एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाले बॉक्सर कपिल पोखरिया ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से नगला तराई, खटीमा स्थित उनके निजी आवास पर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर एवं उत्तराखण्ड के प्रतिभावान खिलाड़ी कपिल पोखरिया ने भेंट की।

कपिल पोखरिया ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की पुरुष 90 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक अपने नाम किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपिल पोखरिया को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता ने उत्तराखण्ड के साथ पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हासिल की जा रही उपलब्धियां नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने कपिल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश एवं उत्तराखण्ड का नाम रोशन करते रहेंगे।

इस अवसर पर कपिल पोखरिया ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रपति वंदना कटारिया को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया

टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली हॉकी स्टार खिलाड़ी वंदना कटारिया को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में वंदना को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति भवन में आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने खेलों के क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा क्रिकेटर मिताली राज, पहलवान रवि दाहिया, वेटलिफ्टर एल बोरगोहेन, हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश, शूटर अवनि लेखरा को वर्ष 2021 का मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया गया। अब खेल रत्न पुरस्कार का नामकरण हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया गया है। इस दौरान कई खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उत्तराखंड के खाते में भी इस वर्ष अर्जुन पुरस्कार आया है। स्टार हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को हॉकी में शानदार खेल दिखाने के लिए पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। वंदना ने 2018 के एशियाई खेलों में रजत पदक जबकि 2017 के एशियाड में स्वर्ण पदक जीता था। टोक्यो ओलंपिक में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हैट्रिक लगाकर ऐसा कारनामा करने वाली वंदना एकमात्र भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं थी।
वंदना की उपलब्धियों पर हरिद्वार में वंदना का भव्य स्वागत हुआ था। प्रदेश सरकार ने उन्हें ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का ब्रांड एंबेसडर घोषित कर दिया था। इसके अलावा उन्हें 25 लाख का नकद पुरस्कार दिया था।