स्पीकर प्रेमचंद ने 101 फीट ऊंचे तिरंगा को फहराकर दी सलामी

तिरंगा झंडा जिस शान से लहराता है उसे देखकर हर भारतवासी का हृदय भावों से भर जाता है। देश के प्रति समर्पण और प्रेम का संचार मन में होता है। इसी भाव को प्रेरित करने के लिए उत्तराखंड विधानसभा भवन देहरादून में आज 101 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का ध्वजारोहण उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा किया गया।
प्रदेश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था विधानसभा भवन में देश की आजादी एवं उसकी आन बान और शान का प्रतीक तिरंगा झंडा राष्ट्र के प्रति सम्मान और देश भक्ति की भावना को जाग्रत करने के उद्देश्य से आज 101 फीट ऊँचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। ध्वजारोहण के दौरान पुलिस के जवानों ने धुन के साथ ध्वजारोहण स्तंभ के शीर्ष तक राष्ट्रीय ध्वज का आरोहण कराया और तिरंगे को सलामी दी।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने स्विच दबाकर झंडे का आरोहण किया एवं झंडे को सलामी दी।ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रीय गान से पूरा परिसर गूंज उठा।

इससे पूर्व परिसर के भीतर एक निश्चित स्थान से पुलिस के जवानों द्वारा तिरंगे को शोभायात्रा के रूप में ध्वजारोहण स्तंभ तक सम्मान के साथ लाया गया।इस दौरान पुलिस के जवानों के द्वारा बजाई गई धुन से परिसर का पूरा माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।परिसर में मौजूद लोगों की आंखों में तिरंगे को फहरता देख एक अलग सी ही चमक दिखी।

अवगत करा दें इसी साल 22 जुलाई को तिरंगा अंगीकार दिवस के अवसर पर विधानसभा परिसर में 101 फीट ऊंचा ध्वज लगाने की घोषणा विधानसभा अध्यक्ष ने की थी। जिसका कि 14 अगस्त से आधार स्तंभ का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। यह तिरंगा झंडा 101 फीट ऊंचा 20 फीट चैड़ा और 30 फीट लंबा बनाया गया है। इसके साथ झंडे के लिए फोकस्ड लाइट्स भी लगाई गयी है। इसका सीधा फोकस तिरंगे पर पड़ेगा। हाइमास्क पोल पर लाइट लगाने के बाद रात की रोशनी में देश का राष्ट्रीय ध्वज खूबसूरत नजर आएगा। मौके पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, महिला विकास मंत्री रेखा आर्य सहित कई अन्य विधायक एवं तीनों सेना के अधिकारीगण मौजूद थे।

विधानसभा अध्यक्ष कोरोना संक्रमित, सोशल मीडिया के जरिए स्वयं दी जानकारी

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए है। उन्होंने इसकी जानकारी स्वयं सोशल मीडिया के जरिए दी है। उन्होंनें बताया कि शासकीय आवास पर उन्होंने एंटिजन टेस्ट कराया है, इसमें वह पाॅजीटिव पाए गए हैं। उन्होंने अपील की है कि जो भी लोग उन्हें संपर्क में आए हैं, वह स्वयं आइसोलेट हो जाएं। उन्होंने कहा कि सावधानी बरते और स्वयं भी सुरक्षित रहे और अपने संपर्क में आने वाले लोगों को भी सुरक्षित रखें।

भारत में भी हर रोज कोविड-19 मामले बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 54,00,619 हो गई है। पिछले 24 घंटों में (शनिवार सुबह 8 बजे से लेकर रविवार सुबह 8 बजे तक) कोरोना के 92,605 नए मामले सामने आए हैं।

इस दौरान देश में 1133 कोरोना संक्रमितों की मौत भी हुई है। 24 घंटे में 94,612 लोग ठीक हुए हैं। अब तक कुल 43,03,043 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 86,752 लोगों की जान गई है। 10,10,824 एक्टिव केस हैं। रिकवरी रेट की बात करें तो यह मामूली बढ़ोतरी के बाद 79.67 प्रतिशत पर पहुंच गया है। पॉजिटिविटी रेट 7.67 प्रतिशत है।

साइबर ठगों ने विधानसभा अध्यक्ष के निजी सचिव को बनाया निशाना, खाते से उड़ाए 96 हजार

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के निजी सचिव रवि बिष्ट को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया हैं। ठगों ने उनके खाते से 95923 रुपए साफ कर दिए हैं। उन्होंने इंश्योरेंस कंपनी को लिंक के माध्यम से प्रीमियम की राशि 51126 रुपये स्थानांतरित की थी, मगर यह खाते में पहुंची ही नहीं।

कस्टमर केयर पर शिकायत की तो प्रतिनिधि ने दो मिनट में रकम वापस करने का भरोसा देकर बिष्ट के मोबाइल पर आया ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद उनके खाते से 44797 रुपये और निकाल लिए गए। रवि बिष्ट ने साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

राजधानी में ऑनलाइन ठगी की घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। ताजा मामला विधानसभा अध्यक्ष के निजी सचिव रवि बिष्ट की ठगी का है। साइबर थाने में दी शिकायत में बिष्ट ने बताया कि उन्होंने बीमा पालिसी का प्रीमियम भरने के लिए कंपनी की वेबसाइट से उपलब्ध कराए गए लिंक के जरिये यूपीआई से 51126 रुपये ऑनलाइन स्थानांतरित किए थे।

बाद में उन्हें पता चला कि रकम संबंधित खाते में नहीं पहुंची। इसकी शिकायत तीन अक्तूबर को एसबीआई शाखा में की थी। रवि बिष्ट ने नौ अक्तूबर को यूपीआई की लिंक गेटवे साइट के कस्टमर केयर से संपर्क किया।

कस्टमर केयर प्रतिनिधि ने आश्वस्त किया कि धनराशि दो मिनट में उनके खाते में स्थानांतरित कर दी जाएगी। उसने कहा कि उनके मोबाइल पर एक मेसेज आएगा, जिसे बिष्ट उसके बताए नंबर पर फारवर्ड कर दें।

बिष्ट ऐसा ही किया और इसके बाद 13 ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके खाते से 44797 रुपये की रकम और निकाल ली गई। रवि बिष्ट ने पुलिस को मोबाइल पर हुई बातचीत की रिकार्डिंग भी उपलब्ध कराई है। जांच में पता चला कि जिस नंबर पर पीड़ित ने मेसेज भेजा था, वो कोलकाता में चल रहा है।