जनसंवाद कार्यक्रम में सीएम ने समस्याओं को सुना, निस्तारण के भी दिए निर्देश

दो दिवसीय चंपावत दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टनकपुर के डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया एवं कॉलेज का निरीक्षण किया। साथ ही लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, क्लासरूम एवं छात्र छात्राओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया।

जन संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं को सुना एवं उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास एवं सबका प्रयास के सिद्धांत पर कार्य करती आई है एवं करेगी। इसी सिद्धांत पर कार्य करते हुए प्रधानमंत्री ने कोरोना काल में गरीब जनता को मुफ्त अनाज दिया एवं इस योजना को राज्य में सितंबर माह तक बढ़ा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन पर कार्य करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है तथा इसके सर्वे के लिए 29 करोड़ रुपए भी जारी कर दिए गए हैं। गरीबों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का निर्माण किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचाने पर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती के अवसर पर राज्य को देश का प्रत्येक क्षेत्र में नंबर वन राज्य बनाया जाएगा। पर्यटन को विकसित किया जाएगा। पर्यटकों को राज्य के प्रति आकर्षित करने के लिए पर्यटन का विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा जनता जनार्दन के आशीर्वाद से उन्हें जनता की सेवा करने का पुनः मौका मिला है। हमारे वादे के अनुसार हम यूनिफॉर्म सिविल कोड जल्द ही उत्तराखंड में लागू करेंगे। हमारी सरकार आने वाले समय में गरीब परिवारों हेतु 1 वर्ष में 3 मुफ्त सिलेंडर देने पर कार्य करेगी। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने बड़े स्तर पर वैक्सीनेशन किया इसके लिए उन्हें शुभकामनाएं। किच्छा में एम्स की शाखा खुले जाने से आसपास की जनता को इलाज में आने वाली परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। हमारी सरकार सड़कों के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में वृद्घावस्था पेशन योजना पर बड़ा फैसला लेते हुए अब पति-पत्नी दोनों को वृद्घावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया हैं। योजना के अंतर्गत दिए जाने वाले लाभ को अब पात्र पति और पत्नी दोनों को देने का शासनादेश जारी कर दिया है। साथ ही सरकार ने पर्यावरण मित्रों का एक दिन का मानदेय बड़ाकर 500 रुपए कर दिया है।

इस दौरान विधायक कैलाश गहतोड़ी, नगर अध्यक्ष विपिन कुमार, डीआईजी नीलेश आनंद भरणे, डीएम विनीत तोमर, एसपी देवेन्द्र पींचा, निदेशक इंजीनियरिंग कॉलेज अमित अग्रवाल, जिलाध्यक्ष दीपक पाठक आदि मौजूद रहे।

टनकपुर में नदी में हो रहे भू कटाव का सीएम ने जायजा लेकर दिए निर्देश

दो दिवसीय दौर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी चंपावत गए हुए है। दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन सीएम ने अधिकारियों के साथ कई जगहों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अहम निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर के बूम स्थित शारदा घाट का औचक निरीक्षण किया एवं नदी से हो रहे भूमि कटाव का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों को नदी से हो रहे कटाव रोकने हेतु तत्काल कार्रवाई करने की दिशा निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्या सुन मौके पर मुख्य सचिव से फोन में वार्ता कर शारदा नदी के बहाव को दूसरी दिशा में मोड़ने पर होने वाले चैनेलाइजेशन एवं तटबंद दीवारों के निर्माण जैसे कार्यों को शासन स्तर से जल्द मंजूरी दिलाए जाने एवं संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान विधायक चंपावत कैलाश गहतोड़ी, जिलाधिकारी विनीत तोमर, एसपी देवेन्द्र पींचा, बीजेपी जिलाध्यक्ष दीप पाठक मौजूद रहे।

सुविधाजनक चारधाम यात्रा को पुख्ता इंतजाम होः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चार धाम यात्रा के माध्यम से देश-विदेश में अतिथि देवो भवः का संदेश जाना चाहिए। इस बार बहुत अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने की सम्भावना है। चार धाम यात्रा की तैयारियां उसी के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री सचिवालय में चारधाम यात्रा 2022 की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने यात्रा को श्रद्धालुओं की लिए अधिक से अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर, सभी आवश्यक सुधार कार्य यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संबंधित जिलाधिकारियों को भी यात्रा मार्गों पर कार्यों की प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये। मार्ग अवरूद्ध होने की स्थिति में तत्काल खोलने के लिए जरूरी मशीनों की व्यवस्था व तैनाती कर ली जाए। जेसीबी मशीनों की ट्रेकिंग के लिए उन्हें जीपीएस से जोड़ा जाए। यात्रा मार्ग से संबंधित सड़कों पर कहीं भी मलबा या कचरा न रहे। कचरा निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रबंधन में टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाए। ट्रेफिक प्रबंधन व संचालन के लिए ड्रोन का भी प्रयोग किया जाए। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए टोल फ्री नम्बर जारी किया जाए। जिस पर यात्रा से संबंधित हर प्रकार की जानकारी हो। इस नम्बर को व्यापक प्रचारित भी किया जाए। इस वर्ष बहुत बड़ी संख्या में यात्रियों के आने की सम्भावना है। किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए यात्रियों के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था हो। यात्रा मार्गों पर जगह-जगह पर्याप्त संख्या में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। डायवर्जन और वैकल्पक मार्गों की व्यवस्था भी कर ली जाए। जगह-जगह पर साईन बोर्ड भी लगाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि यात्रा मार्गों पर जाने वाले बसों व टैक्सियों की फिटनेस की जांच सुनिश्चित हो। यात्रा मार्ग पर तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि नियमो का पालन कराते हुए यात्रियों व श्रद्धालुओं के साथ विनम्रतापूर्वक व्यवहार हो। एक बार एंट्री पाइन्ट पर वाहनों की चौकिंग होने के बाद बार-बार चौकिंग कर यात्रियों को परेशान न किया जाए। विभिन्न स्थानों पर क्वालिटी पेयजल के लिए वाटर एटीएम/वाटर मशीन लगाई जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकतानुसार चिकित्सकों की तैनाती कर ली जाए। एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी हो। यात्रा मार्ग पर रेट लिस्ट के निर्धारण के साथ ही मिलावटखोरी को रोकने के लिए नियमित चौकिंग अभियान चलाया जाए। यात्रा शुरू होने से पूर्व श्री बद्रीनाथ, श्री केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री व श्री हेमकुण्ड साहिब में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के साथ ही यात्रा मार्गों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। यात्रा मार्ग पर बेहतर संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा का विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। चार धाम यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों व अन्य जरूरी सूचनाओं का प्रचार प्रसार हो। चार धामों के साथ ही अन्य धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों के बारे में भी जानकारी दी जाए।

बैठक में केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक शैलारानी रावत, सुरेश सिंह चौहान, संजय डोभाल, दुर्गेश लाल, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, मुख्य सचिव डा. एस.एस.संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनंद बर्द्धन, डीजीपी अशोक कुमार, प्रमख सचिव आरके सुधांशु, सचिव दिलीप जावलकर, नितेश झा, डा. पंकज कुमार पाण्डेय, शैलेश बगोली, एस.ए. मुरूगेशन, आयुक्त गढ़वाल सुशील कुमार आदि उपस्थित रहे।

जन विकास मंच ने सीएम को भेजा ज्ञापन, यह रखी अहम मांग

उत्तराखंड जन विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जिलाधिकारी के माध्यम से चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग उत्तराखंड में समूह ‘ग’ के अंतर्गत स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) के रिक्त पदों पर 2018 में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी वन टाइम रिलैक्सेशन दिए जाने हेतु ज्ञापन प्रेषित किया।

मंच के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि सन 2018 में हजारों की संख्या में स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला आवेदन किया था परंतु उस पर परीक्षा ना हो पाई और विज्ञप्ति रद्द हो गई पुनः सन 2022 में नई विज्ञप्ति में 824 पद आए परंतु आयु सीमा अधिक होने के कारण पूर्व में आवेदन करे हुए अभ्यर्थी आवेदन करने योग्य नहीं रह गए हैं अतः आपसे निवेदन है कि जनहित में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को एक अतिरिक्त अवसर प्रदान किया जाए

ज्ञापन देने वालों में अधिवक्ता राकेश थपलियाल, अधिवक्ता चंदन सिंह राणा, अधिवक्ता अजय ठाकुर आदि उपस्थित रहे।

कैबिनेट में सीएम को भाजपा संगठन ने सौंपा दृष्टि पत्र

देहरादून। धामी सरकार की पहली केबिनेट के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी संगठन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सरकार का दृष्टि पत्र सौंपा।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक तथा प्रदेश महामन्त्री संगठन अजेय कुमार ने सीएम को दृष्टि पत्र सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि जनता ने भाजपा और भाजपा के दृष्टि पत्र पर भरोसा किया है और सरकार उस पर पूरी तरह से खरी उतरेगी। उन्होंने कहा कि युवा सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व मे मंत्रिमंडल के सदस्य राज्य को तरक्की की दिशा मे ले जाने के लिए अधिक ऊर्जा से कार्य करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट मंत्री मंडल के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री आवास में रहकर धामी ने पुनः सत्ता पाकर तोड़ा मिथक

अब इसे संयोग कहें या फिर उत्‍तराखंड में पीएम मोदी की प्रचंड लहर की भाजपा ने लगातार दोबारा पूर्ण बहुमत प्राप्‍त किया। इस विधानसभा चुनाव में कई मिथक टूटे हैं। जिनमें से एक मिथक यह भी था कि जो भी मुख्‍यमंत्री न्यू कैंट रोड स्थित नए मुख्यमंत्री आवास में रहने आया, वह कुर्सी पर ज्यादा दिन टिक नहीं पाया। हालांकि पुष्‍कर सिंह धामी खटीमा सीट से हार गए थे, लेकिन भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्‍हें नेता चुना गया। जिसके बाद आज बुधवार को उन्होंने उत्‍तराखंड के 12वें मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही उन्‍होंने सालों से चले आ रहे मुख्यमंत्री आवास के दुभार्ग का मिथक भी तोड़ दिया है।

मुख्‍यमंत्री आवास को लेकर बड़ा मिथक
इस मुख्‍यमंत्री आवास को लेकर बड़ा मिथक जुड़ा हैं। हालांकि पुष्‍कर सिंह धामी इस आवास में रहे। कहा जाता है कि जो भी मुख्‍यमंत्री इस आवास में रहने आया उसे सत्ता गंवानी पड़ी। राज्य गठन से पहले यहां राज्य अतिथि गृह हुआ करता था। राज्य गठन के बाद पहली अंतरिम सरकार में इसे मुख्यमंत्री आवास बना दिया गया। सूबे की पहली सरकार में मुख्यमंत्री रहे नित्यानंद स्वामी और दूसरे मुख्यमंत्री रहे भगत सिंह कोश्यारी ने इसे केवल कैंप कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया था। लेकिन पहले विधानसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त मिली।
कांग्रेस के सत्ता में आने पर पहली सरकार में मुख्यमंत्री बने नारायण दत्त तिवारी इस आवास में पूरे पांच साल रहे। इसके बाद पुराने भवन को ध्वस्त कर नई इमारत बनाने का फैसला लिया गया।

पर्वतीय वास्तुकला के आधार पर बनाई गई इमारत
करोड़ों की लागत से यह इमारत पर्वतीय वास्तुकला के आधार पर बनाई गई। 2007 में भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री बने भुवन चंद्र खंडूड़ी के समय इस भवन का निर्माण कार्य पूरा हुआ। वह अपने परिवार के साथ यहां रहे, लेकिन बीच में ही उन्हें मुख्‍यमंत्री पद छोड़ना पड़ा। इसके बाद नए मुख्यमंत्री डाक्‍टर रमेश पोखरियाल निशंक भी यहां रहे और उनकी भी कुर्सी चली गई। उनके बाद भाजपा ने फिर से मुख्यमंत्री के रूप में भुवन चंद्र खंडूड़ी को मुख्यमंत्री बनाया। तब भुवन चंद्र खंडूड़ी ने इस आवास को केवल कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया। लेकिन 2012 के चुनाव में भाजपा को सत्ता गंवानी पड़ी।

हरीश रावत ने इस आवास से बनाई थी दूरी
इसके बाद कांग्रेस सरकार सत्ता में आई और विजय बहुगुणा मुख्‍यमंत्री बनकर इस आवास में पहुंचे। लेकिन दो वर्ष का कार्यकाल पूरा करने से पहले ही उनकी सत्ता चली गई। इसके बाद मुख्यमंत्री बने हरीश रावत ने इस आवास से दूरी बनाए रखी। लेकिन वर्ष 2017 में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। नए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने अब इस मिथक को तोड़ने के लिए वास्तुशास्त्र का भी सहारा लिया। जब पुष्‍कर सिंह धामी मुख्‍यमंत्री बने तो वह इस आवास में रहने लगे। 2022 के विधानसभा चुनाव में वह अपनी सीट से हार गए, लेकिन मुख्यमंत्री की दौड़ में जीत गए।

गंगा तट पर हुई दूरगामी धामी को समर्पित महिला गंगा आरती

ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट द्वारा महिलाओं द्वारा की जा रही गंगा आरती में पूर्णानंद घाट में महिलाओं ने पूजन-अर्चना कर पुष्कर सिंह धामी को दोबारा मुख्यमंत्री बनाए जाने गंग सबलाओं ने की विशेष गंगा आरती। इस विशेष अवसर पर विशेष प्रार्थना पूजा व कामना की गई कि ईश्वर व गंगा माँ पुष्कर सिंह धामी को शक्ति दें और स्वस्थ रखें इसके साथ ही महिला साधकों ने हवन कर आहुतियां दी।

शांति सिंह जी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में उत्तराखंड में समृद्धि लौटेगी। बहुत प्रगति होगी, और लोगों के मुद्दों को हल किया जाएगा। गंगा मैया आपके साथ है। पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री कार्यकाल में अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं प्रदेश को मिली।

डॉ. ज्योति शर्मा ने धामी को शुभकामनाएं देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की है। उन्होंने कहा है कि अब उन्हें पहाड़ से पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम करके दिखाना होगा साथ ही उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व की कार्यशैली पर प्रशंसा जतायी। इसी क्रम में ऋषिकेश गंगा आरती की गंग सबलाओं ने नारी शक्ति व नेतृत्व को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों को सराहा व सरकार की विभिन्न योजनाओं को बढ़ावा देने हेतु शृद्धालुओं से जन संकल्प करवाया।

पुष्कर धामी ही उत्तराखंड के 12वें सीएम के रूप में लेंगे शपथ

उत्तराखंड राज्य गठन के 21 वर्ष हो गए है। कोई भी सरकार बार-बार रिपीट नहीं हुई। सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा ने पुनः वापसी की है। ऐसे में उनको ही जिम्मेदारी पुनः सौंपना तथायोचित था।

बीजेपी कार्यालय पर आयोजित विधानमंडल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी के नाम पर ही मोहर लगाई गई है। 23 मार्च को कार्यवाहक सीएम धामी ही 12वें सीएम के रूप में शपथ लेंगे।

अमित शाह से मिलने पहुंचे अनिल बलूनी और कार्यवाहक सीएम धामी


उत्तराखंड का नया सीएम कौन होगा इस पर माथापच्ची जारी है। टी-मैच की तरह नए सीएम की अटकलें पल पल बदलती जा रही हैं। इस बीच दिल्ली में अनिल बलूनी और कार्यवाहक सीएम पुष्कर धामी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे हैं। इस वीडियो के कई मायने निकाले जा रहे हैं।


दिल्ली में भाजपा नेताओं की बैठकों के दौर के बीच अनिल बलूनी और कार्यवाहक सीएम पुष्कर धामी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दोनों नेता संसद में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार ये भी माना जा रहा है कि पार्टी हाईकमान द्वारा नए सीएम के लिए अनिल बलूनी का नाम फाइनल किया गया है। हालांकि इस बात की अभी तक पुष्टि नही हुई है। माना जा रहा है कि आज रात तक सीएम के नाम पर तस्वीर साफ हो सकती है। बहरहाल बलूनी समर्थकों की मानें तो उन्हें सीएम बनाने की अटकलें बढ़ गई हैं।

बच्चों ने सीएम के साथ मनाया फूलदेई त्योहार

कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में बच्चों के साथ उत्तराखंड का लोकपर्व फूलदेई मनाया। धामी ने प्रकृति का आभार प्रकट करने वाले फूलदेई पर्व की प्रदेशवादियों को शुभकामनाएं दी एवं प्रदेश की सुख- समृद्धि की कामना की।

फूलदेई लोकपर्व पर धामी ने ईश्वर से कामना की कि वसंत ऋतु का यह पर्व सबके जीवन में सुख समृद्धि एवं खुशहाली लाए। इस अवसर पर आए बच्चों को उपहार भेंट किये। शशिभूषण मैठाणी एवं पर्वतीय संस्कृति संरक्षण समिति के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि फूलदेई उत्तराखण्ड की संस्कृति एवं परम्पराओं से जुड़ा प्रमुख पर्व है। उन्होंने कहा कि किसी राज्य की संस्कृति एवं परंपराओं की पहचान में लोक पर्वों की अहम भूमिका होती है। हमें अपने लोक पर्वों एवं लोक परम्पराओं को आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास करने होंगें।