भाजपा ने दूष्टिपत्र जारी कर चुनाव अभियान को धार दी

देहरादून में आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भाजपा का दृष्टिपत्र जारी किया। भाजपा का दृष्टिपत्र इथिक्स, इकोलॉजी, इकोनॉमी के कॉन्सेप्ट पर आधारित है। घोषणापत्र में लव जेहाद जैसे मुद्दे शामिल किए गए हैं। रोजगार और कानून व्यवस्था के मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है। हालांकि भू कानून, गैरसैंण, परिसीमन जैसे भावनात्मक मुद्दों को तरजीह नहीं दी गई है। भाजपा को घोषणापत्र बनाने के लिए 70 हजार से ज्यादा सुझाव मिले थे।

आइये देखते हैं भाजपा के दृष्टिपत्र में क्या-क्या वादे किए गए हैं-
कानून व्यवस्था- भाजपा ने घोषणापत्र में लव जेहाद कानून को और कठोर करने का वादा किया है। इसके साथ ही महिला थानों की संख्या को दोगुना करते हुए 100 महिला पेट्रोलिंग कारों की शुरुआत की जाएगी। उधमसिंह नगर और हरिद्वार में तीन नई सशस्त्र पुलिस बटालियन बनाई जाएंगी। भाजपा ने पुलिस ग्रेड-पे को लेकर उचित कदम उठाने का वादा किया है। प्रदेश में दंगों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस बल को मजबूत करने, और पुलिसकर्मियों को आधुनिक हथियार उपलब्ध कराने का वादा किया है। भाजपा ने हर जिले में भूमि पर अवैध कब्जा होने के कारण हो रहे भू एवं जनसांख्यिकीय परिवर्तन से संबंधित विषयों की जांच एवं समाधान के लिए एक अधिकार प्राप्त समिति का गठन करने की बात भी कही है।

महिला सशक्तिकरण- निर्धन परिवारों की महिला मुखियाओं को हर महीने 500 रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। प्रमुख औद्योगिक शहरों में कार्यरत महिलाओं के लिए 10 नए महिला आवास बनाए जाएंगे। राज्य भर में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 500 करोड़ का विशेष कोष बनाया जाएगा।

युवा एवं रोजगार- युवाओं के रोजगार के लिए 50 हजार सरकारी नौकरियां होंगी। 24 हजार नौकरियां तुरंत दी जाएंगी। युवाओं के लिए मॉडल करियर सेंटर खोले जाएंगे। ऑनलाइन आधुनिकीकरण रोजगार कार्यालय के माध्यम से युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। प्।ै, प्च्ै, प्थ्ै अधिकारी, विशेषज्ञों द्वारा प्रतियोगी परीक्षार्थियों को प्रशिक्षण और सलाह दी जाएगी। राज्य भर में समर्पित सैनिक प्रशिक्षण स्टेडियम खोले जाएंगे।

ग्रामीण विकास- भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र में स्मार्ट विलेज कार्यक्रम बनाया है। जिसके तहत राज्य के सभी गांवों को विकसित करने के लिए बीजेपी मिशन चलाएगी। 2025 तक प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए कम से कम एक एटीएम स्थापित किया जाएगा। हर ग्राम पंचायत में सुसज्जित सामुदायिक और मनोरंजन केंद्र खोले जाएंगे। पीएम वाणी योजना के तहत प्रत्येक गांव में वाई-फाई हॉट स्पॉट सुविधा मिलेगी। हर गांव में मजबूत वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली स्थापित की जाएगी। मनरेगा श्रमिकों के वेतन में वृद्धि और हर ग्राम पंचायत में एटीएम खोलने का भी जिक्र बीजेपी ने घोषणापत्र में किया है।

घोषणा पत्र जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ये दृष्टिपत्र उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाने की दिशा में मार्ग प्रशस्त करेगा। डबल इंजन सरकार में उत्तराखंड क चहुंमुखी विकास हुआ है जो आगे भी होगा।

अन्य वादे-
-किसानों को पीएम किसान निधि के अतिरिक्त 2000 रुपए प्रतिवर्ष देंगे
-जनरल बिपिन रावत की याद में पूर्व सैनिक क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट बनाया जाएगा
-बागवानी के लिए 500 करोड़ और डेयरी के लिए 500 करोड़ रुपए देंगे -गढ़वाल के चारधाम की तरह कुमाऊं के मानस खंड मंदिर मिशन माला के तहत मंदिरों को व्यवस्थित करेंगे
-गरीब घर और गरीब महिलाओं को साल में तीन गैस सिलिंडर फ्री देंगे
-असंगठित मजदूरों को 6000 की पेंशन और पांच लाख का दुर्घटना बीमा किया जाएगा।

योगाचार्य भारती को नमामि नर्मदा संघ का दायित्व

योगाचार्य भारती को नमामि नर्मदा संघ की केन्द्रीय वर्किग कमेटी ने उत्तराखंड संघ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति पत्र में योग और सामाजिक कार्यो का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को देखते हुए नियुक्ति देने की बात कही गई है। इस अवसर पर योगाचार्य भारती ने कहा कि उन्हें जो दायत्वि दिया गया है उसका पूरी ईमनादारी के साथ निर्वहन करेंगी।

अक्षय कुमार को उत्तराखंड की प्राकृतिक सौंदर्यता ने प्रेरित किया

बॉलीवुड के खिलाड़ी यानी अक्षय कुमार इन दिनों उत्तराखंड में फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस बीच अक्ष्य कुमार आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने पहुंचे। सीएम धामी ने अक्ष्य कुमार का पहाड़ी टोपी पहनाकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री आवास आने पर सीएम धाम ने अक्षय को ब्रह्मकमल वाली पहाड़ी टोपी पहनाई और चार धामों का स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान अक्षय कुमार ने कहा कि उत्तराखंड फिल्मों की शूटिंग के लिए बेहद आकर्षक जगह है उन्हें यहां पर शूटिंग करके बहुत मजा आया है। सीएम धामी ने फेसबुक पर लिखा है, आज प्रख्यात अभिनेता, युवाओं के प्रेरणास्रोत और मेरे मित्र अक्षय कुमार का मुख्यमंत्री आवास में स्वागत एवं अभिनन्दन किया। अक्षय कुमार ने राज्य के युवाओं को प्रेरित करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

स्वर कोकिला के निधन पर उत्तराखंड में दो दिन का राजकीय शोक

भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर उत्तराखंड में भी दो दिन का राजकीय शोक रहेगा। सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार सुमन की ओर से रविवार को दो दिन के राजकीय शोक का आदेश जारी किया। केंद्र सरकार ने भी दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। राज्य में दो दिन सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। इस दौरान किसी भी तरह के कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे।
भारत रत्न, स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत सभी प्रमुख नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। उनके निधन को समूचे राष्ट्र का नुकसान बताया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लता दीदी का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। कौन भूल सकता है, जब 1962 की लड़ाई की हार से निराश, देशवासियों में लता दीदी के कण्ठ से निकले श्ऐ मेरे वतन के लोगोंश् गीत ने नया जोश भरने का काम किया था। देश की सेना के लिए उनके गाए वन्दे मातरम व अनेकों देशभक्ति के गीत देश पर मर मिटने की प्रेरणा देते रहे।
वहीं दूसरी ओर, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में राज्यपाल सिंह ने कहा कि भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन समस्त देशवासियों के लिए अपूरणीय क्षति है। लता मंगेशकर ने अपने स्वरों से भारतीय संगीत को समृद्ध बनाया।

लगता है इस बार नही हो सकेगी बड़ी रैली और जनसभा

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में प्रचार समाप्त होने के लिए अब छह दिन ही बचे हैं। लेकिन निर्वाचन आयोग ने अब भी पार्टियों और प्रत्याशियों को बड़ी रैलियों, रोड शो, वाहन रैली और पदयात्रा की इजाजत नहीं दी है। इस कारण इस बार चुनाव प्रचार बिना धूम धड़ाका के ही समाप्त हो जाएगा। निर्वाचन आयोग ने आठ जनवरी को विधानसभा चुनाव की घोषणा करते हुए, कोविड के खतरे को देखते हुए बड़ी रैलियों पर रोक लगाते हुए, चुनाव प्रचार मुख्य रूप से डिजिटल माध्यम तक सीमित कर दिया था। अब चौथे दौर की समीक्षा के बाद आयोग ने रविवार को जारी आदेश में बड़ी रैलियों, रोड शो, पदयात्रा और वाहन रैलियों पर रोक जारी रखी है।
इसके साथ ही डोर टू डोर प्रचार में अधिकतम बीस लोगों के शामिल होने और इंडोर मीटिंग में हॉल की पचास प्रतिशत और आउटडोर में तीस प्रतिशत क्षमता के साथ मीटिंग की इजाजत दे दी है। आयोग के संयुक्त निदेशक अनुज चंडाक की ओर से जारी आदेश के अनुसार आयोग ने उक्त निर्णय सभी चुनाव वाले राज्यों और आयोग के स्पेशल ऑजरर्वर की रिपोर्ट पर लिया है। आयोग के मुताबिक राज्यों ने कोविड की स्थिति में सुधार का दावा किया है, इसके साथ ही इन राज्यों में स्कूल कॉलेज भी फिर खोले जा रहे है। इस कारण आयोग ने सभी इंनडोर और आउटडोर मीटिंग में उपस्थिति की छूट बढ़ा दी है। हालांकि सभी गतिविधियों में कोविड के अनुरूप व्यवहार करना जरूरी होगा। उत्तराखंड की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने सभी दलों और प्रत्याशियों से गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।

राहुल गांधी का केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना

उत्तराखंड पहुंचे कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर हल्ला बोला। कहा कि कांग्रेस के शासन में पीएम हुआ करते थे, लेकिन अब पीएम नहीं राजा हैं। राजा न सुनेगा न बात करेगा, सिर्फ अपना निर्णय लेगा। राहुल ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा मोदी सरकार ने भारत के दो हिस्से कर दिए हैं। जिसमें एक अमीरों का और दूसरा गरीब, किसान और मजूदरों का भारत है। कांग्रेस एक हिन्दुस्तान चाहती है, जिसमें सबको न्याय मिले।
शनिवार को ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में नई मंडी समिति परिसर में आयोजित उत्तराखंडी स्वाभिमान किसान संवाद में राहुल गांधी ने कहा कि वह देश को किसानों को बधाई देना चाहते हैं। तीन कानूनों को रद्द कराने के लिए किसान पहाड़ की तरह खड़े रहे और एक कदम पीछे नहीं हटाया और एक इंच भी जमीन नहीं दी। सरकार को किसानों ने सच्चाई दिखाई। इस सरकार को यह सच्चाई दिखानी जरूरी थी। किसान हमेशा देश को रास्ता दिखाता रहा है। आजादी की लड़ाई भी मजदूर-किसानों ने लड़ी, उद्योपतियों ने नहीं। राहुल ने कहा कि भाजपा के राज में दो हिन्दुस्तान बन गए हैं। एक अमीरों का हिन्दुस्तान है जो चार्टर्ड प्लेन में उड़ते हैं, फाइव स्टार होटल में रहते हैं, कानून तोड़ते हैं और जमीन कब्जाते हैं। देश के 40 फीसदी लोगों के बराबर पैसा इनके पास है। विश्व में ऐसी असमानता कहीं नहीं दिखती है।
दूसरी ओर गरीब, मजदूर, किसान हैं जो बेरोजगारी, महंगाई की मार झेल रहे हैं और इनकी जमीनें कब्जाई जा रही हैं। राहुल ने साफ तौर पर कहा देश के लोगों को दो हिन्दुस्तान नहीं चाहिए। हमे ऐसा हिन्दुस्तान चाहिए जिनमें न्याय होता हो। बोले, कांग्रेस के समय में प्रधानमंत्री बात करते थे। इस सरकार में पीएम नहीं राजा है जो बात नहीं करते सीधे अपना निर्णय सुनाते हैं। उन्होंने किसान आंदोलन की बात दोहराते हुए कहा ठंड और कोविड के बीच किसान सड़कों पर पड़े थे, लेकिन राजा ने बात करने की कोई कोशिश नहीं की। वह मन की बात करते रहे। किसानों को अपने ऑफिस में बुलाते उनकी बात सुननी चाहिए थी।

हरिद्वार पहुंचने पर भी राहुल गांधी बीजेपी पर जमकर बरसे। कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड में विकास कार्यों को ठप कर दिया है। चुनावी वादा करते हुए गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही चार लाख लोगों को बेरोजगारों को नौकरी दी जाएगी। कहा कि एलपीजी सिलेंडर के दाम पांच रुपये से ज्यादा किसी भी हालत में नहीं बढ़ने दिए जाएंगे। गांधी ने बताया कि उत्तराखंड में ‘न्याय’ योजना भी चलाई जाएगी ताकि जरूरतमंदों को सालाना 40 हजार रुपयों की आर्थिक मदद की जा सके। चुनावी रैली के बाद राहुल गांधी ने गंगा पूजा भी की।
राहुल गांधी ने कहा कि यूपीए की सरकार में किसान-मजूदरों के डेलीगेशन अपनी मांगों को लेकर आते थे। यह लोग अपनी बात रखते थे। हर बार सरकार मांगों को नहीं मान सकती थी। अगर मांग ठीक नहीं लगती थी तो मना कर देते थे, लेकिन मांग ठीक लगती थी तो उसे मानते थे। यह बात नहीं करते हैं। इनके दरवाजे सिर्फ उद्योपतियों के लिए खुले हैं।

हरीश रावत का मिला आर्शीवाद, किया कार्यालय का उद्घाटन

ऋषिकेश विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गुमानीवाला ऋषिकेश में पहुंच कर कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर कांग्रेस जनों ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यालय का उद्घाटन कर हरीश रावत ने कहा कि ऋषिकेश में कांग्रेस भारी मतों से जीत रही है, पूरे प्रदेश में परिवर्तन की लहर है। हमें जिस प्रकार से आम जनमानस का प्यार और समर्थन मिल रहा है, वह ये दर्शाता है कि उत्तराखंड में परिवर्तन होना निश्चित है, क्योंकि जनता भाजपा की जन विरोधी नीतियों से परेशान हो गई है। महंगाई बेरोजगारी से त्रस्त है, ऋषिकेश विधानसभा एक महत्वपूर्ण सीट है मुझे पूर्ण विश्वास है कि ऋषिकेश की जनता कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी जयेंद्र रमोला को जिता कर विधानसभा में भेजने का काम करेगी। हरीश रावत ने जयेंद्र रमोला को चुनाव के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।
पूर्व मुख्यमंत्री का ऋषिकेश आगमन पर जयेंद्र रमोला खुशी से गदगद हो उठे उन्होंने कहा कि उनके लिए यह बड़े गौरव का विषय है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उनके चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। हरीश रावत कांग्रेश जनों को मार्गदर्शन देने का कार्य करते रहते हैं। रमोला ने कहा कि जनता से उन्हें भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है जिससे वहां ऋषिकेश में चुनाव जीतकर विधानसभा में कांग्रेस को मजबूती प्रदान करेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष शूरवीर सिंह सजवान, जयेंद्र रावत, मनोज गुसाईं, कैलाश सेमवाल, राम कुमार सेंघल, देवेंद्र बेलवाल संभू शंकर, धर्मेंद्र, धीरज, हीरा सिलस्वाल अरुण बिष्ट आदि मौजूद रहे।

हरीश रावत की कल से ताबड़तोड़ प्रचार अभियान की शुरुआत

विधानसभा चुनाव 2022 में लालकुआं में अपना किला कुछ मजबूत करने के बाद पूर्व सीएम हरीश रावत एक बार फिर चुनाव अभियान समिति के मुखिया की भूमिका में आ गए। प्रदेश के नेताओं के अपनी अपनी सीटों पर सिमट जाने के कारण कांग्रेस का प्रचार अभियान धीमा पड़ रहा था। रविवार से रावत पार्टी के उम्मीदवारों के प्रचार में सक्रिय रूप से जुट़ने जा रहे हैँ। कल रावत कुमाऊं मंडल में एक के बाद एक चार विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करेंगे।
रावत के मीडिया कोर्डिनेटर जसबीर सिंह रावत के अनुसार सुबह 9.50 बजे रावत देहरादून से हेलीकॉप्टर से रानीखेत रवाना होंगे। रानीखेत में पार्टी प्रत्याशी करन माहरा के समर्थन में सिरमौली में सभा करेंगे। फिर दोपहर 12.30 बजे से द्वाराहाट के चौखुटिया में कांग्रेस उम्मीदवार मदन बिष्ट के समर्थन में पदयात्रा करेंगे। दोपहर दो बजे सोमेश्वर में राजेंद्र बाराकोटी के समर्थन में जनसभा में रावत भाग लेंगे। इसके बाद तीन बजे अल्मोड़ा के बाड़ेछीना में पार्टी उम्मीदवार मनोज तिवारी के समर्थन में जनसभा करेंगे। दूसरी तरफ, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी अपनी अपनी सीटों से बाहर दूसरे क्षेत्रों में प्रचार को निकलेंगे। प्रीतम और गोदियाल भी कार्यक्रम तैयार कर रहे हैं।

एम्स ऋषिकेश में नियुक्तियों, दवा और मशीनों की खरीद में धांधली की जांच में जुटी सीबीआई

एम्स ऋषिकेश में सीबीआई की टीम ने पिछले तीन दिन से डेरा डाला हुआ है। सूत्रों के मुताबिक एम्स में नियुक्तियों, दवा और मशीनों की खरीद में धांधली की शिकायत पर सीबीआई जांच कर रही है। देर शाम तक एम्स प्रशासन इस मामले में कुछ भी कहने से बचता रहा।
जानकारी के मुताबिक वीरभद्र पशुलोक मार्ग पर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सीबीआई की चार टीमें पिछले तीन दिन से विभिन्न दस्तावेजों को खंगाल रही हैं। सीबीआई की छापेमारी की कार्रवाई से एम्स में हड़कंप की स्थिति है। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक एम्स में पिछले काफी समय से विभिन्न पदों पर नियुक्तियों से लेकर दवा और मशीनों की खरीद में धांधली की शिकायतें आ रही थी। इस पर सीबीआई ने औचक छापेमारी की कार्रवाई की है। हालांकि अभी तक किसी तरह की गड़बड़ी मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। छानबीन जारी है। जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सीबीआई टीम में निरीक्षक, उपनिरीक्षक से लेकर कांस्टेबल तक शामिल हैं।

राहुल गांधी पर हमलावर हुई भाजपा, कहा-ढ़ोंग बंद करे कांग्रेस

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौर में दिये वादों और दावों पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा कि यदि मनमोहन की सरकार का कार्यकाल गोल्डेन पीरियड था तो जनता ने उन्हे सत्ता से बाहर क्यों किया वो भी दो दो बार। पार्टी की तरफ से प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने सलाह देते हुए कहा कि कॉंग्रेस के घोषणापत्र को पहले उन्हे अपने राज्यों में लागू करवाना चाहिए।
सुरेश जोशी ने राहुल गांधी के आज के दौरे को उत्तराखंड की जनता को भरमाने वाला बताया। उन्होने सवाल करते हुए कहा कि एक तरफ हिन्दू और हिन्दुत्व पर सवाल खड़ा करने वाले राहुल माँ गंगा में डुबकी लगाकर सुविधावादी हिन्दू बनने की कोशिश करते हैं, दूसरी तरफ उनके ही नेता बंद कमरे में मुस्लिम यूनिवर्सिटी का वादा करते हैं। उन्होने कहा कि राहुल तो कांग्रेस के सर्वेसर्वा हैं क्यों नहीं वह अपनी राज्य सरकारों में सिलेन्डर के दाम 500 रुपए, 5 लाख रोजगार देने और अन्य तमाम अपने घोषणापत्र के वादे क्यों नहीं पूरा करवा देते हैं।
उन्होने राहुल के पीएम मोदी को राजा बताने वाले बयान पर जबाब देते हुए कहा कि राजशाही तो यूपीए सरकार में थी जब तत्कालीन प्रधानमंत्री भी दस जनपथ के सामने खड़े रहते थे, राजा राजकुमार तो कांग्रेस में पैदा होते हैं जहां गांधी उपनाम राष्ट्रीय अध्यक्ष होने की गारंटी होता है। उन्होने मनमोहन सिंह के कार्यकाल को गोल्डेन बताने वाली टिप्पणी पर व्यंग करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल तो स्वर्णिम था लेकिन सिर्फ और सिर्फ कॉंग्रेस के नेताओं के लिए और जिसकी रेटिंग 2014 के चुनावों में भारत की महान जनता दे चुकी है।