राज्य युवा आयोग युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेंजर्स ग्राउंड, देहरादून में आयोजित “युवा संकल्प दिवस” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस को “युवा संकल्प दिवस” के रूप में मनाए जाने पर प्रदेश के युवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने जन्मदिवस पर युवा शक्ति के बीच उपस्थित होना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उन्हें भी निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है। युवाओं की आंखों में उन्हें भविष्य का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड दिखाई देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। वर्ष 2047 में जब देश स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा, तब आज की युवा पीढ़ी विभिन्न क्षेत्रों में देश और प्रदेश के विकास का नेतृत्व कर रही होगी। विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड का युवा मेहनती, प्रतिभाशाली, अनुशासित और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है। युवाओं को सही दिशा, बेहतर अवसर और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार शिक्षा से कौशल, रोजगार से स्वरोजगार और स्टार्टअप से खेल तक प्रत्येक क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए मजबूरी में अपना घर, गांव और प्रदेश न छोड़ना पड़े। युवा केवल रोजगार तलाशने वाले न बनें, बल्कि उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजित करने वाले भी बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल टेक्नोलॉजी रोजगार तथा उद्योग के स्वरूप को तेजी से बदल रहे हैं। राज्य सरकार युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक कौशल से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रही है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से भी स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा जनपदों में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार चाहती है कि युवाओं से संबंधित नीतियों के निर्माण में उनकी आवाज और भागीदारी भी सुनिश्चित हो। युवा आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने तथा नशे, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा खेल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद देवभूमि उत्तराखण्ड खेलभूमि के रूप में भी अपनी नई पहचान बना रही है। राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और मेहनती युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए राज्य में कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। सरकार का संकल्प है कि किसी भी युवा की वर्षों की मेहनत, उसके सपनों और उसके अधिकार के साथ अन्याय न हो। कोई भी नियुक्ति केवल एक आंकड़ा नहीं होती, उसके पीछे किसी युवा की मेहनत और उसके परिवार की आशाएं जुड़ी होती हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए समर्पण के साथ मेहनत करने का आह्वान किया। स्वामी विवेकानंद के संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवा मेहनत को अपनी आदत, अनुशासन को अपनी पहचान और सीखने की इच्छा को जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने युवाओं से तकनीक और मोबाइल का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान और कौशल बढ़ाने के लिए भी किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया के दौर में आधी-अधूरी और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहते हुए युवाओं को प्रत्येक जानकारी को तथ्यों की कसौटी पर परखना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा केवल शरीर को कमजोर नहीं करता, बल्कि व्यक्ति के सपनों और भविष्य को भी प्रभावित करता है। जिन हाथों में किताब और हुनर होना चाहिए, उनमें नशा नहीं होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस पर युवाओं से “तीन संकल्पों का गुलदस्ता” मांगा। उन्होंने युवाओं से पहला संकल्प जीवन में एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत करने, दूसरा संकल्प स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे दूर रखने तथा तीसरा संकल्प जीवन में जिस भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करें, अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का कुछ अंश उत्तराखण्ड की पावन भूमि के विकास के लिए देने का लेने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा डॉक्टर बनें, इंजीनियर बनें, वैज्ञानिक बनें, खिलाड़ी बनें, शिक्षक बनें, उद्यमी बनें अथवा जनसेवा के क्षेत्र में जाएं, सबसे पहले एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक अवश्य बनें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के युवाओं के सपने, उनका परिश्रम और संकल्प विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण की मजबूत आधारशिला बनेंगे।

सीएम के जन्मदिन पर प्रदेश भर में खेल प्रतियोगिताएं, पौधारोपण और रक्तदान शिविर हुए आयोजित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन आज युवा संकल्प दिवस के रूप में पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम सहित प्रदेश भर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और हवन के साथ मुख्यमंत्री की दीर्घायु तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की गई। विभिन्न संगठनों के तत्वावधान में सभी जिलों में खेलकूद प्रतियोगिताएं, वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। देहरादून में मुख्यमंत्री आवास पर सीएम धामी को बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिश्व शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) सहित कई केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और अन्य राजनेताओं ने मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी है।

मुख्यमंत्री धामी ने आज सबसे पहले शासकीय आवास पर अपनी माताजी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री सपरिवार टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वक्त राज्य प्राकृतिक आपदा से ग्रस्त है, आम लोगों और संगठनों को आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। मुख्यमंत्री के शासकीय आवास पर सीएम धामी को बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा।

राज्य की तस्वीर बदलने में सबसे आगे हैं धामीः मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि आप राज्य को बदलने के लिए विभिन्न पहलों में सबसे आगे हैं। ईश्वर करे कि आप दीर्घायु और स्वस्थ जीवन जियें।

विकास का सुनहरा दौर देख रहा उत्तराखंडः शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए बाबा केदारनाथ से उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की है। सीएम धामी को भेजे गए संदेश में गृहमंत्री ने कहा कि “आपके नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड विकास व गरीब कल्याण का सुनहरा दौर देख रहा है“।

असाधारण प्रयास कर रहे हैं धामीः राजनाथ सिंह
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि सीएम धामी अपने राज्य के विकास और यहां के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए असाधारण प्रयास कर रहे हैं।

नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है उत्तराखंडः धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर अपने संदेश में लिखा “देवभूमि उत्तराखंड के यशस्वी और जनप्रिय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके अथक परिश्रम व समर्पण से उत्तराखंड निरंतर विकास के मार्ग पर अग्रसर है और प्रगति के नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

बदरीनाथ में महाभिषेक, केदारनाथ में रुद्राभिषेक पूजा
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर बद्रीनाथ में महाभिषेक और केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक पूजा कराई गई। इसके अलावा ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ, नृसिंह मंदिर जोशीमठ, तृतीय केदार तुंगनाथ, सिद्धपीठ कालीमठ में विशेष पूजा-अर्चना और हवन किया गया।

दिव्यांग बच्चों से मिले, केक खिलाया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राजपुर रोड स्थित एनआईवीएच पहुंचकर वहां दिव्यांग बच्चों से मिले और उनके साथ केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। बच्चों को केक खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों ने अपने हाथों से बनाया गया एक मॉडल उपहार स्वरूप मुख्यमंत्री को भेंट किया।

सोशल मीडिया पर टॉप ट्रेडिंग में सीएम धामी
सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह टॉप ट्रेंडिंग में रहे। मुख्यमंत्री का जन्मदिन “युवा संकल्प दिवस“ के रूप में मनाया गया। इसके तहत कार्यक्रमों की धूम रही।

युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया मुख्यमंत्री का जन्मदिन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन उत्तराखण्ड समेत देशभर में “युवा संकल्प दिवस“ के रूप में मनाया गया। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर जहां एक ओर प्रदेश के सभी जनपदों में खेलकूद प्रतियोगिताएं, वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं सामाजिक संगठनों द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, वहीं चारों धाम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम पर विशेष पूजा अर्चना भी की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों के साथ बेहद सादगी से सपरिवार जन्मदिन मनाया।

मुख्यमंत्री धामी का जन्मदिन सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी लगातार ट्रेंड में रहा है। एक्स (ट्विटर) पर #YuvaSankalpDiwas दिनभर ट्रेंड करता रहा। इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर पीएम मोदी समेत देश भर की विभिन्न हस्तियों व सभी राज्यों के मुख्यमंत्री गणों ने उन्हें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी।

चारों धाम में की गई भव्य पूजा अर्चना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर आज श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा बदरीनाथ व केदारनाथ सहित अधीनस्थ मंदिरों श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ, श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ, तृतीय केदार तुंगनाथ, सिद्धपीठ कालीमठ में विशेष पूजा-अर्चना तथा हवन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के दीर्घायु तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की गयी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर श्री गंगोत्री धाम में भी वृहद् पूजा-अर्चना की गई।

सोशल मीडिया में टॉप ट्रेंड पर रहे धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने जन्मदिन के अवसर पर सोशल मीडिया पर टॉप ट्रेंड में रहे। मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन के अवसर पर “युवा संकल्प दिवस“ #YuvaSankalpDiwas देश भर में टॉप ट्रेंड पर रहा। इसके अलावा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के राज्यपाल ले. जनरल (रि.) गुरमीत सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिश्व शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, समेत सभी केंद्रीय मंत्री गणों में मुख्यमंत्री को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं प्रेषित की।

दिव्यांग बच्चों संग सादगी से मनाया जन्मदिन

मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर राजपुर रोड स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचे और दृष्टिबाधितार्थ बच्चों संग केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को केक खिलाया एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर दिव्यांग उच्चतर माध्यमिक आदर्श विद्यालय के बच्चों ने उपहार स्वरूप अपने द्वारा बनाया गया मॉडल मुख्यमंत्री को भेंट किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे हर बार इस दिन पर यहां बच्चों के बीच आने का इंतजार रहता है और यहां आकर बहुत अच्छा लगता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं भगवान से आप सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में आप सभी लोग जिस किसी भी क्षेत्र में जाएंगे, वहां निश्चित ही सफलता प्राप्त पाएंगे।

सीएम ने किया दो मोबाइल लर्निंग स्कूल बसों का फ्लैग ऑफ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज राजपुर रोड, देहरादून से कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उत्तराखण्ड के सात जनपदों में औषधालयों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री के जन्म दिवस के अवसर पर राज्य के जिन सात जनपदों में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत औषधालयों का उद्घाटन किया गया उनमें पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चम्पावत, बागेश्वर, चमोली, रूद्रप्रयाग एवं उत्तरकाशी शामिल हैं। उन्होंने श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के बच्चों व आश्रितों को शिक्षा प्रदान करने हेतु दो मोबाइल लर्निंग स्कूल बसों का फ्लैग ऑफ भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर श्रमिकों की पुत्रियों को विवाह उपरांत आर्थिक सहायता के चेक भी प्रदान किये। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर केक काटकर स्कूली बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सात जनपदों में कर्मचारी राज्य बीमा औषधालयों के शुभारंभ होने पर इन जनपदों के वासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार, श्रमिकों के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अच्छी शिक्षा प्रदान करने के साथ ही बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रमिकों की स्थिति को मजबूत बनाने के लिए श्रम कानूनों में अनेक बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि अब राज्य के सभी 13 जनपदों में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत औषधालय बनाये जा चुके हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी, श्रमायुक्त दीप्ति सिंह उपस्थित रहे।