मोदी सरकार हर वर्ग के लिए बना रही योजनाये-धामी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को शिमला में गरीब कल्याण सम्मेलन में प्रतिभाग किया। उन्होंने अनेक राज्यों के लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद भी किया, जो सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि के तहत 10 करोड़ से अधिक किसानों को 21 हजार करोड़ से अधिक की 11वीं किस्त का डिजीटल हस्तांतरण किया। देश के 1500 से अधिक स्थानों से वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम में लोग जुड़े थे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखण्ड के 8 लाख 89 हजार 695 किसानों को 177.94 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की गई।
आजादी का अमृत महोत्सव के एक भाग के रूप में गरीब कल्याण सम्मेलन के माध्यम से भारत सरकार के नौ मंत्रालयों की सोलह योजनाओं के माध्यम से गरीबों को सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जा रही है। इसके तहत जिन महत्वपूर्ण योजनाओं के तहत लाभार्थी लाभान्वित हो रहे हैं, उनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री स्वानिधि योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना आदि शामिल हैं। यह सम्मेलन देश भर में अब तक के सबसे बड़े एकल आयोजनों में से एक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में पंतनगर से वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नई कार्य संस्कृति, कार्य व्यवहार लागू हुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का मान-सम्मान दुनियां में बढ़ा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी देश ही नहीं विश्व के स्वीकार्य एवं लोकप्रिय नेता बन गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 8 वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री अन्न योजना के माध्यम से हर व्यक्ति का चूल्हा जलता रहा। सस्ता गल्ला से सम्बन्धित राशन की समस्या को दूर करने के लिए वन नेशन वन राशन कार्ड योजना को बहुत ही सरलता से लागू किया गया है, जिससे जनता को राशन लेने में बहुत आसानी होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सुशासन की दिशा में सरकार और कठोर निर्णय लेने वाली है। जनता की समस्याओं का सरलता से निराकरण हो, इसके लिए अधिकारियों को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तराखण्ड में गरीब कल्याण सम्मेलन का मुख्य आयोजन मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में किया गया। कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि राज्य स्तरीय सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत 31 लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। लाभार्थियों ने इन योजनाओं से हुए लाभ के बारे में अपने विचार साझा किये। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह प्रयास किये जाए कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों को मिले। सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार किया जाए, जिससे आमजन योजना का पूरा लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक बंशीधर भगत, सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, खजानदास, सहदेव सिंह पुण्डीर, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, मेयर ऋषिकेश अनिता ममगाईं, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनन्द बर्द्धन, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, सचिन कुर्वे, एच.सी. सेमवाल, विनोद कुमार सुमन, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार, जिलास्तरीय अधिकारी एवं लाभार्थी मौजूद रहे।

मुख्य सचिव ने राज्य खाद्य सुरक्षा मिशन की कार्यकारी समिति की बैठक ली

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु की अध्यक्षता में राज्य खाद्य सुरक्षा मिशन की कार्यकारी समिति की बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि किसानों को उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएं। साथ ही मार्केटिंग आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने फसलों की नई वैरायटी विकसित करने हेतु प्रदेश स्तर में ही प्रयास किए जाने के साथ ही दालों, पोषक अनाजों और तिलहन की खेती को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किए जाने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने योजनाएं बनाते समय क्षेत्र विशेष हेतु योजनाएं तैयार किए जाने के भी निर्देश दिए। कहा कि प्रत्येक क्षेत्र की अपनी भौगोलिक परिस्थितियां और जलवायु भिन्न-भिन्न होती है। एक ही योजना मैदानी और पर्वतीय क्षेत्र में लागू करने से योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियां और जलवायु के अनुसार प्रत्येक जनपद के लिए अलग योजनाएं तैयार की जा सकती हैं। अच्छी योजनाएं तैयार करें। अच्छी योजनाओं के लिए फण्ड की कमी नहीं होने दी जाएगी। इन योजनाओं पर आवश्यकता पड़ने पर राज्य सरकार से भी फण्ड उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके उपरान्त मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री राज्य कृषि विकास योजना और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (त्ज्ञटल्-त्।थ्ज्।।त्) की राज्य स्तरीय अनुमोदन समिति की बैठकें भी संपन्न हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वॉलनट और कीवी के उत्पादन पर फोकस कर किसानों को इसकी खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए हर सम्भव प्रयास किए जाएं।

मुख्य सचिव ने उत्पादों को जंगली जानवरों से सुरक्षित रखने हेतु बायोफेंसिंग विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए अलग से सेल बनायी जाए जो इस दिशा में लगातार क्षेत्र विशेष और वहां रहने वाले जानवरों के अनुसार बायोफेंसिंग तैयार करे। मुख्य सचिव ने सभी एलाईड विभागों द्वारा एक इंटीग्रेटेड प्लान तैयार कर पलायन से ग्रसित गांवों में एग्रीगेटर तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने एक योजना को पूरे प्रदेश में लागू करने के बजाए, क्षेत्र की आवश्यकता अनुसार प्लान तैयार किए जाने के निर्देश दिए। कहा कि किसानों को सरकार की ओर से हर सम्भव सहायता उपलब्ध करायी जाए। प्रशिक्षण और इंसेंटिव भी दिया जाए। उन्होंने सभी योजनाओं को सोशल ऑडिट और थर्ड पार्टी ऑडिट किए जाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, वीवी आर. सी. पुरुषोत्तम सहित सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

रामझूला में पार्किंग शुल्क को लेकर गढ़वाल मंडल की टैक्सियों को राहत

गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन में टैक्सी चालकों की बैठक हुई। बैठक में एसोसिएशन अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत ने कहा कि रामझूला से संचालित एसोसिएशन की टैक्सियों से पार्किंग ठेकेदार द्वारा पार्किंग शुल्क का दबाव बनाया जा रहा था। इसकी शिकायत एसोसिएशन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल से की। कहा कि पूर्व में कभी भी एसोसिएशन की टैक्सियों से पार्किंग शुल्क नहीं वसूला गया। किंतु अब पार्किंग ठेकेदार लोकल टैक्सियों से भी पार्किंग शुल्क लेने की बात कह रहे हैं।

शिकायत का संज्ञान लेकर महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने दूरभाष पर नगर पंचायत मुनिकीरेती अध्यक्ष रोशन रतूड़ी और पार्किंग ठेकेदार वैभव थपलियाल से वार्ता की और पूर्व से संचालित टैक्सियों को पार्किंग शुल्क में राहत देने की बात कही। इसके बाद पार्किंग ठेकेदार द्वारा इस पर सहमति व्यक्त की गई है।

दुष्कर्म के आरोप में युवक अरेस्ट

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि बीते सोमवार को एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 14 साल की नाबालिग बेटी के साथ युवक ने बहला-फुसलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो ऐक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी सुमित पुत्र खेम सिंह निवासी झबरेडी, थाना झबरेड़ा जिला हरिद्वार हाल पता बैराज कॉलोनी, ऋषिकेश को वीरपुर खुर्द तिराहे से गिरफ्तार किया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

ऑटो चालकों की मनमर्जियां सवारियों पर पड़ रही हैं भारीः राजे नेगी

अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे नेगी ने बताया कि चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद तिपहिया चालकों का मनमाना रवैय्या देखने को मिल रहा है। श्रद्वालुओं की जबरदस्त भीड़ रोजाना यात्रा के मुख्य द्वार में उमड़ रही है। प्रशासन ने न तो ऑटो के रूट तय किए हैं और न ही उनका किराया। इसके चलते यहां आने वाले यात्री आए दिन उनकी मनमर्जी का शिकार हो रहे हैं। लोकल यात्री भी तिपहिया चालकों की मनमर्जियों की वजह से परेशान हैं।उन्होंने कहा कि लोकल यात्रियों के लिए अलग से ऑटो के रूट तय होने चाहिए।ऑटो तय रूट पर ही चलें साथ ही हर रूट पर उनका किराया भी तय होना चाहिए। यह निर्धारण पूर्व के वर्षों में प्रशासन करता था।

तय व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक ऑटो में उसका निर्धारित रूट, किराया सूची और आपातकाल सहायता नंबर का होना जरूरी है। पर, धर्मनगरी में प्रशासन ने यह व्यवस्था नहीं की है।उन्होंने कहा कि तीर्थ नगरी में चलने वाले ऑटो लोगों के लिए असुविधा और परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। ऑटो पर निर्भर रहने वाले लोगों को रोजाना चालकों की मनमानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने लापरवाही और नियम के विरुद्ध ऑटो चलाने वालों के खिलाफ एआरटीओ एवं पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

मोबाइल लूट में दो नाबालिग सहित चार व्यवस्क गिरफ्तार

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि बीते रोज वीरपुर खुर्द, सीमा डेंटल, गली नंबर तीन निवासी उर्मिला देवी पत्नी इंदू कुमार यादव ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि देर रात 10.30 बजे उनका बेटा उज्जवल किसी काम से मीरानगर पुलिया के पास से मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था। इसी बीच स्कूटर में सवार कुछ लड़के आए और अचानक बेटे से मोबाइल छीन कर फरार हो गए। इसके बाद घर पहुंचकर उनके बेटे ने मोबाइल लूटने की घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाली। मंगलवार सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को ऋषिकेश बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। जबकि दो अन्य नाबालिगों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में लूटे गए चार मोबाइल भी बरामद किए हैं। कोतवाली के एसएसआई डीपी काला ने आरोपियों की पहचान करण राजपूत उर्फ संजू पुत्र रोहित कुमार निवासी कबीर बस्ती, मिलेरगंज, जिला लुधियाना, पंजाब हाल पता न्यू चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश और भोलू उर्फ विश्वनाथ सिंह पुत्र जीवन कुमार सिंह निवासी चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश के रूप में कराई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। टीम में एम्स चौकी प्रभारी शिवराम, महिला उपनिरीक्षक सोनल पुरी, कांस्टेबल विकास फोर, सतीश रावत, अमित कुमार शामिल रहे।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर काबीना मंत्री ने लोगों से की निकोटिन छोड़ने की अपील

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अंतरराष्ट्रीय तंबाकू निषेध दिवस पर जन जागरूकता पर जोर देने को कहा है। उन्होंने तम्बाकू, निकोटीन, बीड़ी, सिगरेट के दुष्प्रभाव बताते हुए इसकी जगह सौंफ, इलायची को बेहतर बताया।
कहा कि हर वर्ग और हर उम्र के व्यक्ति के लिए तंबाकू या उससे बने उत्पादों, बीड़ी, सिगरेट आदि का सेवन हानिकारक है। खुद इस तरह के उत्पाद बनाने वाली कंपनियां भी इससे होने वाले दुष्परिणामों को भी बताती हैं। उन्होंने कहा कि भारत में तकरीबन 2700 लोग तंबाकू या इससे बनने वाले उत्पादों का सेवन करने से मृत हो जाते हैं। भारत में 50 फ़ीसदी लोग दूसरों के द्वारा बीड़ी सिगरेट के सेवन से निकलने वाले हुए से प्रभावित होते हैं। कहा कि उत्तराखंड में यह संख्या 85 फीसदी है।

कहा कि सरकार ने तंबाकू एवं अन्य तंबाकू उत्पाद जैसे गुटखा, खैनी, जर्दा, तंबाकू वाले मसाले, बीडी, सिगरेट, हुक्का, सिगार ऐसे तमाम उत्पादों को 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों के लिए प्रतिबंधित किया है। ने आग्रह करते हुए कहा कि तम्बाकू, बीड़ी, सिगरेट की जगह इलायची, सौंफ को अपनाएं।
उन्होंने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के पांचवें संस्करण की रिपोर्ट का जिक्र किया। बताया कि रिपोर्ट में उत्तराखंड में 33.7 फ़ीसदी लोग तंबाकू, गुटका बीड़ी सिगरेट का सेवन, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 36.9 फीसदी और शहरी क्षेत्रों में 27.5 फ़ीसदी लोग होना बताया है।
उन्होंने तंबाकू या इससे जुड़े कोई भी उत्पाद को नहीं अपनाने का आग्रह किया।

फर्जी रजिस्ट्रेशन कराकर यात्रियों से धोखाधड़ी करने के मामले में ट्रेवल एजेंट और एजेंसी पर मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश पुलिस ने बताया कि सोमवार को संजय कुमावत पुत्र राधेश्याम कुमावत निवासी गुणावद थाना सदरपुर जिला धार, मध्य प्रदेश ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि हरिद्वार में एक एजेंट सुमित कश्यप उन्हें हरकी पैड़ी की पार्किंग में मिला। एजेंट ने बताया कि वह चारधाम यात्रा की ऑनलाइन बुकिंग करता है। उन्होंने एजेंट की बातों पर विश्वास कर अपने ग्रुप के 120 लोगों का उससे ऑनलाइन पंजीकरण कराया।
पंजीकरण की एवज में उसने आठ हजार रुपये लेकर एक कागज उन्हें थमा दिया। इसके बाद वे ऋषिकेश में पहुंचे तो चेकिंग बैरियर पर उन्हें रोका गया। यहां पर रजिस्ट्रेशन फर्जी बताकर उन्हें वापस लौटा दिया। जबकि दूसरे मामले में रामअवतार शर्मा पुत्र किशन चंद शर्मा निवासी ग्राम पोस्ट गोमी थाना सिंघानिया, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश ने पुलिस को बताया कि 25 मई को मुरैना से गंगा टूर एंड ट्रेवल्स एबी रोड स्टैंड थाना सिविल लाइन मुरैना, एमपी के जरिए 65 लोगों का एक ग्रुप उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए आया था।
ट्रेवल एजेंसी मालिक रामू सिकरवार उर्फ रामेंद्र सिंह पर प्रत्येक यात्री से 10 हजार रुपये किराया लेने का आरोप लगाया। साथ उन्हें रजिस्ट्रेशन का भी भरोसा दिलाया गया। 26 मई को ट्रेवल एजेंट राम निवास धाकड़ एवं शोभन ने बताया की मुरैना में ही चारधाम के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया जा रहा है। बीते रोज एजेंट ने रामेंद्र सिकरवार को व्हाट्सएप से उनका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भेजा। लेकिन ऋषिकेश में चेकिंग बैरियर पर रजिस्ट्रेशन फर्जी होने पर उन्हें वापस लौटा दिया गया। ट्रेवल एजेंसी पर 6 लाख 40 की रकम ठगने और फर्जी रजिस्ट्रेशन का आरोप लगाया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की ट्रेवल एंजेसी और एजेंट पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी है

त्रिवेणी घाट पर गंगा में डूब रहे तीन लोगों को जल पुलिस ने सकुशल बचाया


सोमवती अमावस्या के मौके पर श्रद्धालुओं के भारी संख्या में होने के चलते त्रिवेणी घाट पर जल पुलिस एवं आपदा राहत दल को विशेष निगरानी के लिए निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 70 वर्षीय सुनील बिरारी पुत्र राजाराम बिरारी निवासी थाना देवपुर जिला धुलिया महाराष्ट्र और दो अन्य 24 साल के निशांत जैन पुत्र हरेंद्र जैन निवासी 74 महावीरनगर आगरा रोड जयपुर राजस्थान सहित 21 वर्षीय सूरज शर्मा पुत्र राजेन्द्र शाह शर्मा निवासी 75 महावीर नगर आगरा रोड जयपुर राजस्थान को गंगा की तेज धारा में डूबने से बचाया।

बचाव दल में नायक रवि बालिया, हरीश गुसाईं, विनोद सेमवाल, विपिन काला, जगमोहन सिंह, शुभाष तोमर, पंकज जखमोला शामिल रहे।

कांग्रेस संगठनात्मक चुनावः बूथ अध्यक्ष के बाद अब ब्लॉक अध्यक्षों का किया जाएगा चयन

श्यामपुर में कांग्रेस संगठनात्मक चुनाव के मद्देनज़र ब्लॉक कांग्रेस श्यामपुर के ब्लॉक चुनाव अधिकारी माधव अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई।

ब्लॉक चुनाव अधिकारी माधव अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के तहत आज श्यामपुर ब्लॉक कांग्रेस के बूथ अध्यक्षों व बूथ डेलीगेटों के चुनाव के लिये सर्वसम्मति से नाम लिये और निर्वाचन की घोषित करने की कार्यावाही को पूर्ण किया। माधव अग्रवाल ने बताया कि इसके पश्चात द्वितीय चरण में ब्लॉक अध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य का चुनाव होगा।

कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक संगठन है इसके तहत इसमें चुनाव किये जा रहे हैं और आज रायवाला कांग्रेस ब्लॉक कमेटी के बूथ अध्यक्षों, बूथ डेलीगेटों व ज़िला सदस्यों का सर्वसम्मति से चयन किया गया और जल्द ही ब्लॉक अध्यक्ष सहित ब्लॉक कार्याकारिणी का चुनाव किया जायेगा।

कार्यक्रम में ज़िलाध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा, प्रदेश सचिव विजयपाल रावत, कांता प्रसाद कंडवाल, उपप्रधान रोहित नेगी, रतनदेव देव रयाल, रमेश रांगढ, पुरुषोत्तम रावत, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष व्यास, गब्बर कैन्तुरा, धर्मपाल जेठुडी, राकेश सिंह, निर्मल रांगढ, अरुण, नवीन दैसवाल, बलदेव नेगी, प्रीतम आदि मौजूद रहे।