स्कूली बच्चों को बताया डेंगू से बचाव का रास्ता

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश में डॉ संतोष कुमार के द्वारा छात्र छात्राओं को डेंगू वायरस और डेंगू को रोकने की विधियों से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि हम किस तरह से डेंगू से अपने और अपने परिवार तथा अपने समाज की रक्षा करेंगे।

डॉक्टर संतोष कुमार ने कहा कि एम्स के द्वारा जो भी सहयोग चाहिए वह मिलेगा और डेंगू फ्री मोहल्ले को एम्स की तरफ से पुरस्कृत भी किया जाएगा और बताया गया है कि डेंगू का मच्छर संक्रमित व्यक्ति से बहुत तेजी से संक्रमण को अन्य स्वस्थ व्यक्तियों में भी फैलाता है जिसकी कोई प्रमुख दवाई अभी तक नहीं है लेकिन डेंगू से बचाव के लिए मच्छरों को समाप्त करना ही एकमात्र विकल्प है अपने घरों के आसपास पानी एकत्र ना होने दें साथ ही डेंगू हो जाने पर तरल पेय पदार्थ और बुखार आने पर पेरासिटामोल का सेवन करें और पौष्टिक भोजन अपने आहार में शामिल करें।

प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने कहा कि डॉक्टर संतोष कुमार के द्वारा बताई गई बातों का पालन करवाया जाएगा और सभी छात्र छात्राओं को जागरूक किया जाएगा कि वह अपने घर परिवार और पास पड़ोस को जागरूकता के द्वारा डेंगू के प्रसार को रोकें ताकि ऋषिकेश में यह महामारी का रूप ना ले पाए। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, जितेंद्र बिष्ट, जयकृत रावत, डॉक्टर सुनील दत्त थपलियाल, रंजन अंथवाल, प्रवीण रावत, विकास नेगी, विवेक शर्मा आदि उपस्थित थे।

सेवा पखवाड़ाः वीरभद्र मंडल ने स्वच्छता अभियान चला महापुरूषों की मूर्तियां की स्वच्छ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को भारतीय जनता पार्टी में सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया गया। इस क्रम में आज वीरभद्र मंडल द्वारा स्वच्छता अभियान में क्षेत्र में बनी महापुरुषों के मूर्तियों को साफ सुथरा कर और पुष्प माला पहनाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

बापू ग्राम पंचायत घर नगर निगम मिनी कार्यालय में महात्मा गांधी, संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर और मीराबेन जी की मूर्तियों की सफाई कर पुष्प माला पहनाई गई।

इसके बाद शहीद स्मारक अमित ग्राम में शहीदों की स्मारकों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, मंडल महामंत्री व पार्षद सुंदरी कंडवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष अविनाश, वायुराज, रोहित भारद्वाज, निर्मला उनियाल, पुनीता भंडारी, गीता मित्तल, माया घले, शशि सेमल्टी, बालम सिंह रावत, महावीर चमोली, प्रताप राणा, विवेक चतुर्वेदी, अनीता देवी, रंजीत, सुशील आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

न्यायालय ने चेक बाउंस में आरोपी बनाए व्यक्ति को किया बरी

चेक बाउंस के मामले पर न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश ने अपना फैसला सुनाया है। न्यायालय ने आरोपी को दोषमुक्त किया है।

अधिवक्ता शुभम राठी ने बताया कि सुनील रावत पुत्र केएस रावत निवासी नटराज चौक ढालवाला टिहरी गढ़वाल ने न्यायालय में वाद दायर किया। जिसमें वादी ने बताया कि बलवीर सिंह पुत्र सतनाम निवासी गढ़ीमयचक ऋषिकेश से अच्छी जान पहचान थी। वादी के अनुसार बलवीर सिंह के साथ एक जमीन का सौदा किया। जिसके बयाने के लिए वादी ने 12 लाख 50 हजार रूपये दिए। मगर, कुछ समय बाद जमीन का सौदा निरस्त हो गया। इस पर सुनील रावत ने बलवीर से अपने रूपये वापस मांगे। जिस पर बलवीर ने चेक दिया, जो बाउंस हो गया।

अधिवक्ता शुभम राठी ने इस मामले में आरोपी बनाए गए बलवीर सिंह की ओर से मजबूत पैरवी की। उन्होंने न्यायालय को बताया कि बलवीर सिंह ने सुनील रावत से 12 लाख 50 हजार रूपये नहीं लिये थे। सिर्फ 10 लाख रूपये लेकर एक ब्लैंक चेक दिया था, जिसे वापस न देने पर जमीन पर कब्जा करने को लेकर सहमति बनी थी। अधिवक्ता ने न्यायालय में यह आवश्यक दस्तावेज के जरिए यह साबित कर दिखाया कि सिर्फ 10 ही लाख रूपये लिए थे, जो वापस भी लौटा दिए।

अधिवक्ता शुभम राठी की ठोस पैरवी को आधार बनाते हुए न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेंद्र कुमार ने बलवीर सिंह को दोषमुक्त किया है।

दिव्यांग 12 वर्षीय बच्ची को नीरजा गोयल ट्रस्ट ने दी व्हील चेयर

नीरजा देवभूमि चेरिटेबल ट्रस्ट ने 12 वर्षीय दिव्यांग बच्ची को व्हील चेयर प्रदान की है। ट्रस्ट की संस्थापक व पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल ने बताया कि इंदिरा नगर निवासी 12 वर्षीय बिटिया के परिजनों की आर्थिक स्थिति सही न होने पर व्हील चेयर लेने में असमर्थ थे।
बताया कि ट्रस्ट ने परिवार की आर्थिक स्थिति और बच्ची की कंडीशन को देखते हुए व्हीलचेयर उपलब्ध कराई।

ट्रस्ट संस्थापक नीरजा गोयल जी ने बताया की ट्रस्ट ऋषिकेश क्षेत्र में हर संभव सहायता करने तत्पर रहता है। फिर चाहे हो किसी भी निर्धन व्यक्ति की सेहत को लेकर, चाहे निर्धन लोगों में भोजन कराना हो, व्हीलचेयर प्रदान करनी हो, दिव्यन्ग्जनों को प्रोत्साहित करना है।

ट्रस्ट समाज में रह रहे निर्धन वर्ग के लोगों की सहायता के लिए सदेव तत्पर रहता है

मां को मारकर चोट पहुंचाने वाला कलियुगी पुत्र गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने अपनी ही मां को जान से मारने की असफल कोशिश कर चोट पहुंचाने वाले पुत्र को शिवाजी नगर से धर दबोचा है। पुलिस ने यह कार्रवाई पिता की तहरीर पर की है।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि सुमन विहार बापू ग्राम निवासी द्वारिका प्रसाद कोठारी ने बताया कि उनका पुत्र शुभम कोठारी ने उनकी पत्नी व आरोपी की मां गुड्डी देवी को जान से मारने की कोशिश करते हुए सिर पर गंभीर चोट पहुंचाने तथा हाथ फ्रैक्चर किया है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए शुभम को शिवाजी नगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की उम्र 23 वर्ष है।

पुराने रेलवे मार्ग से गुजरते वक्त मंत्री अग्रवाल ने मौके से लगाया फोन डीआरएम को फोन, दिए मार्ग दुरस्त करने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षतिग्रस्त पुराना रेलवे मार्ग को बनाने के लिए डीआरएम मुरादाबाद को फोन पर निर्देश दिए। मंत्री ने जल्द ऋषिकेश पहुंचकर क्षतिग्रस्त मार्ग का मुआयना करने को भी कहा।

मंत्री डा. अगव्राल ने पुराना रेलवे मार्ग से ऋषिकेश से देहरादून जाते वक्त मौके पर उतरकर मुरादाबाद डिवीजन के उच्चधिकारी डीआरएम अजय नंदन से दूरभाष पर वार्ता की। मंत्री अग्रवाल ने डीआरएम अजय नंदन को मौके से ही क्षतिग्रस्त मार्ग की वास्तविक स्थिति बताई।

डा. अग्रवाल ने डीआरएम को बताया कि ऋषिकेश के पुराना रेलवे स्टेशन के समीप मार्ग पर में वृहद स्तर के गड्ढे हो रखे हैं। जिस पर छोटे ही नहीं बड़े वाहन भी असुविधा के साथ आवागमन करते हैं। बताया कि रात्रिकाल में इस मार्ग से गुजरना मुश्किलभरा रहता है।

डा. अग्रवाल ने बताया कि कई बार इस मार्ग से जाते वक्त लोग चोटिल भी हो जाते हैं, साथ ही एक मृत्यु भी इस मार्ग पर हो चुकी है। डा. अग्रवाल जी ने डीआरएम को बताया कि बाहरी मार्ग से नगर के आंतरिक मार्ग को जोड़ने के चलते यह व्यस्तम मार्गों में से एक है।

डा. अग्रवाल ने बताया कि इस मार्ग से अधिकांश विद्यालयों की बसें, अस्पतालों की एंबुलेंस तक गुजरती है, ऐसे में इस मार्ग का बनना अतिआवश्यक है। मंत्री डा. अग्रवाल ने मार्ग की वास्तविक स्थिति बताकर डीआरएम अजय नंदन को दूरभाष पर निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जल्द ऋषिकेश पहुंचकर क्षतिग्रस्त मार्ग का निर्माण किया जाए। जिससे इस मार्ग पर आवागमन सुविधाजनक हो सके।

चेक बांउस के मामले पर कोर्ट ने सुनाया फैसला, आरोपी से हटाए आरोप

न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश की अदालत ने चेक बाउंस के मामले में अपना फैसला सुनाते हुए आरोपी को दोषमुक्त किया है।

अधिवक्ता रूद्राक्ष शर्मा और अधिवक्ता राजकिशोर शर्मा ने बताया कि न्यायालय में दाखिल एक वाद में बताया गया कि राजंेंद्र त्यागी पुत्र ओमप्रकाश त्यागी निवासी छिद्दरवाला की कैलाश मणी रतूड़ी पुत्र विशालमणी निवासी छिद्दरवाला से अच्छी जान पहचान है, जिसके आधार पर राजेंद्र ने वर्ष 2014 में पांच लाख रूपये उधारी के तौर पर कैलाशगणी को दिए। मगर, तय समय पर वापस न लौटाने पर जब कैलाशमणी से कहा गया तो उस पर दो चेक दिए गए, जो बाउंस हो गए।

अधिवक्ता रूद्राक्ष शर्मा और अधिवक्ता राजकिशोर शर्मा ने न्यायालय के समक्ष कैलाशमणी की ओर से जोरदार पैरवी की। उनकी मजबूत पैरवी की बदौलत आरोप लगाने वाला पक्ष अपनी पांच लाख रूपये देने की क्षमता को न्यायालय के सम्मुख साबित नहीं कर सका। साथ ही परिजनों से जान पहचान भी साबित नहीं कर पाया। जिसके आधार पर न्यायिक मजिस्ट्रेट उर्वशी रावत की अदालत ने फैसला सुनाते हुए कैलाशमणि रतूड़ी को दोषमुक्त किया है।

मंत्री अग्रवाल ने नगर आयुक्त को दिए निर्देश, शिवाजी नगर में पानी जमा होने का है मामला

शिवाजी नगर में गहरे नाले में जमा पानी की निकासी की मांग को लेकर पार्षद जयेश राणा ने स्थानीय लोगों के साथ कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की। जिस पर मंत्री डा. अग्रवाल ने नगर आयुक्त राहुल गोयल को मौके पर जाकर नाले से पानी की निकासी करने के निर्देश दिए।

बैराज रोड़ स्थित कैंप कार्यालय में पार्षद जयेश राणा ने मंत्री डा. अग्रवाल को मांग पत्र भी सौंपा। पार्षद ने बताया कि इन दिनों डेंगू का प्रकोप तीर्थनगरी में लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में शिवाजी नगर में नाले में जमा पानी की निकासी न होने से लोगों में दहशत का माहौल है। पार्षद ने मंत्री डा. अग्रवाल को बताया कि यहां नाले में वर्षाकाल से पानी जमा है।

पार्षद जयेश ने बताया कि कई बार स्कूली बच्चे इस नाले में गिरकर चोटिल हो चुके है। कहा कि नाले में कई बार जानवर भी गिरकर घायल हुए हैं। पार्षद मंत्री डा. अग्रवाल जी से नाले में जमा पानी की निकासी की मांग करते हुए नाले के गहरे स्वरूप को कम कर नाली बनाने की भी मांग की।

इस पर कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल जी ने नाले पर जमा पानी की निकासी के लिए नगर आयुक्त राहुल गोयल को निर्देशित किया। उन्होंने नगर आयुक्त को मौके पर जाकर स्थिति जांचने को भी कहा। साथ ही जल्द ही पानी के निकासी करने के निर्देश दिए।

मांग पत्र देने वालों में स्थानीय नीरज गोस्वामी, भरत सिंह नेगी, महिपाल सिंह गुंसाई, संजय रावत, संजू बाबा, गौरव रौथाण, रोशन सजवाण आदि उपस्थित रहे।

कोतवाली पुलिस ने यूनिपोल चोरी के आरोप में पांच को किया गिरफ्तार

भरत विहार स्थित प्लॉट से डेढ़ लाख की कीमत के दो यूनिपोल चोरी के आरोप में पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक इंदिरा नगर रेलवे रोड, ऋषिकेश निवासी विकास शाही पुत्र एसएस शाही ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 12 सितंबर को भरत विहार स्थित प्लॉट से उनके दो यूनिपोल चोरी हो गए। उन्होंने अब्दुल खालिद, इकराम, सनवर अली, जुनेद और अजमद अली पर हाइड्रा की मदद से ट्रक में लोड कर यूनिपोल चोरी का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी किए दो यूनिपोल, चोरी में प्रयुक्त ट्रक, हाइड्रा और कार को भी बरामद किया। कार को पुलिस ने सीज कर दिया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी अब्दुल खालिद पुत्र जुल्फिकार अहमद, इकराम पुत्र रामजान, जुनेद पुत्र अफजाल अहमद, अजमत अली पुत्र हासिम अली निवासी रायपुर रोड और सनवर अली पुत्र मनवर अली निवासी राजीव नगर रिस्पना पुल नेहरू कॉलोनी, देहरादून को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

मंत्री अग्रवाल ने नगर के अधिकारियों की बैठक ली, दिए डेंगू की रोकथाम के निर्देश

तीर्थ नगरी में लगातार डेंगू के मरीजों की संख्या में इजाफा होने पर कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक ने नगर निगम के उच्चाधिकारियों की बैठक ली। इस मौके पर निगम डेंगू के लार्वा नष्ट करने की धीमी कार्यप्रणाली पर जोरदार फटकार भी लगाई। साथ ही पूरे नगर निगम क्षेत्र में अभियान चलाकर डेंगू के लारवा को नष्ट करने के कड़े निर्देश भी दिए।

बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में मंत्री डॉ अग्रवाल ने नगर आयुक्त राहुल गोयल से नगर में डेंगू की रोकथाम के संबंध में जानकारी हासिल की। नगर आयुक्त राहुल गोयल ने बताया कि प्रथम चरण में सात जगहों में अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा डेंगू की सूचना आने पर टीम भेजी जाती है। इस पर मंत्री डॉ अग्रवाल ने फटकार लगाते हुए कहा कि सूचना आने का इंतज़ार न करें।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम अपने कार्यों में तेजी लाये। डेंगू को उत्पन्न न होने दे, इस दिशा में कार्य करे। इसके लिए निगम की टीम सेनेट्री इंस्पेक्टर के नेतृत्व में हर घर, घर-घर जाकर अभियान चलाए। डॉ अग्रवाल जी ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि डेंगू के लार्वा को पैदा न होने दे।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान में डेंगू तेजी से अपने पैर पसार रहा है। आये दिन इसके मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। ऐसे में सघन अभियान चलाकर इसके लार्वा को नष्ट करना होगा। डॉ अग्रवाल जी ने नगर आयुक्त राहुल गोयल और सहायक नगर आयुक्त रमेश रावत को स्पष्ट तौर पर निर्देशित करते हुए कहा कि पूरे क्षेत्र में फॉगिंग, टैंकर से दवाई छिड़काव, एक जगह जमा पानी को हटाये, डोर टू डोर जाकर अभियान चलाया जाए।

जनता के बीच जाकर जानें समस्या
कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने नगर आयुक्त को कहा कि समय निर्धारित करें और क्षेत्र में जनता के बीच जाकर उनकी समस्या भी जानें। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम अपनी कार्यशैली में सुधार लाये।