उत्तराखंड में 1 फरवरी से राजनीतिक दल कर सकेंगे चुनावी रैली

कोविड संक्रमण के बीच चुनाव आयोग ने एक बार फिर राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों को कुछ राहत दी है। आयोग ने यह तय कर दिया है कि एक फरवरी से 12 फरवरी तक राजनीतिक दल या नेता अपनी जनसभाएं कर सकेंगे। दूसरी ओर, आयोग ने राजनीतिक दलों को खुले मैदान में अधिकतम 500 लोगों की मौजूदगी में वीडियो वाहन से प्रचार की अनुमति दे दी है।
लगातार बढ़ रहे कोविड संक्रमण के बीच चुनाव आयोग ने उत्तराखंड में सभी दलों, नेताओं की फिजिकल रैलियों, रोड शो पर रोक 31 जनवरी तक बढ़ा दी है। आयोग ने दलों व प्रत्याशियों को एक फरवरी से 12 फरवरी के बीच जनसभाएं करने की इजाजत दी है। ये जनसभाएं खुले स्थान पर करनी होंगी, जिनमें अधिकतम 500 या उस ग्राउंड की क्षमता के 50 प्रतिशत लोग ही शामिल हो सकेंगे।
वहीं आयोग ने डोर-टू-डोर प्रचार में भी राहत दी है। आयोग ने अब पांच के बजाए दस लोगों के साथ डोर-टू-डोर प्रचार की अनुमति दे दी है। चुनाव आयोग की ओर से जारी गाइडलाइंस के मुताबिक, कोई भी राजनैतिक दल या प्रत्याशी किसी भी खुले स्थान पर वीडियो वाहन की सहायता से प्रचार कर सकता है। यहां भी अधिकतम 500 या उस मैदान की क्षमता के 50 प्रतिशत लोग ही शामिल हो सकेंगे।

11 मरीजों की मौत, सक्रिय केस 31 हजार पार

उत्तराखंड में बीते 24 घंटे के भीतर 3064 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। जबकि 11 मरीजों की मौत हुई है। सोमवार को सक्रिय मामले भी 31 हजार पार हो गए हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 403465 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सोमवार को देहरादून में 870, हरिद्वार में 485, नैनीताल में 243, ऊधमसिंह नगर में 529, अल्मोड़ा में 148, चमोली में 169, टिहरी में 58, पौड़ी में 306, बागेश्वर में 67, पिथौरागढ़ में 37, रुद्रप्रयाग में 25, उत्तरकाशी में 99 और चंपावत जिले में 28 संक्रमित मिले हैं।
अब तक 7491 मरीजों की मौत हो चुकी है। 2985 संक्रमित ठीक हुए हैं। इन्हें मिला कर 356331 मरीजों ने संक्रमण को मात दी है। वर्तमान में 31280 सक्रिय मरीजों का अस्पतालों और होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। प्रदेश की रिकवरी दर 88.32 प्रतिशत और संक्रमण दर 11.76 प्रतिशत दर्ज की गई है।

सरकारी दफ्तरों में तेजी से पैर पसार रहा कोरोना
हरिद्वार में सरकारी दफ्तरों में कोरोना तेजी से पैर पसार रहा है। अधिकारियों-कर्मचारियों के पॉजिटिव होने से सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है। नया साल शुरू होते ही जनवरी के पहले सप्ताह से कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट की दस्तक और तीसरी लहर की आशंका के बीच बड़ी संख्या में संक्रमित सामने आ रहे हैं। 23 जनवरी को अधिकतम 961 केस सामने आ चुके हैं। सरकारी दफ्तरों में बड़ी तेजी से कोरोना पैर पसार रहा है।
आए दिन कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं। 21 जनवरी को 45 सरकारी कर्मचारी पॉजिटिव मिले थे। 22 जनवरी को कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 68 हो गई। 23 जनवरी को तो अब तक सबसे अधिक 178 सरकारी कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। नगर निगम हरिद्वार में अकेले लगभग सौ कर्मचारी और दो सहायक नगर अधिकारी संक्रमित हो चुके हैं। विकास भवन में भी करीब 50 कर्मचारी हाल ही में संक्रमित पाए जा चुके हैं। सेल टैक्स विभाग में भी लगभग 20 कर्मचारी पॉजिटिव हो चुके हैं। 23 जनवरी को जिला कोर्ट में भी जिला जज समेत 75 कर्मचारी-अधिकारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इससे ये सरकारी विभाग कोरोना के हॉट-स्पॉट बनते जा रहे हैं। सीएमओ डा. कुमार खगेंद्र सिंह का कहना है कि कर्मचारियों के पॉजिटिव मिलते ही उन्हें होमआइसोलेट कर जरूरी उपचार शुरू कर दिया जाता है।

कांग्रेस ने 11 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की

सूत्रों के हवाले से उत्तराखंड से आज की बड़ी खबर। आज हुई सीईसी की बैठक में इन नामों पर लगी मोहर, सूची हुई जारी

डोईवाला- मोहित उनियाल शर्मा
कैंट- सूर्यकांत धस्माना
ऋषिकेश- जयेंद्र रमोला
ज्वालापुर- बरखा रानी
झबरेड़ा- वीरेंद्र जाती
खानपुर- सुभाष चौधरी
लक्सर- अंतरिक्ष सैनी
रामनगर- हरीश रावत
लालकुआं- संध्या डालाकोटी
कालाढूंगी- डॉ0 महेंद्र पाल
लैंसडौन- अनुकृति गुसाईं

योगेश जोशी के सोशल ग्रुप का लोगों को मिल रहा फायदा

जैसा कि आज के समय मे सोशियल मीडिया का प्रयोग करना हमारी दिनचर्या बन गयी है पर उसमे से कुछ बिरले लोग इसका सही सदुपयोग कर के लोगो के लिए लाभदायक बना रहे है। ऐसे ही मिसाल पेश की है योगेश जोशी जो मूलरूप से ग्राम अमस्यारी (गरुड़) जिला बागेश्वर तथा वर्तमान में हल्द्वानी में रहते है। इन्होंने 5 वर्ष पूर्व फेसबुक व व्हाट्सअप में ’कुमाउनी रिश्ते’ नाम से एक ग्रुप बनाया जिसका मुख्य उद्देश्य है निशुल्क रूप से विवाह हेतु जीवन साथी की तलाश करना है।

क्योंकि आज समाज मे सबसे बड़ी समस्या है कि जब बच्चे विवाह के लायक हो जाते है तो अभिभावकों को रिश्ते तलाशने में बहुत सी परेशानी आती है पहले के समय तो रिश्तेदारी में ही आसानी से रिश्ते मिल जाते थे पर आज स्थिति कुछ अलग है तो इस कारण अभिभावकगण रिश्तों की तलाश के लिए मैरिज ब्यूरो, विवाह से जुड़ी वैबसाइडो या अन्य साधनों से रिश्ते ढूढते है जिस कारण उनका समय व धन खर्च होता है और कई बार ठगी के शिकार भी हो जाते है। इसी को ध्यान में रखकर योगेश जोशी ने फेसबुक व व्हाट्सअप में कुमाउनी रिश्ते नाम का ग्रुप बनाया जो कि वैवाहिक रिश्ते कराने में एक विशाल मंच का रूप ले रहा है तथा लोगो को घर बैठे आसानी से रिश्ते तलाशने में सहायता मिल रही है।
इस ग्रुप में अभी तक 23 हजार से अधिक लोग जुड़े है तथा 160 से अधिक वैवाहिक रिश्ते इस मंच द्वारा तय हो चुके है। वैवाहिक रिश्ते के अलावा इस ग्रुप में समय रहते लोगो को व्रत, पर्व, त्योहारों की जानकारी, जन्मकुंडली मिलान से संबधित विषय मे जानकारी, विवाह आदि शुभकर्मों में मुहूर्त का महत्व व आज लोगो द्वारा मुहूर्त की अनदेखी करना तथा विवाह में स्वागत द्वार पर रिबन काटने जैसी कुप्रथा का विरोध आदि विषयों पर अपने लेख द्वारा लोगो को जागरूक करने की कोशिश की है।

नेताजी का योगदान देश कभी नही भूल सकता-सीएम

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आजादी के महानायक क्रांतिकारी व आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की 125 वीं जयंती पर उनका भाव पूर्ण स्मरण किया। उन्होंने कहा कि नेता जी को श्रद्धांजलि देने के क्रम में आज दिल्ली इण्डिया गेट पर मोदी सरकार के नेता जी की आभासी प्रतिमा अनावरण को ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी का देश को आजादी में दिलाने में दिए योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। अंग्रेज़ों के क्रूर शासन में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की निडर देशभक्ति ने अधीन भारतीयों में सोये विश्वास को जगाया। विलक्षण प्रतिभा के धनी नेताजी ने युवाओं में आजादी की क्रांति की ज्वाला जगाकर व निर्भीक होकर अंग्रेज़ों के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा दी। नेता जी के तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा, व जय हिन्द जैसे नारों ने पूरे देश में आजादी की क्रांति का बिगुल फूंक दिया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा निर्देश में देश के अंदर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की सबसे बड़ी मूर्ति व म्यूजियम भाजपा सरकार ने गुजरात में बनाई है। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

चुनाव अभियान को गति देते हुए भाजपा ने रवाना किए प्रचार वाहन

केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय में एलईडी प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर धामी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में प्रदेश आज प्रगति में नये-नये प्रतिमान स्थापित कर रहा हैं। उन्होने कहा कि हम मोदी की प्रेरणा के अनुरूप 2025 रजत जयंती वर्ष से पूर्व ही उत्तराखंड का दशक बनाने जा रहे है।
बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा में चुनाव वैन के जरिये प्रचार का शुभारंभ कर रही है। उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार का लाभ सबको दिखाई दे रहा है। हम मोदी के मूल मंत्र, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास को अंगीकार करते हुए गांवों के विकास, गरीबों के उत्थान, किसानों की खुशहाली, युवाओं के रोजगार और मातृशक्ति की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने विकास सबका किया, लेकिन तुष्टिकरण के लिए कोई जगह नहीं है। हम इसी संकल्प के साथ एक बार फिर जनता जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए प्रचार में निकल रहे हैं।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कार्यक्रम संयोजक ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल प्रदेश, कार्यालय सचिव कौत्सुभानन्द जोशी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, प्रदेश चुनाव सह प्रभारी आरपी सिंह समेत अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भाजपा ने दिखाई एकजुटता, प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार अभियान की रणनीति बनाई

विधानसभा अध्यक्ष और ऋषिकेश से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने शहरी क्षेत्रों में विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। जनसंपर्क के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भाजपा के पक्ष में मत डालने की अपील की।
इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास के कार्य हुए हैं और विकास के बल पर भारतीय जनता पार्टी बहुत बड़े अंतर से ऋषिकेश में चौथी बार विजय का परचम लहराएगी। अग्रवाल ने कहा कि उनके द्वारा इन 5 सालों में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किए गए कार्यों पर आधारित पुस्तिका में कार्यों का लेखा-जोखा है, जो उन्होंने जनसंपर्क के दौरान लोगों को वितरित की।
इस दौरान संदीप गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए सीमित संख्या में टोली बनाकर कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार की जन उपयोगी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य कर रहे है।
नगर निगम ऋषिकेश की महापौर अनीता ममगाईं ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा सहित संपूर्ण प्रदेश में माहौल भाजपा के पक्ष में है कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह है और इसी का परिणाम है कि प्रदेश में एक बार पुनः भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
कृष्ण कुमार सिंघल ने कहा कि ऋषिकेश की विजय के साथ प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को एकजुट होकर चुनाव मे जुट जाने की आवश्यकता है।
जितेंद्र अग्रवाल ने कहा कि संपूर्ण प्रदेश सहित ऋषिकेश विधानसभा में भी प्रत्येक क्षेत्र में विकास के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं जिसका लाभ स्थानीय जनमानस को मिल रहा है।
सरोज डिमरी ने कहा कि प्रदेश में पुष्कर धामी और देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं और उनके बल पर ही ऋषिकेश में और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी जीत का परचम लहरा रही है। भारतीय जनता पार्टी बहुत बड़े अंतर से जीत दर्ज कराएगी।
संजय शास्त्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में हर वर्ग हर जाति एवं हर समुदाय को लाभान्वित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं जिसका लाभ चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है।
इस अवसर मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, चरणजीत लाल ढींगरा, जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, रविंद्र राणा, मनोज ध्यानी, पार्षद शिव कुमार गौतम, प्रदीप कोहली उपस्थित रहे।

कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रमुख ने भाजपा सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

उत्तराखंड युवा कांग्रेस सोशल मीडिया के प्रदेश अध्यक्ष गौतम नौटियाल ने प्रदेश की डबल इंजन वाली भाजपा सरकार को चौतरफा घेरते हुए कहा कि सरकार ने 5 साल में तीन मुख्यमंत्री देकर यह साबित कर दिया कि उसे विकास से कोई भी सरोकार नहीं है।
गौतम नौटियाल ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी व विकास विरोधी होने के साथ ही उत्तराखंड का विरोधी होने का गंभीर आरोप भी लगाया और कहा कि डबल-इंजन वाली भाजपा सरकार ने प्रदेश में कोई भी विकास कार्य नहीं किया, बल्कि राज्य को पलायन तथा विनाश की दिशा में धकेलने का काम किया है, जिसे उत्तराखंड की जनता भूलने वाली नहीं है। युवा कांग्रेस सोशल मीडिया के प्रदेश अध्यक्ष गौतम नौटियाल ने यह भी कहा कि केंद्र की मोदी सरकार तथा राज्य की डबल-इंजन वाली भाजपाई सरकारों ने प्रदेश की भोली-भाली जनता को दुख दर्द देने का काम किया। उसने महिलाओं का अपमान किया, जनता की महंगाई से कमर तोड़ कर रख दी, बेरोजगारों को रोजगार न देकर उन्हें डिप्रेशन में पहुंचाने का काम किया है। इसके अलावा राज्य को बदहाली के रास्ते पर पहुंचाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। नौटियाल ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार पलायन एवं चारों ओर फैली हुई जनसमस्याओं की जननी भाजपा सरकार ने सिर्फ स्वार्थों की सिद्धि की है और जनता को विकास करने के नाम पर छलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विधान सभा चुनाव-2017 में राज्य की जनता ने पूर्ण बहुमत देकर भाजपा को सत्ता सौंपी थी, लेकिन सर्वप्रथम एक ऐसे चेहरे को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया, जो कि पहले से ही बड़े घोटाले में सलिप्त रहा यह घोटालेबाज चेहरा त्रिवेंद्र सिंह रावत का ही रहा है।
गौतम नौटियाल ने कहा कि प्रदेश में पूर्व सरकार के दौरान कृषि मंत्री रहे त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक बहुत बड़ा बीज घोटाला किया था लेकिन 2017 के चुनाव में इस दागी चेहरे को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाकर उतार दिया गया, जिसने कुर्सी पर बैठकर विनाश ही किया तथा जनता को दुख दर्द देने का काम किया है। अपने चेहरे को छुपाने के लिए ही अब त्रिवेंद्र सिंह रावत ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है।
कांग्रेस सोशल मीडिया के प्रदेश अध्यक्ष नौटियाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में चेहरे पर चेहरा भाजपा आलाकमान ने बदला और प्रदेश के खजाने को चारों तरफ से लूटने का काम किया है, जिसका जवाब 14 फरवरी को होने जा रहे मतदान में प्रदेश की जनता भाजपा को देने जा रही है और उसे करारा जवाब दिया जाएगा। गौतम नौटियाल ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का सूपड़ा साफ होने जा रहा है और कॉन्ग्रेस को रिकॉर्ड तोड़ सीटें हासिल होंगी तथा वह सत्ता में बैठकर उत्तराखंड का अवरुद्ध पड़ा विकास करने के साथ ही जनता में खुशहाली लाने का काम निश्चित रूप से करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा का सफाया करने के लिए बेताब होकर बैठी हुई है।

नेताजी की जयंती पर क्रेजी फेडरेशन संस्था के सदस्यों ने दी श्रद्धांजलि

क्रेजी फेडरेशन संस्था की ओर से आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संस्था के सदस्यों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
रविवार को मुनिकीरेती स्थित ओंकारानंद इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट आफ टैक्नोलॉजी संस्थान में क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के चित्र समक्ष दीप जलाया और पुष्प अर्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी ने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस देश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। वह अपने देश के लिए हर हाल में आजादी चाहते थे, इसके लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के नाम कर दिया था। अपनी अंतिम सांसों तक नेताजी देश की आजादी के लिए संघर्ष करते रहे। बताया कि प्रतिवर्ष नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के मौके पर क्रेजी फेडरेशन की ओर से पर्यटन एवं विकास मेला आयोजित किया जाता है, मगर कोविड-19 से क्षेत्र के बचाव एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष मेला आयोजित नहीं किया गया है।
मौके पर सभासद मनोज बिष्ट, ओआईएमटी के मैनेजर प्रमोद उनियाल, सतीश चमोली, जगवीर नेगी, कैलाश जोशी, सितिन शर्मा, जितेंद्र रावत, विनोद लेखवार, जितेंद्र सिंह सजवाण आदि उपस्थित थे।

11 सीटों पर पेंच फंसा, निर्णायक फैसला नही ले पा रही भाजपा

भारतीय जनता पार्टी शेष रह गई 11 सीटों पर प्रत्याशियों के चयन की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझा पाई है। दो दिन से पार्टी से रणनीतिकार इन सीटों पर प्रत्याशियों के मंथन में जुटे हुए हैं लेकिन अभी तक सुयोग्य प्रत्याशी की तलाश पूरी नहीं हो पाई है। इधर पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत के भाई रिटायर कर्नल विजय रावत को भारतीय जनता पार्टी 2022 के चुनावों में डोईवाला या फिर कोटद्वार सीट से उतार सकती है। पार्टी में रावत को लेकर दो तीन दिनों से लगातार मंथन चल रहा है और जल्द अब इस संदर्भ में फैसला हो सकता है।
दरअसल रिटायर कर्नल विजय रावत ने कुछ दिन पूर्व ही दिल्ली में भाजपा का दामन थामा था और उसके बाद वह उत्तराखंड भी पहुंच गए हैं। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि पार्टी के कई शीर्ष नेता कर्नल रावत को एक सैन्य चेहरे के रूप में विधानसभा चुनावों में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। उनके चुनाव लड़ने पर करीब करीब निर्णय हो चुका है लेकिन सीट को लेकर अभी पेच फंसा हुआ है।

कांग्रेस की सूची का इंतजार बड़ी वजह
पार्टी के रणनीतिकारों का कहना है कि शेष बची 11 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान एक दो दिन में हो सकता है। उन्होंने बताया कि 11 में से कुछ टिकट कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद तय होंगे जबकि कई पर एक से अधिक दावेदार होने की वजह से पेंच फंसा हुआ है। जबकि एक दो सीट डॉ हरक सिंह रावत के कांग्रेस में जाने की वजह से लटकी हुई है। ऐसे में इस सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान होने से पहले कांग्रेस पर भी पार्टी की नजर है।