स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर मंकीपॉक्स को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एसओपी

देश में मंकीपॉक्स के बढ़ते खतरों के बीच सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड़ पर रहने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों को मंकीपॉक्स को लेकर पहले ही सर्तकता बरतने एवं गाइडलाइन जारी करने को कहा है। विभागीय मंत्री के एक्शन पर स्वास्थ्य विभाग ने मंकीपॉक्स से बचाव हेतु तत्काल हेल्थ एडवाजरी जारी कर सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को एक्टिव रहने को कहा है। जनपद स्तर पर मंकीपॉक्स के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिये कड़ी निगरानी करने व सर्विलांस सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश जिलाधिकारियों एवं मुख्य चिकित्साधिकारियों को दिये गये हैं।
डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि देश में बढ़ते मंकीपॉक्स के खतरों को लेकर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड़ में रहने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अंतर्गत मंकीपॉक्स से बचाव एवं सर्तकता बरतने के लिये स्वास्थ्य विभाग ने एसओपी जारी कर दी है। विभागीय मंत्री ने बताया कि जनपद स्तर पर मंकीपॉक्स के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिये कड़ी निगरानी रखी जायेगी, जिसके लिये विभागीय अधिकारियों को सर्विलांस सिस्टम मजबूत करने को कहा गया है।
रावत ने बताया कि सूबे की प्रत्येक चिकित्सा इकाईयों एवं मेडिकल कॉलेजों में मंकीपॉक्स हेतु पृथक से आइसोलेशन की व्यवस्था एवं नोडल अधिकारी नामित करने को कहा गया है, इसके साथ ही चिकित्सालयों में रोगियों की जांच एवं उपचार हेतु पर्याप्त दवाएं उपलब्ध करने के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिये गये हैं। विभागीय मंत्री ने कहा कि राज्य में मंकीपॉक्स के एक मामले को भी प्रकोप माना जायेगा। स्वास्थ्य मंत्री रावत के निर्देश पर प्रभारी सचिव स्वास्थ्य डॉ आर राजेश कुमार ने विभाग को अलर्ट मोड़ में रहने को कहा है। इसके साथ ही सभी जनपदों में जिलाधिकारियों एवं मुख्य चिकित्साधिकारियों को मंकीपॉक्स को लेकर निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। उन्होंने बताया गया कि एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के तहत सभी जिला निगरानी इकाइयों के माध्यम से संक्रमण के मामलों, समूहों की तेजी से पहचान करने एवं संक्रमण के प्रसार को तुरंत रोकने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि संदिग्ध मामले मिलने पर इसकी सूचना तत्काल उच्च स्तरीय अधिकारियों को दी जायेगी, जांच नमूनों को नामित प्रयोगशालाओं को भेजने एवं संदिग्धों को अलग वार्ड और आईसोलेशन में रखे जाने सहित अन्य जरूरी निर्देश जारी कर दिये गये हैं।

नीति आयोग की बैठक में प्रतिभाग करने से पहले सीएम ने ली विभागवार बैठक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आगामी 7 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की शासी परिषद् की सातवी बैठक में प्रतिभाग करेंगे। मुख्यमंत्री बैठक से सम्बन्धित एजेंडा बिन्दुओं के अतिरिक्त राज्य हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं विषयों पर विचार रखेंगे।
नीति आयोग की बैठक के एजेन्डा बिन्दुओं में फसल विविधिकरण एवं दलहन व तिलहन उत्पादन में आत्म निर्भरता विद्यालयी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का क्रियान्वयन तथा शहरी प्रशासन से सम्बन्धित योजनाओं का क्रियान्वयन शामिल है।
बुधवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नीति आयोग के समक्ष रखे जाने वाले विषयों पर एजेन्डा से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर विभागरवार चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित नीतियां एवं केन्द्र पोषित योजनाये देश के सभी राज्यों के दृष्टिगत समान रूप से बनायी जाती है। इसमें हिमालयी राज्यों के लिये उनकी पारास्थितिकी एवं भौगोलिक दृष्टि का भी ध्यान में रखते हुए अलग नीति बनाये जाने पर ध्यान देने की उन्होंने जरूरत बतायी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का भगवान केदारनाथ के साथ ही राज्य के अन्य धामों के प्रति विशेष आस्था है। गत वर्ष अपनी केदारनाथ यात्रा के दौरान उन्होंने 21वी शदी के इस तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया था। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य के विकास का रोड मेप तैयार किया गया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु अब तक आ चुके हैं। तीर्थ यात्रियों एवं पर्यटकों की आवाजाही भविष्य में और बढ़ेगी, इसके लिये यात्रा मार्ग से जुड़े प्रमुख स्थलों की अवस्थापना सुविधाओं के विकास सुव्यवस्थित यातायात के लिये टनल पार्किंग की योजना राज्य हित में जरूरी है। इससे भविष्य की चुनौतियों का बेहतर ढ़ंग से सामना किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त आपदा की दृष्टि से भी राज्य की संवेदनशीलता, पर्यावरण की दृष्टि से राज्य की इकोलॉजी के साथ इकोनामी को बढ़ावा देने के प्रयासों से सम्बन्धित बिन्दुओं पर भी मुख्यमंत्री बैठक में अपना पक्ष रखेंगे।
बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.सन्धू, अपर मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन, सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम, शैलेश बगोली, एसएन पाण्डे, विनोद कुमार सुमन, महानिदेशक यूकास्ट प्रो0 दुर्गेश पन्त आदि उपस्थित रहे।

विजिलेंस का 2 करोड़ रूपये का रिवॉल्विंग फण्ड बनाया जायेगा-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सर्वे चौक स्थित आई.आर.डी.टी सभागार में सुशासन, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड के सबंध में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विजिलेंस का 2 करोड़ रूपये का रिवॉल्विंग फण्ड बनाया जायेगा। राज्य में विजिलेंस को सशक्त बनाया जायेगा, इसके ढ़ाचे एवं अन्य सुविधाओं को बढ़ाया जायेगा। विजिलेंस में सराहनीय कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 4 विसलब्लोवर को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त देवभूमि का संकल्प लिया है। 2025 तक उत्तराखण्ड को भ्रष्टाचार मुक्त एवं नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड के लिए सभी विभागों को विजिलेंस के साथ समन्वय से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में विजिलेंस को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि जो ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड के लिए 1064 एप लॉच होने के बाद से इस एप पर अभी तक 5 हजार से अधिक शिकायतें आ चुकी हैं। जो शिकायतें भ्रष्टाचार से संबंधित हैं, उन पर सतर्कता विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही, जो सराहनीय कार्य है। जो शिकायतें भ्रष्टाचार से संबंधित नहीं हैं, लेकिन 1064 पर प्राप्त हो रही हैं, उन्हें सीएम हेल्पलाईन से जोड़ा गया है, ताकि जन समस्याओं का तेजी से समाधान हो सके। इस दिशा में भी सतर्कता विभाग द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के भाव से कार्य कर रही है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, निदेशक सतर्कता अमित सिन्हा, शासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर, नीति सुधार व सरलीकरण में बहुत सुधार हुआ-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में राज्य स्तरीय उद्योग मित्र समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य में काम कर रहे उद्योग ही हमारे ब्रांड एम्बेसेडर है। राज्य सरकार द्वारा इन्वेस्टर्स फ्रेंडली वातावरण बनाने के लिए बहुत से सुधार किये गये हैं। इसी का परिणाम है कि पिछले एक वर्ष में 9 हजार करोड़ से अधिक का निवेश राज्य में हुआ है। ईज ऑफ डूईंग बिजनेस में हम एचीवर्स की श्रेणी मे आए हैं। इन्फ्रास्ट्रक्चर, नीति सुधार व सरलीकरण में काफी काम किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर सम्भव नीतिगत व रेगुलेटरी सुधार करने के लिये तत्पर है। औद्योगिक क्षेत्रों में मैप एप्रूवल सीडा के माध्यम से कराए जाने की औद्योगिक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को इसका परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। एमएसएमई के तहत छोटे छोटे औद्योगिक प्लॉट के ट्रांसफर की प्रक्रिया को सरल किया जाए। मुख्यमंत्री ने प्लास्टिक रीसाइक्लिंग व वैकल्पिक औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने की नीति बनाने के भी निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में आवश्यकतानुसार लीसा डिपो बनाने का परीक्षण कर लिया जाए। सोलर पॉलिसी को रिवाइज किया जाए। इसके लिये उद्योगों से भी सुझाव लिये जाएं। बायोमास, इको टूरिज्म और आयुष क्षेत्र को बढावा देने के लिए जरूरी सुधार किये जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी के सहयोग से निवेश फ्रेंडली वातावरण बना रही है। जो भी सुझाव प्राप्त होते हैं उन्हें गम्भीरता से लिया जाता है। विभिन्न बैठकों, संवाद कार्यक्रमों में कुल 133 बिंदुओं पर सुझाव मिले थे, इनमें से 87 पर कार्यवाही हो चुकी है या निर्णय लिये जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में केंद्र सरकार के सहयोग से कनेक्टिविटी में काफी काम हुआ है। लगभग 30 हजार करोड़ से अधिक की सड़क परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों से हर घर झंडा अभियान में 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।

इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखण्ड के अध्यक्ष पंकज गुप्ता, सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हरेंद्र गर्ग सहित अन्य ने कहा कि पिछले एक साल में उद्योगों को बढावा देने के लिए काफी काम किया गया है। हमारे सुझावों को गम्भीरता से लिया जाता है। उन्होंने अपने अपने सुझाव भी दिये।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास विभाग, सार्वजनिक उद्यम विभाग, एमएसएमई विभाग के महत्वपूर्ण शासनादेशों की संकलन पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, धन सिंह रावत, मुख्य सचिव डॉ एस एस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, आर मीनाक्षी सुन्दरम, डॉ पंकज कुमार पाण्डे, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने आवास-विकास कॉलोनी स्थित नशामुक्ति केंद्र में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक एक युवती ने तहरीर देकर प्रभजीत सिंह उर्फ हनी पुत्र स्वर्गीय भगवान सिंह निवासी मकतूलपुरी, रुड़की थाना गंगनहर जिला हरिद्वार और दो अन्य मित्रों सहित नशामुक्ति केंद्र कि संचालिका के साथ मिलकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पीड़िता का आरोप था कि उन्होंने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसके बाद दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर गाली गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। बुधवार को प्रभजीत सिंह उर्फ हनी को ऋषिकेश के तहसील रोड स्थित गौरा देवी चौक से गिरफ्तार किया गया। कोतवाल रवि सैनी बताया कि आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, पीड़िता का भी मेडिकल करवाया गया है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

राजभवन घेराव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया मंथन

महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश द्वारा 5 अगस्त को भ्रष्टाचार एवं बेरोजगारी के मुद्दे पर राजभवन का घेराव की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। आज महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय ऋषिकेश में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर एवं प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी करण मेहरा के निर्देशानुसार भ्रष्टाचार, बेरोजगारी एवं ईडी के विरोध स्वरूप राजभवन घेराव के संबंध में एक आवश्यक बैठक आहूत की गई। जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 5 अगस्त के दिन बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने एवं कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु विचार विमर्श किया गया।
बैठक में तय किया गया कि सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के हाथों को मजबूत करके भ्रष्टाचार एवं बेरोजगारी के विरोध में राजभवन का घेराव करेंगे। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार लगातार भ्रष्टाचार में लिप्त होती जा रही है। ईडी का दुरुपयोग करके हमारे सम्मानित राजनेताओं को डरा धमकाने का काम किया जा रहा है जबकि हमारे राजनेता ना तो डरेंगे ना झुकेंगे और इसका जवाब केंद्र सरकार और राज्य सरकार को लगातार प्रदर्शनों के माध्यम से किया जाएगा
नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि अब वह समय आ गया है कि समस्त कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर ऐसे दोगली सरकार को सत्ता से बाहर फेंकने का काम किया जाएगा अब हमारे कार्यकर्ता किसी भी दबाव में आकर काम करने वाले नहीं हैं हमारे कार्यकर्ता ईट का जवाब पत्थर से देने का काम करेंगे।
इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, व्यापार मण्डल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, पार्षद राकेश सिंह, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जितेंद्र पाल पाठी, राजेन्द्र जाटव, सरोज देवराडी, उमा ओबरॉय, चंदन सिंह पंवार, मनीष जाटव, कमलेश शर्मा, प्रदीप जैन, योगेश शर्मा, अशोक शर्मा, सोहन लाल चमोली, प्यारे लाल जुगरान, अमित शाह, इमरान सैफी, अभिनव सिंह, मुकेश वकालत आदि मौजूद रहे।

एनएचएम के तहत शत-प्रतिशत खर्च करें धनराशि-धन सिंह रावत

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष में केन्द्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गयी धनराशि को समय पर शत-प्रतिशत खर्च करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। उन्होंने विभिन्न चिकित्सा इकाईयों में चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुये अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत कार्मिकों को विगत तीन माह से वेतन न मिलने पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुये शीघ्र वेतन निर्गत करने को कहा।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य महानिदेशालय में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये। उन्होंने वर्तमान वित्तीय वर्ष में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि को शत-प्रतिशत खर्च करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। डॉ रावत ने बताया कि सूबे में एनएचएम के अंतर्गत हुये बेहत्तर कार्यों के आधार पर भारत सरकार द्वारा इस वित्तीय वर्ष रूपये 1129.5 करोड़ का बजट उपलब्ध कराया गया है जो कि जो कि विगत वित्तीय वर्ष में मिले बजट के मुकाबले रूपये 280 करोड़ अधिक है। जिसे तय समय के भीतर शत-प्रतिशत खर्च करने का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है ताकि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जा सके। बैठक में विभागीय मंत्री ने विभिन्न चिकित्सा इकाईयों में चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर भारी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा कि निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाकर सभी निर्माण कार्यां को निश्चत समय सीमा के भीतर पूरा करें। डॉ रावत ने बताया कि ई0आर0सी0पी0 के अंतर्गत 08 चिकित्सा इकाईयों में प्रीफैब्रिकेटेड 42 बेड एवं 10 चिकित्सा इकाईयों में 32 बेड का निर्माण किया जायेगा जिसके लिये शासन ने रूपये 5073.12 लाख की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इसके अलावा इस वित्तीय वर्ष में 7 क्रिटिकल केयर यूनिट (सी0सी0यू0) की स्थापना की जायेगी, जिसके लिये कार्यदायी संस्था नामित कर दी गई है, शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा। एनएचएम कार्मिकों को विगत तीन माह से वेतन न मिलने पर डॉ रावत ने विभागीय अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने मिशन निदेशक एनएचएम डॉ आर राजेश कुमार को व्यवस्थाएं ठीक कर शीघ्र वेतन निर्गत करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत कार्मिक अल्प वेतनभोगी हैं और उनका कई महीनों तक बिना किसी कारण वेतन रोकना न्यायोचित नहीं है।
बैठक में प्रभारी सचिव स्वास्थ्य एवं मिशन निदेशक एनएचएम डॉ आर राजेश कुमार, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ शैलजा भट्ट, संयुक्त निदेशक डॉ आर0पी0 खंडूडी, वित्त अधिकारी दीपाली भरणे, वित्त नियंत्रक एनएचएम खजान चन्द्र पाण्डेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय स्तर पर लोक संगीत में राज्य को प्रथम स्थान

सूबे में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 स्कूलों को राज्य स्तरीय स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जिसमें से 20 विद्यालयों को ओवरऑल श्रेणी, जबकि 6 विद्यालयों को अन्य श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। सूबे के 14 स्कूलों को राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिये नामित किया गया हैं। राष्ट्रीय कला उत्सव में पारम्परिक लोक संगीत में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर राजकीय इंटर कॉलेज हरिपुर कालसी देहरादून की छात्रा अंजू को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा के नये सोशल मीडिया पोर्टल ‘शैक्षणिक संगम’ का भी लोकार्पण किया गया। सूबे के प्रत्येक विद्यालय के लिये 5 मूलभूत सिद्धांत तय किये गये हैं जिन पर कार्य करने के लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने आज प्राथमिक शिक्षा निदेशालय देहरादून में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेशभर के 26 स्कूलों को राज्य स्तरीय स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया। डॉ0 रावत ने बताया कि छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार शुरू किये गये हैं, जिसके अंतर्गत स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में राज्य स्तर पर स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2021-22 हेतु प्रदेशभर के 100 स्कूलों को ओवर ऑल कैटेगिरी में जबकि 73 स्कूलों को सब कैटेगरी में जनपदीय चयन समितियों द्वारा नामित किया गया। जिसमें से स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 स्कूलों को सम्मानित किया गया। डॉ0 रावत ने बताया कि स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार हेतु प्रदेश के 20 स्कूलों को स्वच्छता की ओवर ऑल कैटेगिरी में सम्मानित किया गया जबकि 6 स्कूलों को सब कैटेगरी में पुरस्कृत किया गया। ओवर ऑल श्रेणी में दिल्ली पब्लिक स्कूल रूद्रपुर, जे0एम0डी0 इंटरनेशनल स्कूल हल्द्वानी, केन्द्रीय विद्यालय हल्द्वानी, यू0पी0एस0 छितार चौखुटिया अल्मोडा, पी0एस0 बुरसोल थराली चमोली, केन्द्रीय विद्यालय जोशीमठ चमोली, पी0आर0बी0एच0एस0 एकेडमी नगर काशीपुर, आर0ए0एन पब्लिक स्कूल रूद्रपुर, पी0एस0 महाराजपुर रूद्रपुर, राजकीय बालिका हाई स्कूल डुंगरी पौड़ी, ज्योति स्पेशल स्कूल ऋषिकेश, केन्द्रीय विद्यालय ओ0एन0जी0सी0 देहरादून, जी0जे0एच0 स्कूल सुद्धोवाला देहरादून, केन्द्रीय विद्यालय ओएफडी रायपुर देहरादून, दून इंटरनेशनल स्कूल पौंधा देहरादून, जनरल बी0सी0 जोशी आर्मी स्कूल पिथौरागढ़, जी0पी0एस0 सलकोट पिथौरागढ़, पी0एस0 ढुंगीधार टिहरी गढ़वाल, यू0पी0एस0 रूहाल्की दयालपुर हरिद्वार, दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर हरिद्वार, शामिल है। इसके अलावा स्वच्छता की अन्य श्रेणियों में पी0एस0 बसोट अल्मेडा, केन्द्रीय विद्यालय हल्द्वानी, जवाहर नवोदय विद्यालय जयहरीखाल पौड़ी, केन्द्रीय विद्यालय ओ0एन0जी0सी0 देहरादून, स्काई वर्ल्ड सीनियर सेकेन्डरी स्कूल कृष्णानगर रूड़की, केन्द्रीय विद्यालय अपर कैम्प देहरादून शामिल है। उन्होंने बताया कि पुरस्कृत विद्यालयों में से 14 विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार के लिये नामित किया गया है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कला उत्सव में राष्ट्रीय स्तर पर पराम्परिक लोक संगीत में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली राजकीय इंटर कॉलेज हरिपुर कालसी की छात्रा अंजू एवं उनकी टीम को भी सम्मानित किया गया। विभगाय मंत्री ने डॉ0 रावत ने विद्यालयी शिक्षा के नये सोशल मीडिया पोर्टल ‘शैक्षणिक संगम’ का भी लोकार्पण किया गया। जिसके तहत विभाग की नवाचार संबंधी गतिविधियों के साथ ही उत्कृष्ट कार्यों को अपलोड किया जायेगा, जिसको सभी अधिकारियों एवं शिक्षक सोशल मीडिया के माध्यम से शेयर करेंगे। विभगाय मंत्री द्वारा प्रदेशभर के स्कूलों के लिये पांच मूलभूत सिद्धांत तय किये गये हैं, जिसमें प्रत्येक विद्यालय में स्वच्छता अभियान संचालित किये जायेंगे, प्रत्येक स्कूल को एक-एक गांव गोद लेकर गांव को शत-प्रतिशत साक्षर बनाना होगा, नशा मुक्त स्कूल, ग्रीन कैम्पस स्कूल तथा प्रत्येक माह शिक्षाकों, छात्रों एवं अभिभावकों के साथ शिक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
बैठक में अपर सचिव शिक्षा दीप्ति सिंह, महानिदेशक बंशीधर तिवारी, निदेशक माध्यमिक आ0के0 कुंवर, निदेशक सीमैट सीमा जौनसारी, निदेशक प्राथमिक शिक्षा बंदना गर्ब्याल, अनु सचिव विभूति रंजन, अपर निदेशक आर0के0 उनियाल, भूपेन्द्र नेगी, महावीर सिंह बिष्ट, लीलाधर व्यास साहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

महेन्द्र भटट के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर गृह नगर में जश्न, मिठाई बांटी

पूर्व विधायक महेंद्र प्रसाद भट्ट के भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने पर आतिशबाजी कर खुशी मनाई गई। इस मौके पर कैनिबेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेम चंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को मिष्ठान खिलाकर मुंह मीठा कराया।
सोमवार को दून तिराहे पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर आतिशबाजी कर नारे लगाए गए। मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भट्ट के कुशल नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ेगी। बताया कि महेंद्र भट्ट गढ़वाल और कुमाऊं के लोकप्रिय नेता हैं। उसी का लाभ भट्ट को मिला। बताया कि पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट 1991 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सह सचिव रहे।
मंत्री डा. अग्रवाल ने बताया कि एबीवीपी में विभाग संगठन मंत्री टिहरी विभाग-1994 से 1998 तक रहे। बताया कि भाजयुमो के प्रदेश सचिव 1998 से 2000 तक, भाजयुमो प्रदेश महासचिव 2000 से 2002 तक, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष 2002 से 2004 तक रहे। डॉ अग्रवाल ने बताया कि भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व हिमाचल प्रदेश प्रभारी, भाजपा प्रदेश सचिव 2007-2020 तक रहे।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि भट्ट भाजपा गढ़वाल संयोजक 2012-2014 और भाजपा प्रदेश सचिव- 2015-2020 रहे। कहा कि 2002 से 2007 तक नंदप्रयाग में विधायक रहे। साथ ही वर्ष 2017 में बदरीनाथ विधानसभा से विधायक रहे है। कहा कि इन तमाम उपलब्धि होने का लाभ महेंद्र भट्ट को मिला।
मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने कहा कि महेद्र प्रसाद भट्ट के दिशा निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। युवाओं को आगे बढ़ने में प्रेरणा मिलेगी। कहा कि ऋषिकेश के निवासी होने के नाते यहां भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन होगा। कहा कि उनका लंबा अनुभव पार्टी के भीतर रहा है। उनके नेतृत्व में पार्टी उत्तराखंड में और मजबूत होगी।
इस मौके पर मंत्री डा. अग्रवाल को कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान खिलाया, जबकि मिष्ठान खिलाकर एक-दूसरे को कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री जयंत शर्मा, सुमित पंवार, युवा मोर्चा अध्यक्ष नितिन सक्सेना, इंद्र कुमार गोदवानी, हरीश तिवाड़ी, पार्षद शिव कुमार गौतम, विकास तेवतिया, रीना शर्मा, राजेश दिवाकर, प्रदीप कोहली, राजू नरसिम्हा, संजीव पाल, राकेश पारछा, अनिता तिवारी, राकेश चंद, माधवी गुप्ता, मोनिका गर्ग, रूपेश गुप्ता, त्रिलोक परमार, दिगम्बर नौटियाल, अरूण जुगलान, दीपक बिष्ट, बृजेश शर्मा, प्रभाकर शर्मा, भावना किशन, भावना भट्ट, हरीशंकर प्रजापति, राहुल दीवाकर, सिमरन गाबा, अनिकेत गुप्ता, नरेंद्र शर्मा, संजीव सिलस्वाल, सचिन अग्रवाल, सौरभ गर्ग सहित सैंकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।