उप जिलाधिकारी ऋषिकेश ने शहरी विकास मंत्री से की शिष्टाचार भेंट

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने चारधाम यात्रा को लेकर व्यवस्थाएं जानी। उन्होंने ऋषिकेश में दिन में कूड़ा उठान का कार्य होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कूड़ा उठान का कार्य रात्रिकाल में करने को कहा।

बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में उपजिलाधिकारी ने पदभार ग्रहण करने के बाद कैबिनेट मंत्री से भेंट की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा पूरी तरह से परवान चढ़ चुकी है, लिहाजा यात्रियों के साथ अच्छा आचरण अपनाया जाए। यात्रा पर आने वाला हर श्रद्धालु राज्य का अतिथि है और अतिथियों को हम देवता के रूप में पूजते है।

उन्होंने ऋषिकेश में दिन में कूड़ा उठान का कार्य होने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने उपजिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि सफाई का कार्य तीन चरणों में किया जाए और कूड़ा उठान का कार्य रात्रिकाल में किया जाए, जिससे अगले दिन ऋषिकेश आने वाला श्रद्धालु यहां की सफाई व्यवस्था देख सकारात्मक संदेश दे।

कहा कि आईएसबीटी में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था हो। तेज़ धूप से बचने के लिए इंतजाम किए जाए। रोजाना इन जगहों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करें। श्री अग्रवाल ने इसकी मॉनिटरिंग भी उपजिलाधिकारी को करने को कहा।

कहा कि ट्रैफिक की व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था हो, बोर्ड लगाकर पार्किंग लगाई जाए।

इस मौके पर पूर्व दायित्वधारी सन्दीप गुप्ता, मनोज ध्यानी आदि उपस्थित थे।

सहारनपुर के युवक को गंगा में डूबने से बचाया

तीर्थनगरी ऋषिकेश के त्रिवेणीघाट में स्नान करते समय अचानक पैर फिसलने से एक युवक का पानी के तेज बहाव में आकर बहने लगा। घाट पर मौजूद लोगों का शोर सुनकर मौके पर पहुंचे आपदा राहत और जल पुलिस के जवानों ने रेक्स्यू कर पानी में काफी दूर तक बह चुके युवक को बचा लिया।

त्रिवेणीघाट चौकी प्रभारी जगत सिंह के मुताबिक रविवार दोपहर 12.45 मोहित कुमार (23) पुत्र प्रताप सिंह निवासी शेखपुरा, जिला सहारनपुर यूपी त्रिवेणाीघाट पर पहुंचा। इस दौरान उसने कपड़े उतारे और स्नान करने लगा। अचानक उसका पैर फिसलकर तेज बहाव में चपेट आकर बहने लगा। पुलिस की टीम ने रेक्स्यू कर बचा लिया। टीम में रवि बालिया, कांस्टेबल पंकज जखमोला, हरीश गुसाईं, जयदीप सिंह, सुभाष सिंह, गोताखोर विनोद सेमवाल शामिल रहे।

मंडल अध्यक्ष दिनेश सती को काबीना मंत्री ने दी जन्मदिन की बधाई

भाजपा के तीनों मंडल पदाधिकारियों के साथ आज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने मुलाकात की। विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाने पर सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष दिनेश सती को उन्होंने उत्तरीय पहनाकर जन्मदिन की बधाई भी दी।

बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में हुई मुलाकात में उन्होंने चौथी बार प्रचंड जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा आप जैसे कार्यकर्ताओं का साथ हर किसी को नहीं मिलता। कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते है कि उनके पास देवतुल्य कार्यकर्ता है। जो हर परिस्थितियों में मेरी ढाल बनकर काम करते है।

कहा कि ऋषिकेश के विकास के लिए बहुत कार्य किये है, अब ऋषिकेश को आदर्श विधानसभा बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबका साथ, सबका विकास को लेकर कार्य करते है, उनके ही कदमों पर हमारे सीएम पुष्कर धामी भी कार्य कर रहे है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, वीरभद्र अरविंद चौधरी, श्यामपुर गणेश रावत, मंडल महामंत्री सुमित पंवार, सुंदरी कंडवाल, भूपेंद्र रावत, राजेश जुगलान, सतपाल सैनी, मानवेन्द्र कण्डारी, सोबन कैंतुरा, सुरेंद्र उनियाल, राम बहादुर क्षेत्री, सागर गिरी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गढ़़वाल महासभा ने किया लोकगीत ढोल दमाऊ रांसो मंडाण का लोकार्पण

चखुलि फिल्मस के बैनर तले लोकगीत ढोल दमाऊ रांसो मंडाण का लोकार्पण आज देहरादून रोड़ स्थित अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के कार्यालय पर किया गया।

महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी, महामंत्री उत्तम असवाल एवं गीत को अपने सुरों से सजाने वाली प्रसिद्ध लोक गायक धूम सिंह रावत ने संयुक्त रूप इसका लोकार्पण किया।

मौके पर डा. राजे सिंह नेगी ने कहा कि निश्चित ही यह लोकगीत देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक सांस्कृतिक विरासत एवं पारम्परिक पौराणिक वाद्य यंत्रों को जीवंत बनाये रखने में कारगर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि समाज में छिपी प्रतिभाओं को निखारने तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किये जाने के प्रयास किये जाने चाहिए।

गीत को अपनी सुमधुर आवाज से सजाने वाले लोक गायक धूूूम सिंह रावत ने बताया कि उनके साथ इस गीत को लोक गायिका ममता शाह ने गाया है। गीत के निर्माता जलम सिंह नेगी, रिकॉर्डिंग वीरेंद्र पंवार, एडिटिंग विकास उनियाल ने की है, सहयोग समाजसेवी हंसराज बडोनी, अंकित बिरमानी, प्रिया सिंह, राजेश रमोला, उदयराज कठैत, राकेश सिंह राणा ने किया।

मोडिफाइड बुलेट चलाने पर पुलिस ने की सीज की कार्रवाई

ऋषिकेश पुलिस ने अभियान चलाकर मोडिफाइड एवं रेट्रो साइलेंसर वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 08 बुलेट मोटरसाइकिल सीज की है, जबकि 55 वाहनों का चालान कर 55 हजार रूपये का जुर्माना लगाया है।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि वाहन चालको द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल पर मॉडिफाइड एवं रेट्रो साइलेंसर लगाने के कारण ध्वनि प्रदूषण हो रहा है जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है। जिस कारण पूरे प्रदेश भर में 15 दिवसीय अभियान चलाकर ’बुलेट मोटरसाइकिल में मोडिफाइड और रेट्रो साइलेंसर का प्रयोग कर पटाखे छोड़ने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया है।

बताया कि नटराज चौक, मंडी तिराहा, घाट चौक, चंद्रभागा पुल, श्यामपुर पुलिस चौकी तिराहा, बैराज तिराहा, गोल चक्कर आईडीपीएल पर चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की।

सरकार यात्रा को सुव्यवस्थित करने के लिए हर संभव कर रही प्रयासः धामी


उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सुव्यवस्थित और नियमानुसार यात्रा संचालन के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने चारों धामों में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था को समाप्त करते हुए एक समान व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस विभाग नियमों का कड़ाई से पालन करें और अतिरिक्त सावधानी बरते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा को लेकर सरकार लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। बीते 2 सालों में कोविड संक्रमण के कारण यात्रा नहीं चल पाई है ऐसे में इस बार यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा हमारी चुनौती है लेकिन सरकार इसे सुव्यवस्थित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बीते कुछ समय में चार धाम यात्रा में जितनी भी कैजुअल्टीज हुई हैं वह यात्रा में अव्यवस्था एवं भगदड़ मचने से नहीं बल्कि अन्य स्वास्थ्यगत कारणों से हुई है। मुख्यमंत्री ने चार धाम यात्रा पर आने वाले नौजवानों से अनुरोध करते हुए कहा है कि नौजवान पहले बुजुर्ग एवं महिलाओं को दर्शन करने का मौका दें।

सड़क डामरीकरण का कार्य काबीना मंत्री ने कराया शुरू

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने एम्स मार्ग का सीमा डेंटल के समीप डामरीकरण और निर्मल बाग विस्थापित के मुख्य मार्ग का एसटीपी तक डामरीकरण कार्य का भूमि पूजन कर कार्य प्रारंभ कराया।

भूमिपूजन कर उन्होंने मौजूदा लोगों सहित विभागीय अधिकारियों में मिष्ठान वितरण किया। कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में मूलभूत सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जनता की सेवा के लिए और जनता के आशीर्वाद से ही वह मंत्री बने है। बताया कि 35 लाख रुपए की लागत से तीन किलोमीटर लंबे निर्मल बाग विस्थापित मुख्य मार्ग का एसटीपी तक तारकोल से डामरीकरण प्रारंभ किया जा रहा है।
बताया कि इसके अलावा 13 लाख 25 हजार रुपए की लागत से 700 मीटर लंबे एम्स मार्ग का सीमा डेंटल कॉलेज के समीप एसडीबीसी से डामरीकरण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। जिसका लाभ स्थानीय लोगों सहित सैकड़ो लोगों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की जनता ने जो प्यार, आशीर्वाद मुझे दिया है, उसके लिए आभार व्यक्त करता हूं। कहा कि पुनः आप आशीर्वाद दें जिससे वह अगले पांच वर्ष तक विकास कार्याे को और तेजी से कर सके।

इस मौके पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, महामंत्री व पार्षद सुंदरी कंडवाल, उपाध्यक्ष जगदंबा सेमवाल, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष निर्मला उनियाल, ओबेसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष रविन्द्र कश्यप, माया घले, गुंजन शर्मा, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता सतीश कुमार, अपर सहायक अभियंता उपेंद्र गोयल, विनोद भारती, रामकैलाश, प्रताप सिंह राणा, प्रताप सिंह पंवार, भीम सिंह पंवार, बलवंत तड़ियाल, जग्गाराम, गणेश बिजल्वाण, पीएस खंतवाल, हरजीत सिंह, शोभा कोठियाल सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

छात्र संसद में विभिन्न पदों हुई चुनाव प्रक्रिया

सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज आवास विकास ऋषिकेश में छात्र संसद व कन्या भारती के गठन हेतु लोकतांत्रिक प्रक्रिया अध्यक्षात्मक चुनाव प्रणाली के आधार पर सम्पन्न हुई। प्रतिभाग करने हेतु भैया बहनों में बढ़-चढ़कर उत्साह दिखा।

जिसमे मुख्य चुनाव अधिकारी रामगोपाल रतूड़ी ने बताया कि छात्र संसद में प्रधानमंत्री पद हेतु वैभव कंडवाल, अनिश सोनी, अमन कोहली, संजू प्रजापति, वैभव धीमान, प्रकाश चंद्र पांडे, वही कन्या भारती में प्रमुख पद हेतु कैफीयां अंसारी, आस्था रतूड़ी, तनीषा कंसवाल, माधुरी पंवार मुख्य उम्मीदवार रहे।

वहीं, छात्र न्यायाधीश में ऋषभ रावत, आयुष रावत, हरिश्चंद्र बिजल्वाण और छात्रा में आयुषी अरोड़ा, स्वाति वर्मा, स्नेहा चौधरी उम्मीदवार रहे।

जबकि सेनापति पद पर मोहम्मद इमरान पठान, पीयूष भट्ट, योगेंद्र रावत, अनामिका पंवार, अर्पिता, तनिषा नेगी रहे।

एवं संसदीय कार्य मंत्री में शिवम सरोज, यशवर्धन, नितिन राणा, मुस्कान टंडन, शांति, अपूर्वा सेमवाल ने भी दावेदारी की।

इस अवसर पर चुनाव अधिकारी, वीरेंद्र कंसवाल, रजनी गर्ग ने बताया कि विद्यालय को सुचारू व संपन्न तरीके से चलाने के लिए विद्या भारती की योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के छात्र संसद व कन्या भारती के गठन हेतु आज चुनाव प्रक्रिया वैधानिक व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिसमें 91 छात्र छात्रा सांसदों ने मतदान किया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना एवं परीक्षा प्रभारी सतीश चौहान व कर्णपाल बिष्ट, नागेंद्र पोखरियाल, अजीत रावत आदि मौजूद रहे।

मिश्र ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जाने को लेकर कड़ा विरोध जताया

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ऋषिकेश की एक बैठक राज्य कर के उपायुक्त एसएस तिरूवा के साथ संपन्न हुई। इसमें विगत दिनों उपायुक्त कार्यालय से जारी व्यापारिक प्रतिष्ठानों के जानकारी प्राप्त करने तथा उनकी समस्याओं से अवगत होने हेतु व्यापारिक प्रतिष्ठानों का भ्रमण किया जाने वाले पत्र को लेकर चर्चा हुई।
चर्चा में नगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जाने को लेकर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
राज्य कर के उपायुक्त एसएस तिरूवा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि व्यापारी जो सोच रहे हैं ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने बताया कि राज्य कर का कोई भी कर्मचारी सिर्फ जीएसटी के अंतर्गत होने वाले रजिस्ट्रेशन की भौतिक स्थिति जानने हेतु ही मौके पर जाएंगे। जिसमें किसी भी व्यापारी से कोई भी चर्चा नहीं की जाएगी ना ही उनसे कोई प्रश्न किया जाएगा। उक्त भ्रमण मात्र फर्जी जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों के लिए ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त पत्र का उद्देश्य व्यापारियों को सूचित करना था जिससे कि दुकानदार आने वाले कर्मचारियों को गलत ना समझे और उनसे कोई गलत व्यवहार ना हो।
एसएस तिरूवा ने व्यापारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठान के बाहर अपना जीएसटी नंबर भी लिखने को कहा जिससे कि आने वाले कर्मचारियों को सुविधा रहे और वह दुकान का वेरिफिकेशन कर सकें।
जिला अध्यक्ष नरेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी सदा सरकार को सहयोग करता रहा है और भविष्य में भी सहयोगात्मक रवैया अपनाता रहेगा। वहीं, महामंत्री प्रतीक कालिया ने व्यापारिक हितों के लिए कुछ सुझाव भी रखे।
बैठक के बाद अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि वे सभी व्यापारी जिनके दुकान पर उनका जीएसटी नंबर नहीं लिखा गया है वह लिख ले, जिससे आने वाले कर्मचारियों को आसानी रहे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष दीपक तायल, नगर कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला अध्यक्ष आशु डंग, संयुक्त महामंत्री आशु अरोड़ा, व्यापार सभा अध्यक्ष मनोज कालरा, नवल कपूर, सुरेश सूरी, संजय व्यास, अजय कालरा, महेश किगर, सुनील तिवारी, पवन शर्मा, रमन नारंग, प्रदीप कोहली, राज्य सेवा कर के राजीव तिवारी, अंबिका सिंह आदि उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य को लेकर श्रद्धालुओं को जारी किये गये दिशा-निर्देश

चारधाम यात्रा-2022 के लिये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखण्ड के स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों के स्वास्थ्य के लिये हेल्थ एडवाईजरी जारी की गई है।
चारधाम यात्रा में समस्त तीर्थ स्थल उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित है, जिनकी ऊंचाई समुद्र तल से 2700 मी0 से भी अधिक है। उन स्थानों में यात्रीगण अत्यधिक ठण्ड, कम आद्रता, अत्यधिक अल्ट्रा वॉयलेट रेडिएशन, कम हवा का दबाव और कम ऑक्सीजन की मात्रा से प्रभावित हो सकते हैं। अतः सभी तीर्थ यात्रियों के सुगम एवं सुरक्षित यात्रा हेतु निम्न दिशा-निर्देश निर्गत किये गये हैं।
श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत ही यात्रा के लिए प्रस्थान करें। पूर्व से बीमार व्यक्ति अपने चिकित्सक का परामर्श पर्चा एवं चिकित्सक का संपर्क नम्बर एवं चिकित्सक द्वारा लिखी गयी दवाईयां अपने साथ रखें।
अति वृद्ध एवं बीमार व्यक्तियों एवं पूर्व में कोविड से ग्रसित व्यक्तियों के लिए यात्रा पर न जाना या कुछ समय के लिए स्थगित करना उचित होगा।
तीर्थस्थल पर पहुँचने से पूर्व मार्ग में एक दिन का विश्राम करना उचित होगा।
गर्म एवं ऊनी वस्त्र साथ में अवश्य रखें। हृदय रोग, श्वांस रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप से ग्रस्त रोगी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाते समय विशेष सावधानी बरतें।
लक्षण जैसे-सिर दर्द होना, चक्कर आना, घबराहट का होना, दिल की धड़कन तेज होना, उल्टी आना, हाथ-पांव व होठों का नीला पड़ना, थकान होना, सांस फूलना, खाँसी होना अथवा अन्य लक्षण होने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पहुँचें एवं 104 हैल्पलाईन नम्बर पर सम्पर्क करें।
धूम्रपान व अन्य मादक पदार्थों के सेवन से परहेज करें।
सनस्क्रीन एसपीएफ 50 का उपयोग अपनी त्वचा को तेज धूप से बचाने के लिए करें । यूवी किरणों से अपनी आंखों के बचाव हेतु सन ग्लासेस का उपयोग करें।
यात्रा के दौरान पानी पीते रहें और भूखे पेट ना रहें। लम्बी पैदल यात्रा के दौरान बीच-बीच में विश्राम करें। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में व्यायाम से बचें। किसी भी स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारी हेतु 104 एवं एम्बुलैंस हेतु 108 हैल्पलाईन नम्बर पर सम्पर्क करेंगे।