कांग्रेस के हुए ओमगोपाल रावत

टिहरी की नरेंद्र नगर विधानसभा सीट पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को भाजपा से टिकट मिलने के बाद से ही नाराज़ चल रहे भाजपा नेता ओम गोपाल रावत ने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया। दरअसल, कुछ दिनों पहले भी ओम गोपाल रावत ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थामने का ऐलान किया था और चुनाव लड़ने के ऐलान के साथ ही भाजपा से टिकट न मिलने पर कांग्रेस में जाने की बात कही थी। जिसके बाद आज, देहरादून कांग्रेस मुख्यालय में ओम गोपाल रावत ने कांग्रेस का दामन थामा।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस मुख्यालय में भाजपा नेता ओम गोपाल रावत को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। ऐसे में चर्चाएं है कि कांग्रेस पार्टी, ओम गोपाल को नरेंद्र नगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर सकती है। हालांकि, इसकी स्थिति कांग्रेस की तीसरी लिस्ट जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। वही, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि ओम गोपाल के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को इसका बड़ा फ़ायदा मिलेगा।

गृहमंत्री अमित शाह सहित तमाम बड़े नेता करेंगे उत्तराखंड में चुनाव प्रचार

देशभर में कोरोना के बढ़ते आंकड़ो के बीच चुनाव आयोग की ओर से छोटी जनसभाओं के लिए मिली छूट से राजनीतिक दल बेहद उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। अभी तक डिजिटल रैलियों के जरिए आम जनता तक पहुंचने के प्रयास में लगे राजनीतिक दलों के लिए यह किसी संजीवनी से कम नहीं है। उत्तराखंड की सत्ता पर काबिज भाजपा और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस दोनों की छोटी जनसभाओं की तैयारियों में जुट गए हैं।
बात करें राज्य की सत्ता पर काबिज भाजपा की तो वह एक बार फिर मोदी मैजिक की तैयारियों में जुट गई है। इसके तहत हर विधानसभा में प्रधानमंत्री की डिजिटल रैलियों की तैयारी हो रही है। दरअसल चुनाव आयोग ने नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनैतिक दलों को छोटी-छोटी सभाओं की इजाजत दी है। इसके तहत राजनैतिक दल अनुमति के साथ पांच सौ लोगों की जनसभा कर सकते हैं। राज्य में 28 जनवरी तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने है। इसके बाद राजनैतिक दल इस छूट के तहत छोटी सभाएं कर सकेंगे। इसी छूट का लाभ लेकर भाजपा अब नामांकन की प्रक्रिया खत्म होने के बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रधानमंत्री की वर्चुअल रैली आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत प्रधानमंत्री वर्चअल तरीके से वोटरों को संबोधित करेंगे और उन्हें सुनने के लिए अलग अलग स्थानों पर नियमों के अनुसार लोगों को एकत्र किया जाएगा।

गृहमंत्री अमित शाह सहित तमाम बड़े नेता करेंगे चुनाव प्रचार
पार्टी चुनाव प्रचार के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ ही अन्य बड़े नताओं को भी बुला रही है। इनके छोटे छोट कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें वर्चुअल तरीके से सभी स्थानों तक पहुंचाने के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रमुख स्थानों पर बड़े नेताओं के रोड़ शो आदि आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि इस संदर्भ में कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं और डेट फाइनल होते ही इस संदर्भ में कार्यक्रम भी जारी किए जाएंगे।

मदन कौशिक के नामांकन में पहुंचे सीएम धामी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद, भाजपा विधायक सुरेश राठौर और भाजपा विधायक आदेश चौहान मौजूद रहे।

पिछली बार से भी अधिक सीटें आने वाली हैं-मुख्यमंत्री धामी
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हम अपनी जीत के प्रति पूर्ण आश्वस्त हैं। हरिद्वार में हमारी पिछली बार से भी अधिक सीटें आने वाली हैं। नामांकन से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हर की पैड़ी पर पूजन भी किया। आगामी विधानसभा चुनावों के तहत उत्तराखंड में 28 जनवरी तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। वहीं नई टिहरी में धनौल्टी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रीतम सिंह पंवार और प्रतापनगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विजय सिंह पंवार उर्फ गुड्डू भाई ने नामांकन पत्र जमा किया। रुद्रप्रयाग में भाजपा प्रत्याशी भरत सिंह चौधरी ने भी मंगलवार को नामांकन भरा। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केदार सिंह रावत ने भी नामांकन कराया।

हरीश रावत के घर पहुंचे अंसतुष्ठ, प्रत्याशी बदलने की मांग

देहरादून से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत के घर के बाहर लोगों का बड़ा हुजुम उमड़ा है। ये लोग ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस का प्रत्याशी घोषित होने से नाराज बताये जा रहे है और टिकट बदलने की मांग कर रहे है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि हरीश रावत ने कुछ बड़े नेताओं को घर के अंदर बुलाकर बात भी की। लेकिन ऋषिकेश से आये नेताओं के सुर बदल नही रहे है। करीब 30 से 35 गाड़ियों में भरकर आये ये नेता हाईकमान तक अपनी बात पहुंचाने का रावत पर दबाब बना रहे है। सूत्रों के अनुसार, कल प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव के आने की खबर आ रही है। जिसके बाद कार्यकर्ताओं से बात की जायेगी। खबर लिखे जाने तक सभी कार्यकर्ता हरीश रावत के घर के बाहर डटे हुए थे।

ऋषिकेश में कांग्रेस का प्रत्याशी बदलने की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक

कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर जबरदस्त अंसतोष सामने आ रहा है। आलम यह है कि दो दावेदार पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला दोनों ही एक मंच पर आये। दोनों ने ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच खुला ऐलान किया कि वह मौजूदा फैसले के खिलाफ पहले राज्य स्तरीय आला नेताओं के पास जाएंगे। उसके बाद केंद्रीय नेतृत्व से गुहार लगाई जाएगी। इसके बाद भी सही निर्णय नहीं हुआ, तो आगे का फैसला लिया जाएगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस प्रत्याशियों की दूसरी सूची में ऋषिकेश विधानसभा का टिकट एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला को मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही दावेदार रहे शूरवीर सिंह सजवाण और राजपाल खरोला के समर्थक असंतुष्ट हैं। दोपहर बाद श्यामपुर स्थित एक वैडिंग प्वाइंट में जुटे कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ ने एक स्वर में इस फैसले का विरोध किया। इस दौरान दो बार कांग्रेस के प्रत्याशी रहे राजपाल खरोला ने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से भाजपा के गढ़ को ध्वस्त करने की कोशिश में जुटे हुए हैं, और आज जब समय आया तो एक ऐसा फैसला किया गया जिससे कांग्रेस को ही नुकसान होने का अंदेशा है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में अगर कांग्रेस हारी तो इसकी पीड़ा हमारे जैसे कार्यकर्ताओं को होगी। इसलिए हाईकमान को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। खरोला ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व यदि यह कह दे कि उनके इस फैसले से पार्टी की जीत सुनिश्चत है, तो वह कोई सवाल नहीं उठाएंगे। लेकिन पार्टी को एकबार फिर से ताजा सर्वे कराना चाहिए और उसके बाद फैसला लेना चाहिए।
पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व पर भरोसा है कि वह अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगा। कहा कि वह कार्यकर्ताओं और समर्थकों के मन की बात पहले राज्य और फिर केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाएंगे। तब भी निर्णय में बदलाव नहीं हुआ तो आगे कदम उठाने पर फिर से विचार करेंगे। वहीं इस मंच पर दोनों ही नेताओं के समर्थकों ने भी पार्टी को अपना फैसला बदलने की अपील की है।

प्रेमचन्द अग्रवाल ने नामांकन पत्र दाखिल किया

ऋषिकेश विधानसभा सीट से सोमवार को भाजपा के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान नामांकन कक्ष के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ दो लोग ही कक्ष में प्रवेश कर सके।
मंगलवार को तहसील मुख्यालय में नामांकन को लेकर हलचल रही। सुबह करीब 11.15 बजे लोकसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक तहसील परिसर पहुंचे। उन्होंने यहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनाव में एकजुट होकर कार्य करने की बात कही। इसी बीच 11.30 बजे भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल नामांकन के लिए पहुंचे। नामांकन कक्ष के बाहर तैनात पुलिस ने प्रत्याशी अग्रवाल और दो लोगों को अंदर जाने दिया। जबकि अन्य लोगों को नामांकन कक्ष से दूर कर दिया। भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने रिटर्निंग ऑफिसर अपूर्वा पांडेय के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रत्याशी के प्रस्तावक तारा चंद अग्रवाल ने बताया कि नामांकन पत्र की जांच के बाद उसे दाखिल कर लिया गया।
र्चा दाखिल करने के बाद बाहर आने पर सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान, बीडीसी अनिता राणा, प्रधान चकजोगीमाफी एसएस कैंतुरा, प्रधान खैरीखुर्द चंद्रमोहन पोखरियाल, अमित वत्स आदि ने फूल मालाओं से प्रत्याशी का स्वागत किया। वहीं, उत्तराखंड जनता पार्टी के प्रत्याशी अनूप सिंह राणा ने एक प्रस्तावक के साथ तहसील पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया।

भाजपा नेत्री और राज्य आंदोलनकारी ने खरीदा नामांकन पत्र
भाजपा नेत्री और राज्य आंदोलनकारी ऊषा रावत ने तहसील पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदा। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य के निर्माण में शहीद हुए आंदोलनकारियों के सपने के अनुरूप राज्य को बनाने के लिए राज्य की भावनाओं से जुड़े व्यक्ति को चुनाव में भागेदारी करनी चाहिए। इसके मद्देनजर उन्होंने नामांकन पत्र खरीदा है। वे चुनाव मैदान में उतरेंगी।

एकजुट होकर रमोला को जिताने का किया आह्वान

दिल्ली से ऋषिकेश विधानसभा सीट का टिकट लेकर मंगलवार शाम लौटे कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला का विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान रमोला ने पार्टी हित में सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
मंगलवार शाम कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला का हरिपुरकला, रायवाला, नेपालीफार्म, श्यामपुर, लक्कड़घाट, गुमानीवाला शहीद स्मारक, आईडीपीएल सिटी गेट, काले की ढाल आदि स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद रमोला सीधे ऋषिकेश में रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन पहुंचे। यहां भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया। कांग्रेस प्रत्याशी रमोला ने झंडा चौक स्थित प्राचीन भरत मंदिर में जाकर माथा टेका।
मौके पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव और गढ़वाल मंडल प्रभारी सोशल मीडिया दीपक जाटव, महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, जगजीत सिंह, अखिलेश मित्तल, मदन मोहन कोठारी, तेजपाल पंवार, अलका क्षेत्री, अंशुल त्यागी, राधा रमोला, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र पाल पाठी, अजय धीमान, सौरभ वर्मा, विवेक तिवाडी, शिवा सिंह, रामप्रकाश भटालिए, योगेश शर्मा, विमला रावत आदि शामिल रहे।

कांग्रेस 4 से 5 विधानसभाओं के बदल सकती है प्रत्याशी

उत्तराखंड कांग्रेस से आज की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है कि सोमवार को कांग्रेस ने जिन 11 विधानसभाओं में अपने प्रत्याशी घोषित किये थे उनमें 4 से 5 सीटों में बदलाव किये जाने के संकेत मिल रहे है। सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर आ रही है कि लगभग 4 से 5 सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी को बदल सकती है। सूत्र बताते हैं कि इनमें लालकुआं, कालाढूंगी, ऋषिकेश और डोईवाला विधानसभा में प्रत्याशियों के नामों में बड़ा बदलाव हो सकता है। वहीं, हरीश रावत की भी सीट भी बदले जाने की चर्चा है। इसके पीछे रणजीत रावत का चुनाव लड़ने का अडिग इरादा बताया जा रहा है। हालांकि कांग्रेस से जुड़े सूत्र बतातें है कि अगर हरीश रावत की सीट बदली गई तो चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा, जिसका सही संदेश नही जायेगा।

उत्तराखंड के चुनाव में किये गये वायदों को बघेल पहले अपने राज्य में लागू करे-कौशिक

कॉंग्रेस के आज से शुरू चुनावी कैम्पेन पर सवालिया निशान लगाते हुए भाजपा ने कहा कि जिस पार्टी के मुख्यमंत्री खुले आम कैमरे पर उत्तराखंड को लूटने का लाइसेन्स देते पकड़े गए हों वह अब बड़ी बेशर्मी से ‘चारधाम-चार काम’ के नारे दे रहे हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक ने आरोप लगाया कि कॉंग्रेस के जो प्रवासी नेता अपने घोषणापत्र में गैस सिलेंडर पर सब्सिडी देने, बेहतर स्वास्थ्य सुविदा, रोजगार वृद्धि और अन्य हवा हवाई दावे कर के गए हैं, उन्हे सबसे पहले इन तमाम वादों को सबसे पहले अपने-अपने राज्य की कॉंग्रेस सरकारों में लागू करके दिखाना चाहिए।
मदन कौशिक ने राज्य की जनता को चेताते हुए कहा कि अपने घोषणा पत्र कार्यक्रम में एक दूसरे को टोपी पहनाते नज़र आने वाले यही कोंग्रेसी जल्दी ही देवभूमि की राष्ट्रवादी जनता को टोपी पहनाने की कोशिश करते नज़र आने वाले हैं। कल तक साँप-नेवले, उज्याडु बैल, लोकतन्त्र का हत्यारा और भी न जाने कौन कौन सी उपमाओं से एक दूसरे को सुशोभित करने वाले नेता सत्ता के लालच में कोंग्रेसी की डूबती नांव में सवार हैं। इनका उद्देश्य चार धामों की इस पवित्र भूमि में चार नहीं बल्कि एक ही काम को करना है और वह है भ्रष्टाचार के नए-नए तरीकों से राज्य को लूटना। जो कॉंग्रेस अपने शासन के एक भी काम नहीं गिना पाती हो उसके चार काम के झूठे दावों पर जनता कतई भरोसा नहीं करने वाली है।
उत्तराखंड चुनाव के लिए कोंग्रेसी घोषणापत्र जारी करने वाले छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल को सबसे अपने राज्य में इन तमाम घोषणाओं को लागू करके दिखाना चाहिए। उन्होने आरोप लगते हुए कहा कि सबसे पहले तो कॉंग्रेस घोषणापत्र के सभी वादे झूठे है और उस पर कॉंग्रेस पार्टी की विश्वसनीयता भी शून्य है। लिहाजा उत्तराखंड की महान जनता इनके झांसे में नहीं आने वाली है और भाजपा के पक्ष में अपना मन बना चुकी है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल ने मोदी सरकार पर बोला हमला

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी पर मोदी सरकार मौन है। ये बात उन्होंने उत्तराखंड के देहरादून में कही। दरअसल, उन्होंने यहां उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी का कैंपेन थीम, कैंपेन सांग और उत्तराखंड स्वाभिमान चार धाम, चार काम का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के इंटरनेट मीडिया के व्हाट्सएप प्रोग्राम भी लांच किया।
राजपुर रोड स्थित एक निजी होटल परिसर में कांग्रेस के कैंपेन वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। कहा मंहगाई व बेरोजगारी पर मोदी सरकार मौन है। उत्तराखंड में बेरोजगारी का इंडेक्स राष्ट्रीय बेरोजगारी से भी अधिक है। यहां जनताने भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया। 70 में से 57 सीट भाजपा की झोली में डाली, लेकिन बदले में क्या मिला तीन-तीन मुख्यमंत्री, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, मंहगाई। अब उत्तराखंड की जनता भाजपा का असली चेहरा देख चुकी है।
छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तराखंड की जनता से वादा किया है कि सरकार बनने पर पांच सौ रुपये से कम का घरेलू गैस सिलेंडर दिया जाएगा। कहा कि महंगाई पर मार करने के लिए ठोस रणनीति बनाकर कार्य किया जाएगा। सिलेंडर के दामों पर लगाम लगाने के लिए इसे घोषणापत्र में भी शामिल किया गया है। कहा कि समाज का हर वर्ग महंगाई से त्रस्त है, ऐसे में जनता को कांग्रेस पर भरोसा कर जताना होगा, ताकि महंगाई कम की जा सके।
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बुनियादी सुविधाओं को विकसीत करने के लिए ठोस रणनीति बनाकर कार्य किया जागएा। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि सेवाओं और सुविधाओं पर फोकस कर कार्य किया जाएगा। बघेल ने भाजपा पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश और देश में महंगाई घटानी है तो भाजपा को हराना होगा। उत्तराखंड के लोगों से अपील की है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव-2022 में कांग्रेस प्रत्याशियों को वोट देकर भारी मतों से सदन में भेंजे, ताकि बढ़ती हुई महंगाई पर लगाम लगाया जा सके।