लापरवाही बरतने पर कोटद्वार के कृषि व भूमि संरक्षण को किया निलंबित

कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोशल मीडिया एवं मीडिया में प्रसारित खबर का तत्काल संज्ञान लेते हुए कृषि निवेशों के वितरण में लापरवाही के सम्बन्ध में कोटद्वार जनपद पौड़ी गढ़वाल के कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी को तत्काल निलंबन के आदेश दिए। मंत्री गणेश जोशी के आदेशानुसार विभागीय कार्यों में उक्त गम्भीर लापरवाही के दृष्टिगत कोटद्वार जनपद पौड़ी गढ़वाल के कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अरविन्द भट्ट को निलंबन के आदेश के उपरांत उन्हे आज निम्लबित कर दिया गया है। मंत्री ने मामले में महानिदेशक कृषि को विस्तृत जांच के भी आदेश दिए है।
ज्ञात हो कि कोटद्वार जनपद पौड़ी गढ़वाल द्वारा जैविक कृषि निवेश को कृषकों को वितरण करने में लापरवाही बरती गई। विकासखण्ड द्वारीखाल हेतु क्रय किये गये जैविक कृषि निवेश कृषकों तक उपलब्ध न होकर सड़क किनारे पाये गये। जिन कृषि निवेशों का लाभ कृषकों को मिलना चाहिये था वह लाभ कृषकों को नही मिला जिससे योजना के उद्देश्य भी प्रभावित हुए। जैविक कृषि निवेशों को कृषकों को उपलब्ध न होने से जो निवेश क्रय हेतु जो विभागीय धनराशि व्यय हुई है उसका भी दुरूपयोग हुआ है। कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी, कोटद्वार जनपद पौड़ी गढ़वाल द्वारा अपने पर्यवेक्षीय उत्तरदायित्व का सम्यक् रूप से निर्वहन नही किया गया। जिससे विभागीय धनराशि का दुरूपयोग एवं विभागीय छवि धूमिल हुई है। और योजना का अपेक्षित लाभ कृषकों तक नही पहुँच सका है।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा धामी सरकार में कोई भी गलत काम करेगा और कितना भी बड़ा अधिकारी हो लापरवाही बरतने वालों किसी को भी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा केंद्र सरकार द्वारा योजना के तहत किसानों को यह खाद वितरित की जानी थी, परंतु संबंधित भूमि संरक्षण अधिकारी द्वारा सड़क किनारे रखा गया। मंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं जन जन तक पहुंचाई जाए।

सोशल मीडिया में बढ़ी विघटनकारी एवं विकास विरोधी ताकतों की सक्रियताः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज के दौर में सूचनाओं के त्वरित संप्रेषण में सोशल मीडिया की बड़ी भूमिका है। सूचनाओं को आगे बढ़ाने में इसकी छोटी सी पोस्ट और ट्वीट उन्हें कहां से कहां तक पहुंचा देती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जन तक पहुंचाने में भी बड़ा माध्यम है। उन्होंने इस क्षेत्र में तकनीकी नवाचार के माध्यम से समसामयिक विषयों पर सटीक कंटेंट का बेहतर उपयोग किए जाने तथा इस में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित किए जाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की पोस्ट तथ्यों पर आधारित हो तथा इसका गलत उपयोग ना हो इस पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समसामयिक विषयों को एवं तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने पर लोगों की विश्वसनीयता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सोशल मीडिया के क्षेत्र में कुछ विघटनकारी एवं विकास विरोधी ताकतों की सक्रियता बढ़ी है, समाज का माहौल बिगाड़ने वालों की सक्रियता का भी सक्रियता से सकारात्मक सोच के साथ रोकने के प्रयासों पर भी उन्होंने बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के कंटेंट की भाषा सरल व सुगम हो सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों सामाजिक गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने का बेहतर प्लेटफार्म है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल के सफल कार्यकाल पूर्ण होने पर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से संबंधित कार्यक्रम में राजपुर रोड स्थित होटल में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं, देश में नए युग व नई कार्य संस्कृति विकसित हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जी-20 की अध्यक्षता करने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री के विस्तृत विजन की वजह से जी-20 की बैठकें देश के कोने-कोने में हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था पहले 11वें स्थान पर थी, जो प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व की वजह से पांचवें स्थान की अर्थव्यवस्था बन गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, आज अभूतपूर्व रूप से भारत का सांस्कृतिक उत्थान हो रहा है। सनातन संस्कृति का परचम विश्व में लहरा रहा है और हमारी आस्था के केन्द्रों का इतिहास और महत्व उसी गौरव के साथ प्रदर्शित किया जा रहा है, जिसके साथ इसे किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा की भांति कुमाऊं में मन्दिर माला मिशन के तहत पर्यटन को बढ़ाने का निरन्तर प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहाड़ पर रेल पहुचाने के सपने को साकार किया है। आज ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा सामरिक दृष्टि एवं भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है। इसी प्रकार चार धाम ऑल वेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट पर भी तीव्र गति से काम किया जा रहा है। चार धाम यात्रा उत्तराखण्ड के लिए लाइफ लाईन है और ये परियोजनाएं जहां चारधाम यात्रा को सुगम बनाएंगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी वहीं हमारी अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन भी लाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद लगभग डेढ़ लाख करोड़ की योजनायें स्वीकृत हुई जो उत्तराखण्ड से उनके लगाव को दर्शाता है।
केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने गरीबों की सेवा, वंचितों का सम्मान, नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी इन्फ्रास्ट्रक्चर, तकनीकि के विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य अनेक क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किये। उन्होंने भी सोशल मीडिया को जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार में बड़ा माध्यम बताया।

सीएम के निर्देश पर माता जी को खोजने अल्मोड़ा पुलिस मुंबई हुई रवाना

मुंबई की सड़कों पर दर-बदर की ठोकरें खा रही अल्मोड़ा निवासी एक बुजुर्ग महिला का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री ने उक्त बुजुर्ग महिला को खोजने के निर्देश अल्मोड़ा पुलिस को दिए हैं। अल्मोड़ा के एसपी प्रदीप राय ने बुजुर्ग महिला की तलाश हेतु एक टीम को मुंबई रवाना कर दिया है।
सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री के संज्ञान में एक वीडियो आया जिसमें एक बुजुर्ग महिला मुंबई की सड़क पर फटे हुए कपड़े पहने बैठी थी एवं वीडियो बनाने वाले को बता रही थी कि “मैं अल्मोडा की रहने वाली हूं, वहां मेरा बेटा और बेटी रहते हैं इत्यादि। मुख्यमंत्री द्वारा उस महिला की खोज कर मुंबई से वापस घर लाने के लिए पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया। प्रदीप कुमार राय, पुलिस अधीक्षक, अल्मोडा ने तहकीकात की तो पता चला कि वायरल वीडियो में जो माता जी दिख रही हैं, वह श्रीमती हेमा देवी निवासी ग्राम कोटियाग तहसील भिकियासैण जिला अल्मोडा हैं। वे मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं तथा पिछले 5-6 महीने से लापता हैं। उनकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई है। माता जी के 4 पुत्र व एक पुत्री होना ज्ञात हुआ है जिसमें से 2 पुत्र दिवंगत हो गए हैं। एक बेटा महेंद्र सिंह ग्राम देवरापाणी भदरोज खान के पास रहता है, दूसरा बेटा राम सिंह दिव्यांग है तथा पुत्री अपनी ससुराल में हैं।
उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा पुलिस की एक टीम मुंबई रवाना हो गई है। जिसने वीडियो बनाया था, उनसे सम्पर्क हुआ है तथा माता जी की खोजबीन जारी है। शीघ्र ही हमारी टीम माता जी को लेकर अल्मोडा वापस आ जाएगी। यदि उनके परिवार वाले देखभाल में असमर्थ होंगे, तो उन्हें अल्मोडा के नारी निकेतन में सम्मानपूर्वक भेजा जायेगा।

कोतवाली में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, तहरीर दी

कांग्रेस नेताओं पर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी से कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अभद्र टिप्पणी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता ऋषिकेश कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाल रवि सैनी को तहरीर सौंपी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पर अभद्र टिप्पणी की जा रही है। कहा कि हाल ही में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला के लिए भी सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां की गईं। कार्यकर्ताओं ने इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल रवि सैनी ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर व्यापार सभा के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, पार्षद मनीष शर्मा, वीरेंद्र सजवाण, दीपक धमांदा, सोनू पांडे, लोकपाल कैंतुरा, मधु जोशी, रवि कुमार जैन, अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे।

यूथ कांग्रेस ने फेसबुक पेज पर 10 लाख फॉलोअर्स बनाये

सोशल मीडिया के पेज पर यदि किसी ने कम समय में रिकॉर्ड तोड़ फॉलोअर्स का कीर्तिमान बनाया है तो वह है उत्तराखंड युवा कांग्रेस का जुनून और मेहनत के साथ बनाया गया नया कीर्तिमान। उत्तराखंड राज्य सोशल मीडिया की पृष्ठभूमि पर नए और जोशीले मुकाम प्राप्त कर रहा है। मुख्य बात यह है कि सोशल मीडिया के पेज पर 10 लाख की संख्या में फॉलोअर्स स्थापित करने में उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने बाजी मार ली है।
उत्तराखंड युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया पर रिकॉर्ड तोड़ बने 1000000 फॉलोअर्स पर सर्वप्रथम भारतीय युवा कांग्रेस सोशल मीडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वैभव वालिया को इस रिकॉर्ड तोड़ मुहिम का सीधा श्रेय जाता है, क्योंकि उन्होंने एक ऐसे युवा व्यक्तित्व को उत्तराखंड राज्य में युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया की कमान सौंपी है, जो कि जोशीले तथा जुनून से भरपूर होने के साथ ही मेहनती भी है। गौतम नौटियाल ने इस रिकॉर्ड को बनाया और 1000000 की संख्या वाले फॉलोअर्स को इतिहास के पन्नों में दर्ज करने का काम किया।
उत्तराखंड युवा कांग्रेस में सोशल मीडिया के प्रदेश सयोंजक गौतम नौटियाल ने 10 लाख फॉलोअर्स का कीर्तिमान स्थापित करने पर कहा है कि युवा कांग्रेस बुलंदियों पर पहुंच रहा है और जिसका जीता जागता उदाहरण स्थापित किए गए नए कीर्तिमान के रूप में सामने आ चुका है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया के इस दौर में बेहतर कार्य करने की आवश्यकता है और इसमें युवाओं की भूमिका अनिवार्य हो जाती है। सोशल मीडिया में प्रदेश संयोजक की कमान संभालने वाले गौतम नौटियाल ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया के पेज पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं एवं उससे जुड़े युवाओं तथा शिक्षित युवाओं को वे आभार एवं धन्यवाद करना चाहेंगे, क्योंकि उनके बिना ये इतिहास को नहीं रचा जा सकता था।

जो हमारे विचारों का जन्मजात विरोधी है, उनकी चिंता न करेः नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल राज किया। लेकिन जितने काम पीएम मोदी ने छह साल में किए, कांग्रेस सपने में भी नहीं सोच सकती है।

उत्तराखंड के दौरे के तीसरे दिन नड्डा ने सोशल मीडिया वॉलंटियरों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया वॉलंटियर परिवर्तन के वाहक हैं। भाजपा ही पहली पार्टी है, जिसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया। इसका लाभ पार्टी को मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो हमारे विचारों का जन्मजात विरोधी है, उनकी चिंता न करें।

इनकी अपने घर में भी नहीं बनती है। कार्यकर्ता को बुरी बातों से दूर रहना चाहिए। भाजपा देश के उज्ज्वल भविष्य की यात्रा में लगी हुई है। हमारी सोच में भारत के हर वर्ग के नागरिकों के उत्तम जीवन की होनी चाहिए। लाल सलाम बोलने वाले समाप्ति के कगार पर है और वंदे मातरम बोलने वाले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। विदेशों में भी वंदे मातरम वालों का गुणगान हो रहा है।

सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं से कहा कि जिन लाभार्थियों को हमारी योजनाओं का लाभ होता है। उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर साझा करें। हर कार्यकर्ताओं को अपना लक्ष्य तय करना है।

बैठक में प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी शेखर वर्मा ने कार्यकर्ताओं को आने वाली विभिन्न प्रकार की सोशल मीडिया की कठिनाइयों के बारे में जानकारी दी। बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

कोविड पर जागरूकता के लिए प्रमुख हस्तियों की बनाए वीडियो व आडियो क्लिप

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि जो लोग कोरोना संक्रमित हुए थे, इन कोविड विनर के अनुभवों पर आधारित छोटी-छोटी स्टोरी बनाई जाय। कोविड पर जागरूकता के लिए प्रदेश की प्रमुख हस्तियों के वीडियो एवं ऑडियो क्लिप बनाई जाय। कोविड से बचाव के लिए प्रत्येक जनपद में अलग-अलग थीम पर जागरूकता अभियान चलाया जाए। प्रदेश में पर्यटन की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं, आर्थिक गतिविधियां भी चलती रहे और लोगों में संक्रमण का खतरा भी न हो। इसके लिए मास्क के उपयोग, सामाजिक दूरी एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन की गाईडलाईन के अनुसार जागरूकता के लिए होटलों, सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर, बैनर, स्टिकर एवं ऑडियो-वीडियो मैसेज के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाय।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि कोविड से बचाव के लिए जागरूकता अभियान में सूचना एवं लोक संम्पर्क विभाग द्वारा सभी विभागों से समन्वय बनाकर प्रचार-प्रसार किया जाए। खेल, पंचायतीराज, स्वास्थ्य, संस्कृति, पुलिस एवं जन सम्पर्क वाले अन्य विभागों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होगी। खेल विभाग द्वारा कोरोना विनर्स के नेतृत्व में जागरूकता के लिए वाॅक कार्यक्रम, कोरोना से जागरूकता हेतु सांस्कृतिक दलों के माध्यम से लघु नाट्य, गीत एवं आनलाईन माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाये। कोरोना से जागरूकता में अच्छा कार्य करने वाले जनपदों, विकासखंण्डो एवं ग्राम पंचायतों को भी पुरस्कृत किया जाय।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि कोराना से बचाव हेतु सामान्य दिशा-निर्देश, पर्यटकों के लिए सूचना, होम आईसोलेशन पर लघु फिल्में बनाकर उन्हें प्रसारित किया जाय। परिवहन निगम की बसों में पोस्टर एवं जागरूकता हेतु रिकार्डेड मैसेज की व्यवस्था की जाय। सभी विभाग अपने सोशल मीडिया एकाउंट फेसबुक पेज को नियमित शेयर करें और सूचना विभाग द्वारा बनाये गये क्रियेटिव को भी अपने एकाउंट पर भी पोस्ट करें। विभिन्न सरकारी भवनों पर वाल राइटिंग, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर कोरोना से बचाव हेतु जागरूकता के लिए एनाउंसमेंट की व्यवस्था की जाय।

सोशल मीडिया में चली ढोल वादक धूमलाल की तबियत खराब की खबर, सीएम ने संज्ञान लेकर एम्स में कराया भर्ती

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के निर्देश पर जनपद चमोली के ग्राम उर्गम निवासी ढोल वादक धूमलाल को उपचार हेतु एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री ने धूम लाल की चिकित्सा पर होने वाला व्यय मुख्यमंत्री राहत कोष से किये जाने के भी निर्देश दिये हैं।

ज्ञातव्य है कि मुखोटा नाटकों एवं नंदा राज जात यात्राओं के ढोल वादक धूमलाल की अस्वस्थता के बारे में सोशल मीडिया से पता चलने पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने त्वरित संज्ञान लेकर धूमलाल को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराने के निर्देश दिये तथा इलाज पर होने वाला व्यय मुख्यमंत्री राहत कोष से किये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री ने धूमलाल को ढ़ोल वादक के रूप में दी जाने वाली पेंशन के अविलम्ब भुगतान हेतु निदेशक संस्कृति को भी निर्देश दिये हैं।

भगत के कोरोना संक्रमित होने से नेता, कार्यकर्ता और पत्रकारों में चिंतित

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत कोरोना संक्रमित हुए हैं। उन्होंने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया पर साझा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने पिछले सप्ताह उनके संपर्क में आए सभी पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से कोरोना टेस्ट करवाने की अपील भी की है। बता दें कि बंशीधर भगत के बेटे विकास भगत की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी।
सूत्रों के अनुसार, विकास भगत को तीन दिन से बुखार था। उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में प्राइवेट रूम में भर्ती किया गया। उनका सैंपल जांच को भेजा गया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। विकास भाजयुमो में प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ ही विधायक प्रतिनिधि भी हैं। एसटीएच के एमएस डॉ. जोशी ने बताया कि विकास भगत की हालत ठीक है।
वहीं अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के बंशीधर भगत व उनके बेटे की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन सभी लोगों में चिंता है जो उनके गृह प्रवेश की पार्टी में शामिल हुए थे। भगत ने 21 अगस्त को यमुना कालोनी स्थित सरकारी आवास में गृह प्रवेश पर सहभोज का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में उनके बेटे भी थे। हालांकि कहा जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया था। सभी अतिथि आयोजन में मास्क लगाकर पहुंचे थे। कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सरकार के कुछ मंत्री और पत्रकार भी मौजूद थे। इतना ही नहीं राष्ट्रीय महामंत्री संगठन शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, पार्टी के प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मीडिया प्रभारी व कई अन्य नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की थी।
इसके बाद भगत ने 24 अगस्त को मीडिया कर्मियों को सहभोज के लिए आमंत्रित किया था। इसी आयोजन के दौरान उन्होंने विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन की पार्टी में वापसी कराई थी।

मुख्यमंत्री के जीवन को लेकर उड़ाई अफवाह, मुकदमा दर्ज

सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जीवन लेेेेकर अफवाह उड़ा दी गई, जिससे हड़कंप मच गया। मामले को संज्ञान में लेते हुए एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने एसएसपी देहरादून को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, इस मामले को लेकर कैंट थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सोशल का मीडिया का कुछ लोग गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहा है। कभी किसी नेता की छवि धूमिल किए जाने की कोशिश सोशल मीडिया के जरिए की जा रही है। तो कभी अफवाहों के जरिए लोगों को गुमराह किया जा रहा है। इस बार तो हद ही हो गई। अज्ञात शख्स ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जीवन को लेकर अफवाह फैला दी।
मामले पर महानिदेशक अपराध और कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने सख्त रुख दिखाते हुए एसएसपी अरुण मोहन जोशी को आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगी। ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।