चारधाम यात्रा-टैक्सी वाहनों की लॉटरी निकालीं गई

चार धाम यात्रा के मध्येनजर टैक्सी वाहनों का रोटेशन बनाए जाने को लेकर गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक व मालिक एसोसिएशन ऋषिकेश के तत्वावधान में टैक्सी वाहनों की लॉटरी निकाली गई। आईएसबीटी स्थित एसोसिएशन के शाखा कार्यालय में पंडित अनुसूया प्रसाद कुकरेती ने विधि विधान से मंत्र उच्चारण कर पूजा अर्चना की। एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत ने चार धाम यात्रा के टैक्सी वाहनों की घड़े से पर्ची निकाली। प्रथम पर्ची बिजेंदर नौटियाल टैक्सी वाहन संख्या यूके 14 टीए 0583 की निकली।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि देश प्रदेश से तीर्थ नगरी ऋषिकेश आने वाले यात्रियों को सुगम, दुर्घटना रहित, वाजिब दाम पर अतिथि देवो भव की भावना के अनुसार चार धाम की यात्रा कराने को एसोसिएशन की 211 डीलक्स टैक्सिया तैयार हैं। एसोसिएशन के सचिव विजेंद्र कंडारी ने कहा कि चार धाम का किराया परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार वसूला जाएगा।
इस अवसर पर वीरेंद्र कुमार मिश्रा, दिगंबर सिंह बिष्ट, गोपाल जुगरान, आसाराम सकलानी, गिरीश नेगी, द्वारिका प्रसाद मुंडेपी, अमरदेव रियाल, विजय भट्ट, अरविंद डोभाल, रणबीर मौर्य, अनिल गुप्ता, अनिल कुकरेजा, श्री कृष्ण डबराल, राकेश बहुगुणा, ऋषि राम सेमवाल, वीरेंद्र जोशी, ठाकुर सिंह नेगी आदि टैक्सी चालक व मालिक उपस्थित रहे।

नमामि गंगे के कार्यो को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने के निर्देश

शहरी विकास मंत्री व स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने नमामि गंगे के अधिकारियों की आज बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में बैठक ली। इस मौके पर ऋषिकेश में सीवरेज प्रणाली के कार्यों में तीव्रता लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में नमामि गंगे के प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव वर्मा ने बताया कि 462 करोड़ रुपए की धनराशि से जर्मन कंपनी केएफडब्लयू द्वारा ऋषिकेश में सीवरेज प्रणाली का कार्य चल रहा है। इसमें शहरीय क्षेत्रो के मुख्य मार्गों में सीवरेज लाइन पूर्व में डाली जा चुकी है, जिसका 26 एमएलडी का एसटीपी लक्कडघाट में है। बताया कि यह लाइन वर्तमान में संचालित हो रही है।
परियोजना अभियंता रविन्द्र गंगाड़ी ने बताया कि वर्तमान में 180 किमी की सीवर लाइन बिछाने का काम नगर निगम के कुछ क्षेत्रों, श्यामपुर, गुमानीवाला, खदरी खडकमाफ में चल रहा है। बताया कि इसमें पांच एमएलडी का एसटीपी प्लांट श्यामपुर खदरी में बनाया जाना है। इसमें तीन जगहों पर (गुमानीवाला, आवास विकास, आस्था पथ) में पम्पिंग स्टेशन बनाये जाने है।
इस पर शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि पम्पिंग स्टेशन बनाने को जमीन के स्थलीय निरीक्षण के लिए किए जा रहे जियोटेक सर्वे को जल्द पूरा किया जाए। कहा कि सम्पूर्ण सीवरेज प्रणाली कार्य को पूर्ण गुणवत्ता के साथ तय समयावधि के भीतर करें।
अग्रवाल ने कहा कि सीवर लाइन बिछाने के दौरान लोगों को आवागमन में दिक्कतें न आये, इसका भी ध्यान रखा जाये।
इस मौके पर प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव वर्मा, परियोजना अभियंता नमामि गंगे रविंद्र सिंह गंगाड़ी, अपर सहायक अभियंता ललित सिंह सतवाल उपस्थित रहे।

भारत सरकार के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक अधिकारियों ने की वित्त मंत्री से मुलाकात

प्रदेश के वित्त मंत्री प्रेम चन्द अग्रवाल से विधान सभा स्थित कार्यालय में भारत सरकार के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक से संबंधित उच्चाधिकारी ने शिष्टाचार भेंट की।

टीम के लीडर के रूप में डिप्टी सीएजी संध्या शुक्ला ने लेखापरीक्षा से संबंधित गतिविधियों के संबंध में वित्त मंत्री प्रेम चन्द अग्रवाल को जानकारी दी। बैठक में राजकोषीय एवं वित्तीय अनुशासन एवं प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के दौरान जानकारी दी गई कि उत्तराखण्ड IFMS सिस्टम अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर कार्य कर रहा है। इसके माध्यम से DBT प्रणाली को कारगर ढंग से संचालित किया जा रहा है।

वित्त मंत्री प्रेम चन्द अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखण्ड में आय के साधन सीमित हैं इसलिए वित्तीय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जायेगा और मितव्ययता संबंधी उपायों को लागू करने का प्रयास किया जायेगा। प्रदेश की वित्तीय स्थिति को सुधारने के लिए आपसी समन्वय पर बल दिया जायेगा। इस संबंध में नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक से संबंधित सुझावों को भी लागू करने का प्रयाश किया जायेगा।

बैठक में सचिव वित्त सुरेन्द्र पाण्डेय, निदेशक लेखा अहमद इकबाल, प्रिंसिपल एकाउंट जनरल उत्तराखण्ड प्रवीन्द्र यादव तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

18 से 23 अप्रैल तक लगेंगे वृहद स्वास्थ्य मेले-धन सिंह रावत

राज्य के जिला मुख्यालयों, नगर निकायों एवं ब्लॉकों में आगामी 18 अप्रैल से 23 अप्रैल तक वृहद स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जायेगा। सूबे में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने के लिए छह माह के भीतर जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउण्ड, एक्स-रे मशीन, पैथौलॉजी जांचें एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये गये, जबकि दूसरे चरण में उप जिला अस्पतालों एवं ब्लॉक स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्था सुधारने को कहा गया है। इसी क्रम में 16 एवं 17 अप्रैल को राज्यभर के हेल्थ एवं वेलनेस सेन्टरों में योग एवं टेली कन्सल्टेशन कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
सूबे के सहकारिता, विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशालय के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। डॉ0 रावत ने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चाकचौबंद करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 18 अप्रैल से 23 अप्रैल तक प्रदेश के सभी 95 ब्लॉकों सहित जिला मुख्यालयों एवं नगर निकायों में वृहद स्तर पर स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें सांसद, स्थानीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, नगर निकायों के अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख अपनी सुविधानुसार बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करेंगे। डॉ0 रावत ने कहा कि स्वास्थ्य मेलों में स्थानीय लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ टेली कान्सल्टेशन, आयुष्मान भारत डिजीटल हेल्थ मिशन के तहत यूनिक हेल्थ आईडी उपलब्ध कराये जाने के साथ ही आयुष्मान कार्ड भी बनाये जायेंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य मेलों में रक्तदान कार्यक्रम, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता सहित केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आम लोगों को दी जायेगी। इसी क्रम में 16 एवं 17 अप्रैल को राज्यभर के हेल्थ एवं वेलनेस सेन्टरों में योग एवं टेली कन्सल्टेशन कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। विभागीय मंत्री ने कहा कि जिला एवं ब्लॉक स्तर के अस्पतालों को चरणबद्ध तरीके से और अधिक सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिए गये हैं। जिसके तहत छह माह के भीतर जिला अस्पतालों एवं अगामी एक वर्ष के भीतर उप जिला चिकित्सालयों तथा ब्लॉक स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की सूरत बदल दी जाएगी। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को प्रथम चरण के अंतर्गत जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउण्ड, एक्स-रे मशीन, पौथालॉजी जांच की व्यवस्था करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों गाइकनोलॉजिस्ट, चाइल्ड स्पेशिलिस्ट, ऑर्थाेपैडिक सर्जन, एनेस्थीसिया, डेनटिस्ट आदि की तैनाती के निर्देश दिये गये हैं, जबकि दूसरे चरण में एक वर्ष के भीतर उप जिला अस्पतालों एवं ब्लॉक स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में पौथोलॉजी जांच, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता के साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभागीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो चिकित्सक लम्बे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे हैं उनके विरूद्ध एक सप्ताह के भीतर कार्यवाही की जाय।
बैठक में सचिव स्वास्थ्य डॉ. पंकज पाण्डेय, मिशन निदेशक एनएचएम सोनिका, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा आशीष श्रीवास्तव, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. तृप्ति बहुगुणा, निदेशक चिकित्सा डॉ. शैलजा भट्ट, डॉ. विनीता शाह, डॉ. सरोज नैथानी, डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक खजान पाण्डे, उप निदेशक, सहायक निदेशक, एनएचएम के प्रभारी अधिकारी, आईईसी अधिकारी जेसी पाण्डेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

गढ़वाल आयुक्त ने स्थलीय निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

आयुक्त गढ़वाल मंडल सुशील कुमार ने मंगलवार को यात्रा प्रशासन संगठन संयुक्त बस अड्डा परिसर ऋषिकेश में चार धाम यात्रा की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक कर यात्रा से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां समय पूर्ण की जाएं। इस कार्य में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उन्होंने चार धाम यात्रा से संबंधित यात्रियों के रजिस्ट्रेशन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। आयुक्त ने हेलीसेवा की ऑनलाइन बुकिंग की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की और कहा कि हेली सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग हेतु कालाबाजारी बिल्कुल भी न हो इसका विशेष ध्यान रखें।
इसके बाद आयुक्त ने चार धाम यात्रा से संबंधित पार्किंग स्थल चंद्रभागा ऋषिकेश और नगर निगम ऋषिकेश के सहयोग से बन रहे 15 रैन बसेरों के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रीन कार्ड काउंटर व हेल्प डेस्क यात्रा बस अड्डा ऋषिकेश का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए सभी तैयारियां यात्रा से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर आयुक्त नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल, सहायक नगर आयुक्त आनंद सिंह, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश अपूर्वा पांडे, आरटीओ दिनेश पठोई, परिवहन विभाग के अधिकारी अनुराग पुरोहित, व्यापार मंडल ऋषिकेश से राजकुमार अग्रवाल, भारत भूषण रावत, सीएमएस डॉ रमेश सिंह राणा सहित चारधाम यात्रा से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

आय बढ़ाने के प्रयासों को अमलीजामा पहनाये अधिकारी-वित्त मंत्री

प्रदेश के वित्त मंत्री प्रेम चन्द अग्रवाल द्वारा विधान सभा स्थित सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ स्टाम्प एवं निबन्धन विभाग की समीक्षा बैठक की गई।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने अधिकारियों के साथ विभाग की कार्यप्रणाली तथा आगामी कार्य योजनाओं के बारे में विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में अधिकारियों ने वित्त मंत्री को अवगत कराया कि राज्य में राजस्व प्राप्ति में स्टाम्प एवं निबन्धन विभाग महत्वपूर्ण है।
इस पर वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि उत्तर प्रदेश के समय के अभिलेखों का डिजिटलीकरण कर संरक्षित किया जाय। उन्होंने 100 दिन की कार्ययोजना का रोडमैप तैयार करने को कहा। इसके साथ ही विभागीय कार्यालयों को पूर्णरूप से कम्प्यूटराईज करने के भी निर्देश दिये।
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश में राजस्व बढ़ाने के विकल्पों पर कार्य करने को कहा। उन्होंने कार्यालयों में कार्मिकों/आगंतुकों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और स्टाम्प चोरी को रोकने के लिए सभी आवश्यक प्रावधान करने पर जोर दिया।
बैठक में सचिव वित्त सुरेन्द्र पाण्डेय, आयुक्त कर अहमद इकबाल, ए.आई.जी. अरुण प्रताप सिंह, सयुक्त सचिव विक्रम सिंह राणा, अरूणा चौधरी, हरीश चन्द्रा तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

चुनाव से पूर्व किया गया हर वादा पूरा होगा-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सुभाष रोड, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान विधायक खजानदास ने मुख्यमंत्री के समक्ष जन समस्याओं को रखा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्यों में हो रही देरी से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मछली बाजार को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए भी उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया।
इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र राजपुर की जनता को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्यों में तेजी लाई जायेगी। मछली बाजार की समस्या के लिए उचित हल निकाला जायेगा।
मुख्यमंत्री ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों पर जनता ने मुहर लगाई है। प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में विकास की दृष्टि से प्रदेश के आने वाले 5 साल स्वर्णिम वर्ष होंगे। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया है। 2025 तक उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिये हम प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता का भारतीय जनता पार्टी को पूरा समर्थन मिला। प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा हर सम्भव प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा हम जनता के विश्वास एवं उनकी आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार “विकल्प रहित संकल्प“ के ध्येय वाक्य पर काम कर रही है। जनता से किये गये वायदे एवं जो भी घोषणा की जा रही हैं, वे सभी निर्धारति समयाविध के अन्दर पूर्ण किये जायेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में आगामी चार धाम यात्रा में काफी संख्या में श्रद्धालु के आने की संभावना है। चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा गई हैं। समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। सरकार ने पर्यावरण मित्रों का एक दिन का मानदेय बढ़ाकर 500 रुपए किया गया है। सरकार ने गरीब परिवारों हेतु एक साल में तीन सिलेंडर मुफ़्त देने का वायदा किया है। इसके लिए बजट में प्राविधान किया गया है। राज्य सरकार ने उत्तराखंड में वृद्धावस्था पेंशन योजना पर बड़ा फैसला लेते हुए अब पति-पत्नी दोनों को वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया है। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए 1064 नंबर एवं एप जारी किया है। प्रदेश में कोई भी व्यक्ति भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत इस नंबर पर कर सकता है। इस नंबर पर प्राप्त शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान केबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, गणेश जोशी, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक खजान दास, सविता कपूर, मेयर सुनील उनियाल गामा मौजूद रहे।

खाताधरकों के हितों का ध्यान रखें बैंक-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास से एचडीएफसी बैंक की आठ शाखाओं का वर्चुअल शुभारंभ किया। उत्तराखण्ड में एचडीएफसी बैंक की जो नई आठ शाखाएं खोली गई हैं, उनमें जीएमएस रोड, देहरादून, राजेन्द्र नगर, देहरादून, मोथोरोवाला देहरादून, काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, रामनगर, रूड़की, मंगलौर, लालकुआं, नैनीताल और ट्रांसपोर्ट नगर, नैनीताल शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एचडीएफसी बैंक की शाखाओं के वर्चुअल उद्घाटन के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण के तहत दूर सुदूर गांवों में लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना। उत्तराखंड में एचडीएफसी बैंक की वर्तमान में 80 से अधिक शाखाएं संचालित हैं, जिसके माध्यम से प्रदेश के निवासियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बैंको को प्रयास करना चाहिए कि लोगों को बैंकिंग के क्षेत्र में सुविधाएं सुगमता से मिले। उन्होंने कहा कि जिस तरह रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के कारण मास्टर कार्ड बंद होने से असुविधाओं का सामना करना पड़ा, वहीं भारत का रूपे कार्ड काम आया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परमार्थ आश्रम, ऋषिकेश के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती के मार्गदर्शन में एचडीएफसी बैंक की ओर से 1.5 लाख पौधे उत्तराखंड में लगाने का निर्णय सराहनीय कार्य है।
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री गणेश जोशी, परमार्थ आश्रम, ऋषिकेश के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, अरविन्द वोहरा, कन्ट्री हेड, रिटेल ब्रांच बैंकिंग, एचडीएफसी बैंक, अखिलेश कुमार रॉय, ब्रांच बैंकिंग हेड, एचडीएफसी बैंक आदि मौजूद रहे।

छापेमारी हो मगर, लघु व्यापारियों का उत्पीड़न न किया जाएः प्रेमचंद

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने विधानसभा स्थित सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ राज्य कर की समीक्षा बैठक की।

उन्होंने प्रदेश में राजस्व बढ़ाने के लिए व्यापक कार्य-योजना बनाने के निर्देश देकर प्रवर्तन कार्य में तेजी लाने को कहा। कहा कि छापेमारी की कार्यवाही हो किन्तु उत्पीड़न की कार्यवाही न हो। टैक्स बढ़ाने के लिए फर्मों/व्यापारियों के साथ मंत्री स्तर की बैठक कराने के भी निर्देश दिये। राजस्व बढ़ाने के लिए व्यापारियों से भी सुझाव लिया जाए। रिक्त पदों के सापेक्ष भर्तियाँ की जाए ताकि विभाग को अधिक उपयोगी बनाया जा सके। पदों के ढांचों को तार्किक बनाने के भी निर्देश दिये।

बैठक में वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने निर्देश दिये कि जीएसटी से संबंधित आडिट व्यवस्था को मजबूत किया जाए और अपीलीय व्यवस्था को कारगर बनाया जाए। रिस्क मैंनेजमेंट और एनालिसेस के आधार पर कार्य-प्रणाली विकसित हो। समय-समय पर ढांचा विकास के साथ-साथ प्रशिक्षण का प्रबन्ध भी किया जाए। कर प्रणाली का ढांचा इस प्रकार विकसित किया जाए ताकि उपभोक्ता-व्यापारी के हितों की रक्षा की जा सके। पर्यटक राज्य में पर्यटकों से लिया जाने वाला सर्विस चार्ज का अध्ययन कर लिया जाए ताकि पर्यटकों के हितों की सुरक्षा की जा सके।

उन्होनें कहा कि समय पर रिटर्न फाईल होने होने वाली व्यवस्था के लिए प्रोत्साहन कार्य योजना बनायी जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। आफिस में बोर्ड फ्लेक्स इत्यादि लगाये जायें। इसके लिए इलेक्ट्रिॉनिक माध्यम का भी उपयोग किया जाए। गूगल एलर्ट इलेक्ट्रॉनिक कलेंडर बनाने के भी निर्देश दिये। बैठक में 100 दिन की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिया गया। इसमें विभाग के डिजिटल रूप, ई-गवर्नेंस, ऑनलाईन ए.सी.आर. व्यवस्था, आडियो वीडियों कम्यूनिकेशन तथा स्मार्ट कन्ट्रोल रूम पर विशेष फोकस रखा जाए।

बैठक में सचिव वित्त सुरेन्द्र पाण्डेय, अपर सचिव रोहित मीणा, आयुक्त कर अहमद इकबाल, अपर आयुक्त विपिन चन्द्रा, अनिल सिंह, राहुल गोयल तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदेश में साइंटिफिक तरीके से दीर्घकालिक योजना के तहत मास्टर प्लान बनाने की जरूरतः मुख्य सचिव

मुख्य सचिव डॉ. एसएस. संधु ने जल संवर्द्धन को बढ़ाने के लिए प्रदेश में चेक डैम बनाए जाने में के संबंध में बैठक की। उन्होंने कहा कि जल संग्रहण के लिए पूरे प्रदेश में मास्टर प्लान के तहत चेक डैम बनाए जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि इसके लिए साइंटिफिक तरीके से दीर्घकालिक योजना के अंतर्गत मास्टर प्लान बनाने की जरूरत है। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में चेक डैम बनाए जाने के लिए मास्टर प्लान तैयार करें। वही फॉरेस्ट एरिया में वन विभाग के अधिकारियों को प्लान बनाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि जनपदों में सभी जिलाधिकारी चौक डैम बनाये जाने की मॉनिटरिंग कर अधिक से अधिक स्थानों पर चौक डैम के प्रस्ताव बनाएंगे। इसके अलावा लघु सिंचाई विभाग, ग्राम्य विकास विभाग व पंचायती राज विभाग भी अपने-अपने वार्षिक लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान बनाए जाने के साथ-साथ वर्षभर चौक डैम बनते रहें। उन्होंने प्रदेश में प्रत्येक संभावित क्षेत्र को विशेषज्ञ से चिन्हित कराते हुए चेक डैम का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

इस बैठक में सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी, एसए मुरुगेशन के अलावा संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।