सीएम आवास पर महावीर स्वामी और बाबा साहेब की जयंती मनाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में भगवान महावीर स्वामी एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह की शिक्षा देने वाले जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर जी द्वारा दी गयी शिक्षा समस्त मानव समाज के कल्याण हेतु सदैव पथ प्रदर्शक का कार्य करती रहेगी। भगवान महावीर अहिंसा और त्याग की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने अहिंसा को परम धर्म माना और समाज को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की शिक्षा दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉ. भीमराव बाबा साहेब अंबेडकर एक महान विचारक थे, उन्होंने समाज में सबको समान अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने सामाजिक भेदभाव को दूर करने और समानता का सिद्धांत लागू करने के लिए भारतीय संविधान का मार्ग चुना। डॉ. अंबेडकर ने समाज से अश्पृश्यता एवं कुप्रथाओं को मिटाने, समरसता स्थापित करने और पिछड़े तबके को मुख्यधारा में लाने में अहम भूमिका निभाई।

राज्य में उद्योगों को दिया जा रहा बढ़ावाः पुष्कर सिंह

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री एवं कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने भेंट की। भेंट के दौरान मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री के बीच राज्य में शिक्षा के विकास और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा देवभूमि उत्तराखंड को शिक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग मेहनती एवं कर्मशील हैं। प्रदेश के युवाओं की प्रतिभाओं को उजागर करने के लिए कौशल विकास एवं उद्यमिता के क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा राज्य को पूरी मदद दी जाएगी। हुनरमंद लोगों की प्रतिभाओं को उजागर करने के लिए सरकार द्वारा अनेक प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम बनाया गया है। रोजगार के साथ ही युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में स्वरोजगार की ओर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड प्रगति के पथ पर तेजी से अग्रसर हो रहा है। केंद्र सरकार का हर क्षेत्र में राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है।

सीएम ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र की 200 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मसूरी में मसूरी विधानसभा क्षेत्र की लगभग 200 करोड़ रूपए की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री द्वारा 18.20 करोड़ की लागत के मसूरी टाऊन हॉल का लोकार्पण, 31.95 करोड़ की लागत के मसूरी में किंग्रेग में मल्टी लेवल पार्किंग का लोकार्पण, 144.46 करोड़ रुपए की लागत के मसूरी पुनर्गठन पेयजल योजना का शिलान्यास, 5.24 करोड़ की लागत से मसूरी के आईडीएच लंढौर में शिफन कोट से स्थानांतरित परिवारों के लिये आवास निर्माण हेतु भूमि पूजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि मसूरी में जीरो प्वांइट पर 500 वाहनों की पार्किंग बनाई जायेगी। खट्टा पानी सड़क मार्ग का निर्माण किया जायेगा। हंस फाउण्डेशन के सहयोग से 34 आवासों का निर्माण किया जा रहा है, नगर पालिका मसूरी से जमीन उपलब्ध होने पर शेष 50 आवासों का निर्माण राज्य सरकार द्वारा करवाया जायेगा। मसूरी में यदि नगर पालिका मसूरी से जमीन मिलती है, तो वेंडर जोन बनाया जायेगा। गढ़वाल सभा के भवन के लिए 1.5 करोड़ रूपये की स्वीकृति हो चुकी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मसूरी राज्य निर्माण के आंदोलन की जन्मभूमि रही है। मसूरी और खटीमा दोनों ऐसे स्थान है जहां से उत्तराखण्ड को अलग राज्य बनाने के लिए राज्य आंदोलनकारियों ने अपनी शहादत दी। सरकार आंदोलनकारियों के सपनों को हक़ीक़त में बदलने की लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 5 सालों में 1 लाख करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य प्रदेश में हुए हैं, जिसमें एयरपोर्ट, रेलवे लाइन, चार धाम सड़क परियोजना समेत धार्मिक स्थलों का विकास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी प्रमुख पर्यटक स्थल है, कई वर्षों से यहां पार्किंग की आवश्यकता महसूस हो रही थी अब पार्किंग के बन जाने से पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे योजना पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश है और इसको बुलंदी तक पहुंचाने के लिए हम सब का दायित्व होगा कि उत्तराखंड के प्रतिनिधि के रूप में पर्यटकों का स्वागत करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुसार उत्तराखण्ड को वर्ष 2025 तक हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रयास किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए हम सबको सामूहिक प्रयास करने होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज सैनिकों का मान सम्मान बढ़ा है। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन देश में किया जा रहा है। उत्तराखंड में केंद्र सरकार ने विभिन्न योजनाओं से सीधा फायदा पहुंचाए है जिसका प्रत्यक्ष रूप से फायदा उत्तराखंड के लोगों का होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं चलाकर प्रदेश में विकास यात्रा को निरंतर आगे बढ़ा रही है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि आज जिन योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास हुए हैं वे मसूरी की पर्यटन की गति को और आगे बढ़ाएगी। जहां एक ओर 144.46 करोड़ रुपए की पेयजल योजना से मसूरी में आने वाले कई दशकों तक पेयजल संकट नहीं होगा, वहीं पार्किंग निर्माण से जाम का स्थाई समाधान हो जाएगा। मसूरी पर्यटन की दृष्टि से भी प्रदेश का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। पिछले पांच सालों में मसूरी विधानसभा में विकास के कार्य तेजी से हुए हैं। युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार हर क्षेत्र में विकास की योजनाएं चला रही है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मसूरी अनुज गुप्ता, भाजपा के देहरादून जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, उपाध्यक्ष जिला पंचायत दीपक पुंडीर, मण्डल अध्यक्ष मोहन पेटवाल आदि उपस्थित थे।

गृहक्षेत्र पहुंचने पर सीएम धामी का हुआ जोरदार स्वागत


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पॉलीप्लेक्स कॉर्पाेरेशन लिमिटेड मैदान खटीमा पहुंचे। जहां पर कार्यकर्ताओं ने उनका पूरे उत्साह व उमंग के साथ फूल मालाओं से स्वागत किया। मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, अध्यक्ष मंडी समिति नंदन सिंह खड़ायत, मंडल अध्यक्ष सतीश गोयल, नवीन बोरा, गोपाल बोरा, संतोष अग्रवाल, नवीन कन्याल, किशोर राणा, रमेश जोशी, किशन सिंह किन्ना, दिनेश अग्रवाल, गंभीर सिंह धामी, मनोज साही, रमेश ढींगरा, विनोद जोशी, सतीश अग्रवाल, नरेंद्र सिंह, शशांक बिष्ट, मनोज बाजवा, सतीश भट्ट, सिद्धांत सिंह, अमित पांडे, भुवन जोशी, कुंदन मनोला, वरुण अग्रवाल, अज्जू सिंह आदि शामिल थे। इसके साथ ही जिलाधिकारी रंजना राजगुरु, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई द्वारा भी पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

इसके साथ ही उन्होंने पॉलीप्लेक्स कारपोरेशन मैदान तथा नगला तराई स्थित अपने आवास पहुँच कर क्षेत्रवासियों से भेंट की तथा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने अपने आवास के पास चल रहे पेंटिंग कार्य मे प्रतिभाग करते हुए पेंटिंग भी की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय डॉ. आरबी सिंह की शोक-सभा व स्वर्गीय बाबूराम कुशवाहा के घर पहुंच कर दुःख एंव संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शान्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिजनों को ढांढस बन्धाया।

सीएम ने लोहियाहेड विद्युत लाइन अंडर ग्राउंड करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत तथा शहर की प्रमुख सड़कों की डीपीआर तैयार कर शासन में भेजने के निर्देश अधिशासी अभियन्ता लोनिवि को दिए।

प्रेसवार्ता के दौरान सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकार ने भी पेट्रोल की कीमत पर 2 रूपए प्रति लीटर दाम कम किया है। उन्होंने कहा कि अधिकतम लोगों को फायदा पहुंचाना प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास की तर्ज पर विकास कार्य किए जा रहे है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 5 नवम्बर को लगभग 400 करोड़ की कई योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा।

आईएएस, आईपीएस एवं आईएफएस अधिकारियों से मिले मुख्यमंत्री धामी


दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रदेश के आईएएस, आईपीएस एवं आईएफएस अधिकारियों ने भेंट कर उन्हें दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, मनीषा पंवार, आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी के साथ ही सभी प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।

शहीद सम्मान यात्रा को लेकर सीएम ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में सैन्यधाम के संबंध में उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैन्यधाम के निर्माण के लिए कार्यों की चरणबद्ध कार्य योजना बनाई जाय। सैन्यधाम भव्य एवं दिव्य बनाया जायेगा। अन्य राज्यों में बने शहीद स्मारकों का भ्रमण भी किया जाय। उत्तराखण्ड में बनने वाले सैन्यधाम की भव्यता के लिए क्या किया जा सकता है, इसके लिए पूरी योजना बनाई जाय। मुख्यमंत्री ने शहीद सम्मान यात्रा के दौरान शहीद सैनिकों के आंगन की मिट्टी सैन्यधाम के निर्माण के लिए लाई जायेगी। सैन्यधाम का स्वरूप ऐसा होगा कि यह राष्ट्रभक्ति एवं सैनिकों के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा के आयोजन के लिए सभी तैयारियां जल्द पूर्ण की जाय। शहीद सम्मान यात्रा की शुरुआत अक्टूबर 2021 के प्रथम सप्ताह से प्रस्तावित है। यात्रा का पूरा रूट चार्ट जल्द तैयार किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सैनिक बहुल प्रदेश है। हमारे जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व दिया। शहीदों के सम्मान में यह भव्य आयोजन होगा। इस कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने के लिए जन सहयोग लिया जायेगा। किसी भी आयोजन को सफल बनाने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.संधु, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव एल.फैनई, सचिव अमित नेगी, वी.षणमुगम, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल (अ.प्रा.), जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

‘ग्राम्य श्री’ विक्रय केंद्र का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजपुर रोड देहरादून पर निर्मित ’ग्राम्य श्री’ विक्रय केंद्र का लोकार्पण किया। इस विक्रय केन्द्र में जलागम विभाग उत्तराखण्ड के अंतर्गत गठित कृषक संघों के उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। मुख्यमंत्री ने यहां रखे उत्पादों का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के विक्रय केन्द्र से जहां उपभोक्ताओं को गुणवत्तापरक उत्पाद मिलेंगे, वहीं किसानों, ग्रामीणों को भी उनके उत्पादों के लिये बाजार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। किसानों की आय को दोगुना करने के लिए बहुत सी महत्वपूर्ण पहलें की गई हैं। किसान सम्मान निधि से प्रदेश के 9 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हो चुके हैं। इसके लिये मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें खेती में नये तरीकों को अपनाना होगा। जहां खेत छोटे-छोटे हैं वहां मिलकर कृषि की जा सकती है। बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करना होगा। साथ ही ग्राम्या श्री जैसे विक्रय केन्द्र जगह जगह स्थापित करने होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को आदर्श राज्य बनाएंगे। ग्राम्या फेज 3 के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां सुरकण्डा समूह धारकोट को डीप फ्रीजर, ग्राइन्डर, माइक्रोवेव ओवन प्रदान किये। मुख्यमंत्री ने ग्राम्य श्री रेडियो जिंगल और कैटेलॉग का भी लोकार्पण किया।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा, अपर मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन सहित जलागम विभाग द्वारा गठित कृषक संघों से जुड़े कृषक और महिलाएं भी उपस्थित थे।

प्रदेश के विकास के लिए महिला सशक्तिकरण जरूरी-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित रक्षाबंधन मिलन समारोह में प्रतिभाग किया। बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माताओं, बहनों के आशीर्वाद से राज्य सरकार जनहित के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास सरकार का मूलमंत्र है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माताओं और बहनों का जो आशीष और स्नेह मिल रहा है, उससे प्रदेश के चहुमुखी विकास के लिए एक सकारात्मक ऊर्जा मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन माताओं-बहनों के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में यात्रा पूर्ण रूप से निःशुल्क रहेगी। इस रक्षाबन्धन पर्व पर आशा व आगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 1-1 हजार रूपये की धनराशि उपहार के रूप में दी जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मातृशक्ति के जीवन में सुधार लाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं। इनमें उज्ज्वला, स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, सुकन्या समृद्धि योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, आदि मुख्य हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाव में भगवान होते हैं। हमारी सरकार का भाव जनसेवा है। समाज की आखिरी पंक्ति में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रमुख ध्येय है। उन्होने कहा कि कोविड काल में ऑनलाईन पढ़ाई के महत्व के देखते हुए कक्षा 10-12 के छात्र-छात्राओं को सरकार द्वारा मोबाईल टेब दिया जायेगा जिनसे उनकी शिक्षा में और सुधार होगा। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में 24 हजार रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है एवं सरकारी नौकरी के क्षेत्र में ही नही बल्कि बढ़े स्तर पर सरकार विभिन्न क्षेत्रों में लाखों लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का भी प्रयास कर रही है, सरकार की मंशा है कि प्रदेश के युवा एवं महिलाऐं रोजगार मांगने वाले नही बल्कि रोजगार देने वाले बने। सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि बैंको से मिलने वाला ऋण कि प्रक्रिया को सरल करते हुए शिविरों के माध्यम से जरूरतमन्दों को शिविर में ही ऋण स्वीकृत किया जाना सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आजिविका मिशन के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बड़े पैमाने पर बाजार में स्थान दिलाने हेतु सरकार लगातार प्रयास कर रही है, ताकि माताएं-बहने आत्मनिर्भर बन सके। उन्होने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण से हुए नुकसान से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उबारने हेतु लगभग 119 करोड़ रूपए का सहायता पैकेज दिया जा रहा है। उन्होने कहा कि कोविड काल में प्रतियोगी परीक्षाएं न होने के कारण सरकार ने युवाओं को सरकारी नौकरी की भर्ती में आयुसीमा में एक साल की छूट दी है। राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एम0बी0बी0एस0 इन्टर्न के स्टाईपेंड को 7500/-प्रतिमाह से बढ़ाकर रूपये 17,000/-किया गया है। संघ लोक सेवा आयोग, एन.डी.ए, सी.डी.एस एवं उसके समकक्ष लिखित परीक्षा पास करने पर परिवार की आर्थिक स्थिति के आधार पर अभ्यर्थी को साक्षात्कार की तैयारी के लिये 50 हजार रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि तहसील दिवस/बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से आमजन मानस की समस्याओं का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। समस्याएं ब्लॉक स्तर, तहसील स्तर या जनपद स्तर की हो उनका उसी स्तर पर निस्तारण करना सुनिश्चित करें। सरकार की जीरो पेंडेन्शी पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले चार माह में उत्तराखण्ड में शतप्रतिशत वैक्सीन लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। बागेश्वर जनपद में शतप्रतिशत वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है।
इस अवसर पर विधायक डा. प्रेम सिंह राणा, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, उपाध्यक्ष किसान आयोग राजपाल सिंह, आईजी अजय रौतेला, जिलाधिकारी रंजना राजगुरू, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगई, सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित थीं।

अफगानिस्तान में उत्तराखंड के लोग भी फंसे, सरकार हुई सक्रिय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अफगानिस्तान में उत्तराखण्ड के जो लोग फंसे हुए हैं, उन्हें वापिस सकुशल लाने के लिए राज्य सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है। ये लोग जल्द ही सकुशल अपने घर वापस आ जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने आज ही इस संबंध में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में भी बात कर आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम केन्द्र सरकार के लगातार सम्पर्क में हैं। केन्द्र सरकार द्वारा अफगानिस्तान से प्रत्येक भारतीय की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा रही है।

केन्द्र सरकार की योजनाओं का उत्तराखंड को मिल रहा लाभ

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में डॉ. भीमराव अम्बेडकर चेयर स्थापना उद्घाटन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. देवेन्द्र प्रसाद मांझी द्वारा लिखित पुस्तक ‘‘रीविजिटिंग डॉ. अम्बेडकर-थॉटस एण्ड फिलासफी’’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
शोध एवं नवाचार केन्द्र, गढ़वाली, कुमांउनी, जौनसारी भाषाओं में एक वर्षीय सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम, उत्तराखण्ड की लोक कला पर आधारित दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम सहित अनेक घोषणाएं
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने दून विश्वविद्यालय में डॉ0 आम्बेड़कर फाउंडेशन, सामाजिक कल्याण एवं आधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पोषित डॉ0 आम्बेड़कर चेयर की स्थापना की घोषणा की। इसके साथ ही राज्यपाल ने दून विश्वविद्यालय में मौलिक शोध एवं नवाचार को विकसित करने हेतु शोध एवं नवाचार केन्द्र की स्थापना करने, सत्र 2020-21 से दून विश्वविद्यालय में बी.एस.सी इन्टेग्रेटेड बॉयोलॉजिकल सांइसेस, गढ़वाली, कुमांउनी, जौनसारी भाषाओं में एक वर्षीय सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम, उत्तराखण्ड की लोककला पर आधारित दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम (एम0ए0 थियेटर), एम0ए0,एम0एस0सी0 गृहविज्ञान, बी0ए0(ऑनर्स) मनोविज्ञान जैसे नये पाठ्यक्रमों के शुभारंभ की घोषणा की है।
कोविड-19 में अनाथ बच्चों के लिए दून विश्वविद्यालय में संचालित प्रत्येक पाठ्यक्रम में एक सीट इस सत्र में आरक्षित
राज्यपाल ने कहा कि कोरोना वायरस से फैली वैश्विक महामारी कोविड-19 की त्रासदी में जो बच्चे अनाथ हुए हैं उनके लिए दून विश्वविद्यालय में संचालित प्रत्येक पाठ्यक्रम में एक सीट इस सत्र में आरक्षित की जायेगी। यह सीट पूर्व से आवंटित सीटों के अतिरिक्त होगी।
राज्यपाल ने कहा कि दून विश्वविद्यालय इस चेयर के माध्यम से राज्य में महिला सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय, सामाजिक बदलाव, मानवाधिकार एवं जातिगत भेदभाव जैसे विषयों पर अनुसंधान एवं शिक्षण के लिए विशेष रूप से सक्रिय रहेगा।
राज्यपाल मौर्य ने कहा कि भारतीय समाज के ताने-बाने की गहरी समझ रखने वाले बाबा साहेब ने संविधान में विभिन्न कानूनों का समावेश किया ताकि देश की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। आज भी हम उस राष्ट्र के निर्माण में लगे हैं जिससे बाबा साहेब के सपनों का भारत बन सके। जहाँ लोग बिना छुआछूत, धर्म या जाति के भेदभाव के एक सम्मानित जीवन जी सकें। हमारे विश्वविद्यालयों का यह दायित्व है कि बाबा साहेब के सपनों को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ।
राज्यपाल ने कहा कि विश्वद्यालयों को लोक कलाओं, लोक संगीत एवं लोक संस्कृति के संरक्षण के लिये कार्य करना चाहिये।

दून विवि में पुस्तकालय भवन के लिए बजट की व्यवस्था जल्द
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दून विश्वविद्यालय को डॉ. भीमराव अम्बेडकर चेयर स्थापना का सौभाग्य प्राप्त हुआ, यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन संघर्ष एवं सामाजिक सरोकारों के लिए उनके द्वारा किये गये कार्यों से सभी परिचित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दून विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अनेक सराहनीय प्रयास किये जा रहे हैं। दून विश्वविद्यालय में पुस्तकालय भवन के लिए बजट की व्यवस्था जल्द की जायेगी।

राज्य सरकार क्वालिटी ऑफ वर्क के लिए संकल्पबद्ध
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हर क्षेत्र में क्वालिटी ऑफ वर्क देने का प्रयास किया जायेगा। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न समस्याओं के समाधान एवं शैक्षणिक गुणवत्ता के सुधार के लिए जल्द ही एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सीमित आर्थिक संसाधन हैं, इसके बावजूद भी राज्य सरकार द्वारा जनहित में अनेक निर्णय लिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी घोषणाएं की जायेंगी, समयबद्धता के साथ वे पूर्ण भी की जायेंगी। सबको साथ लेकर राज्य को आगे बढ़ाया जायेगा। राज्य सरकार का प्रयास है कि 2027 तक उच्च शिक्षा, पर्यटन, कृषि एवं सड़कों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनायेंगे।

रोजगार के लिए रोडमैप
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अपनी पहली कैबिनेट में ही सरकार ने जनहित से संबंधित अनेक निर्णय लिये। राज्य में विभिन्न विभागों के अनेक रिक्त पदों पर भर्तियां करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए प्रक्रिया भी तेज हो चुकी है। स्वरोजगार की दिशा में भी राज्य सरकार द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य में 10 लाख से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए रोडमैप बनाया जा रहा है। कोविड की वजह से भर्ती प्रक्रियाओं में अभ्यर्थियों को अधिकतम आयुसीमा में एक साल की छूट प्रदान की गई है। एनडीए एवं सीडीएस की प्रारम्भिक परीक्षा पास करने के बाद अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की तैयारी के लिए 50 हजार की वित्तीय सहायता एवं संघ लोक सेवा आयोग की प्रारम्भिक परीक्षा पास करने वाले सभी अभ्यर्थियों एवं पीसीएस प्रारम्भिक परीक्षा पास करने वाले चयनित 100 अभ्यर्थियों को मेन्स एवं साक्षात्कार के लिए 50-50 हजार रूपये की वित्तीय सहायता दी जायेगी।

कोविड-19 से प्रभावित पर्यटन व स्वास्थ्य क्षेत्र के लिये पैकेज
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखण्ड की महत्वपूर्ण यात्रा है। उत्तराखण्ड के ये धाम लोगों के आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं। अनेक लोगों की आजीविका चारधाम यात्रा से जुड़ी है। पर्यटन और चारधाम यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ का पैकेज दिया है। जिससे 01 लाख 65 हजार से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। कोविड -19 से निपटने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र एवं इससे जुड़े कार्मिकों के लिए 205 करोड़ रूपये का राहत पैकेज दिया जा रहा है। इससे राज्य में 03 लाख 73 हजार से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड से किसी के हक हकूक प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जायेगा। इसके लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि दून विश्वविद्यालय में राज्य के पहले डॉ. भीमराव अम्बेडकर चेयर स्थापना हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर भी दून विश्वविद्यालय में एक चेयर की स्थापना की जायेगी। दून विश्वविद्यालय में डॉ. नित्यानन्द हिमालयी शोध एवं अध्ययन संस्थान शीघ्र बनकर पूर्ण हो जायेगा।
विधायक विनोद चमोली ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने वंचित वर्गों के शोषण एवं रूढ़िवादिता को समाप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर फाउण्डेशन के निदेशक डॉ. देवेन्द्र प्रसाद मांझी, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, कुलसचिव डॉ. एस.एस. मन्द्रवाल, विश्वविद्वालय के प्रोफेसर एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।