उच्चस्तरीय समिति में तीर्थपुरोहित और हक-हकूकधारियों को किया सदस्य नामित

सरकार ने चारधाम देवस्थानम बोर्ड को लेकर गठित उच्चस्तरीय समिति में नौ तीर्थपुरोहित और हक-हकूकधारियों को बतौर सदस्य नामित किया है। सचिव धर्मस्व एचसी सेमवाल की ओर से इसके आदेश किए गए।
चारधाम के तीर्थ पुरोहित देवस्थानम बोर्ड भंग करने की मांग कर रहे हैं। उनके विरोध को देखते हुए सरकार ने तीर्थ पुरोहितों एवं हकूकधारियों के सुझाव लेने के लिए उच्चस्तरीय समिति बनाई थी। इसकी कमान भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहर कांत ध्यानी को दी गई है। ध्यानी इस मामले में अपनी अंतरिम रिपोर्ट सरकार को दे भी चुके हैं। हालांकि, तीर्थपुरोहित और हक-हकूकधारी ध्यानी का भी विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ध्यानी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं। इसलिए, सरकार ने इस समिति में नौ तीर्थपुरोहितों को सदस्य नामित किया है।

इन्हें नामित किया गया सदस्य
-बदरीनाथ धाम से विजय कुमार ध्यानी, संजय शास्त्री और रवींद्र पुजारी
-केदारनाथ धाम से विनोद शुक्ला और लक्ष्मी नारायण जुगराण
-गंगोत्री धाम से संजीव सेमवाल और रवीन्द्र सेमवाल

राज्य की 670 एम्पैक्स का किया गया कम्प्यूटरीकरण

प्रदेश में सहकारिता विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना की शुरूआत हो गई है। देहरादून के बन्नू स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह, सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने योजना का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर राज्य समस्त 670 बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (एमपैक्स) का कम्प्यूटरीकरण किया भी विधिवत रूप से पूर्ण किया गया। साथ ही सहकारिता ट्रेनिंग सेंटर का भी उद्घाटन किया गया।

’प्रदेश का हुआ चहुंमुखी विकास’
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के शुरू किए जाने और सभी एमपैक्स के कम्प्यूटरीकरण पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत को बधाई देते हुए कहा कि पिछले पौने पांच साल में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है। युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

’मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना से माताओं, बहनों को मिलेगी बड़ी राहत’
केंद्रीय मंत्री शाह ने मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना को प्रदेश की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए बहुत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे खास तौर हमारी माताओं व बहनों को काफी राहत मिलेगी। उनका बोझ कम होगा। वे अपना समय दूसरे आय अर्जन में कर सकेंगी। साइंटिफिक पौष्टिक पशु चारा मिलने से गायों की दुग्ध क्षमता बढेगी जिसका फायदा इस काम में लगे लोगों को मिलेगा। इसके लिए मक्का उत्पादन को बढ़ावा देने से किसानों को भी लाभ मिलेगा।

’उत्तराखण्ड की तर्ज पर देशभर की सहकारिता समितियों के कम्प्यूटरीकरण पर काम होगा’
शाह ने कहा कि यह बड़ी खुशी की बात है कि उत्तराखण्ड में प्रदेश की 670 एमपैक्स के कम्प्यूटरीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। जितना ज्यादा डिजीटलाईजेशन होगा, सहकारिता से जुड़े लोगों को उतनी ही अधिक सहूलियत होगी। तेलंगाना के बाद ऐसी करने वाला उत्तराखण्ड दूसरा राज्य है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सहकारिता मंत्रालय द्वारा देश भर की सहकारिता समितियों के पूर्ण कम्प्यूटरीकरण पर काम किया जाएगा। इसके लिए उत्तराखण्ड मॉडल का अध्ययन किया जाएगा।

’सहकारिता मंत्रालय से सहकारिता आंदोलन को मिला बल’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गरीबों का दर्द प्रधानमंत्री के दिल में रहता है। उन्होंने देश के सहकारिता आंदोलन को आगे बढ़ाया है। अमृत महोत्सव में सहकारिता का अलग से पहली बार मंत्रालय बनाया गया है। शाह ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि वे देश के पहले सहकारिता मंत्री बने हैं। अलग से सहकारिता मंत्रालय का गठन किसानों, मजदूरों, मछुआरों और सहकारिता से जुड़े लोगों के जीवन में बडा परिवर्तन लाएगा।

’प्रदेश को केंद्र से मिली 85 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं’
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि श्रद्धेय अटल ने उत्तराखण्ड राज्य का गठन किया था। अब प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में इसे संवारा जा रहा है। पिछले लगभग 5 साल में चार धाम सड़क परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, एनएच पर किए गए कामों सहित 85 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं केंद्र से राज्य के लिए स्वीकृत हुई हैं। इनमें से बहुत सी योजनाओं पर काम हो गया है, बहुत सी योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण किया। 5 नवम्बर को प्रधानमंत्री केदारनाथ आ रहे हैं। उस दिन शंकराचार्य की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। बदरीनाथ जी के मास्टर प्लान पर भी काम चल रहा है।

’उत्तराखण्ड सरकार जागरूक सरकार, आपदा में किया बेहतर काम’
उन्होंने कहा उत्तराखंड सरकार ने कोविडरोधी टीकाकरण का कार्य जिस तेजी से किया है, वह सराहनीय है। उत्तराखंड में तमाम जगह ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए। हाल ही में आई आपदा में मुख्यमंत्री एवं सरकार द्वारा तत्परता से कार्य किया गया। उन्होंने कहा उत्तराखंड का विकास ऐसी जागरूक सरकार से ही संभव है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड एवं देश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा उज्जवला योजना ,आयुष्मान भारत योजना जैसी तमाम योजनाओं से जनता को लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है। वन रैंक वन पेंशन की मांग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने पूरा किया। उन्होंने कहा केदारनाथ मंदिर एवं बद्रीनाथ मंदिर का विकास कार्य तेजी से चल रहा है।

’आपदा में केंद्र से तत्काल मिली सहायता’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि हाल ही में आई आपदा में अमित शाह ने प्रदेश की हर सम्भव सहायता की। उन्होंने एक अभिभावक की तरह हमारा साथ दिया। उत्तराखंड में आई आपदा में तत्परता दिखाते हुए राज्य में बचाव कार्य के लिए सेना के 3 हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराए। आपदा के दौरान डेढ़ लाख से ज्यादा तीर्थयात्री प्रदेश में आए हुए थे। परंतु समय पर अलर्ट होने और प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय करने से इसमें एक भी तीर्थयात्री की मृत्यु नहीं हुई।

’जनहित में लगातार किए जा रहे फैसले’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना से माताओं व बहनों का जीवन आसान होगा। पशुओं के लिए पौष्टिक चारा घर पर ही उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने जो घोषणा की, उनका शासनादेश भी जारी किया। विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24 हजार पदों पर भर्ती एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए युवाओं हेतु प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण वितरित किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में कोविड वैक्सीन की शतप्रतिशत डोज का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने पर्याप्त संख्या में वैक्सीन उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की संकल्प शक्ति से कश्मीर से धारा 370 हटी और एक देश, एक विधान सम्भव हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता के हित में लगातार फैसले ले रहे हैं। आशा बहनों, ग्राम प्रधानों, उपनल कार्मिकों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। कोविड को देखते हुए पर्यटन, संस्कृति व परिवहन क्षेत्र,चिकित्सा क्षेत्र के साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए पैकेज दिए गए है। डीबीटी से लाभार्थियों के खातों में पैसा जाने भी लगा है। हम जल्द ही स्वस्थ युवा स्वस्थ उत्तराखण्ड योजना शुरू करने जा रहे हैं। इसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत में ओपन जिम बनाए जाएंगे।

केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और सभी एम्पैक्स का कम्प्यूटरीकरण देश के गृह मंत्री जी द्वारा किया गया है।
उत्तराखण्ड के सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और एम्पैक्स के कम्प्यूटरीकरण के बारे में बताया।
इस अवसर पर पर्वतीय जिलों से आई महिलाओं को मुख्यमंत्री घसियारी कल्याण योजना में साइलेज का किट दिया गया। इसी प्रकार अनेक महिला समूहों को दीनदयाल उपाध्याय सहकारी किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 5-5 लाख रुपये के चेक दिए गए।
इस दौरान उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डा. हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्य, स्वामी यतिश्वरानंद, बिशन सिंह चुफाल, बंशीधर भगत, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक, सांसद अनिल बलूनी, अजय टम्टा, नरेश बंसल, माला राज्य लक्ष्मी शाह, दुष्यंत गौतम, रेखा वर्मा, लोकेट चटर्जी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायकगण एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हरिद्वार पहुंचे अमित शाह ने लिया संतो का आर्शीवाद

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को श्री हरिहर आश्रम, कनखल, हरिद्वार में जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि से भेंट कर देव-दर्शन एवं पूजन-अर्चन किया। आचार्य महामण्लेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ हिंदू धर्म आचार्य सभा के प्रमुख संत एवं शीर्षस्थ गणमान्य विभूतियों से आध्यात्मिक भेंट एवं अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की।
स्वामी अवधेशानन्द गिरि ने कहा कि राष्ट्र के सकल अभ्युदय एवं विश्व-कल्याण की मंगलकामना के लिए अमित शाह ने श्री हरिहर आश्रम पधार कर भगवान महामृत्युंजय महादेव एवं श्री पारदेश्वर महादेव के दर्शन और पूजन किये।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, योगगुरु स्वामी रामदेव, गीता ज्ञान संस्थानम, कुरुक्षेत्र के प्रमुख गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द, हिन्दू धर्म आचार्य सभा के संयोजक स्वामी परमात्मानन्द सरस्वती, पूज्य स्वामी निर्मलानंदनाथ महाराज, चुन चुन गिरि मठ (कर्नाटक), आचार्य कृष्णमणि, प्रमुख कृष्ण प्रणामी संप्रदाय (गुजरात-राजस्थान), महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद सरस्वती, मुंबई (सुरत गिरि बंगला, हरिद्वार), उत्तराखंड पुलिस के डीजीपी अशोक कुमार, जिला अधिकारी हरिद्वार विनय शंकर पांडे सहित अनेक गणमान्य विभूतियों की भी उपस्थिति रही।

ऊधम सिंह नगर में स्थापित होगा एम्स ऋषिकेश का सेटेलाइट केंद्र

उधम सिंह नगर जनपद के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध जमीन पर एम्स ऋषिकेश का सेटेलाइट केंद्र संचालित होगा जो कुमायूं मंडल के मरीजों के लिए एम्स की सुविधाएं प्रदान कर उपचार की सेवाओं को उपलब्ध कराएगा। ऊधम सिंह नगर में एम्स ऋषिकेश द्वारा सैटेलाइट केंद्र खोले जाने संबंधित पत्र भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार निलाम्बुज शरण की ओर से एम्स ऋषिकेश के डायरेक्टर को प्राप्त हो चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री द्वारा ऋषिकेश (एम्स) की भांति कुमांऊ क्षेत्र में भी एम्स की स्थापना का अनुरोध भारत सरकार से किया जाता रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे कुमांऊ क्षेत्र की जनता के साथ उप्र के समीपवर्ती जनपदों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। मुख्यमंत्री के उपरोक्त अनुरोध के क्रम में भारत सरकार द्वारा तात्कालिक रूप से शीघ्र ही जनपद ऊधमसिंह नगर में राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गई जमीन पर एम्स ऋषिकेश के सेटलाइट केन्द्र संचालित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार सरन के पत्र में एम्स भुवनेश्वर द्वारा उड़ीसा के बालासोर में संचालित सेटेलाइट केंद्र की तर्ज पर एम्स ऋषिकेश द्वारा उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में एम्स का सेटेलाइट केंद्र संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के लिए कहा है। भारत सरकार के पत्र मिलने के बाद अब राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध जमीन की उपयोगिता एवं एम्स के सेटेलाइट केंद्र के रूप में संचालित होने की क्षमता का आकलन स्वास्थ्य मंत्रालय की टेक्निकल टीम द्वारा शीघ्र ही किया जाएगा, जिसमें एम्स निदेशक की अगुवाई में वहां के इंजीनियर तथा चीफ आर्किटेक्ट जमीन का भ्रमण कर उपयोगिता का परीक्षण करेंगे। परीक्षण के उपरांत एम्स की टीम चिन्हित स्थान पर एम्स के सेटेलाइट केंद्र के संचालन हेतु अपनी रिपोर्ट भारत सरकार को प्रस्तुत करेगी। भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार द्वारा इस प्रकरण को तेजी से निष्पादित करने का अनुरोध भी एम्स निदेशक से किया गया है।

इंडियन रेड क्रास सोसाइटी ने आपदा प्रभावितों को राहत सामान भेजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में इंडियन रेड क्रास सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने भेंट की। उन्होंने हाल ही में प्रदेश में आयी देवी आपदा से पीड़ितो की मदद के लिये विशेषकर नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर जनपद के आपदा प्रभावितों को बड़ी संख्या में कम्बल, किचन सेट, मच्छर दानी, टेन्ट तथा आवश्यक दवाइया आदि प्रदान की।
रेडक्रास द्वारा प्रदान की गई सामग्री सम्बन्धित जनपदों को रवाना करते हुए मुख्यमंत्री ने रेडक्रास सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पीड़ितो की मदद करना सबसे बड़ी मानव सेवा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक तथा रेड क्रास सोसाइटी के पदाधिकारी उपस्थित थे।

धामी सरकार ने लक्ष्मणझूला पुल के निर्माण को दी वित्तीय स्वीकृति

बीते कुछ वर्षों से लंबित पड़ी नए लक्ष्मणझूला पुल के निर्माण की योजना को उम्मीदों के पंख लगते हुए नजर आ रहे हैं। इसके निर्माण हेतु धामी सरकार ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त किया है।
नए लक्ष्मणझूला पुल के निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिलने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पूर्व में लक्ष्मणझूला पुल की भार वहन क्षमता कम होने के कारण उस पर पूर्ण रूप से आवाजाही बंद कर दी गई थी। इस कारण यहां के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने यहां नए पुल के निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि धामी सरकार की ओर से लक्ष्मणझूला पुल के समीप नए झूला पुल हेतु धनराशि को स्वीकृति मिल चुकी है।
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि लक्ष्मणझूला में नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन संबंधी गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होगी। जिससे यहां विभिन्न प्रकार के रोजगार के अवसर पैदा होंगे। लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर के अधिशासी अभियंता मौहम्मद आरिफ खान ने बताया कि 6886.20 लाख रूपए की लागत से लक्ष्मणझूला में गंगा के उपर 132.30 मीटर लंबे झूला पुल का निर्माण किया जाना है। बताया कि यहां जमीन टेस्टिंग आदि के बाद नए पुल के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दिसंबर से कार्य शुरू होने की उम्मीद है। कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त करने वालों में तपोवन प्रधान चैन सिंह बिष्ट, पूर्व प्रमुख विनीता बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुलोचना कपरूवान, क्षेत्र पंचायत सदस्य किरण, क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्चना चौहान, त्रिलोक भंडारी, हरि सिंह रावत, राजेश शर्मा, अंशुल शर्मा आदि शामिल रहे।

कार्मिकों की मांग पूरी होने पर सीएम का आभार जताया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को सचिवालय संघ एवं उत्तराखण्ड अधिकारी कार्मिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी ने भेंट की। दीपक जोशी ने प्रदेश के कार्मिकों के व्यापक हित में उत्तराखण्ड सरकारी सेवा पदौन्नति के लिये अर्हकारी सेवा में शिथिलीकरण नियमावली 2010 को पुनः लागू करने तथा गोल्डन कार्ड की विसंगतियों को दूर करने के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

विकास कार्यो के लिए सीएम ने स्वीकृत की 19 करोड़ की धनराशि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास कार्यों हेतु 19.17 करोड़ रूपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अन्तर्गत मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजनान्तर्गत विभिन्न 6 कार्यों हेतु 376.25 लाख रूपये की धनराशि की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। विधानसभा क्षेत्र केदारनाथ के अन्तर्गत विजयनगर तैला मोटर मार्ग के मरघट से बाराकोट से सिरोडगांव मला, सिल्ला तक अतिरिक्त मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 46.61 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र टिहरी के अन्तर्गत विभिन्न 8 निर्माण कार्यों हेतु 372.06 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र टिहरी के अन्तर्गत चम्बा कॉलेज रोड़ से ग्राम मंज्यूड के चमाणगांव से होते हुये ऑल वेदर रोड तक मोटर मार्ग के नव निर्माण हेतु 3.30 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र देहरादून कैण्ट के अन्तर्गत प्रेमनगर के केहरी गांव व विंग 1 से 4 में मार्ग एवं नाले के पुनर्निर्माण हेतु 54.85 लाख रूपये की धनराशि की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मुख्यमंत्री ने प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र घनसाली के अन्तर्गत कर्णगांव से राज राजेश्वर मंदिर तक मोटर मार्ग का नव निर्माण हेतु 170.40 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र घनसाली के अन्तर्गत विभिन्न 3 निर्माण कार्यों हेतु 72.24 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 85.81 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के अन्तर्गत विभिन्न 5 निर्माण कार्यों हेतु 255.31 लाख रूपये की धनराशि तथा उत्तरकाशी वन प्रभाग के गंगोत्री रेंज के अन्तर्गत लंका नामक स्थान पर हिम तेंदुआ संरक्षण केन्द्र की स्थापना हेतु 480.22 लाख रूपये की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय, वेदीखाल, पौड़ी गढ़वाल में रसायन विज्ञान, जन्तु विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विषयों के संचालन हेतु असिस्टेंट प्रोफेसर के 3 पदों के सृजन हेतु स्वीकृति प्रदान की है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अन्तर्गत जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र विकासनगर के अन्तर्गत विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 97.24 लाख की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के अन्तर्गत ग्राम झूनी में तुलानी-चण्डीका घाट लिंक रोड के निर्माण हेतु 13.71 लाख की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की है।

बाजार में मांग के अनुसार उत्पादन बढ़ाने का प्रयास हो-संधु

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. सन्धु ने शुक्रवार को सचिवालय में उद्यान विभाग की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि उद्यान के क्षेत्र में प्रदेश में बहुत अधिक सम्भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि बागवानी उत्पादों का उत्पादन के साथ ही मार्केट बढ़ाए जाने पर फोकस किया जाए। साथ ही ऐसे उत्पादों पर भी फोकस किया जाए जिनकी मार्केट पहले से ही अच्छी है परन्तु उत्पादन कम है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एन्टरप्रिन्योर को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें सम्मानित किया जा सकता है, ताकि अन्य लोग प्रोत्साहित होकर इस क्षेत्र में रूचि दिखाएं। साथ ही उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा कर सहयोग दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में माल्टा का बहुत अधिक उत्पादन होता है, जो अधिक उत्पादन के कारण अंत में फेंकना पड़ता है। उन्होंने माल्टा की खेती को भी बढ़ावा दिए जाने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट लगाकर पीपीपी मोड में संचालन किए जाने के भी निर्देश दिए। इससे स्थानीय लोगों के उत्पाद बर्बाद नहीं होंगे और इससे उनकी कमाई भी बढ़ेगी।
मुख्य सचिव ने किसानों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत वित्तीय, तकनीकी और कारोबारी सहायता उपलब्ध कराने हेतु विशेष प्रयास किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएमएफएमई योजना के अन्तर्गत एक जनपद एक उत्पाद योजना की साप्ताहिक समीक्षा कर बढ़ावा दिया जाए। इसके साथ ही ऐसे उत्पादों को जो जिनमें अच्छी सम्भावनाएं हैं, परन्तु ओडीओपी में किसी कारणवश कवर नहीं हो पा रही हैं, इसके लिए राज्य स्तरीय योजना तैयार की जाए।
मुख्य सचिव ने प्रदेश में वॉलनट (अखरोट) की खेती में सुधार लाने के लिए उसकी वैरायटी में सुधार लाने की बात कही। कहा कि प्रदेश में बेस्ट वैरायटी उत्पादित की जाए ताकि अखरोट प्रदेश के अखरोट की डिमांड बढ़े। इसके साथ ही मधुग्राम योजना और कीवी की खेती को पूरे प्रदेश में बढ़ावा दिया जाए। इस अवसर पर सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

धार्मिक महत्व और संस्कृतियों पर आधारित मां पीताम्बरा पुस्तक में प्राचीन धर्मस्थलों का है वर्णन

नैनीताल पर्यटन एवं परिवहन विकास सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा उत्तराखण्ड की धार्मिक संस्कृति एवं प्राचीन धर्म स्थलों के महत्व पर लिखित पुस्तक मां पीताम्बरा का आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में विमोचन किया।
इस अवसर पर पुस्तक के लेखक रमाकान्त पन्त व प्रकाशक ललित पंत को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देव भूमि उत्तराखण्ड में ऐसे अनेकानेक प्राचीन धार्मिक स्थल मौजूद हैं, जो देव भूमि की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के अंचलों में स्थित ऐसे धर्म स्थल जहां स्थानीय लोगों की धार्मिक परम्पराओं के प्रमुख केन्द्र हैं वहीं धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी ये काफी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे प्राचीन धार्मिक स्थलों के समुचित विकास के लिए सरकार निरंतर प्रयत्नशील है उन्होंने इस दिशा में नैनीताल पर्यटन एवं परिवहन विकास सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा किये जा रहे कार्यों एवं प्रयासों की सराहना करते हुए समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। इस इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार पवन पांडे, दानेश्वर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रसाद चंद्र भट्ट, समाज सेविका निर्मला जोशी, डॉ बीएस नेगी, मंगल सिंह, मनोज कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।