भाजपा से बदला लेने के लिए हरक सिंह रावत तैयार

पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत रविवार को देहरादून लौट आए। वह सोमवार को कांग्रेस के प्रचार अभियान से जुड़ेंगे। चौबट्टाखाल से चुनाव लड़ने की चर्चाओं की खबरों को उन्होंने सिरे से खारिज किया। कहा कि वे चुनाव लड़ेंगे या पार्टी के लिए प्रचार संभालेंगे, इसका फैसला पार्टी को लेना है। उनके या बहु अनुकृति के टिकट पर फैसला पार्टी को करना है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि वो सोमवार को कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रचार अभियान से भी जुड़ेंगे। वे पार्टी प्रत्याशियों के लिए खुलकर प्रचार करेंगे। कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए काम करेंगे। वे हर उस सीट पर प्रचार करेंगे, जहां उनका प्रभाव है। अपनी ओर से पूरा प्रयास करेंगे कि कांग्रेस भारी बहुमत से विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करे।
हरक सिंह रावत ने चौबट्टाखाल से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि उनकी ओर से किसी भी सीट पर चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं जताई गई है। उनका इस्तेमाल किस तरह किया जाना है, ये कांग्रेस पार्टी को तय करना है। उन्हें या अनुकृति को टिकट देने के सवाल पर कहा कि वे चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं है। ये पहले भाजपा को भी बता दिया गया था। अब कांग्रेस को भी बता दिया गया है।

कनक धनाई ने रायवाला में भी खोला चुनाव कार्यालय

उत्तराखंड जनएकता पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्याशी कनक धनाई के आज रायवाला में चुनाव कार्यालय का शुभारंभ एक बुजुर्ग के हाथो संपन्न हुआ। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सीमित लोगों ने उपस्थिति दर्शाकर कनक का स्वागत किया।
इस अवसर पर कनक धनाई ने अपने चुनावी अभियान को एक बार फिर लोगों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि यह मेरी मातृभूमि है और अपनी मातृभूमि के लिए युवाओं को अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र के विकास में चंद गिने चुने लोगों के हस्तक्षेप पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय विधायक आम लोगों की सुध नही लेते है। नही तो आज क्षेत्र में बेरोजगारी, महाविद्यालय का अभाव जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को भटकना पड़ता।
कनक धनाई ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करते हुए 15 साल के राज को समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता को एक बार युवा प्रत्याशी को मौका देना चाहिए। एक ही व्यक्ति के सत्ता में बने रहने से क्षेत्र का विकास नही हो पा रहा है। हमें क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए 15 साल के राज को समाप्त करने के लिए व्यवस्था परिवर्तन के लिए वोट करना है।
इस मौके पर स्थानीय लोगो ने कनक धनाई को आर्शीवाद देते हुए उनके राजनीतिक जीवन के मंगल की कामना की।

यह दिल्ली नहीं है, उत्तराखंड है, यहां आप का कोई अस्तित्व नही-हरीश रावत

उत्‍तराखंड में आम आदमी पार्टी (आप) को लेकर पूर्व मुख्‍यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि यहां तीसरी पार्टी के लिए कोई मौका नहीं है। पहले जो पार्टियां थीं, वह भी धीरे-धीरे गायब हो गई हैं। उत्‍तराखंड क्राति दल (उक्रांद) जिसका संघर्ष का इतिहास रहा है। लोगों ने उसे इतिहास की थैले में डाल दिया है। इसलिए यहां नई पार्टी के बारे में कोई सवाल नहीं है। उन्‍होंने कहा यह दिल्ली नहीं है। हरीश रावत ने कहा कि यह दिल्ली नहीं है, जहां लोग आएंगे, कुछ कहेंगे और हर जगह इसकी चर्चा होगी। उत्‍तराखंड की भौगोलिक स्थिति और सभी प्रकार की स्थितियों को समझना होगा। फिर नीति बनाने के लिए समय की जरूरत होती है। आप को वह समय देना होगा।
हरक सिंह रावत की कांग्रेस में वापसी पर हरीश रावत ने कहा कि यह अच्छा है कि वह पार्टी का हिस्सा हैं। पार्टी के भीतर निर्णय विभिन्न विचारों के आधार पर लिए जाते हैं। पार्टी हमेशा आगे देखकर निर्णय लेती है। पार्टी का निर्णय सर्वाेच्च होता है।

नए मतदाताओं से राज्य के नवनिर्माण में वोट देने की अपील

आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता (सेवानिवृत्त) कर्नल अजय कोठियाल ने नव परिवर्तन संवाद के दूसरे फेज में उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव में पहली बार वोट देने जा रहे मतदाताओं से संवाद किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की। कर्नल कोठियाल ने कहा कि युवा अपने कीमती वोट का उपयोग उत्तराखंड के नव निर्माण के लिए करें।
कर्नल कोठियाल ने कहा कि नए मतदाता पहली बार वोट देने जा रहे हैं तो वह अपना वोट मातृभूमि को समर्पित करें। आने वाला चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है। इस चुनाव में जनता ने वह कार्य करना है, जिसके लिए उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश से अलग किया गया था। कहा कि उत्तराखंड के लोग, भाजपा और कांग्रेस के बीच फंस कर रह गए, लेकिन दोनों ही दलों ने जनता को बेवकूफ बनाया। कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड नव निर्माण के सपने को पूरा करने के लिए संकल्पित है। अगर पार्टी सत्ता में आती है तो सभी गारंटी व वादे पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं को इस बात का विशेष ध्यान रखना है कि वह अपना वोट किसे और क्यों दे रहें हैं। कहा कि उत्तराखंड को आज नई राजनीति की जरूरत है। कहा कि आम आदमी पार्टी, उत्तराखंड को भाजपा और कांग्रेस से छुटकारा दिलाने का काम करेगी। कहा कि युवाओं से मैं उत्तराखंड की तरक्की के लिए वोट मांगने आया हूं। अब उत्तराखंड को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन आ चुका है। 14 फरवरी को होने वाले चुनाव में अपने वोट का उपयोग जरूर करें।

उत्तराखंड में आप पार्टी के सीएम फेस हैं कोठियाल
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल आम आदमी पार्टी का सीएम चेहरा हैं। राज्य के दौरे पर आए दिल्ली के सीएम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने ये घोषणा की थी। पार्टी ने सबसे पहले उत्तराखंड में ही सीएम के चेहरे का ऐलान किया था।

कर्नल विजय रावत ने केन्द्र सरकार के कार्यो को बताया बेहतर

दिवंगत सीडीएस जनरल विपिन रावत के भाई और हाल में ही भाजपा में शामिल सेवानिर्वित कर्नल विजय रावत ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि पीएम मोदी की लीडरशिप और भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रभावित होकर वह पार्टी में आए हैं। उन्होने बताया कि वह लंबे समय से स्वास्थ्य कारणों से समाज में कार्य करने में अक्षम रहे लेकिन अब रजीनीति के माध्यम से प्रदेशवासियों और देश की सेवा के लिए वह तत्पर हैं।
इस अवसर पर कर्नल रावत ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्धारा भारतीय सेना के सम्मान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए है। चाहे दशकों से लंबित वन रैंक वन पेशंन का लाभ पूर्व सैनिकों को दिलाने की बात हो, चाहे भारतीय सेना के आधुनिकीकरण के लिए नए-नए साजो सामान मुहैया कराने की बात हो जिसमें आधुनिक तकनीक के साथ-साथ राफेल जैसे अत्याधुनिक विमान सेना को सुर्पुद कराया। मोदी ने देश की सीमाओं पर तैनात जवानो की जरूरत को समझा और उन्हे आधुनिकतम साझो-सामान से लैस किया। उन्होने कहा कि एक समय ऐसा था, सेना के अधिकारियों को सीमा पर तत्काल दुश्मन का जबाब देने के लिए भी दिल्ली की और देखना पड़ता था, लेकिन अब उन्हे मुंह तोड़ जबाब देने का पूरा अधिकार मिला हुआ है। मोदी ने सेना में महिलाओं को बराबरी का अधिकार देते हुए स्थायी कमीशन के साथ महिलाओ की भर्ती बढाई गई।
उन्होने कहा कि हमारा प्रदेश दो-दो सीमावर्ती देशो से लगा हुआ है। ऐसे में अपनी सीमाओं की मजबूती के लिए भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत सड़कों का जाल विछाया जा रहा है। देश में शहीदों को सही सम्मान देने का काम भी कारगिल युद्ध के समय से ही अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने शुरू किया। इस मौके पर उन्होने प्रदेश के पूर्व सैनिको व सैनिक परिवारों व उत्तराखण्ड की जनता से विनम्र आग्रह है कि प्रधानमंत्री मोदी ने सैनिको व देश की रक्षा के लिए जो कार्य किये हैं वह हमारे देश का मान सम्मान बढाने वाले है। इसलिए समय की मांग है कि प्रदेश को विकास, सुरक्षा और समृद्धि देने के लिए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अधिक से अधिक मतदान से जिताना आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता सुरेश जोशी, बद्री केदार मंदिर समिति अध्यक्ष अजयेन्द्र अजय, राजीव तलवार, अजीत नेगी, हरीश चमोली समेत अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

घन्ना भाई ने अग्रवाल को चुनाव प्रचार करने का आश्वासन दिया

विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो चुकी है ऐसे में जनसंपर्क कर अपने पक्ष में वोट डलवाने के लिए हर प्रत्याशी प्रयत्नशील है। विधानसभा अध्यक्ष और ऋषिकेश के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल नियमित रूप से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कर विकास के नाम पर वोट डलवाने की अपील कर रहे हैं।
आज अग्रवाल के ऋषिकेश कोयल घाटी स्थित निजी आवास पर अपना सहयोग देने के लिए अनेक महानुभाव पहुंचे जिसमें पूर्व राज्य मंत्री घनानंद उर्फ घन्ना ने विधानसभा अध्यक्ष के निजी आवास पर पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंटकर उन्हें हर प्रकार से सहयोग देने का आश्वासन दिया।
घन्ना भाई ने कहा है कि वह चुनाव के दौरान भी ऋषिकेश विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए भी आएंगे। उन्होंने कहा कि अग्रवाल जैसे साफ-सुथरी छवि वाले व्यक्ति को विधानसभा में पहुंचना चाहिए ताकि प्रदेश का विकास निष्कंटक रूप से चलता रहे। इस अवसर पर अग्रवाल ने तमाम लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि चुनाव में हर व्यक्ति सहयोग करें।

चुनाव आयोग ने प्रचार के लिए आज कुछ और ढील दी

देश में पांच चुनावी राज्यों में अभी रैलियों और सभाओं पर बैन नहीं हटाया जाएगा। चुनाव आयोग ने कोरोना के हालात की समीक्षा के बाद शनिवार को यह फैसला लिया है। आयोग ने रैलियों-सभाओं पर बैन 31 जनवरी तक बढ़ाया है।
8 जनवरी को पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद चुनाव आयोग ने 15 जनवरी तक रैलियों और जनसभाओं पर रोक लगाई थी। कहा था कि रिव्यू के बाद फैसला लेंगे। 15 जनवरी को रिव्यू के बाद बैन 22 जनवरी तक बढ़ा दिया गया था।

आयोग ने बैन के साथ कुछ ढील भी दी
1. आयोग ने डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए लोगों की संख्या 10 कर दी है, पहले यह 5 थी।
2. फेज वन के लिए राजनीति दलों या प्रत्याशियों की बैठक तय की गई खुली जगह पर 500 लोगों की लिमिट के साथ या गाइडलाइंस के मुताबिक ग्राउंड की क्षमता का 50ः की जा सकती है। यह 28 जनवरी से 8 फरवरी तक हो सकेंगी। फेज टू के लिए यह छूट एक फरवरी से 12 फरवरी तक रहेगी।
3. इनडोर मीटिंग के लिए लोगों की लिमिट 300 या गाइडलाइंस के मुताबिक हॉल की क्षमता का 50ः तय की गई है।
4. वीडियो वैन का प्रचार के लिए इस्तेमाल खुली जगहों पर किया जा सकता है। खुले स्थान पर वैन को देखने वाले 500 से ज्यादा या गाइडलाइंस के मुताबिक जगह की क्षमता का 50ः से ज्यादा नहीं हो सकते। इस दौरान ट्रैफिक और लोगों को कोई बाधा नहीं होनी चाहिए।

हरदा ने माफी के बाद ही दी कांग्रेस में हरक सिंह को एंट्री

हरक सिंह रावत की कांग्रेस में एंट्री हो चुकी है लेकिन यह एंट्री ऐसे ही नहीं हुई है। हरक सिंह रावत ने बकायदा माफीनामा लिखकर दिया है। हरक सिंह ने जनता से क्षमा याचना भी की और यह भी कहा कि हरीश रावत सरकार के आसपास भी बीजेपी की सरकार नहीं रही। आप भी पढ़े क्या कहा हरक सिंह रावत ने।
भाजपा नेताओं ने 2014 लोकसभा चुनावों में जनता से बहुत बड़े-2 वायदे कर “अच्छे दिनों” के सपने दिखाए। जनता से भाजपा ने वायदे किए थे कि महंगाई कम होगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा, विदेशों से काला धन लाकर हर व्यक्ति को 15-15 लाख देंगे आदि। हमें व उत्तराखण्ड की महान जनता को भरोसा दिलाया कि डबल इंजन की सरकार बनने पर ये तमाम किए गए वायदों के साथ “पहाड़ों की जवानी व पहाड़ों का पानी” बर्बाद न होने देने का वायदा भी इन वायदों की इस सूची में जोड़ दिया। इन वायदों से मुझे उम्मीद जगी कि उत्तराखण्ड में पलायन की समस्या, बेरोजगारी व शिक्षा स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी भी दूर करने में केंद्र सरकार से विशेष सहायता मिलेगी।
भाजपा नेताओं ने 2016 में भी मुझे भरोसा दिलाया कि उत्तराखण्ड में भाजपा सरकार बनने पर तमाम समस्याओं को सुलझाने में केंद्र सरकार से विशेष सहायता मिलेगी। यही वायदे दोबारा 2017 के विधानसभा चुनावों में भी दोहराए गए। 2017 चुनावों में भाजपा सरकार बनने पर मैं इन वायदों को पूरा करने के लिए भाजपा के शीर्ष नेताओं से बार-२ आग्रह करता रहा जिसे हर बार यह कहकर टालते रहे कि विचार-विमर्श चल रहा है। सरकार का कार्यकाल समाप्त होने पर भी ये तमाम वायदे पूरे नहीं हुए और ये वायदे सिर्फ “जुमले” साबित हुए। भाजपा के मुख्यमंत्री बदलने से उम्मीद जगती थी जो कुछ समय में धूमिल हो जाती गई। सरकार का कार्यकाल समाप्त होने के समय भी मैंने बार-२ भाजपा नेताओं को आगाह किया कि चुनावी वायदों को पूरा करो लेकिन जब कोई सकरात्मक कार्यवाही नहीं हुई तो अंततः मैंने भाजपा को छोड़ने का फैसला ले लिया।
आज मैं जब पूर्व की घटनाओं का अवलोकन कर रहा हूँ और भाजपा व पूर्व कांग्रेस सरकार का तुलनात्मक अध्ययन कर रहा हूँ तो इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि उत्तराखण्ड की समस्याओं को सुझाव उत्तराखण्ड के चहुंमुखी विकास में कांग्रेस की सरकारों का बेहतरीन योगदान रहा है। पूर्व की इन घटनाओं के अवलोकन से ऐसा महसूस होता है कि कांग्रेस छोड़ने का फ़ैसला मेरे राजनैतिक जीवन की सबसे बड़ी भूल थी जिसके लिए मैं कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ताओं व नेताओं तथा उत्तराखण्ड की महान जनता से क्षमायाचना करता हूँ।
उत्तराखण्ड के विकास में हरीश रावत के नेतृत्व वाली सरकार के आगे भाजपा सरकार दूर-२ तक भी कहीं मुकाबला नहीं कर पाई। जनता से झूठे वायदे कर ठगने वाली व लोकतंत्र को अपमानित करने वाली भाजपा ने आगामी चुनावों में वोट मांगने का नैतिक अधिकार भी खो दिया है। आज मुझे अहसास हुआ कि उत्तराखण्ड का तभी भला होगा जब उत्तराखण्ड में पूर्ण बहुमत की स्थिर सरकार बनेगी। इसीलिए मैं कांग्रेस सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करूँगा ताकि जो सपने उत्तराखण्ड बनाने वाले आंदोलनकारियों ने देखे थे वो पूरा हो सकें। 2016 में भाजपा ने कांग्रेस सरकार को अस्थिर कर अपनी सरकार बनाने के लिए कांग्रेस विधायकों दुरुपयोग किया और लोकतंत्रात्मक तरीकों को तार-2 कर दिया था।

न्याय के देवता गोल्ज्यू के दरबार में पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चितई गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश को कोरोना मुक्त बनाने के लिए प्रार्थना की। साथ ही अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल का निरीक्षण कर कोरोना से निपटने को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी ली।इसके अलावा कार्यकर्ताओं से भाजपा के प्रत्याशी कैलाश शर्मा समेत अन्य प्रत्याशियों को भी विजयी बनाने के लिए प्रयास तेज करने की अपील की।
शुक्रवार को सीएम धामी चितई गोल्ज्यू मंदिर गए। वहां पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मीडिया से कहा लोकतंत्र का पर्व है। दूसरी ओर महामारी की आशंका है। इसको देखते हुए लोक देवता गोल्ज्यू से हम पर कृपा बनाए रखें और पूरे प्रदेश में सुख व समृद्धि बनी रहे। इसके बाद उन्होंने बेस अस्पताल का दौरा किया और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा से कोरोना को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा आचार संहिता के साथ ही कोविड के खतरे से जनता को बचाने की जरूरत है। कहा पीएम मोदी कुछ दिन पहले समीक्षा भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा पिछले दिनों एसटीएच हल्द्वानी का दौरा किया था।
अस्पतालों में बच्चों के लिए बेड तैयार किए जा रहे हैं। जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरा ध्यान रखा जा रहा है। हर विभाग के नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। सरकार आचार संहिता के साथ ही जनता की जानमाल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह संजीदा है। इधर, सीएम ने भाजपा प्रत्याशी कैलाश शर्मा की मौजूदगी में स्थानीय होटल में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।कहा आम जनता तक इनको ले जाना होगा। कहा कोरोना के चलते सभाओं को आयोजन नहीं हो रहा है। वर्चुअल माध्यम से भाजपा सरकारों को काम को जनता तक पहुंचा रही है। यहां जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, महेश नयाल, राजेंद्र भंडारी, पूर्व जिपं अध्यक्ष मोहन सिंह महरा, द्वाराहाट के प्रत्याशी अनिल शाही रहे।

विस उपाध्यक्ष चौहान सहित दावेदार नहीं पहुंचे
सीएम पुष्कर सिंह धामी के शुक्रवार को अल्मोड़ा दौरे के दौरान भाजपा के टिकट के दावेदार मौजूद नहीं रहे। यही नहीं विस उपाध्यक्ष अल्मोड़ा के विधायक रघुनाथ सिंह चौहान भी उपस्थित नहीं रहे। सीएम धामी से इस पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा नाराजगी जैसी कोई बात नहीं हैं। उनका कार्यक्रम जल्दी में बना और सभी को सूचना नहीं दी जा सकी। यह जरूरी भी नहीं है सब यहां मौजूद रहें। इससे पहले एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा जिले से लेकर प्रदेश से लेकर जिनके नाम भेजे गए थे। उनको टिकट मिला है। एक प्रत्याशी ही चुना जा सकता है। कहा बची हुई सीट के प्रत्याशी जल्द घोषित हो जाएंगे। जनता भाजपा के अबकी बार साठ पार के संकल्प को पूरा करेगी।

टिकट वितरण से नाराज कार्यकर्ताओं ने दिये सामूहिक इस्तीफे

भारतीय जनता पार्टी के टिकट वितरण के बाद भीमताल विधानसभा में बगावत की शुरुआत हो गई है। भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष व नैनीताल के भाजपा जिलाध्यक्ष रह चुके मनोज साह समेत 300 कार्यकर्ताओं ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। सभी ने अपने-अपने इस्तीफे प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को भेजे हैं।
वहीं पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष मनोज साह ने कार्यकर्ताओं की राय के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। साह ने शुक्रवार को अपने 300 से अधिक समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। साह ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा से ऐसे उम्मीदवार को टिकट दिया है जो कुछ माह पूर्व ही भाजपा में शामिल हुआ है। साह ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता को टिकट न देकर मनोबल तोड़ने का काम किया है। इससे आहत होकर वह और सैकडों पदाधिकारियों ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें निर्दलीय चुनाव लड़ाने का ऐलान किया है।
साह ने कहा कि वह अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। साथ ही जीत हासिल कर पार्टी को अपनी पकड़ दिखाएंगे। वहीं कार्यकर्ताओं ने भी साह को निर्दलीय चुनाव लड़ाने की बात कही है। ज्ञापन में धारी मंडल अध्यक्ष कैलाश गुणवंत, आलम सिंह नगदली, हिरेश सिंह बिष्ट, इंद्र कुमार मेलकानी, कुंदन सिंह, देवेंद्र सिंह, पान सिंह, रविंद्र कर्नाटक समेत सैकेंडों लोगों के हस्ताक्षर है।