके लिये आर्थिक सहायता का अनुरोध किया।

तीर्थनगरी में नशे की सप्लाई करने वाला साजिद बरेली से गिरफ्तार

ऋषिकेश पुलिस ने बरेली से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते में जमा 10 लाख रुपये भी फ्रीज कर दिए हैं।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते साल 10 दिसंबर को पुलिस ने चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश निवासी रेखा साहनी पत्नी सुरेंद्र साहनी को 6.05 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। महिला के पास से स्मैक से बेचकर कमाए गए 2870 रुपये भी बरामद किए थे। पुलिस को पूछताछ में महिला ने बताया कि वह स्मैक यूपी के बरेली से साजिद हुसैन नाम के व्यक्ति से खरीदती है। स्मैक की रकम वह उसके बैंक एकांउट में जमा कर देती है। जांच के दौरान महिला की बात सच निकली। इसके बाद पुलिस ने साजिद हुसैन के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने पहले आरोपी के बैंक अकाउंट में जमा 10 लाख रुपये फ्रीज करवाए। रविवार को पुलिस ने मुखबिर की मदद से नशा तस्कर साजिद हुसैन पुत्र नबी हुसैन निवासी मोहम्मद गोरिफ बिठोलिया, थाना सीबीगंज बरेली को गिरफ्तार किया। सीओ डीसी ढौड़ियाल ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

उद्योग मंत्री ने भारत पिचेथोन और र्स्टाटअप कार्यक्रम का किया शुभारंभ

उद्योग मंत्री चन्दन राम दास ने विधानसभा कार्यालय में हेडस्टार्ट नेटवर्क फाउंडेशन एवं र्स्टाटअप उत्तराखण्ड के संयुक्त तत्वाधान में भारत पिचेथोन एवं र्स्टाटअप सितम्बर 2022 कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि हेडस्टार्ट नेटवर्क फाउंडेशन द्वारा भारत पिचेथोन कार्यक्रम सम्पूर्ण देश में 21 से भी ज्यादा शहरों में आयोजित किया जा रहा है जिसके अतंर्गत छोटे शहरों के स्टार्टअपस् को अपने बिजनेस को इन्वेस्टर्स के सामने प्रस्तुत करने का मौका प्रदान किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में भारत पिचेथोन का आयोजन गढ़वाल में 24 अगस्त 2022 को रूड़की एवं कुमांऊ में 27 अगस्त 2022 को अल्मोड़ा शहर में किया जायेगा। भारत पिचेथोन के शीर्ष तीन स्टार्टअपस् को हेडस्टार्ट के बेंगलुरू में होने वाले वार्षिक आयोजन में देश भर के अन्य स्टार्टअपस् के साथ प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में हेडस्टार्ट नेटवर्क फाउंडेशन द्वारा स्टार्टअप सितंबर 2022 का भी शुभारम्भ हो गया है। स्टार्टअप सितंबर 2022 के अतंर्गत उत्तराखण्ड के प्रत्येक जिले में पूरे सितंबर माह स्टार्टअप से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा जिससे उत्तराखण्ड के युवाओं को स्टार्टअपस् से जुड़ी हुई जानकारियां प्राप्त हो सकेंगी।
बैठक में निदेशक उद्योग सुधीर चन्द्र नौटियाल, उप निदेशक उद्योग राजेन्द्र कुमार, विभागीय अधिकारी तथा हेडस्टार्ट नेटवर्क फाउंडेशन से उत्तराखण्ड चैप्टर लीड वरूण तिवारी उपस्थित रहे।

अतिवृष्टि में 13 लोग लापता, तलाश जारी, भारी नुकसान का आंकलन

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश मुसीबत बनती जा रही है। बरसात के बाद उत्तराखंड में आपदा जैसे हालात हैं। बरसात के बाद मलबे में दबकर टिहरी जिले में तीन और पौड़ी जिले में भी एक व्यक्ति की मौत हुई। देहरादून में अतिवृष्टि के बाद पांच सहित प्रदेशभर में 13 लोग लापता हो गए हैं। मलबे में करीब एक दर्जन मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। कई जिलों में नालों के उफान पर आने के बाद सड़कें भी बह गईं हैं।
भारी बरसात के बाद गंगा, काली, सरयू आदि नदियां उफान पर हैं। भूस्खलन से केदारनाथ हाईवे सहित प्रदेशभर में कई सड़कें बंद हो गईं हैं। नदियों के उफान पर आने से प्रशासन ने तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया है। बरसात के बाद भूस्खलन से कई मकान भी मलबे में दब गए हैं।
अतिवृष्टि से देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, पिथौरागढ़ आदि जिलों में नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा राहत व बचाव का कार्य किया जा रहा है। लेकिन, खराब मौसम प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हो रही भारी वर्षा के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बारे में आपदा प्रबंधन विभाग से जानकारी ली। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रभावित क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।

देहरादून में देहरादून में अतिवृष्टि से सरखेत में भारी नुकसान
शनिवार तड़के देहरादून और आसपास के इलाकों में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। मालदेवता के सरखेत में बादल फटने जैसे हालात हैं। यहां तड़के कई घरों में मलबा और पानी भर गया। एक रिसोर्ट परिवार के महिलाओं बच्चों समेत कुछ लोग फंस गए। वहीं रायपुर-थानो रोड पर क्रिकेट स्टेडियम के पास सौंग नदी में बना पुल बह गया। इससे एक कार और तीन स्कूटी सवार नदी में जा गिरे। गनीमत रही कि उन्हें समय रहते रेस्क्यू कर लिया गया। घायल आठ लोगों को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रेमनगर नदी में एक मजदूर को भी एसडीआरएफ की टीम ने बचाया। वहीं टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र में भी तमसा नदी उफान पर है। यहां मंदिर परिसर में भी पानी घुस गया है। एसडीआरएफ़ के मुताबिक आपदा कंट्रोल रूम देहरादून द्वारा बताया गया कि एक व्यक्ति ने पौने तीन बजे बताया गया कि ग्राम सरखेत रायपुर में बादल फट गया है। कई लोग फंसे हैं। पोस्ट सहस्त्रधारा से निरीक्षक अनिरुद्ध भंडारी अपनी टीम के साथ रवाना हुए। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मार्ग मालदेवता पर बाधित मिला। वाहन के किसी सूरत में आगे न जाने की सूरत में टीम द्वारा बिना वक़्त गवाये तत्काल पैदल ही आगे बढ़ने का निर्णय लिया गया।
घटनास्थल पर पहुंचकर पता चला कि बादल फटने के कारण नदी एवं कुवा खाला में ज्यादा पानी आने से ग्राम सरखेत में कुछ मकानों में पानी घुस आया। टीम द्वारा ग्राम सरखेत में फंसे सभी लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित कर दिया गया है। किसी भी प्रकार की जनहानि नही हुई है। चार-पांच किलोमीटर आगे कुछ लोग रिसॉर्ट में रुके हुए थे।
फोर्ट बेनियन रिसॉर्ट्स से करीब 20 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। उन्हें पंचायत भवन तक एसडीआरएफकी टीम ले आई है। रेस्क्यू अभियान अभी जारी है। उधर, भारी बारिश के कारण सुबह शिक्षा विभाग ने स्कूल बंद रखने का आदेश सोशल मीडिया में जारी किया। हालांकि कई स्कूल जहां खुले हैं, वहीं कुछ ने बंद किया। कई जगह स्कूल से बच्चों को लौटाया गया।

टिहरी में भारी बारिश के बाद नुकसान
तहसील धनोल्टी के कुमाल्डा मालदेवता क्षेत्र में भारी वर्षा व अतिवृष्टि से नुकसान की सूचना है। राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र भुत्शी और लॉर्खा में अतिवृष्टि के कारण लोगों का काफी नुकसान बताया जा रहा है। जनमानस की किसी भी प्रकार से हानि नहीं हुई है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। तौलिया काटल तहसील धनोल्टी क्षेत्रान्तर्गत कुमालड़ा, मालदेवता, भुत्सी, ल्वार्खा, सीतापुर में अतिवृष्टि से क्षति की सूचनाएं प्राप्त हो रही है।
क्षेत्र के लिए डीएम, एसडीएम व एडीएम रवाना हुये हैं, साथ ही जल संस्थान व विद्युत विभाग की टीम कुमालड़ा के लिए रवाना हुई है। सिंचाई विभाग की टीम भी रवाना। सोंग नदी के उफान से इंटर कॉलेज रगड़ गांव व मार्केट में नुकसान की सूचना। 12 गांवो को जोड़ने वाले पुल को भी नुकसान। 3 परिवारों को सिप्ट किया गया है। नरेंद्रनगर से रानीपोखरी जाने वाला स्टेट हाईवे 77 किमी 1, 5, 6 व 7 के पास बंद हो गया है।
थाना नरेंद्रनगर से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीटीसी नरेंद्रनगर, हिंडोलाखाल और तचिला चाचा-भतीजा होटल के पास एनएच 94 बंद होने के कारण ट्रैफिक आगरखाल में रोका गया है। सकलाना पट्टी के ग्राम पंचायत कुमालडा, भरवा काटल और ग्राम पंचायत धौलागिरी के सीतापुर में भारी बारिश से नुकसान बताया जा रहा है। यहां पर भगवान सिंह पंवार की सरकारी गल्ला विक्रेता की दुकान, दुकान में भरा हुआ राशन और एक मोटरसाइकिल बहने की सूचना है।

एडीजी भर्ती मेजर जनरल एनएस राजपुरोहित ने किया सेना भर्ती रैली का दौरा

एडीजी भर्ती मेजर जनरल एनएस राजपुरोहित ने एआरओ लैंसडाउन के अंतर्गत 7 जिलों के लिए, कोटद्वार में हो रही सेना भर्ती रैली का दौरा किया। मेजर जनरल राजपुरोहित ने रैली के दूसरे दिन की पहले दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और रैली की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। चमोली जिले की 4 तहसीलों और जिला उत्तरकाशी की 3 तहसीलों के 5943 उम्मीदवारों ने दूसरे दिन उपस्थित होने के लिए पंजीकरण कराया था। इसमें कुल 4948 उम्मीदवार उपस्थित हुए थे।
बारिश से होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। नागरिक प्रशासन द्वारा असेंबली एरिया और मार्शलिंग एरिया में 6000 उम्मीदवारों और 3000 उम्मीदवारों को समायोजित करने के लिए आधुनिक आश्रयों की स्थापना की गई है। इसके अलावा बारिश की स्थिति में रैली आयोजित करने के लिए अधिकतम उपाय किए गए हैं।
बारिश के मद्देनज़र रैली में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के परिवहन और आवाजाही में आसानी के लिए नागरिक प्रशासन द्वारा रैली स्थल के निकास पर बसों की भी व्यवस्था की गई है। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड राज्य में कुल 63360 उम्मीदवारों ने अग्निवीर सैनिक सामान्य ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क/एसकेटी, ट्रेड्समैन की विभिन्न श्रेणियों के तहत पंजीकरण कराया है।

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट में सर्किल रेट बढ़ाने की मांग

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आज दिल्ली में मुलाकात कर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने उन्हें ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट के अंतर्गत श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में परियोजना प्रभावितों को सर्किल रेट बढ़ाकर मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने रेलवे मंत्री से लारा कोर्ट के निर्णयों को लागू करने एवं प्रभावित परिवारों के सभी भाईयों को मुआवजा देने व श्रीनगर में अंशिक क्षतिग्रस्त मकानों को भी मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही केन्द्रीय मंत्री से प्रदेश की ग्राम पंचायतों को भारत नेट प्रोजेक्ट से जोड़ने का भी आग्रह किया। जिस पर केन्द्र रेलवे मंत्री ने सकारात्मक रूख अपनाते हुये कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। इससे पहले कैबिनेट मंत्री डॉ0 रावत ने नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से शिष्टाचार मुलाकात की।
रावत ने केन्द्रीय रेलवे मंत्री से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना पर विस्तृत चर्चा कर परियोजना प्रभावितों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में सर्किल रेट की दर बढ़ाकर नये सर्किल रेट पर परियोजना प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की। रावत ने बताया कि रेलवे परियोजना से प्रभावित लोग उचित मुआवजे से वंचित हैं। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री के समक्ष लारा कोर्ट के फैसलों के तहत प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग भी रखी। इस दौरान रावत ने केन्द्रीय रेलवे मंत्री के समक्ष प्रभावित परिवार के एक ही व्यक्ति को मुआवजा देने का मुद्दा रखा, उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से परिवार के अन्य भाईयों को मुआवजा नहीं मिल पा रहा है, जिस पर रावत ने केन्द्रीय मंत्री से प्रभावित परिवार के सभी भाईयों को मुआवजा आवंटित करने की मांग की। श्रीनगर, स्वीत एवं अन्य जगहों पर आंशिक एवं पूर्ण क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा दिये जाने की मांग भी केन्द्रीय मंत्री के समक्ष रखी साथ ही
उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को उत्तराखंड प्रवास पर आने के लिये आमंत्रित किया। प्रदेश की पंचायतों को हाई स्पीड इंटरनेट से जोड़ने के लिये डॉ. रावत ने केन्द्रीय मंत्री से उत्तराखंड में भी भारत नेट प्रोजेक्ट शुरू करने की बात कही। रावत ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सकारात्मक रूख अपनाते हुये रेलवे परियोजना से प्रभावितों की समस्याओं को दूर करने एवं उचित मुआवजा देने के लिये शीघ्र कार्यवाही करने का भरोसा दिया। इससे पहले कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने नव निर्वाचित उपराष्ट्रपति से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर उन्होंने उपराष्ट्रपति को राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने की जानकारी दी और प्राथमिक स्तर पर बालवाटिका संचालित करने सहित भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया।

नवम्बर में आयोजित हो रही राष्ट्रीय स्तर की मास्टर्स खेल प्रतियोगिता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मास्टर्स स्पोर्टस फाउण्डेशन के खेल पोस्टर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया एवं खेलों इंडिया के विचार को धरातल पर उतारने के लिये 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को इससे जोड़ने के प्रयास होने चाहिए। इससे शारारिक स्वस्थता के प्रति समाज में जागरूकता का भी प्रसार होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इस दिशा में क्रिकेटर ऋषभ पन्त को ब्रांड अम्बेसडर बनाया गया है। ऐसे प्रयास खेलों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के साथ ही मास्टर्स स्पोर्टस की गतिविधियों को बढ़ावा देकर खेलों को रोजगार और पर्यटन से भी जोड़ने में मददगार होंगे। उन्होंने मास्टर्स स्पोटर्स फाउण्डेशन सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य संस्थानों से भी इस दिशा में सहभागी बनने की अपेक्षा की।
मास्टर्स स्पोटर्स सोसाइटी के अध्यक्ष विपिन बलूनी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सोसाइटी विगत दो वर्ष से लगातार मास्टर्स लेवल पर फुटबाल, बैडमिंटन, निशानेबाजी, बालीबॉल, बास्केटबॉल, एथेलेटिक्स समेत 10 विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही है। इसके तहत जिला और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं भी समय-समय पर आयोजित की जाती रही हैं। हमारी सोसाइटी द्वारा राज्यस्तरीय एथेलेटिक्स, फुटबॉल, निशानेबाजी बालीबाल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन का प्रदेशस्तरीय आयोजन कराया गया था जिसमें लगभग दो हजार खिलाडियों ने भाग लिया। इसी क्रम में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलों को प्रोत्साहन देने की नीति के तहत सोसाइटी देहराइन में आगामी 11 से 13 नवम्बर तक राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेगी। जिसमें देशभर से 5 हजार खिलाड़ियों की भाग लेने की संभावना हैं।